शुक्रवार, 5 जुलाई 2013

केवलारी नहीं, बरगी से टिकिट चाह रहे हैं हुकुम

केवलारी नहीं, बरगी से टिकिट चाह रहे हैं हुकुम

(अखिलेश दुबे)

सिवनी (साई)। घंसौर क्षेत्र के कद्दावर कांग्रेसी नेता और जिला कांग्रेस कमेटी के महामंत्री कुंवर शक्ति सिंह जो अपने परिचितों के बीच हुकुम के नाम से मशहूर हैं, केवलारी से भले ही टिकिट की मांग कर रहे हों, पर उनकी नजर सिवनी नहीं जबलपुर जिले के बरगी विधानसभा पर टिकी हुई हैं।
कुंवर शक्ति सिंह के करीबी सूत्रों ने समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया को बताया कि घंसौर क्षेत्र का बड़ा भाग बरगी विधानसभा क्षेत्र से लगा हुआ है। कुंवर शक्ति सिंह का क्षेत्र में बनने वाला देश के मशहूर उद्योगपति गौतम थापर के स्वामित्व वाले अवंथा समूह के सहयोगी प्रतिष्ठान मेसर्स झाबुआ पावर लिमिटेड के पावर प्लांट में खासा दबदबा है।
इस पावर प्लांट का अस्थाई मुख्यालय भी जबलपुर बना हुआ है। यहां कर्मचारी बरास्ता बरगी होकर ही रोजाना जबलपुर से घंसौर के बरेला में आना जाना करते हैं। इस पावर प्लांट में बरगी क्षेत्र के भी अनेक पेटी कांटेªक्टर कार्यरत हैं। इन्हीं समीकरणों के आधार पर कुंवर शक्ति सिंह द्वारा बरगी से चुनाव लड़ने का मन संभवतः बनाया गया है।
उनके करीबी सूत्रों का कहना है कि केवलारी से वे दावेदारी अवश्य कर रहे हैं, और मीडिया में भी यही प्रचारित करवा रहे हैं, किन्तु दरअसल, वे कांग्रेस के कद्दावर नेता हरवंश सिंह जिनके कि वे कभी कट्टर समर्थक और अनुयायी रहे हैं, के पुत्र रजनीश सिंह ठाकुर पर परोक्ष तौर पर दबाव बनाना चाह रहे हैं ताकि समझौते में उनका नाम कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं और क्षत्रपों द्वारा बरगी से प्रस्तावित कर दिया जाए।
इसी तारतम्य में पिछले दिनों कांग्रेस के केंद्रीय मंत्री कमल नाथ के सिवनी आगमन पर उन्होंने पूरी तरह निष्क्रिय रहते हुए अपनी नाराजगी या असहयोग का इजहार भी कर दिया था, जिसकी कांग्रेस में तल्ख प्रतिक्रियाएं आ रही हैं। वहीं दूसरी ओर कमल नाथ के कट्टर समर्थक के साथ उनकी डेढ़ घंटे से अधिक समय हुई वार्ता को भी इसी तारतम्य से जोड़कर देखा जा रहा है कि उनका चलाया विरोध का तीर अब काम करने लगा है और कांग्रेस के नेता उन्हें मनाने के जतन में जुट गए हैं।

कोई टिप्पणी नहीं: