सोमवार, 12 दिसंबर 2011

कमल नाथ याद रहे सोनिया को भूल गए कांग्रेसी


कमल नाथ याद रहे सोनिया को भूल गए कांग्रेसी

सोनिया के जन्मदिन पर पसरी रही खामोशी



(नंद किशोर)

भोपाल। मध्य प्रदेश में अनेक जिलों में कांग्रेस के नेताओं को अपनी राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीमति सोनिया गांधी का जन्म दिन भी याद नहीं रहा। अपने अपने क्षेत्र के क्षत्रपों के जन्म दिवसों पर तो कांग्रेस के नेताओं द्वारा जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्षों की उपस्थिति में केक काटकर फटाके फोड़कर खुशियों का इजहार किया गया, किन्तु जब कांग्रेस की नेशनल प्रेजीडेंट श्रीमति सोनिया गांधी के जन्म दिन की बारी आई तो कांग्रेस की जिला ईकाई रजाई तानकर सोती ही रही।

मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उच्च पदस्थ सूत्रों ने बताया कि मध्य प्रदेश के डेढ़ दर्जन से ज्यादा जिलों में सोनिया गांधी के जन्म दिन को लेकर कोई उत्साह नहीं देखा गया। अपने अपने सूबाई क्षत्रपों के जन्म दिन के पहले रक्तदान, फलवितरण जैसे प्रोग्रामों की एडवांस में सूचना देने वाली विज्ञप्ति जारी करने वाले कांग्रेस के वीर सोनिया के जन्म दिन पर क्यों खामोश रहे इस बारे में कयास लगाए जा रहे हैं। जानकारों का कहना है कि कांग्रेस के क्षत्रपों और कार्यकर्ताओं को लगने लगा है कि सोनिया अब बीमार हैं और वे ज्यादा दिन अध्यक्ष पद नहीं संभाल पाएंगी इसलिए अब उनके जन्म दिन पर खर्च करने का क्या ओचित्य!

वहीं दूसरी ओर अब कांग्रेस के नेताओं की आंखें इस बात पर टिक गईं हैं कि क्या प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष कांति लाल भूरिया जिलों से सोनिया गांधी के जन्म दिन के प्रोग्राम का सचित्र विवरण और पेपर कटिंग बुलवाई जाएंगी? ताकि अपने नेशनल प्रेजीडेंट के जन्म दिन को भुलाने वाली जिला इकाईयों पर कोई कार्यवाही की जा सके। इस मामले को प्रदेश प्रभारी महासचिव बी.के.हरिप्रसाद के संज्ञान में भी लाया जा रहा है कि कमल नाथ के प्रभाव वाले एक जिले में भी सोनिया गांधी का जन्मदिन नहीं मनाया गया।

कोई टिप्पणी नहीं: