शुक्रवार, 13 सितंबर 2013

कांग्रेस के रजनीश के सामने घुटनों पर भाजपा!

कांग्रेस के रजनीश के सामने घुटनों पर भाजपा!

सांसद विधायक तो दूर, पंच सरपंच भी नहीं रहे रजनीश बन गए मुख्य अतिथि!

(महेश रावलानी)

सिवनी (साई)। भारतीय जनता पार्टी इस बार भी केवलारी विधानसभा में घुटनों पर ही खड़ी दिखाई दे रही है। भाजपा ने कांग्रेस के कद्दावर नेता स्व.हरवंश सिंह के पुत्र और कथित रूप से केवलारी के सशक्त दावेदार रजनीश सिंह की मुखालफत करने से गुरेज ही कर रखा है। 11 सितम्बर को छपारा में आयोजित तेंदूपत्ता बोनस वितरण कार्यक्रम से भाजपाईयों ने पूरी तरह दूरी बनाई रखी, जिसका लाभ उठाकर कांग्रेस के संभावित केवलारी विधानसभा के उम्मीदवार रजनीश सिंह ने कार्यक्रम का कांग्रेसीकरण कर डाला।
ज्ञातव्य है कि आचार संहिता के खटके के चलते मध्यप्रदेश शासन द्वारा 15 सितंबर के पूर्व तेंदूपत्ता बोनस वितरण के आदेश जारी किए हुए है। सिवनी जिला यूनियन उत्तर सिवनी सा. वनमण्डल की 16 समितियों के 26935 संग्राहकों को राशि सात करोड़ बयानवे लाख पचहत्तर हजार तीन सौ पचपन रूपये का बोनस बितरण किया जाना था। इसी तारतम्य में 11 सितंबर को वन परिक्षेत्र छपारा में बोनस वर्ष 2012 तेन्दूपत्ता संग्राहकों को प्रोत्साहन पारिश्रमिक वितरण कार्यक्रम का आयोजन रखा गया। आयोजित शिविर मे छपारा समिति से 1269 संग्राहकों को अट्ठाईस लाख बयासी हजार एक सौ तेरह रूपयों का वितरण किया गया।

रजनीश बने भाजपा सरकार में मुख्य अतिथि
रजनीश सिंह ठाकुर का राजनीति में उदय बहुत पुराना नहीं कहा जा सकता है। अपने पिता स्व.हरवंश सिंह के विशाल सियासी कद के चलते ही उन्हें संगठन में विभिन्न ओहदों पर शोभा की सुपारी बनाकर बिठाया जाता रहा है। रजनीश सिंह ने अब तक सांसद, विधायक, जिला पंचायत, जनपद पंचायत, ग्राम पंचायत का कोई चुनाव नहीं लड़ा है। रजनीश सिंह को कांग्रेस का कार्यकर्ता माना जा सकता है।
बावजूद इसके छपारा में आयोजित कार्यक्रम मे मुख्य अतिथि रजनीश सिंह ठाकुर, विशेष अतिथि जिला पंचायत सदस्य पुष्पा जैन, जनपद अध्यक्ष रंगलाल धुर्वे, उपाध्यक्ष आरिफ मो. जयकेश सिंह, गुलाब साहू, सरंपच सांता सैैयाम, भारतीय वन सेवा अधिकारी रविन्द्र मणी त्रिपाठी, अनुविभागीय अधिकारी सी.एस.वर्मा सिवनी वन परिक्षेत्र अधिकारी आर.एल.गौर, आर.के.श्रीवास की उपस्थिति में 28लाख 82 हजार रूपये के तेन्दू पत्ता बोनस वितरण किये गये। कार्यक्रम में आमंत्रित जनप्रतिनिधियों ने केन्द्र व प्रदेश शासन की योजनाओं के विषय में जानकारी देते हुये तेन्दू पत्ता संग्रहण करने वाले मजदूरों के हित मे अपने अपने उद्बोधन दिये। उसके पश्चात् संग्राहकों को अतिथियों के माध्यम से नगद राशि का वितरण किया गया। पूरे कार्यक्रम में सत्ताधारी दल भाजपा से कोई भी स्थानीय या जिला स्तर का जनप्रतिनिधि कार्यक्रम में नही पहुंचा, जिससे कार्यक्रम कांग्रेसमय होकर समपन्न हुआ।

भाजपा - रजनीश की नूरा कुश्ती से कार्यकर्ता हैरान!
भारतीय जनता पार्टी के शासनकाल में कांग्रेस के विधानसभा के संभावित प्रत्याशी जो कि सिर्फ कांग्रेस के कार्यकर्ता हैं के सामने जिला भाजपा का घुटने टेकना, आश्चर्यजनक ही माना जा रहा है। जिला भाजपा द्वारा इस बात पर अब तक संज्ञान नहीं लिया जाना आश्चर्यजनक ही है कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में कांग्रेस के एक महज कार्यकर्ता को सरकारी कार्यक्रम का मुख्य अतिथि आखिर किस आधार पर बना दिया जाता है। सियासी फिजां में यह बात तेजी से उठ रही है कि क्या इस कार्यक्रम के लिए आखिर एक ऐसे व्यक्ति को भारतीय जनता पार्टी द्वारा महिमा मण्डित किया जा रहा है? क्या हरवंश सिंह ठाकुर की तरह रजनीश सिंह से भी भाजपा के नुमाईंदे सैट हो चुके हैं?

नीता नरेश से किया था संपर्क
वन विभाग के सूत्रों का कहना है कि इस कार्यक्रम के लिए वन विभाग के नुमाईंदों ने सबसे पहले पूर्व विधायक और जिला भाजपाध्यक्ष नरेश दिवाकर से संपर्क किया था, उसके बाद इसके लिए वे सिवनी विधायक श्रीमती नीता पटेरिया के पास भी गए थे। दोनों की सहमति नहीं मिल पाने के बाद वन विभाग द्वारा स्थानीय भाजपा के जनप्रतिनिधियों से संपर्क किया गया था। वनमण्डलाधिकारी चूंकि उत्तर प्रदेश प्रवास पर हैं अतः उनसे इस संबंध में चर्चा नहीं हो सकी है।

रजनीश के इस कृत्य की शिकायत होगी?
भारतीय जनता पार्टी के एक वरिष्ठ पदाधिकारी ने नाम उजागर न करने की शर्त पर कहा कि हरवंश सिंह के जमाने में भाजपा और कांग्रेस के बीच जारी नूरा कुश्ती हरवंश सिंह के अवसान के उपरांत भी समाप्त नहीं हो सकी है। उन्होंने कहा कि भाजपा संगठन अपने आप को मीर बनाने के लिए, कांग्रेस से मिलकर भाजपा के ही अपने दुश्मनों से चुन चुन कर बदला ले रहा है। उक्त पदाधिकारी ने कहा कि क्या भाजपा जिलाध्यक्ष नरेश दिवाकर द्वारा रजनीश सिंह को मुख्य अतिथि बनाने वाले अधिकारियों की शिकायत संगठन स्तर पर या मुख्यमंत्री से करेंगे, कि सरकारी अधिकारी ही भाजपा के राज में कांग्रेस को प्रमोट करने में लगे हुए हैं! उन्होंने कहा कि नरेश दिवाकर द्वारा ऐसा इसलिए नहीं किया जाएगा क्योंकि वे भी . . .। उक्त पदाधिकारी ने कहा कि भाजपाध्यक्ष नरेश दिवाकर द्वारा लखनादौन नगर पंचायत और गांव गांव बिकने वाली अवैध शराब के मामले में भी राय परिवार को घेरने में अपने आप को जान बूझकर अक्षम बताया जा रहा है। इसका कारण यह है कि वे कहीं न कहीं राय परिवार से अंदर ही अंदर जुड़े हुए हैं।

सरकार की ओर से है ढील
समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया के भोपाल ब्यूरो से नंद किशोर ने वन मंत्री कार्यालय के सूत्रों के हवाले से बताया कि राज्य शासन द्वारा तेंदू पत्ता वितरण कार्यक्रम के लिए राज्य शासन द्वारा कोई राशि प्रदाय नहीं की गई है। इतनी बड़ी तादाद में हो रहे बोनस वितरण में न तो कार्ड ही छप पा रहे हैं और न ही टेंट आदि के लिए कोई राशि का ही प्रावधान किया गया है। इन परिस्थितियों में वन कर्मी अपने स्तर पर अपनी जेब से ही कार्यक्रम को संपादित कर रहे हैं। सिवनी में हुए कार्यक्रम की जानकारी जब वन मंत्री के करीबी सूत्र को दी गई तो उन्होंने हंसते हुए कहा कि हो सकता है कांग्रेस के महामंत्री ने कार्यक्रम का खर्च वहन कर लिया हो तो वन विभाग द्वारा उन्हें ही मुख्य अतिथि बना दिया गया हो।

जनप्रतिनिधियों की अव्हेलना गलत: बिसेन
मध्य प्रदेश वित्त आयोग के अध्यक्ष डॉ.ढाल सिंह बिसेन ने इस संबंध में अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि जनप्रतिनिधियों की इस तरह से उपेक्षा पूरी तरह निंदनीय है। इस तरह अगर सरकारी कर्मचारी पार्टी विशेष के महामंत्री को मुख्य अतिथि बनाएंगे जो जनप्रतिनिधि कभी रहा ही नहीं हो तो भाजपा कार्यकर्ताओं में निराशा आना स्वाभाविक ही है। इससे गलत संदेश जा रहा है। छपारा में रजनीश सिंह को तेंदूपत्ता वितरण कार्यक्रम का मुख्य अतिथि बनाया जाना किसी भी दृष्टिकोण से उचित नहीं कहा जा सकता है।

भाजपा में जनप्रतिनिधियों की कमी नहीं: नरेश दिवाकर

दूसरी ओर भोपाल यात्रा से आज शाम ही लौटे जिला भाजपाध्यक्ष नरेश दिवाकर का कहना है कि भाजपा में जनप्रतिनिधियों की कमी नहीं है। यह वाकई आपत्तिजनक है। समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया से चर्चा के दौरान उन्होंने कहा कि इस संबंध में वे डीएफओ से चर्चा करना चाह रहे हैं पर उनका मोबाईल बंद आ रहा है। इस संबंध में वे रात को जिला कलेक्टर से चर्चा अवश्य ही करेंगे।

मनोरंजन आतिशबाजी के फूहड़ प्रदर्शन के बजाए शपथ पत्र दे राय परिवार: गोंगपा

मनोरंजन आतिशबाजी के फूहड़ प्रदर्शन के बजाए शपथ पत्र दे राय परिवार: गोंगपा

(अय्यूब कुरैशी)

सिवनंी (साई)। लखनादौन नगर पंचायत में मनोरंजन, आतिशबाजी, शोरगुल के बीच जनता की अदालत में जाने के खर्चीले स्वांग पर आपत्ति जताते हुए गोंडवाना गणतंत्र पार्टी ने कहा है कि इससे बेहतर होगा कि लखन कुंवर की नगरी लखनौदन की नगर पंचायत में राय परिवार शपथ पत्र देकर जनता के बीच जाए। इस तरह के आयोजनों से जनता के समय और पैसे दोनों ही की बर्बादी होती है।
गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के प्रवक्ता विवेक डेहरिया द्वारा जारी विज्ञप्ति में कहा गया है कि वेतन भत्ते से लेकर ऐशोआराम से जीने का अधिकार जनप्रतिनिधियों को पैदा कर देने वाली जनता को जनप्रतिनिधि जीतने के बाद कौन सा अधिकार दे रहे हैं इस पर चिंतन करना जरूरी है। सिवनी जिले में है किसी में हिम्मत जो जनता व मतदाता को दे सकें।
जनता को यदि अपना सच्चा सेवक चुनना है, तो मध्य प्रदेश में आगामी समय में होने वाले विधानसभा चुनाव में जिस भी विधानसभा क्षेत्र से जो भी नागरिक विधायक पद के लिए चुनाव में उम्मीदवार के रूप में किसी भी दल से या निर्दलीय के रूप में चुनावी मैदान में उतरता है तो उससे जनता और मतदाता वायदा रूपी घोषणा पत्र, पॉम्पलेट, पोस्टर, फ्लेक्स के स्थान पर अब शपथ पत्र की फोटो कॉपी लेना अनिवार्य कर देना चाहिए जिससे जनता और मतदाता कभी भी अपने आप को ठगा महसूस नहीं करेंगे और इस शपथ पत्र के कारण अच्छा जनसेवक, जनप्रतिनिधि का चुनाव भी हो सकता है।
श्री डेहरिया ने आगे कहा कि सिवनी जिले की जनता मतदाता यदि शपथ पत्र लेना प्रारंभ कर देगी तो लखनादौन में विगत कई वर्षों से मनोरंजन आतिशबाजी के शोरगुल में हाथ उठाकर जनमत हासिल करने की आवश्यकता समाप्त हो जायेगी, इसलिये अब जनता व मतदाता को शपथ पत्र लेना चाहिये अर्थात अब शपथपत्र की नितांत आवश्यकता है, जनमत की नहीं।
गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के मीडिया प्रभारी के द्वारा 29 बिंदुओं पर आधारित शपथ पत्र तैयार किया गया है जिसे गांव गांव में बंटवाया जायेगा। जिसमें विधायक निधि से लेकर विधायकों को मिलने वाला वेतन का पाई पाई का हिसाब, विधायक निधि व्यय समिति के सदस्यों के पास रहेगा जो लिखित में जनता को बताया जायेगा। विधायक निधि व्यय समिति में लगभग 50 सदस्य होंगे जिनमें संबंधित विधानसभा क्षेत्र में निवासरत सभी समाज वर्ग के प्रबुद्ध नागरिकगण शामिल होंगे इनकी अनुमति के बिना एक रूपये भी विधायक खर्च नहीं कर पायेंगे।
उन्होंने कहा कि किसान-मजदूरों व जनता के कार्यों और क्षेत्र का विकास व रोजगार के लिये विधायक क्या कार्य करेंगे यह सब जनता व मतदाता को शपथ पत्र में देना अनिवार्य कर देना चाहिये अन्यथा जनमत में हाथ भर उठाने से काम नहीं चलेगा विधायक से एफआईआर दर्ज करवाने का, 420 धोखाधड़ी का प्रकरण दर्ज करने का एवं विधायक पद से हटाने के लिये जबलपुर उच्च न्यायालय में रिट याचिका दायर करने का अधिकार जनता व मतदाता को शपथ पत्र में लेना चाहिये तभी सिवनी जिले का विकास संभव है अन्यथा नहीं।

श्री डेहरिया ने कहा कि जनता के सामने सिवनी की दुःखद व भयावह स्थिति सामने है। जीतने के बाद जनप्रतिनिधि पलटकर नहीं देखते और अधिकांश तो ‘‘मनोरंजन रूपी जनमत‘‘ से ही सहमत हैं। अब सिवनी जिले की जनता को ही विचार करना है कि आगामी विधानसभा चुनाव में वह जनमत देना चाहती है या शपथ पत्र लेना चाहती है।

ब्रॉडगेज फोरलेन की राह पर एस्ट्रोटर्फ हॉकी मैदान

ब्रॉडगेज फोरलेन की राह पर एस्ट्रोटर्फ हॉकी मैदान

(शरद खरे)

सिवनी में सियासी नेतृत्व नपुंसक हो चुका है इस बात से इंकार नहीं किया जा सकता। जबसे पूर्व केंद्रीय मंत्री सुश्री विमला वर्मा को षणयंत्र के तहत सक्रिय राजनीति से किनारे कर घर बिठाया गया है, उसके बाद से सिवनी में आत्म केंद्रित राजनीति का आगाज़ हो चुका है। सिवनी में हो रही सियासी हलचलों से जनता अनजान नहीं है, पर वह मजबूर है कि उसके पास दूसरा विकल्प ही नहीं है।
हमें यह कहने में कोई संकोच नहीं वरन गर्व अनुभव होता है कि सुश्री विमला वर्मा की देन से आज सिवनी पूरी तरह समृद्ध है। सिवनी की झोली में कुछ डालना तो दूर सुश्री वर्मा के द्वारा दी गई सौगातों को ही सहेजकर रख नहीं पाए उनके बाद सियासी पारी खेलने वाले सांसद या विधायक। एक के बाद एक विरासतें सिवनी से छिनती रहीं और कांग्रेस भाजपा के नुमाईंदे कभी कभार ही विज्ञप्तियां जारी कर अपने कर्तव्यों की इतिश्री करते रहे।
ब्रॉडगेज का सपना दो ढाई दशकों से सिवनी को दिखाया जा रहा है। 2006 में तत्कालीन रेल मंत्री लालू प्रसाद यादव के सामने स्व.हरवंश सिंह के नेतृत्व में कांग्रेस का जत्था गया और लौटकर खूब नाचा, खुशियां मनाईं, फाग गाए कि बस रेल लाईन आ ही गई। सालों पुराने छिंदवाड़ा से नैनपुर रेल खण्ड के अमान परिवर्तन का काम आज भी आरंभ नहीं हो सका है। आज ये नेता एक बार फिर जनता की असली अदालत में जाने वाले हैं। उस वक्त मीडिया में विज्ञापन छपाकर वाहवाही लूटने वाले कांग्रेस और भाजपा के नेताओं के सामने शर्म का संकट भी नहीं है कि अगर किसी ने पूछ ही लिया कि 2006 में जो हुआ था उसके बाद अब तक बड़ी रेल लाईन की सीटी की आवाज सिवनी में क्यों सुनाई नहीं दे रही है? इनके पास रटा रटाया जवाब है।
ये सारे के सारे मिलकर सिवनी के सामने एक शख्सियत को पुरानी फिल्मों में ‘शत्रुध्न सिन्हा‘ और ‘प्रेम चौपड़ा‘ के मानिंद विलेन जो बना चुके हैं। कांग्रेस परोक्ष रूप से ‘जानते तो हो यार‘ और भाजपाई साफ तौर पर उस शख्सियत का नाम लेकर अपनी बला दूसरे के सर आसानी से डाल देते हैं। हाल ही में सोशल नेटवर्किंग वेब साईट पर सिवनी मण्डला के सांसद बसोरी सिंह मसराम की एक फोटो युक्त अखबार की कतरन पड़ी है जिसमें गर्व से कहा गया है कि अब गूंजेगी डिंडोरी में ब्रॉडगेज की सीटी। क्या कांग्रेस के सिवनी के नुमाईंदे अब भी भाजपा सांसद के.डी.देशमुख को ही कटघरे में खड़ा करेंगे? क्या विज्ञप्तिवीर कांग्रेस के प्रवक्ताओं या नेताओं के अंदर इतना माद्दा है कि वे अपनी ही पार्टी के सांसद बसोरी सिंह मसराम को इसके लिए कटघरे में खड़ा करें कि बसोरी सिंह सिवनी के भी सांसद हैं, और बतौर सांसद उन्होंने सिवनी के लिए लोकसभा में कौन सी आवाज उठाई?
यही हाल फोरलेन का है। 2008 में फोरलेन के निर्माण में जो फच्चर फंसाया गया वह फांस आज भी सिवनी के शरीर में घाव बनी साफ दिख रही है। इस घाव से बहता बदबूदार मवाद भी किसी को नहीं दिख रहा है। फोरलेन मामले में भी सियासी पार्टियों के साथ ही साथ गैर राजनैतिक मंचों ने भी जमकर रोटियां सेंकी और सियासत कर जनता को भरमाया। जनता को लगा, ये सारे के सारे सफेदपोश बागड़बिल्ले उनेक लिए लड़ रहे हैं, वस्तुतः ये सारे के सारे तो अपने लिए ही काम कर रहे थे। कोई सद्भाव कंपनी का एजेंट था तो कोई मीनाक्षी कंपनी का।
कुल मिलाकर सिवनी के भाग्य में नपुंसक नेतृत्व के चलते रोना ही लिखा है। अस्सी के दशक में तत्कालीन जाबांज नेता हरीश क्षेत्रपाल अक्सर कहा करते थे, ‘‘यहां कुछ नहीं हो सकता है यारों, यह मुर्दों का शहर है।‘‘ सिवनी में प्रौढ़ हो रही पीढ़ी इस बात को अच्छे से जानती होगी कि सिवनी के लोगों में हॉकी के प्रति दीवानगी का क्या आलम था। कोतवाली के सामने वाले मैदान में शाम ढलते ही जब ब्रदर्स क्लब की प्रेक्टिस हुआ करती थी तो लगता था मानो अंतर्राष्ट्रीय स्तर का मैच हो रहा हो। आने जाने वाले बरबस ही रूककर इस प्रेक्टिस को देखने मजबूर होते थे। बाबा राघवदास हॉकी प्रतियोगिता में अंतर्राष्ट्रीय और राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी सिवनी में आया करते थे। उस वक्त खेल भावना देखने लायक होती थी। पुलिस ग्राउंड में मैच के दौरान पैर रखने की जगह नहीं होती थी।

आज हॉकी का सिवनी में क्या स्तर हो गया है यह बात किसी से छिपी नहीं है। सिवनी के लिए पूर्व विधायक नरेश दिवाकर ने एक एस्ट्रोटर्फ हॉकी मैदान की सौगात दिलवाई जिसके लिए सिवनी वासी उनके आजीवन ऋणी रह सकते हैं। पर इस सौगात को अब तक खिलाड़ियों तक न पहुंचा पाने के लिए सिवनी का खेल जगत विशेषकर हॉकी प्रेमी उन्हें दिल से दुआ तो कतई नहीं दे रहे होंगे। इक्कीस माह से अधिक समय हो चुका है जबकि यह मैदान तैयार हो चुका है। इस मैदान को महज इसलिए लोकार्पित नहीं किया जा सका है क्योंकि मुख्यमंत्री के पास इसके लिए समय नहीं है। साथ ही साथ इसका नाम हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद के नाम पर किया जाना प्रस्तावित है। हमारा कहना महज इतना ही है कि सीएम अगर व्यस्त हैं तो सिवनी के ही किसी वयोवृद्ध हॉकी खिलाड़ी से इसका फीता कटवा दिया जाए, साथ ही साथ हमारी व्यक्तिगत सोच है कि मेजर ध्यानचंद के नाम पर तो देश भर में स्टेडियम की कमी नहीं है, बेहतर होगा कि किसी स्थानीय हॉकी खिलाड़ी के नाम पर इसका नामकरण किया जाए ताकि आने वाली पीढ़ी कम से कम उस हॉकी खिलाड़ी को जाने और अपना आदर्श बनाए। वस्तुतः ऐसा होगा नहीं, क्योंकि हमारे सियासी दलों में स्थानीय समस्याओं या प्रतिभाओं को निखारने का रिवाज जो नहीं रह गया है।

गुरुवार, 12 सितंबर 2013

कब होगा एस्ट्रोटर्फ हॉकी मैदान का लोकार्पण

कब होगा एस्ट्रोटर्फ हॉकी मैदान का लोकार्पण

ब्वायज क्लब ने की एस्ट्रोटफ के उदघाटन की मांग

(पीयूष भार्गव)

सिवनी (साई)। सिवनी के लिए एस्ट्रोटर्फ हाकी मैदान सौगात के बजाए अभिशाप बनता जा रहा है। एक साल से भी अधिक समय से तैयार इस मैदान का उद्घाटन महज इसलिए नहीं कराया जा रहा है क्योंकि इसके उद्घाटन के लिए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के पास समय नहीं है।
लगभग एक साल पहले बस स्टेंड के पीछे तैयार इस मैदान के बारे में बचाव पक्ष अक्सर दलील दे रहा है कि इसके आरंभ होने के उपरांत इसकी गारंटी वारंटी महज सात साल की होगी, इसलिए जितने दिनों बाद इसका उद्घाटन किया जाएगा यह उतने अधिक समय तक चल पाएगा।
वहीं दूसरी ओर हाकी जगत के लोगों का कहना है कि इस मैदान को अगर 2030 में उद्घाटित किया जाए तो यह 2037 तक चलेगा! यक्ष प्रश्न तो यह आन खड़ा हुआ है कि आखिर दो तीन सालों तक इस मैदान का लोकार्पण न कराकर सिवनी के उदीयमान हाकी खिलाड़ियों को इससे रूबरू होने से वंचित रखा जाना क्या न्यायसंगत है!
वहीं दूसरी ओर कुछ हाकी खिलाड़ियों का मानना है कि जब वे बाहर जाकर एस्ट्रोटर्फ पर खेलते हैं तो प्रेक्टिस न होने की वजह से उनके अंदर हीन भावना समा जाती है। खेल जगत में एक बात तेजी से उभर रही है कि आखिर खिलाड़ियों को दो तीन साल पीछे ढकेलने के पीछे नेताओं की मंशा क्या है?
वहीं, हॉकी की नर्सरी कहे जाने वाले सिवनी में अब एस्ट्रोटर्फ का उद्घाटन कराए जाने की मांग उठने लगी है। आज ब्वायज स्पोर्टस क्लब के खिलाड़ियों ने प्रेस विज्ञप्ति जारी करते हुए जिला कलेक्टर एवं खेल अधिकारी से आग्रह किया है कि शीघ्र ही उक्त मैदान का उदघाटन कर दिया जाए क्योंकि आचार संहिता लागू होने के बाद उदघाटन होना संभव नहीं है।

एस्ट्रोटर्फ के उदघाटन किए जाने की मांग करते हुए असद खान, शहनवाज कुरैशी, आदिल बेग, तनवीर खान, सलमान खान, शाकिब खान, रिजवान खान, जैद सानी, मुन्ना दादा, सलाम जावेद, आसिफ खान, वाहिद खान, पिंटू खान, जीशान खान, शहबाज खान, फैसल खान, मो. अली, माजिद खान ने कहा है कि शीघ्र एस्ट्रोटर्फ का उदघाटन होने पर उसमें खेलकर नगर के खिलाड़ी अपनी छिपी प्रतिभा को निकाल सकेंगे और नए-नए कीर्तिमान स्थापित कर सकेंगे। 

नये विदर्भ राज्य के साथ जाने में नहीं किसी को कोई आपत्ति

प्रस्तावित संभाग में है सकारात्मक सोच

नये विदर्भ राज्य के साथ जाने में नहीं किसी को कोई आपत्ति

(ब्यूरो कार्यालय)

सिवनी (साई)। जिले एवं पड़ोसी जिलों के राजनेता वर्ग भले ही अपने दायित्वों को पहचान कर उसका निर्वहन उचित ढंग से न कर पाते हों किंतु प्रजातंत्र के चौथे स्तंभ ने हमेशा अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी सजगता और ईमानदारी से किया है। यह सर्वविदित है कि सिवनी को संभाग का दर्जा देने का सुझाव भी सबसे पहले मीडिया के माध्यम से ही सामने आया था जिसे जिले के राजनेताओं ने अपना स्वर देकर उसे बल पंहुचाया था।
पांच सालों तक प्रदेश सरकार से संभाग के मामलेे में निराशा झेलने के बाद अब प्रस्तावित संभाग के लोगों का हित संभावित रूप से अस्तित्व में आ सकने वाले नये राज्य के साथ समाहित होने में देखते हुए मीडिया ने प्रस्तावित संभाग के तीनों जिलों सिवनी छिंदवाड़ा और बालाघाट को नये प्रदेश के साथ जोड़ने की मुहिम का आगाज किया है। सोशल मीडिया और इलेक्ट्रानिक मीडिया के इस फास्ट जमाने में भी नई मुहिम के लिये यह एक शुभ समाचार ही है कि अभी तक प्रस्तावित संभाग के तीनों जिलों में से किसी भी जिले से ऐसी कोई प्रतिक्रिया सामने नहीे आई जिससे ऐसा प्रतीत होता हो कि इस अंचल में उस मुहिम के प्रति कोई नकारात्मक सोच सामने आती हो।
इसका आशय यह हुआ कि प्रदेश के मुखिया द्वारा स्वयं इस अंचल के तीनों जिलों को मिलाकर नया संभाग बनाने की बात करने और उस वचन को न निभाने से स्वयं को छला सा महसूस करने वाले इस अंचल के लोगों में उस वचनभंग के प्रति काफी आक्रोश व्याप्त है और मीडिया की मुहिम के प्रति मौन समर्थन व्यक्त कर इस अंचल की जनता ने अपने आक्रोश को अभिव्यक्त करने का प्रयास किया है।
स्थानीय मीडिया के इस सकारात्मक प्रयास को नेशनल मीडिया ने स्थान देकर अपने उत्कृष्ठ दायित्व का निर्वहन कर स्थानीय मुहिम को व्यापक स्वरूप प्रदान कर दिया है जिसका लाभ निश्चित रूप से इस पिछड़े और उपेक्षित अंचल को भविष्य में अवश्य प्राप्त हो सकेगा। यह बात सर्वविदित है कि मीडिया अपनी मुहिम केवल कलम के माध्यम से ही चला सकती हैं उसे जनआंदोलन का स्वरूप देने का दायित्व राजनैतिक और सामाजिक संगठनों को निभाना पड़ता है। ऐसा नहीं है कि प्रस्तावित संभाग का यह अंचल सामाजिक और राजनैतिक आंदालनों से महरूम हो।

समय समय पर इस अंचल के लोगों ने अपने अपने स्तर पर अपने अधिकारों के लिये सड़को पर उतर कर अनेक आंदोलन किये हैं और अनेक ऐसे गैर राजनैतिक संगठन मौजूद हैं जो इस उपेक्षित अंचल को उसका वाजिब हक दिलाने के लिये अहिंसात्मक जन आंदोलन का रास्ता अपनाकर राजनेताओं और सरकारों का ध्यान अपनी मुहिम की ओर खींच सकने में सक्षम है। आवश्यकता केवल इस बात की है कि उस जनआंदोलन को व्यापक एवं संगठित स्वरूप प्रदान कर आम नागरिकों को उस के संभावित लाभ से अवगत कराकर उन्हें इस मुहिम के साथ मानसिक रूप से आबद्ध होने के लिये तैयार किया जाए।

समतल हो जाएगा बरगी बांध!

आदिवासियों को छलने में लगे गौतम थापर . . . 14

समतल हो जाएगा बरगी बांध!

25 लाख टन राख जाएगी बरगी बांध के पानी में!

(ब्यूरो कार्यालय)

घंसौर (साई)। मशहूर उद्योगपति गौतम थापर के स्वामित्व वाले अवंथा समूह के सहयोगी प्रतिष्ठान मेसर्स झाबुआ पावर लिमिटेड के द्वारा मध्य प्रदेश के सिवनी जिले में केंद्र की छठवीं अनुसूची में शामिल आदिवासी विकासखण्ड घंसौर के ग्राम बरेला में डाले जाने वाले कोल आधारित पावर प्लांट के कहर से अभी क्षेत्रीय नागरिक अनजान ही नजर आ रहे हैं। मध्य प्रदेश सरकार के प्रदूषण नियंत्रण मण्डल को अपने इशारों पर नचाने वाले संयंत्र प्रबंधन द्वारा नागरिकों के स्वास्थ्य के साथ ही साथ पर्यावरण का जबर्दस्त नुकसान किए जाने की आशंकाएं जताई जा रही हैं।
देश की नामी गिरामी कंपनियों में अवंथा समूह के सहयोगी प्रतिष्ठान झाबुआ पावर लिमिटेड के द्वारा मध्य प्रदेश की संस्कारधानी जबलपुर से महज 100 किलोमीटर दूर आदिवासी बाहुल्य तहसील घंसौर में स्थापित किए जाने वाले पावर प्लांट से नर्मदा नदी पर बने रानी अवन्ती बाई सागर परियोजना (बरगी बांध) पर पानी के जबर्दस्त प्रदूषण का खतरा मण्डराने लगा है। गौरतलब है कि बरगी बांध में अथाह जलराशि समाहित है, जिससे जबलपुर, नरसिंहपुर, होशंगाबाद, भोपाल, खण्डवा आदि जिलों के किसान न केवल खेती करते हैं वरन् मध्य प्रदेश की इस जीवन रेखा से अपनी प्यास भी बुझाते हैं।
कहा जा रहा है कि अगर इस संयंत्र ने काम आरंभ कर दिया तो इस प्लांट से उड़ने वाली राख से बरगी बांध की तलहटी में कुछ माहों के अन्दर ही ढेर सारी सिल्ट जमा हो जाएगी और पानी प्रदूषित होने की संभावना बलवती हो जाएगी। इससे आदिवासी बाहुल्य तहसील घंसौर के निवासियों को श्वास की समस्याओं से दो चार भी होना पड़ सकता है। महज चंद सालों में ही इस संयंत्र से उड़ने वाली राख से बरगी बांध समतल मैदान में तब्दील हो जाएगा। इस पावर प्लांट के लिए आवश्यक जलापूर्ति बरगी बांध के सिवनी जिले के जल भराव क्षेत्र गड़ाघाट और पायली से की जाएगी।
समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया के दिल्ली ब्यूरो से मणिका सोनल ने केंद्रीय उर्जा मंत्रालय के सूत्रों के हवाले से कहा कि प्रस्तावित संयन्त्र के दो चरणों में लगने वाले प्लांट द्वारा प्रतिदिन 1706 टन राख उत्सर्जित की जाएगी, जिसे बायलर के पास से ही एकत्र किया जा सकेगा। समस्या लगभग 1000 फिट उंची चिमनी से उड़ने वाली राख (फ्लाई एश) की है। इससे रोजना 6832 टन राख उड़कर आसपास के इलाकों में फैल जाएगी। 1000 फिट की उंचाई से उड़ने वाली राख कितने डाईमीटर में फैलेगी इस बात का अन्दाजा लगाने मात्र से सिहरन हो उठती है। सूत्रों का कहना है कि कंपनी ने अपने प्रतिवेदन में हवा का रूख जिस ओर दर्शाया है, संयन्त्र से उस ओर बरगी बांध है।
जानकारों का कहना है कि 6832 टन राख प्रतिदिन उडे़गी जो साल भर में 24 लाख 93 हजार 680 टन हो जाएगी। अब इतनी मात्रा में अगर राख बरगी बांध के जल भराव क्षेत्र में जाएगी तो चन्द सालों में ही बरगी बांध का जल भराव क्षेत्र मुटठी भर ही बचेगा। यह उड़ने वाली राख आसपास के खेत और जलाशयों पर क्या कहर बरपाएगी इसका अन्दाजा लगाना बहुत ही दुष्कर है। इस बारे में पावर प्लांट की निर्माता कंपनी ने मौन साध रखा है।

इतना ही नहीं प्रतिदिन बायलर के पास एकत्र होने वाली 1706 टन राख जो प्रतिमाह में बढ़कर 52 हजार 886 टन और साल भर में 6 लाख 23 हजार टन हो जाएगी उसे कंपनी कहां रखेगी, या उसका परिवहन करेगी तो किस साधन से, इस बारे में भी झाबुआ पावर लिमिटेड ने चुप्पी ही साध रखी है। अगर राख को संयंत्र के आसपास ही डम्प कर रखा जाएगा तो वहां के खेतों की उर्वरक क्षमता प्रभावित हुए बिना नहीं रहेगी और अगर परिवहन किया जाता है तो घंसौर क्षेत्र की सड़कों के धुर्रे उड़ना स्वाभाविक ही है।

नौ दिन चले अढ़ाई कोस की तर्ज पर बन रहा जिला कांग्रेस का भवन!

नौ दिन चले अढ़ाई कोस की तर्ज पर बन रहा जिला कांग्रेस का भवन!

अंर्तकलह में उलझी डीसीसी को परवाह नहीं कमल नाथ की साख की!

(महेश रावलानी)

सिवनंी (साई)। महाकौशल के कद्दावर नेता और केंद्रीय मंत्री कमल नाथ की साख की जिला कांग्रेस कमेटी को कितनी परवाह है इस बात का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि लगभग तीन माह बीत जाने के बाद भी जिला कांग्रेस कमेटी के भवन का निर्माण आरंभ नहीं हो सका है, जबकि कमल नाथ ने 13 जून को सिवनी दौरे के दरम्यान नगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष इमरान पटेल की गुजारिश पर सिवनी में डीसीसी भवन का काम एक माह के अंदर ही आरंभ करवाने की घोषणा की थी।
गौरतलब है कि सिवनी जिला कांग्रेस कमेटी के लिए भवन हेतु भूखण्ड काफी पहले जिला पंचायत अध्यक्ष के जबलपुर रोड स्थित आवास के सामने आरक्षित कर दिया गया था। इस आरक्षित स्थल पर भवन का निर्माण आरंभ नहीं हो सका। बताया जाता है कि उस वक्त कांग्रेस के क्षत्रप हरवंश सिंह द्वारा जिला कांग्रेस भवन बनवाने में दिलचस्पी नहीं ली गई, जबकि प्रदेश में अनेक कांग्रेस भवनों के लिए हरवंश सिंह द्वारा ही आर्थिक इमदाद उपलब्ध करवाई बताई जाती है।
स्व.हरवंश सिंह ने जिला कांग्रेस के पदाधिकारियों को एक छत के नीचे संभवतः कभी लाए जाने की कवायद नहीं की, वरना क्या कारण रहा कि आर्थिक, राजनैतिक तौर पर सक्षम हरवंश सिंह द्वारा लगभग ढाई दशकों तक प्रदेश में विभिन्न पदों पर रहने और जिले में अपने हिसाब से कांग्रेस को हांकने के बाद भी जिले में डीसीसी भवन का निर्माण नहीं करवाया गया, वह भी तब जबकि इसके लिए भूखण्ड आरक्षित किया जा चुका था।

कैसे दे दें इमरान को श्रेय!
जिला कांग्रेस कमेटी के अंदरखाने से छन छन कर बाहर आ रही खबरों पर अगर यकीन किया जाए तो वहां इस बात पर घमासान मचा हुआ है कि अगर यह भवन बन गया तो इसका सारा का सारा श्रेय नगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष इमरान पटेल को चला जाएगा। दशकों से कांग्रेस की धुरी बने हुए कांग्रेस के सरमायादारों को यह बात हजम नहीं हो पा रही है कि आखिर युवा नेता इमरान पटेल को इसका श्रेय कैसे ले लेने दिया जाए।

इमरान ने लूट लिया था मंच
13 जून को केंद्रीय मंत्री कमल नाथ का सिवनी आगमन हुआ। कमल नाथ की सियासी तरबियत से सिवनी के कांग्रेसी नेता शायद वाकिफ नहीं हैं। जाने अनजाने जैसे ही इमरान पटेल को संबोधन का अवसर मिला, उन्होंने ‘‘मिले मौका, मारो चौका‘‘ की तर्ज पर सिवनी में कांग्रेस भवन की मांग रख दी। इमरान पटेल की इस मांग को रखते ही कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के हाथों के तोते उड़ गए। फिर उन्हें लगा कि केंद्रीय मंत्री कमल नाथ इमरान पटेल की इस मांग को अनसुना कर देंगे।
कहा जाता है कि कमल नाथ बहुत ज्यादा संवेदनशील हैं। उन्होने इमरान पटेल की मांग को अनसुना नहीं किया। इमरान पटेल की मांग पर कमल नाथ ने मंच से ही घोषणा कर दी कि जिला कांग्रेस भवन का काम एक माह के अंदर आरंभ हो जाएगा। फिर क्या था, दशकों से कांग्रेस को अपने हिसाब से हांकने वाले नेताओं की आशाओं पर तुषारापात हो गया।

डीसीसी की लेट लतीफी
बताया जाता है कि इसके उपरांत जिला कांग्रेस कमेटी को आदेशित किया गया कि इसके निर्माण के पहले एक ट्रस्ट के गठन का प्रस्ताव पारित किया जाए। जिला कांग्रेस कमेटी ने प्रस्ताव बनाने में हीला हवाला किया। बताते हैं कि दस जुलाई को लगभग एक माह बाद प्रस्ताव पारित किया गया, जिसमें बहुत ही सफाई से अपने आपको बचाते हुए जिला कांग्रेस कमेटी ने ट्रस्ट के गठन के लिए केंद्रीय मंत्री कमल नाथ को अधिकृत कर दिया।

अब आया नक्शा पास कराने का संकट!
इस कार्यवाही के उपरांत जिला कांग्रेस कमेटी भवन के नक्शे की बारी आई। बताया जाता है कि समय सीमा में काम निपटाने के आदी केंद्रीय मंत्री कमल नाथ ने तत्काल ही एक आर्किटेक्ट के माध्यम से नक्शा बनवा दिया। इस नक्शे को नगर पालिका परिषद सिवनी से पास करवाना अहम था।

उपेक्षित महसूस कर रहे कांग्रेस के पार्षद!
बताया जाता है कि इसके नक्शे को पास करवाने के लिए नगर पालिका में पार्षद दल के नेता शफीक, नगर पालिका उपाध्यक्ष राजिक अकील सहित अन्य पार्षदों को विश्वास में नहीं लिया गया है। कांग्रेस के एक पार्षद ने नाम उजागर न करने की शर्त पर समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया से कहा कि नगर पालिका में कांग्रेस के पार्षद वस्तुतः जिला कांग्रेस कमेटी के निष्ठावान सिपाही हैं। होना यह चाहिए था कि, इन पार्षदों को जिला कांग्रेस कमेटी में बुलवाकर नक्शा दे दिया जाता और उसे पारित करवाने की जवाबदेही सौंप दी जाती। पर पता नहीं क्यों डीसीसी को अपने ही पार्षदों पर ऐतबार नहीं रहा कि उन्होंने पार्षदों को इस काम के लिए पाबंद नहीं किया।

ईई ने बताए नियम कायदे!
नगर पालिका परिषद में जैसे ही डीसीसी भवन का नक्शा पहुंचा, नगर पालिका के कार्यपालन यंत्री ने कांग्रेस भवन का नक्शा देखते ही नियम कायदों की फेहरिस्त बनाना आरंभ कर दिया। बताया जाता है कि इसी बीच इसकी जानकारी कांग्रेस के पार्षदों को लगी तो वे भी मौके पर पहुंचे। कमरे में अचानक क्या बात हुई यह तो पता नहीं चल सका पर कांग्रेस के अधिकांश पार्षद वहां से भुनभुनाते हुए निकलकर बाहर आ गए।

नहीं परवाह कमल नाथ की छवि की
कांग्रेस के अंदर चल रही चर्चाओं के अनुसार जिला कांग्रेस कमेटी को महाकौशल के क्षत्रप और केंद्रीय मंत्री कमल नाथ की छवि की कतई चिंता नहीं है। कमल नाथ के द्वारा 13 जून को घोषणा कर कहा गया था कि एक माह में जिला कांग्रेस कमेटी भवन के निर्माण का काम आरंभ हो जाएगा, पर तीन माह बीतने के बाद भी कम मंथर गति से चल रहा है। आज आलम यह है कि इस भवन के नक्शे को नगर पालिका से अनुमति भी नहीं मिल सकी है।

डंप हो रही रेत गिट्टी
जिला कांग्रेस कमेटी भवन के लिए आरक्षित भूखण्ड पर सालों से रेत और गिट्टी तथा बिल्डिंग मैटेरियल डंप हो रहा था। अचानक ही एक दिन भूमि पूजन (जो संभवतः सालों पहले भी हो चुका है) के लिए जेसीवी लगाकर इसे खाली करवाया गया। उसके बाद इस भूखण्ड पर एक बार फिर बिल्डिंग मेटेरियल डंप होना आंरभ हो गया है।

मौन हैं प्रवक्ता

जिला कांग्रेस कमेटी के भवन के निर्माण या उसकी प्रक्रिया के बारे में बात बात पर जिले की समस्याओं, जिले में भाजपा के नगर पालिका प्रशासन, विधायक और सांसदों को छोड़कर, प्रदेश के प्रवक्ताओं की भूमिका निभाने वाले कांग्रेस के प्रवक्ता भी मौन ही साधे हुए हैं, इससे मीडिया में भी भ्रम बना हुआ है कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कमल नाथ की घोषणा पर जिला कांग्रेस कमेटी क्या संज्ञान ले रही है?

नराधम पिता की करतूत

नराधम पिता की करतूत

(शरद खरे)

केवलारी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम तुरर्गा में गत दिवस जो कुछ हुआ वह दिल दहलाने के लिए पर्याप्त माना जा सकता है। एक पिता आखिर हैवान कैसे बन सकता है? कैसे वह अपनी ही छः साल की मासूम का सिर कुल्हाड़ी से अलग करने की बात सपने में भी सोच सकता है? अगर ऐसा हुआ है तो निश्चित रूप से यह मानवता को शर्मसार करने के लिए पर्याप्त कहा जा सकता है। चुनाव सर पर हैं चुनाव के दौर में प्रत्याशी अपनी अपनी टिकिट पक्की कराने और मिलने के बाद चुनाव जीतने के लिए वे तरह तरह के टोने टोटके आजामाने से नहीं चूकेंगे। विधानसभा चुनावों तक आने वाले तीन माहों में पीर फकीरों की मौजां ही मौजां रहने वाली है।
कमोबेश हर बार चुनाव में टिकिट दिलवाने या टिकिट मिलने के उपरांत जीत का आश्वासन देकर यज्ञ अनुष्ठान करने बाबाओं ने सदा ही सिवनी में आमद दी है। पिछले चुनावों में भी टिकिट वितरण के पहले एक बाबा आए और सिवनी से लगभग दस से बीस लाख रूपए की रकम बटोकर चले गए। जिनसे उन्होंने राशि ली थी, वे इस बात को बेहतर जानते हैं कि बाबा उन्हें ‘मामा‘ बना गया था, क्योंकि उन्हें टिकिट मिली ही नहीं।
चुनाव के पहले जिले की फिजां में तरह तरह की बातें तैरने लगती हैं। लोग चर्चाओं के माध्यम से माहौल बनाने से नहीं चूकते हैं। कोई कहता मुर्गा लाओ कोई बकरा तो कोई शराब की बोतल से टोना टोटके की बात कहता है। कहीं शराब के नशे में कोई बिरयानी की मांग करता है तो कोई कुछ और। महत्वाकांक्षा मन में पालने वाले लोग इन कथित बाबाओं की सेवा टहल में कोई कमी नहीं रख छोड़ते हैं।
कितने आश्चर्य की बात है कि मोबाईल, इंटरनेट के जमाने में जब दुनिया चांद सितारे पर कदम रखना तो छोड़िए इंसान बसने की बात कर रहा है उस दौर में भी चौदहवीं पंद्रहवीं सदी के टोने टोटकों पर दुनिया विश्वास कर रही है। आज न जाने कितनी जगह पीर फकीरों के मंदिर, दरगाह बन गए हैं, जिनमें बड़ी तादाद में आ रहे चंदे से उसकी देखरेख करने वाले ऐश कर रहे हैं। आज के युग में किसी बच्चे, जवान से अगर पूछा जाए तो वह टोना टोटका पर विश्वास शायद ही करता होगा।
याद पड़ता है कि अस्सी के दशक के आरंभ तक भैरोगंज में दलसागर तालाब के मुहाने पर महारानी लक्ष्मी बाई स्कूल के सामने वाला इमली का पेड़, मिशन उच्चतर माध्यमिक शाला के पीछे का इमली का पेड़, दीवान महल से कटंगी नाका मार्ग पर वर्तमान में बने सामुदायिक भवन के सामने के इमली के पेड़ आदि के बारे में किवदंतियां थीं, कि इन पर चुडैल रहा करती है। उस समय शाम ढलने के बाद लोग अकेले इन निर्जन स्थानों से गुजरने से कतराते थे। कालांतर में लोगों को समझ में आया कि वह डर महज वहम ही था।
आज की पीढ़ी को भूत प्रेत, चुडैल, चांडाल आदि पर शायद ही यकीन हो। बावजूद इसके अगर केवलारी में गत दिवस एक पिता ने अपनी पुत्री का सिर धड़ से अलग कर दिया और पूजन पाठ करने लगा तो यह वाकई बहुत अच्छा संकेत कतई नहीं माना जा सकता है। अब तो टीवी चेनल्स पर भी लोग भूत प्रेत की कथाओं वाले सीरियल देखना पसंद नहीं करते हैं क्योंकि यह पीढ़ी इक्कीसवीं सदी की पीढ़ी है। इस पीढ़ी को पता चल चुका है कि भूत प्रेत के सीरियल दिखाकर लोग उनका समय खराब कर रहे हैं। कल तक लोग इससे डरा करते थे, पर जागरूकता के कारण उनका डर काफूर हो चुका है।
हैवान पिता मानसिक विक्षिप्त है या नहीं यह बात तो जांच के बाद ही सामने आएगी, किन्तु अगर उसने अपनी पुत्री का गला रेतकर उसकी इहलीला समाप्त की और पूजन पाठ करने का जतन किया तो यह हमारे समाज के लिए खतरे की घंटी से कम नहीं हैै। हमें यह सोचना होगा कि वह विक्षिप्त या ठीक जो भी है उसके दिमाग में अपनी पुत्री को मौत के घाट उतारकर पूजा करने की क्या सूझी? आखिर उसके दिमाग में यह बात कहां से घर कर गई? आखिर वह पूजा पाठ या कथित अनुष्ठान कर रहा था तो उसका उद्देश्य क्या था? पुलिस को चाहिए कि वह यह भी पता लगाए कि आखिर इंसानियत को बलाए ताक पर रखने वाला पिता पिछले कुछ दिनों से किनके संपर्क में था? अगर वह मानसिक विक्षिप्त था तो उसके परिजन खासकर उसकी पत्नि को तो इस बात का इल्म रहा ही होगा? क्या उसकी विक्षिप्तता का ईलाज करवाया जा रहा था?

जो भी हो, पर अब हमें इस बात का चिंतन अवश्य ही करना होगा कि आखिर हम अपने निहित स्वार्थों के चलते खुद तो पैसा बनाकर आराम का जीवन जीना चाह रहे हैं पर हम अपनी आने वाली पीढ़ी और समाज को क्या दिशा दे रहे हैं? भारत गणराज्य को आजाद हुए साढ़े छः से ज्यादा दशक बीत चुके हैं। क्या हमारे सांसद विधायक अपने अपने दिल पर हाथ रखकर कह पाएंगे कि गांव गांव में जागरूकता आ चुकी है? जाहिर है नहीं, अगर आ गई होती तो जिले भर में कुकुरमुत्ते के मानिंद झोला छाप डॉक्टर्स का नेटवर्क नहीं होता। ओझा, लोगों का ईलाज नहीं कर रहे होते? लोग ईलाज के अभाव में भभूति खाकर दम नहीं तोड़ते!