सोमवार, 22 अक्तूबर 2012

अरबपति परिवार को क्या दरकार जमीन की!


ये है दिल्ली मेरी जान

(लिमटी खरे)

अरबपति परिवार को क्या दरकार जमीन की!
कहते हैं देश में खेती किसानी की जमीन खरीदना अमीरों का प्रिय शगल है। खेती की आय को आयकर से मुक्त रखा गया है इसलिए देश के अमीरजादे खेती किसानी के माध्यम से अपनी काली कमाई को एक नंबर की आय में तब्दील कर दिया जाता है। कांग्रेस की नजरों में देश के राजपरिवार जिसके पास अरबों खरबों की दौलत है, उसे आखिर क्या जारूरत आन पड़ी है कि वह जमीन खरीदे। हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री ओम प्रकाश चौटाला का आरोप है कि राहुल ने पलवल जिले के हसनपुर गांव में साढ़े पांच एकड़ जमीन खरीदी है। यद्यपि, चौटाला का आरोप कर वंचना का है फिर भी सवाल तो वही खड़ा हुआ है कि लाखों करोड़ों रूपयों की संपत्ति के मालिक इस परिवार को आखिर जमीन खरीदने की जरूरत क्या आन पड़ी है। नेहरू गांधी परिवार की वर्तमान पीढ़ियां सबसे ताकतवर हैं, इस बात में कोई संदेह नहीं है। वे चाहें तो काले को सफेद आसानी से कर सकते हैं, फिर आखिर क्या वजह है कि राहुल को खेती की जमीन खरीदनी पड़ी।

परिवहन लाबी के आगे नतमस्तक शिव
देश के हृदय प्रदेश के निजाम शिवराज सिंह चौहान द्वारा अनेक सड़क दुर्घटनाओं के बाद सड़कों पर दौड़ने वाली वैध (वैसे अवैध यात्री बसों की तादाद वैध से कई गुना ज्यादा है) में दो दरवाजे अनिवार्य रूप से लगवाने के आदेश दिए थे। साल बीतने के बाद भी इसके लिए पाबंद परिवहन के साथ ही साथ गृह विभाग इस आदेश का पालन करवाने में परिवहन लाबी के सामाने नतमस्तक ही नजर आ रहा है। मथुरा, आगरा के रास्ते दिल्ली पहुंचने वाली परिवहन विभाग की अनुबंधित यात्री बसों में एक ही द्वारा आज भी इस बात का घोतक है कि किसी को शिवराज चौहान के आदेश का डर नहीं है। मध्य प्रदेश में परिवहन विभाग का भगवान ही मालिक है। जबसे राज्य सड़क परिवहन निगम बंद किया है तबसे परिवहन लाबी जमकर हावी है। महाराष्ट्र की संस्कारधानी नागपुर के सरकारी बस स्टेंड से अवैध बिना परमिटधारी यात्री बस ठसक के साथ छूट रहीं हैं। चर्चा है कि सबका कहना है कि हम पैसा सीधे शिवराज चौहान को देते हैं तो फिर किसी से क्यों डरें।

डर गईं श्रीदेवी!
गुजरे जमाने की सेक्सी डॉल श्रीदेवी इन दिनों डरी हुई हैं। दिल्ली के ओरंगजेब मार्ग पर शर्मिला टेगौर के सरकारी आवास में सैफ अली और करीना के विवाह का समारोह संपन्न हुआ। इसमें नामचीन हस्तियां दिखीं। कांग्रेस अध्यक्ष श्रीमति सोनिया गांधी और वजीरे आजम डॉ.मनमोहन सिंह ने इसमें जाना उचित नहीं समझा। सैफ करीना के विवाह समारोह में शामिल होने के बाद श्रीदेवी की रातों की नींद उड़ गई है। दरअसल, सैफ को विश करने श्रीदेवी अपनी बेटियों के साथ पहुंची। सैफ ने उनकी बेटी को ठीक उसी अंदाज में धन्यवाद दिया जिस अंदाज में 1991 में सैफ ने अपनी पहली पत्नि अमृता सिंह के साथ विवाह के दौरान करीना कपूर को विश किया था, -‘‘थैंक्यू बेटा‘‘। बस फिर क्या था श्रीदेवी डर गईं कि कहीं दस पंद्रह साल बाद जब उनकी बेटियां जवान होंगी तब कहीं. . . ।

अपने नहीं भाजपा में भ्रष्टाचार पर मौन तोड़ा राजमाता ने!
कांग्रेसनीत संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन की यूपीए टू में उजागर हुए घपले, घोटाले, भ्रष्टाचार, ने अनाचार, दुराचार आदि की सारी वर्जनांए ही ध्वस्त कर दी हैं। कांग्रेस एवं सहायोगी दल देश की अर्थव्यवस्था पर या तो डाका डाल रहे हैं या फिर दीमक की तरह चाट रहे हैं। इन सबके बीच वजीरे आजम डॉ.मनमोहन सिंह मीडिया से रूबरू होकर राष्ट्रधर्म से बड़ा गठबंधन धर्म बता रहे हैं। कांग्रेस की राजमाता श्रीमति सोनिया गांधी और युवराज राहुल गांधी द्वारा अब तक भ्रष्टाचार के मामले में मौन ही साधे रखा गया है। पहली बार श्रीमति सोनिया गांधी ने भ्रष्टाचार पर मुंह खोला है, वह भी भाजपा के भ्रष्टाचार पर। मंगलूर में उन्होंने कहा कि भाजपा सरकारें राज्यों जमकर भ्रष्टाचार कर रही हैं। भ्रष्टाचार के खिलाफ सोनिया की हुंकार से लोग राजेश खन्ना अभिनीत रोटीका गाना गुनगुना रहे हैं -‘‘यार हमारी बात सानो, एसा इक इंसान चुनो, जिसने पाप ना किया हो जो पापी ना हो. . .‘‘

नप सकते हैं थापर!
देश के मशहूर उद्योगपति गौतम थापर के स्वामित्व वाले अवंथा समूह के सहयोगी प्रतिष्ठान मेसर्स झाबुआ पावर लिमिटेड को आवंटित होने वाले कोल ब्लाक के चलते गौतम थापर पर भी संकट के बादल छा सकते हैं। एमपी के घंसौर विकासखण्ड में थापर का कथित पावर प्लांट लगाया जा रहा है। इस पावर प्लांट में कांग्रेस और भाजपा के नेताओं के संबंधियों की हिस्सेदारी होने की बात कही जा रही है, संभवतः यही कारण है कि इस पावर प्लांट की गले तक शिकायत होने के बाद भी कोई भी गौतम थापर का बाल भी बांका नहीं कर पाया। इस पावर प्लांट के अंदर निर्माणाधीन एक हजार फुट की चिमनी से गिरकर अभी तक लगभग एक दर्जन लोग काल कलवित हो चुके हैं पर संयंत्र प्रबंधन के खिलाफ कोई कार्यवाही ही नहीं हो पा रही है। गरीब आदिवासी गौतम थापर पर जमीन के मामले में धोखाधड़ी के आरोप लगाते रहे ओर मध्य प्रदेश के खनिज और उर्जा मंत्री आकर इसकी चिमनी की आधार शिला रख गए। लगने लगा है मानो अब आदिवासियों की बात सुनने वाला कोई बचा ही नहीं है।

गिर रही है राहुल की टीआरपी
कांग्रेस की नजर में देश के भावी प्रधानमंत्री राहुल गांधी की लोकप्रियता का ग्राफ दिनों दिन गिरता ही जा रहा है, जिससे सोनिया गांधी और प्रियंका वढ़ेरा चिंतित नजर आ रहे हैं। इंग्लैंड की मशहूर पत्रिका द इकोनॉमिस्टमें राहुल गांधी पर छपी एक टिप्पणी से कांग्रेस सकते में है। पार्टी ने लेख को सिरे से खारिज करते हुए राहुल के प्रति अपनी आस्था दोहराई है। वहीं, दूसरी ओर विपक्ष को राहुल पर हमले का एक और मौका मिल गया है। सपा ने राहुल को पीएम पद के अयोग्य बताया तो बीजेपी ने ब्रांड राहुल अस्तित्व में न होने की बात कही। दरअसल, ‘डिकोडिंग राहुल गांधी, नाम की किताब के आधार पर द इकोनॉमिस्टमें छपा है कि राहुल बड़ी जिम्मेदारी से बचते हैं, क्योंकि उनमें जिम्मेदारी निभाने की भूख ही नहीं है।

केबीसी में हारे एक लाख!
कौन बनेगा करोडपति को सदी के महानायक अमिताभ बच्चन द्वारा होस्ट किया जा रहा है. अब तक के सारे केबीसी शो में किसी भी प्रत्याशी ने रकम भले ही ना जीती हो पर हारी भी नहीं है। यह पहला मौका था जब केबीसी के नाम पर एक महिला ने एक लाख रूपए गंवा दिए। केबीसी में चयन और मुंबई में शूटिंग का झांसा देकर यहां एक महिला से एक लाख रुपये की ठगी की गयी। अमिताभ बच्चन के इस प्रोग्राम के नाम पर ठगी के इस अनोखे मामले में चार सदस्यों के इसमें शामिल होने पर पच्चीस हजार रूपए प्रति व्यक्ति के हिसाब से एक लाख रूपए की राशि की मांग की गई। उक्त फरियादी ने एक लाख रूपए की राशि बताए गए बैंक अकाउंट में जमा करवा दी। यहां यक्ष प्रश्न तो यह है कि बिना आईडी और निवास प्रमाण पत्र की औपचारिकताओं के खाते नहीं खुलते हैं फिर आखिर कैसे इन खातों में पैसे जमा करवाए जाने पर आरोपी पुलिस की पकड़ के बाहर हैं।

जाटों को खुश करने में लगी कांग्रेस
आने वाले समय में अनारक्षित वर्ग में महज चंद जातियां ही बच पाएंगी, क्योंकि संप्रग सरकार द्वारा अखिल भारतीय स्तर पर जाटों को भी आरक्षण देने पर विचार कर रही है। जाटों को लुभाने के लिए कांग्रेस इस अभिनव योजना को 2014 के आम चुनाव के एन पहले ही परवान चढ़ाने जा रही है। कांग्रेस के अखिल भातरीय स्तर के एक वरिष्ठ पदाधिकारी ने पहचान उजागर ना किए जाने की शर्त पर कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को बताया गया है कि जाटों का मोह कांग्रेस से भंग होता जा रहा है। साथ ही साथ घपले, घोटाले, अनाचार, दुराचार, भ्रष्टाचार, अनर्गल बयानबाजी से कांग्रेस और नेहरू गांधी परिवार के खिलाफ माहौल बनने लगा है। सोशल नेटवर्किंग वेब साईट्स पर भी सोनिया, राहुल, मनमोहन, दिग्विजय, कपिल सिब्बल, सलमान खुर्शीद, पलनिअप्पम चिदम्बरम और कांग्रेस को बुरी तरह कोसा जा रहा है। दिल्ली और आसपास के इलाकों में इंटरनेट और सोशल नेटवर्किंग वेबसाईट्स के उपभोगकर्ताओं की खासी तादाद है। इसके साथ ही साथ दिल्ली के इर्द गिर्द जाट मतदाताओं की तादाद बेहद ज्यादा है।

गड़करी के लिए काम कर रहे शरद
भारतीय जनता पार्टी के निजाम नितिन गड़करी ने अगले आम चुनावों के लिए रोड मेप तैयार करना आरंभ कर दिया है। एक के बाद एक रूठे भाजपाईयों को मनाकर उनकी घर वापसी के बाद अब गड़करी की ने नाराज सहयोगी दलों को मनाने के लिए राजग संयोजक शरद यादव को अपना अघोषित दूत बना लिया है। उधर, अरविंद केजरीवाल की गड़करी के खिलाफ होती तेज धार ने अब शरद यादव को सोचने पर विवश अवश्य ही किया होगा। भारतीय जनता पार्टी के नेशनल हेडक्वार्टर 11, अशोक रोड़ से छन छन कर बाहर आ रही खबरांें पर अगर यकीन किया जाए तो अगले आम चुनावों में सत्ता पर काबिज होकर 7, आरसीआर यानी रेस कोर्स रोड़ (भारत गणराज्य के वजीरे आज़म का सरकारी आवास) को अपना आशियाना बनाने की चाहत में दबे और सधे पांव चलने वाले नितिन गड़करी ने कुछ नए प्रयोग आरंभ किए हैं। शरद यादव द्वारा कांग्रेस की डाल से टूटे पत्तों को एकत्र कर गड़करी के स्वागत हेतु माला बनाए जाने का जतन आरंभ कर दिया गया है।

कांग्रेस में जाएंगे कीर्ति आजाद!
सियासी हल्को में इन दिनों एक बात जमकर गूंज रही है कि क्या कीर्ति आजाद का भाजपा से मोहभंग हो गया है? क्या आजाद कांग्रेस में जाने पर विचार कर रहे हैं? दरअसल, अपने जमाने के मशहूर क्रिकेटर और भाजपा सांसद कीर्ति आजाद पिछले दिनों जब कांग्रेस अध्यक्ष श्रीमति सोनिया गांधी से सेंट्रल हॉल में मिले तो उन्होंने सोनिया को भाभी कह डाला। सोनिया मंद मंद मुस्कुराई और उनके आंखों की चमक बता रही थी कि आजाद को कांग्रेस में लाने में वे खासी इच्छुक हैं। वैसे भी प्रधानमंत्री प्रियदर्शनी स्व.श्रीमति इंदिरा गांधी के राजनैतिक सचिव रहे भगवत झा आजाद लंबे समय तक बिहार के निजाम भी रहे हैं। संभवतः पिछले दिनों मीडिया में सोनिया गांधी की रहस्मय बीमारी के चर्चे सुनने के बाद कीर्ति आजाद ने औपचारिकतावश सोनिया से उनकी तबियत के बारे में पूछा तो सोनिया गांधी ने धीरे से कहा कि यह उपयुक्त स्थान नहीं है हाल चाल पूछने का! कभी घर आओ तब बैठकर बात होगी।

विवादित होता जनसंपर्क
मध्य प्रदेश जनसंपर्क विभाग एक बार फिर सुर्खियों में छा गया है। मध्य प्रदेश में महिलाओं पर अत्याचार को लेकर सरकार द्वारा जारी किए गए विज्ञापनों पर कांग्रेस ने सवाल उठाए हैं। साथ ही नेता प्रतिपक्ष ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को पत्र लिखकर कहा है कि विज्ञापन हकीकत से दूर है। नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने मुख्यमंत्री को लिखे पत्र में कहा कि पिछले 10 दिनों में महिलाओं पर सामूहिक ज्यादती की पांच घटनाएं हुईं। लाडली लक्ष्मीऔर बेटी बचाओअभियान सिर्फ विज्ञापनों और कागजों पर चलाने से महिलाओं की रक्षा नहीं हो सकती। सिंह ने कहा कि नेशनल क्राइम ब्यूरो ने महिला ज्यादती में मध्य प्रदेश को नम्बर एक बताया है और जो आंकड़े दिए हैं, वे बीजेपी सरकार की महिलाओं के प्रति संवेदनहीनता की कलई खोलता है। पता नहीं पर लगने लगा है कि मध्य प्रदेश के जनसंपर्क की कुंडली में इन दिनों शनि पूरी तरह से भारी ही चल रहा है।

पुच्छल तारा
कांग्रेस और करप्शन दोनों इन दिनों एक दूसरे के पर्याय समझे जा रहे हैं। इसी बात पर आधारित एक ईमेल त्रिपयार केरल से पियूषिका नायर ने भेजा है। पियूषिका नायर लिखती हैं -राम ने रावण को मारा (आर-आर), कृष्ण ने कंस को मारा (के-के), गोडसे ने गांधी को मारा (जी-जी), ओबामा ने ओसामा को मारा (ओ-ओ) और अब करप्शन मारेगा कांग्रेस को (सी-सी)।