मंगलवार, 3 सितंबर 2013

चुनाव पूर्व ही हिलने लगीं भाजपा संगठन की चूलें!

चुनाव पूर्व ही हिलने लगीं भाजपा संगठन की चूलें!

रजनीश के संरक्षण से डकर रहे हैं छपारा कलॉ के सचिव और शिक्षक पटेल, लखनादौन नगर परिषद् के मामले में मौन है संगठन!

(संजीव प्रताप सिंह)

सिवनी (साई)। लगभग दो दशकों से सिवनी में एक छत्र राज्य करने वाली भाजपा के लिए आने वाले चुनाव काफी हद तक सरदर्दी वाले साबित हो सकते हैं। भाजपा के चुने हुए जनसेवकों ने जिस तरह से कार्यकर्ताओं और रियाया की उपेक्षा की है वे बातें अब खुलकर सामने आने लगी हैं। कल तक भाजपा पर यह आरोप लगता रहा है कि वह कांग्रेस के क्षत्रप रहे हरवंश सिंह ठाकुर के इशारों पर चलती आई है, वह दाग अभी तक धुल नहीं सका है। भाजपा की ओर से सिवनी में एक भी मंत्री नहीं है, तीन विधायक और एक सांसद हैं जो इस दिशा में मौन साधे बैठे हैं ऐसी स्थिति में लोगों की संगठन से ही आस बनी हुई है।
सिवनी जिले में भाजपा संगठन की ओर से अनुशासनहीनता करने वालों के साथ भी लचीला रवैया अपनाया जाता रहा है। इसके साथ ही साथ पिछले चार पांच सालों में अनेक प्रसंग ऐसे भी आए हैं जब भाजपा ने कांग्रेस को घेरने के बजाए देश के प्रधानमंत्री डॉ.मनमोहन सिंह पर तोहमत लगाई है। भाजपा के नेता और प्रवक्ता यह भूल जाते हैं कि कांग्रेस को कोसने के लिए प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर पर पदाधिकारी और प्रवक्ता मौजूद हैं। सिवनी जिला इकाई का काम जिला स्तर तक ही सीमित रहना चाहिए।

नगर पालिका के मामले में शांत है भाजपा
जिला मुख्यालय में नगर पालिका परिषद् पर भाजपा का कब्जा है। सिवनी के लोगों को पीने तक को साफ पेयजल मुहैया नहीं है। लोग डायरिया, हैजा, मलेरिया, आंत्रशोध, डेंगू आदि की जद में हैं। अस्पताल और निजी चिकित्सकों की ओपीडी पूरी तरह ओव्हर लोडेड नजर आ रही है। शहर में सुअरों का बोलबाला है। यहां तक कि भारतीय जनता पार्टी के कार्यालय के इर्द गिर्द ही आवारा मवेशी, सुअर और कुत्तों का डेरा बना रहता है। बावजूद इसके भाजपा संगठन अपने ही दल की सत्ता को शहर के लोगों को साफ पानी पिलाने पाबंद नहीं कर पा रहा है।

छपारा कलॉ के सचिव पर नहीं करवा पा रही कार्यवाही
वहीं, दूसरी ओर छपारा कलॉ के सचिव लक्ष्मण सिंह राजपूत के खिलाफ समूची ग्राम पंचायत ने आवेदन देकर उसे हटाने की मांग की है। बताया जाता है कि लक्ष्मण सिंह राजपूत को बर्रा दरबार का सियासी संरक्षण प्राप्त है। यह बात भाजपा के छपारा संगठन से शायद ही छिपी हुई हो। बर्रा दरबार का सीधा संबंध कांग्रेस से है। छपारा जनपद के सीईओ शफी अहमद कुरैशी इसके पहले छिंदवाड़ा में पदस्थ रह चुके हैं। जब उनकी तैनाती छिंदवाड़ा में थी उस समय छिंदवाड़ा के प्रभारी मंत्री हरवंश सिंह हुआ करते थे। उस दौरान भाजपा के नेताओं की शिकायत के बाद भी शफी अहमद कुरैशी का बाल भी बांका नहंी हुआ था। संभवतः अपने पुराने एहसानों का बदला चुकाने की जुगत में वे छपारा कलॉ के सचिव के खिलाफ कोई कार्यवाही करने से हिचक रहे हैं। इस संबंध में भी भाजपा संगठन का मौन आश्चर्यजनक है क्योंकि संगठन द्वारा परोक्ष तौर पर सचिव के खिलाफ कार्यवाही न करवाकर कांग्रेस को ही लाभ पहुंचाया जा रहा है।

जिले में बिक रही अवैध शराब! संगठन बौना
जिले भर में अवैध शराब चौपाया वाहनों के माध्यम से बिक रही है, पर भाजपा संगठन इस मामले में कोई कदम नहीं उठा पा रहा है। अवैध शराब के कारोबार में भाजपा सहित अन्य राजनैतिक दलोें के कारिंदों के साथ ही साथ निर्दलीय रूप से भाजपा को हैरान परेशान करने वाले नेताओं का भी समावेश है। जिला सतर्कता समिति की बैठक में लखनादौन विधायक के प्रतिनिधि प्रदीप पटेल सहित अनेक नेता इस बात को रेखांकित कर चुके हैं कि सिवनी में चौपहिया वाहनों के माध्यम से अवैध शराब का कारोबार चरम पर है। बावजूद इसके भाजपा की ओर से कोई कार्यवाही न होना आश्चर्य जनक ही माना जा रहा है।

डेंगू के मामले में निष्क्रिय है संगठन
सिवनी और लखनादौन विधायकों के पति सिवनी में स्वास्थ्य विभाग में तैनात हैं। लखनादौन एमएलए शशि ठाकुर के पति डॉ.वाय.एस.ठाकुर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी तो सिवनी विधायक श्रीमती नीता पटेरिया के पति डॉ.एच.पी.पटेरिया जिला मलेरिया अधिकारी के पद पर पदस्थ हैं। भाजपा संगठन ने कभी अपने विधायकों से यह नहीं पूछा है कि आखिर उन्हें जनता ने क्यों चुना है? क्या वजह है कि जिला चिकित्सालय में अराजकता को दूर करने में विधायक पति नाकाम रहे हैं? क्या कारण है कि सिवनी में जिला चिकित्सालय में बात बात पर पैसा मांगा जाता है, चिकित्सा कर्मियों द्वारा। डेंगू मलेरिया के मामलों में बेतहाशा बढ़ोत्तरी हो रही है, पर भाजपा मौन अख्तियार किए हुए है।

लखनादौन के मामले में भाजपा संगठन मौन!
भाजपा संगठन की सबसे आश्चर्य जनक चुप्पी लखनादौन मामले को लेकर दिख रही है। लखनादौन में नगर परिषद् में भाजपा ने बुरी तरह मुंह की खाई है। इसके पहले नगर परिषद् लखनादौन के पूर्व अध्यक्ष और वर्तमान अध्यक्ष दिनेश राय मुनमुन ने भाजपा की सिवनी विधायक श्रीमती नीता पटेरिया को विधानसभा चुनावों में नाकों चने चबवा दिए थे। भाजपा संगठन के पास यह माकूल मौका था जब वे अपनी पराजय का बदला ले सकते थे। लखनादौन मंे बिना एग्रीमेंट के सड़क का निर्माण किया गया था, वह भी शहर के हृदय स्थल में। शहर में कथित तौर पर कृषि उपज मण्डी की जमीन पर सब्जी मण्डी बना दी गई वह भी न्यायालय के स्थगन के उपरांत। इन सारे मामलों में भाजपा तब मौन बैठी रही जबकि संगठन के संज्ञान में समूची बातें लाई गई थीं।

दिनेश पटेल बन गए हैं मीर!
कहा जाता है कि केवलारी के कांग्रेसी क्षत्रप स्व.हरवंश सिंह के करीबी होने का फायदा उठाने वाले शिक्षक दिनेश पटेल मानवाधिकार संगठन से जुड़े हुए हैं। बताया जाता है कि उन्होंने इसके लिए विभागीय अनुमति तक नहीं ली है। वे अपने पद का दुरूपयोग कर लोगों को हलाकान करने से नहीं चूक रहे हैं। बावजूद इसके भाजपा संगठन द्वारा कांग्रेस के करीबी बताने वाले इस शिक्षक के खिलाफ कोई कार्यवाही न करना क्या इस बात की ओर इंगित करता है कि भाजपा संगठन की पकड़ प्रशासनिक स्तर पर कमजोर पड़ चुकी है।

यौन शिक्षा पर सेमीनार

यौन शिक्षा पर सेमीनार

(शरद खरे)

स्तरीय शिक्षा के लिए मशहूर मिशन उच्चतर माध्यमिक शाला का अपना एक इतिहास रहा है। जब तक जे.के.सिंह यहां प्राचार्य रहे तब तक शाला का स्तर देखने लायक था। उसके उपरांत एम.के.सिंह ने भी उसी परंपरा को बरकरार रखा। आजादी के उपरांत मिशनरी शालाओं में शिक्षा का स्तर और अनुशासन दोनों ही काबिले तारीफ हुआ करते थे। कालांतर में मिशनरी शालाओं का स्तर एकाएक गिरना आरंभ हो गया। इक्कीसवीं सदी के आगाज़ के साथ ही सिवनी के लोगों के सामने यह समस्या आ खड़ी हुई के वे अपने बच्चों को हायर सेकन्डरी तक की शिक्षा दिलवाएं तो दिलवाएं कहां।
इसी बीच मिशनरी की एक नई संस्था का अभ्युदय हुआ। सेंट फ्रांसिस ऑफ एसिसी स्कूल ने सिवनी में अपनी आमद दी। आरंभ में इस शाला से अभिभावक ज्यादा तादाद में नहीं जुड़े, पर देखते ही देखते इस शाला ने अपनी धाक शिक्षा के क्षेत्र में जबर्दस्त बना ली। इस शाला में अनुशासन का डंडा चला और बच्चों के अंदर शिक्षा को लेकर एक आकर्षण के साथ ही साथ स्तरीय शिक्षा और अनुशासित रहने का पाठ पढ़ने को मिला। पूर्व प्राचार्य सेबी सिस्टर द्वारा इस अनुशासन को कठोरतम स्तर तक ले जाया गया। पीठ पीछे आज भी अभिभावक उनके अनुशासन की तारीफ करते नहीं अघाते।
वर्तमान प्राचार्य सिस्टर रश्मि ने कुछ लचीला किन्तु सख्त रवैया अपनाया हुआ है। सिस्टर रश्मि का यह रवैय्या शाला के अंदर बच्चों के बहुमुखी विकास में बेहतर भूमिका निभा रहा है इस बात से इंकार नहीं किया जा सकता है। संस्था के प्रबंधक फादर जयप्रकाश ने दोनों ही प्राचार्य के साथ काम किया है। उनके कुशल मार्गदर्शन में आज सेंट फ्रांसिस ऑफ एसिसी स्कूल ने प्रौढ़ हो रही पीढ़ी के दिलो दिमाग में मिशन शाला के प्राचार्य जे.के.सिंह, और एम.के.सिंह के अनुशासन और स्तर की यादें तरोताजा कर दी हैं। फादर जय प्रकाश प्रयोगवादी हैं। उन्होंने बच्चों के बहुमुखी विकास को लेकर अनेक प्रयोग किए जो सफल भी रहे।
आज सिवनी में सेंट फ्रांसिस ऑफ एसिसी स्कूल में अध्ययन् करना उसी तरह का स्टेटस सिंबल बन चुका है जिस तरह अस्सी के दशक तक मिशन उच्चतर माध्यमिक शाला में पढ़़ना होता था। इस शाला ने जिला मुख्यालय की बाकी शालाओं को काफी पीछे छोड़ दिया है। आज इस शाला के पास आउट या पढ़ने वाले बच्चे आत्मविश्वास से लवरेज नजर आते हैं। जिला मुख्यालय में कहने को तो केंद्रीय शिक्षा बोर्ड से मान्यता प्राप्त अनेक शालाएं हैं किन्तु सेंट फ्रांसिस ऑफ एसिसी स्कूल की बात अपने आप में अलग ही मानी जा सकती है।
बीते 31 अगस्त को इस शाला में बालिकाओं के लिए यौन शिक्षा पर एक सेमीनार का आयोजन किया गया। इस आयोजन के लिए शाला प्रबंधन विशेष रूप से शाला के प्रबंधक फादर जय प्रकाश और प्राचार्य सिस्टर रश्मि बधाई की पात्र हैं। दरअसल, बारह साल की आयु के उपरांत बालिकाओं में यौन परिवर्तन आरंभ होते हैं। ये परिवर्तन वाकई इस आयु के बच्चों के लिए जिज्ञासा का विषय होते हैं। जिन शालाओं मेें कोएड एजूकेशन (छात्र छात्राएं साथ अध्ययन करते हैं) है वहां इन परिवर्तनों में विपरीत लिंग का आकर्षण बहुत मायने रखता है।
यह आयू कच्ची मिट्टी के मानिंद मानी जाती है। इस आयु में बच्चे को जिस तरफ ले जाया जाए वह बहुत ही आसानी से उस दिशा में मुड़ जाती है। बड़े शहरों में बारह से अट्ठारह साल की आयु के बच्चों के अश्लील एमएमएस से इंटरनेट पटा पड़ा है। पहले लोग विदेशी लोगों के एमएमएस देखा करते थे पर अब तो खालिस देशी विद्यार्थियों के एमएमएस डले हैं इंटरनेट और युवाओं के मोबाईल पर। सिवनी भी इससे अछूता नहीं है। पुलिस ने शालेय स्तर के कई युगलों को निर्जन स्थल पर रासलीला करते पकड़ा है। गत दिवस एक कार में भी पुलिस ने एक जोड़े को आपत्तिजनक अवस्था में पकड़ा और पालकों के पास ले जाकर समझाईश देकर छोड़ दिया। देखा जाए तो उन पुलिस वालों को सेल्यूट् करना चाहिए जिन्होंने ऐसा किया, वरना पुलिस चाहती तो उनसे मनमाने पैसे वसूल सकती थी।
शहर और उपनगरीय क्षेत्र विशेषकर पॉलीटेक्टिनक मैदान, बाबूजी नगर के पीछे के खेत, बरघाट रोड बंजारी माई, पुराना और नया बाईपास, बबरिया तालाब, शंकराचार्य पार्क, ड्रीम लैंड, साई मंदिर नगझर, स्टेडियम के इर्द गिर्द आदि निर्जन स्थलों पर प्रेमी युगल आपस में आपत्तिजनक हालत में शालेय गणवेश में ही उलझे रहते हैं। इससे विद्यार्थियों के साथ ही साथ शाला की भी बदनामी होती है। अक्सर देखा गया है कि कम उम्र में ही पढ़ाई लिखाई को तिलांजली देकर छोटा मोटा व्यवसाय आरंभ करने वाले युवा ही इन कोमलांगी बालाओं को अपना शिकार बनाते हैं, फिर भावनाओं में बहाकर उनके साथ अवैध संबंध तक स्थापित कर लेते हैं।
बहरहाल, सेंट फ्रांसिस ऑफ एसिसी स्कूल ने यौन शिक्षा पर बालिकाओं को रूबरू कराकर एक अभिनव कदम उठाया है, शाला प्रबंधन बधाई का पात्र है इस पुनीत काम के लिए। जिले के संवेदनशील जिला कलेक्टर से भी अपेक्षा है कि जिले में हाई और हायर सेकेंडरी स्तर तक की हर शाला को निर्देशित किया जाए कि वे भी इस तरह के सेमीनार आयोजित कर बच्चियों को जागरूक करने की दिशा में पहल करें। इस तरह के सेमीनार में उस शाला के पुरूष शिक्षकों का छात्राओं के प्रति रवैया विशेष तौर पर गौर किया जाना चाहिए, क्योंकि शिक्षक भी पथ भ्रष्ट होकर अपनी इच्छाओं की पूर्ति के लिए इन बालाओं को गलत रास्ते पर धकेल सकते हैं। पालकों को भी बच्चों के साथ दोस्ताना व्यवहार रखते हुए समय समय पर अपने बच्चों से शिक्षकों की हरकतंों के बारे में जानकारी हासिल करते रहना चाहिए।

रविवार, 1 सितंबर 2013

मुनमुन फीवर के आतंक से बुरी तरह ग्रसित कांग्रेस के संभावित उम्मीदवार!

मुनमुन फीवर के आतंक से बुरी तरह ग्रसित कांग्रेस के संभावित उम्मीदवार!

चुनाव नजदीक आते ही खुलने लगी जुबानें, कांग्रेस का लखनादौन में रूंध जाता है विरोध में गला!

(महेश रावलानी/पीयूष भार्गव)

सिवनी (साई)। जैसे जैसे विधानसभा चुनाव करीब आता जा रहा है, वैसे वैसे कांग्रेस के अंदर एक अजीब सी घुटन भरी सक्रियता देखने को मिलने लगी है। कल तक एक दूसरे से डरकर भीतराघात करने वाले नेता अब प्रत्याशी चयन के पूर्व ही एक दूसरे के खिलाफ तलवार पजाते नजर आ रहे हैं। भाजपा के नेता दूर से कांग्रेस के अंदर के इस गलाकाट स्पर्धा वाले खेल को देखकर मजे ले रहे हैं। कांग्रेस के कद्दावर नेता हरवंश सिंह के अवसान के उपरांत अब लग रहा है मानो कांग्रेस को सन्निपात हो गया हो। कांग्रेस के नेता मई माह में हरवंश सिंह के अवसान के उपरांत दिशा भ्रमित ही नजर आ रहे हैं। कांग्रेस की संदेश यात्रा से जहां महामंत्री रजनीश सिंह गायब रहे, वहीं दूसरी ओर कांग्रेस के अंदर केवलारी और सिवनी विधानसभा में दिनेश राय उर्फ मुनमुन का फेक्टर आज भी प्रासंगिक नजर आ रहा है।

वर्ष 2008 के उपरांत सुस्सुप्तावस्था में पहुंच गई कांग्र्रेस अचानक ही कपड़े झटकारकर चुनाव के पहले खड़ी दिखाई दे रही है। इन पांच सालों में कांग्रेस ने विरोध अवश्य किया है पर प्रदेश सरकार की नीतियों का। कांग्रेस ने पता नहीं क्यों स्थानीय स्तर पर भाजपा विधायक श्रीमती नीता पटेरिया, कमल मर्सकोले और शशि ठाकुर के विरोध से अपने आप को दूर ही रखा। नगर कांग्रेस कमेटी सिवनी ने अवश्य ही अध्यक्ष इमरान पटेल के नेतृत्व में अपने आप को बांधकर रखा और वह जिला मुख्यालय तक ही सीमित रही।

लाचार कठपुतली कांग्रेस!
कांग्रेस के एक बड़े नेता ने नाम उजागर न करने की शर्त पर समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया से चर्चा के दौरान कहा कि जिला कांग्रेस कमेटी लगभग दो दशकों से कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हरवंश सिंह ठाकुर के इशारों की कठपुतली बनकर रह गई थी। हरवंश सिंह के इशारे पर कांग्रेस के सारे धरने प्रदर्शन, विरोध आदि के कार्यक्रमों को अंजाम दिया जाता रहा है। जिला कांग्रेस कमेटी ने तब भी सक्रियता नहीं दिखाई जब भाजपा के नगराध्यक्ष प्रेम तिवारी द्वारा सीधे सीधे हरवंश सिंह पर बयानों के तीर छोड़े गए। जब भी हरवंश सिंह पर हमला हुआ हर बार नगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष इमरान पटेल ने ही उसका मुंह तोड़ जवाब सिवनी विधायक श्रीमती नीता पटेरिया पर हमला करके दिया।

नहीं बन पाया कांग्रेस भवन!
कांग्रेस संगठन का सिवनी जिले में किस कदर बोलबाला है इस बात का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि सालों पहले जिला कांग्रेस कमेटी को आवंटित भूखण्ड पर हरवंश सिंह जैसे कद्दावर नेता के नेतृत्व में एक अदद कांग्रेस भवन नहीं खड़ा किया जा सका। हरवंश सिंह के बारे में कहा जाता था कि वे अगर चाहें तो समूचे प्रदेश के हर जिले में एक एक कांग्रेस भवन की नींव रख सकते हैं। वस्तुतः हरवंश सिंह ने भी सिवनी में कांग्रेस की मजबूती के प्रयास नहीं किए, वरना क्या कारण है कि अस्सी के दशक तक कांग्रेस का गढ़ रहे सिवनी जिले में चार बार से विधानसभा चुनावों में सिर्फ और सिर्फ केवलारी विधानसभा सीट पर ही कांग्रेस का परचम लहराया जा रहा था। कहा तो यह भी जा रहा है कि हरवंश सिंह ने यह कभी नहीं चाहा कि जिले में दो पावर सेंटर बनें। अगर सिवनी से दूसरा विधायक चुन लिया जाता तो शीर्ष स्तर पर कोई न कोई बड़ा नेता उसे झेल लेता। इन परिस्थितियों में हरवंश सिंह की पूछ परख कम होने की आशंका उन्हें सदा ही रहा करती थी।

विवादों से दूर रहना चाहते हैं रजनीश
हरवंश सिंह की सियासी विरासत को सहेजने वाले उनके पुत्र रजनीश सिंह ने अपने आपको केवल और केवल केवलारी विधानसभा तक ही सीमित कर रखा है। वे केवलारी विधानसभा में दौरा अवश्य ही कर रहे हैं पर उनके आचार विचार, व्यवहार और नाटकीयता से लोग उनसे जुड़ने के बजाए हरवंश सिंह पर आस्था रखने वाले भी रजनीश सिंह से टूट रहे हैं। चुनाव के पहले मीडिया को साधकर भले ही रजनीश सिंह अपने आपको केवलारी का स्थापित नेता बताने की जुगत में लगे हों पर जमीनी सच्चाई इससे उलट ही है। केवलारी क्षेत्र का दौरा करने पर समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया के दल के सामने जो बातें आईं हैं उनके अनुसार रजनीश सिंह के पास मनी और मसल पावर की भले ही भरमार हो पर चुनावी हथकंडों से अभी भी वे अपरिचित ही हैं। वहीं कांग्रेस के अंदर चल रही चर्चाओं के अनुसार रजनीश सिंह भी हरवंश सिंह की तरह ही अपनी सीट बचाने के चक्कर में कुछ ‘स्वार्थी नेताओं‘ की ब्लेक मेलिंग का शिकार हो रहे हैं।

संदेश यात्रा या प्रत्याशी चेहरा पहचानो यात्रा!
कांग्रेस की संदेश यात्रा का आगाज प्रदेश के साथ ही साथ सिवनी में भी किया गया है। इस संदेश यात्रा में सिवनी विधानसभा में लगभग हर गांव को नाप दिया है। संदेश यात्रा के गुजरने के उपरांत जब समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया की टीम ने उन गांवों का दौरा कर ग्रामीणों से चर्चा की तो ज्ञात हुआ कि यह संदेश यात्रा के बजाए संभावित प्रत्याशी का चेहरा पहचानो यात्रा अधिक नजर आई। सिवनी की इस संदेश यात्रा में वे ही चेहरे बार बार सामने आए जो विधानसभा सिवनी के संभावित प्रत्याशी हो सकते हैं। ग्रामीणों का कहना था कि पिछले पांच सालों से वे नारकीय पीड़ा भोग रहे हैं, पर कांग्रेस के नेता पांच सालों तक या तो सोते रहे या फिर व्यापार व्यवसाय कर अपने लिए पैसा जुटाते रहे। संदेश यात्रा में उमड़ी भीड़, जगह जगह हुए स्वागत को देखकर कांग्रेस के स्थानीय क्षत्रप अपनी पीठ थपथपा रहे हैं, पर गांव वालों का कहना है कि आखिर पांच बरस बाद किस मुंह से ये नेता उनके दरवाजे आ रहे हैं। कांग्रेस के अंदर चल रही चर्चाओं को अगर सच माना जाए तो इस संदेश यात्रा में अपना खुद का स्वागत करवाने के लिए हर संभावित प्रत्याशी ने 2200 रूपए का योगदान दिया है।

हरवंश के उपरांत घुटन भरी सक्रियता!
सिवनी में लगभग ढाई दशकों तक कांग्रेस की चाबी अपने पास रखने वाले हरवंश सिंह ठाकुर के अवसान के बाद कांग्रेस के नेताओं के चेहरे का नूर वापस लौटता दिख रहा है पर एक अजीब सी घुटन के साथ। कांग्रेस के नेता इस बात को लेकर भ्रमित हैं कि सिवनी में तो वे अपने आप को कार्यकर्ताओं के बीच मजबूत कर लेंगे, पर उपर के नेताओं को कैसे साधा जाएगा, क्योंकि कांग्रेस की संस्कृति के अनुरूप जब तक ‘उपर वाला‘ प्रसन्न नहीं होगा तब तक बेड़ा पार होने से रहा। कांग्रेस के स्थानीय क्षत्रप जिनके उपर माईबाप नहीं हैं, वे एक दूसरे की टांग खींचकर ही अपने आप को संतुष्ट करने में लगे हुए हैं।

उतरा नहीं है मुनमुन फीवर!
कांग्रेस के अंदर से अभी तक दिनेश राय मुनमुन का बुखार उतरा नहीं है। वर्ष 2008 के विधानसभा चुनावों में कांग्रेस प्रत्याशी प्रसन्न चंद मालू की जमानत जप्त हुई थी। प्रसन्न मालू संभवतः कांग्रेस के इकलौते प्रत्याशी रहे जिनकी जमानत विधानसभा में जप्त हुई हो। उस दौरान हरवंश सिंह एण्ड कंपनी पर यह आरोप लगा था कि उन्होंने ही प्रसन्न मालू को धूल चटवाई है। हरवंश सिंह के कारिंदे तो सार्वजनिक स्थानों पर दिनेश राय की गलबहियां डाले दिखते रहे। चुनाव के उपरांत जब बातें खुलीं तो पता चला कि हरवंश सिंह ने ही अपने अनुयाईयों में से किसी को श्रीमती नीता पटेरिया तो किसी को दिनेश राय का काम करने की बात कहकर प्रसन्न मालू का ‘काम डालने‘ के निर्देश दिए थे।
कांग्रेस संदेश यात्रा में नेताओं की यह पीड़ा और डर भी साफ झलका। कांग्रेस के नेताओं ने साफ कहा कि गांव गांव शराब बिक रही है। शराब माफिया सिवनी आकर शराब के पैसे से धार्मिक आयोजनों में वाहवाही लूट रहे हैं। ‘चुन्नू मुन्नू‘ की बात कहकर मोहम्मद असलम ने भी अपनी बात को वजनदारी के साथ रखा। दिनेश राय के एक समर्थक ने नाम गुप्त रखने की शर्त पर यह तक कहा कि दिनेश राय कोई गलत काम नहीं कर रहे हैं। उन्होने कहा कि दिनेश राय उर्फ मुनमुन अगर शराब के पैसों से सिवनी में धार्मिक आयोजनों का श्रेय लूट रहे हैं तो कांग्रेस के लोग क्या हाथों में दही जमाकर बैठे हैं। अगर ऐसा है तो कांग्रेस के लोग दिनेश राय द्वारा अब तक दी गई राशि का ब्यौरा सार्वजनिक करें और आयकर विभाग से इस बात को पूछें कि क्या दिनेश राय ने इतनी सारी राशि जो बांटी है उसकी आय होना दर्शाया है! जाहिर है दिनेश राय की लोकप्रियता से कांग्रेस घबरा रही है। कांग्रेस द्वारा दिनेश राय को भाजपा का एजेंट तक करार दिया गया है।

लखनादौन में सूख जाते हैं हलक!

कांग्रेस द्वारा शराब व्यवसाई रहे, लखनादौन मस्ज़िद के सरपरस्त, राय पेट्रोलियम के संचालक और बार एसोसिएशन के अध्यक्ष दिनेश राय उर्फ मुनमुन को सिवनी की संदेश यात्रा के दौरान जमकर कोसा गया। वहीं चर्चा है कि लखनादौन नगर पंचायत में दिनेश राय के अध्यक्षयीय कार्यकाल एवं वर्तमान में उनकी माताजी श्रीमती सुधा राय के कार्यकाल में बिना एग्रीमेंट ठेकेदार सड़क खोद देता है, कृषि उपज मण्डी की जमीन पर बन जाती है सब्जी मण्डी, एनएच की जमीन पर अतिक्रमण कर बनाया जा रहा है कॉम्पलेक्स। इन सारी बातों के बाद भी आखिर क्या वजह है कि लखनादौन के मामले में जिला कांग्रेस कमेटी और ब्लॉक कांग्रेस कमेटी लखनादौन मूक है। कहा तो यह भी जा रहा है कि अगर कांग्रेस ने लखनादौन के मामले को उछाला तो दिनेश राय सिवनी और केवलारी में कलार समाज के मतदाताओं को कांग्रेस से बहुत दूर लेकर चले जाएंगे।

शनिवार, 31 अगस्त 2013

जिला हॉकी संघ का अस्तित्व शून्य!

जिला हॉकी संघ का अस्तित्व शून्य!

एस्ट्रोटर्फ मसले पर होने लगी राजनीति, उपयोग के पूर्व ही टर्फ होने लगी खराब

(महेश रावलानी)

सिवनी (साई)। हॉकी के लिए सुविख्यात सिवनी जिले में, अब हॉकी रसातल की ओर अग्रसर है। बाबा राघवदास टूर्नामेंट जैसी प्रतियोगिताएं जिसमें दर्शकों का उत्साह देखते बनता था, इतिहास की बात हो चुकी हैं। भाजपा सरकार ने शहर को एस्ट्रोटर्फ का एक झुनझुना पकड़ाया है। मुख्यमंत्री के हाथों उद्घाटन की जिद में इस स्टेडियम का लोकार्पण नहीं हो पा रहा है जिससे करोड़ों रूपयों की लागत के स्टेडियम का उपयोग स्थानीय हॉकी खिलाड़ी नहीं कर पा रहे हैं।
वहीं, दूसरी ओर तथाकथित जिला हॉकी संघ के अध्यक्ष का तमगा लगाकर घूमने वाले धन्नालाल गौर की पोल खेल दिवस के दिन ही भारतीय महिला हॉकी टीम की पूर्व कप्तान मधु यादव ने एक इलेक्ट्रॉनिक चैनल में चल रहे ‘तलाश ध्यान की‘ कार्यक्रम में खोलकर रख दी। धन्नालाल गौर की पोल खुल जाने के बाद अब यह तो तय हो गया है कि धन्नालाल गौर जिला हॉकी संघ के अध्यक्ष है ही नहीं और न ही प्रदेश में ऐसी कोई संस्था अस्तित्व में है।
असल में खेल दिवस के दिन इलेक्ट्रॉनिक चैनल एसएमबीसी में सिवनी के एस्ट्रोटर्फ को लेकर आधा घंटे का विशेष एपिसोड तैयार किया गया था, जिसमें स्टुडियो में अखिल भारतीय महिला टीम की पूर्व कप्तान मधु यादव को आमंत्रित किया गया था और कार्यक्रम का नाम ‘तलाश ध्यान की‘ रखा गया था। कार्यक्रम में सिवनी में 05 वर्ष बाद भी एस्ट्रोटर्फ का न बन पाना मुख्य मुद्दा था, जिसमें महाकौशल विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष नरेश दिवाकर का साक्षात्कार दिखाया गया।
इसी कार्यक्रम में महाकौशल एक्सप्रेस के संपादक का लाईव फोनो लेते हुए यह पूछा गया था कि खेल संगठनों ने प्रशासन के ऊपर दबाव क्यों नही बनाया? तब संपादक ने उनसे कहा कि सिवनी जिला हॉकी संघ के अध्यक्ष धन्नालाल गौर हैं जो हॉकी की ओर ध्यान ही नहीं देते हैं, उन्होंने कभी प्रशासन को न तो ज्ञापन सौंपने की पहल की और न ही कोई ठोस कदम उठाया, जिस पर मधु यादव ने कहा कि सिवनी में कोई जिला हॉकी संघ अस्तित्व में ही नहीं है। उन्होंने कहा कि न तो कोई गौर इसके अध्यक्ष हैं और न ही उनकी संस्था को मान्यता है।
टीव्ही में चल रहे सीधे प्रसारण में मधु यादव द्वारा यह कहा जाना आश्चर्यजनक इसलिए है, क्योंकि अभी तक धन्नालाल गौर ने अपनी तरफ से कभी यह बताने का प्रयास नहीं किया कि उनका संघ अस्तित्व में है ही नहीं और उन्हें कोई मान्यता नहीं है। कुल मिलाकर धन्नालाल गौर एक पद के लिए हॉकी खिलाड़ियों और हॉकी प्रेमी दर्शकों के साथ धोखा करते रहे, तभी तो जब से धन्नालाल अध्यक्ष बने तब से आज तक एक-दो स्थानीय प्रतियोगिताओं को छोड़ दिया जाए तो आज तक उन्होंने कोई बड़ी प्रतियोगिता आयोजित ही नहीं करवाई है।

ऐसे में जो लोग धन्नालाल को खेल के प्रति समर्पित मानते हैं, वह उनसे यह पूछने की जहमत अवश्य उठायें कि आखिर श्री गौर ने आज तक हॉकी खिलाड़ियों, दर्शकों और क्लबों के लोगों को धोखे में क्यों रखा? क्यों उन्होंने इस बात का खुलासा नहीं किया कि जिला हॉकी संघ अस्तित्व में है ही नही? क्यों वह अपने नाम के आगे अध्यक्ष जिला हॉकी संघ का तमगा लगाकर घूमते रहे?

अस्पताल में नहीं हुआ इलाज, दिनेश मिश्रा का निधन!

अस्पताल में नहीं हुआ इलाज, दिनेश मिश्रा का निधन!

(अखिलेश दुबे)

सिवनी (साई)। अपने जमाने के हरफनमौला ठेकेदार दिनेश मिश्रा का आज जिला चिकित्सालय में निधन हो गया। गत रात्रि लगभग डेढ़ बजे उन्हें स्वांस लेेने में तकलीफ होने पर जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया था। आज लगभग साढ़े ग्यारह बजे उन्होंने अंतिम सांस ली।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बरघाट क्षेत्र के कांग्रेस के पूर्व विधायक पंडित महेश प्रसाद मिश्रा के अनुज दिनेश मिश्रा को गत रात्रि, घर पर ही सांस लेने में तकलीफ हुई। उनके परिजनों ने उन्हें तत्काल जिला चिकित्सालय में उन्हें दाखिल करवाया। बताया जाता है कि रात्रि में मौजूद चिकित्सक ने उनका परीक्षण कर एक बोतल लगवा दी।
बताया जाता है कि सुबह जब काफी देर तक राउंड पर कोई चिकित्सक नहीं आया, तो उनके परिजनों ने वहां उपस्थित पेरामेडीकल स्टाफ से इस बावत् चर्चा की। जिस पर उन्हें जवाब मिला कि उन्हें देखने कंसल्टेंट चिकित्सक जल्द ही आएंगे।
जब काफी देर तक कोई उन्हें देखने नहीं आया तो उनके परिजनों ने महिला वार्ड में राउंड ले रहे डॉ.नेमा से अर्ज किया कि वे चलकर उन्हें देख लें। डॉ.नेमा ने हठधर्मिता दिखाते हुए साफ तौर पर यह कह दिया कि वह उनका वार्ड नहीं है, उस वार्ड में जो चिकित्सक होगा वही उन्हें देखेगा।
बताया जाता है कि जब काफी देर तक कोई भी चिकित्सक उन्हें देखने नहीं आया तो उनके परिजनों ने अपने रिश्तेदारों के माध्यम से उनकी ईसीजी करवाई और उन्हें नागपुर ले जाने की तैयारी की गई। अस्पताल से बाहर निकलते समय ही उन्होंने अंतिम सांस ली।
उनका अंतिम संस्कार आज कटंगी रोड स्थित मो़क्षधाम में शाम लगभग साढ़े पांच बजे कर दिया गया। उन्हें उनके ज्येष्ठ पुत्र सोनू ने मुखाग्नी दी। दिनेश मिश्रा अपने पीछे दो पुत्र, पुत्रवधू, पत्नि का भरा पूरा परिवार छोड़ गए हैं।
वहीं दूसरी ओर जिला चिकित्सालय में बरती गई घोर लापरवाही के कारण लोगों में जमकर आक्रोश भरा हुआ है। गौरतलब होगा कि अस्सी के दशक से सिवनी में पदस्थ निश्चेतक डॉ.सत्यनारायण सोनी को जबसे जिला चिकित्सालय के सिविल सर्जन की कमान सौंपी गई है तबसे जिला चिकित्सालय के हाल बेहाल हो गए हैं। चिकित्सा कर्मियों के बीच चल रही चर्चा को सच माना जाए तो पांच अंको की राशि खर्च कर उन्हें सीएस का पद मिला है।

काले पैसे वाले शराब कारोबारी के चक्कर में नहीं पड़ना: असलम

काले पैसे वाले शराब कारोबारी के चक्कर में नहीं पड़ना: असलम

नेहा सिंह, आशुतोष वर्मा, इमरान पटेल, हीरा आसवानी, पप्पू खुराना, मोहन चंदेल, धर्मेद्र ठाकुर जमकर बरसे भाजपा पर

(अखिलेश दुबे)

सिवनी (साई)। ‘अवैध तरीके से काले पैसे कमाकर, धार्मिक आयोजनों में चंदा देने वाले लखनादौन के शराब कारोबारी के चक्कर में नहीं पड़ना है। वह भाजपा का एजेंट है, और भाजपा के नेताओं से पूछ पूछकर ही वह अपने कार्यक्रम तय करता है।‘ उक्ताशय की बात कांग्रेस की संदेश यात्रा के दौरान बस स्टैंड पर आयोजित सभा में कां्रग्रेस के वरिष्ठ नेता मोहम्मद असलम पत्ते वाले ने कही।
मोहम्मद असलम ने चुन्नू मुन्नू का हवाला देकर लोगों को दिल से गुदगुदाया। मो.असलम की बात पर लोग दिन भर पेट पकड़कर हंसते रहे। उन्होंने कहा कि चुन्नू मुन्नू जिले भर में शराब बंटवा रहे हैं। शराब के पैसों से मुन्नू धार्मिक आयोजनों में सम्मान पा रहे हैं। जगह जगह चार पहिया वाहन लगकर शराब बेची जा रही है, पर भाजपा की सरकार के नुमाईंदों में इतना साहस नहीं है कि वे मुन्नू की अवैध बिकने वाली शराब को पकड़ सकें।
इसके साथ ही साथ कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राजकुमार खुराना और धर्मेंद सिंह ठाकुर ने भी कमोबेश इसी तरह की बातें लखनादौन के एक शराब करोबारी के बारे में कहकर अपनी भड़ास जमकर उतारी। लगभग दो दशक के उपरांत यह पहला मौका था जब कांग्रेस के नेता बिना किसी दबाव के आक्रमक होकर अपनी बात कह रहे थे।
आज कांग्रेस की संदेश यात्रा भैरोगंज से आरंभ होकर छिंदवाड़ा चौक, बस स्टैंड, शुक्रवारी, डूंडा सिवनी होते हुए बारापत्थर जाकर समाप्त हुई। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता घनश्याम जाड़ेजा ने कहा कि कांग्रेस की संदेश यात्रा के जवाब में भाजपा द्वारा जन आर्शीवाद यात्रा का आयोजन किया जा रहा है जो पूरी ही तरह असफल है।
वरिष्ठ कांग्रेसी नेता आशुतोष वर्मा का कहना था कि भाजपा सरकार द्वारा ‘जिओ और खाने दो‘ का नारा बुलंद किया हुआ है। उन्होंने कहा कि यह प्रचार भाजपा का हो रहा है या मुनमुन को महिमामण्डित किया जा रहा है। वहीं जिला पंचायत अध्यक्ष मोहन चंदेल ने शेरो शायरी के माध्यम से अपनी बातें रखीं।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राज कुमार खुराना का कहना था कि पिछले छः दिनों में कांग्रेस की संदेश यात्रा ने 870 किलोमीटर का पड़ाव तय किया है। कुछ डिप्लोमेटिक अंदाज में राजकुमार खुराना ने कहा कि कांग्रेस अगर भाजपा का विरोध करती है तो यह बात सिद्धांततः समझ में आती है, पर जब भाजपा के लोग ही भाजपा का विरोध करने लगें तब समझ लेना चाहिए कि अब खतरे की घंटी बज चुकी है।

भारतीय जनता पार्टी की पूर्व विधायक और कांग्रेस की वरिष्ठ नेत्री श्रीमती नेहा सिंह ने कहा कि सड़क, बिजली और पानी के मुद्दे पर भाजपा को प्रदेश में सत्ता हासिल हुई थी, पर अब भाजपा उन्ही मुद्दों को तिलांजली दे चुकी है। शिवराज सिंह चौहान की जुंडाली को अली बाबा और चालीस चोर की उपाधि से नवाजते हुए श्रीमती नेहा सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार की घोषणाएं कोरी घोषणाएं ही साबित हुई हैं, जो योजनाएं प्रदेश में चलती दिख रही हैं, वे सारी की सारी केंद्र की कांग्रेस सरकार ने प्रदेश को दी हैं।

सकरी होती सड़कें

सकरी होती सड़कें

(शरद खरे)

सिवनी जिले में अतिक्रमण हर तरफ जोर शोर से फैल रहा है। संबंधित विभाग और जनप्रतिनिधि मौन ही रहकर सब देख सुन रहे हैं। सिवनी शहर के चारों ओर कैंसर के मानिंद, अतिक्रमण पसर चुका है, जिसकी परवाह किसी को नहीं है। शहर की सीमाओं पर चेचक के मानिंद पसरा अतिक्रमण वाकई दुखदायी साबित होता जा रहा है। महाकालेश्वर टेकरी, जनता नगर, झिरिया, हड्डी गोदाम, डूंडा सिवनी, लूघरवाड़ा आदि क्षेत्रों में जिसका मन जहां चाहा वहां उसने अपना आशियाना या दुकान बना ली। धीरे धीरे ये अतिक्रमणकारी इसे अपनी निजी संपत्ति समझने लगते हैं। एक समय के बाद इन्हें विस्थापित करने में जिला प्रशासन की पेशानी पर पसीने की बूंदे छलक जाती हैं।
सिवनी शहर के अंदर भी अतिक्रमण का यही आलम है। दुकानदारों ने सड़कों को सकरा कर दिया है। नगर पालिका परिषद् के कार्यालय के सामने ही अतिक्रमण का बुरा हाल है। सालों से सरकारी कार्यालयों के आसपास केंटीन के लिए निर्धारित स्थान न होने के चलते चाय पान की गुमटियां भी वर्षों से यहां लग रही हैं। युवा एवं उत्साही जिला कलेक्टर भरत यादव ने सिवनी शहर को अतिक्रमण से मुक्त करवाने का प्रयास किया था, पर उनकी मुहिम को बीच में ही अपरिहार्य कारणों से रोकना पड़ा है। अब एक बार फिर शहर की सड़कें अतिक्रमण से पट गई हैं, जिससे आवागमन प्रभावित हुए बिना नहीं है। इसके बाद मानो नगर पालिका ने अतिक्रमण विरोधी अभियान को तिलांजली ही दे दी है।
1991-92 में तत्कालीन स्थानीय शासन मंत्री बाबू लाल गौर द्वारा प्रदेश में अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाया गया था। उस समय भोपाल की सड़कें देखने लायक हुआ करती थीं। भोपाल सहित प्रदेश भर में सड़कों के हाल इस कदर बेहतर हो गए थे कि लोगों ने दिल से बाबू लाल गौर को धन्यवाद दिया था। उस समय सिवनी के तत्कालीन जिला कलेक्टर पुखराज मारू ने सिवनी में डोजर, बुलडोजर का उपयोग कर अतिक्रमण को ढहाया था। उसके बाद सिवनी में सड़कें कुछ हद तक चलने लायक हो पाई थी। शहर की जीवन रेखा जीएन रोड़ भी उस समय काफी साफ सुथरी दिखाई पड़ती थी।
उसके पहले नेहरू रोड़ पर व्यापारियों द्वारा सड़कों पर सामान फैलाए जाने की शिकायतें आम हुआ करती थी। उस दौर में कोतवाली के पास एक बड़ा वाहन होता था। कोतवाली का यह डग्गा जब नेहरू रोड पर निकलता तो व्यापारी न केवल अपना सामान अंदर कर लिया करते थे, वरन् साईकिलों के उस दौर में साईकिल तक दुकानों के अंदर हो जाया करती थीं।
शनैः शनैः प्रशासन के ढीले रवैए के चलते जिला मुख्यालय में अतिक्रमण एक बार फिर सुरसा की तरह मुंह उठाने लगा है। शहर में अनेक बैंक ऐसे हैं जिनके पास पार्किंग का अभाव है। किराए के भवनों में लग रहे इन बैंक के सामने वहां आने वालों की भीड़ लगी होती है जिसके चलते आवागमन बाधित हुए बिना नहीं रहता है।
बड़े जैन मंदिर के बाजू में महाराष्ट्र बैंक के सामने तो सड़क पर खड़े वाहनों के चलते आवागमन दिन में कई बार अवरूद्ध हो जाता है, इसके अलावा कचहरी चौक पर स्टेट बैंक की शाखा के सामने भी यही आलम रहता है। मजे की बात तो यह है कि अनुविभागीय दण्डाधिकारी कार्यालय के बाहर मुख्य सड़क पर अतिक्रमण कर साईकल स्टेंड बना दिया गया है जिससे कलेक्टोरेट, सिंधी कॉलोनी और कचहरी जाने आने वालों को असुविधा का सामना करना पड़ता है। गांधी भवन से पोस्ट ऑफिस तक के हिस्से में सड़कों पर ही वाहन सुधारने का काम धड़ल्ले से होता है। वहीं गांधी भवन से गणेश चौक तक के मार्ग में सड़कों पर भवन निर्माण सामग्री, टेंकर, ट्रेक्टर, डंपर आदि की भीड़ से आवागमन बाधित हुए बिना नहीं रहता है। कुछ दिन पूर्व दिखावे के लिए ही सही यातायात पुलिस ने सड़कों पर खड़े वाहनों को उठा लिया था, पर यह कार्यवाही भी मात्र दिखावे की ही कार्यवाही साबित हुई।
बारापत्थर क्षेत्र में भी भारी वाहन, डंपर, दस चका से बड़े वाहनों की रेलमपेल भी दुर्घटनाओं को न्योता देती नजर आती है। पता नहीं शहर के नाकों पर यातायात पुलिस के कारिंदे होने के बाद भी ये वाहन शहर के अंदर नो एंट्री वाले समय में कैसे घुस आते हैं? शहर में न जाने कितने बस स्टैंड बन चुके हैं। मुख्य बस स्टैंड, प्राईवेट बस स्टैंड, बरघाट नाका, कचहरी चौक, मिशन स्कूल के सामने, गणेश चौक, सर्किट हाउस,, छिंदवाड़ा चौक, शंकर मढ़िया न जाने कहां कहां, निजी वाहन रूक रूककर सवारी भरते नजर आते हैं। पर इन्हें देखने की फुर्सत यातायात पुलिस के पास शायद नहीं है। शहर में जहां देखो वहां यात्री बस खड़ी दिखाई दे जाती है। ज्यारत नाके के पास, पोस्ट आफिस से भैरोगंज पहुंच मार्ग, दलसागर तालाब के मुहाने से हनुमान मंदिर होकर भैरोगंज पहुंच मार्ग आदि स्थानों पर यात्री बस, डम्पर, निजी वाहन यातायात को प्रभावित करते नजर आते हैं। शहरों में सुबह आठ से रात्रि आठ तक भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित है। इसको धता बताकर भारी वाहन, दस चका डंपर आदि यमराज बनकर सड़कों पर बेलगाम दौड़ रहे हैं। नाकों पर तैनात नगर सेना के कर्मी महज दस से बीस रूपए लेकर इन वाहनों को प्रवेश दिलवा रहे हैं, क्या यह सब कुछ आला अधिकारियों से छिपा है? जाहिर है नहीं, पर इसके बाद भी वाहनों के प्रवेश पर अंकुश आखिर क्यों नहीं लग पा रहा है यह शोध का ही विषय है।

जिला प्रशासन से अपेक्षा है कि शहर को अतिक्रमण मुक्त कराने की गई प्रभावी पहल को पुनः आरंभ किया जाए, एवं शहर भर में बेतरतीब तरीके से खड़े होने वाहनों को रोकने के लिए यातायात पुलिस को निर्देश दिए जाएं। साथ ही साथ शहर में प्रवेश के समस्त स्थानों पर तैनात पुलिस या नगर सेना के नुमाईंदों को स्पष्ट तौर पर ताकीद किया जाए कि नो एंट्री वाले समय में शहर में प्रतिबंधित वाहनों का प्रवेश रोका जाए।

शुक्रवार, 30 अगस्त 2013

झाबुआ पावर करेगा पहले से ही प्रदूषित नर्मदा को और गंदा

आदिवासियों को छलने में लगे गौतम थापर . . . 9

झाबुआ पावर करेगा पहले से ही प्रदूषित नर्मदा को और गंदा

नर्मदा का पीएच दर्ज किया गया 9.02

(ब्यूरो कार्यालय)

घंसौर (साई)। तरह तरह के प्रदूषणों के चलते पुण्य सलिला नर्मदा अपने उदगम अमरकंटक से दाहोद के बीच बुरी तरह प्रदूषित हो चुकी है। इसका पीएच 9.02 दर्ज किया गया है जो मानक से कहीं अधिक है। संस्कारधानी जबलपुर के समीप बरगी बांध के मुहाने पर लगने वाले मशहूर उद्योगपति गौतम थापर के स्वामित्व वाले अवंथा समूह के सहयोगी प्रतिष्ठान मेसर्स झाबुआ पावर लिमिटेड के कोल आधारित पावर प्लांट से इसका प्रदूषण कई गुना बढ़ने की उम्मीद है।
प्रचलित मान्यता यह है कि यमुना का पानी सात दिनों में, गंगा का पानी छूने से, पर नर्मदा का पानी तो देखने भर से पवित्र कर देता है। साथ ही जितने मंदिर व तीर्थ स्थान नर्मदा किनारे हैं उतने भारत में किसी दूसरी नदी के किनारे नहीं है। लोगों का मानना है कि नर्मदा की करीब ढाई हजार किलोमीटर की समूची परिक्रमा करने से चारों धाम की तीर्थयात्रा का फल मिल जाता है। परिक्रमा में करीब साढ़े सात साल लगते हैं।
जाहिर है कि लोगों की परंपराओं और धार्मिक विश्वासों में रची-बसी इस नदी का महत्व कितना है। लेकिन दुर्भाग्य से जंगल तस्करों, बाक्साइट खदानों और हमारी विकास की भूख से यह वादी इतनी खोखली और बंजर हो चुकी है कि आने वाले दिनों में उसमें नर्मदा को धारण करने का सार्म्थय ही नहीं बचेगा। इसकी शुरुआत नर्मदा के मैलेपन से हो चुकी है।
मजे की बात है कि सरकार का जल संसाधन विभाग और प्रदूषण नियंत्रण मंडल नदी जल में प्रदूषण की जांच करता है और प्रदूषण स्तर के आंकड़े कागज़़ों में दर्ज कर लेता है, लेकिन प्रदूषण कम करने के लिए सरकार कोई भी गंभीर उपाय नहीं कर पाता है। सरकारी सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार अमरकंटक और ओंकारेश्वर सहित कई स्थानों पर नर्मदा जल का स्तर क्षारीयता पानी में क्लोराईड और घुलनशील कार्बनडाईऑक्साइड का आंकलन करने से कई स्थानों पर जल घातक रूप से प्रदूषित पाया गया।

भारतीय मानक संस्थान ने पेयजल में पीएच 6.5 से 8.5 तक का स्तर तय किया है, लेकिन अमरकंटक से दाहोद तक नर्मदा में पीएच स्तर 9.02 तक दर्ज किया गया है। इससे स्पष्ट है कि नर्मदाजल पीने योग्य नहीं है और इस प्रदूषित जल को पीने से नर्मदा क्षेत्र में गऱीब और ग्रामीणों में पेट से संबंधित कई प्रकार की बीमारियां फैल रही है, इसे सरकारी स्वास्थ्य विभाग भी स्वीकार करता है। जनसंख्या बढऩे, कृषि तथा उद्योग की गतिविधियों के विकास और विस्तार से जल स्त्रोतों पर भारी दबाव पड़ रहा है।

कांग्रेसियों को भय कि कहीं भारी ना पड़ जाए ‘प्यारेलाल कांग्रेस‘

कांग्रेसियों को भय कि कहीं भारी ना पड़ जाए ‘प्यारेलाल कांग्रेस‘

(पीयूष भार्गव)

सिवनी (साई)। सिवनी में कांग्रेस के अंदर ही अंदर चल रही चर्चाएं अब सार्वजनिक होने लगी हैं। लोगों का मानना है कि कांग्रेस के साथ ही साथ चल रही समानांतर यानी पैरेलल जिसे मजाक में कां्रग्रेसी प्यारेलाल (पैरेलल) कांग्रेस भी कह रहे हैं वास्तविक कांग्रेस पर भारी ना पड़ जाए।
कांग्रेस द्वारा गत दिवस जारी सूची में पांच स्थाई एवं 10 विशेष आमंत्रित सदस्यों का समावेश किया गया है। इस सूची को लेकर ही कांग्रेस के अंदर जमकर घमासान मच गया है। सालों से कांग्रेस का झंडा डंडा, दरी फट्टा उठाने वाले नेताओं को यह सूची और प्यारेलाल कांग्रेस का रवैया रास नहीं आ रहा है।

सदस्यता रिन्यू नहीं, कैसे बना दिया आमंत्रित!
एक सांध्य दैनिक ने अपनी खबर में इस बात का उल्लेख किया है कि इस सूची में शामिल सुबोध मालू की सदस्यता का रिन्यूवल लंबे समय से नहीं किया गया है, एवं इन्हें इस सूची में शामिल कर लिया गया है। कांग्रेस के उच्च पदस्थ सूत्रों ने इस बात की पुष्टि करते हुए कहा है कि सुबोध मालू की सदस्यता दस साल से रिन्यू ही नहीं हुई है।

अंधेरे में रखा जा रहा है नाथ को
केंद्रीय मंत्री कमल नाथ के करीबी अबरार अहमद को सिवनी का प्रभारी बनाया गया है। कांग्रेस के सूत्रों ने समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया को बताया कि अबरार अहमद की इस सूची को फायनल कराने में महती भूमिका रही है। कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता ने नाम उजागर ना करने की शर्त पर कहा कि दरअसल, सिवनी में अबरार अहमद को कुछ नेताओं ने हाईजेक कर लिया है। देर रात चलने वाली बैठकों में सोडे की डकारों और धुएं के छल्लों के बीच कांग्रेस की भविष्य की रणनीति तय की जाती है। कहा जा रहा है कि इन सारे मामलों में केंद्रीय मंत्री कमल नाथ को अंधेरे में ही रखा जा रहा है। चर्चा है कि कांग्रेस के कुछ नेता षणयंत्र के तहत पहले फोरलेन के लिए परोक्ष रूप से कमल नाथ को दोषी ठहराते हुए लोगों को उकसाते रहे, फिर बाद में अब अबरार अहमद को ‘मिसगाईड‘ कर कमल नाथ के खिलाफ कांग्रेस में ही माहौल बनाने का जतन कर रहे हैं।

कांग्रेस से निष्काशित बन गए सदस्य!
कांग्रेस के एक अन्य नेता ने भी नाम उजागर ना करने की शर्त पर कहा कि इस समिति के एक अन्य सदस्य कांग्रेस से निष्काशित हैं। उन्होंने बताया कि मोहम्मद आरिफ को पिछले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के प्रत्याशी प्रसन्न चंद मालू के खिलाफ कुल्हाड़ी का काम करने पर कांग्रेस से निष्काशित कर दिया गया था। उन्होंने बताया कि इनकी बहाली अब तक कांग्रेस में नहीं की गई है, फिर कैसे इन्हें समिति का सदस्य बना दिया गया है।

इस संबंध में जब जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष हीरा आसवानी (9425176341) से वास्तविकता का पता करने का प्रयास किया गया तो उनका मोबाईल स्विच्ड आफ मिला।

किसकी सदस्यता रिन्यू हुई किसकी नहीं, इस बात के बारे में जिला अध्यक्ष ही आपको बता सकते हैं। वैसे बूथ वाईज सदस्यता पंजी देखकर ही बताया जा सकेगा कि किसकी सदस्यता हुई किसकी नहीं। रही बात मो.आरिफ के निष्काशन की तो उनके निष्काशन को वापस लिया गया या नहीं इस बारे में भी जिला अध्यक्ष ही आपको पूरी जानकारी दे पाएंगे। सिवनी प्रभारी मोहम्मद अबरार ने हमसे भी इस बारे में मशविरा किया गया था।

इमरान पटेल, नगर अध्यक्ष, शहर कांग्रेस कमेटी, सिवनी

बारूद के ढेर पर है सिवनी!

बारूद के ढेर पर है सिवनी!

(शरद खरे)

दीपोत्सव और चुनाव दोनों ही नजदीक हैं। सिवनी में बात बात पर हत्याएं हो रही हैं। लोग खुलेआम हथियार लेकर घूमते दिख जाते हैं। शाम ढलते ही लोग शराब के नशे में झूमते दिख जाते हैं। देर रात तक चौक चौराहों पर लोग शराब के नशे में बर्राते नजर आते हैं। सिवनी शहर में कभी भी किसी भी दुर्घटना के घटने से इंकार नहीं किया जा सकता है। इसका कारण शहर में जहां तहां एक्सप्लोसिव एक्ट का उल्लंघन ही प्रमुख वजह माना जाएगा। शहर के अंदर फटाखों के अलावा बारूद का ढेर लगा हुआ है। हाल ही में महावीर मढिया के सामने अनुग्रह गैस एजेंसी के बाजू में एक गोदाम में बड़ी तादाद में माचिस के खोके उतारे गए। राहगीरों की आपत्ति के बाद पुलिस ने लारी के कागज बुलवा लिए किन्तु इसके बाद क्या कार्यवाही हुई इस बारे में सिवनी पुलिस मौन ही है।
ज्ञातव्य है कि पूर्व में जब सिवनी में मीनाक्षी शर्मा जिला पुलिस अधीक्षक थीं, उस वक्त एन बुधवारी बाजार से लगे दारोगा मोहल्ले में बारूद फटने से एक व्यक्ति के चिथड़े उड़ गए थे। वह घर पर बारूद क्यों रखा हुआ था? घर पर वह बारूद के साथ खेल रहा था या फिर बम बना रहा था, डेटोनेटर बना रहा था, इस बारे में सिवनी पुलिस ने मौन ही साधे रखा था। पिछले दिनों सिवनी में हड्डी गोदाम से बड़ी तादाद में बम गोले असलाह बरामद हुआ था। इसके तार दारोगा मोहल्ला के हादसे से जुड़ सकते हैं। हो सकता है दारोगा मोहल्ला में भी बन बनाने का काम चल रहा हो। सिवनी में बड़ी संख्या में बम मिलना वाकई चिंताजनक ही माना जाएगा।
सिवनी शहर में घनी आबादी में अगर इस तरह के हादसे हो रहे हों तो यह निश्चित तौर पर पुलिस की असफलता ही मानी जाएगी। बार बार चेताने के बाद भी किराएदारी या मुसाफिरी दर्ज कराना आवश्यक ना बनाया जाना और इसको कड़ाई से लागू ना किया जाना वाकई आश्चर्यजनक ही कहा जाएगा। कुछ माह पूर्व पुलिस महानिरीक्षक संजय झा ने जिले में किराएदारी की सूचना देना और मुसाफिरी दर्ज कराना अनिवार्य कर दिया था। दो वर्ष पूर्व भाजपा के युवा नेता नरेंद्र ठाकुर ने मुसाफिरी और किराएदारी अनिवार्य कराने की मांग की थी। विडम्बना ही कही जाएगी कि पुलिस प्रशासन और जिला प्रशासन ने इस ओर ध्यान देने की जहमत नहीं उठाई है। आज भी आई जी के निर्देशों के बाद भी पुलिस प्रशासन इस दिशा में ध्यान नहीं दे रहा है।
पुलिस महानिरीक्षक संजय झा के आदेश के उपरांत भी सिवनी में किराएदारी के सत्यापन का काम अभी तक आरंभ नहीं हो सका है, जो वाकई अपने आप में आश्चर्यजनक के साथ ही साथ अनेक संदेहों को जन्म देने के लिए पर्याप्त माना जा सकता है। दक्षिण भारत का एक कातिल हत्यारा सिवनी की अभिषेक कालोनी में ना केवल रहकर चला गया वरन् नगर पालिका परिषद ने सारी सीमाएं पार कर उसका राशन कार्ड तक बना दिया था। सिवनी शहर में माचिस का बल्क में स्टोरेज भी किसी दिन किसी अनहोनी को जन्म दे सकता है। इसका सबसे खतरनाक पहलु यह है कि यह आबादी वाला क्षेत्र है। साथ ही साथ महज दस कदम पर ही अनुग्रह गैस एजेंसी है। सिवनी में फटाखा व्यवसाई भी अपना माल कहां रखते हैं यह बात भी शोध का ही विषय है।
क्या कभी जिला प्रशासन ने कभी फटाखा व्यवसाईयों से यह पूछने की जहमत उठाई है कि वे अपना स्टोरेज कहां रखते हैं। दीपावली के पहले फटाखा व्यवसाईयों को ज्वलनशील फटाखे बेचने के लिए लाईसेंस दिया जाता है। दीप पर्व और ग्यारस के उपरांत जिन फटाखा व्यवसाईयों को लाईसेंस दिया जाता है उनसे यह पूछने की जहमत भी प्रशासन नहीं उठाता कि उनके पास कितना माल बचा है और वह उन्होंने कहां खुर्द बुर्द किया है।
सिवनी शहर के हड्डी गोदाम और बारापत्थर की एकता कालोनी में बम मिले और आरोपी भी। इसका मतलब साफ है कि अब शहर का कोई भी क्षेत्र सुरक्षित नहीं बचा है। हर ओर डर ही डर है कि पुलिस की मुखबिर सूचना तंत्र के पंगु होने के चलते और नेताओं तथा मीडिया पर्सन्स की अनावश्यक तांक झांक और दबाव के कारण ही शहर के हालात बद से बदतर हो चुके हैं।
पिछले दिनों एक के बाद एक हत्याएं होती रहीं, शहर दहल गया पर नहीं दहला तो पुलिस प्रशासन। जिले भर में अवैध शराब का विक्रय खुलेआम हो रहा है। ठेकेदार पुलिस की मिली भगत से गांव गांव में चार पहिया वाहन लगाकर शराब को बेच रहे हैं। लखनादौन, घंसौर, केवलारी, छपारा, आदेगांव यहां तक कि बादलपार में भी अवैध शराब बिकने की खबरें आम हो गई हैं। दो माह पहले हुई जिला सर्तकर्ता समिति की बैठक में भी यह बात जमकर उछली थी। विडम्बना ही कही जाएगी कि आज संपन्न हुई जिला योजना समिति की बैठक में एक बार फिर प्रभारी मंत्री को अवैध शराब के लिए ताकीद करना पड़ रहा है। जाहिर है कि जिले में आबकारी और पुलिस महकमा इन दिनों शराब ठेकेदारों के हाथों में नाच रहा है।

दीपावली और विधानसभा चुनाव दोनों ही जल्द होने वाले हैं। दीपावली में पटाखों का भण्डारण होगा, तो चुनाव में मसल पावर दिखाने के लिए हथियारों का जमकर इस्तेमाल हो सकता है। पुलिस ने असमाजिक तत्वों की फेहरिस्त तैयार कर ली है, जो सात आठ सौ के करीब बताई जा रही है। पता नहीं क्यों पुलिस इन्हें अपना मेहमान बनाने के लिए चुनाव की आचार संहिता लगने का इंतजार कर रही है। अगर कोई अवैध काम में लिप्त है तो उसे तो तत्काल ही धर दबोच लेना बेहतर होगा। इसके साथ ही साथ जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन से एक ही अपेक्षा है कि वह अपना गोपनीय सूचना तंत्र मजबूत करे, एवं साथ ही साथ किराएदारी तथा मुसाफिरी दर्ज करवाने के काम को प्राथमिकता के आधार पर संपन्न करवाया जाए, ताकि शहर में अमन चैन वापस लौट सके और नागरिक एक बार फिर चैन की सांस ले सकें।