सोमवार, 15 फ़रवरी 2010

मल्टी मीडिया जागरूकता अभियान प्रदर्शनी उद्घाटित

मल्टी मीडिया जागरूकता अभियान प्रदर्शनी उद्घाटित
प्रदर्शनी से लोगों में जागरूकता बढेगी : शाह
विदिशा 15 फरवरी। ``भारत सरकार के सूचना प्रसारण मन्त्रालय द्वारा लगाई गई मल्टी मीडिया प्रदर्शनी से विदिशा जिले के लोगों में स्वास्थ्य और भारत निर्माण के प्रति जागरूकता में इजाफा होगा। इस तरह के आयोजनों से निश्चित तौर पर जन सामान्य के बीच सरकारी योजनाओं की जानकारी बेहतर तरीके से पहुंचाई जा सकती हैं।`` उक्ताशय की बात नगर पालिका विदिशा की अध्यक्ष श्रीमति ज्योति शाह ने डीएवीपी की मल्टीमीडिया प्रदर्शनी के उद्घाटन अवसर पर कही।
इस अवसर पर अतिरिक्त जिला दण्डाधिकारी श्री शरद चन्द शुक्ला, मुख्य कार्यपालन अधिकारी एम.एल.कौरव, महिला बाल विकास जिला कार्यक्रम अधिकारी नकी जहां कुरैशी सहित अनेक पार्षद और गणमान्य नागरिक उपस्थित थे। पालिकाध्यक्ष श्रीमति शाह ने इत्मीनान से समूची प्रदर्शनी का अवलोकन किया एवं डीएवीपी के फील्ड पब्लिसिटी ऑफीसर समीर वर्मा से प्रदर्शनी के बारे में गहराई से मालूमात की। जनसामान्य के लिए प्रदर्शनी खुलने के बाद बडी संख्या में नागरिकों ने इस प्रदर्शनी का आवलोकन कर स्वास्थ्य सम्बंधी सरकारी जानकारियों और भारत निर्माण योजना के बारे में विस्तार से जाना।
गौरतलब है कि भारत सरकार के सूचना प्रसारण मन्त्रालय के विज्ञापन और दृश्य प्रचार निदेशालय द्वारा जिला मुख्यालय विदिशा के मेला ग्राउण्ड के रामलीला मैदान में मल्टी मीडिया प्रदर्शनी का आयोजन 15 फरवरी से 19 फरवरी तक किया गया है। इस प्रदर्शनी में सेवा सदन नेत्र चिकित्सालय, बैरागढ़, क्षेत्रीय प्रचार निदेशालय सागर और छिन्दवाडा, भारत संचार निगम लिमिटेड, स्वास्थ्य, महिला बाल विकास, आयुष, आयुर्वेद, होम्योपैथिक एवं नगर पालिका द्वारा अपनी योजनाओं की जानकारी सहित स्वसहायता समूहों द्वारा अपने उत्पादों आदि का प्रदर्शन किया जा रहा है।
उल्लेखनीय होगा कि इस प्रदर्शनी में राष्ट्रीय ग्रामीण स्वास्थ्य मिशन के तहत स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी मल्टी मीडिया फोटो प्रदर्शनी के माध्यम से आम जनों को दी जा रही है। इस अभियान में मुख्य रूप से जिला प्रशासन, जिला पंचायत, स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास, नेहरू युवा केन्द्र, क्षेत्रीय प्रचार निदेशालय, गीत एवं नाटक प्रभाग, पत्र सूचना कार्यालय, आकाशवाणी, दूरदर्शन सहित स्व सहायता समूह, गैर सरकारी संगठनों की भागीदारी है।

कोई टिप्पणी नहीं: