शुक्रवार, 25 फ़रवरी 2011


टीम सोनिया की तैयारियां जोरों पर

(लिमटी खरे)

नई दिल्ली। कांग्रेस अध्यक्ष अपनी टीम को लेकर संजीदा हो चुकी हैं, और उन्होंने इसके लिए चेहरों पर विचार विमर्श भी आरंभ कर दिया है। कांग्रेस अध्यक्ष की नई टीम में 45 से 65 साल के राजनैतिक युवाओं की भागीदारी देखने को मिल सकती है। बाद में यही प्रयोग सत्ता में भी किए जाने की उम्मीद है।

कांग्रेस के सत्ता और शक्ति के शीर्ष केंद्र 10 जनपथ (सोनिया गांधी का सरकारी आवास) के भरोसे मंद सूत्रों का दावा है कि सोनिया गांधी ने मन बना लिया है कि संसद के बजट सत्र के चलते ही वे अपनी नई टीम की घोषणा कर देंगी। इसके लिए सोनिया ने वजीरेआजम के अलावा कांग्रेस के अन्य रणनीतिकारों और प्रबंधकों से सोनिया गांधी ने विचार विमर्श लगभग पूरा कर लिया है।

हाल ही में मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सुरेश पचैरी द्वारा भविष्य में राज्य सभा के रास्ते संसद में न जाने की घोषणा को भी इसी से जोड़कर देखा जा रहा है। माना जा रहा है कि सुरेश पचैरी को केंद्रीय कार्यकारिणी में अहम जिम्मेदारी से नवाजा जा सकता है। उधर कुछ मंत्रियों को सत्ता से हटाकर संगठन की जिम्मेदारी संभालने का निर्देश भी देने की बातें कही जा रही हैं।

जनवरी में हुए मंत्रीमण्डल फेरबदल में सत्ता का स्वाद चखने वाले नकारा मंत्रियों के विभाग बदलकर ही कांग्रेस आलाकमान को संतोष करना पड़ा था। उस समय हुई सौदेबाजी और बजट सत्र में कोई गफलत न हो इसके चलते सोनिया गांधी और मनमोहन सिंह दवाब को झेल गए थे, किन्तु अब सोनिया गांधी राहुल के लिए रोड मेप बनाने में जुटी हुई हैं और वे इस मामले में कोेई रिस्क नहीं लेना चाहतीं हैं।
इस बार इन पर है नजर

सूत्रों का कहना है कि अंबिका सोनी, गुलाम नवी आजाद, मुकुल वासनिक, वीरप्पा माईली, नारायण सामी जैसे चेहरों का इस्तेमाल संगठन में फुल टाईम करने की मंशा में दिख रही हैं कांग्रेस आलाकमान।

कोई टिप्पणी नहीं: