बुधवार, 19 सितंबर 2012

गणेश चतुर्थी पर चहुंओर धूम


गणेश चतुर्थी पर चहुंओर धूम

(महेश रावालानी)

नई दिल्ली (साई)। गणेश चतुर्थी का पर्व आज देशभर में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। उप राष्ट्रपति, और प्रधानमंत्री ने इस अवसर पर देश के लोगों को बधाई दी है। उप राष्ट्रपति मोहम्मद हामिद अंसारी ने अपने संदेश में कामना की है कि यह उत्सव सबके जीवन में शांति, समृद्धि और खुशहाली लाए। प्रधानमंत्री डॉ० मनमोहन सिंह ने कहा है कि गणेश उत्सव देश की सांस्कृतिक एकता का पर्व है। उन्होंने कामना की है कि यह पर्व देश में सद्भाव और सम्पन्नता लाएगा।
समूचे महाराष्ट्र में गणेशोत्सव बहुत ही हर्ष उल्लास और श्रृद्धाभाव से मनाया जाता है। मुंबई स्थित समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया के ब्यूरो से दीपक अग्रवाल ने खबर दी है कि मुंबई सहित महाराष्ट्र के विभिन्न हिस्सों में गणेश उत्सव की जबरदस्त धूम मचने लगी है। ज्ञातव्य है कि दस दिन के इस उत्सव में करोड़ों लोग गणेश मण्डलों में उमड़ते हैं।
मुंबई में आज गणेशउत्सव का पहला दिन पूरे जोश और उमंग के साथ मनाया जा रहा है। कई घरों और सार्वजनिक पंडालों में गणेश के हजारों मूर्तियों का भक्ति और उमंग के साथ स्थापना की जा रही है। परेल स्थित लाल बाग चा राजा मुंबई का सबसे बड़ा गणपति है। इस १२ फुट के गणपति का दर्शन लेने वाले सैकड़ों भक्तों में कई मशहूर फिल्म हस्तियां और नेता भी शामिल है। मुंबई की गलियों में आज गणपति बप्पा मोरिया के नारे गूंज रहे हैं और गणेश मंदिरों के बाहर भक्तों की भीड़ दिखाई दे रही है।

कोई टिप्पणी नहीं: