शुक्रवार, 22 फ़रवरी 2013

राजनाथ के हाथ होगा झा का प्रभात!


राजनाथ के हाथ होगा झा का प्रभात!

(शरद)

नई दिल्ली (साई)। मध्य प्रदेश में पोखरण विस्फोट की तरह हटाए गए भाजपा अध्यक्ष और सियासी राजनीति में हाशिए पर चले गए सांसद प्रभात झा के दिन फिरने वाले हैं। टीम राजनाथ में उन्हें जल्द ही महासचिव बनाया जाकर मध्य प्रदेश में आग और पानी का संतुलन बरकरार किए जाने की उम्मीद जताई जा रही है। अगामी 2 और 3 मार्च को दिल्ली में आयोजित बैठक के उपरांत टीम राजनाथ की घोषणा होने की पूरी पूरी संभावनाएं जताई जा रही हैं
झंडेवालान स्थित संघ मुख्यालय केशवकुंज के सूत्रों ने समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया को संकेत दिए कि 2 और 3 मार्च को दिल्ली में राष्ट्रीय कार्यसमिति की बैठक में राजनाथ सिंह के अध्यक्ष पद पर मुहर लगेगी और इसके बाद वह अपनी नई टीम घोषित करेंगे। सूत्रों ने आगे बताया कि गुजरात चुनाव में हैट-ट्रिक लगाने के बाद संघ ने पहले ही मोदी को राष्ट्रीय स्तर पर लाने के लिए हरी झंडी दे दी है। पार्टी नेतृत्व ने फिलहाल मोदी को इलेक्शन कैंपेन कमिटी का चेयरमैन बनाकर राजनीति का रुख देखने का मन बनाया है। इलेक्शन कमिटी के हेड बनने के बाद नरेंद्र मोदी बीजेपी की हर राजनीतिक कमिटी के हिस्सा होंगे। खास बात यह है कि टिकट बांटने में भी उनकी भूमिका काफी महत्वपूर्ण हो जाएगी।
पार्टी के अंदरखाने यह भी चर्चा है कि अगले लोकसभा चुनाव में मोदी उत्तर प्रदेश की किसी सीट से ताल ठोक सकते हैं। इसके पीछे तर्क यह दिया जा रहा है कि अगर मोदी यहां से लड़ते हैं तो कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ेगा और इससे करीब दर्जन भर सीटों पर पार्टी को फायदा हो सकता है। मोदी ने इसके लिए हाल में अपने एक भरोसेमंद और पार्टी की प्रदेश इकाई के सचिव राजेश पटेल के जरिए यूपी के कई शहरों का सर्वे भी कराया है। इस सर्वे के दौरान राजेश पटेल ने हाल में कहा था कि मोदी उत्तर प्रदेश से चुनाव लड़ सकते हैं। हालांकि, सीट को लेकर उन्होंने भी कोई संकेत नहीं दिया था।
इस बीच, राजनाथ की टीम यानी राष्ट्रीय कार्यकारिणी के लिए पार्टी के कोर ग्रुप की बैठकों का दौर जारी है। इसके लिए राज्यों से भी नाम मंगाए गए हैं। पार्टी के सूत्रों का कहना है कि पार्टी के राष्ट्रीय मामलों में मोदी के बढ़ते कद का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि उनके बेहद करीबी ओमप्रकाश माथुर, पुरुषोत्तम रूपाला और अमित शाह को राजनाथ की टीम में महासचिव और उपाध्यक्ष जैसे पद मिलने की पूरी संभावना है। रूपाला अभी भी राष्ट्रीय उपाध्यक्ष हैं। राष्ट्रीय सचिव मुरलीधर राव के अलावा हाल में मध्य प्रदेश में बीजेपी अध्यक्ष पद से हटाए गए प्रभात झा को भी महासचिव बनाए जाने की संभावना है। प्रभात झा इससे पहले बतौर अध्यक्ष राजनाथ के पहले कार्यकाल में उनसे अटैच राष्ट्रीय सचिव रहे थे। इस बार राष्ट्रीय सचिव की यह भूमिका सुधांशु त्रिवेदी को मिलने की संभावना है।
पूर्व पार्टी अध्यक्ष नितिन गडकरी की टीम में से हिमाचल प्रदेश के जे. पी. नड्डा अपने पद पर बने रह सकते हैं। गडकरी के कोटे से महिला मोर्चा की अध्यक्ष स्मृति ईरानी को राष्ट्रीय महासचिव बनाए जाने की संभावना है। इसके अलावा फिल्म ऐक्ट्रेस किरण खेर को राष्ट्रीय सचिव बनाया जा सकता है। अरुणाचल प्रदेश से किरन रिजीजू को भी नई राष्ट्रीय कार्यकारिणी में शामिल कर अहम जिम्मेदारी दिए जाने की संभावना है।

कोई टिप्पणी नहीं: