बुधवार, 2 नवंबर 2011

सीएम बनना चाह रहे हैं बेनी वर्मा


सीएम बनना चाह रहे हैं बेनी वर्मा

बेनी का मेकओवर अभियान तेज

(लिमटी खरे)

नई दिल्ली। कांग्रेस के केंद्रीय मंत्री बेनी प्रसाद वर्मा इन दिनों उत्तर प्रदेश पर अपना ध्यान सबसे ज्यादा केंद्रित कर रखे हैं। बेनी वर्मा के क्षेत्र गौंडा को अब दुल्हन जैसा सजाया जा रहा है। बेनी वर्मा के दो करीबियों के कांधों पर उनकी छवि निर्माण का जिम्मा सौंपा गया है। वर्मा के करीबियों का कहना है कि वे उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री बनने का सपना मन में पाले हुए हैं। यही कारण है कि अब वे पूर्व रेल मंत्री ममता बनर्जी की तर्ज पर दिल्ली में अपने मंत्रालय से ज्यादा समय उत्तर प्रदेश में बिता रहे हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार बेनी वर्मा के इलाके गौंडा में बड़ी तादाद में नलकूप खनन का काम किया जा रहा है। क्षेत्र में उनके बड़े बड़े होर्डिंग्स और बेनर पोस्टर्स देखते ही बन रहे हैं। गौंडा में आने वाले और वहां से निकलने वाले समाचार पत्र इन दिनों उनके विज्ञापनों से पटे पड़े हैं। इलेक्ट्रानिक मीडिया में भी उनका बोलबाला ही दिख रहा है।

पर्दे के पीछे से यह सारा काम वर्मा के दो सहयोगी संभाले हुए हैं। दरअसल बेनी के दोनों हाथ बने हुए हैं आर.सी.पी.सिंह और शीतल सिंह। आर.सी.पी.सिंह बेनी वर्मा के संचार मंत्री रहते उनके पीएस थे। दूसरे शीतल सिंह पत्रकार कम लाईजनर की भूमिका में हैं। सिंह युगल के कांधों पर चलकर बेनी वर्मा चाह रहे हैं कि वे अगले विधानसभा चुनावों में सूबे के निजाम की कुर्सी हथिया लें।

कोई टिप्पणी नहीं: