सोमवार, 21 मई 2012

अनेक देशों से संबंध सुधार चाह रहे गड़करी


अनेक देशों से संबंध सुधार चाह रहे गड़करी

(शरद खरे)

नई दिल्ली (साई)। यद्यपि भाजपा के निजाम नितिन गड़करी की दूसरी पारी पर अभी कार्यसमिति की मुहर नहीं लगी है फिर भी नितिन गड़करी अपने राजनैतिक अभ्युदय से खासे गदगद हैं। प्रधानमंत्री बनने की तमन्नाएं मन में पाले हुए गड़करी इस समय विदेशों से संबंध सुधारने और अपनी राय बदलने की जुगत में हैं।
अपने गृह क्षेत्र और महाराष्ट्र की राजधानी नागपुर के आधा सैकड़ा किसान पुत्रों के साथ पिछले सोमवार 14 मई को गड़करी मुंबई से तेल अबीव के लिए कूच कर चुके हैं। वे आज कल में वापस आ सकते हैं। इजराईल की राजधानी में आयोजित होने वाले एग्रोटेक सेमीनार प्रदर्शनी में भाग लेने गड़करी किसानों के दल के साथ विदेश यात्रा पर हैं। इस प्रदर्शनी मे किसानों के लिए नई नई तकनालाजी के बारे में प्रदर्शन किया जाता है। गौरतलब है कि पहले ही इजराईल द्वारा यह सफल प्रदर्शन किया जा चुका है कि किस तरह कम पानी में खेती की जा सकती है।
गड़करी के करीबी सूत्रों का कहना है कि किसानों के साथ इजराईल जाना तो महज एक बहाना है। दरअसल, गड़करी इजराईल के बारे में अपनी और अपने बारे में इजराईल की धारणा बदलना चाह रहे हैं। इस दौरे में गड़करी वहां के वजीरे आजम और बैंक ऑफ इजराईल के गर्वनर से मिलने वाले हैं। इस मुलाकात में अनेक निहितार्थ खोजे जा रहे हैं। इसके पहले इजराईल द्वारा आड़वाणी और सुषमा स्वराज को न्योता दिया जा चुका है। इस बार बारी गड़करी की है। देखना यह है कि दोनों में से कौन अपनी धारणा बदलाता है।

कोई टिप्पणी नहीं: