गुरुवार, 12 सितंबर 2013

समतल हो जाएगा बरगी बांध!

आदिवासियों को छलने में लगे गौतम थापर . . . 14

समतल हो जाएगा बरगी बांध!

25 लाख टन राख जाएगी बरगी बांध के पानी में!

(ब्यूरो कार्यालय)

घंसौर (साई)। मशहूर उद्योगपति गौतम थापर के स्वामित्व वाले अवंथा समूह के सहयोगी प्रतिष्ठान मेसर्स झाबुआ पावर लिमिटेड के द्वारा मध्य प्रदेश के सिवनी जिले में केंद्र की छठवीं अनुसूची में शामिल आदिवासी विकासखण्ड घंसौर के ग्राम बरेला में डाले जाने वाले कोल आधारित पावर प्लांट के कहर से अभी क्षेत्रीय नागरिक अनजान ही नजर आ रहे हैं। मध्य प्रदेश सरकार के प्रदूषण नियंत्रण मण्डल को अपने इशारों पर नचाने वाले संयंत्र प्रबंधन द्वारा नागरिकों के स्वास्थ्य के साथ ही साथ पर्यावरण का जबर्दस्त नुकसान किए जाने की आशंकाएं जताई जा रही हैं।
देश की नामी गिरामी कंपनियों में अवंथा समूह के सहयोगी प्रतिष्ठान झाबुआ पावर लिमिटेड के द्वारा मध्य प्रदेश की संस्कारधानी जबलपुर से महज 100 किलोमीटर दूर आदिवासी बाहुल्य तहसील घंसौर में स्थापित किए जाने वाले पावर प्लांट से नर्मदा नदी पर बने रानी अवन्ती बाई सागर परियोजना (बरगी बांध) पर पानी के जबर्दस्त प्रदूषण का खतरा मण्डराने लगा है। गौरतलब है कि बरगी बांध में अथाह जलराशि समाहित है, जिससे जबलपुर, नरसिंहपुर, होशंगाबाद, भोपाल, खण्डवा आदि जिलों के किसान न केवल खेती करते हैं वरन् मध्य प्रदेश की इस जीवन रेखा से अपनी प्यास भी बुझाते हैं।
कहा जा रहा है कि अगर इस संयंत्र ने काम आरंभ कर दिया तो इस प्लांट से उड़ने वाली राख से बरगी बांध की तलहटी में कुछ माहों के अन्दर ही ढेर सारी सिल्ट जमा हो जाएगी और पानी प्रदूषित होने की संभावना बलवती हो जाएगी। इससे आदिवासी बाहुल्य तहसील घंसौर के निवासियों को श्वास की समस्याओं से दो चार भी होना पड़ सकता है। महज चंद सालों में ही इस संयंत्र से उड़ने वाली राख से बरगी बांध समतल मैदान में तब्दील हो जाएगा। इस पावर प्लांट के लिए आवश्यक जलापूर्ति बरगी बांध के सिवनी जिले के जल भराव क्षेत्र गड़ाघाट और पायली से की जाएगी।
समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया के दिल्ली ब्यूरो से मणिका सोनल ने केंद्रीय उर्जा मंत्रालय के सूत्रों के हवाले से कहा कि प्रस्तावित संयन्त्र के दो चरणों में लगने वाले प्लांट द्वारा प्रतिदिन 1706 टन राख उत्सर्जित की जाएगी, जिसे बायलर के पास से ही एकत्र किया जा सकेगा। समस्या लगभग 1000 फिट उंची चिमनी से उड़ने वाली राख (फ्लाई एश) की है। इससे रोजना 6832 टन राख उड़कर आसपास के इलाकों में फैल जाएगी। 1000 फिट की उंचाई से उड़ने वाली राख कितने डाईमीटर में फैलेगी इस बात का अन्दाजा लगाने मात्र से सिहरन हो उठती है। सूत्रों का कहना है कि कंपनी ने अपने प्रतिवेदन में हवा का रूख जिस ओर दर्शाया है, संयन्त्र से उस ओर बरगी बांध है।
जानकारों का कहना है कि 6832 टन राख प्रतिदिन उडे़गी जो साल भर में 24 लाख 93 हजार 680 टन हो जाएगी। अब इतनी मात्रा में अगर राख बरगी बांध के जल भराव क्षेत्र में जाएगी तो चन्द सालों में ही बरगी बांध का जल भराव क्षेत्र मुटठी भर ही बचेगा। यह उड़ने वाली राख आसपास के खेत और जलाशयों पर क्या कहर बरपाएगी इसका अन्दाजा लगाना बहुत ही दुष्कर है। इस बारे में पावर प्लांट की निर्माता कंपनी ने मौन साध रखा है।

इतना ही नहीं प्रतिदिन बायलर के पास एकत्र होने वाली 1706 टन राख जो प्रतिमाह में बढ़कर 52 हजार 886 टन और साल भर में 6 लाख 23 हजार टन हो जाएगी उसे कंपनी कहां रखेगी, या उसका परिवहन करेगी तो किस साधन से, इस बारे में भी झाबुआ पावर लिमिटेड ने चुप्पी ही साध रखी है। अगर राख को संयंत्र के आसपास ही डम्प कर रखा जाएगा तो वहां के खेतों की उर्वरक क्षमता प्रभावित हुए बिना नहीं रहेगी और अगर परिवहन किया जाता है तो घंसौर क्षेत्र की सड़कों के धुर्रे उड़ना स्वाभाविक ही है।

नौ दिन चले अढ़ाई कोस की तर्ज पर बन रहा जिला कांग्रेस का भवन!

नौ दिन चले अढ़ाई कोस की तर्ज पर बन रहा जिला कांग्रेस का भवन!

अंर्तकलह में उलझी डीसीसी को परवाह नहीं कमल नाथ की साख की!

(महेश रावलानी)

सिवनंी (साई)। महाकौशल के कद्दावर नेता और केंद्रीय मंत्री कमल नाथ की साख की जिला कांग्रेस कमेटी को कितनी परवाह है इस बात का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि लगभग तीन माह बीत जाने के बाद भी जिला कांग्रेस कमेटी के भवन का निर्माण आरंभ नहीं हो सका है, जबकि कमल नाथ ने 13 जून को सिवनी दौरे के दरम्यान नगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष इमरान पटेल की गुजारिश पर सिवनी में डीसीसी भवन का काम एक माह के अंदर ही आरंभ करवाने की घोषणा की थी।
गौरतलब है कि सिवनी जिला कांग्रेस कमेटी के लिए भवन हेतु भूखण्ड काफी पहले जिला पंचायत अध्यक्ष के जबलपुर रोड स्थित आवास के सामने आरक्षित कर दिया गया था। इस आरक्षित स्थल पर भवन का निर्माण आरंभ नहीं हो सका। बताया जाता है कि उस वक्त कांग्रेस के क्षत्रप हरवंश सिंह द्वारा जिला कांग्रेस भवन बनवाने में दिलचस्पी नहीं ली गई, जबकि प्रदेश में अनेक कांग्रेस भवनों के लिए हरवंश सिंह द्वारा ही आर्थिक इमदाद उपलब्ध करवाई बताई जाती है।
स्व.हरवंश सिंह ने जिला कांग्रेस के पदाधिकारियों को एक छत के नीचे संभवतः कभी लाए जाने की कवायद नहीं की, वरना क्या कारण रहा कि आर्थिक, राजनैतिक तौर पर सक्षम हरवंश सिंह द्वारा लगभग ढाई दशकों तक प्रदेश में विभिन्न पदों पर रहने और जिले में अपने हिसाब से कांग्रेस को हांकने के बाद भी जिले में डीसीसी भवन का निर्माण नहीं करवाया गया, वह भी तब जबकि इसके लिए भूखण्ड आरक्षित किया जा चुका था।

कैसे दे दें इमरान को श्रेय!
जिला कांग्रेस कमेटी के अंदरखाने से छन छन कर बाहर आ रही खबरों पर अगर यकीन किया जाए तो वहां इस बात पर घमासान मचा हुआ है कि अगर यह भवन बन गया तो इसका सारा का सारा श्रेय नगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष इमरान पटेल को चला जाएगा। दशकों से कांग्रेस की धुरी बने हुए कांग्रेस के सरमायादारों को यह बात हजम नहीं हो पा रही है कि आखिर युवा नेता इमरान पटेल को इसका श्रेय कैसे ले लेने दिया जाए।

इमरान ने लूट लिया था मंच
13 जून को केंद्रीय मंत्री कमल नाथ का सिवनी आगमन हुआ। कमल नाथ की सियासी तरबियत से सिवनी के कांग्रेसी नेता शायद वाकिफ नहीं हैं। जाने अनजाने जैसे ही इमरान पटेल को संबोधन का अवसर मिला, उन्होंने ‘‘मिले मौका, मारो चौका‘‘ की तर्ज पर सिवनी में कांग्रेस भवन की मांग रख दी। इमरान पटेल की इस मांग को रखते ही कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के हाथों के तोते उड़ गए। फिर उन्हें लगा कि केंद्रीय मंत्री कमल नाथ इमरान पटेल की इस मांग को अनसुना कर देंगे।
कहा जाता है कि कमल नाथ बहुत ज्यादा संवेदनशील हैं। उन्होने इमरान पटेल की मांग को अनसुना नहीं किया। इमरान पटेल की मांग पर कमल नाथ ने मंच से ही घोषणा कर दी कि जिला कांग्रेस भवन का काम एक माह के अंदर आरंभ हो जाएगा। फिर क्या था, दशकों से कांग्रेस को अपने हिसाब से हांकने वाले नेताओं की आशाओं पर तुषारापात हो गया।

डीसीसी की लेट लतीफी
बताया जाता है कि इसके उपरांत जिला कांग्रेस कमेटी को आदेशित किया गया कि इसके निर्माण के पहले एक ट्रस्ट के गठन का प्रस्ताव पारित किया जाए। जिला कांग्रेस कमेटी ने प्रस्ताव बनाने में हीला हवाला किया। बताते हैं कि दस जुलाई को लगभग एक माह बाद प्रस्ताव पारित किया गया, जिसमें बहुत ही सफाई से अपने आपको बचाते हुए जिला कांग्रेस कमेटी ने ट्रस्ट के गठन के लिए केंद्रीय मंत्री कमल नाथ को अधिकृत कर दिया।

अब आया नक्शा पास कराने का संकट!
इस कार्यवाही के उपरांत जिला कांग्रेस कमेटी भवन के नक्शे की बारी आई। बताया जाता है कि समय सीमा में काम निपटाने के आदी केंद्रीय मंत्री कमल नाथ ने तत्काल ही एक आर्किटेक्ट के माध्यम से नक्शा बनवा दिया। इस नक्शे को नगर पालिका परिषद सिवनी से पास करवाना अहम था।

उपेक्षित महसूस कर रहे कांग्रेस के पार्षद!
बताया जाता है कि इसके नक्शे को पास करवाने के लिए नगर पालिका में पार्षद दल के नेता शफीक, नगर पालिका उपाध्यक्ष राजिक अकील सहित अन्य पार्षदों को विश्वास में नहीं लिया गया है। कांग्रेस के एक पार्षद ने नाम उजागर न करने की शर्त पर समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया से कहा कि नगर पालिका में कांग्रेस के पार्षद वस्तुतः जिला कांग्रेस कमेटी के निष्ठावान सिपाही हैं। होना यह चाहिए था कि, इन पार्षदों को जिला कांग्रेस कमेटी में बुलवाकर नक्शा दे दिया जाता और उसे पारित करवाने की जवाबदेही सौंप दी जाती। पर पता नहीं क्यों डीसीसी को अपने ही पार्षदों पर ऐतबार नहीं रहा कि उन्होंने पार्षदों को इस काम के लिए पाबंद नहीं किया।

ईई ने बताए नियम कायदे!
नगर पालिका परिषद में जैसे ही डीसीसी भवन का नक्शा पहुंचा, नगर पालिका के कार्यपालन यंत्री ने कांग्रेस भवन का नक्शा देखते ही नियम कायदों की फेहरिस्त बनाना आरंभ कर दिया। बताया जाता है कि इसी बीच इसकी जानकारी कांग्रेस के पार्षदों को लगी तो वे भी मौके पर पहुंचे। कमरे में अचानक क्या बात हुई यह तो पता नहीं चल सका पर कांग्रेस के अधिकांश पार्षद वहां से भुनभुनाते हुए निकलकर बाहर आ गए।

नहीं परवाह कमल नाथ की छवि की
कांग्रेस के अंदर चल रही चर्चाओं के अनुसार जिला कांग्रेस कमेटी को महाकौशल के क्षत्रप और केंद्रीय मंत्री कमल नाथ की छवि की कतई चिंता नहीं है। कमल नाथ के द्वारा 13 जून को घोषणा कर कहा गया था कि एक माह में जिला कांग्रेस कमेटी भवन के निर्माण का काम आरंभ हो जाएगा, पर तीन माह बीतने के बाद भी कम मंथर गति से चल रहा है। आज आलम यह है कि इस भवन के नक्शे को नगर पालिका से अनुमति भी नहीं मिल सकी है।

डंप हो रही रेत गिट्टी
जिला कांग्रेस कमेटी भवन के लिए आरक्षित भूखण्ड पर सालों से रेत और गिट्टी तथा बिल्डिंग मैटेरियल डंप हो रहा था। अचानक ही एक दिन भूमि पूजन (जो संभवतः सालों पहले भी हो चुका है) के लिए जेसीवी लगाकर इसे खाली करवाया गया। उसके बाद इस भूखण्ड पर एक बार फिर बिल्डिंग मेटेरियल डंप होना आंरभ हो गया है।

मौन हैं प्रवक्ता

जिला कांग्रेस कमेटी के भवन के निर्माण या उसकी प्रक्रिया के बारे में बात बात पर जिले की समस्याओं, जिले में भाजपा के नगर पालिका प्रशासन, विधायक और सांसदों को छोड़कर, प्रदेश के प्रवक्ताओं की भूमिका निभाने वाले कांग्रेस के प्रवक्ता भी मौन ही साधे हुए हैं, इससे मीडिया में भी भ्रम बना हुआ है कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कमल नाथ की घोषणा पर जिला कांग्रेस कमेटी क्या संज्ञान ले रही है?

नराधम पिता की करतूत

नराधम पिता की करतूत

(शरद खरे)

केवलारी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम तुरर्गा में गत दिवस जो कुछ हुआ वह दिल दहलाने के लिए पर्याप्त माना जा सकता है। एक पिता आखिर हैवान कैसे बन सकता है? कैसे वह अपनी ही छः साल की मासूम का सिर कुल्हाड़ी से अलग करने की बात सपने में भी सोच सकता है? अगर ऐसा हुआ है तो निश्चित रूप से यह मानवता को शर्मसार करने के लिए पर्याप्त कहा जा सकता है। चुनाव सर पर हैं चुनाव के दौर में प्रत्याशी अपनी अपनी टिकिट पक्की कराने और मिलने के बाद चुनाव जीतने के लिए वे तरह तरह के टोने टोटके आजामाने से नहीं चूकेंगे। विधानसभा चुनावों तक आने वाले तीन माहों में पीर फकीरों की मौजां ही मौजां रहने वाली है।
कमोबेश हर बार चुनाव में टिकिट दिलवाने या टिकिट मिलने के उपरांत जीत का आश्वासन देकर यज्ञ अनुष्ठान करने बाबाओं ने सदा ही सिवनी में आमद दी है। पिछले चुनावों में भी टिकिट वितरण के पहले एक बाबा आए और सिवनी से लगभग दस से बीस लाख रूपए की रकम बटोकर चले गए। जिनसे उन्होंने राशि ली थी, वे इस बात को बेहतर जानते हैं कि बाबा उन्हें ‘मामा‘ बना गया था, क्योंकि उन्हें टिकिट मिली ही नहीं।
चुनाव के पहले जिले की फिजां में तरह तरह की बातें तैरने लगती हैं। लोग चर्चाओं के माध्यम से माहौल बनाने से नहीं चूकते हैं। कोई कहता मुर्गा लाओ कोई बकरा तो कोई शराब की बोतल से टोना टोटके की बात कहता है। कहीं शराब के नशे में कोई बिरयानी की मांग करता है तो कोई कुछ और। महत्वाकांक्षा मन में पालने वाले लोग इन कथित बाबाओं की सेवा टहल में कोई कमी नहीं रख छोड़ते हैं।
कितने आश्चर्य की बात है कि मोबाईल, इंटरनेट के जमाने में जब दुनिया चांद सितारे पर कदम रखना तो छोड़िए इंसान बसने की बात कर रहा है उस दौर में भी चौदहवीं पंद्रहवीं सदी के टोने टोटकों पर दुनिया विश्वास कर रही है। आज न जाने कितनी जगह पीर फकीरों के मंदिर, दरगाह बन गए हैं, जिनमें बड़ी तादाद में आ रहे चंदे से उसकी देखरेख करने वाले ऐश कर रहे हैं। आज के युग में किसी बच्चे, जवान से अगर पूछा जाए तो वह टोना टोटका पर विश्वास शायद ही करता होगा।
याद पड़ता है कि अस्सी के दशक के आरंभ तक भैरोगंज में दलसागर तालाब के मुहाने पर महारानी लक्ष्मी बाई स्कूल के सामने वाला इमली का पेड़, मिशन उच्चतर माध्यमिक शाला के पीछे का इमली का पेड़, दीवान महल से कटंगी नाका मार्ग पर वर्तमान में बने सामुदायिक भवन के सामने के इमली के पेड़ आदि के बारे में किवदंतियां थीं, कि इन पर चुडैल रहा करती है। उस समय शाम ढलने के बाद लोग अकेले इन निर्जन स्थानों से गुजरने से कतराते थे। कालांतर में लोगों को समझ में आया कि वह डर महज वहम ही था।
आज की पीढ़ी को भूत प्रेत, चुडैल, चांडाल आदि पर शायद ही यकीन हो। बावजूद इसके अगर केवलारी में गत दिवस एक पिता ने अपनी पुत्री का सिर धड़ से अलग कर दिया और पूजन पाठ करने लगा तो यह वाकई बहुत अच्छा संकेत कतई नहीं माना जा सकता है। अब तो टीवी चेनल्स पर भी लोग भूत प्रेत की कथाओं वाले सीरियल देखना पसंद नहीं करते हैं क्योंकि यह पीढ़ी इक्कीसवीं सदी की पीढ़ी है। इस पीढ़ी को पता चल चुका है कि भूत प्रेत के सीरियल दिखाकर लोग उनका समय खराब कर रहे हैं। कल तक लोग इससे डरा करते थे, पर जागरूकता के कारण उनका डर काफूर हो चुका है।
हैवान पिता मानसिक विक्षिप्त है या नहीं यह बात तो जांच के बाद ही सामने आएगी, किन्तु अगर उसने अपनी पुत्री का गला रेतकर उसकी इहलीला समाप्त की और पूजन पाठ करने का जतन किया तो यह हमारे समाज के लिए खतरे की घंटी से कम नहीं हैै। हमें यह सोचना होगा कि वह विक्षिप्त या ठीक जो भी है उसके दिमाग में अपनी पुत्री को मौत के घाट उतारकर पूजा करने की क्या सूझी? आखिर उसके दिमाग में यह बात कहां से घर कर गई? आखिर वह पूजा पाठ या कथित अनुष्ठान कर रहा था तो उसका उद्देश्य क्या था? पुलिस को चाहिए कि वह यह भी पता लगाए कि आखिर इंसानियत को बलाए ताक पर रखने वाला पिता पिछले कुछ दिनों से किनके संपर्क में था? अगर वह मानसिक विक्षिप्त था तो उसके परिजन खासकर उसकी पत्नि को तो इस बात का इल्म रहा ही होगा? क्या उसकी विक्षिप्तता का ईलाज करवाया जा रहा था?

जो भी हो, पर अब हमें इस बात का चिंतन अवश्य ही करना होगा कि आखिर हम अपने निहित स्वार्थों के चलते खुद तो पैसा बनाकर आराम का जीवन जीना चाह रहे हैं पर हम अपनी आने वाली पीढ़ी और समाज को क्या दिशा दे रहे हैं? भारत गणराज्य को आजाद हुए साढ़े छः से ज्यादा दशक बीत चुके हैं। क्या हमारे सांसद विधायक अपने अपने दिल पर हाथ रखकर कह पाएंगे कि गांव गांव में जागरूकता आ चुकी है? जाहिर है नहीं, अगर आ गई होती तो जिले भर में कुकुरमुत्ते के मानिंद झोला छाप डॉक्टर्स का नेटवर्क नहीं होता। ओझा, लोगों का ईलाज नहीं कर रहे होते? लोग ईलाज के अभाव में भभूति खाकर दम नहीं तोड़ते!

बुधवार, 11 सितंबर 2013

राष्ट्रीय स्तर पर उछला नए राज्य का मामला

राष्ट्रीय स्तर पर उछला नए राज्य का मामला

(दादू अखिलेंद्र नाथ सिंह)

सिवनी (साई)। जिला मुख्यालय से प्रकाशित होने वाले जिले के सुधि पाठकों के सजग प्रहरी समाचार पत्रों द्वारा गत सप्ताह में प्रकाशित समाचारों को राष्ट्र्रीय स्तर के प्रतिष्ठित समाचारपत्रों में भी स्थान मिलना प्रारंभ हो गया है। इस बात से ही उन समाचारों के महत्व का अनुमान सहज ही लगाया जा सकता है।
गौरतलब होगा कि देश भर में समाचार पत्रों, न्यूज वेब मीडिया आदि में खबरों का संप्रेषण करने वाली ‘समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया‘ के द्वारा सिवनी की समस्याओं और खबरों को प्रमुखता के साथ उठाया जा रहा है। पिछले दिनों नए राज्य के मामले को भी उठाया गया है। देश के प्रतिष्ठित और दिल्ली से प्रकाशित नवभारत टाईम्स, दैनिक जागरण, के साथ ही साथ अन्य समाचार वेब पोर्टल्स पर भी यह मुद्दा प्रमुखता के साथ उठा है।
ज्ञातव्य है कि आधी सदी पूर्व तत्कालीन सीपी एण्ड बरार से पृथक होकर मध्यप्रदेश में समाहित होने वाले इस अभागे अंचल को लगातार सक्षम नेतृत्व प्राप्त होने के बावजूद उपेक्षा का जो दंश झेलना पड़ रहा है उसके परिणामस्वरूप संभावित रूप से अति निकट भविष्य में अस्तित्व में आ सकने वाले नये विदर्भ राज्य का अंग बनने को यह अंचल लालायित दिखाई दे रहा है।
मध्यप्रदेश के महाकौशल क्षेत्र के इस उपेक्षित और अभागे अंचल के तीन जिलों सिवनी, बालाघाट और छिंदवाड़ा का यह दुर्भाग्य है कि उसे आजादी के सात दशक बाद भी देश के किसी भी बड़े नगर तक पंहुचने के लिये सीधी रेल सुविधा तक प्राप्त नहीं है। केवल छिंदवाड़ा जिले को कुछ दिनांें पूर्व से दिल्ली के लिये यह सुविधा प्राप्त हो पाई है।
बालाघाट के लोगों को इस हेतु प्रस्तावित विदर्भ के गोंदिया और सिवनी जिले के लोगों को इस हेतु प्रस्तावित विदर्भ की राजधानी नागपुर से यह सुविधा प्राप्त करना पड़ता है। तीनों ही जिलों के लोगों को हवाई सुविधा नागपुर से ही प्राप्त करना पड़ता है। तीन में से दो जिलों सिवनी और ंिछदवाड़ा जिलों की सीमाएं वर्तमान महाराष्ट्र राज्य और प्रस्तावित विदर्भ प्रदेश की राजधानी नागपुर जिले से मिलती है।
यह सब लोग जानते हैं कि किसी भी प्रदेश की राजधानी से संलग्न जिलों के विकास की गति कितनी तेज होती है। मध्यप्रदेश का ही मामला ले लिया जाये तो राजधानी भोपाल से 70 वें किलोमीटर पर स्थित नगर होशंगाबाद को संभाग का दर्जा प्राप्त है, जबकि सिवनी जिला मुख्यालय से दूसरे जिलों छिंदवाड़ा की दूरी 70, बालाघाट जिला मुख्यालय की दूरी 100 जबलपुर की दूरी 145 और मंडला की दूरी 120 किमी हैं।
इतना ही नहीं बालाघाट से संभाग मुख्यालय जबलपुर की दूूरी 250 किमी और छिंदवाड़ा से संभाग मुख्यालय जबलपुर की दूरी 220 किमी है। यही है इस अभागे अंचल की पीड़ा जिसने इन तीन जिलों के निवासियों के मन में अलगाव की भावना को जन्म दिया है।
छः दशक के बाद प्रदेश को एक ऐसा मुख्यमंत्री मिला जिसकी किसी बात को लोग पत्थर की लकीर मानने लगे थे किंतु पांच साल पहले अंचल के विकास को गति दे सकने वाले एक ऐलान को पांच साल बाद भी मूर्तरूप न मिलने से इस अंचल के लोगों को एक बार फिर निराशा के गर्त में डूबने को मजबूर होना पड़ा। इस अंचल के लोगों के मन में एक बार फिर यही प्रश्न उठना स्वाभाविक है कि अंचल की यह पीड़ा जिसे अंचल की मीडिया और अंचल के लोग आसानी से अनुभव कर रहे हैं।

आखिर उस पीड़ा को इस अंचल के जिम्मेदार जनप्रतिनिधियों ने अभी तक अनुभव क्यों नहीं किया? अब जब इस अंचल की दयनीय स्थिति और भविष्य की योजना को स्थानीय मीडिया के माध्यम से राष्ट्रीय मीडिया ने पंख लगा दिये हैं तब क्या ऐसी आशा की जा सकती है कि दिल्ली और भोपाल में बैठे अंचल के कर्णधार उस पीड़ा के निदान का प्रयास करेंगे।

केदारनाथ में आज से होगी पूजा आरंभ

केदारनाथ में आज से होगी पूजा आरंभ

(सुमित माहेश्वरी)

नई दिल्ली (साई)। पूज्य जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी स्वरूपानन्द सरस्वती महाराज के निज सचिव, एवं चारधाम विकास परिषद् उत्तराखंड सरकार के उपाध्यक्ष ब्रहमचारी सुबुद्धानंद कल 11सितंबर से प्रारम्भ हो रही केदारनाथ जी की विधिवत पूजा अर्चना मे शामिल होने के लिये आज दिल्ली से रवाना हो गये।
इसके पूर्व बीती रात एक न्यूज चेनल से बातचीत करते हुये पूज्य शंकराचार्य ने स्पष्ट किया कि भगवान शंकर ऐसे देवता हैं, जिनका अभिषेक के द्वारा अर्चन होता है। भोलेनाथ क्षण में प्रसन्न होकर वरदान देते हैं। अतः हम चाहते हैं कि भावपूर्ण पूजा  अर्चना से भगवान प्रसन्न होकर न केवल केदारनाथ क्षेत्र उत्तराखंड बल्कि समूचे देश को उनका वरदान रूपी आशिर्वाद दें।
उन्होने जोर देकर कहा कि जो स्वार्थी लोग मूर्ती हटाने की बात कर रहे थे और अब धमकियों पर उतर आये हैं, उनसे विचलित हुये बगैर पूजा प्रारम्भ होनी चाहिये। उत्तराखन्ड के महामहिम राज्यपाल तथा मुख्यमंत्री 8 सितंबर को दिल्ली में उनसे मिले थे ओर इस विषय में उनका आशिर्वाद सभी के साथ है।
जगतगुरू शंकराचार्य ने दृढ़ता पूर्वक कहा कि चाहे कितनी भी कठिन परिस्थिति आ जाये केदारनाथ की पूजा प्रारम्भ किये जाने में ‘विलम्ब‘ नही होना चाहिये, क्योकि यह 6 माह का वक्त श्रद्धालुओं का है, जिसमें अब कुछ ही समय शेष है। फिर 6 माह देवताओं की पूजा के लिये वैसे भी परम्परानुसार केदारनाथ जी के पट बन्द हो जाते है।
कल सर्व सिद्धी अमृत योग ११ सितम्बर से प्रारम्भ हो रही पूजा के बाद एक बार फिर केदारनाथ जी में गूंजेगे बम -बम भोले के स्वर। हालाकि आम श्रद्धालुओ का वहां प्रवेश अभी प्रतिबन्धित रहेगा किंतु उनकी भावनायें पुजारियों के माध्यम से भगवान शंकर  तक पुहंचना प्रारम्भ हो जायेगी। केदार जी की पूजा के साथ प्रलय के दौरान मन्दिर को बचाने वाली उस दिव्य शिला की भी पूजा प्रारम्भ होगी।

सुबुद्धानंद महाराज के अनुसार उत्तराखंड स्थित केदारनाथ के मंदिर को जिस दिव्य शिला ने बचाया वह पूज्य है और उसे यथास्थान संरक्षित किया गया है। कल ११ सितम्बर से मंदिर में प्रारम्भ हो रही पूजा दिवस से ही दिव्य शिला पूजन भी प्रारम्भ किया जाएगा, जो अनवरत जारी रहेगा।

वाटरशेड मिशन में हो रहा करोड़ों का घालमेल!

वाटरशेड मिशन में हो रहा करोड़ों का घालमेल!

(अखिलेश दुबे)

सिवनी (साई)। सिवनी जिले में वाटरशेड मिशन में करोड़ों रूपयों के घालमेल की चर्चाओं से फिजा पट गई है। जिला पंचायत के अधीन कार्यरत वाटरशेड मिशन में अनेक विसंगतियां प्रकाश में आ रही हैं, बावजूद इसके न तो जिला पंचायत अध्यक्ष मोहन चंदेल ही इस मामले में कार्यवाही कर रहे हैं और न ही जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती प्रियंका दास की ही नजर इस पर पड़ सकी है।
जिला पंचायत के एक अधिकारी ने पहचान उजागर न करने की शर्त पर समाचार एजंेसी ऑफ इंडिया से चर्चा के दौरान कहा कि इस मिशन के तहत तैनात सचिवों का भुगतान किस मद से कितना किया जा रहा है, इस बारे में वाटरशेड मिशन पूरी तरह मौन है। इतना ही नहीं उन्होंने बताया कि हर गांव में इसका एक एक कार्यालय है जिसका किराया भी भारी भरकम निकाला जा रहा है। यह किराया कितना और किस मद से निकाला जा रहा है इस बारे में भी किसी को कुछ नहंीं पता है।
हर गांव के कार्यालय के लिए स्टेशनरी मद में भी भारी भरकम राशि के आहरण की खबर है। मिट्टी परीक्षण के लिए भी प्रति व्यक्ति कितनी राशि ली जाना निर्धारित है, इस बारे में भी कोई मुनादी या विज्ञप्ति अब तक समाचार पत्रों के माध्यम से जारी न किया जाना भी आश्चर्यजनक ही माना जा रहा है।
बताया जाता है कि हर गांव में कार्यालय होने के बाद वहां कितनी बार बैठकों का अयोजन किया गया है, इस संबंध में भी किसी को कोई जानकारी नही है, न ही बैठक के समाचार ही जारी किए जा रहे हैं। किसानों के लिए बीज वितरण की व्यवस्था भी इसके माध्यम से किया जाना प्रस्तावित बताया जाता है, पर कहां कितना बीज वितरित किया गया है, और बीज कहां से कितना आया है, इस बारे में भी विभाग मौन ही है।
जिला परियोजना अधिकारी कार्यालय से कितने कामों की तकनीकि स्वीकृति जारी की गई है? अध्यक्ष एवं सचिव के प्रशिक्षण में कितनी राशि किस मद से खर्च की गई है? स्वसहायता समूहों के माध्यम से क्या काम करवाए गए हैं इस बारे में किसी को कोई भी जानकारी न होना, आश्चर्यजनक ही माना जा रहा है।

यह सब होते हुए भी जिले के सांसद विधायकों सहित जिला पंचायत, जनपद पंचायत, ग्राम पंचायत, नगर पंचायत या नगर पालिकाओं के प्रतिनिधियों को इसकी या तो जानकारी नहीं दी जाती है या फिर जानकारी दी जाती है तो वे किस दबाव में मौन साधे बैठे हैं यह बात भी शोध का विषय ही मानी जा सकती है।

हैवान पिता ने चढ़ा दी अपनी छः वर्षीया बेटी की बलि!

हैवान पिता ने चढ़ा दी अपनी छः वर्षीया बेटी की बलि!

मानसिक विक्षिप्त है या नहीं जांच के बाद पता चलेगा: एसपी, संडास जा रही थी ऋतु: गीता

(विकराल सिंह बघेल)

केवलारी (साई)। इक्कीसवीं सदी में भी टोना टोटका ग्रामीण अंचलों में सिर पर हावी है। आज केवलारी अंचल में एक नरपिशाच पिता ने हैवानियत की हदें पार करते हुए अपनी ही छः साल की पुत्री ऋतु की, गला काटकर इहलीला समाप्त कर दी। बच्ची को मारने के बाद पिता ने मंदिर के प्रांगण में ही पूजन पाठ भी आरंभ कर दिया। बाद में लोगों ने देखा और पुलिस को बुलाया तब जाकर नराधम पिता को पकडा़ जा सका।
प्राप्त जानकारी के अनुसार आदिवासी समुदाय के पूर्व जनपद सदस्य सुतलाल इडपाचे, निवासी ग्राम झोला द्वारा अपनी ही 6 वर्षीय बच्ची की धारदार कुल्हाड़ी से गर्दन में प्राणघातक वार कर, ग्राम के निकट स्थापित खैरमाई चबूतरा में बली चढ़ा दी। उसके पास बैठकर, वह बड़े ही शांत स्वभाव से कहता है कि अभी तो मैंने पूजा किया हंूॅं, सब ठीक हो जायेगा, माता उठेगी और बच्ची को ठीक कर देगी।

कल ही आया था ससुराल
बताया जाता है कि अपनी मासूम बेटी ऋतु की बलि चढ़ाने वाला 35 वर्षीय संतकुमार पिता जगदीश इड़पाचे एक दिन पहले ही अपने गांव झोला से ससुराल तुरर्गा आया था। झोला में राखी के दो दिन पहले से उसकी पत्नी गीताबाई व बेटी ऋतु व 10 साल का बेटा शरद रह रहे थे। मंगलवार की पूर्वान्ह 11 बजे के लगभग वह बेटी को घुमाकर लाने के बहाने गांव के पास खेतों के बीच स्थित खैरमाई के चबूतरे पर ले गया और कुल्हाड़ी का वार कर उसकी गर्दन काट दी।

लोगों को आवाज देकर बुलाया
इस संबंध में ग्रामीणों ने बताया कि घटना की जानकारी तब लगी, जब एक ग्रामीण जंगल से लौट रहा था तो उसे आवाज देकर कहा कि जाओ मेरे ससुराल में मेरी पत्नि को बता दो कि तुम्हें पति ने खैरमाई चबूतरा में बुलाया है। ग्रामीण ने घटना स्थल पर मृत बच्ची को देख अनदेशा लगा लिया था कि इस व्यक्ति ने उसे काट डाला। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि मौके पर सरकटी बच्ची की लाश देखकर लोग घबराकर वहां से यत्र तत्र भागने लगे।

संडास जा रही थी ऋतु
मृतिका ऋतु की पत्नि गीता ने समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया से चर्चा के दौरान बताया कि वह अपने पिता के घर ग्राम तुरर्गा गई हुई थी। मृितका का पिता संतलाल वहां पहुंचा। उसके उपरांत अपरान्ह जब ऋतु ने बताया कि वह संडास जाना चाह रही थी। इस पर उसके पिता ने कहा कि चलो बेटा मैं भी चलता हूं। इसके बाद मृतिका ऋतु, अपने पिता के साथ वहां से चली गई।

कुल्हाड़ी से काट दिया सिर
बताया जाता है कि आज दोपहर दो बजे की बात है, पूर्व जनपद सदस्य संतलाल इ्र्रडपाचे उम्र लगभग 40 वर्ष ग्राम झोला थाना केवलारी निवासी ने अपने ससुराल ग्राम तुरर्गा (थाना केवलारी)के पास जंगल में अपने साथ 6 वर्षीय बच्ची ऋतु इडपाचे को खैरमाई चबूतरा ले जाकर, गर्दन पर धारदार कुल्हाडी से वार करते हुए बली चढ़ा कर वहीं बच्ची के शव के पास शांत बैठा रहा। ग्रामीणांे को जानकारी लगते ही पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई।

मीडिया पहुंचा पहले, पुलिस पहुंची दो घंटे बाद
भारतीय सिनेमा में पुलिस की छवि यह बनाई गई है कि वह अपराध घटित होने के काफी देर बाद घटना स्थल पर पहुंचती है। ग्राम तुरर्गा में भी बिल्कुल ऐसा ही नजारा देखने को मिला। यहां मीडिया पहले पहुंचा और दो घंटे इंतजार के उपरांत मौके पर पुलिस पहुंची। आज खास बात यह रही कि दो घंटे तक मीडिया कर्मी ग्रामीणों के साथ घटना स्थल पर खड़े होकर केवलारी  पुलिस का इंतजार करते रहे। दो घंटे देरी से पहुंच पुलिस ने कुल्हाडी को अपने कब्जे में लेकर आरोपी को गिरफ्तार किया और थाना केवलारी ले आई। शव का पंचनामा बनाकर, पीएम कराये जाने के बाद परिजनो को साैंपा गया।

टीआई साहब पूजा करने दो-
घटना की जानकारी लगते ही केवलारी थाना प्रभारी एम.ए.कुरैशी जब मौके पर पहंुचे तो आरोपी पिता पूजा करने में जुटा हुआ था। उसने कहा टीआई साहब, बैठिए पहले मैं पूजा कर लूं।

सपने में आई देवी
कलेक्टर भरत यादव व एसपी बी.पी.चंद्रवंशी के अनुसार आरोपी पिता ने पूछताछ में बताया है कि उसे सपने में देवी आई थी, जिसके चलते उसने इस घटना को अंजाम दिया है। कलेक्टर के अनुसार आरोपी की स्थिति सामान्य है। ऐसा लग नहीं रहा कि वह मानसिक रूप से बीमार है। उसके परिजनों व ग्रामीणों ने भी पूछताछ में ऐसी ही जानकारी दी है।

गांव में पसरा सन्नाटा
घटना के बाद से गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है। अपनी हंसती-खेलती बेटी को गंवाने वाली मां के रो-रोकर बुरे हाल हैं। केवलारी थाना पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ हत्या का प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस उससे पूछताछ में जुटी है।

मौके पर पहुंचे एसडीएम
पुलिस सूत्रों ने समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया को बताया कि केवलारी से उगली मार्ग पर झोला गांव निवासी पूर्व जनपद सदस्य श्री संतलाल इडपाचे ने 10 सितम्बर 2013 की दोपहर अपने ससुराल पक्ष के गांव तुरर्गा पहुॅचकर यहां स्थित खैरमाई मंदिर में अपनी पुत्री ऋतु इडपाचे (8) वर्ष को लेकर देवी मां के सामने उसकी बलि चढ़ा दी। इस घटना की सूचना मिलते ही केवलारी एसडीएम कौशलेन्द्र विक्रम सिंह तथा थाना प्रभारी एम.ए.कुरैशी पुलिस बल के साथ घटना स्थल पर पहुॅच गये हैं तथा आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुत्री की बलि चढ़ाने का कारण अज्ञात है।

अंधविश्वास हो सकता है कारण!
एसडीएम कौशलेन्द्र विक्रम सिंह (आईएएस) ने साई न्यूज से चर्चा के दौरान बताया कि प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत हो रहा है कि अंधविश्वास के चलते आरोपी पिता ने अपनी पुत्री की बलि चढ़ाई है। मृतक बालिका के शव को पोस्ट मार्टम हेतु केवलारी लाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि आरोपी पिता ने तुरर्गा गांव के समीप वीरान स्थल पर बने एक चबूतरानुमा खैरमाई मंदिर में अपनी पुत्री की बलि चढ़ाते हुए उसकी गर्दन को धड़ से अलग कर दिया है। बलि के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

आरोपी विक्षिप्त है अथवा नहीं इस बारे में जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी। इस संबंध में अभी जांच जारी है।

बी.पी.चंद्रवंशी, पुलिस अधीक्षक सिवनी

डेंगू: जरूरी है सावधानी

डेंगू: जरूरी है सावधानी

(शरद खरे)

सिवनी जिले में डेंगू की दस्तक वाकई दुखदायी है। डेंगू का कहर सिवनी के निवासियों ने मीडिया के माध्यम से ही देखा और सुना होगा। डेंगू का डंक वाकई बेहद खतरनाक होता है। मलेरिया से तो जिलावासी रूबरू हो चुके हैं पर अब डेंगू का डंक उनकी परेशानी का सबब बन चुका है। स्वास्थ्य प्रशासन भले ही इस मामले में शुतुरमुर्ग के मानिंद रेत में सर गड़ाकर अपने आप को पाक साफ बताने का प्रयास कर रहा हो पर जमीनी हकीकत है हाल ही में हुई डेंगू से एक मौत!
सिवनी में मलेरिया और डेंगू के मरीज मिलने से हड़कंप मचा हुआ है। ये दोनों ही मच्छर जनित रोग हैं। इसके साथ ही साथ मच्छर जनित चिकन गुनिया भी बेहद ही पीड़ा दायक रोग है। न ही नगर पालिका को, न ही स्थानीय निकाय की अन्य शाखाओं को और न ही स्वास्थ्य विभाग ने इसकी रोकथाम के लिए कोई उपाय किए हैं। यही कारण है कि जिले में स्थिति भयावह हो चुकी है। जिला मुख्यालय सिवनी में जहां देखो वहां पानी के डबरे, पोखर भरे पड़े हैं। लोगों के घरों में भी पानी रूका हुआ है। कहा जाता है कि ठहरा हुआ पानी जानलेवा मलेरिया के लिए जिम्मेदार मच्छरों के लिए उपजाऊ माहौल तैयार करता है। जिला चिकित्सालय में पानी के डबरे निश्चित तौर पर इनके लिए संजीवनी का काम ही कर रहे हैं।
कम ही लोग जानते होंगे कि भारत की आजादी वाले साल यानी 1947 में मलेरिया जैसी घातक जानलेवा बीमारी ने देश में दस लाख से ज्यादा लोगों की इहलीला समाप्त कर दी थी। दरअसल मादा एनाफिलीस़़ मच्छर जब इंसान को काटती है, तब वह एक विशेष तरह का वायरस मनुष्य के अंदर प्रविष्ट करा देती है। यही वायरस मलेरिया को जन्म देता है। इस मादा मच्छर के पास इंसानी त्वचा को भेदने के लिए एक विशेष तरह का हथियार होता है। शोध बताता है कि इसके पास पतले डंक के अंत में सुईनुमा जुड़वा अस्त्र होता है।
यह मादा, इंसान के शरीर में इसे प्रविष्ट कराकर रक्त वाहनियों की तलाश करती है। नहीं मिलने पर यह क्रम जारी रखती है। नस मिलने पर यह मादा इंसान का कुछ रक्त चूस लेती है, और फिर डंक को बाहर निकालने के पहले इसमें एक विशेष तरह का एंजाईम उसमें छोड़ देती है। शोधकर्ताओं की मानें तो यह मादा मच्छर दो दिन में ही 30 से 150 तक अंडे देती है। इन अंडों को सेने के लिए उसे मानव रक्त की आवश्यक्ता होती है।
मलेरिया का स्वरूप विश्व भर में इतना विकराल हो गया है कि इसे दुनिया की तीसरे नंबर की सबसे बड़ी महामारी का दर्जा मिल गया है। कहा जाता है कि एड्स से 15 सालों में जितनी जानें जाती हैं, उतनी जान मलेरिया रोग के कारण महज एक साल में ही चली जाती हैं। मलेरिया का सबसे अधिक प्रकोप पांच साल से कम के बच्चों पर होता है। औसतन हर साल दुनिया भर में 25 लाख से अधिक लोग इस भयानक बीमारी से अपने प्राण गंवा देते हैं।
विश्व हेल्थ आर्गनाईजेशन (डब्लूएचओ) का प्रतिवेदन साफ तौर पर बताता है कि मलेरिया के मरीजों की वृद्धि की दर हर साल 16 फीसदी आंकी गई है। यह तथ्य निश्चित रूप से चिंता का विषय कहा जा सकता है। मलेरिया कितनी गंभीर बीमारी है यह इस बात से ही साफ हो जाता है कि हर साल विश्व भर में 2 अरब डालर से ज्यादा इस पर खर्च कर दिया जाता है। इतना ही नहीं मलेरिया को लेकर होने वाले शोधों पर हर साल 580 लाख डालर खर्च किया जाता है।
सिवनी में डेंगू के मरीजों की पुष्टि स्वास्थ्य विभाग द्वारा आधिकारिक तौर पर की जा चुकी है। डेंगू से एक के बाद एक काल कलवित होने की खबरें भी आने लगी हैं। स्वास्थ्य विभाग, ग्राम पंचायत, जनपद पंचायत, नगर पंचायत और नगर पालिकाएं अब तक इस मामले को लेकर संजीदा होती नहीं दिख रही है। बारिश अब थम चुकी है इसलिए जगह जगह जमा पानी में मच्छरों के अण्डे पनपेंगे। गिरते पानी में तो इनके बहने की संभावनाएं होती हैं पर अब रूके पानी में तो ये आसानी से अपनी वंशवृद्धि का काम कर सकते हैं।
जिला कलेक्टर के ‘कड़े निर्देश‘ के उपरांत दिखाने को तो स्वास्थ्य विभाग और नगर पालिका प्रशासन ने डेंगू के लार्वा की खोज कर दवा डालने का काम किया, साथ ही साथ प्रभावशाली लोगों के घरों के आसपास फागिंग मशीन का धुआं भी उड़ाया। अगर यह काम ईमानदारी से हो रहा है तो फिर क्या कारण है कि आज भी डेंगू के मरीज और लार्वा मिलने का सिलसिला जारी है। अगर लार्वा और मरीज मिल रहे हैं तो इससे साफ हो जाता है कि काम ईमानदारी से नहीं किया जा रहा है।

सरकारी नुमाईंदों की हिम्मत तो देखिए, भाजपा के दो दो विधायकों के पति सिवनी में जिला चिकित्सालय में पदस्थ हैं। एक विभाग के प्रमुख हैं तो दूसरे के पास मलेरिया विभाग का प्रभार है। बावजूद इसके मच्छर डंक पर डंक मारे जा रहे हैं। इसे क्या समझा जाए? क्या विधायक ही भाजपा के प्रति लोगों को उकसाने का जतन कर रही हैं? अगर नहीं तो कलेक्टर के निर्देशों को कचरे की टोकरी में कैसे डाला जा रहा है, और अगर नहीं डाला जा रहा है तो फिर क्या वजह है कि तीन माह बीतने के उपरांत भी डेंगू का लार्वा और मरीज लगातार मिलते ही जा रहे हैं . . .।

मंगलवार, 10 सितंबर 2013

प्रदूषण के मानकों को ताक पर रख दिया झाबुआ पावर ने

आदिवासियों को छलने में लगे गौतम थापर . . . 13

प्रदूषण के मानकों को ताक पर रख दिया झाबुआ पावर ने

निर्माण कार्य और कार्यकारी अवस्था में प्रदूषण के मामले में मौन है झाबुआ पावर, प्रदूषण नियंत्रण मण्डल का मौन संदिग्ध

(ब्यूरो कार्यालय)

घंसौर (साई)। सफल और मशहूर उद्योगपति गौतम थापर के स्वामित्व वाले अवंथा समूह के सहयोगी प्रतिष्ठान झाबुआ पावर लिमिटेड के द्वारा मध्य प्रदेश के सिवनी जिले के छठवीं अनूसूची में अधिसूचित आदिवासी तहसील घंसौर में डाले जा रहे 1260 मेगावाट (कागजों में 1200 मेगावाट) के पावर प्लांट में पर्यावरण के नियम कायदों मानकों की सरेआम धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। इसके बावजूद मध्य प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण मण्डल का मौन आश्चर्यजनक ही माना जा रहा है।
गौरतलब है कि 22 अगस्त 2009 को इस संयंत्र के प्रथम चरण के लिए 600 मेगावाट के पावर प्लांट की लोकसुनवाई में मेसर्स झाबुआ पावर लिमिटेड द्वारा जो कार्यकारी सारांश जमा किया गया था उसमें संयंत्र की लागत 2900 करोड़ रूपए एवं जमीन की आवश्यकता 600 हेक्टेयर दर्शाई गई थी। इस समय कार्यकारी सारांश की कंडिका क्रमांक आठ में कंपनी ने साफ किया था कि वह निर्माण कार्य के समय 181 करोड़ पचास लाख रूपए और कार्यकारी अवस्था में 9 करोड़ पांच लाख रूपए की राशि का प्रावधान पर्यावरणीय प्रदूषण की रोकथाम के लिए कर रही है।
इसके उपरांत इसके दूसरे चरण की लोकसुनवाई 22 नवंबर 2011 को संपन्न हुई। इस लोकसुनवाई के दूसरे दिन मध्य प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण मण्डल की आधिकारिक वेब साईट पर कंपनी का वही (22 अगस्त 2009 वाला) कार्यकारी सारांश डाल दिया गया। इसमें दूसरे चरण के लिए भी कंपनी को 600 हेक्टेयर जमीन की आवश्यक्ता दर्शाई गई है। इसमें भी कार्यकारी सारांश की कंडिका क्रमांक आठ में कंपनी ने साफ किया था कि वह निर्माण कार्य के समय 181 करोड़ पचास लाख रूपए और कार्यकारी अवस्था में 9 करोड़ पांच लाख रूपए की राशि का प्रावधान पर्यावरणीय प्रदूषण की रोकथाम के लिए कर रही है।

22 नवंबर 2011 को घंसौर के गोरखपुर में हुई लोकसुनवाई में प्रदूषण नियंत्रण मण्डल के क्षेत्रीय अधिकारी जबलपुर के समक्ष मेसर्स झाबुआ पावर लिमिटेड के महाप्रबंधक ए.एन.मिश्रा ने स्पष्ट शब्दों में स्वीकार किया था कि कंपनी अपने निर्माण के आरंभ से 22 नवंबर 2011 तक क्षेत्र में वृक्षारोपण करने में असफल रही। पीसीबी के अधिकारियों के समक्ष मेसर्स झाबुआ पावर लिमिटेड के प्रबंधन की स्वीकारोक्ति के बाद भी मध्य प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण मण्डल द्वारा मेसर्स झाबुआ पावर लिमिटेड के ऊपर शस्ति आरोपित न करना पीसीबी और कंपनी की मिली भगत की ओर साफ इशारा कर रही है।