गुरुवार, 6 मार्च 2014

दिल्ली-लखनऊ में भिड़े आप, भाजपा कार्यकर्ता


(सुमित माहेश्वरी/दीपांकर श्रीवास्तव)
नई दिल्ली/लखनऊ (साई)। गुजरात यात्रा पर गए अरविंद केजरीवाल की कार पर हमला हुआ है। उनकी कार पर पत्थर फेंका गया जिससे उनकी कार का शीशा टूट गया। यह घटना दिल्ली और लखनऊ उनकी पार्टी के भारतीय जनता पार्टी के वर्कर्स से हुई भिड़ंत के बाद हुई। अरविंद केजरीवाल ने कहा है कि उनकी कार पर नरेंद्र मोदी ने हमला करवाया है। हालांकि उन्होंने अपने वर्कर्स से शांति बनाए रखने की अपील की और कहा कि उनकी यात्रा जारी रहेगी।
आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने दिल्ली में बीजेपी के दफ्तर पर प्रदर्शन और पत्थरबाजी की। इसके बाद लखनऊ में भी दोनों पार्टियों के कार्यकर्ताओं में झड़प होने की खबर है। बीजेपी कार्यकर्ताओं ने लाठियां चलाईं। लखनऊ से हमारे रिपोर्टर ने खबर दी है कि बीजेपी कार्यकर्ताओं ने आप कार्यकर्ताओं को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा।
इस हंगामे की शुरुआत दिल्ली में बीजेपी के दफ्तर पर हुई। आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता अपने नेता अरविंद केजरीवाल के काफिले को गुजरात में रोके जाने को लेकर नाराज हैं। बुधवार दोपहर को अरविंद केजरीवाल के काफिले को गुजरात के पाटन में राधनपुर नामक जगह पर पुलिस ने रोक लिया। सुबह ही चुनाव आयोग ने वोटिंग की तारीखों का ऐलान किया हैजिसके बाद आचार संहिता लागू हो गई है। इसके तहत बिना इजाजत कोई राजनीतिक कार्यक्रम नहीं किया जा सकता। इसलिए जिला प्रशासन ने अरविंद केजरीवाल के काफिले को रोका। लेकिन अरविंद केजरीवाल और उनकी पार्टी ने इसके लिए नरेंद्र मोदी को जिम्मेदार ठहराया। पार्टी नेताओं ने कहा कि ऐसा साजिशन किया गया क्योंकि नरेंद्र मोदी अरविंद केजरीवाल से घबरा गए।
इस तरह के बयान आने के कुछ देर बाद ही आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता बीजेपी दफ्तर के सामने पहुंच गए और उन्होंने नारेबाजी शुरू कर दी। उन्हें तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने पानी की बौछार का भी इस्तेमाल किया, लेकिन इससे कार्यकर्ता और आक्रामक हो गए। कुछ ही देर बाद भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता भी वहां पहुंच गए और आम आदमी पार्टी के प्रदर्शनकारी कार्यकर्ताओं पर पत्थर फेंकने लगे कार्यकर्ताओं ने भी इसका जवाब पत्थरों से दिया। इस पत्थरबाजी मं कई लोग घायल हुए हैं।

कोई टिप्पणी नहीं: