शुक्रवार, 25 दिसंबर 2009

बढ सकतीं हैं कांग्रेस और राजमाता के बीच दूरियां


बढ सकतीं हैं कांग्रेस और राजमाता के बीच दूरियां



राजमाता का दरबार अब सजेगा 9,ए कोटला रोड पर!


बदल जाएगा 24 अकबर रोड का पता


(लिमटी खरे)


नई दिल्ली। सवा सौ साल पुरानी अखिल भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस का केंद्रीय कार्यालय अब सोनिया गांधी के निवास के पीछे वाले मार्ग अकबर रोड से उठकर राम नारायण अग्रवाल चौक (पुराना आईटीओ चौराहा) स्थानांतरित होने वाला है। इस साल के अंत में कांग्रेस सुप्रीमो श्रीमति सोनिया गांधी 9, ए कोटला रोड पर नए भवन का शिलान्यास करेंगीं।
गौरतलब होगा कि पूर्व प्रधानमंत्री प्रियदर्शनी स्व.श्रीमति इंदिरा गांधी के समय में 1978 पार्टी का कार्यालय 24 अकबर रोड में स्थापित किया गया था। लगभग तीन दशक तक सत्ता के उतार चढाव का साक्षी रहा यह दफ्तर भविष्य में किस उपयोग में लाया जाएगा यह बात अभी तय नहीं की गई है।

आईटीओ क्षेत्र में दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कार्यालय के ठीक सामने एवं हिन्दी भवन के पीछे कांग्रेस के केंद्रीय कार्यालय का निर्माण लगभग दो एकड क्षेत्र में किया जाएगा। आश्चर्यजनक तथ्य तो यह उभरकर सामने आया है कि अनेक सूबों और जिलों में कांग्रेस ने अपने निजी कार्यालयों का निर्माण करा लिया है किन्तु आधी सदी से ज्यादा देश पर राज करने वाली कांग्रेस ने एक अदद निजी केंद्रीय कार्यालय बनाने की जुगत कभी नहीं लगाई है।

बहरहाल, आईटीओ के इलाके में ही दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आलवा राष्ट्रीय जनता दल और भारतीय कम्युनिष्ट पार्टी, के कार्यालय स्थापित हैं। अन्य सियासी दलों को भी इसी इलाके में जमीने आवंटित हैं, अथवा होंगी। आने वाले समय में प्रेस काम्पलेक्स के तौर पर पहचाने जाने वाला आईटीओ क्षेत्र सियासी गतिविधियों का गवाह बन जाएगा।
सूत्रों के अनुसार कांग्रेस के केंद्रीय कार्यालय के लिए अनेक वास्तुविदों, अिर्कटेक्ट, इंजीनियर्स से रायशुमारी हो चुकी है। इसके निर्माण का ठेका किसे दिया गया है, एवं इसकी लागत कितनी आएगी यह बात अभी गुप्त ही रखी गई है। सूत्रों ने आगे कहा कि बहुमंजिला प्रस्तावित इमारत में लिफ्ट, सेंट्रल एसी सिस्टम के साथ ही साथ पािर्कंग का विशेष ध्यान रखा गया है।
एक वरिष्ठ पदाधिकारी ने 24 अकबर रोड से कांग्रेस के केंद्रीय मुख्यालय के 9,ए कोटला रोड जाने की बात पर नाम न उजगर करने की शर्त पर चुटकी लेते हुए कहा कि वर्तमान में 24 अकबर रोड और सोनिया गांधी का आवास 10 जनपथ दोनों के दरवाजे अगल बगल में हैं, किन्तु अगर यह 9,ए कोटला रोड चला गया तो कांग्रेस और कांग्रेस अध्यक्ष के बीच दूरियां बढ जाएंगीं।

कोई टिप्पणी नहीं: