शुक्रवार, 6 सितंबर 2013

पर्यावरण के नियमों को बलात ताक पर रख दिए हैं झाबुआ पावर ने

आदिवासियों को छलने में लगे गौतम थापर . . . 11

पर्यावरण के नियमों को बलात ताक पर रख दिए हैं झाबुआ पावर ने

वायदे के बाद अब तक एक भी पौधा नहीं लगाया कंपनी ने

(ब्यूरो कार्यालय)

घंसौर (साई)। मशहूर उद्योगपति गौतम थापर के स्वामित्व वाली अवंथा समूह की सहयोगी कंपनी झाबुआ पावर लिमिटेड द्वारा छटवीं अनुसूची में अधिसूचित आदिवासी बाहुल्य क्षेत्र घंसौर में डाले जा रहे 1260 मेगावाट के दो पावर प्लांट में पर्यावरण के नियमों को बलाए ताक रख दिया गया है। आश्चर्य इस बात पर है कि इसमें शासन प्रशासन सहित मध्य प्रदेश और केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण मण्डल भी गौतम थापर के कदम से कदम मिलाकर चल रहा है। देश के हृदय प्रदेश में एक तरफ उत्तर दक्षिण फोरलेन गलियारे में वन्य जीवों का आवागमन पेंच बना हुआ है तो दूसरी और दुर्लभ प्रजाति के काले हिरणों का घंसौर में डलने वाले इस संयंत्र के आसपास के क्षेत्र से पलायन भी मंत्री संत्रियों की जबरिया नींद में खलल नहीं डाल पा रहा है।
ज्ञातव्य है कि अवंथा समूह के अध्यक्ष और मुख्य कार्यकारी अधिकारी गौतम थापर हैं। अवंथा समूह पेपर निर्माण, फुड प्रोसेसिंग, इलेक्ट्रीकल इंजीनियरिंग, बिल्डिंग मैटेरियल जैसे क्षेत्र में काम करने वाला समूह है जिसकी परिसंपत्तियां खरबों रूपए से ज्यादा बताई जाती हैं। देश के मशहूर दून स्कूल में पले गौतम थापर की गिनती देश के सफलतम उद्योगपतियों में की जाती है।
घंसौर को देश की छटवीं अनूसूची में अधिसूचित क्षेत्र घोषित किया गया है। बावजूद इसके मध्य प्रदेश की शिवराज सरकार ने इस क्षेत्र को झुलसाने के लिए पर्याप्त व्यवस्था और सुरक्षा के उपाय किए बिना ही कोल आधारित तीन तीन पावर प्लांट को अनुमति दे दी है। इनमें से एक पावर प्लांट के तार तो टूजी घोटाले के मुख्य आरोपी आदिमत्थू राजा से सीधे सीधे जुड़े बताए जा रहे हैं। संभवतः यही कारण है कि राजा के जेल में रहने के कारण इस पावर प्लांट का काम अभी थाम दिया गया है।
प्रदूषण नियंत्रण मण्डल के आला अफसरान् के सामने ही कंपनी प्रबंधन ने इस बात को स्वीकारा कि वर्ष 2009 से अब तक उनके द्वारा वृक्षारोपण नहीं किया गया है। इतना ही नहीं कंपनी प्रबंधन ने इस बात को भी स्वीकारा कि अगर तब पौधे लगा दिए गए होते तो निश्चित तौर पर उनमें से साठ से सत्तर फीसदी पौधे आज जिंदा होते और उनकी उंचाई तीन चार फिट से ज्यादा हो गई होती। कंपनी ने हरित पट्टी बनाने कटिबद्धता तो दर्शाई पर इच्छुक कतई दिखाई नहीं दी। हरित पट्टी कब बनेगी इस बारे में कंपनी का मौन आश्चर्यजनक ही माना जा रहा है।
कंपनी ने आरंभ में अपने कार्यकारी सारांश में वायदा किया था कि पानी के स्त्रोत के लिए वह रानी अवंती बाई सागर परियोजना जबलपुर के बरगी बांध डूब क्षेत्र के गड़ाघाट और पायली गांव जो संयंत्र से दस किलोमीटर दूर दर्शाया गया है पर ही निर्भर करेगी। जब ग्रामीणों ने स्थानीय स्तर पर ही पानी के दोहन की बात कही तो कंपनी प्रबंधन चुप्पी साध गया। पर्यावरण के प्रभावों के बारे में कंपनी ने कोई चर्चा ही नहीं की।
गौतम थापर के स्वामित्व वाली कंपनी के सहयोगी प्रतिष्ठान द्वारा आदिवासी बाहुल्य घंसौर में लगाए जाने वाले इस संयंत्र में स्थानीय लोगों को रोजगार न दिया जाना आश्चर्यजनक ही है, जबकि जमीन अधिग्रहण के वक्त कंपनी ने लोक लुभावने वायदे किए थे। ग्रामीणों का आरोप है कि अब प्रबंधन के संयंत्र स्थित कारिंदे यह कहकर ग्रामीणों को भगा देते हैं कि वह वायदा उस वक्त के संयंत्र प्रमुख चितले ने किया था जो अब नहीं हैं। वर्तमान साईट प्रमुख मिश्रा को इससे कोई लेना देना ही नहीं है।

ग्रामीणों ने जब गौतम थापर के स्वामित्व वाली कंपनी के सहयोगी प्रतिष्ठान् द्वारा आदिवासी बाहुल्य घंसौर में लगाए जाने वाले पावर प्लांट के जिला मुख्यालय सिवनी के बजाए संभागीय मुख्यालय जबलपुर में कार्यालय होने की बात कही गई तो कंपनी प्रबंधन मौन ही रहा।

अंडर वर्ल्ड के गुर्गे आ सकते हैं सिवनी!

अंडर वर्ल्ड के गुर्गे आ सकते हैं सिवनी!

मोनिका बेदी की सुरक्षा के लिए फिकरमंद है अबू सलेम!

(दादू अखिलेंद्र नाथ सिंह)

सिवनंी (साई)। सिवनी जिले में अंडरवर्ल्ड के गुर्गों की आमद हो सकती है, इन संभावनाओं से इंकार नहीं किया जा सकता है। दरअसल, 15 सितम्बर को अंडरवर्ल्ड डॉन अबू सलेम की माशुका रहीं फिल्म अदाकारा मोनिका बेदी लखन कुंवर की नगरी में ठुमके लगाने आने वाली हैं। मोनिका बेदी की सुरक्षा की दृष्टि से सलेम के गुर्गे सिवनी में आमद दे सकते हैं।
प्रदेश की राजधानी भोपाल से समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया ब्यूरो से नंद किशोर ने खुफिया तंत्र के सूत्रों के हवाले से बताया कि खुफिया विभाग को इस बात की जानकारी मिली है कि अंडर वर्ल्ड डॉन अबू सलेम की माशुका रही मोनिका बेदी को मध्य प्रदेश के सिवनी जिले में लखन कुंवर की नगरी में ठुमके लगवाने के लिए बुलवाया जा रहा है।
सूत्रों ने साई न्यूज को आगे बताया कि इसके पहले पिछले साल भी लखन कुंवर की नगरी में नगर पंचायत अध्यक्ष के चुनावों के दौरान मोनिका बेदी को लखनादौन बुलवाने की बात सामने आई थी। सूत्रों की मानें तो उस वक्त भी खतरे की आशंका के चलते मोनिका बेदी को सिवनी न जाने का मशविरा दिया गया था।
सूत्रों की बातों में कितना दम है यह तो वे ही जाने पर पिछले साल नगर पंचायत लखनादौन के अध्यक्ष के चुनावों में भद्र महिला और कुशल ग्रहणी की छवि वाली निर्दलीय प्रत्याशी और लखनादौन नगर पंचायत के पूर्व अध्यक्ष दिनेश राय की मां श्रीमती सुधा राय के चुनावों में घोषणा के बाद भी मोनिका बेदी ने इसमें हिस्सा नहीं लिया था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार इस बार एक साल का कार्यकाल पूरा करने पर भद्र महिला, सुघड़ और कुशल ग्रहणी की भूमिका वाली श्रीमती सुधा राय के द्वारा अंडर वर्ल्ड डॉन अबू सलेम की माशुका को लखन कुंवर की नगरी आमंत्रित करने से लोगों को जबर्दस्त हैरानी हो रही है। लोगों का कहना है कि समझदार और स्वच्छ छवि वाली श्रीमती सुधा राय से किसी को भी इस तरह की उम्मीद कतई नहीं थी कि वे अंडरवर्ल्ड के लोगों से रिश्ता रखने वालों को लखनादौन बुलवाएंगी।
लखनादौन नगर परिषद् के एक पार्षद ने नाम उजागर न करने की शर्त पर कहा कि दरअसल, सुधा राय तो वाकई बहुत ही अच्छी और भोली-भाली हैं, पर उनकी खड़ांऊ कुर्सी पर रखकर उनके पुत्र दिनेश राय उर्फ मुनमुन द्वारा नगर पंचायत लखनादौन में अपनी मनमानी और गुण्डागर्दी चलाई जा रही है। बिना एग्रीमेंट के अगर दिनेश राय के ससुराल, हटा शहर के एक ठेकेदार द्वारा सड़क खोदी गई और कृषि उपज मण्डी की जमीन पर सब्जी मण्डी बनाई गई, नेशनल हाईवे पर बलात कॉम्पलेक्स बनवाया जा रहा है तो यह सब दिनेश राय की हठ धर्मिता ही है।
उधर, यह भी कहा जा रहा है कि अंडर वर्ल्ड डॉन अबू सलेम आज भी अपनी माशुका मोनिका बेदी पर जान छिड़कता है। मोनिका बेदी अगर सिवनी या लखनादौन आती हैं तो उनके साथ साए की तरह अंडरवर्ल्ड के ‘भाई लोग‘ भी सिवनी आ सकते हैं। अगर आलम यही रहा तो लखनादौन नगर परिषद् के इस तरह के जनता की अदालत में जाने के कार्यक्रम के चलते सिवनी में भाई लोगों की आदम रफत तेज हो सकती है जो सिवनी की शांत फिजां के लिए खतरे की घंटी से कम नहीं होगा।

बी.पी.चंद्रवंशी ने एसपी का पदभार संभाला

बी.पी.चंद्रवंशी ने एसपी का पदभार संभाला

(पीयूष भार्गव)


सिवनी (साई)। नवागत पुलिस अधीक्षक बी.पी.चंद्रवंशी ने आज अपना पदभार ग्रहण कर लिया है। पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आज उन्होंने अपने मातहतों से सौजन्य भेंट की। इस अवसर पर निर्वतमान पुलिस अधीक्षक मिथलेश शुक्ला भी उपस्थित थे। समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया ने निर्वतमान पुलिस अधीक्षक मिथलेश शुक्ला के उज्जवल भविष्य की कामना की। श्री शुक्ला ने कहा कि नवागत पुलिस अधीक्षक श्री चंद्रवंशी एक अनुभवी पुलिस अधीक्षक हैं, सिवनी को उनके अनुभवों का लाभ अवश्य ही मिलेगा।

टापू में तब्दील होता सिवनी

टापू में तब्दील होता सिवनी

(शरद खरे)

भगवान शिव के नाम से जाना जाता है सिवनी को। सिवनी एक समय में काफी हद तक समृद्धशाली समझा जाता रहा है। सिवनी की सबसे बड़ी खासियत यहां की रेल लाईन और शेरशाह सूरी के जमाने का उत्तर से दक्षिण को जोड़ने वाला मार्ग था। आजादी के उपरांत देश ने तेजी से तरक्की की। छोटी और मीटर गेज लाईन को ब्राडगेज में तब्दील किया जाने लगा। सिवनी का नंबर कब आएगा, यह सोचते सोचते ही आजादी के वक्त जवान रही पीढ़ी भगवान को प्यारी होती गई। सिवनी में ब्राडगेज की कमी पूरी करता रहा नेशनल हाईवे नंबर सात।
एनएच 07 सिवनी की जीवन रेखा से कम नही है। यह मार्ग उत्तर भारत को दक्षिण भारत से जोड़ता है। ब्राडगेज के अभाव में इस मार्ग का उपयोग माल ढुलाई के लिए सबसे ज्यादा किया जाता है। अटल बिहारी बाजपेयी प्रधानमंत्री बने तब इस मार्ग के दिन फिरे। अनेक षणयंत्रों के झटके झेलने के बाद भी यह मार्ग केंद्र सरकार के स्वर्णिम चर्तुभुज परियोजना के अंग उत्तर दक्षिण गलियारे का हिस्सा बना रहा।
हमें यह कहने में कोई संकोच नहीं है कि जबसे पूर्व केंद्रीय मंत्री सुश्री विमला वर्मा को उनके अपनों ने ही षणयंत्र के साथ सक्रिय राजनीति से हाशिए पर बिठा दिया है, तबसे सिवनी की अस्मत के साथ लगातार खिलवाड़ किया जाता रहा है। सालों साल प्रदेश और सिवनी में कांग्रेस की तूती बोलती आई है। विमला वर्मा के सियासी राजनीति से हटकर घर बैठते ही उनके अपने और उनकी आस्तीन में छिपे सपोलों ने फन काढ़ा और सिवनी के भविष्य के साथ खिलवाड़ आरंभ कर दिया।
उस दौरान कांग्रेस के दो या तीन शीर्ष नेताओं ने आपसे में जुगलबंदी कर ऐसा सियासी त्रिफला बनाया कि सिवनी के लोग इन नेताओं के समर्थन और विरोध के स्वांग में ही उलझकर रह गए। इसके बाद सिवनी की अस्मत को कथित तौर पर गिरवी रखने का षणयंत्र रचा गया। सिवनी को प्रदेश के बड़े क्षत्रपों के हाथों गिरवी रखकर इन लोगों ने खूब दावतें उड़ाईं, फाग गाए, जश्न मनाए। वस्तुतः सिवनी आज पूरी तरह अनाथ है तो उसके पीछे ये नेता कहीं न कहीं जवाबदेह जरूर हैं।
सिवनी में लोकसभा हुआ करती थी। ‘‘थी‘‘ शब्द का प्रयोग आज मजबूरी में इन्हीं नेताओं के कारण करना पड़ रहा है। जब सिवनी के विलोपन का प्रस्ताव ही नहीं था तो भला सिवनी लोकसभा विलोपित कैसे हो गई। कहां थे कांग्रेस के कथित ‘दिमाग‘ और ‘दिमागदार‘ लोग। क्या सिवनी से लोकसभा का विलोपन कांग्रेस के क्षत्रप ‘हरवंश सिंह‘ के कारण हुआ! अगर हुआ तो आप सिवनी के नागरिक पहले हैं कांग्रेस के सदस्य बाद में! क्या कारण था कि इस मामले को पार्टी फोरम में नहीं उठाया गया, और अगर उठाया गया तो क्या कारण था कि इसके विरोध में कांग्रेस से त्यागपत्र की झड़ी नहीं लगी! मतलब साफ है कि इस षणयंत्र के जगमगाते लट्टू में कहीं न कहीं इन नेताओं की बैटरी से भी करंट जा रहा था।
सिवनी में फोरलेन का षणयंत्र रचा गया। इसके लिए वर्ष 2009 में घोषित तौर पर तत्कालीन केंद्रीय भूतल परिवहन मंत्री कमल नाथ को दोषी करार दिया गया। सिवनी में कमल नाथ को इन्हीं नेताओं ने पुरानी फिल्मों के विलेन ‘प्रेम चौपड़ा, और शत्रुघ्न सिन्हा‘ बना दिया गया। कमल नाथ की प्रतीकात्मक शवयात्राएं निकाली गईं। जनमंच सिवनी एवं जनमंच लखनादौन ने मामले की नजाकत और गरम तवा देखकर इस मामले को लेकर सुप्रीम कोर्ट में दस्तक दी। सिवनी जिला इस मामले को लेकर सड़क में अडंगे के लिए कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कमल नाथ को ही जवाबदार मान रहा था। इसी बीच सर्वोच्च न्यायालय में जनमंच सिवनी की ओर से याचिका कर्ता वरिष्ठ कांग्रेसी नेता और अधिवक्ता आशुतोष वर्मा की ओर से अपील प्रस्तुत की गई। वहीं लखनादौन जनमंच के सरपरस्त बने दिनेश राय ने भी अपनी अपील दाखिल की। सिवनी जनमंच ने लोगों से चंदा किया, लखनादौन जनमंच शायद धन्ना सेठ था इसलिए उसने किसी से चंदा नहीं लिया और कुरई जनमंच शायद साधनों या चंदे के अभाव में कहीं नहीं जा सका।

आज सिवनी से बालाघाट, सिवनी से नागपुर, सिवनी से जबलपुर, सिवनी से कटंगी, सिवनी से मण्डला, सिवनी से छिंदवाड़ा रोड़ जब चाहे तब बंद हो जाता है। सांसद, विधायक, भाजपा, कांग्रेस, अन्य राजनैतिक दलों के साथ ही साथ सड़क की लड़ाई लड़ने वाले जनमंच के त्रिफला भी मौन हैं। शायद सिवनी जनमंच का चंदा खत्म हो गया, लखनादौन जनमंच का ध्यान चुनाव की ओर हो, और कुरई का जनमंच . . .। कुल मिलाकर पिस तो सिवनी की जनता ही रही है। समझ में नहीं आता कि नेता आखिर यह कैसे सोच लेते हैं कि उनकी साल दो या चार साल पहले की हरकतें जनता कैसे भूल सकती है? कल तक सिवनी की जनता को सड़क के मामले में भरमाने, कमल नाथ को विलेन बनाने वाले नेता आज मौन क्यों हैं? सिवनी में सड़क की लड़ाई लड़ने के बजाए नेता नागपुर, जबलपुर, दिल्ली, छिंदवाड़ा जाकर सड़क के बारे में चर्चा कर फोटो अखबारों में छपवाकर क्या यह जतलाना चाहते हैं कि वे सिवनी की सरजमीं छोड़कर अन्य जिलों में सिवनी की सड़कों के लिए फिकरमंदर हैं? सभी नेताजी जानते हैं कि सड़क के जर्जर होने से सिवनी टापू बन गया है, जनता कराह रही है, चुप है इसका मतलब यह नहीं कि वह बेवकूफ है, वह सब कुछ सह रही है और नवंबर में होने वाले विधानसभा चुनाव के इंतजार में है जब वह इन नेताओं को देगी अपना माकूल जवाब।

बुधवार, 4 सितंबर 2013

भद्र महिला के आंगन में ठुमके लगाएगी डॉन की माशुका!

भद्र महिला के आंगन में ठुमके लगाएगी डॉन की माशुका!

(दादू अखिलेंद्र नाथ सिंह)

सिवनी (साई)। लखनादौन में एक नया इतिहास बनने जा रहा है। एक नई परंपरा का आगाज़ होने जा रहा है। लखनादौन की प्रथम महिला श्रीमती सुधा राय की छवि एक भद्र महिला और सुघड़ ग्रहणी की है। बतौर नगर परिषद् अध्यक्ष एक साल का कार्यकाल पूरा होने पर इन्होंने जश्न मनाने का ऐलान किया है। इस जश्न में अंडर वर्ल्ड डॉन अबू सलेम की माशुका मोनिका बेदी लखनादौन आकर ठुमके लगाने वाली हैं, जिसकी बहुत अच्छी प्रतिक्रियाएं सामने नहीं आ रही हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार नगर परिषद् लखनादौन अपने सफलतम एक वर्ष पूर्ण होने के बाद, परिषद् की अध्यक्ष श्रीमती सुधा राय जनता की अदालत में आगामी 15 सितम्बर को उपस्थित हो रही हैं। इस दौरान परिषद् द्वारा बीते एक वर्ष के अंतराल में कराये गये विभिन्न निर्माण कार्याें एवं विकास कार्याें के साथ, साल भर का हिसाब किताब जनता के सामने प्रस्तुत किया जायेगा।
कहा जा रहा है कि अपने पुत्र दिनेश राय की परंपराओं पर चलते हुए सुधा राय भी जनमत नहीं तो पद नहीं की विचारधारा के साथ श्रीमति सुधा राय अपने बीते एक वर्ष के कार्यकाल के दौरान नगर में हुये विकास कार्याे से यदि जनता संतुष्ट नहीं होती तो अपनी पूर्व घोषणा के अनुसार तत्काल अपने पद से त्यागपत्र दे देंगी।
चर्चा है कि पिता या माता की परंपराओं को पुत्र या पुत्री आगे बढ़ाते हैं पर यहां तो उलट बंसी ही बज रही है। पुत्र की परंपराओं को माता जी द्वारा आगे बढ़ाया जा रहा है। एक समाचार पत्र में छपी खबर के अनुसार इस संदर्भ में पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष दिनेश राय ने बताया कि जनता की अदालत लगाने की परम्परा मेरे कार्यकाल से प्रारंभ की गई थी उसे आगे बढ़ाते हुये मेरी माताश्री भी अध्यक्ष रहते हुये इस परम्परा का निर्वाह करेंगी और जनता की बीच उपस्थित होकर पाई पाई का हिसाब देंगी, इस दौरान अगर जनता उनके कार्याे से संतुष्ट होती है तो वह उन्हें पुनः आगे कार्यकाल को पूरा करने का मौका देगी और अगर जनता संतुष्ट नहीं है तो वे वहीं अपना इस्तीफा दे देंगी।

बताया जाता है कि बीते वर्षाे की भांति इस वर्ष भी रात्रि 7 बजे से जनता की अदालत कार्यक्रम के साथ मुम्बई से आये फिल्मी कलाकारों का रंगारंग कार्यक्रम का आयोजन किया जावेगा। इस कार्यक्रम में मुम्बई से प्रसिद्ध फिल्मी अभिनेत्री रवीना टण्डन, मोनिका बेदी, फिल्म अभिनेता गुलशन ग्रोवर, भीष्म पितामह एवं शक्तिमान मुकेश खन्ना, कॉमेडी कलाकार किशोर भानुशाली, टी.व्ही.सीरियल बालिका बधु की किरदार आनंदी अभिका गौर, लॉफ्टर चेलेन्जर एवं सिवनी की शान कहे जाने वाले एहसान कुरैशी, जिले की प्रसिद्ध गायिका ऋतु पाठक, देवीगीत गायिका शहनाज़ अख्तर, के अलावा 10 प्रसिद्ध कलाकार अपने अपने ढंग से दर्शकों का मनोरंजन करेंगे।

हर जिले में भाजपा एक सीट छोड़ सकती है रामदेव बाबा के लिए

हर जिले में भाजपा एक सीट छोड़ सकती है रामदेव बाबा के लिए

(प्रदीप आर्य)

भोपाल (साई)। बाबा रामदेव और भारतीय जनता पार्टी के बीच जमकर खिचड़ी पक रही है। बाबा रामदेव ने भाजपा पर दबाव बनाया है कि स्वाभिमान पार्टी के लिए मध्य प्रदेश के हर जिले में एक सीट को छोड़ा जाए।

समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया के दिल्ली ब्यूरो से आकाश कुमार ने बताया कि बाबा रामदेव और भाजपा के शीर्ष नेताओं के बीच इस बात को लेकर सैद्धांतिक सहमति लगभग बन चुकी है कि प्रदेश में कुछ सीटों को बाबा रामदेव की स्वाभिमान पार्टी के लिए छोड़ा जाए। अब यह तय किया जाना बाकी है कि किन किन जिलों में कौन कौन सी सीटें इसके लिए छोड़ी जाएं।

करंट मारती बिजली

करंट मारती बिजली

(शरद खरे)

लोगों को बिजली, पानी, सुरक्षा, भोजन की व्यवस्था करना सरकार की महती जवाबदेही है। इसके लिए सरकार को हर स्तर पर हर संभव प्रयास करना आवश्यक होता है। सरकारों का दीन ईमान अब नहीं बचा है। यही कारण है कि सरकारें अब लोगों की बुनियादी जरूरतों की तरफ ध्यान देना मुनासिब नहीं समझती हैं। सरकारों को अपनी रियाया की कोई चिंता नहीं रह गई है।
बड़े बूढ़े बताते हैं कि जब देश पर ब्रितानी हुकूमत थी, उस वक्त लोगों द्वारा पानी और प्रकाश की मांग की जाती थी तो क्रूर शासक लोगों पर कोड़े बरसाते हुए यह कहते कि पानी और प्रकाश देना उनका काम नहीं है। पानी के लिए घरों में कुएं खोदो और प्रकाश की व्यवस्था स्वयं ही करो।
आज आजादी के साढ़े छः दशकों के बाद भी देश प्रदेश की हालत उस समय से बदतर ही नजर आ रही है। आज के समय में लोग पानी, बिजली, साफ सफाई आदि बुनियादी व्यवस्थाओं को तरस ही रहे हैं। इसमें सिवनी जिला कोई अपवाद की श्रेणी में नहीं आता है सिवनी जिले में भी पानी और प्रकाश का अभाव साफ दिखाई पड़ जाता है।
सूबे के निजाम 22 जून को सिवनी में अटल ज्योति अभियान का श्रीगणेश करके चले गए हैं। सरकार और भाजपा दावा कर रही है कि चौबीसों घंटे बिजली प्रदेश में मिलना आरंभ हो गई है। जमीनी हकीकत कुछ और ही कह रही है। सुबह सवेरे से दोपहर बारह बजे तक बिजली की आंख मिचौली जारी रहती है। कभी कभार शाम को भी बिजली आंख मारने लगती है सिवनी जिला मुख्यालय में।
केवलारी और बरघाट विधानसभा की हालत लाईट के मामले में बहुत ही दयनीय है। अटल ज्योति अभियान के आरंभ होने के बाद भी लाईट का बुरा हाल है दोनों ही विधानसभा क्षेत्रों में। दोनों ही विधानसभा क्षेत्रों के तीन दर्जन से ज्यादा गांव के वाशिंदे आजादी के बाद से लाईट के इंतजार में हैं।
इन गांवों में लाईट का न होना आश्चर्यजनक इसलिए भी है क्योंकि इन दोनों ही विधानसभा क्षेत्रों का प्रतिनिधित्व कांग्रेस और भाजपा के कद्दावर नेताओं ने विधानसभा और लोकसभा में किया है। आजादी के बाद साढ़े छः दशकों में भी कांग्रेस भाजपा के नुमाईंदों द्वारा लाईट के लिए इन गांव वालों की सुध न लिया जाना अपने आप में अनोखा ही मामला है।
विद्युत मण्डल के अधिकारी इन गांवों को वनबाधित ग्राम मानते हैं। वनबाधित क्या चीज होती है। जहां लोग रह रहे हैं, अगर वह वनबाधित क्षेत्र है तो उन्हें वहां से विस्थापित किया जाना चाहिए था, वस्तुतः जो हुआ नहीं। अगर विस्थापित नहीं किया गया तो उन्हें बिजली मुहैया करवानी चाहिए थी।
सरकारी चाल किस मंथर गति से चल रही है इसका साफ उदाहरण हैं ये गांव। इन गांवों में आजादी के उपरांत साढ़े छः दशकों में सरकारी नस्तियां परवान नहीं चढ़ पाई हैं, जो दुःखद है। एमपीईबी का कहना है कि वन विभाग इस क्षेत्र में केबल के माध्यम से लाईन डालने की बात कह रहा है पर विस्तृत प्राक्कलन में इसका जिकर नहीं है।
सरकारी स्तर पर बनाए गए विस्तृत प्राक्कलन या डीपीआर में क्या है, क्या नहीं है, इस बात से बेचारे ग्रामीणों को क्या लेना देना? ग्रामीण तो बस लाईट ही चाह रहे हैं। साढ़े छः दशकों में भी इन गांवों में रोशनी की किरण न पहुंच पाना, आश्चर्यजनक ही है। जब ग्रामीण स्तर पर यह हाल है तो भला कैसे मान लें कि कांग्रेस भारत निर्माण कर रही है और भाजपा का शाईनिंग इंडिया परवान चढ़ रहा होगा।
सरकारी स्तर पर दावे क्या हैं और इनकी जमीनी हकीकत क्या है इस बात के बारे में जनपद पंचायत घंसौर की अध्यक्ष चित्रलेखा नेताम की बात से स्थिति साफ हो जाती है। उनका कहना है कि एक लाईनमेन के भरोसे 45 गांव की व्यवस्था है। अगर यह सच है तो वाकई जमीनी हालात भयावह ही माने जाएंगे।
एक लाईनमेन भला 45 गांव की व्यवस्था कैसे संभाल सकता है। घंसौर में कुल 77 ग्राम पंचायत में 250 गांव हैं जिनमें लाईनमेन की तैनाती 15 है, इस लिहाज से चित्रलेखा नेताम का कहना सही ही साबित हो रहा है। हालात दयनीय और भयावह हैं, फिर भी मोटी चमड़ी वाले राजनेता और नौकरशाहों के कानों में जूं भी नहीं रेंग रही है।
घंसौर की स्थिति का अंदाजा सहज ही लगाया जा सकता है कि छोटा सा भी फाल्ट आने पर उसे सुधारने में हफ्तों लगना आम बात होगी। घंसौर जहां कि तीन तीन पावर प्लांट प्रस्तावित हैं, जिनकी ठेकेदारी वहीं के नेता नुमा ‘दबंग‘ कर रहे हैं, पर उन्हें भी गांव वालों की सुध लेने की फुर्सत नहीं है।

 बारिश के मौसम में कीट पतंगों का भय सदा ही बना रहता है। अंधेरे में लोग इनसे दो चार भी हो रहे हैं। गांवों में बिजली की समस्या बहुत ज्यादा होती है। इस बात से इंकार नहीं किया जा सकता है। युवा एवं उत्साही जिला कलेक्टर भरत यादव से अपेक्षा की जाती है कि जिस तरह वे एक एक कर सारे विभागों की मश्कें कस रहे हैं, उसी क्रम में वे मध्य प्रदेश विद्युत मण्डल को भी अपनी प्राथमिकता पर रखें और जमीनी हालातों पर गौर फरमाकर कुछ ऐसे उपाय करें ताकि गांव के लोग भी बिजली का लाभ ले सकें।

मंगलवार, 3 सितंबर 2013

जहरीली हो जाएगी मध्य प्रदेश की जीवन रेखा

आदिवासियों को छलने में लगे गौतम थापर . . .10

जहरीली हो जाएगी मध्य प्रदेश की जीवन रेखा

झाबुआ पावर की राख घोलेगी बरगी बांध में जहर, हो जाएगा पानी जहरीला

(ब्यूरो कार्यालय)

घंसौर (साई)। देश के मशहूर उद्योगपति गौतम थापर के स्वामित्व वाले अवंथा समूह के सहयोगी प्रतिष्ठान् झाबुआ पॉवर का सिवनी जिले की आदिवासी बाहुल्य तहसील घंसौर में प्रस्तावित कोल आधारित पॉवर प्लांट से बड़ी तादाद में उड़ने वाली राख न केवल आसपास के जंगलों को प्रभावित करेगी वरन् यह विशाल जल संग्रह क्षमता वाले रानी अवंती सागर परियोजना के बरगी बांध के पानी में जहर घोलने का काम करेगी। गुपचुप जन सुनवाई कर प्रदूषण नियंत्रण मण्डल की अनापत्ति प्रमाण पत्र पाने का सिलसिला अभी थमा नहीं है।
उल्लेखनीय है कि नर्मदा मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र और गुजरात राज्यों से होकर बहती हैं लेकिन नदी का 87 प्रतिशत जल प्रवाह मध्यप्रदेश में होने से, इस नदी को मध्यप्रदेश की जीवन रेखा कहा जाता है। आधुनिक विकास प्रक्रिया में मनुष्य ने अपने थोड़े से लाभ के लिए जल, वायु और पृथ्वी के साथ अनुचित छेड़-छाड़ कर इन प्राकृतिक संसाधनों को जो क्षति पहुंचाई है, इसके दुष्प्रभाव मनुष्य ही नहीं बल्कि जड़ चेतन जीव वनस्पतियों को भी भोगना पड़ रहा है। नर्मदा तट पर बसे गांव, छोटे-बड़े शहरों, छोटे-बड़े औद्योगिक उपक्रमों और रासायनिक खाद और कीटनाशकों के प्रयोग से की जाने वाली खेती के कारण उद्गम से सागर विलय तक नर्मदा प्रदूषित हो गई है और नर्मदा तट पर तथा नदी की अपवाह क्षेत्र में वनों की कमी के कारण आज नर्मदा में जल स्तर भी 20 वर्ष पहले की तुलना में घट गया है।
ऐसे में नर्मदा को प्रदूषण मुक्त करना समय की सबसे बड़ी जरूरत बन गई है, लेकिन मध्यप्रदेश, गुजरात और महाराष्ट्र की सरकारें औद्योगिक और कृषि उत्पादन बढ़ाने के लिए नर्मदा की पवित्रता बहाल करने में ज्यादा रुचि नहीं ले रही हैं। नर्मदा का उद्गम स्थल अमरकंटक भी शहर के विस्तार और पर्यटकों के आवागमन के कारण नर्मदा जल प्रदूषण का शिकार हो गया है। इसके बाद, शहडोल, बालाघाट, मण्डला, डिण्डोरी, जबलपुर, नरसिंहपुर, होशंगाबाद, हरदा, खण्डवा, खरगोन आदि जिलों से गुजरती हुई नर्मदा महाराष्ट्र और गुजरात की ओर बहती है, लेकिन इन सभी जिलों में नर्मदा को प्रदूषित करने वाले मानव निर्मित सभी कारण मौजूद हैं।
अमलाई पेपर मिल शहडोल, अनेक शहरों के मानव मल और दूषित जल का अपवाह, नर्मदा को प्रदूषित करता है। सरकार ने औद्योगीकरण के लिए बिना सोचे समझे जो निति बनाई उससे भी नर्मदा जल में प्रदूषण बड़ा है, होशंगाबाद में भारत सरकार के सुरक्षा क़ागज कारखाने बड़वानी में शराब कारखाने से उन पवित्र स्थानों पर नर्मदा जल गंभीर रूप से प्रदूषित हुआ है। गर्मी में अपने उद्गम से लेकर, मण्डला, जबलपुर, बरमान घाट, होशंगाबाद, महेश्वर, ओंकारेश्वर, बड़वानी आदि स्थानों पर प्रदूषण विशेषज्ञों ने नर्मदा जल में घातक बेक्टेरिया और विषैले जीवाणु पाए जाने की ओर राज्य सरकार का ध्यान आकर्षित किया है।

दिनेश राय ने बंद कराया था एनएच

दिनेश राय ने बंद कराया था एनएच

(अखिलेश दुबे)

सिवनी (साई)। सिवनी में फोरलेन पर लगे ग्रहण को दूर करने की दिशा में लखनादौन जनमंच ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। लखन कुंवर की नगरी उत्तर दक्षिण कॉरीडोर पर एक गेटवे का काम करती है। लखनादौन के युवा एवं उत्साही दिनेश राय उर्फ मुनमुन ने सिवनी जिले से होकर गुजरने वाले फोरलेन से बाधा हटवाने के लिए पैसा पानी की तरह बहाया, यहां तक कि उन्होंने एनएच को ही चक्का जाम के तहत बंद करवा दिया था।
बताया जाता है कि सिवनी के लोगों के मन में जब फोरलेन की कसक तेजी से उठ रही थी, उसी दौरान लखनादौन जनमंच का आगाज़ कर दिनेश राय उर्फ मुनमुन ने खवासा से नरसिंहपुर तक के मार्ग की बाकायदा वीडियोग्राफी करवाकर उसे अपने अधिवक्ता के माध्यम से सर्वोच्च न्यायालय में पेश किया था। दिनेश राय द्वारा कई मर्तबा पत्रकारों के दल को भी दिल्ली ले जाया जाकर सर्वोच्च न्यायालय को न केवल कार्यवाही से अवगत करवाया था, वरन उन्होंने अपने अधिवक्ता से भी मीडिया को मिलवाकर सारी शंकाओं कुशंकाओं को दूर करवाने का प्रयास किया था। यह सब उन्होंने अपने खुद के खर्च पर ही किया था।
जब पानी सर से उपर जाने लगा तो दिनेश राय मुनमुन के नेतृत्व में सिवनी से लखनादौन, लखनादौन से जबलपुर और नरसिंहपुर तथा घंसौर मार्ग को ही अवरूद्ध कर दिया गया। यह चक्का जाम इस कदर प्रभावी था कि जिला प्रशासन सिवनी को इसके सामने झुकना पड़ा। तत्कालीन जिला कलेक्टर मनोहर दुबे ने तत्कालीन अतिरिक्त जिला दण्डाधिकारी अलका श्रीवास्तव को इस चक्का जाम को खुलवाने लखनादौन भेजा।

उस वक्त दिनेश राय मुनमुन के हवाले से मीडिया में इस बात को जमकर प्रचारित किया गया था कि तत्कालीन अतिरिक्त जिला दण्डाधिकारी अलका श्रीवास्तव द्वारा इस चक्का जाम को खुलवाने के एवज में उन्हें यह बात लिखकर दी थी कि जल्द ही इस मार्ग का काम आरंभ किया जाएगा। उस वक्त मीडिया में यह बात जमकर प्रचारित हुई थी कि दिनेश राय के उक्त कदम से जिला प्रशासन घुटनों पर झुक गया और फोरलेन निर्माण की सारी बाधाएं लगभग हट गई हैं।

चुनाव पूर्व ही हिलने लगीं भाजपा संगठन की चूलें!

चुनाव पूर्व ही हिलने लगीं भाजपा संगठन की चूलें!

रजनीश के संरक्षण से डकर रहे हैं छपारा कलॉ के सचिव और शिक्षक पटेल, लखनादौन नगर परिषद् के मामले में मौन है संगठन!

(संजीव प्रताप सिंह)

सिवनी (साई)। लगभग दो दशकों से सिवनी में एक छत्र राज्य करने वाली भाजपा के लिए आने वाले चुनाव काफी हद तक सरदर्दी वाले साबित हो सकते हैं। भाजपा के चुने हुए जनसेवकों ने जिस तरह से कार्यकर्ताओं और रियाया की उपेक्षा की है वे बातें अब खुलकर सामने आने लगी हैं। कल तक भाजपा पर यह आरोप लगता रहा है कि वह कांग्रेस के क्षत्रप रहे हरवंश सिंह ठाकुर के इशारों पर चलती आई है, वह दाग अभी तक धुल नहीं सका है। भाजपा की ओर से सिवनी में एक भी मंत्री नहीं है, तीन विधायक और एक सांसद हैं जो इस दिशा में मौन साधे बैठे हैं ऐसी स्थिति में लोगों की संगठन से ही आस बनी हुई है।
सिवनी जिले में भाजपा संगठन की ओर से अनुशासनहीनता करने वालों के साथ भी लचीला रवैया अपनाया जाता रहा है। इसके साथ ही साथ पिछले चार पांच सालों में अनेक प्रसंग ऐसे भी आए हैं जब भाजपा ने कांग्रेस को घेरने के बजाए देश के प्रधानमंत्री डॉ.मनमोहन सिंह पर तोहमत लगाई है। भाजपा के नेता और प्रवक्ता यह भूल जाते हैं कि कांग्रेस को कोसने के लिए प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर पर पदाधिकारी और प्रवक्ता मौजूद हैं। सिवनी जिला इकाई का काम जिला स्तर तक ही सीमित रहना चाहिए।

नगर पालिका के मामले में शांत है भाजपा
जिला मुख्यालय में नगर पालिका परिषद् पर भाजपा का कब्जा है। सिवनी के लोगों को पीने तक को साफ पेयजल मुहैया नहीं है। लोग डायरिया, हैजा, मलेरिया, आंत्रशोध, डेंगू आदि की जद में हैं। अस्पताल और निजी चिकित्सकों की ओपीडी पूरी तरह ओव्हर लोडेड नजर आ रही है। शहर में सुअरों का बोलबाला है। यहां तक कि भारतीय जनता पार्टी के कार्यालय के इर्द गिर्द ही आवारा मवेशी, सुअर और कुत्तों का डेरा बना रहता है। बावजूद इसके भाजपा संगठन अपने ही दल की सत्ता को शहर के लोगों को साफ पानी पिलाने पाबंद नहीं कर पा रहा है।

छपारा कलॉ के सचिव पर नहीं करवा पा रही कार्यवाही
वहीं, दूसरी ओर छपारा कलॉ के सचिव लक्ष्मण सिंह राजपूत के खिलाफ समूची ग्राम पंचायत ने आवेदन देकर उसे हटाने की मांग की है। बताया जाता है कि लक्ष्मण सिंह राजपूत को बर्रा दरबार का सियासी संरक्षण प्राप्त है। यह बात भाजपा के छपारा संगठन से शायद ही छिपी हुई हो। बर्रा दरबार का सीधा संबंध कांग्रेस से है। छपारा जनपद के सीईओ शफी अहमद कुरैशी इसके पहले छिंदवाड़ा में पदस्थ रह चुके हैं। जब उनकी तैनाती छिंदवाड़ा में थी उस समय छिंदवाड़ा के प्रभारी मंत्री हरवंश सिंह हुआ करते थे। उस दौरान भाजपा के नेताओं की शिकायत के बाद भी शफी अहमद कुरैशी का बाल भी बांका नहंी हुआ था। संभवतः अपने पुराने एहसानों का बदला चुकाने की जुगत में वे छपारा कलॉ के सचिव के खिलाफ कोई कार्यवाही करने से हिचक रहे हैं। इस संबंध में भी भाजपा संगठन का मौन आश्चर्यजनक है क्योंकि संगठन द्वारा परोक्ष तौर पर सचिव के खिलाफ कार्यवाही न करवाकर कांग्रेस को ही लाभ पहुंचाया जा रहा है।

जिले में बिक रही अवैध शराब! संगठन बौना
जिले भर में अवैध शराब चौपाया वाहनों के माध्यम से बिक रही है, पर भाजपा संगठन इस मामले में कोई कदम नहीं उठा पा रहा है। अवैध शराब के कारोबार में भाजपा सहित अन्य राजनैतिक दलोें के कारिंदों के साथ ही साथ निर्दलीय रूप से भाजपा को हैरान परेशान करने वाले नेताओं का भी समावेश है। जिला सतर्कता समिति की बैठक में लखनादौन विधायक के प्रतिनिधि प्रदीप पटेल सहित अनेक नेता इस बात को रेखांकित कर चुके हैं कि सिवनी में चौपहिया वाहनों के माध्यम से अवैध शराब का कारोबार चरम पर है। बावजूद इसके भाजपा की ओर से कोई कार्यवाही न होना आश्चर्य जनक ही माना जा रहा है।

डेंगू के मामले में निष्क्रिय है संगठन
सिवनी और लखनादौन विधायकों के पति सिवनी में स्वास्थ्य विभाग में तैनात हैं। लखनादौन एमएलए शशि ठाकुर के पति डॉ.वाय.एस.ठाकुर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी तो सिवनी विधायक श्रीमती नीता पटेरिया के पति डॉ.एच.पी.पटेरिया जिला मलेरिया अधिकारी के पद पर पदस्थ हैं। भाजपा संगठन ने कभी अपने विधायकों से यह नहीं पूछा है कि आखिर उन्हें जनता ने क्यों चुना है? क्या वजह है कि जिला चिकित्सालय में अराजकता को दूर करने में विधायक पति नाकाम रहे हैं? क्या कारण है कि सिवनी में जिला चिकित्सालय में बात बात पर पैसा मांगा जाता है, चिकित्सा कर्मियों द्वारा। डेंगू मलेरिया के मामलों में बेतहाशा बढ़ोत्तरी हो रही है, पर भाजपा मौन अख्तियार किए हुए है।

लखनादौन के मामले में भाजपा संगठन मौन!
भाजपा संगठन की सबसे आश्चर्य जनक चुप्पी लखनादौन मामले को लेकर दिख रही है। लखनादौन में नगर परिषद् में भाजपा ने बुरी तरह मुंह की खाई है। इसके पहले नगर परिषद् लखनादौन के पूर्व अध्यक्ष और वर्तमान अध्यक्ष दिनेश राय मुनमुन ने भाजपा की सिवनी विधायक श्रीमती नीता पटेरिया को विधानसभा चुनावों में नाकों चने चबवा दिए थे। भाजपा संगठन के पास यह माकूल मौका था जब वे अपनी पराजय का बदला ले सकते थे। लखनादौन मंे बिना एग्रीमेंट के सड़क का निर्माण किया गया था, वह भी शहर के हृदय स्थल में। शहर में कथित तौर पर कृषि उपज मण्डी की जमीन पर सब्जी मण्डी बना दी गई वह भी न्यायालय के स्थगन के उपरांत। इन सारे मामलों में भाजपा तब मौन बैठी रही जबकि संगठन के संज्ञान में समूची बातें लाई गई थीं।

दिनेश पटेल बन गए हैं मीर!
कहा जाता है कि केवलारी के कांग्रेसी क्षत्रप स्व.हरवंश सिंह के करीबी होने का फायदा उठाने वाले शिक्षक दिनेश पटेल मानवाधिकार संगठन से जुड़े हुए हैं। बताया जाता है कि उन्होंने इसके लिए विभागीय अनुमति तक नहीं ली है। वे अपने पद का दुरूपयोग कर लोगों को हलाकान करने से नहीं चूक रहे हैं। बावजूद इसके भाजपा संगठन द्वारा कांग्रेस के करीबी बताने वाले इस शिक्षक के खिलाफ कोई कार्यवाही न करना क्या इस बात की ओर इंगित करता है कि भाजपा संगठन की पकड़ प्रशासनिक स्तर पर कमजोर पड़ चुकी है।

यौन शिक्षा पर सेमीनार

यौन शिक्षा पर सेमीनार

(शरद खरे)

स्तरीय शिक्षा के लिए मशहूर मिशन उच्चतर माध्यमिक शाला का अपना एक इतिहास रहा है। जब तक जे.के.सिंह यहां प्राचार्य रहे तब तक शाला का स्तर देखने लायक था। उसके उपरांत एम.के.सिंह ने भी उसी परंपरा को बरकरार रखा। आजादी के उपरांत मिशनरी शालाओं में शिक्षा का स्तर और अनुशासन दोनों ही काबिले तारीफ हुआ करते थे। कालांतर में मिशनरी शालाओं का स्तर एकाएक गिरना आरंभ हो गया। इक्कीसवीं सदी के आगाज़ के साथ ही सिवनी के लोगों के सामने यह समस्या आ खड़ी हुई के वे अपने बच्चों को हायर सेकन्डरी तक की शिक्षा दिलवाएं तो दिलवाएं कहां।
इसी बीच मिशनरी की एक नई संस्था का अभ्युदय हुआ। सेंट फ्रांसिस ऑफ एसिसी स्कूल ने सिवनी में अपनी आमद दी। आरंभ में इस शाला से अभिभावक ज्यादा तादाद में नहीं जुड़े, पर देखते ही देखते इस शाला ने अपनी धाक शिक्षा के क्षेत्र में जबर्दस्त बना ली। इस शाला में अनुशासन का डंडा चला और बच्चों के अंदर शिक्षा को लेकर एक आकर्षण के साथ ही साथ स्तरीय शिक्षा और अनुशासित रहने का पाठ पढ़ने को मिला। पूर्व प्राचार्य सेबी सिस्टर द्वारा इस अनुशासन को कठोरतम स्तर तक ले जाया गया। पीठ पीछे आज भी अभिभावक उनके अनुशासन की तारीफ करते नहीं अघाते।
वर्तमान प्राचार्य सिस्टर रश्मि ने कुछ लचीला किन्तु सख्त रवैया अपनाया हुआ है। सिस्टर रश्मि का यह रवैय्या शाला के अंदर बच्चों के बहुमुखी विकास में बेहतर भूमिका निभा रहा है इस बात से इंकार नहीं किया जा सकता है। संस्था के प्रबंधक फादर जयप्रकाश ने दोनों ही प्राचार्य के साथ काम किया है। उनके कुशल मार्गदर्शन में आज सेंट फ्रांसिस ऑफ एसिसी स्कूल ने प्रौढ़ हो रही पीढ़ी के दिलो दिमाग में मिशन शाला के प्राचार्य जे.के.सिंह, और एम.के.सिंह के अनुशासन और स्तर की यादें तरोताजा कर दी हैं। फादर जय प्रकाश प्रयोगवादी हैं। उन्होंने बच्चों के बहुमुखी विकास को लेकर अनेक प्रयोग किए जो सफल भी रहे।
आज सिवनी में सेंट फ्रांसिस ऑफ एसिसी स्कूल में अध्ययन् करना उसी तरह का स्टेटस सिंबल बन चुका है जिस तरह अस्सी के दशक तक मिशन उच्चतर माध्यमिक शाला में पढ़़ना होता था। इस शाला ने जिला मुख्यालय की बाकी शालाओं को काफी पीछे छोड़ दिया है। आज इस शाला के पास आउट या पढ़ने वाले बच्चे आत्मविश्वास से लवरेज नजर आते हैं। जिला मुख्यालय में कहने को तो केंद्रीय शिक्षा बोर्ड से मान्यता प्राप्त अनेक शालाएं हैं किन्तु सेंट फ्रांसिस ऑफ एसिसी स्कूल की बात अपने आप में अलग ही मानी जा सकती है।
बीते 31 अगस्त को इस शाला में बालिकाओं के लिए यौन शिक्षा पर एक सेमीनार का आयोजन किया गया। इस आयोजन के लिए शाला प्रबंधन विशेष रूप से शाला के प्रबंधक फादर जय प्रकाश और प्राचार्य सिस्टर रश्मि बधाई की पात्र हैं। दरअसल, बारह साल की आयु के उपरांत बालिकाओं में यौन परिवर्तन आरंभ होते हैं। ये परिवर्तन वाकई इस आयु के बच्चों के लिए जिज्ञासा का विषय होते हैं। जिन शालाओं मेें कोएड एजूकेशन (छात्र छात्राएं साथ अध्ययन करते हैं) है वहां इन परिवर्तनों में विपरीत लिंग का आकर्षण बहुत मायने रखता है।
यह आयू कच्ची मिट्टी के मानिंद मानी जाती है। इस आयु में बच्चे को जिस तरफ ले जाया जाए वह बहुत ही आसानी से उस दिशा में मुड़ जाती है। बड़े शहरों में बारह से अट्ठारह साल की आयु के बच्चों के अश्लील एमएमएस से इंटरनेट पटा पड़ा है। पहले लोग विदेशी लोगों के एमएमएस देखा करते थे पर अब तो खालिस देशी विद्यार्थियों के एमएमएस डले हैं इंटरनेट और युवाओं के मोबाईल पर। सिवनी भी इससे अछूता नहीं है। पुलिस ने शालेय स्तर के कई युगलों को निर्जन स्थल पर रासलीला करते पकड़ा है। गत दिवस एक कार में भी पुलिस ने एक जोड़े को आपत्तिजनक अवस्था में पकड़ा और पालकों के पास ले जाकर समझाईश देकर छोड़ दिया। देखा जाए तो उन पुलिस वालों को सेल्यूट् करना चाहिए जिन्होंने ऐसा किया, वरना पुलिस चाहती तो उनसे मनमाने पैसे वसूल सकती थी।
शहर और उपनगरीय क्षेत्र विशेषकर पॉलीटेक्टिनक मैदान, बाबूजी नगर के पीछे के खेत, बरघाट रोड बंजारी माई, पुराना और नया बाईपास, बबरिया तालाब, शंकराचार्य पार्क, ड्रीम लैंड, साई मंदिर नगझर, स्टेडियम के इर्द गिर्द आदि निर्जन स्थलों पर प्रेमी युगल आपस में आपत्तिजनक हालत में शालेय गणवेश में ही उलझे रहते हैं। इससे विद्यार्थियों के साथ ही साथ शाला की भी बदनामी होती है। अक्सर देखा गया है कि कम उम्र में ही पढ़ाई लिखाई को तिलांजली देकर छोटा मोटा व्यवसाय आरंभ करने वाले युवा ही इन कोमलांगी बालाओं को अपना शिकार बनाते हैं, फिर भावनाओं में बहाकर उनके साथ अवैध संबंध तक स्थापित कर लेते हैं।
बहरहाल, सेंट फ्रांसिस ऑफ एसिसी स्कूल ने यौन शिक्षा पर बालिकाओं को रूबरू कराकर एक अभिनव कदम उठाया है, शाला प्रबंधन बधाई का पात्र है इस पुनीत काम के लिए। जिले के संवेदनशील जिला कलेक्टर से भी अपेक्षा है कि जिले में हाई और हायर सेकेंडरी स्तर तक की हर शाला को निर्देशित किया जाए कि वे भी इस तरह के सेमीनार आयोजित कर बच्चियों को जागरूक करने की दिशा में पहल करें। इस तरह के सेमीनार में उस शाला के पुरूष शिक्षकों का छात्राओं के प्रति रवैया विशेष तौर पर गौर किया जाना चाहिए, क्योंकि शिक्षक भी पथ भ्रष्ट होकर अपनी इच्छाओं की पूर्ति के लिए इन बालाओं को गलत रास्ते पर धकेल सकते हैं। पालकों को भी बच्चों के साथ दोस्ताना व्यवहार रखते हुए समय समय पर अपने बच्चों से शिक्षकों की हरकतंों के बारे में जानकारी हासिल करते रहना चाहिए।