मंगलवार, 12 जून 2012

चुनाव प्रेक्षक नियुक्त

चुनाव प्रेक्षक नियुक्त
(संदीप गुप्‍ता) 
भोपाल (साई)। राज्य निर्वाचन आयोग ने सागर में नगरपालिक निगम महापौर के निर्वाचन में पर्यवेक्षण के लिये भारतीय प्रशासनिक सेवा के श्री आई.डी. खत्री को चुनाव प्रेक्षक नियुक्त किया है। अध्यक्ष नगर परिषद् विजयपुर जिला श्योपुर के अध्यक्ष पद के निर्वाचन के लिये भाप्रसे के सेवानिवृत्त अधिकारी श्री अखिलेन्दु अरजरिया को चुनाव प्रेक्षक नियुक्त किया गया है। ये अपने प्रभार वाले जिले में प्रथम चरण में 21 से 23 जून, 2012 एवं द्वितीय चरण में 5 से 9 जुलाई, 2012 तक पर्यवेक्षण करेंगे।
आयोग ने सिवनी जिले में अनुसूचित क्षेत्र में नगरीय निकाय निर्वाचन के लिये पूर्व में नियुक्त प्रेक्षक श्री एस.डी. शर्मा के स्थान पर रा.प्र.से. के सेवानिवृत्त अधिकारी श्री एल.एन. सोनी को प्रेक्षक नियुक्त किया है। प्रथम चरण में श्री सोनी अपने प्रभार वाले जिले में दिनांक 14 से 15 जून, 2012 तक रहेंगे। द्वितीय चरण हेतु मतदान के एक दिन पूर्व 27 जून से 2 जुलाई, 2012 तक जिले में रहेंगे।

प्रज्ञा ऋचा आईजी महिला सेल जबलपुर पदस्‍थ

प्रज्ञा ऋचा आईजी महिला सेल जबलपुर पदस्‍थ

(संतोष पारदसानी) 

भोपाल (साई) । राज्‍य सरकार द्वारा पदोन्‍नति के उपरांत भारतीय प्रशासनिक सेवा के वरिष्‍ठ अधिकारियों की पदस्‍थापना के साथ ही साथ मैदानी इलाकों में अफसरों को मथ दिया है। सरकार ने अपने पसंदीदा अफसरों को मैदानी पदस्‍थापना दी गई है। दिल्‍ली में प्रतिनियुक्ति पर गईं प्रज्ञाऋचा श्रीवास्‍तव को जबलपुर में महिला और अआवि जबलपुर में महानिरीक्षक बनाकर भेजा गया है। 
राज्य शासन द्वारा भारतीय पुलिस सेवा के अधिकारियों के स्थानांतरण के बाद नवीन पदस्थापना की गई है।
श्री यू.के. लाल अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (शिकायत) को अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक, यातायात, पुलिस मुख्यालय, श्री पी.आर. माथुर अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (योजना) को अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (सतर्कता) पुलिस मुख्यालय, श्री राजेन्द्र कुमार मिश्रा पुलिस महानिरीक्षक, सायबर सेल को पुलिस महानिरीक्षक आपदा प्रबंधन, होमगार्ड, श्री यू.आर. नेताम पुलिस महानिरीक्षक बालाघाट रेंज, बालाघाट को पुलिस महानिरीक्षक नारकोटिक्स, इंदौर, श्री डी. श्रीनिवास पुलिस महानिरीक्षक नारकोटिक्स, इंदौर को पुलिस महानिरीक्षक (गुप्त वार्ता) पुलिस मुख्यालय, भोपाल, श्री सुशोभन बनर्जी केन्द्रीय प्रतिनियुक्ति पर को पुलिस महानिरीक्षक होमगार्ड, जबलपुर, श्रीमती प्रज्ञा ऋचा श्रीवास्तव पुलिस महानिरीक्षक सुरक्षा एवं समन्वय, म.प्र. भवन, नई दिल्ली से पुलिस महानिरीक्षक महिला अपराध एवं अअवि, जबलपुर, श्री आलोक रंजन पुलिस महानिरीक्षक/सचिव गृह विभाग, मंत्रालय, भोपाल को पुलिस महानिरीक्षक सुरक्षा एवं समन्वय, म.प्र. भवन, नई दिल्ली, श्री ए.पी. सिंह पुलिस महानिरीक्षक शहडोल रेंज, शहडोल को पुलिस महानिरीक्षक एस.ए.एफ. ट्रेनिंग, पुलिस मुख्यालय भोपाल और डॉ. मयंक जैन पुलिस उप महानिरीक्षक उज्जैन रेंज को पुलिस उप महानिरीक्षक पुलिस मुख्यालय, भोपाल पदस्थ किया गया है।

भापुसे के अधिकारियों की पदोन्नति और नयी पद-स्थापना

भापुसे के अधिकारियों की पदोन्नति और नयी पद-स्थापना

शैलेष सिंह बने एडीजी क्राईम

(नन्‍द किशोर) 

भोपाल (साई)। मध्‍य प्रदेश सरकार ने भारतीय पुलिस सेवा के वरिष्‍ठ अधिकारियों के थोक बंद तबादले किए हैं। माना जा रहा है कि चुनावों के पूर्व मैदानी इलाकों में अधिकारियों की तैनाती कर भाजपा द्वारा जमावट आरंभ कर दी गई है।राज्य शासन द्वारा भारतीय पुलिस सेवा के अधिकारियों की पदोन्नति कर नवीन पदस्थापना की गयी है।
श्री सुधीर कुमार सक्सेना पुलिस महानिरीक्षक/विशेष कर्त्तव्यस्थ अधिकारी मुख्यमंत्री को अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक/विशेष कर्त्तव्यस्थ अधिकारी मुख्यमंत्री, श्री विजय यादव पुलिस महानिरीक्षक भोपाल रेंज, भोपाल को अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक एवं पुलिस महानिरीक्षक, भोपाल रेंज, भोपाल, डॉ. विजय कुमार पुलिस महानिरीक्षक/अतिरिक्त प्रबंध संचालक, म.प्र. औद्योगिक विकास निगम, भोपाल को अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक, अति. प्रबंध संचालक, म.प्र. औद्योगिक विकास निगम, भोपाल, श्री सी.व्ही. मुनीराजू पुलिस महानिरीक्षक, अअवि, पु.मु. भोपाल को अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक, शिकायत, पुलिस मुख्यालय भोपाल, श्री पवन कुमार जैन पुलिस महानिरीक्षक, योजना, पु.मु. भोपाल को अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक, योजना, पुलिस मुख्यालय, भोपाल, श्रीमती एम. अरुणा मोहन राव पुलिस महानिरीक्षक, अजाक, पु.मु. भोपाल को अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक, महिला अपराध, पुलिस मुख्यालय, भोपाल, श्री शैलेष सिंह पुलिस महानिरीक्षक, होमगार्ड, जबलपुर को अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक सायबर क्राइम, पुलिस मुख्यालय, भोपाल, श्री राजेश गुप्ता पुलिस उप महानिरीक्षक, गुप्तवार्ता, पुलिस मुख्यालय भोपाल को पुलिस महानिरीक्षक, गुप्तवार्ता, पुलिस मुख्यालय भोपाल, श्री आर.पी. श्रीवास्तव पुलिस उप महानिरीक्षक, विसबल, इंदौर को पुलिस महानिरीक्षक, महिला अपराध एवं अअवि, इंदौर, सुश्री सोनाली मिश्रा पुलिस उप महानिरीक्षक, जबलपुर रेंज, जबलपुर को पुलिस महानिरीक्षक/सचिव, गृह विभाग, मंत्रालय, भोपाल, श्री अनिल कुमार गुप्ता पुलिस उप महानिरीक्षक, होशंगाबाद रेंज, होशंगाबाद को पुलिस महानिरीक्षक, सायबर सेल, भोपाल, श्री संजीव शमी पुलिस उप महानिरीक्षक (सी.आई.) एस.बी. पुलिस मुख्यालय भोपाल को पुलिस महानिरीक्षक (सी.आई.) एस.बी. पुलिस मुख्यालय, भोपाल, श्री आर.एस. मीणा पुलिस उप महानिरीक्षक, ग्वालियर रेंज, ग्वालियर को पुलिस महानिरीक्षक, प्रशिक्षण, पुलिस मुख्यालय, भोपाल, श्री वेदप्रकाश शर्मा पुलिस उप महानिरीक्षक, छतरपुर रेंज, छतरपुर को पुलिस महानिरीक्षक, शहडोल रेंज शहडोल, श्री राजाबाबू सिंह पुलिस उप महानिरीक्षक, शहडोल रेंज, शहडोल को पुलिस महानिरीक्षक, बालाघाट रेंज, बालाघाट, श्री डी.पी. गुप्ता पुलिस उप महानिरीक्षक, चम्बल रेंज, मुरैना को पुलिस महानिरीक्षक/सचिव, मध्यप्रदेश शासन, गृह विभाग, मंत्रालय भोपाल, श्री आर.पी. बिसोने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, रेडियो, भोपाल को पुलिस उप महानिरीक्षक दूरसंचार, पुलिस मुख्यालय भोपाल, श्री मकरंद देऊस्कर पुलिस अधीक्षक, ग्वालियर को पुलिस उप महानिरीक्षक, जबलपुर रेंज, जबलपुर, श्री उमेश जोगा पुलिस अधीक्षक रीवा को पुलिस उप महानिरीक्षक, बालाघाट रेंज, बालाघाट, श्री डी. श्रीनिवास वर्मा पुलिस अधीक्षक, इंदौर को पुलिस उप महानिरीक्षक, उज्जैन रेंज, उज्जैन, श्री एम.के. कटकवार पुलिस अधीक्षक, शाजापुर को पुलिस उप महानिरीक्षक, पुलिस मुख्यालय भोपाल, कु. रेणु शुक्ला सेनानी 13वीं वाहिनी विसबल, ग्वालियर को पुलिस उप महानिरीक्षक, महिला अपराध एवं अअवि, ग्वालियर, श्री आर.एल. प्रजापति सहायक पुलिस महानिरीक्षक, पुलिस मुख्यालय भोपाल को पुलिस उप महानिरीक्षक, पुलिस मुख्यालय भोपाल, श्री डी.पी. सिंह पुलिस अधीक्षक, दतिया को पुलिस उप महानिरीक्षक, होमगार्ड, जबलपुर, श्री आर.एस. उईके पुलिस अधीक्षक, हरदा को पुलिस उप महानिरीक्षक, पुलिस मुख्यालय भोपाल, श्री डी.के. आर्य पुलिस अधीक्षक, दमोह को पुलिस उप महानिरीक्षक, पुलिस मुख्यालय भोपाल और श्री हरिसिंह यादव पुलिस अधीक्षक, सतना को पुलिस उप महानिरीक्षक, ग्वालियर रेंज, ग्वालियर पदस्थ किया गया है।

उद्यानिकी विकास को गति देने 3070 पद मंजूर

उद्यानिकी विकास को गति देने 3070 पद मंजूर 

(ब्‍यूरो) 

भोपाल (साई)। मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान की अध्यक्षता में आज संपन्न मंत्रि-परिषद की बैठक में कृषि एवं उद्यानिकी विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण निर्णय के रूप में उद्यानिकी विभाग के लिए 3070 नियमित पदों को मंजूरी दी गई। इनमें नर्मदापुरम संभाग के साथ-साथ अलीराजपुर और सिंगरोली जिले के लिए स्वीकृत अमला भी शामिल है।
कृषि और उद्यानिकी विकास राज्य शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उद्यानिकी के क्षेत्र में असीम संभावनाओं को देखते हुए तथा उद्यानिकी में प्रदेश को अग्रणी बनाने के उद्देश्य से विभाग को ये पद स्वीकृत किये गये हैं। इनमें संचालनालय स्तर पर 2 अपर संचालक और संभाग स्तर 8 संयुक्त संचालक के पद शामिल हैं। उद्यानिकी फसलों के रकबे में निरंतर विस्तार की संभावनाओं का मूल्यांकन कर 20 जिलों में उप संचालक तथा 30 जिलों में सहायक संचालक के पद स्वीकृत किये गये। इससे किसानों के साथ-साथ मैदानी अमले को आवश्यक मार्गदर्शन और सुविधाएँ मिल सकेंगी।
विकास खण्ड स्तर पर विकास कार्यों के लिए वरिष्ठ उद्यान विकास अधिकारी के 376 तथा उद्यान विकास अधिकारी के 379 पद स्वीकृत किये गये। इसके अलावा ग्रामीण उद्यान विस्तार अधिकारी के 1099 पद मंजूर किये गये।
विभाग में सांख्यिकी के संधारण और योजनाओं के मूल्यांकन अनुश्रवण के लिए एक सहायक संचालक सांख्यिकी, आईटी के विस्तार के लिए सहायक प्रोगामर तथा स्थापना एवं लेखा कार्य के लिए सहायक संचालक का पद स्वीकृत किया गया।
इस तरह किसानों से निरंतर संपर्क और योजनाओं के लक्ष्यों की पूर्ति के लिए कुल 3070 नियमित श्रेणी के पद मंजूर किये गये, जिनमें नर्मदापुरम संभाग के साथ-साथ सिंगरोली और अलीराजपुर जिले के लिए स्वीकृत अमला शामिल हैं।
रतलाम-सैलाना-बाँसवाड़ा राजमार्ग
मंत्रि-परिषद ने रतलाम-सैलाना-बाँसवाड़ा राजमार्ग क्रमांक-39 को बीओटी आधार पर विकसित करने के लिए 117.28 करोड़ रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति दी। इस मार्ग की लंबाई 43.78 किलोमीटर है। मार्ग की कन्सेशन अवधि 30 वर्ष रहेगी। मार्ग निर्माण के बाद कन्सेशनायर को राज्य शासन द्वारा निर्धारित दर पर टोल वसूली की अनुमति होगी।
विद्युत क्रय अनुबंध को कार्योत्तर अनुमोदन
मंत्रि-परिषद ने मध्यप्रदेश पावर जनरेटिंग कम्पनी लिमिटेड और मेसर्स बीएचईएल की संयुक्त उपक्रम कम्पनी 'दादाजी धूनीवाले' पावर लिमिटेड द्वारा खंडवा जिले में 2X800 मेगावाट क्षमता की दादा धूनीवाले ताप विद्युत परियोजना से 65 प्रतिशत विद्युत क्रय के लिए किये गये विद्युत क्रय अनुबंध का कार्योत्तर अनुमोदन किया। यह भी निर्णय लिया गया कि यदि परियोजना में अंश पूँजी के लिए इन्वेस्टर्स नहीं मिलते तो समझौता ज्ञापन के प्रावधान अनुसार ही राज्य शासन द्वारा परियोजना की कुल अंश पूँजी की 26 प्रतिशत राशि का निवेश अंश पूँजी के रूप में किया जायेगा।
गारंटी
मंत्रि-परिषद ने फीडर विभक्तिकरण कार्य के लिए ग्रामीण विद्युतीकरण निगम द्वारा स्वीकृत ऋण राशि के 120 प्रतिशत के समतुल्य राशि 1868.81 करोड़ पर राज्य शासन द्वारा विद्युत वितरण कम्पनियों को गारंटी देने का निर्णय लिया।
भू-आवंटन
मंत्रि-परिषद ने जेपी सीमेंट लिमिटेड, बाबूपुर, जिला सतना को ग्राम बिरहुली तहसील रघुराज नगर में सीमेंट उद्योग की स्थापना के लिए 1.967 हेक्टेयर भूमि उद्योग विभाग को हस्तारंतरित करने का निर्णय लिया।
मंत्रि-परिषद ने कार्यालय आयुक्त नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा में सहायक यंत्री के दो स्वीकृत पद समर्पित कर उनके स्थान पर कार्यपालन यंत्री के दो पद निर्मित किये जाने को मंजूरी दी। इन पदों पर संविदा/प्रतिनियुक्ति पर अनुभवी एवं वरिष्ठ अधिकारियों की सेवाएँ आयुक्त कार्यालय को मिल सकेंगी।

वन मंत्री मुलताई में स्कूल चलें हम अभियान का शुभारंभ करेंगे

वन मंत्री मुलताई में स्कूल चलें हम अभियान का शुभारंभ करेंगे

(अशोक दूधानी) 

भोपाल (साई) ।  वन मंत्री श्री सरताज सिंह 14 जून को बैतूल में जिला योजना समिति की बैठक लेने के बाद मुलताई पहुँचकर ‘स्कूल चलें हम अभियान’ का शुभारंभ करेंगे।
वन मंत्री इससे पूर्व 13 जून को इटारसी जिले का भ्रमण करेंगे। इस दिन वे इटारसी जिले के ग्राम पथरौटा में रेशम विभाग के कार्यक्रम में भाग लेंगे, ग्राम कान्दाखेड़ी में क्रिकेट प्रतियोगिता का पुरस्कार वितरण करेंगे और ग्राम सैल में हाईस्कूल भवन का लोकार्पण करेंगे। श्री सिंह 14 जून की रात्रि में भोपाल लौटेंगे।

. . . तो इस तरह फिट हुए कांग्रेस के फ्रेम में सचिन!


. . . तो इस तरह फिट हुए कांग्रेस के फ्रेम में सचिन!

(लिमटी खरे)

नई दिल्ली (साई)। मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर देश की सबसे बड़ी पंचायत (संसद) के पंच (सांसद) भले ही पिछले दरवाजे से बने हों, पर संसद की दहलीज पर उनकी उपस्थिति के कारकों की खोज आज भी जारी है। माना जा रहा है कि सचिन को 12, तुगलक लेन के रास्ते से संसद में प्रवेश मिला है। राहुल का क्रिकेट प्रेम इन दिनों देखते ही बन रहा है। फटाफट क्रिकेट का बुखार तो राहुल के सर चढ़कर बोल रहा है।
उपर से लोगों को दिखाने के लिए गंभीरता का आवरण ओढ़ने वाले कांग्रेस के युवराज राहुल गांधी के मन में बचपन की शैतानियां करने की बातें अवश्य ही कुलाचें मारती होंगी। कांग्रेस के सत्ता और शक्ति के शीर्ष केंद्र 10, जनपथ (सोनिया गांधी को बतौर सांसद आवंटित सरकारी आवास) के सूत्रों का कहना है कि जब भी प्रियंका वढ़ेरा के बच्चे नानी से मिलने आते हैं और अगर उस समय राहुल गांधी घर पर होते हैं तो मामा भानजों के बीच होने वाली मस्ती देखकर कोई यह नहीं कह सकता है लोगों के बीच धीर गंभीर दिखने वाले राहुल गांधी यही हैं!
कांग्रेस के नए सत्ता और शक्ति के शीर्ष केंद्र 12, तुगलक लेन (राहुल गांधी को बतौर सांसद आवंटित सरकारी आवास) के सूत्रों का कहना है कि राहुल गांधी को वैसे तो क्रिकेट से बहुत ज्यादा लगाव नहीं है किन्तु पिछली बार विश्व कप जीतने के बाद से उन पर क्रिकेट का भूत सवार हो गया है। राहुल इन दिनों क्रिकेट के बारे में बात करने में काफी दिलचस्पी लेते हैं। क्रिकेट का यह दीवानापन उनकी बातचीत हाव भाव में भी कहीं ना कहीं झलक ही जाता है।
हाल ही में उर्दू जुबान के मीडियापर्सन्स से जब राहुल गांधी रूबरू हुए तब भी कुछ इसी तरह का नजारा देखने को मिला। देश की सियासत की नब्ज टटोलते हुए चर्चाओं का दौर चल ही रहा था कि एक साहेबान ने राहुल से मौजूदा हालात पर शिकायती लहजे में मशविरा दिया कि हालात यह है कि सियासत अब अमीरों के बस की ही रह गई है, जबकि आलम यह होना चाहिए कि आम आदमी इसमें शिरकत कर सके।
सूत्रों का कहना है कि इन खबरनवीसों से निर्धारित मुलाकात के पूर्व राहुल गांधी के संज्ञान में यह बात ला दी गई थी कि अल्पसंख्यक कांग्रेस से कुछ खफा हैं, और उनकी नाराजगी का कारण सियासत में अल्पसंख्यकों की मामूली सी हिस्सेदारी का होना है। साथ ही साथ पिछले दिनों सियासी फिजां में जब यह बात तैरने लगी कि मुलायम सिंह यादव के डर से सोनिया गांधी ने अल्पसंख्यक को महामहिम राष्ट्रपति बनाने से इंकार कर दिया है तब अल्पसंख्यकों का विश्वास कांग्रेस पर से उठना लाजिमी ही था।
सूत्रों ने आगे बताया कि जब उर्दू जुबान वाले मीडिया पर्सन्स ने अपनी बात राहुल के सामने रखी तब राहुल का क्रिकेट का जुनून एक बार फिर सर चढ़कर बोला। राहुल ने कहा कि भारत की सियासत दरअसल, इंडियन प्रीमियर लीग यानी आईपीएल की तरह होना चाहिए। अब देखिए, देश भर के छोटे बड़े शहरों के ना जाने कितने युवाओं को इसमें खेलने का मौका मिला है।
खबरनवीस राहुल के इस जवाब से हैरान थे कि कहां तो आईपीएल की टीआरपी घटने के साथ ही साथ यह विवादित होता जा रहा है, और कहां राहुल देश की सियासत की तुलना आईपीएल से कर रहे हैं। विदेशों में फटाफट क्रिकेट काफी लोकप्रिय है, देश में भी यह लोकप्रिय हुआ पर बाद में इस पर एक के बाद एक विवादों का स्याह साया पसर गया।
सूत्रों के अनुसार कांग्रेस की नजरों में देश के भावी वज़ीरे आज़म का क्रिकेट प्रेम देखकर मूलतः पत्रकार से लाल बत्ती पाने वाले राजीव शुक्ला जिनका सिक्का बीसीसीआई में चलता है ने तवा गरम देखकर सचिन के सामने मास्टर ब्लास्ट और क्रिकेट के कथित भगवान सचिन तेंदुलकर को राज्य सभा में लाने का प्रस्ताव रख दिया।
क्रिकेट के दीवाने राहुल को राजीव शुक्ला की बात जम गई। राजीव शुक्ला ने यह भी कह मारा कि सचिन के दीवानों को कांग्रेस के पक्ष में जोड़ने से कांग्रेस को काफी हद तक लाभ हो सकता है। सचिन की छवि का इस्तेमाल कांग्रेस चुनावों के दरम्यान कर खासा लाभ उठा सकती है। फिर क्या था सचिन और राजीव शुक्ला के बीच बैठकों के दौर का नतीजा आज सचिन संसद सदस्य के रूप में सामने आ ही गया है।

एनडीए के संयोजक बन सकते हैं नरेंद्र मोदी


एनडीए के संयोजक बन सकते हैं नरेंद्र मोदी

(शरद खरे)

नई दिल्ली (साई)। राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के संयोजक एल.के.आड़वाणी को भारतीय जनता पार्टी और राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ द्वारा बलात हाशिए पर भेज देने के उपरांत अब आड़वाणी का एनडीए के संयोजक का पद भी खतरे में पड़ गया है। भाजपा में धूमकेतू की तरह उभरकर सामने आए नरेंद्र मोदी को एनडीए का संयोजक बनाने की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
दिल्ली में झंडेवालान स्थित संघ मुख्यालय केशव कुंज के भरोसमंद सूत्रों का कहना है कि देश में प्रकाश में आए घपले, घोटाले और भ्रष्टाचार के कारण कांग्रेस की धूमिल हुई छवि का लाभ उठाने के लिए संघ के आला नेता सर जोड़कर अनेक मर्तबा बैठ चुके हैं। भाजपा को नए जोश खरोश के लिए हिन्दुवादी छवि का मुखर नेतृत्व की इसके लिए महती जरूरत महसूस की जा रही है।
सूत्रों ने कहा कि संघ के पिट्ठू बनकर गड़करी ने तो अपना स्थान सुरक्षित कर लिया है, पर संघ अब भाजपा के लिए एक मौखटे की तलाश बड़ी ही शिद्दत से कर रहा है। जिन्ना प्रकरण के चलते आड़वाणी अर्श से फर्श पर आ चुके हैं। आड़वाणी की हालिया रथ यात्रा भी नाकाम ही रही। इन सब बातों के चलते संघ की पहली पसंद बनकर उभरे हैं नरेंद्र मोदी।
संघ की शह पर हुआ नरेंद्र मोदी का अभ्युदय ही आड़वाणी के दंश का कारण बना। अपनी उपेक्षा से आड़वाणी बेहद दुखी हैं। आड़वाणी इन दिनों अलग थलग और अकेले पड़ चुके हैं। अड़वाणी जुंडाली ने भी उनका साथ छोड़ दिया है। भाजपा में अब आड़वाणी के बारे में कहा जाने लगा है कि उनकी परछाई भी अब उनका साथ छोड़ने लगी है। संघ के साथ निर्णायक लड़ाई में आड़वाणी अकेले पड़ते दिख रहे हैं।
हताश निराश राजग के पीएम इन वेटिंग रहे एल.के.आड़वाणी ने सोशल नेटवर्किंग वेब साईट और ब्लाग को अस्त्र बनाकर अपना युद्ध आरंभ किया है। आड़वाणी के ब्लाग वार से संघ नेतृत्व बुरी तरह खफा नजर आ रहा है। सूत्रों की मानें तो घर की बातें ब्लाग के माध्यम से जनता को परोसनेपर संघ के अनेक नेताओं को बेहद आपत्ति है।
उपक्षित आड़वाणी के रिसते घावों पर मरहम लगाने के बाजाए संघ ने उनकी मुखालफत तेज कर दी है। सूत्रों ने बताया कि इशारों ही इशारों में संघ के आला नेताओं ने वयोवृद्ध भाजपा नेता एल.के.आड़वाणी को संकेत दे दिए हैं कि वे एनडीए के संयोजक पद को तजने को तैयार रहें। आड़वाणी के उत्तराधिकारी के बतौर दो नाम सामने आए हैं जिनमें पहला स्वाभाविक तौर पर नरेंद्र मोदी का है। अगर मोदी के नाम पर ज्यादा शोर शराबा हुआ (संजय जोशी प्रकरण से भाजपा और संघ का एक धड़ा मोदी से खफा है) तो राजनाथ सिंह का नाम स्टेंड बाय में रखा हुआ है।

आर्थिक वृद्धि की तस्वीर बदलने की उम्मीद में दादा


आर्थिक वृद्धि की तस्वीर बदलने की उम्मीद में दादा

(प्रियंका श्रीवास्तव)

नई दिल्ली (साई)। वित्तमंत्री प्रणब मुखर्जी ने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले महीनों में देश में आर्थिक वृद्धि की तस्वीर बदलेगी। उन्होंने रेटिंग एजेंसी स्टैडर्ड एंड पुअर्स के इस दावे को खारिज कर दिया है कि भारत निवेश अनुकूल रेटिंग गंवाने वाला पहला ब्रिक देश हो सकता है।
उन्होंने कहा कि सरकार मौजूदा स्थिति के प्रति पूरी तरह सजग है और रेंटिग एजेंसी की चेतावनी ताजा रेटिंग पर आधारित नहीं है। उनका कहना था कि स्टैडर्ड एंड पुअर्स ने २५ अप्रैल को भारत की दीर्घकालिक क्रेडिट रेटिंग बीबीबी माइनस बताई थी और बाद में अर्थव्यवस्था की संभावना को स्थिर से घटाकर माइनस कर दिया था।
प्रणव मुखर्जी ने कहा कि अप्रैल -२०१२ से अब तक ऐसी कोई बड़ी घटना नहीं हुई जिससे पता लगे कि झटके सहने में अर्थव्यवस्था की कमजोरी बढ़ी है। भारतीय अर्थव्यवस्था में अनुकूल संकेतों का जिक्र करते हुए श्री प्रणब मुखर्जी ने कहा कि भारतीय रिजर्व बैंक ने मौद्रिक नीति की पिछली समीक्षा में ब्याज दर घटाई थी।
उन्होने कहा कि ब्याज दरों में कमी हुई है, खनन क्षेत्र में वृद्धि का रूख पलटा है। इसके अलावा कोयले से चलने वाली बिजली परियोजनाओं के लिए ईंधन की उपलब्धता सुधरी है। तिमाही निवेश वृद्धि दर २०११-१२ की पिछली तिमाही में शून्य से नीचे थी लेकिन अब सुधरी है। दक्षिण-पश्चिम मॉनसून सामान्य रहने का अनुमान है और अंतर्राष्ट्रीय बाजार में तेल की कीमतें गिरने लगी है।

उपचुनावों के लिए मतदान आरंभ


उपचुनावों के लिए मतदान आरंभ

(महेश रावलानी)

नई दिल्ली (साई)। देश भर में लोकसभा और विधानसभा के उपचुनावों के लिए मतदान आरंभ हो गया है। समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया के ब्यूरो ने खबर दी है कि मतदान शांतिपूर्ण तरीके से चल रहा है। आंध्रप्रदेश में नेल्लूर लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र और १२ जिलों के १८ विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में उपचुनाव के लिए मतदान शुरू हो गया है। मतदान शाम पांच बजे तक चलेगा।
साई संवाददाता ने खबर दी है कि राज्य में ४६ लाख से अधिक मतदाता पांच हजार चार सौ तेरह मतदान केन्द्रों पर दो सौ पच्चीस से अधिक उम्मीदवारों के राजनीतिक भाग्य का फैसला करेंगे। ६० प्रतिशत से भी अधिक मतदान केन्द्रों को संवेदनशील घोषित किए जाने के मद्देनजर केन्द्रीय सशस्त्र बल की १३८ कंपनियों और आंध्रप्रदेश विशेष पुलिस की ५६ कंपनियों की तैनाती की गई है। चुनाव में किसी भी प्रकार की धांधली को रोकने के लिए निर्वाचन आयोग ने अनेक कदम उठाए हैं। राज्य में पहली बार मतदाताओं की पहचान के लिए केवल मतदाता पहचान पत्रों और निर्वाचन आयोग द्वारा जारी वोटर पर्चियों को ही स्वीकृति दी गई है।
इन १८ विधानसभा सीटों में से १६ पर कांग्रेस विधायकों को विधानसभा अध्यक्ष ने कड़प्पा के सांसद वाई एस जगनमोहन रेड्डी का साथ देने और दिसम्बर में अविश्वास प्रस्ताव पर कांग्रेस सरकार के विरूद्ध मत देने के कारण सदस्यता के अयोग्य घोषित कर दिया था। एक निर्वाचन क्षेत्र में मौजूदा विधायक ने जगनमोहन रेड्डी के समर्थन में इस्तीफा दे दिया था जबकि अभिनेता चिरंजीवी ने राज्यसभा के लिए चुने जाने के बाद विधानसभा से त्यागपत्र दे दिया था , इसलिये इन निर्वाचन क्षेत्रों में उपचुनाव कराया जा रहा है।
उधर, तमिलनाडु, मध्यप्रदेश, उत्तरप्रदेश, झारखंड और त्रिपुरा विधानसभा की एक-एक सीट पर उपचुनाव के लिए भी मतदान शुरू हो गया है। मतदान शाम पांच बजे तक चलेगा। मतदान शांतिपूर्वक कराने के लिए कड़े सुरक्षा प्रबधं किये गए हैं। तमिलनाडु में पुडुकोट्टई से साई ब्यूरो प्रीति सक्सेना ने बताया कि विधानसभा सीट पर बीस उम्मीदवार मैदान में हैं। तमिलनाडु के मुख्य चुनाव अधिकारी ने आकाशवाणी को बताया कि सैंतीस मतदान केन्द्रों को संवेदनशील माना गया है और वहां सुरक्षा के कड़े प्रबंध किये गये हैं।
मध्य प्रदेश में महेश्वर से समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया के ब्यूरो नंद किशोर ने बताया कि विधानसभा सीट पर कांग्रेस के देवेन्द्र साधो और भारतीय जनता पार्टी के राजकुमार मेव सहित १२ उम्मीदवार चुनाव मैदान में है। करीब एक लाख ८४ हजार मतदाता अपने मतधिकार का इस्तेमाल करेंगे। २१९ मतदान केन्द्र बनाए गए हैं। कांग्रेस विधायक विजय लक्ष्मी साधो के इस्तीफे के कारण इस सीट पर उपचुनाव कराया जा रहा है। उन्होंने राज्यसभा के लिए निर्वाचित होने के बाद विधानसभा से इस्तीफा दे दिया था।
उधर, उत्तर प्रदेश में मथुरा से समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया के ब्यूरो आकाश कुमार ने बताया कि जिले की माट विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए मतदान सुबह सात बजे शुरू हुआ। राष्ट्रीय लोकदल के सांसद जयंत चौधरी के इस्तीफे की वजह से इस सीट पर उपचुनाव हो रहा है। साई न्यूज के इलाहाबाद संवाददाता ने खबर दी है कि २८६ मतदान केन्द्रों पर करीब २ लाख ९० हजार मतदाता चौदह उम्मीदवारों की राजनीतिक भविष्य का फैसला करेंगे।
झारखंड से समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया साईसंवाददाता नीलिमा सिंह ने बताया कि हटिया विधानसभा सीट पर २९ उम्मीदवार मैदान में हैं। ४२५ मतदान केन्द्रों पर कुल ४ लाख २ हजार १८१ मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। कांग्रेस विधायक गोपाल शरण नाथ शाहदेव के निधन की वजह से इस सीट पर उपचुनाव कराया जा रहा है।
त्रिपुरा से साई ब्यूरो गायत्री बरूआ ने बताया कि राज्य के सिपाहीजाला जिले की नलचर विधानसभा सीट पर मुख्य मुकाबला मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी के तपन चन्द्र दास और कांग्रेस के द्विजेन्द्रलाल मजूमदार के बीच है। इस विधानसभा क्षेत्र में करीब ३३ हजार ३९२ मतदाता हैं। सत्तारूढ़ मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी के विधायक सुकुमार बर्मन के निधन की वजह से ये सीट रिक्त हुई है। मतगणना १५ जून को होगी।