रविवार, 21 अक्तूबर 2012

देश भर में दुर्गा पूजा का उत्साह चरम पर


देश भर में दुर्गा पूजा का उत्साह चरम पर

(महेश रावलानी)

नई दिल्ली (साई)। दुर्गा पूजा देश के कई हिस्सों में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाई जा रही है। पश्चिम बंगाल में आज महासप्तमी के अवसर पर, लोग बड़ी संख्या में देवी दुर्गा के दर्शन कर रहे हैं। उत्तर भारत विशेषकर दिल्ली में दुर्गा पूजा का उत्साह देखते ही बन रहा है। दिल्ली में दुर्गा पूजा के मौके पर लोगों में जबर्दस्त उत्साह है। यहां ढाई सौ से ज्यादा स्थानों पर पूजा हो रही है। छोटा बंगाल कहे जाने वाले चितरंजन पार्क इलाके में १० बड़े पूजा पंडाल लगाये गये हैं।
समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया के कोलकता ब्यूरो से प्रतुल बनर्जी ने बताया है कि पूरे शहर में पूजा को लेकर उत्साह का माहौल है और सभी पंडालों की भव्य सजावट की गई है। राष्ट्रपति श्री प्रणब मुखर्जी वीरभूमि जिले में मिरिति में अपने पैतृक गांव में दुर्गा पूजा कर रहे है। पूजा के दौरान विशेष रेलगाड़ियां चलायी जा रही हैं। राज्य प्रशासन ने कानून व्यवस्था बनाये रखने के व्यापक इंतजाम किये हैं। महत्वपूर्ण स्थानों और पूजा पंडालों के सामने क्लोज सर्किट टीवी सैट और वॉच टॉवर लगाये गये हैं।
वहीं गोवहाटी समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया ब्यूरो से पुरबालिका हजारिका ने समाचार भेजा है कि असम में इस वर्ष चार हजार से ज्यादा जगहों पर पूजा की जा रही है। कई पूजा समितियां एक सींग वाले गैंडे के अवैध शिकार, डायन कुप्रथा, बाढ़ और अन्य मुद्दों के बारे में जागरूकता फैला रही हैं। बोड़ोलैंड प्रादेशिक क्षेत्र जिलों और धुबरी में भी दुर्गा पूजा आयोजित की जा रही है, जहां हाल के जातीय संघर्ष में लाखों लोग बेघर हो गये थे। गुवाहाटी में लगभग पांच सौ स्थानों पर पूजा हो रही है।

कोई टिप्पणी नहीं: