सोमवार, 21 जनवरी 2013

राहुल की ताजपोशी तरह तरह की प्रतिक्रियाएं


राहुल की ताजपोशी तरह तरह की प्रतिक्रियाएं

(राज कुमार अग्रवाल)

कैथल (साई)। जयपुर में चल रहे कांग्रेस के चिंतन अधिवेशन में राहुल गांधी को उपाध्यक्ष बनाने एवं 2014 के चुनाव में प्रधानमंत्री की भागडोर संभालने के लिए गए फैसले पर कांग्रेसियों में खुशी की लहर फैल गई। जिस पर राहुल गांधी को यह भार सौंपने पर कांग्रेसियों ने खुशी में लड्डू भी बांटे। कांग्रेस के जिलाध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री तेजेंद्र सिंह पाल मान ने कहा कि राहुल गांधी को यह जिम्मेवार सौंपने पर विपक्ष का नामों निशान समाप्त हो जाएगा और 2014 के चुनाव में राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस अपने दम पर ही अपनी सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि 2014 के चुनाव में कांग्रेस पार्टी को अपना बहुमत साबित करने के लिए किसी अन्य दल की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। कांग्रेसी नेता मनोज मलिक ने भी कहा कि 2014 के चुनाव में राहुल गांधी के साथ देश के सभी युवा तन मन धन से कांग्रेस का साथ देंगे। उधर राजीव गांधी युवा सेना के प्रदेशाध्यक्ष कंवल भसीन करनाल एवं जिलाध्यक्ष कृष्ण गर्ग ने भी बताया कि इस जिम्मेवारी से पार्टी में नए जोश, उत्साह से पार्टी उभर कर सामने आएगी। 2014 में कांग्रेस पार्टी को किसी सहारे की जरूरत नहीं होगी। जिस कारण से देश में कांग्रेस पार्टी विकास कार्यों की गंगा बहाएगी। उधर विपक्षी पार्टियों के नेताओं ने राहुल गांधी को यह जिम्मेवारी सौंपने को ढ़कौसला बताया है। हजकां के जिलाध्यक्ष विक्की शर्मा ने गांव देबन में पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि राहुल गांधी पहले भी नम्बर 2 पर थे और अब भी नम्बर 2 पर ही है। यह पहले भी युवाओं की भागढ़ौर संभाले हुए थे। फिर इसमें नया क्या है? इससे तो ऐसा प्रतीत होता है कि जैसे पुरानी बोतल में से शराब निकाल कर दूसरी पुरानी खाली बोतल में ही डाल दी हो। इनेलो के पूर्व मुख्य संसदीय सचिव एवं कलायत के विधायक रामपाल माजरा ने कहा कि देश की जनता पर इसका कोई असर पडऩे वाला नहीं है। अब कांग्रेस के सफाए के दिन आ गए है। कांग्रेस ने पहले भी बदले की भावना से काम किया है और अब भी बदले की भावना से कार्य कर रही है। इसके साथ-साथ आगे भी बदले की भावना से कार्य करेगी। जिसका जनता को पता चल चुका है। उन्होंने कहा कि सीबीआई जो एक ऐसी संस्था है जो अपने बलबुते पर भ्रष्टाचारियों के खिलाफ कार्य करती है। परन्तु कांग्रेस के राज में यह सीबीआई ऐसा कोई भी कार्य नहीं कर रही है बल्कि कांग्रेस पार्टी की कटपुलती बन कर रह गई है। जिस कारण से अब सीबीआई यानि सेंट्रल ब्यूरो इंवेस्टीगेशन की बजाएं अब इसका नाम कांग्रेस ब्यूरो इंवेस्टीगेशन हो गया है। कांग्रेस के इशारों पर यह निर्दाेष व्यक्तियों को भी जेल की सलाखों में डाल सकती है। कांग्रेस द्वारा पहले भी इसी की मदद से मायावती, मुलायम सिंह आदि अनेक नेताओं को डरा रखा है और उनसे विभिन्न प्रकार से मदद लेते रहे ताकि उनकी सत्ता बनी रहे। यदि सीबीआई के द्वारा इन नेताओं को डराया धमकाया नहीं जाता तो सरकार कब की गिर चुकी होती। अब इसी के दम पर प्रदेश के पूर्व एवं भावी मुख्यमंत्री को नाजायज रूप से जेल में डाला है। परन्तु ये आने वाले समय में निर्दाेष होकर प्रदेश की जनता के सामने आएंगे और कांग्रेस की पोल पट्टी खोलते हुए प्रदेश ही नहीं देश में से कांग्रेस पार्टी का सुपड़ा साफ कर देंगे। 

कोई टिप्पणी नहीं: