शुक्रवार, 15 अप्रैल 2011

अर्जुन के बदले राज्य सभा में जा सकती हैं वीणा सिंह

वीणा से निकलेगी भाजपाई धुन

जमे जकड़े परिवारों पर नजर रही है भाजपा की

अर्जुन परिवार का दबदबा रह सकता है कायम

(लिमटी खरे)

नई दिल्ली। पूर्व केंद्रीय मंत्री कुंवर अर्जुन सिंह के अवसान से रिक्त हुई राज्य सभा सीट के लिए भाजपा द्वारा उनकी पुत्री वीणा सिंह को तैयार करने की कवायद की जा रही है। उधर कांग्रेस द्वारा अर्जुन पुत्र अजय को मध्य प्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बना दिया गया है। सब कुछ अगर ठीक ठाक रहा तो आने वाले समय में ठाकुर परिवार का दबदबा एक बार फिर कायम दिखेगा। कांग्रेस ओर भाजपा दोनों के द्वारा ही अर्जुन सिंह की विरासत को अपने दामन में सहेजने का प्रयास किया जा रहा है।

कांग्रेस में चल रही बयार के अनुसार देश भर विशेषकर मध्य प्रदेश में कुंवर अर्जुन सिंह के समर्थकों की बड़ी तादाद को देखकर आला नेता उनके परिवार की उपेक्षा करने का साहस नहीं जुटा पा रहे हैं। उधर कांग्रेस में इक्कीसवीं सदी के चाणक्य दिग्विजय सिंह द्वारा भविष्य की स्थिति को भांपते हुए अजय सिंह पर दांव लगा ही दिया है। आदिवासी नेता कांतिलाल भूरिया के प्रदेशाध्यक्ष बनते ही अजय सिंह को विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष की जवाबदारी सौंप दी गई है।

उधर मध्य प्रदेश में भाजपा के बहुमत में होने से माना जा रहा है कि अर्जुन सिंह के अवसान से रिक्त होने वाली सीट पर भाजपा समर्थित उम्मीदवार ही विजयी होगा। भाजपा भी अर्जुन सिंह की विरासत को अपनाने आतुर दिख रही है यही कारण है कि भाजपा चाह रही है कि अर्जुन सिंह की पुत्री वीणा सिंह को राज्य सभा से मैदान में उतारकर अर्जुन समर्थकों का भाजपाईकरण किया जा सके।

भाजपा द्वारा कांग्रेस के जमे जकड़े परिवारों पर नजरें इनायत की जाती रहीं हैं। गौरतलब होगा कि हाल ही में मध्य प्रदेश की नेता प्रतिपक्ष श्रीमति जमुना देवी के निधन से रिक्त हुई कुक्षी विधानसभा के लिए भाजपा द्वारा उनके परिजनों पर डोरे डालने का प्रयास भी किया गया था। अब भाजपा के निशाने पर वीणा सिंह हैं।



कोई टिप्पणी नहीं: