मंगलवार, 25 सितंबर 2012

इसी सप्ताह बांटेंगे मनमोहन लाल बत्ती!


इसी सप्ताह बांटेंगे मनमोहन लाल बत्ती!

(लिमटी खरे)

नई दिल्ली (साई)। त्रणमूल कांग्रेस के सरकार से बाहर होने के उपरांत अब मनमोहन सिंह अपने मंत्रीमण्डल का विस्तार इसी सप्ताह करने जा रहे हैं। शनिवार को राष्ट्रपति प्रणव मुखर्जी से प्रधानमंत्री की मुलाकात के बाद सोमवार को कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चव्हाण समेत कई कांग्रेस नेताओं से मुलाकात की। 30 तारीख से पित्र आरंभ हो रहे हैं और उस समय शुभकाम वर्जित माना जाता है।
प्रधानमंत्री कार्यालय के सूत्रों ने समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया को बताया कि नए मंत्रियों को शपथ 28 सितंबर को दिलाई जा सकती है। दरअसल, राष्ट्रपति 26 और 27 सितंबर को जम्मू-कश्मीर के दौरे पर जा रहे हैं। इसके साथ ही साथ 25 एवं 26 सितंबर को कांग्रेस महासचिव राहुल गांधी दिल्ली से बाहर हैं।
सूत्रों ने कहा कि इस फेरबदल में डेढ़ दर्जन मंत्रियों को लाल बत्ती से नवाजा जा सकता है। साथ ही साथ आधा दर्जन मंत्रियों को बाहर का रास्ता भी दिखाया जा सकता है। इसके अलावा दो विभागों का प्रभार संभालने वाले मंत्रियों से एक विभाग वापस लिया जा सकता है।
कांग्रेस के सत्ता और शक्ति के शीर्ष केंद्र 10, जनपथ के सूत्रों ने समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया को संकेत दिए कि सोनिया की आवाज बने जनार्दन द्विवेदी को लाल बत्ती मिल सकती है। कर्नाटक कोटे से मंत्री सोमनहल्ली मलैया कृष्णा को कर्नाटक भेजकर उनके स्थान पर के.रहमान खान को कर्नाटक कोटे से मंत्रीमण्डल में शामिल किया जा सकता है।
विलास राव देशमुख की मौत के बाद महाराष्ट्र में उद्योग मंत्री नारायण राणे को केंद्रीय मंत्रिमंडल में जगह दी जा सकती है। महाराष्ट्र कोटे की खाली हुई सीट की भरपाई और राणे को सूबे से हटाने के उद्देश्य से यह फैसला किया जा सकता है। इसके अलावा कोयला मंत्री श्रीप्रकाश जायसवाल का विभाग बदले जाने या हटाए जाने की चर्चा है।
सूत्रों ने कहा कि युवा फार्मूले को आगे बढ़ाते हुए ज्योतिरादित्य सिंधिया, सचिन पायलट, जितिन प्रसाद, आरपीएन सिंह, भंवर जितेंद्र सिंह की जिम्मेदारी बढ़ाए जाने की उम्मीद है। मंत्रीमण्डल में जिन नए चेहरों को स्थान मिल सकता है उनमें जनार्दन द्विवेदी, रहमान खान के अलावा पी.एल.पुनिया, सत्यव्रत चतुर्वेदी, चिरंजीवी, तारिक अनवर, मीनाक्षी नटराजन, नारायण राणे, प्रदीप भट्टाचार्य, दीपा दासमुंशी, अधीर रंजन चौधरी, विलास मुत्तेमवार, गुरूदास कामत के अलावा विवादित मंत्री रहे शशि थरूर को भी शामिल किया जा सकता है।
इसके साथ ही साथ सूत्रों ने संकेत दिए कि कोल घोटाले की तपिश झेल रहे सुबोधकांत सहाय, श्रीप्रकाश जायसवाल के सााि ही साथ सोमनहल्ली मलैया कृष्णा, बेनी प्रसाद वर्मा, मुकुल वासनित, अगाथा संगमा आदि पर गाज गिरने की संभावनाएं हैं। ज्योतिरादित्य सिंधिया का कद बढ़ाकर उन्हें मध्य प्रदेश की जवाबदारी सौंपने की चर्चा भी है। एमपी में राजा दिग्विजय सिंह को साईज में लाने के लिए उनके घुर विरोधी सत्यव्रत चतुर्वेदी को मंत्री बनाया जा रहा है।
सोनिया के करीबी सूत्रों ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने कल कैबिनेट में फेरबदल की संभावना के मद्देनजर केन्द्रीय मंत्रियों और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से भी विचार-विमर्श किया। तृणमूल कांग्रेस के छह मंत्रियों के हटने और विलासराव देशमुख के निधन से रिक्त पदों को भरने के बाद दो-दो मंत्रालय संभाल रहे मंत्रियों को राहत मिलेगी, जिन मंित्रयों के पास दो-दो मंत्रालय हैं उनके नाम हैं-सर्वश्री कपिल सिब्बल, सी पी जोशी, वीरप्पा मोइली और वायलार रवि।
मंत्री मण्डल का विस्तार 28 या 29 सितम्बर को ही होने की पूरी उम्मीद इसलिए भी जताई जा रही है क्योंकि 30 तारीख से पितृ पक्ष आरंभ हो रहा है। इसके बाद 16 अक्टूबर से हिन्दू धर्म के अनेक तीज त्योहार आरंभ हो जाएंगे। शीतकालीन सत्र के पहले मंत्रियों को विभागों की माहिती हो जाए इसलिए यह विस्तार 29 तक हर हाल में हो जाएगा।

कोई टिप्पणी नहीं: