शुक्रवार, 30 अगस्त 2013

झाबुआ पावर करेगा पहले से ही प्रदूषित नर्मदा को और गंदा

आदिवासियों को छलने में लगे गौतम थापर . . . 9

झाबुआ पावर करेगा पहले से ही प्रदूषित नर्मदा को और गंदा

नर्मदा का पीएच दर्ज किया गया 9.02

(ब्यूरो कार्यालय)

घंसौर (साई)। तरह तरह के प्रदूषणों के चलते पुण्य सलिला नर्मदा अपने उदगम अमरकंटक से दाहोद के बीच बुरी तरह प्रदूषित हो चुकी है। इसका पीएच 9.02 दर्ज किया गया है जो मानक से कहीं अधिक है। संस्कारधानी जबलपुर के समीप बरगी बांध के मुहाने पर लगने वाले मशहूर उद्योगपति गौतम थापर के स्वामित्व वाले अवंथा समूह के सहयोगी प्रतिष्ठान मेसर्स झाबुआ पावर लिमिटेड के कोल आधारित पावर प्लांट से इसका प्रदूषण कई गुना बढ़ने की उम्मीद है।
प्रचलित मान्यता यह है कि यमुना का पानी सात दिनों में, गंगा का पानी छूने से, पर नर्मदा का पानी तो देखने भर से पवित्र कर देता है। साथ ही जितने मंदिर व तीर्थ स्थान नर्मदा किनारे हैं उतने भारत में किसी दूसरी नदी के किनारे नहीं है। लोगों का मानना है कि नर्मदा की करीब ढाई हजार किलोमीटर की समूची परिक्रमा करने से चारों धाम की तीर्थयात्रा का फल मिल जाता है। परिक्रमा में करीब साढ़े सात साल लगते हैं।
जाहिर है कि लोगों की परंपराओं और धार्मिक विश्वासों में रची-बसी इस नदी का महत्व कितना है। लेकिन दुर्भाग्य से जंगल तस्करों, बाक्साइट खदानों और हमारी विकास की भूख से यह वादी इतनी खोखली और बंजर हो चुकी है कि आने वाले दिनों में उसमें नर्मदा को धारण करने का सार्म्थय ही नहीं बचेगा। इसकी शुरुआत नर्मदा के मैलेपन से हो चुकी है।
मजे की बात है कि सरकार का जल संसाधन विभाग और प्रदूषण नियंत्रण मंडल नदी जल में प्रदूषण की जांच करता है और प्रदूषण स्तर के आंकड़े कागज़़ों में दर्ज कर लेता है, लेकिन प्रदूषण कम करने के लिए सरकार कोई भी गंभीर उपाय नहीं कर पाता है। सरकारी सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार अमरकंटक और ओंकारेश्वर सहित कई स्थानों पर नर्मदा जल का स्तर क्षारीयता पानी में क्लोराईड और घुलनशील कार्बनडाईऑक्साइड का आंकलन करने से कई स्थानों पर जल घातक रूप से प्रदूषित पाया गया।

भारतीय मानक संस्थान ने पेयजल में पीएच 6.5 से 8.5 तक का स्तर तय किया है, लेकिन अमरकंटक से दाहोद तक नर्मदा में पीएच स्तर 9.02 तक दर्ज किया गया है। इससे स्पष्ट है कि नर्मदाजल पीने योग्य नहीं है और इस प्रदूषित जल को पीने से नर्मदा क्षेत्र में गऱीब और ग्रामीणों में पेट से संबंधित कई प्रकार की बीमारियां फैल रही है, इसे सरकारी स्वास्थ्य विभाग भी स्वीकार करता है। जनसंख्या बढऩे, कृषि तथा उद्योग की गतिविधियों के विकास और विस्तार से जल स्त्रोतों पर भारी दबाव पड़ रहा है।

कांग्रेसियों को भय कि कहीं भारी ना पड़ जाए ‘प्यारेलाल कांग्रेस‘

कांग्रेसियों को भय कि कहीं भारी ना पड़ जाए ‘प्यारेलाल कांग्रेस‘

(पीयूष भार्गव)

सिवनी (साई)। सिवनी में कांग्रेस के अंदर ही अंदर चल रही चर्चाएं अब सार्वजनिक होने लगी हैं। लोगों का मानना है कि कांग्रेस के साथ ही साथ चल रही समानांतर यानी पैरेलल जिसे मजाक में कां्रग्रेसी प्यारेलाल (पैरेलल) कांग्रेस भी कह रहे हैं वास्तविक कांग्रेस पर भारी ना पड़ जाए।
कांग्रेस द्वारा गत दिवस जारी सूची में पांच स्थाई एवं 10 विशेष आमंत्रित सदस्यों का समावेश किया गया है। इस सूची को लेकर ही कांग्रेस के अंदर जमकर घमासान मच गया है। सालों से कांग्रेस का झंडा डंडा, दरी फट्टा उठाने वाले नेताओं को यह सूची और प्यारेलाल कांग्रेस का रवैया रास नहीं आ रहा है।

सदस्यता रिन्यू नहीं, कैसे बना दिया आमंत्रित!
एक सांध्य दैनिक ने अपनी खबर में इस बात का उल्लेख किया है कि इस सूची में शामिल सुबोध मालू की सदस्यता का रिन्यूवल लंबे समय से नहीं किया गया है, एवं इन्हें इस सूची में शामिल कर लिया गया है। कांग्रेस के उच्च पदस्थ सूत्रों ने इस बात की पुष्टि करते हुए कहा है कि सुबोध मालू की सदस्यता दस साल से रिन्यू ही नहीं हुई है।

अंधेरे में रखा जा रहा है नाथ को
केंद्रीय मंत्री कमल नाथ के करीबी अबरार अहमद को सिवनी का प्रभारी बनाया गया है। कांग्रेस के सूत्रों ने समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया को बताया कि अबरार अहमद की इस सूची को फायनल कराने में महती भूमिका रही है। कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता ने नाम उजागर ना करने की शर्त पर कहा कि दरअसल, सिवनी में अबरार अहमद को कुछ नेताओं ने हाईजेक कर लिया है। देर रात चलने वाली बैठकों में सोडे की डकारों और धुएं के छल्लों के बीच कांग्रेस की भविष्य की रणनीति तय की जाती है। कहा जा रहा है कि इन सारे मामलों में केंद्रीय मंत्री कमल नाथ को अंधेरे में ही रखा जा रहा है। चर्चा है कि कांग्रेस के कुछ नेता षणयंत्र के तहत पहले फोरलेन के लिए परोक्ष रूप से कमल नाथ को दोषी ठहराते हुए लोगों को उकसाते रहे, फिर बाद में अब अबरार अहमद को ‘मिसगाईड‘ कर कमल नाथ के खिलाफ कांग्रेस में ही माहौल बनाने का जतन कर रहे हैं।

कांग्रेस से निष्काशित बन गए सदस्य!
कांग्रेस के एक अन्य नेता ने भी नाम उजागर ना करने की शर्त पर कहा कि इस समिति के एक अन्य सदस्य कांग्रेस से निष्काशित हैं। उन्होंने बताया कि मोहम्मद आरिफ को पिछले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के प्रत्याशी प्रसन्न चंद मालू के खिलाफ कुल्हाड़ी का काम करने पर कांग्रेस से निष्काशित कर दिया गया था। उन्होंने बताया कि इनकी बहाली अब तक कांग्रेस में नहीं की गई है, फिर कैसे इन्हें समिति का सदस्य बना दिया गया है।

इस संबंध में जब जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष हीरा आसवानी (9425176341) से वास्तविकता का पता करने का प्रयास किया गया तो उनका मोबाईल स्विच्ड आफ मिला।

किसकी सदस्यता रिन्यू हुई किसकी नहीं, इस बात के बारे में जिला अध्यक्ष ही आपको बता सकते हैं। वैसे बूथ वाईज सदस्यता पंजी देखकर ही बताया जा सकेगा कि किसकी सदस्यता हुई किसकी नहीं। रही बात मो.आरिफ के निष्काशन की तो उनके निष्काशन को वापस लिया गया या नहीं इस बारे में भी जिला अध्यक्ष ही आपको पूरी जानकारी दे पाएंगे। सिवनी प्रभारी मोहम्मद अबरार ने हमसे भी इस बारे में मशविरा किया गया था।

इमरान पटेल, नगर अध्यक्ष, शहर कांग्रेस कमेटी, सिवनी

बारूद के ढेर पर है सिवनी!

बारूद के ढेर पर है सिवनी!

(शरद खरे)

दीपोत्सव और चुनाव दोनों ही नजदीक हैं। सिवनी में बात बात पर हत्याएं हो रही हैं। लोग खुलेआम हथियार लेकर घूमते दिख जाते हैं। शाम ढलते ही लोग शराब के नशे में झूमते दिख जाते हैं। देर रात तक चौक चौराहों पर लोग शराब के नशे में बर्राते नजर आते हैं। सिवनी शहर में कभी भी किसी भी दुर्घटना के घटने से इंकार नहीं किया जा सकता है। इसका कारण शहर में जहां तहां एक्सप्लोसिव एक्ट का उल्लंघन ही प्रमुख वजह माना जाएगा। शहर के अंदर फटाखों के अलावा बारूद का ढेर लगा हुआ है। हाल ही में महावीर मढिया के सामने अनुग्रह गैस एजेंसी के बाजू में एक गोदाम में बड़ी तादाद में माचिस के खोके उतारे गए। राहगीरों की आपत्ति के बाद पुलिस ने लारी के कागज बुलवा लिए किन्तु इसके बाद क्या कार्यवाही हुई इस बारे में सिवनी पुलिस मौन ही है।
ज्ञातव्य है कि पूर्व में जब सिवनी में मीनाक्षी शर्मा जिला पुलिस अधीक्षक थीं, उस वक्त एन बुधवारी बाजार से लगे दारोगा मोहल्ले में बारूद फटने से एक व्यक्ति के चिथड़े उड़ गए थे। वह घर पर बारूद क्यों रखा हुआ था? घर पर वह बारूद के साथ खेल रहा था या फिर बम बना रहा था, डेटोनेटर बना रहा था, इस बारे में सिवनी पुलिस ने मौन ही साधे रखा था। पिछले दिनों सिवनी में हड्डी गोदाम से बड़ी तादाद में बम गोले असलाह बरामद हुआ था। इसके तार दारोगा मोहल्ला के हादसे से जुड़ सकते हैं। हो सकता है दारोगा मोहल्ला में भी बन बनाने का काम चल रहा हो। सिवनी में बड़ी संख्या में बम मिलना वाकई चिंताजनक ही माना जाएगा।
सिवनी शहर में घनी आबादी में अगर इस तरह के हादसे हो रहे हों तो यह निश्चित तौर पर पुलिस की असफलता ही मानी जाएगी। बार बार चेताने के बाद भी किराएदारी या मुसाफिरी दर्ज कराना आवश्यक ना बनाया जाना और इसको कड़ाई से लागू ना किया जाना वाकई आश्चर्यजनक ही कहा जाएगा। कुछ माह पूर्व पुलिस महानिरीक्षक संजय झा ने जिले में किराएदारी की सूचना देना और मुसाफिरी दर्ज कराना अनिवार्य कर दिया था। दो वर्ष पूर्व भाजपा के युवा नेता नरेंद्र ठाकुर ने मुसाफिरी और किराएदारी अनिवार्य कराने की मांग की थी। विडम्बना ही कही जाएगी कि पुलिस प्रशासन और जिला प्रशासन ने इस ओर ध्यान देने की जहमत नहीं उठाई है। आज भी आई जी के निर्देशों के बाद भी पुलिस प्रशासन इस दिशा में ध्यान नहीं दे रहा है।
पुलिस महानिरीक्षक संजय झा के आदेश के उपरांत भी सिवनी में किराएदारी के सत्यापन का काम अभी तक आरंभ नहीं हो सका है, जो वाकई अपने आप में आश्चर्यजनक के साथ ही साथ अनेक संदेहों को जन्म देने के लिए पर्याप्त माना जा सकता है। दक्षिण भारत का एक कातिल हत्यारा सिवनी की अभिषेक कालोनी में ना केवल रहकर चला गया वरन् नगर पालिका परिषद ने सारी सीमाएं पार कर उसका राशन कार्ड तक बना दिया था। सिवनी शहर में माचिस का बल्क में स्टोरेज भी किसी दिन किसी अनहोनी को जन्म दे सकता है। इसका सबसे खतरनाक पहलु यह है कि यह आबादी वाला क्षेत्र है। साथ ही साथ महज दस कदम पर ही अनुग्रह गैस एजेंसी है। सिवनी में फटाखा व्यवसाई भी अपना माल कहां रखते हैं यह बात भी शोध का ही विषय है।
क्या कभी जिला प्रशासन ने कभी फटाखा व्यवसाईयों से यह पूछने की जहमत उठाई है कि वे अपना स्टोरेज कहां रखते हैं। दीपावली के पहले फटाखा व्यवसाईयों को ज्वलनशील फटाखे बेचने के लिए लाईसेंस दिया जाता है। दीप पर्व और ग्यारस के उपरांत जिन फटाखा व्यवसाईयों को लाईसेंस दिया जाता है उनसे यह पूछने की जहमत भी प्रशासन नहीं उठाता कि उनके पास कितना माल बचा है और वह उन्होंने कहां खुर्द बुर्द किया है।
सिवनी शहर के हड्डी गोदाम और बारापत्थर की एकता कालोनी में बम मिले और आरोपी भी। इसका मतलब साफ है कि अब शहर का कोई भी क्षेत्र सुरक्षित नहीं बचा है। हर ओर डर ही डर है कि पुलिस की मुखबिर सूचना तंत्र के पंगु होने के चलते और नेताओं तथा मीडिया पर्सन्स की अनावश्यक तांक झांक और दबाव के कारण ही शहर के हालात बद से बदतर हो चुके हैं।
पिछले दिनों एक के बाद एक हत्याएं होती रहीं, शहर दहल गया पर नहीं दहला तो पुलिस प्रशासन। जिले भर में अवैध शराब का विक्रय खुलेआम हो रहा है। ठेकेदार पुलिस की मिली भगत से गांव गांव में चार पहिया वाहन लगाकर शराब को बेच रहे हैं। लखनादौन, घंसौर, केवलारी, छपारा, आदेगांव यहां तक कि बादलपार में भी अवैध शराब बिकने की खबरें आम हो गई हैं। दो माह पहले हुई जिला सर्तकर्ता समिति की बैठक में भी यह बात जमकर उछली थी। विडम्बना ही कही जाएगी कि आज संपन्न हुई जिला योजना समिति की बैठक में एक बार फिर प्रभारी मंत्री को अवैध शराब के लिए ताकीद करना पड़ रहा है। जाहिर है कि जिले में आबकारी और पुलिस महकमा इन दिनों शराब ठेकेदारों के हाथों में नाच रहा है।

दीपावली और विधानसभा चुनाव दोनों ही जल्द होने वाले हैं। दीपावली में पटाखों का भण्डारण होगा, तो चुनाव में मसल पावर दिखाने के लिए हथियारों का जमकर इस्तेमाल हो सकता है। पुलिस ने असमाजिक तत्वों की फेहरिस्त तैयार कर ली है, जो सात आठ सौ के करीब बताई जा रही है। पता नहीं क्यों पुलिस इन्हें अपना मेहमान बनाने के लिए चुनाव की आचार संहिता लगने का इंतजार कर रही है। अगर कोई अवैध काम में लिप्त है तो उसे तो तत्काल ही धर दबोच लेना बेहतर होगा। इसके साथ ही साथ जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन से एक ही अपेक्षा है कि वह अपना गोपनीय सूचना तंत्र मजबूत करे, एवं साथ ही साथ किराएदारी तथा मुसाफिरी दर्ज करवाने के काम को प्राथमिकता के आधार पर संपन्न करवाया जाए, ताकि शहर में अमन चैन वापस लौट सके और नागरिक एक बार फिर चैन की सांस ले सकें।

बुधवार, 28 अगस्त 2013

स्वास्थ्य विभाग में मची है अंधेरगर्दी

स्वास्थ्य विभाग में मची है अंधेरगर्दी

(महेश रावलानी)

सिवनी (साई)। जिले में स्वास्थ्य व्यवस्थाएं पूरी तरह चरमरा गई हैं। स्वास्थ्य विभाग में इन दिनों कर्मचारी अधिकारी बुरी तरह बेलगाम हो गए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कार्यालय मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी के निर्वाचन कक्ष लिपिक द्वारा अधिकारी को अंधेरे में रखते हुए निर्दाेष कर्मचारियों के खिलाफ मनगढंत एवं झूठे आरोप लगाया जाकर कर्मचारियों को मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा है, तथा निर्वाचन संबंधी नियमों को ढाल बनाकर बिना वजह कार्यवाही किये जाने हेतु डराया धमकाया जा रहा है।
शासन द्वारा निर्वाचन पूर्व व्यवस्था बनाये जाने के उद्देश्य से कर्मचारियों की सेवा संबंधी जानकारी जिला स्तर पर विभागवार संकलित की जा रही है। इसी संदर्भ में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी सिवनी के कार्यालय द्वारा जिला क्षय केंद्र सिवनी में कार्यरत कर्मचारियों की जानकारी  चाही गई थी तथा संबंधित सभी कर्मचारियों की जानकारी चाही गई थी तथा संबंधित कर्मचारियों के द्वारा भी निर्धारित समय सीमा के पूर्व ही चाही गई जानकारी शाखा प्रमुख को प्रस्तुत किये जाने के प्रलस्वरूप उक्त जानकारी भी विभागीय प्रक्रिया के अनुरूप कार्यालय सीएमएचओ को भेजी जाकर पावती प्राप्त कर ली गई है।

इस संबंध में मप्र स्वास्थ्य कर्मचारी संघ के अध्यक्ष टीकाराम बघेल, सचिव संजय दुबे, प्रांतीय संगठन सचिव प्रदुम्र चतुर्वेदी के द्वारा आशा व्यक्त की जाकर ऐसे कर्मचारी के विरूद्ध कड़ी से कड़ी कार्यवाही किये जाने की मांग की गई है। वहीं कार्यालय निर्वाचन अधिकारी सिवनी से भी अपेक्षा की गई है कि निर्वाचन जैसे महत्वपूर्ण कार्याे का दुरूपयोग कर स्वार्थ सिद्धि करने वाले कर्मचारी/ अधिकारी के प्रति तत्काल कठोर कार्यवाही की मांग की है। 

सिवनी आ सकते हैं अनिल माधव दुबे

सिवनी आ सकते हैं अनिल माधव दुबे

(राजेश शर्मा)

भोपाल (साई)। विधानसभा चुनावों में सिवनी जिले के चारों विधानसभा चुनावों में कार्यकर्ताओं और नेताओं के साथ रायशुमारी के लिए राज्य सभा सदस्य अनिल माधव दुबे सितम्बर के पहले सप्ताह में सिवनी आ सकते हैं। सिवनी भाजपा में मची सर फुटव्वल के लिए हाईकमान ने अनिल माधव दुबे को मामला निपटाने के लिए पाबंद किया है।
भारतीय जनता पार्टी के उच्च पदस्थ सूत्रों ने समाचार एजेेंसी ऑफ इंडिया को बताया कि सिवनी में दो बार नाराज कार्यकर्ताओं द्वारा की गई जबर्दस्त नारेबाजी की गूंज भोपाल और दिल्ली तक सुनाई दी है। सोशल मीडिया सहित कुछ न्यूज वेब साईट्स पर इन खबरों के चलन से शीर्ष नेतृत्व के कान खड़े हो गए हैं। सूत्रों का कहना है कि आज भी रायशुमारी के दौरान कुछ नेताओं के खिलाफ लगे नारों ने शीर्ष नेताओं की नींद में खलल डाला है।

सूत्रों की मानें तो भाजपा के वरिष्ठ नेता और राज्य सभा सदस्य अनिल माधव दुबे सितम्बर के पहले सप्ताह संभवतः अगले सप्ताहांत तक सिवनी पहुंचकर कार्यकर्ताओं से रूबरू हो सकते हैं। सूत्रों के अनुसार अनिल माधव दुबे को सिवनी में कार्यकर्ताओं के प्याले में उठे तूफान को थामने की जवाबदेही सौंपी गई है।

रायशुमारी: भाजपा में प्रजातंत्र का अभाव झालका!

रायशुमारी: भाजपा में प्रजातंत्र का अभाव झालका!

बदनामी के डर से मीडिया को रखा रायशुमारी से दूर!, नरेश नीता हटाओ के लगे नारे

(पीयूष भार्गव)

सिवनी (साई)। विधानसभा चुनावों में टिकिट वितरण पूर्व भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं की औपचारिक रायशुमारी आज संपन्न हो गई। इस रायशुमारी में मीडिया को दूर ही रखा गया। रायशुमारी स्थल पर नरेश नीता हटाओ भाजपा बचाओ के गगन भेदी नारे लगाए जाते रहे।
आज अपरान्ह भाजपा के पर्यवेक्षक डॉ.तेजबहादुर एवं दिलीप परिहार कार्यकर्ताओं से रूबरू हुए। जबलपुर रोड़ स्थित सांझी साई लॉन में सुबह से ही कार्यकर्ताओं का जमावड़ा जमकर हो रहा था। दोपहर होते होते नेशनल हाईवे पर वाहनों की कतारें देखते ही बन रही थी। इन वाहनों में अधिकांश विलासिता पसंद लोगों के वाहन ही नजर आ रहे थे।

बनाए गए पांच लिफाफे
आज हुई रायशुमारी में सिवनी, बरघाट, केवलारी और लखनादौन विधानसभाओं के लिए अलग अलग रायशुमारी की गई। इस रायशुमारी में पार्टी के वर्तमान और पूर्व कार्यकर्ताओं के अलावा मीसाबंदियों से भी तीन तीन नाम मांगे गए थे। इन सभी की राय को लिफाफे में बंद कर दिया गया है। इसके साथ ही साथ एक अन्य लिफाफा आम कार्यकर्ताओं की मंशा का भी बनाया गया जिसमें कार्यकर्ताओं ने अपनी पसंद के प्रत्याशी का नाम सुझाया। मीसाबंदियों को लाने ले जाने के लिए सरकारी लाल बत्ती के वाहन का उपयोग चर्चा का केंद्र बना रहा। मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार पर्यवेक्षक द्वय एवं उनके साथ आए पार्षद भी महाकौशल विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष नरेश दिवाकर के वाहन में बैठकर रायशुमारी स्थल तक पहुंचे।

देशमुख को बोलने से रोका!
जब पर्यवेक्षक कार्यकर्ताओं को संबोधित कर चुके तब भाजपा के राधेश्याम देशमुख ने माईक संभाला और पार्टी की वर्तमान हालत पर प्रकाश डालना आरंभ ही किया था कि पर्यवेक्षक ने उन्हें बोलने से रोक दिया। पर्यवेक्षक का कहना था कि जिसे जो कहना है वह लिखकर दे दे, उनकी बात उपर तक पहुंचाई जाएगी।

दिखा प्रजातंत्र का अभाव!
आज संपन्न हुई रायशुमारी में एक बात उभरकर सामने आई कि भारतीय जनता पार्टी के अंदर प्रजातंत्र में आस्था कम होती जा रही है। रायशुमारी में आमंत्रितों को तीन तीन नाम लिखकर देने थे। यह मामला पार्टी स्तर का और गोपनीय था। इस काम के आरंभ होते ही मीडिया को वहां से बाहर का रास्ता दिखा दिया गया। मीडिया के लोग मुख्य द्वार के बाहर सड़क के आहते में ही खड़े देखे गए। उपस्थित मीडिया में कुछ इस तरह की सुगबुगाहट भी देखी गई कि लोकसभा, विधानसभा चुनावों में जहां मतदान के वक्त सबसे ज्यादा गोपनीयता बरती जाती है वहां मतदान कक्ष में भी मीडिया के प्रवेश पर पाबंदी नहीं होती है।

पर्यवेक्षक ने दिया आदेश
वहीं समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया ने जब इस बात पर भाजपा के जिलाध्यक्ष नरेश दिवाकर से अपनी आपत्ति दर्ज करवाई गई तो महाकौशल विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष नरेश दिवाकर ने कहा कि पर्यवेक्षक की मंशा के अनुरूप मीडिया को रायशुमारी स्थल से बाहर किया गया है।

नरेबाजी संस्कृति का उदय

भारतीय जनता पार्टी को काडर बेस्ड अनुशासित पार्टी माना जाता है, किन्तु पिछले कुछ सालों से भाजपा में भी अनुशासनहीनता चरम पर दिखाई दे रही है। ज्ञातव्य है कि वर्ष 2008 के चुनावों में तत्कालीन विधायक नरेश दिवाकर की टिकिट काटकर तत्कालीन सांसद श्रीमति नीता पटेरिया को दिए जाने पर नरेश दिवाकर समर्थकों ने बाहर से आए बड़े नेताओं को सर पर उठा लिया था। उस वक्त की गई नारेबाजी और अनुशासनहीनता, पोस्टर आदि फाड़े जाने, बी फार्म पर प्रश्न चिन्ह लगाने आदि जैसी कार्यवाहियों से भाजपा के अंदर एक नई परंपरा का आगाज हुआ। उस वक्त भले ही यह सब अनुकूल लग रहा हो, किन्तु कालांतर में अब नीता नरेश हटाओ पार्टी बचाओ के नारे उसी अनुशासनहीनता की परिणति ही माना जा रहा है। सिवनी में भाजपा संगठन को देखकर शीर्ष नेतृत्व यह बात कतई नहीं कह सकता है कि सिवनी में चाल चरित्र और चेहरे आधारित राजनीति करने वाली भाजपा का संगठन अस्तित्व में है।

नही हो पा रहा बाहरी लोगों का चरित्र सत्यापन!

नही हो पा रहा बाहरी लोगों का चरित्र सत्यापन!

(शरद खरे)

जिलाधिकारी भरत यादव और जिला पुलिस अधीक्षक लगातार इस बात को दुहरा रहे हैं कि बाहर से आकर रहने वालों और बाहरी काम करने वाले लोगों का चरित्र सत्यापन प्राथमिकता के आधार पर किया जाए। यह बात उस समय से जोर शोर से उठ रही है जबसे घंसौर की गुड़िया के साथ दुष्कर्म के उपरांत उसकी मौत का मामला सामने आया था। विभागीय, समयसीमा, एवं अन्य बैठकों में दोनों ही वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा बाहर के लोगों के चरित्र सत्यापन की बात पुरजोर तरीके से की जा रही है। इसमें ठेकेदारों के पास काम करने वालों के साथ ही साथ किराए से मकान लेकर रहने वालों के चरित्र सत्यापन की बात सामने आ रही है।
विडम्बना ही कही जाएगी कि जिला मुख्यालय में ही अब तक किराएदारी, मुसाफिरी आदि जैसी बातों के लिए ना तो पुलिस ने कोई फार्मेट ही तय किया है और ना ही इसके बारे में वह संजीदा ही नजर आ रही है। माना कि पुलिस के पास कानून और व्यवस्था के साथ ही साथ व्हीव्हीआईपी मूवमेंट का जबर्दस्त दबाव है।
पिछले दिनों जिला सतर्कता एवं मानीटरिंग समिति की बैठक में लखनादौन विधायक श्रीमति शशि ठाकुर के प्रतिनिधि प्रदीप पटेल ने जिले में चल रहे निर्माण कार्यों, मेसर्स झाबुआ पावर लिमिटेड में कार्यरत कर्मचारियों, शराब व्यवसाईयों के पास कार्यरत कर्मियों के साथ ही साथ सड़कों के किनारे बैठकर पंचर सुधारने वाले कर्मियों के चरित्र सत्यापन की मांग की गई। प्रदीप पटेल की इस मांग का स्वागत किया जाना चाहिए। इस बैठक में अन्य सदस्य तेई सिंह उईके एवं बिसन सिंह परतेती ने भी अपनी बात रखते हुए कहा कि केवलारी, घंसौर, धनोरा, लखनादौन, छपारा आदि क्षेत्रों में शराब वाहनों में रखकर बेची जा रही है।
देखा जाए तो इन प्रतिनिधियों की बात में दम नजर आता है। वस्तुतः शराब को ठेके पर से ही बेचा जाना चाहिए, पर ठेकेदार के आदमी गांव गांव फेरीवालों की तरह शराब बेच रहे हैं। यह शराब वाणिज्यिक कर अदा की हुई है या अवैध, कोई नहीं जानता है। पिछले दिनों लखनादौन क्षेत्र में गोवा एवं दमन से आई, कर मुक्त शराब बिकने की खबरें भी आई थीं। इस तरह कर मुक्त शराब बेचकर ठेकेदार शासन को सीधे सीधे चपत तो लगा ही रहे हैं, इसके अलावा ठेकेदारों द्वारा आबकारी महकमा जिसका काम अवैध शराब पकड़ना है के साथ सांठगांठ करने के दो नंबर की अवैध, नकली शराब को भी बेचा जा रहा है जिससे लोगों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। जिला कलेक्टर के ‘कड़े निर्देशों‘ के बाद भी अवैध शराब बिक ही रही है।
इस कार्य में स्थानीय लोगों की संलिप्तता कम ही है। इसमें ज्यादा से ज्यादा तादाद में बाहर से आए गुंडानुमा तत्व ही सक्रिय नजर आ रहे हैं। सिवनी शहर में ही मिशन स्कूल के पीछे एक गली में देशी शराब खुले आम बिकती नजर आती है। शराब के आदियों की मानें तो ‘पेकर्स‘ के जरिए यह शराब ठेके से कम कीमत पर यहां बेची जाती है। पिछले दिनों जिले भर में अबोध बच्चों के साथ दुराचार की खबरें तेजी से बढ़ी हैं। घंसौर में जिस फिरोज द्वारा गुड़िया के साथ दुराचार किया था वह मेसर्स झाबुआ पावर लिमिटेड का वेल्डर था और बिहार का रहने वाला था। इस संबंध में घंसौर पुलिस ने ही कहा था कि फिरोज का पुलिस वेरीफिकेशन नहीं हुआ था। इन परिस्थितियों में पुलिस ने मेसर्स झाबुआ पावर लिमिटेड के खिलाफ कोई कदम शायद ही उठाया हो। उसके बाद झाबुआ पावर के एक अन्य कर्मचारी ने भी एक बालिका के सामने अश्लील हरकतें कीं।
जिले भर में प्रदेश और केंद्र सरकार पोषित निर्माण कार्यों की बड़ी तादाद है। इन कार्यों को करने के लिए देश भर से मजदूर और अन्य विशेषज्ञों ने सिवनी में डेरा डाला हुआ है। किसके मन में क्या है यह जानना बहुत मुश्किल है। कोई भी कहीं भी वारदात करके भाग सकता है। इसीलिए पहले के समय में बाहर से आने वाले की मुसाफिरी दर्ज करवाई जाती थी। सिवनी जिला अतिसंवेदनशील जिलों की फेहरिस्त में है। सिवनी में पिछले दिनों बड़ी मात्रा में बम गोले और असलहा बरामद हुआ था। इस लिहाज से सिवनी के लॉज होटलों की सतत निगरानी भी आवश्यक है। आज यह काम होता है पर महज रस्म अदायगी के लिए।
सिवनी में दुपहिया और चौपहिया वाहनों की तादाद तेजी से बढ़ी है इस बात से इंकार नहीं किया जा सकता है। इसी के मद्देनजर जिले भर में सड़कों के किनारे टायर के पंचर बनाने वालों की भी तादाद बढ़ी है। ये कहां से आए हैं?, इनका मूल नाम पता क्या है? अगर ये कोई वारदात करके फरार होते हैं तो इन्हें कहां ढूंढा जाएगा? यह तो राहत की ही बात मानी जा सकती है कि कम से कम सालों बाद, जिले के दो प्रमुख अधिकारी किराएदारी, बाहर से आए लोगों के चरित्र सत्यापन और मुसाफिरी के मामले में संजीदा दिख रहे हैं। सिवनी में कौन आता है कौन चला जाता है यह बात किसी को पता नहीं होती है। भागमभाग में आज लोग भी अपने आस पड़ोस में कौन आया कौन गया से ज्यादा मतलब नहीं रख रहे हैं।
इन परिस्थितियों में सिवनी अपराधियों के लिए शरण स्थली बन जाए तो किसी को आश्चर्य नहीं होना चाहिए। पहले भी दक्षिण भारत से आए एक अपराधी ने अभिषेक कालोनी में निवास किया और अपना राशन कार्ड तक बनवा लिया था। इसके बाद बुधवारी में दरोगा मोहल्ला में बारूद फटने से एक व्यक्ति के चीथड़े उड़े, और एकता कालोनी में एक संदिग्ध आरोपी को पुलिस ने धर दबोचा था।

जिले के मुखिया संवदेनशील कलेक्टर भरत यादव एवं युवा एवं उर्जवान जिला पुलिस अधीक्षक मिथलेश शुक्ला के द्वारा अनेकानेक बार ‘कड़े और स्पष्ट निर्देश दिए किन्तु उनके मातहतों ने इन निर्देशों को हवा में ही उड़ा दिया है। अब जिले के निवासी जिले के शीर्ष अधिकारियों से ‘स्पष्ट और कड़े‘ निर्देशों के बजाए उनके कड़े कदमों की अपेक्षा रख रहे हैं। जिले के मुखिया अधिकारियों से अपेक्षा है कि वे चरित्र सत्यापन के मामले में अधीनस्थों को टाईम फ्रेम में बांधकर काम करने के लिए ताकीद करें, ताकि जिले का अमन चैन कायम रह सके।

सोमवार, 26 अगस्त 2013

सेल टेक्स का काम कर रही पुलिस!

सेल टेक्स का काम कर रही पुलिस!

आखिर खवासा से कैसे पार हुआ अवैध माल से भरा ट्रक!

(महेश रावलानी)

सिवनी (साई)। खवासा बार्डर के जाम से हलाकान हैं लोग, खवासा में जांच के नाम पर अवैध वसूली की शिकायतें जमकर मिल रही हैं, बावजूद इसके प्रशासन ने अब तक कोई कदम नहीं उठाया है। खवासा में सेलटेक्स की जांच चौकी है। इस जांच चौकी में जांच की रस्म अदायगी किस तरह हो रही है इसकी एक बानगी था गत दिवस पुलिस द्वारा पकड़ा गया ट्रक।
बताया जाता है कि महाराष्ट्र की संस्कारधानी नागपुर से उत्तर प्रदेश जाने वाले एक ओव्हरलोडेड ट्रक को सिवनी की यातायात पुलिस ने पकड़ा। इस ट्रक के दस्तावेज देखने पर पुलिस को गफलत समझ में आई। पुलिस ने सेलटेक्स विभाग में पदस्थ सरोज श्रीवास्तव और सेल टेक्स निरीक्षक श्री सूर्यवंशी को मौके पर बुलाया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सेल टेक्स विभाग के कर्मचारियों को उस वाहन में लदा माल और बिल्टी बाउचर देखने पर माल अवैध लगा। तहकीकात करने के उपरांत वाहन नंबर एमएच 36 एफ 1982 पर सेल टेक्स विभाग ने छः लाख 34 हजार रूपए का जुर्माना मढ़ दिया।
गौरतलब है कि जो ट्रक पकड़ाया था उसमें जीरा, होजरी के सामान, पंखे, प्लास्टिक का सामान और साबुतदाना सहित अन्य सामग्री भरी थी। जिस व्यापारी के नाम से उक्त सामान ले जाया जाना बताया जा रहा था, उसकी पहचान नहीं हो पा रही थी। यातायात पुलिस सिवनी की पहल पर सेल टेक्स विभाग द्वारा किए गए जुर्माने की कार्यवाही से स्पष्ट हो गया है कि यह वाहन खवासा जांच चौकी से रिश्वत देकर ही आगे बढ़ा था।

जांच का विषय तो यह है कि क्या अब सेल टेक्स विभाग द्वारा खवासा की विक्रय कर जांच चौकी द्वारा छोड़े गए इस वाहन पर जुर्माना करने के बाद विभाग या जिला प्रशासन द्वारा जांच चौकी प्रभारी एवं अन्य स्टाफ के खिलाफ कारण बताओ नोटिस जारी कर अनुशासनात्मक कार्यवाही की जाती है अथवा उन्हें मुनाफे में ही छोड़ दिया जाता है!

भाजपा विधायकों की टिकिट पर संकट के बादल!

भाजपा विधायकों की टिकिट पर संकट के बादल!

(नन्द किशोर)

भोपाल (साई)। भारतीय जनता पार्टी और शिवराज सिंह चौहान अपनी हैट्रिक बनाने के चक्कर में अब नए नए फार्मूलों पर विचार कर रहे हैं। भाजपा के सूत्रों का कहना है कि इस बार सत्तारूढ़ विधायकों में उन पर गाज गिरने की संभावना ज्यादा बताई जा रही है जिनकी जीत का अंतर पंद्रह हजार से कम रहा है।
भारतीय जनता पार्टी के उच्च पदस्थ सूत्रों ने समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया को बताया कि जिन विधायकों ने 15 हजार से कम जीत का अंतर दर्ज किया है, एवं विधानसभा क्षेत्र में जिनका परफार्मेंस पुअर रहा है उनकी टिकिट काटी जा सकती है। सूत्रों की मानें तो इस बार विधानसभा में अपने अपने क्षेत्र के प्रति विधायक प्रश्न पूछने में कितने ज्यादा जागरूक रहे हैं इसे भी क्राईटेरिया बनाया जा सकता है।
सूत्रों ने साई न्यूज को आगे बताया कि विधायकों द्वारा विधानसभा में अपने विधानसभा क्ष़्ोत्र के प्रति पूरी तरह उदासीन रहने के कारण विधायकों के प्रति क्षेत्र में जमकर नाराजगी देखी जा रही है। यही कारण है कि जिन क्षेत्रों में सत्तारूढ़ विधायकों के खिलाफ माहौल खदबदा रहा है उन क्षेत्रों में नए चेहरों को प्रथमिकता दी जा सकती है।
सिवनी जिले की लखनादौन विधानसभा से शशि ठाकुर को वर्ष 2003 के चुनाव में 36313 मत मिले थे, जबकि उनके प्रतिद्वंदी राजेश्वरी उइके को 34617 मत मिले थे और श्रीमती शशि ठाकुर गोंगपा से महज 1696 वोटों से ही जीती थीं। वर्ष 2008 के चुनाव में श्रीमती शशि ठाकुर को 46209 मत मिले, जबकि उनके प्रतिद्वंदी बेनी परते को 41211 मत मिले, इस हिसाब से 4998 मत से ही जीती।
ऐसी ही स्थिति सिवनी विधानसभा क्षेत्र की है, जहां वर्ष 2003 में भाजपा के नरेश दिवाकर को 53312 मत मिले थे, जबकि कांग्रेस के प्रत्याशी रहे राजकुमार खुराना को 37958 मत मिले थे, जिसमें नरेश दिवाकर राजकुमार खुराना से 15 हजार 354 वोटों से जीते थे। 2008 में भाजपा ने नरेश दिवाकर की टिकिट काटकर श्रीमती नीता पटेरिया को दे दिया, जिसमें श्रीमती पटेरिया को 41928 मत मिले, जबकि उनके प्रतिद्वंदी निर्दलीय चुनाव लड़े दिनेश राय मुनमुन को 29444 मत मिले। इस चुनाव में श्रीमती नीता पटेरिया  को 12 हजार 484 मतों से ही विजयी मिली।
भाजपा के बरघाट विधायक कमल मर्सकोले को 2008 में 61753 मत मिले थे, जबकि उनके प्रतिद्वंदी कांग्रेस के तीरथसिंह बट्टी को 45943 मत मिले थे, जिसमें कमल को 15810 वोटों से जीत मिली थी।

भाजपा ने अगर टिकिट देने में यह फार्मूला अपनाया तो श्रीमती नीता पटेरिया और शशि ठाकुर की टिकिट पर संकट के बादल मण्डरा सकते हैं। वहीं, विधानसभा में क्षेत्र के बारे में प्रश्न पूछने में तीनों ही विधायक पूरी तरह फिसड्डी ही साबित हुए हैं। हो सकता है टिकिट देने के क्राईटेरिए पर एकाध सप्ताह में गाईड लाईन तय हो जाए।

राख से पूरी तरह पट जाएगा घंसौर

आदिवासियों को छलने में लगे गौतम थापर . . . 6

राख से पूरी तरह पट जाएगा घंसौर

(ब्यूरो कार्यालय)

घंसौर (साई)। मध्य प्रदेश की संस्कारधानी जबलपुर से महज सौ किलोमीटर दूर सिवनी जिले के आदिवासी बाहुल्य घंसौर तहसील में देश के उद्योगपति गौतम थापर के स्वामित्व वाले अवंथा समूह के सहयोगी प्रतिष्ठान झाबुआ पावर द्वारा प्रस्तावित बारह सौ साठ मेगावाट कोल आधारित पावर प्लांट की संस्थापना के पहले कंपनी को पर्यावरण की दृष्टि से वृक्षारोपण प्रस्तावित है। कंपनी इस मामले में पूरी तरह मौन है कि वह पर्यावरण को देखते हुए कितने, किस प्रजाति के, कहां पर पौधे लगाएगी।
केंद्रीय पर्यावरण मंत्रालय के भरोसेमंद सूत्रों ने कहा कि प्रस्तावित संयंत्र द्वारा प्रतिदिन 853 टन राख उत्सर्जित की जाएगी, जिसे बायलर के पास से ही एकत्र किया जा सकेगा। समस्या लगभग 1000 फिट उंची चिमनी से उड़ने वाली राख (फ्लाई एश) की है। इससे रोजाना 3416 टन राख उड़कर आसपास के इलाकों में फैल जाएगी। 1000 फिट की उंचाई से उड़ने वाली राख कितने डाईमीटर में फैलेगी इस बात का अन्दाजा लगाने मात्र से सिहरन हो उठती है। सूत्रों का कहना है कि कंपनी ने अपने प्रतिवेदन में हवा का रूख जिस ओर दर्शाया है, संयंत्र के उस ओर बरगी बांध है।
जानकारों का कहना है कि 3416 टन राख प्रतिदिन उड़ेगी जो साल भर में 12 लाख 46 हजार 840 टन हो जाएगी। अब इतनी मात्रा में अगर राख बरगी बांध के जल भराव क्षेत्र में जाएगी तो चन्द सालों में ही बरगी बांध का जल भराव क्षेत्र मुटठी भर ही बचेगा। यह उड़ने वाली राख आसपास के खेत और जलाशयों पर क्या कहर बरपाएगी इसका अन्दाजा लगाना बहुत ही दुष्कर है। इस बारे में पावर प्लांट की निर्माता कंपनी ने मौन साध रखा है।
इतना ही नहीं प्रतिदिन बायलर के पास एकत्र होने वाली 853 टन राख जो प्रतिमाह में बढकर 26 हजार 443 और साल भर में 3 लाख 11 हजार टन हो जाएगी उसे कंपनी कहां रखेगी, या उसका परिवहन करेगी तो किस साधन से, इस बारे में भी झाबुआ पावर लिमिटेड ने चुप्पी ही साध रखी है। अगर राख को संयंत्र के आसपास ही डम्प कर रखा जाएगा तो वहां के खेतों की उर्वरक क्षमता प्रभावित हुए बिना नहीं रहेगी और अगर परिवहन किया जाता है तो घंसौर क्षेत्र की सड़कों के धुर्रे उड़ना स्वाभाविक ही है।

इन परिस्थितियों में पर्यावरण के नुकसान को आंकने का काम मध्य प्रदेश के प्रदूषण नियंत्रण मण्डल का था। बताया जाता है कि बिना प्रस्तावित वृक्षारोपण के ही, कागजों पर वृक्ष लगाकर कंपनी ने पाल्यूशन कंट्रोल बोर्ड को साधकर उससे अनापत्ति प्रमाण पत्र प्राप्त कर लिया है।

डेंगू का निर्दयी डंक और निष्ठुर प्रशासन

डेंगू का निर्दयी डंक और निष्ठुर प्रशासन

(शरद खरे)

सिवनी जिले में डेंगू की दस्तक वाकई दुखदायी है। डेंगू का कहर सिवनी के निवासियों ने मीडिया के माध्यम से ही देखा और सुना होगा। डेंगू का डंक वाकई बेहद खतरनाक होता है। मलेरिया से तो जिलावासी रूबरू हो चुके हैं पर अब डेंगू का डंक उनकी परेशानी का सबब बन चुका है। स्वास्थ्य प्रशासन भले ही इस मामले में शुतुरमुर्ग के मानिंद रेत में सर गड़ाकर अपने आप को पाक साफ बताने का प्रयास कर रहा हो पर जमीनी हकीकत है हाल ही में हुई डेंगू से एक मौत!
सिवनी में मलेरिया और डेंगू के मरीज मिलने से हड़कंप मचा हुआ है। ये दोनों ही मच्छर जनित रोग हैं। इसके साथ ही साथ मच्छर जनित चिकन गुनिया भी बेहद ही पीड़ा दायक रोग है। न ही नगर पालिका को न ही स्थानीय निकाय की अन्य शाखाओं को और न ही स्वास्थ्य विभाग ने इसकी रोकथाम के लिए कोई उपाय किए हैं। यही कारण है कि जिले में स्थिति भयावह हो चुकी है। जिला मुख्यालय सिवनी में जहां देखो वहां पानी के डबरे, पोखर भरे पड़े हैं। लोगों के घरों में भी पानी रूका हुआ है। कहा जाता है कि ठहरा हुआ पानी जानलेवा मलेरिया के लिए जिम्मेदार मच्छरों के लिए उपजाऊ माहौल तैयार करता है। जिला चिकित्सालय में पानी के डबरे निश्चित तौर पर इनके लिए संजीवनी का काम ही कर रहे हैं।
कम ही लोग जानते होंगे कि भारत की आजादी वाले साल यानी 1947 में मलेरिया जैसी घातक जानलेवा बीमारी ने देश में दस लाख से ज्यादा लोगों की इहलीला समाप्त कर दी थी। तब से 2006 तक लगभग आठ लाख 12 हजार लोग इसकी चपेट में आकर जान गंवा चुके हैं। चाहे महानगर हो या छोटा सा कस्बा, लोग आज भी इसके आगोश में हैं।
दरअसल मादा एनाफिलीस़ मच्छर जब इंसान को काटती है, तब वह एक विशेष तरह का वायरस मनुष्य के अंदर प्रविष्ट करा देती है। यही वायरस मलेरिया को जन्म देता है। इस मादा मच्छर के पास इंसानी त्वचा को भेदने के लिए एक विशेष तरह का हथियार होता है। शोध बताता है कि इसके पास पतले डंक के अंत में सुईनुमा जुड़वा अस्त्र होता है।
यह मादा, इंसान के शरीर में इसे प्रविष्ट कराकर रक्त वाहनियों की तलाश करती है। नहीं मिलने पर यह क्रम जारी रखती है। नस मिलने पर यह मादा इंसान का कुछ रक्त चूस लेती है, और फिर डंक को बाहर निकालने के पहले इसमें एक विशेष तरह का एंजाईम उसमें छोड़ देती है। शोधकर्ताओं की मानें तो यह मादा मच्छर दो दिन में ही 30 से 150 तक अंडे देती है। इन अंडों को सेने के लिए उसे मानव रक्त की आवश्यक्ता होती है।
मलेरिया का स्वरूप विश्व भर में इतना विकराल हो गया है कि इसे दुनिया की तीसरे नंबर की सबसे बड़ी महामारी का दर्जा मिल गया है। कहा जाता है कि एड्स से 15 सालों में जितनी जानें जाती हैं, उतनी जान मलेरिया रोग के कारण महज एक साल में ही चली जाती हैं। मलेरिया का सबसे अधिक प्रकोप पांच साल से कम के बच्चों पर होता है। औसतन हर साल दुनिया भर में 25 लाख से अधिक लोग इस भयानक बीमारी से अपने प्राण गंवा देते हैं।
विश्व हेल्थ आर्गनाईजेशन (डब्लूएचओ) का प्रतिवेदन साफ तौर पर बताता है कि मलेरिया के मरीजों की वृद्धि की दर हर साल 16 फीसदी आंकी गई है। यह तथ्य निश्चित रूप से चिंता का विषय कहा जा सकता है। मलेरिया कितनी गंभीर बीमारी है यह इस बात से ही साफ हो जाता है कि हर साल विश्व भर में 2 अरब डालर से ज्यादा इस पर खर्च कर दिया जाता है। इतना ही नहीं मलेरिया को लेकर होने वाले शोधों पर हर साल 580 लाख डालर खर्च किया जाता है।
भारत सरकार इस रोग को लेकर कितनी संजीदा है, यह इस बात से साफ हो जाता है कि देश के स्वास्थ्य बजट का 25 फीसदी हिस्सा मलेरिया की रोकथाम के लिए सुरक्षित रखा जाता है। भारत सरकार के स्वास्थ्य महकमे द्वारा नब्बे के दशक के उत्तरार्ध तक राष्ट्रीय मलेरिया नियंत्रण कार्यक्रम को पृथक से चलाया जाता था। इसके तहत देश के हर जिले मंे मलेरिया नियंत्रण की एक पृथक यूनिट हुआ करती थी।
शनैःशनैः मलेरिया की इकाईयों में कार्यरत सरकारी कर्मियों को शिक्षकों की तरह ही जनसंख्या, पल्स पोलियो आदि के काम में बेगार के तौर पर उपयोग किया जाने लगा। इसके चलते देश भर में एक बार फिर मलेरिया बुरी तरह पैर पसारने लगा है। सरकार द्वारा चलाए जा रहे समग्र स्वच्छता अभियान में भी भ्रष्टाचार का दीमक पूरी तरह लग चुका है। मलेरिया फैलने की मुख्य वजह अज्ञानता मानी जा सकती है। अज्ञानता के चलते साफ सफाई न रख पाने तथा छोटे छोटे पानी के स्त्रोतों के कारण मच्छरों को प्रजनन का उपजाऊ माहौल मिल जाता है।

सिवनी में डेंगू के मरीजों की पुष्टि स्वास्थ्य विभाग द्वारा आधिकारिक तौर पर की जा चुकी है। अब तो डेंगू से दो मरीज की मौत की खबर भी आ गई है। छपारा विकासखण्ड के ग्राम केकड़ा में डेंगू से भाई बहन की मौत से मातम पसरा है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.वाय.एस.ठाकुर एवं जिला मलेरिया अधिकारी डॉ.एच.पी.पटेरिया को शायद इस खबर से अंतर न पड़े, पर आने वाला समय भयावह है जिससे इंकार नहीं किया जा सकता है। स्वास्थ्य विभाग के निष्ठुर प्रशासन द्वारा गांव गांव में दवाओं के छिड़काव की बात कही जा रही है। वास्तव में दवाओं का छिड़काव कागजों तक ही सीमित है। अगर ऐसा नहीं होता तो लोगों के बीमार पड़ने या मरने की खबरें नहीं आतीं। अब लोग संवेदनशील जिला कलेक्टर भरत यादव के ‘कड़े निर्देशों‘ के स्थान पर ‘ठोस कदम‘ की ही प्रतीक्षा कर रहे हैं।