गुरुवार, 17 नवंबर 2011

सिवनी की समस्याओं पर परिचर्चा जरूरी: लिमटी खरे


सिवनी की समस्याओं पर परिचर्चा जरूरी: लिमटी खरे

चंडी के जैसे दुष्टों का शमन करे समाचार पत्र: तिवारी

सिवनी। दो दशकों से समस्याओं से कराह रहे सिवनी जिले की बुनियादी समस्याओं पर परिचर्चा का अब समय आ चुका है। फोरलेन, ब्राडगेज, पेंच परियोजना जैसी महात्वाकांक्षी परियोजनाओं को कांग्रेस और भाजपा ने राजनीति का मुद्दा बना लिया है। आम आदमी हैरान परेशान है पर जनसेवकों को किसी की सुध नहीं। सामान्य ज्ञान के साथ ही साथ जिले की समस्याओं पर चर्चा अब आवश्यक है।उक्ताशय की बात पत्रकार लिमटी खरे ने गत दिवस कन्या शाला, मठ में आयोजित पाक्षिक पत्रिका राष्ट्र चंडिका के द्वारा आयोजित सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता के पुरूस्कार वितरण और ब्राम्हण समाज की मासिक पत्रिका ब्राम्हण की बातका विमोचन करते हुए कही।

उन्होंने कहा कि सामान्य ज्ञान प्रतियोगिताएं अब गुजरे जमाने की बात हो चुकी है। सालों से इस तरह की प्रतियोगिताएं नहीं हो रही हैं। सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता से ही बच्चों को प्रतियोगी परिक्षाओं का अभ्यास होता है। राष्ट्र चंडिका द्वारा कम समय में ही मुकाम हासिल करने की सराहना करते हुए उन्होने कहा कि समाज को एकसूत्र में पिरोने यह पत्रिका अपनी महती भूमिका निभाए।

इस अवसर पर संबोधित करते हुए स्वर्ण पदक प्राप्त ज्योतिषाचार्य पंडित धर्म नारायण तिवारी ने कहा कि ब्राम्हण इस सृष्टि के रचियता भगवान ब्रम्हा के अंश हैं। उन्होंने कहा कि ब्राम्हण द्वारा अपनी जीविकोपार्जन में आरंभ से ही कठिनाई महसूस की गई किन्तु बिना लोभ के ही ब्राम्हण द्वारा जनकल्याण के लिए हवन पूजन कराए जाते रहे हैं। उन्होंने कहा कि अखबार का नाम चंडी के नाम पर है और उसे चंडी बनकर ही गलत बातों का शमन करना चाहिए।

सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता में मिशन इंगलिश शाला की श्वेता जागरे प्रथम, इसी शाला की शिवानी तिवारी द्वितीय और आशीर्वाद शाला के अमित साहू ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। तीनों विजेताओं को राष्ट्र चंडिका की ओर से क्रमशः पंद्रह सौ रूपए, एक हजार रूपए और पांच सौ रूपए नकद के साथ ही साथ शील्ड भी प्रदाय की गई।

कार्यक्रम का संचालन पत्रकार अभिषेक दुबे एवं आभार प्रदर्शन युवा भाजपा नेता नरेंद्र ठाकुर द्वारा किया गया। समारोह में बडी संख्या में विद्यार्थी और पालक तथा गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

कोई टिप्पणी नहीं: