मंगलवार, 17 सितंबर 2013

किसानों को आहत कर गया मुनमुन का कार्यक्रम: राजेश मिश्र

किसानों को आहत कर गया मुनमुन का कार्यक्रम: राजेश मिश्र

सिवनी (साई)। लखनादौन में फिल्मी सिमारों का रंगारंग कार्यक्रम दुःखी किसानों के जख्मों पर नमक छिड़कने जैसा काम है। अतिवृष्टि से बर्बाद खरीफ फसलों के कारण चिंतित किसानों को सहयोग देने के बजाय मुनमुन भैया किसानों को फिल्मी फूहड़ डांस दिखाकर धन एश्वर्य की चकाचौंध दिखा रहे हैं।
किसान खेत मजदूर कांग्रेस जिला प्रवक्ता राजेश मिश्रा द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि आदिवासी किसान मजदूरों के इस संकट और गिरानी के समय में आदिवासी तहसील मुख्यालय लखनादौन में नगर परिषद् अध्यक्ष के नाम विगत दिवस पर आयोजित फिल्मी सितारों नृत्यांगनाओं का भौंडा प्रदर्शन धन और एश्वर्य प्रदर्शन की दंभोली के साथ ही निराश किसानों के जख्मों पर नमक छिड़कने जैसा काम है।
देवी फिरे विपत की मारी पड़ा कहे मोहे कला दिखा की लोकोक्ति को चरित्रार्थ करते हुए किसानों के दुःख दर्द के प्रति संवेदना शून्य तथा कथित समाज सेवक, स्वयंभू निर्दलीय नेता दिनेश राय मुनमुन द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम, लाखों रूपयों को पानी की तरह बहा कर आयोजित किया गया। यह रंगारंग कार्यक्रम जनता का मनोरंजन करने के बजाय दुःखी किसानों को गहरे तक आहत कर गया है।
राजेश मिश्रा ने कहा कि सर्वविदित तथ्य है कि दिनेश राय मुनमुन लखनादौन नगर परिषद् की वर्तमान अध्यक्ष के सुपुत्र हैं। वे पूर्व में स्वयं नगर परिषद् अध्यक्ष रह चुके हैं। आरक्षण में यह सीट महिला कोटे में चले जाने पर उन्होंने अपनी माताजी के नाम पर परोक्ष रूप से स्वयं यह चुनाव जीता है। जीत का आधार धन, बल और बाहुबल ही रहा है। यह किसी के लिए छुपा हुआ तथ्य नहीं है।
इसी आधार पर दिनेश राय मुनमुन ने पिछले विधानसभा चुनाव में सिवनी से विधान सभा का चुनाव लड़ा था, किंतु क्षेत्र के जागरूक मतदाताओं ने वास्तविकता को समझ कर उन्हें नहीं जिताया अब पुनः आने वाले चुनाव में वे विधानसभा के प्रत्याशी बनने का अपना मंसूबा पाल बैठे हैं, और इसी उद्देश्य से अर्जित अकूत धन संपदा की चकाचौंध गरीबों को दिखाकर वोट खरीदने, पानी की तरह पैसा दोनों हाथों से लुटा रहे हैं।
यह ज्यादा अच्छा होता कि मुनमुन राय किसान मजदूरों के गिरानी के इस दौर में भौंडा नाच दिखाने की बजाय किसानों के हित में कोई रचनात्मक सहयोग के काम में धन का सदुपयोग करते किंतु टहेलुए को टहलन सोहे बहेलिये को बहलन सोहे की कहावत के अनुरूप मुनमुन अपनी ढपली अपना राग अलाप रहे हैं। क्षेत्र की जनता चुनाव की पूर्व बेला में अपने होनहार धनाड्य नेता के एक काम को विवेक और तर्क की कसौटी पर परख रही है।

किसान कांग्रेस प्रवक्ता राजेश मिश्रा ने कहा कि राजनीति जनसेवा का क्षेत्र है। धनबल के आधार पर वोट खरीदने वाले ही यदि सफल होते तो बिना जनसेवा और जनाधार के राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री के पद पर बैठे दिखते।

लाईसेंस चेकिंग के नाम पर मारपीट

लाईसेंस चेकिंग के नाम पर मारपीट

(अखिलेश दुबे)

सिवनी (साई)। शहर में नवागत पुलिस अधीक्षक बी.पी.चंद्रवंशी के निर्देश पर वाहनों की चेकिंग का काम किया जा रहा है। आज शाम कोतवाली के पास ही यातायात पुलिस के कारिंदों ने एक वाहन चालक के पास कागज मौजूद ना होने पर उसके सााथ न केवल अभद्र व्यवहार किया वरन् उसके साथ मारपीट भी की।
प्राप्त जानकारी के अनुसार नगर पालिका के सामने वाले काम्पलेक्स में कांटे का व्यवसाय करने वाले नितेश नेमा जब अपनी दुकान बंद करके घर जा रहे थे, तभी यातायात पुलिस के कर्मचारियों ने उन्हें रोका और कागजात की मांग की। उनके पास तत्काल में कागजात नहीं थे। इस पर उन्होंने घर से कागजात लाकर दिखाने की बात कही।

बताया जाता है कि यातायात पुलिस के कर्मचारियों ने उक्त युवक का वाहन अपने कब्जे में ले लिया और उसे थाने के पास ले जाया गया। थाने के अंदर उक्त व्यक्ति के साथ यातायात पुलिस के कर्मचारियों ने न केवल अभद्र व्यवहार किया गया, वरन् उसके साथ मारपीट कर उसे थाने के अंदर बिठा दिया गया। बाद में कुछ मीडिया कर्मियों को इसकी भनक लगी तो वे थाने पहुंचे तब जाकर कोतवाली से उक्त युवक को छोड़ा गया।

तीन करोड़ी हो जाएगा ऐतिहासिक दलसागर

तीन करोड़ी हो जाएगा ऐतिहासिक दलसागर!

(पीयूष भार्गव)

सिवनी (साई)। शहर की शान समझा जाने वाला दलसागर तालाब जल्द ही तीन करोड़ी होने जा रहा है। दलसागर तालाब के सौंदर्यीकरण की मद में अभी एक करोड़ नौ लाख रूपए की राशि की बंदरबांट समाप्त नहीं हुई है और अब केंद्रीय मद से एक करोड़ छियत्तर लाख रूपए का आवंटन और पालिका की झोली में आन गिरा है।
ज्ञातव्य है कि पूर्व में एक करोड़ नौ लाख का आवंटन प्राप्त हुआ था। इस आवंटन में से 79 लाख रूपए तालाब की पिचिंग आदि में खर्च किए गए थे। इसके अलावा जनसहयोग से लाखों रूपए की राशि भी एकत्र की गई थी। पता नहीं कैसे दलसागर तालाब के सौंदर्यीकरण में करोड़ों रूपए पानी के अंदर बहा दिए गए।
नगर पालिका उपाध्यक्ष राजिक अकील ने बताया कि इसके अलावा नगर पालिका परिषद् ने अपनी स्वयं की मद में लगभग 25 लाख रूपए पाथ वे बनाने में खर्च कर दिए। इसके अलावा विसर्जन घाट पर टाईल्स आदि लगवाने में भी कम से कम 15 लाख रूपए की राशि खर्च की जा चुकी है।
उन्होंने बताया कि केंद्रीय पर्यटन मंत्रालय द्वारा दलसागर तालाब को चिन्हित किया गया है सौंदर्यीकरण के लिए। राजिक अकील ने बताया कि अब केंद्रीय मद से आने वाले एक करोड़ 76 लाख रूपए की राशि से सौंदर्यीकृत दलसागर का पुनः सौंदर्यीकरण किया जाएगा।
यक्ष प्रश्न तो यह बना हुआ है कि आखिर एक बार लगभग सवा करोड़ की लागत से सुंदर बनाए गए दलसागर (वस्तुतः आज भी दलसागर सौंदर्यीकरण की मांग कर रहा है) का सौंदर्यीकरण पौने दो करोड़ की लागत से आखिर अब कैसे किया जाएगा। साथ ही साथ अब पौने दो करोड़ रूपए की लागत से क्या काम किया जाकर राशि को हजम किया जाएगा।

बहरहाल, 17 सितम्बर को सांसद के.डी.देशमुख के मुख्य आतिथ्य, मध्य प्रदेश पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष डॉ.मोहन यादव की अध्यक्षता में मध्य प्रदेश पर्यटन विकास निगम द्वारा पर्यटक सुविधाओं के विस्तार की श्रृंखला में दलसागर तालाब सिवनी के सौंदर्यीकरण कार्याें का भूमिपूजन अपरान्ह बारह बजे किया जा रहा है।

कांग्रेस भाजपा ने दिया राय परिवार को अपना समर्थन!

कांग्रेस भाजपा ने दिया राय परिवार को अपना समर्थन!

(अय्यूब कुरैशी)

सिवनी (साई)। 15 सितम्बर को लखनादौन में आयोजित जनता की अदालत कार्यक्रम में हजारों की तादाद में ग्रामीण अंचल (लखन कुंवर की नगरी के मतदाता नहीं) की उपस्थिति में नगर परिषद् लखनादौन की अघ्यक्ष श्रीमती सुधा हरिशंकर राय द्वारा जनता का भरोसा कथित तौर पर जीता गया। इस कार्यक्रम में कांग्रेस और भाजपा का मौन इस बात की ओर इंगित करने के लिए पर्याप्त माना जा सकता है कि सालों से चली आ रही इस परंपरा में उनका भी मौन समर्थन है।

सालों से चली आ रही परंपरा
पूर्व में जब सुधा राय के पुत्र दिनेश हरिशंकर राय नगर पंचायत लखनादौन के अध्यक्ष हुआ करते थे, उस वक्त हर साल उनके द्वारा जनता की अदालत में जाकर जनमत हासिल करने का स्वांग रचा जाता रहा है। हर साल रूपहले पर्दे के महंगे अदाकार लखन कुंवर की नगरी आते, और लोगों का मनोरंजन कर लौट जाते। इन कलाकारों के आने जाने और पारिश्रमिक में कितना खर्च हुआ इसकी सुध ना तो कांग्रेस और ना ही भाजपा द्वारा कभी ली गई। न ही इस बारे में कभी कांग्रेस भाजपा द्वारा आयकर अधिकारी को शिकायत ही की गई कि ये लोग एक एक क्षण के पैसे वसूलते हैं उनका अपना चौबीस घंटे से ज्यादा का समय कितना कीमती रहा होगा।

दिनेश की मुरीद है भाजपा कांग्रेस
सिवनी जिले में भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस के जिला स्तर के संगठन दिनेश हरिशंकर राय के मुरीद हैं इस बात से इंकार नहीं किया जा सकता है। दरअसल, सालों से कांग्रेस और भाजपा ने लखनादौन में लगने वाली जनता की अदालत में कभी अपना विरोध प्रदर्शित नहीं किया है, इससे साबित हो जाता है कि कांग्रेस और भाजपा का जिला स्तर का संगठन दिनेश हरिशंकर राय का मुरीद है।

हरवंश सिंह के डर से देते थे साथ
कांग्रेस के एक वरिष्ठ पदाधिकारी ने पहचान उजागर न करने की शर्त पर समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया से चर्चा के दौरान कहा कि जिले में कांग्रेस के क्षत्रप हरवंश सिंह ने दो दशकों से जिले को अपने तरीके से हांका है। हरवंश सिंह के डर के चलते कांग्रेस यहां तक कि भाजपा का जिला स्तर का संगठन भी राय परिवार का विरोध करने का साहस नहीं जुटा पाता था। यही कारण है कि कल तक मिलन स्वीट्स के बाजू में एक साधारण फोटोकॉपी की दुकान चलाने वाला शख्स आज अरबों खरबों की मिल्कियत का स्वामी है।

भाजपा मण्डल अध्यक्ष को दी हुल!
गत दिवस नगर पालिका परिषद् कार्यालय में नगर पंचायत के पूर्व अध्यक्ष दिनेश हरिशंकर राय ने भारतीय जनता पार्टी के मण्डल अध्यक्ष नरेश सेन को जमकर धमकाया। किसी की शिकायत पर नरेश सेन को लखनादौन थाने में दो घंटे जबरन बिठाए रखा गया। बाद में नरेश सेन की पार्षद पत्नि की शिकायत पर दिनेश हरिशंकर राय को बयान के लिए नहीं बुलाया गया। भाजपा के अंदर चल रही चर्चाओं के अनुसार ‘दिनेश जी‘ कार्यक्रम में व्यस्त थे, उनसे पूछताछ बाद में भी हो सकती है। भाजपा संगठन द्वारा इसकी लिखित शिकायत एसडीएम और कोतवाली में करा दी गई है कि सर्वोच्च न्यायालय के निर्देश के बावजूद रात दस बजे के बाद लखन कुंवर की नगरी में बजते रहे डीजे, होता रहा धमाल।

कांग्रेस भाजपा का रहा मौन समर्थन

15 सितम्बर को लखनादौन में हुए जनता की अदालत के कार्यक्रम में कांग्रेस और भाजपा ने खामोशी अख्तियार कर ली। कांग्रेस और भाजपा संगठन के अंदर चल रही बयार के अनुसार दोनों ही संगठनों के पार्षदों ने भी अपना विरोध न दर्शाकर साफ कर दिया है कि उनका भी मौन समर्थन सुधा हरिशंकर राय के साथ है। दिखाने को कांग्रेस भाजपा द्वारा राय परिवार का विरोध किया जाता हो पर अंदर से ये सब राय परिवार के साथ कदम से कदम मिलाकर चल रहे हैं।

बाधित बीएसएनएल, परेशान उपभोक्ता

बाधित बीएसएनएल, परेशान उपभोक्ता

(शरद खरे)

सिवनी जिले में भारत संचार निगम लिमिटेड की सेवाएं बुरी तरह लड़खड़ा चुकी हैं, इस बात से इंकार नहीं किया जा सकता है। बीएसएनएल उपभोक्ताओं के टेलीफोन के डिब्बे शोभा की सुपारी बनते जा रहे हैं पर इनकी ओर ध्यान देने की किसी को फुर्सत नहीं है। बीएसएनएल सरकारी उपक्रम है इस लिहाज से लोगों का भरोसा इस पर कायम है, पर अब भरोसा तेजी से उठता जा रहा है। वह तो फिक्स लाईन वायर्ड सेवाओं में निजी कंपनी सिवनी में उतरी नहीं है, वरना बीएसएनएल का कार्यालय भी तेंदूपत्ते के गोदाम में तब्दील हो जाता।
मूलतः फिक्स लाईन, डब्लूएलएल, ब्रॉडबेंड, फिक्स लाईन और मोबाईल पर सेवाएं प्रदान कर रहा है बीएसएनएल। बीएसएनएल के उपभोक्ताओं से पूछिए उनके दिलों पर क्या बीत रही है। आज मजबूरी में सिवनी के निवासी बीएसएनएल की सेवाएं ले रहे हैं। प्रतिस्पर्धा के इस युग में लोगों को उम्मीद थी कि फिक्स लाईन में भी निजी कंपनियां दिलचस्पी दिखाएंगी और सिवनी में उन्हें बेहतर सेवाएं मिल सकेंगी।
इक्कीसवीं सदी के पहले दशक में इस तरह का कुछ होता भी दिखा। बीएसएनएल के आलावा निजी सेवा प्रदाताओं ने सिवनी में दिलचस्पी दिखाई। 2007 के उपरांत एकाएक वोडा फोन, डोकोमो, आईडिया आदि जैसे निजी सेवा प्रदाताओं ने सिवनी में धड़ाधड़ मोबाईल टॉवर खड़े करना आरंभ कर दिया। सिवनी वासी बहुत अचरज भरी खुशी में थे, कि आखिर सिवनी जैसे अविकसित जिले में इन निजी सेवा प्रदाताओं को कितना बिजनिस मिल पाएगा जो एक के बाद एक मोबाईल टॉवर खड़े करती जा रही हैं, एक के बाद एक सिवनी में पदार्पण करने वाली निजी मोबाईल सेवा प्रदाता कंपनियां!
कम ही लोग जानते होंगे कि सिवनी का यह सौभाग्य था, कि सिवनी को अटल बिहारी बाजपेयी के प्रधानमंत्रित्व काल के स्वर्णिम चतुर्भुज परियोजना के अंग उत्तर दक्षिण कॉरीडोर के नक्शे से अनेक षणयंत्रों के बाद हटाया नहीं जा सका था। बड़ी और निजी मोबाईल सेवा प्रदाता कंपनियों की मजबूरी थी कि उन्हें स्वर्णिम चतुर्भुज और उत्तर दक्षिण तथा पूर्व पश्चिम सड़क कॉरीडोर में अपने उपभोक्ताओं को निर्बाध रूप से मोबाईल कनेक्टविटी देना था।
संभवतः यही कारण था कि सिवनी में एक के बाद एक मोबाईल टॉवर धड़ाधड़ खड़े कर दिए गए। इसके बाद 2008 में अचानक ही फोरलेन पर सियासी षणयंत्र का ग्रहण लगा और फोरलेन का काम बाधित हो गया। मामला सर्वोच्च न्यायालय पहुंचा। महाकौशल के एक शक्तिशाली क्षत्रप को इसके लिए पुरानी फिल्मों का ‘शत्रुध्न सिन्हा‘ और ‘प्रेम चौपड़ा‘ जैसा विलेन बना दिया गया। निजी कंपनियों को लगने लगा था कि यह षणयंत्र इतनी जल्दी और आसानी से निपटने वाला नहीं। कंपनियों ने अपनी दिलचस्पी सिवनी में एकाएक कम कर दी। उसके बाद निजी मोबाईल सेवा प्रदाता कंपनियों ने सिवनी से अपना बोरिया बिस्तर उठा ही लिया। अब निजी तौर पर सेवा प्रदाता कंपनियों का नेटवर्क भी घिसट घिसट कर ही चल रहा है।
सिवनी में बीएसएनएल का भी यही आलम है। केंद्र सरकार का छटवां वेतनमान लेने वाले सरकारी नुमाईंदों को इस बात की परवाह नहीं रह गई है कि जिस राजस्व से वे वेतन पा रहे हैं वह राजस्व इन्हीं उपभोक्ताओं से ही वसूला जा रहा है। हमें यह कहने में कोई संकोच नहीं है कि दस से पांच (कार्यालयीन समय सुबह दस से शाम पांच बजे तक) की नौकरी करने वाले बीएसएनएल के कर्मचारियों अधिकारियों को उपभोक्ताओं की परेशानी से कुछ लेना देना नहीं रह गया है।
आज भी शहर में अनेक स्थान ऐसे हैं जहां बीएसएनएल का नेटवर्क ही नहीं मिलता है। फिक्स लाईन अगर खराब हो गई तो उसे सुधरवाने में आपकी चप्पलें घिस जाएंगी। अगर आप प्रभावशाली हैं तो आपका काम एकाध दिन में हो जाएगा, शेष हैरान परेशान ही घूमते नजर आते हैं। ऐसा नहीं कि सिवनी में बीएसएनएल में पदस्थ सारे कर्मचारी अधिकारी मक्कार हैं। इनमें कुछ कर्मचारी और अधिकारी ऐसे भी हैं जो शॉक एब्जार्वर का काम करते हैं। अगर इस तरह के कुशल कर्मचारी न हों तो बीएसएनएल में रोजाना ही जूते चप्पल चलते नजर आएंगे।
दरअसल, बीएसएनएल में लाईनमेन की जबर्दस्त कमी है। जो लाईनमेन सेवानिवृत हो चुके हैं उनके स्थान पर नई भर्ती नहीं की जा रही है। यही कारण है कि व्यवस्था पूरी तरह गड़बड़ा चुकी है। किसी का काम कोई और कर रहा है। बीएसएनएल के एसडीओ कार्यालय में खराब बिगड़े पड़े डब्बों का अंबार लगा हुआ है, पर उनकी सुध लेने वाला कोई नहीं है। अधिकारी चाहें तो डब्बों की मरम्मत का काम आउट सोर्स करवा सकते हैं पर वे भी अपनी कुर्सियों पर पैर पसारे, आंखें मूंदे, आराम फरमा रहे हैं।

यह केेंद्र सरकार का मामला है। सिवनी के सियासी षणयंत्रकारियों के कारण अब इसके पास एक के बजाए दो-दो सांसद हैं। दोनों सांसद भी कुंभकर्णीय निंद्रा में ही हैं। दोनों को इस बात की परवाह नहीं है कि उन्हें सिवनी की जनता ने भी जनादेश देकर देश की सबसे बड़ी पंचायत में पहुंचाया है। उनका भी कम से कम इतना फर्ज तो बनता है कि वे जनता के जनादेश का कुछ तो सम्मान करें। विडम्बना ही है कि जनादेश लेकर एक बार दिल्ली गए सांसदों ने सिवनी की ओर मुड़कर देखना मुनासिब नहीं समझा। अब सिवनी के निवासियों की पीड़ा को समझे तो समझे कौन. . .।

सोमवार, 16 सितंबर 2013

ब्रम्हत्व से ब्रम्ह और यही ब्रम्हांड: स्वामी प्रज्ञानानंद

ब्रम्हत्व से ब्रम्ह और यही ब्रम्हांड: स्वामी प्रज्ञानानंद


(पीयूष भार्गव)

सिवनी (साई)। डूंडासिवनी स्थित निर्माणाधीन ब्रम्ह समाज के कम्युनिटी हॉल भूमिपूजन समारोह को सम्बोधित करते हुये द्विपीठाधीश्वर जगदगुरू शंकराचार्य स्वामी स्वरूपानंदजी महाराज के परम शिष्य एवं जयपुर आश्रम प्रभारी राष्ट्र संत स्वामी प्रज्ञानानंद न कहा कि ब्रम्हत्व से ही ब्रम्ह और यह ब्रम्हांड है। यदि ब्रम्हत्व नहीं रहा तो न ब्रम्ह रहेगा और न ही ब्रम्हांड रहेगा।
अपने संक्षिप्त किंतु सारगर्भित उद्बोधन में राष्ट्र संत ने कहा कि आज यहां ब्राम्हण समाज का मंगल भवन निर्मित होने की शुरूआत हुई है, इसके लिए मैं आप सभी को बधाई देता हूं और इसमें सहयोग करने वालों को अपनी शुभकामनाएं भी देता हूं। उन्होंने कहा कि आज ब्रम्हत्व की अत्याधिक आवश्यकता है। हम जन्म से नहीं अपने कर्मों से ब्राम्हण बने यह अत्यंत आवश्यक है।
इसी अवसर पर स्वामी जी ने कहा कि इस भवन के निर्माण में मैं अपने पूज्य गुरू स्वामी शंकराचार्य के नाम पर इस भवन में लगने वाली सभी टाईल्स की लागत और 11 हजार रूपये समर्पित करता हूं। इस सहयोग में मेरे नाम का उल्लेख न किया जाये, क्योंकि ऐसी मान्यता है कि जब तक पिता या गुरू जीवित होते हैं तो पुत्र और शिष्य अपने नाम से किसी तरह का दान नहीं करते।
सांसद के.डी.देशमुख ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि इस क्षेत्र से मुझे सांसद बनाने में ब्राम्हण समाज का बहुत बड़ा सहयोग और समर्थन रहा है, और आज इस भवन के निर्माण हेतु सांसद निधि से जो 15 लाख रूपये की राशि मेरे द्वारा दी गई है, वह मैं यह मानकर दे रहा हूं कि मैंने ब्राम्हण समाज का जो कर्ज मुझ पर था, उससे आज उरिण हो गया हूं।
कार्यक्रम में उपस्थित सिवनी विधायक श्रीमती नीता पटेरिया ने अपने संक्षिप्त उद्बोधन में इस कम्युनिटी हॉल निर्माण पर अपनी प्रसन्नता व्यक्त करते हुये कहा कि वे विगत 5 वर्षों से इस राशि को देने के लिये प्रयत्नशील थी, लेकिन अनेकानेक कारणें से यह संभव नहीं हो सका था। कार्यक्रम को ब्राम्हण समाज के जिलाध्यक्ष महेश तिवारी, बरघाट के पूर्व विधायक पंडित महेश मिश्र एवं योग आचार्य महेन्द्र मिश्र ने भी सम्बोधित किया।
इस अवसर पर उपस्थित विभिन्न लोगों ने भवन निर्माण में सहयोग राशि प्रदान किये जाने की घोषणा की, जिसमें बसोड़ीलाल त्रिवेदी एवं इंजीनियर राजेन्द्र मिश्र द्वारा 51-51 हजार रूपये, डॉ.बसंत तिवारी केवलारी, एवं रेंजर आर.के.तिवारी द्वारा 21-21 हजार रूपये दिये जाने की घोषणा की गई। इसी तरह अधिवक्ता सुरेंद्र शुक्ला, सूर्यकांत दुबे, प्रेम शर्मा, राजू पाठक एवं विद्याधर तिवारी के द्वारा 11-11 हजार रूपये तथा संतोष शर्मा के द्वारा 5001 रूपये की राशि दान किये जाने की घोषणा की गई है।

राष्ट्र संत स्वामी प्रज्ञानानंद की उपस्थिति में इस कार्यक्रम को सम्पन्न कराने में नगर पालिका अध्यक्ष राजेश त्रिवेदी एवं युवा ब्रम्ह समाज के अजय मिश्रा की भूमिका महत्वपूर्ण रही।

सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों की उड़ी धज्जियां!

सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों की उड़ी धज्जियां!

(ब्यूरो कार्यालय)

सिवनी (साई)। लखन कुंवर की नगरी में आज जनता की अदालत का आयोजन किया गया। इस आयोजन में मुंबई से अनेक कलाकारों ने शिरकत की। रात लगलग पौने दस बजे आरंभ हुए इस कार्यक्रम ने जिले में धारा 144 के साथ ही साथ सर्वोच्च न्यायालय के उन निर्देशों को भी धता बता दिया गया जिसमें यह कहा गया था कि रात दस बजे के उपरांत डीजे ना बजाया जाए।
भाजपा के मण्डल अध्यक्ष नरेश सेन ने दूरभाष पर समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया को बताया कि लखन कुंवर की नगरी में आज संपन्न हो रहे जनता की अदालत के कार्यक्रम में समयसीमा को लेकर उनके द्वारा अनुविभागीय दण्डाधिकरी लखनादौन और कोतवाली लखनादौन में आवेदन देकर यह जानना चाहा कि आखिर इस कार्यक्रम के लिए ध्वनि विस्तारक यंत्र की अनुमति कितने बजे तक के लिए दी गई है।
उन्होंने बताया कि सर्वोच्च न्यायालय के स्पष्ट निर्देश होने के बाद भी लखनादौन में प्रशासन ने अघोषित रूप से इस कार्यक्रम में अपनी मौन सहमति दी जा रही है जो निंदनीय है। इस संबंध में जब एसडीएम लखनादौन (9425466930) से संपर्क करने का प्रयास किया गया तो सदा की ही भांति उनका मोबाईल बंद मिला।
वहीं जब इस संबंध में अनुविभागीय अधिकारी पुलिस (9425642965) से संपर्क किया गया तो उन्होंने दो टूक शब्दों में यह कह दिया कि इस संबंध में जो भी जानकारी लेना है वह एसडीएम से ही ली जाए।

इस संबंध में एसडीएम लखनादौन ही बता पाएंगे कि अनुमति कितने बज तक की दी गई है।

भरत यादव, जिला कलेक्टर, सिवनी

दिनेश राय ने दिखाई दबंगई, भाजपा मण्डल अध्यक्ष को दो घंटे रोके रखा लखनादौन पुलिस ने!

दिनेश राय ने दिखाई दबंगई, भाजपा मण्डल अध्यक्ष को दो घंटे रोके रखा लखनादौन पुलिस ने!

भाजपा के रवैए से टूट रहा कार्यकर्ताओं का मनोबल, दिनेश राय से डरी लगती है भाजपा

(अखिलेश दुबे/अय्यूब कुरैशी)

लखनादौन/सिवनी (साई)। नगर पंचायत के पूर्व अध्यक्ष, शराब व्यवसाई रहे, लखनादौन मस्ज़िद के सरपरस्त (जबकि शराब इस्लाम में हराम है), राय पेट्रोलियम के संचालक, लखनादौन बार एसोसिएशन के अध्यक्ष (जबकि एडव्होकेट एक्ट के तहत अधिवक्ता कोई अन्य व्यवसाय नहीं कर सकता है), दिनेश राय मुनमुन ने आज नगर पंचायत के कार्यालय में भारतीय जनता पार्टी के मण्डल अध्यक्ष नरेश सेन को न केवल भला बुरा कहा वरन् दिनेश राय के इशारे पर लखनादौन पुलिस द्वारा नरेश सेन को लगभग दो घंटे तक कोतवाली थाने में बिठाए रखा गया। उक्ताशय की बात समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया के कार्यालय में आए नरेश सेन ने बताई।
अपनी व्यथा बताते हुए नरेश सेन ने कहा कि आज सुबह जब वे अपनी वार्ड क्रमांक दस की पार्षद पत्नि श्रीमती प्रीतिबाला सेन के साथ नगर परिषद् के द्वारा जारी विज्ञापन, जिसमें दिनेश राय की फोटो भी थी पर आपत्ति जताने परिषद् कार्यालय पहुंचे तो वहां मौजूद सीएमओ राधेश्याम चौधरी ने उन्हें बुरी तरह फटकार दिया। नरेश सेन ने बताया कि एक आवेदन उनकी पार्षद पत्नि ने थाना प्रभारी, लखनादौन को भी दिया है।

मेरी फोटो न छापें: श्रीमती सेन
थाना प्रभारी लखनादौन को दिए आवेदन में पार्षद श्रीमती प्रीतिबाला सेन ने कहा है कि आज जबलपुर से प्रकाशित एक समाचार पत्र में उनकी फोटो के साथ एक निजी कार्यक्रम का ब्यौरा छपा है, जिसमें नगर परिषद् के मुख्य नगर पालिका अधिकारी का सौजन्य प्रकाशित हुआ है। आवेदन में उन्होंने कहा है कि उनके द्वारा पूर्व में लिखित रूप में यह सूचना दी गई थी कि नगर परिषद् के कार्यक्रमों के प्रचार प्रसार एवं विज्ञापनों में बाहरी व्यक्ति के साथ उनकी फोटो प्रकाशित न की जाए।

हरिजन थाने में कर दूंगा केस: चौधरी
अपने आवेदन में पार्षद श्रीमती प्रीतिबाला सेन ने आगे कहा है कि वे अपने पति के साथ जब शिकायत करने सीएमओ राधेश्याम चौधरी के पास गईं तब सीएमओ राधेश्याम चौधरी ने उन्हें न केवल गंदी गंदी गालियां दी वरन् यह भी कहा कि वे हरिजन जाति के हैं और हरिजन थाने में केस कर देंगे। उन्होंने कहा कि वार्ड की समस्याओं को लेकर भी सीएमओ चौधरी उन्हें परिषद् में बोलने भी नहीं देते हैं और उनके द्वारा चाही गई जानकारियां भी उन्हें मुहैया नहंी करवाई जाती हैं।

अगर कुछ हुआ तो जवाबदेही सीएमओ और विज्ञापन में छपे व्यक्ति की
कलेक्टर, एसपी, आईजी, डीजीपी आदि को भेजे गए आवेदन में श्रीमती प्रीतिबाला सेन ने कहा है कि उपरोक्त बातों की कहा सुनी के चलते विज्ञापन में छपे अन्य व्यक्ति एवं उसके साथियों द्वारा उनके पति के उपर हमला करने की कोशिश भी की गई। इतना ही नहीं जान से मारने की धमकी भी वहां दी गई। अगर उन पर या उनके पति पर कोई घटना घटित होती है तो इसकी संपूर्ण जवाबदेही सीएमओ राधेश्याम चौधरी एवं विज्ञापन में छपे अन्य व्यक्ति की होगी।

आवेदन ले लिया है आप बैठ जाईए!
समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया कार्यालय में भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ आए नरेश सेन ने कहा कि जब वे अपनी पत्नि के साथ मौके से कोतवाली में अपना आवेदन लेकर गए तो वहां मौजूद पुलिस कर्मियों ने उनसे आवेदन लेकर यह कहा कि आप अपनी पत्नि को घर भेज दीजिए और आप इधर बैठ जाईए। उन्होंने कहा कि पुलिस ने उन्हें दो घंटे तक कमरे से बाहर नहीं निकलने दिया गया। उन्होंने बताया कि इसके बाद एसडीओपी मौके पर आए और सीएमओ की ओर से की गई शिकायत पर उनके बयान लिए।

क्यों इंट्रेस्ट ले रहे हैं इतना!
आज अपरान्ह जब इस बात की सूचना साई न्यूज को लगी तो साई न्यूज द्वारा कोतवाली लखनादौन (07690 240123) से संपर्क करने पर उपस्थित जमुना नामक कांस्टेबल या हवलदार ने कहा कि आखिर क्या बात है आप लोग इतना इंट्रेस्ट क्यों ले रहे हैं। जब उनसे घटना की प्रथम सूचना दर्ज हुई या नहीं इस बारे में जानकारी लेना चाहा तो उन्होंने किसी मुंशी जी को फोन पकड़ा दिया जिन्होंने कहा कि मामले में आवेदन मिला है और मामले की जांच की जा रही है।

प्रभारी मंत्री से हो चुकी है चर्चा: दिवाकर
इस संबंध में भाजपा के जिलाध्यक्ष नरेश दिवाकर ने चर्चा के दौरान बताया कि इस संबंध में जिले के प्रभारी मंत्री नाना भाउ माहोड़ से चर्चा हो चुकी है। उन्होंने बताया कि भाजपा मण्डल अध्यक्ष के साथ पुलिस का रवैया बहुत ही निंदनीय रहा है। उन्होंने कहा कि जनता की अदालत में भाजपा के पार्षदों का समर्थन कतई नहीं है। श्री दिवाकर का कहना था कि उन्होंने मण्डल अध्यक्ष नरेश सेन को निर्देश दिए हैं कि एक आवेदन तत्काल एसडीओपी और एसडीएम लखनादौन को दिया जाए जिसमें सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों का उल्लेख करते हुए कार्यक्रम को रात दस बजे तक संपन्न कराने की बात कही जाए। अगर रात दस बजे के बाद भी कार्यक्रम चलता है तो इस संबंध में वैधानिक कार्यवाही प्रशासन द्वारा की जाए।

एसपी से हो गई बात: नाना भाऊ
जिले के प्रभारी मंत्री नाना भाऊ माहौड़ से अपरान्ह ढाई बजे जब मोबाईल पर चर्चा की गई तो उन्होंने कहा कि एसपी सिवनी से उनकी चर्चा हो गई है। इस संबंध में जल्द ही कार्यवाही कर एफआईआर लिखी जाएगी। जब उनसे कहा गया कि कोतवाली लखनादौन का कहना है कि एफआईआर अभी नहीं हुई है तो लगभग झल्लाते हुए उन्होंने कहा कि एसपी से बात हो गई है एफआईआर तत्काल हो जाएगी।

एकतरफा कार्यवाही की पुलिस ने: शशि ठाकुर
जब इस मामले के बारे में लखनादौन की विधायक श्रीमती शशि ठाकुर से चर्चा की गई तो उन्हांेने कहा कि भाजपा जिलाध्यक्ष नरेश दिवाकर, मण्डल अध्यक्ष नरेश सेन एवं अन्य कार्यकर्ताओं के साथ उन्होंने एसपी कलेक्टर से मुलाकात कर वस्तु स्थिति से अवगत कराया है। उन्होंने कहा कि लखनादौन पुलिस ने एक तरफा कार्यवाही को अंजाम दिया है। उनका कहना था कि सीएमओ के आवेदन पर जब मण्डल अध्यक्ष नरेश सेन का बयान लिया जा सकता है तो नरेश सेन के आवेदन पर दिनेश राय उर्फ मुनमुन को थाने क्यों नहीं बुलाया गया।

शासन के प्रतिनिधि रहे उपेक्षित
वहीं दूसरी ओर शासन की ओर से मनोनीत पार्षद प्रेम जैन और मुकेश अग्रवाल को आज संपन्न होने वाले कार्यक्रम से कोसों दूर रखा गया। मुकेश जैन ने दूरभाष पर समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया को बताया कि आज जनता की अदालत के कार्यक्रम में शासन के मनोनीत पार्षदों को न तो मान सम्मान दिया गया और ना ही उनके लिए कोई अन्य व्यवस्थाएं रखी गईं।

टूटेगा भाजपा का कार्यकर्ता

भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी ने नाम उजागर न करने की शर्त पर कहा कि भाजपा के राज में अगर लखनादौन पुलिस, भाजपा के मण्डल अध्यक्ष को ही दो घंटे बिठा सकती है, और उसके आवेदन पर दिनेश राय जैसे लोगों को पूछताछ को बुलाने से महज इसलिए कतराती है कि वे दबंग हैं और पुलिस उनके इशारों पर चल रही है तब इन परिस्थितियों में भाजपा के आला नेता अगर कोई कार्यवाही नहीं करते हैं तो फिर भाजपा के कार्यकर्ताओं का न केवल मनोबल टूटेगा वरन् कार्यकर्ताओं का भाजपा से मोहभंग भी होने लगे तो किसी को आश्चर्य नहीं होना चाहिए।

बिना रजिस्ट्री कैसे कट रही कॉलोनियां!

बिना रजिस्ट्री कैसे कट रही कॉलोनियां!

(शरद खरे)

सिवनी शहर को कुछ साल पहले तक ‘शटर का शहर‘ कहा जाता था। इसका कारण था कि हर घर में एक शटर लग चुकी थी। उद्योग धंधों के अभाव में सिवनी में व्यापार नाम की चीज ही नहीं बची थी। ब्रॉडगेज के अभाव में दम तोड़ता व्यवसायिक माहौल सिवनी के व्यापारियों सहित यहां के निवासियों को साफ दिखाई पड़ता पर नहीं दिखता तो सांसद विधायकों को। नब्बे के दशक तक सिवनी में राजाधिराज इंडस्ट्रीज, साबू केमिकल, सिवनी सोप, पुट्ठा मिल, दूध डेयरी, शराब आसवानी आदि न जाने कितने उद्योग धंधे हुआ करते थे।
सांसद विधायकों की अनदेखी और निहित स्वार्थ के चलते आज सिवनी में एक नहीं दो दो औद्योगिक केंद्र हैं, पर उद्योग धंधे नदारत ही हैं। बारा पत्थर में बबरिया ग्राम में जिला उद्योग केंद्र के पास औद्योगिक प्रयोजनों से, लोगों ने बेशकीमती जमीनों का आवंटन कोड़ियों के भाव अपने नाम करवा लिया है। सालों साल से यह स्थान निर्जन ही पड़ा हुआ है। विडम्बना तो देखिए उद्योग कार्यालय इसी के साथ लगा हुआ है पर इस कार्यालय में पदस्थ रहे आला अधिकारियों को अब तक यह नहीं दिखा कि यहां जिन्हें भूखण्ड आवंटित किए गए थे उन्होंने दशकों तक अपने अपने भूखण्ड पर निर्माण नहीं करवाया है। जाहिर है उन्हें इस भूखण्ड की आवश्यक्ता ही नहीं है। लिहाजा उनका आवंटन निरस्त कर दिया जाना चाहिए था। वस्तुतः ऐसा हुआ नहीं है, अब तक।
इस तरह सिवनी में उद्योग धंधे न होने के कारण यहां रोजगार का अभाव होने लगा। पालकों को अपने अपने बच्चों की चिंता सताने लगी कि आखिर वे अपने बच्चों का भविष्य कैसे संवारेंगे। इसके उपरांत नब्बे के ही दशक में बुधवारी बाजार के आस पास घरों में शटर लगाकर दुकानें निकालना आरंभ हुआ। देखा-सीखी एक के बाद एक समूचे शहर में कमोबेश हर घर में दुकानें निकल गईं। इस तरह जो बाहर से आता तो देखकर चौंक जाता और कहता अरे यह तो शटर का शहर है।
सिवनी में एक चीज और जबर्दस्त तरीके से होती दिख रही है। शहर के आसपास लगे ग्रीन बेल्ट को सरकारी कर्मचारियों से मिलकर बिना अनुमति और औपचारिकताएं पूरी किए ही बेचे जाने का। जिले में जहां तहां होर्डिंंग्स और विज्ञापनों में पूर्णतः विकसित कॉलोनी में प्लाट के इश्तेहार लोगों को लुभा रहे हैं। कम ही खरीददार इस बात को जानते होंगे कि जो प्लाट वे खरीद रहे हैं या बुक करा रहे हैं, उसकी न तो रजिस्ट्री ही हुई है, न ही टाउन एण्ड कंट्री प्लानिंग से उसका नक्शा पास है और न ही अन्य औपचारिकताएं ही पूरी की गई हैं।
दरअसल, अधिकांश कॉलोनाईजर्स जनता से ही बयनामा के नाम पर राशि एकत्र कर प्लाट खरीदते हैं। उसके उपरांत प्लाट के खरीददारों से दूसरी-तीसरी किश्त लेकर वे बाकी की औपचारिकताओं को पूरा करते हैं। बाकी की किश्तें इन कॉलोनाईजर्स की जेब के हवाले होती हों तो किसी को आश्चर्य नहीं होना चाहिए।
इस तरह बिना अनुमति और औपचारिकताओं के कॉलोनाईजर्स द्वारा जिला प्रशासन की नाक के नीचे ही अवैध रूप से प्लाट बेचने का व्यवसाय किया जाता है। आश्चर्य तो उस वक्त होता है जब जमीन के कागजात के कीड़े समझे जाने वाले पटवारी, नायब तहसीलदार, तहसीलदार, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व आदि अपनी आंख बंद कर बैठे रहते हैं। यक्ष प्रश्न तो यह है कि क्या ये सरकारी नुर्माइंंदे घर के बाहर नहीं निकलते हैं जो इन्हें बड़े बड़े होर्डिंंग्स नहीं दिखते। इतना ही नहीं मीडिया में भी इन कॉलोनियों के बारे में विज्ञापन पटे पड़े रहते हैं, क्या ये अखबार भी नहीं पढ़ा करते हैं!
मान लिया कि ये समाचार पत्र नहीं पढ़ते होंगे पर अखबारों की कतरनों को जिला प्रशासन तक पहुंचाने के लिए पाबंद जिला जनसंपर्क कार्यालय द्वारा तो इन कॉलोनाईजर्स द्वारा किए जाने वाले इस तरह के अवैध कामों की क्लिपिंग जिला कलेक्टर या संबंधित तक पहुंचाई जाती होगी, बावजूद इसके, इनके खिलाफ अब तक कोई कार्यवाही न होना इस बात का संकेत माना जा सकता है कि दाल में काला नहीं यह काली वाली ‘दाल मखनी‘ ही है।
रजिस्टार कार्यालय में भी अंधेरगर्दी पसरी हुई है। कहा तो यहां तक भी जाता है कि हर कॉलोनी में एक प्लाट पंजीयक, एक स्थानीय निकाय के नाम से निकालकर अलग रखना होता है, तब जाकर मिल पाती है कॉलोनी काटने की अनुमति। हाल ही में छपारा शहर में कॉलोनी काटने का ‘गंदा धंधा‘ तेजी से चल रहा है। इनमें प्रभावशाली लोगों की संलिप्तता बताई जा रही है। इसी तरह छपारा में गोविंद धाम नामक कॉलोनी के विज्ञापन में कुछ प्लाट ही शेष के विज्ञापन महीनों से चल रहे हैं। क्या तहसीलदार छपारा ने कभी इसकी जांच करने की जहमत उठाई है? जाहिर है नहीं, वरना अब तक तो गोविंद धाम के कॉलोनाईजर्स, प्लाट बेचने के स्थान पर ‘राधे राधे‘ भजन कीर्तन करते नजर आते।

सिवनी शहर में भी एसपी बंग्ले के सामने के बड़े भूखण्ड का सौदा करोड़ों में होने की चर्चाएं हैं। इस भूखण्ड के बारे में कहा जा रहा है कि यह भूखण्ड पूर्व में बगीचे के लिए आरक्षित किया गया था। अब यह था या नहीं इस बारे में तो बेहतर तरीके से नगर सुधार न्यास, नगर पालिका या सिवनी के पटवारी ही बता सकते हैं, पर जमीन के इस गंदे धंधे से प्रदेश सरकार के राजस्व को क्षति पहुंचाई जा रही है वह भी गलत तरीके से। जरूरत है संवेदन शील जिला कलेक्टर भरत यादव से इस संबंध में उचित और ठोस कार्यवाही की अपेक्षा की जाए।

रविवार, 15 सितंबर 2013

‘हम साथ साथ हैं‘ का एक सुर में नारा लगा रहीं कांग्रेस भाजपा

‘हम साथ साथ हैं‘ का एक सुर में नारा लगा रहीं कांग्रेस भाजपा

(अखिलेश दुबे/अय्यूब कुरैशी)

सिवनंी (साई)। नब्बे के दशक की समाप्ति के साथ ही सिवनी जिले के सियासी बियावान में एक नई परंपरा का आगाज़ किया गया है। यह परंपरा है ‘हम साथ साथ हैं‘ की नई सुबह। इसके तहत कांग्रेस और भाजपा दोनों ही प्रमुख सियासी दलों ने जिला स्तर की समस्याओं को दरकिनार कर, एक दूसरे को कोसना तो बरकरार रखा पर प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर की समस्याओं पर। प्रदेश और देश में दोनों ही सियासी दलों ने बाकायदा अपने अपने प्रवक्ता बनाए हुए हैं। जाने अनजाने सिवनी के जिला स्तर के प्रवक्ताओं द्वारा इन देश और प्रदेश के प्रवक्ताओं की रोजी रोटी पर संकट खड़ा किया जा रहा है। वस्तुतः इन प्रवक्ताओं का काम स्थानीय स्तर की समस्याओं को पुरजोर तरीके से उठाने का है जिससे ‘उपकृत‘ या ‘षणयंत्र‘ के तहत इनके द्वारा बचा जाता है। इस संस्कृति के सबसे बड़े पोषक सिवनी के सियासी बियावान के बट वृक्ष स्व.हरवंश सिंह को ही माना जाता रहा है। उनके अवसान के उपरांत भी यह क्रम आज भी बदस्तूर जारी है।
नगर पालिका पर मौन है कांग्रेस
नगर पालिका परिषद् सिवनी में भाजपा का राज है तो उपाध्यक्ष की आसनी पर कांग्रेस के राजिक अकील अपने एक दर्जन पार्षदों की भारी भरकम फौज के साथ काबिज हैं। बावजूद इसके सिवनी के नागरिक नारकीय पीड़ा भोग रहे हैं। नगर पालिका परिषद् की बैठक में आज तक शहर में प्रदाय किए जा रहे दूषित पेजयल के मामले में कोई आवाज न उठना, आश्चर्य जनक ही माना जाएगा। एक करोड़ रूपए की राशि ऐतिहासिक दलसागर के सौंदर्यीकरण में फूंक दी गई। आज दलसागर तालाब में जल भराव क्षमता काफी हद तक कम हो चुकी है, इसके किनारे बने पैदल पथ पर कचरा, घास उग आई है। यह किसी भी कांग्रेस के पार्षद को दिखाई न देना आश्चर्यजनक ही है। इसी तरह मुख्य बाजार बुधवारी में जल निकाली का उचित प्रबंधन न होने से हल्की सी बारिश में ही यहां पानी लबालब भर जाता है। वार्ड के पार्षद ने बस एक पत्र पालिका को लिखकर उसकी पावती लेकर अपने कर्तव्यों की इतिश्री ही समझ ली।

वाटर शेड में भ्रष्टाचार, कहां है कांग्रेस
जिला पंचायत के अधीन वाटर शेड मिशन है। इसमें करोड़ों रूपयों के भ्रष्टाचार की गंगा बह रही है। जिला पंचायत में अध्यक्ष पद पर कांग्रेस के मोहन चंदेल, तो उपाध्यक्ष पद पर अनिल चौरसिया विराजमान हैं। प्रदेश में भाजपा सरकार है। भाजपा सरकार होने के बाद भाजपा के नुर्माइंंदे आकंठ भ्रष्टाचार में डूबे हैं पर इनका भ्रष्टाचार न तो मोहन चंदेल को दिख रहा है न ही अनिल चौरसिया को। दोनों की खामोशी से साफ जाहिर हो रहा है मानो जिला पंचायत के अधीन सब कुछ ठीक ठाक चल रहा है।

अवैध बस संचालन, सब मिले हैं
सिवनी जिले में बस या टैक्सी का अवैध रूप से संचालन व्यापक स्तर पर हो रहा है। इस संचालन में कांग्रेस और भाजपा के नुर्माइंंदों की बस अवैध रूप से संचालित हो रही हैं। बार बार मीडिया में उछलने के बाद भी न तो कांग्रेस और न ही भाजपा द्वारा इस संबंध में अब तक अवैध बस संचालन रोकने के प्रयास हुए हैं। यहां तक कि अनेक सरकारी कर्मचारियों ने अपने अपने परिजनों के नाम से बस या टैक्सी लेकर, इस लाभ के धंधे में अपनी काली कमाई लगा दी है।

कानून व्यवस्था पर खामोश है विपक्ष
जिले में अराजकता की स्थिति बन चुकी है। चोरी, लूट, डकैती, हत्या, राहजनी जैसे मामले जमकर हो रहे हैं, पर कानून व्यवस्था के नाम पर विपक्ष में बैठी कांग्रेस मौन ही साधे हुए है। सिवनी में क्रिकेट सट्टे में फंसकर युवा बर्बाद हो रहा है। कांग्रेस अपनी पीठ ठोंकने के लिए मालवा में कांग्रेस महासचिव राजा दिग्विजय सिंह पर हुए हमले के विरोध में प्रदर्शन करती है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राज कुमार खुराना भी इसके लिए विज्ञप्ति जारी करते हैं, पर सिवनी के क्रिकेट सट्टे, हत्या, जुंए की फड़ और बिगड़ी कानून व्यवस्था के लिए वे भी खामोशी अख्तियार करना ही बेहतर समझते हैं।

पसरा हुआ है अतिक्रमण
जिले भर में अतिक्रमण सबसे बड़ी समस्या बनकर उभर रहा है। अतिक्रमण में कांग्रेस और भाजपा के नुमाईंदों ने शायद अघोषित तौर पर एक सिंडीकेट बना लिया है। इसके तहत चुन चुनकर कांग्रेस और भाजपा पदाधिकारियों ने जिला मुख्यालय सहित जिले भर में मुख्य स्थान चिन्हित कर उसमें अतिक्रमण कर लिया है। चूंकि दोनों ही प्रमुख राजनैतिक दल के कार्यकर्ता इनमें शामिल हैं अतः मुंह दिखाई रस्म के मानिंद चलने वाली अतिक्रमण विरोधी मुहिम की गाज गरीबों और उन पर ही गिरती है जिनका कोई माई बाप नहीं है।

जर्जर स्वास्थ्य व्यवस्था, कांग्रेस की रहस्मय चुप्पी
जिले में सरकारी स्तर पर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलना अब इतिहास बन चुका है। आयुर्विज्ञान महाविद्यालय की क्षमता वाले जिला चिकित्सालय के हाल बेहाल हैं। लखनादौन विधायक श्रीमती शशि ठाकुर के पति डॉ.वाय.एस.ठाकुर चार सालों से अधिक समय से सिवनी में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी हैं, तो सिवनी विधायक श्रीमती नीता पटेरिया के पति डॉ.एच.पी.पटेरिया जिला मलेरिया अधिकारी के प्रभार में हैं। वहीं भाजपा के एक और विधायक हैं कमल मर्सकोले जो बरघाट का प्रतिनिधित्व करते हैं। स्व.हरवंश सिंह केवलारी से विधायक रहे हैं। वर्ष 2008 में विधानसभा चुनावों के बाद किसी भी विधायक ने विधानसभा में जिले की लचर स्वास्थ्य व्यवस्था की आवाज बुलंद नहीं करके अपनी अपनी कार्यप्रणाली और सिवनी के प्रति अपने अपने अनुराग पर ही प्रश्न चिन्ह लगा दिए हैं।

अवैध शराब पर खामोश कांग्रेस भाजपा
अग्निपथ सिनेमा कमोबेश सभी ने देखा होगा। सदी के महानायक अमिताभ बच्चन अभिनीत इस चलचित्र में दिनकर राव समूचे गांव को शराबी बना देता है। उसी तर्ज पर सियासी पायदान चढ़ने उतरने वाले लोगों द्वारा परोक्ष तौर पर शराब व्यवसाय किया जा रहा है। गांव गांव में टाटा सूमो और अन्य चौपाया वाहनों में अवैध शराब इस तरह बिक रही है मानो सरकारी राशन की चलित दुकानें हों। युवा वर्ग शराब के नशे में बुरी तरह जकड़ चुका है। जिला कलेक्टर की उपस्थिति में अनेकों बार बैठकों में इस बात को रेखांकित किया जा चुका है। बावजूद इसके गांवों में बिकने वाली शराब पर कोई प्रतिबंध लगाने की मांग तक नहीं करना आखिर क्या साबित कर रहा है?

लखनादौन नगर परिषद् कर रही मनमानी
लखन कुंवर की नगरी में नगर परिषद् पर निर्दलीय सुधा राय का कब्जा है। नगर परिषद् लखनादौन पर आरोप है कि उसने कृषि उपज मण्डी की जमीन पर स्थगन के बाद भी सब्जी मण्डी का निर्माण करवा दिया है। शहर की मुख्य सड़क का निर्माण तब आरंभ कर दिया गया था, जब श्रीमती सुधा राय के समधियाने हटा (जिला दमोह) के एक ठेकेदार ने नगर परिषद् के साथ न तो अनुबंध किया था न ही परफार्मेंस गारंटी का धन जमा किया था। इस सबंध में समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया से चर्चा के दौरान लगभग एक माह पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष ने कार्यवाही करने की बात कही थी। एक माह बीतने के बाद भी सत्ताधारी भाजपा संगठन के जिला प्रमुख और भाजपा संगठन ही अपने आप को लखनादौन नगर परिषद् के सामने घुटनों पर खड़ा पा रहा हो तो किसी को आश्चर्य नहीं होना चाहिए। इस मामले में कहा जाता है कि लखनादौन नगर परिषद् पर लंबे समय से राय परिवार का ही कब्जा है और राय परिवार को सायकल से बीस पच्चीस लाख रूपयों के विलासिता वाले वाहन, घर में स्वीमिंग पूल आदि की व्यवस्थाएं करने में कांग्रेस के क्षत्रप हरवंश सिंह ठाकुर का विशेष योगदान रहा है। कहा जाता है कि राय परिवार के माध्यम से हरवंश सिंह द्वारा जिले में कांग्रेस की जड़ों में तबियत से मठ्ठा डलवाया गया था।

रजनीश बने मुख्य अतिथि, भाजपा संगठन को हुआ सन्निपात!

लगता है केवलारी विधानसभा के मामले में भाजपा के जिला संगठन को लकवा मार गया है। कांग्रेस और भाजपा दोनों ही संगठनों के अंदर चल रही चर्चाओं के अनुसार भाजपा का जिला संगठन सदा से ही हरवंश सिंह के इशारों पर मुजरा इसलिए करता आया है क्योंकि हरवंश सिंह के ‘पे रोल‘ पर भाजपा के अनेक पदाधिकारी रहे हैं। गत दिवस छपारा में भाजपा सरकार के तेंदूपत्ता वितरण समारोह में कांग्रेस के केवलारी विधानसभा के संभावित प्रत्याशी हरवंश सिंह के पुत्र रजनीश सिंह को मुख्य अतिथि बना दिया गया। यह बात देश भर में लगभग एक हजार विभिन्न मीडिया प्रतिष्ठानों को समाचार प्रदाय करने वाली समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया द्वारा प्रमुखता के साथ उठाई गई। दिल्ली से प्रकाशित प्रमुख समाचार पत्र नवभारत टाईम्स, दैनिक जागरण सहित अनेक वेब साईट्स पर भी यह बात प्रमुखता के साथ उठी। इस मामले में भाजपा जिला संगठन और प्रवक्ता का मौन नहीं टूट सका है, जबकि सिर्फ भाजपा नेता नरेंद्र टांक ने ही इस बात पर आपत्ति जाहिर की है।