गुरुवार, 5 अप्रैल 2012

शिव ने मांगा पित्रोदा से सहयोग


शिव ने मांगा पित्रोदा से सहयोग

(विपिन सिंह राजपूत)

नई दिल्ली (साई)। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने राष्ट्रीय ज्ञान आयोग के अध्यक्ष सैम पित्रोदा से भेंटकर मध्यप्रदेश में कोर्ट ऑफ टूमारो अवधारणा पर चर्चा की। उन्होंने बताया कि यह अवधारणा न्यायालयों के कार्यों में सूचना प्रौद्योगिकी के उपयोग से ऑन लाइन व्यवस्था करना है। मुख्यमंत्री ने बताया कि इस अवधारणा को साकार रूप प्रदान करने के लिए मध्यप्रदेश पहल करना चाहता है।
उन्होंने बताया कि मध्यप्रदेश के उज्जैन में नोलेज सिटी विकसित करने पर पहल की जा रही है। इसे कैसे आदर्श रूप दिया जा सके इस संबंध में भी राष्ट्रीय ज्ञान आयोग के अध्यक्ष श्री पित्रोदा से चर्चा की गयी है। उन्हांेने मध्यप्रदेश को इन दोनों कार्यों में सहयोग करने के लिए सहमति व्यक्त की है।
श्री पित्रोदा ने बताया कि न्यायालयों के कार्यों में सूचना प्रौद्योगिकी उपयोग के अनुभवों का कोर्ट ऑफ टूमारो अवधारणा को साकार रूप देने के लिए मध्यप्रदेश में उपयोग करेंगे। उन्होंने बताया कि मध्यप्रदेश के अधिकांशतय सभी क्षेत्रों में टेलीफोन नेटवर्क की उपलब्धता है इसका उपयोग करेंगे। उन्होंने बताया कि नेशनल नोलेज नेटवर्क से मध्यप्रदेश के सभी कालेजों को जोड़ेंगे। इसके साथ ही प्रदेश की सभी पंचायतों को भी आप्टीकल फाइबर केबल से (नेटवर्क) से जोड़ने का प्रयास करेंगे। इस अवसर मुख्यमंत्री के साथ वरिष्ठ अधिवक्ता विवेक तनखा एवं अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे।

कोई टिप्पणी नहीं: