गुरुवार, 3 जनवरी 2013

ठण्ड का कहर जारी!


ठण्ड का कहर जारी!

(शरद)

नई दिल्ली (साई)। समूचे उत्तर भारत में जबर्दस्त शीतलहर चल रही है। सड़क, रेल और हवाई मार्ग पर इसका प्रभाव पड़ा है। रेलगाड़ियां अपने तय समय से घंटों पीछे चल रही हैं। जम्मू के साम्बा जिले में आज ठंड से एक व्यक्ति की मौत हो गई। जम्मू-कश्मीर में कड़ाके की ठंड पड़ रही है और पूरे क्षेत्र में धुंध छाई हुई है। दिल्ली में ठंड ने बुधवार को 43 साल पुराना रिकार्ड तोड़ दिया। इस दिन अधिकतम तापमान 9.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 11 डिग्री नीचे रहा।
मौसम विभाग के एक अधिकारी ने कहा कि 1969 के बाद यह पहला मौका है, जब अधिकतम तापमान सामान्य से 11 डिग्री नीचे चला गया है। भारतीय मौसम विभाग ने कहा है कि आने वाले दिनों में दिल्लीवासियों को सर्दी से राहत मिलने की संभावना नहीं है। रविवार को न्यूनतम तापमान 2 डिग्री तक जा सकता है जबकि सोमवार को यह 4.5 डिग्री तक पहुंच गया था। सर्दी के साथ-साथ कोहरे ने यातायात पर बुरा असर डाला है। रेल और वायु यातायात प्रभावित हुए हैं। कई उड़ानें रद्द की गई हैं जबकि दिल्ली से चलने वाली और यहां पहुंचने वाली कई रेलगाड़ियां घंटों देरी से चल रही हैं।
समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया के जम्मू ब्यूरो से विनोद नेगी ने बताया कि रात का तापमान अब श्रीनगर में शून्य से भी चार डिग्री नीचे चला गया है। पहलगाम, गुलमर्ग और अन्य ऊंचाई वाले इलाकों में ये कई डिग्री और भी नीचे चला गया है। हाल के हिमपात के बाद सुबह और शाम बर्फीली हवाएं लोगों को घरों में रहने पर बाधित कर रही है।
वहीं हिमाचल प्रदेश के समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया ब्यूरो से रीता वर्मा ने बताया कि राज्य में रात के तापमान में काफी गिरावट आई है। पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और राजस्थान में भी कड़ाके की ठंड पड़ रही है। उत्तर प्रदेश में अब तक ठंड से एक सौ आठ लोगों की जान जा चुकी है।
यूपी से साई ब्यूरो से दीपांकर श्रीवास्तव ने बताया कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में अभी ठंड से राहत के कोई आसार नहीं हैं। मुजफ्फरनगर कल प्रदेश का सबसे ठंडा स्थान रहा जहां न्यूतम तापमान शून्य दशमलव छह डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। बरेली और आगरा में न्यूनतम तापमान शून्य दशमलव नौ रिकॉर्ड किया गया। हालांकि इलाहाबाद और वाराणसी में सर्दी की तीव्रता में कमी आई है। उधर मौसम विभाग का कहना है कि अगले चौबीस घंटों में पश्चिमी उत्तर प्रदेश में ठंड का प्रकोप और बढ़ सकता है।
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में भी कल का दिन जनवरी महीने में ४४ वर्षों में सबसे ठंडा दिन रहा। समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया साई ब्यूरो से मणिका सोनल ने मौसम विभाग के सूत्रों के हवाले से बताया कि राजधानी के मौसम को सर्द बनाने के पीछे दो कारण हैं। पहला कारण नॉर्थ-वेस्ट यानी पाकिस्तान की ओर से चलने वाली ठंडी हवाएं हैं। इन हवाओं के चलने के कारण लगातार दिल्ली के तापमान में कमी आ रही है। दूसरा कारण सुबह 9 बजे तक कोहरा रहता है। उसके बाद यह कोहरा ऊपर की ओर बढ़ने लगता है। आसमान में पहले से ही धूल के कण मौजूद रहते हैं, लिहाजा वे सूरज की रोशनी जमीन पर नहीं आने देते, इससे भी ठंड बढ़ रही है
 अगले दो दिनों के अंदर शीत लहर चलने की संभावनाएं बढ़ गई हैं। मौसम विभाग ने कहा है कि कि यूपी के बाद दिल्ली सहित पंजाब, हरियाणा, उत्तरी राजस्थान में शीत लहर चल सकती है। बुधवार को दिल्ली के अधिकतम तापमान में 11 डिग्री की गिरावट आने के कारण यह मौसम का सबसे ठंडा दिन रहा। दिल्ली में गुरुवार सुबह भी 3.30 बजे तापमान 4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इस कंपकंपाती ठंड से लोगों को पूरे सप्ताह निजात मिलने की कोई संभावना नजर नहीं आ रही है। आने वाले दिनों में न्यूनतम तापमान में और गिरावट आएगी। 43 साल बाद बुधवार दिल्ली का सबसे ठंडा दिन रहा।
पूरे सप्ताह सुबह के समय घना कोहरा छाया रहने के कारण एयर और रेल ट्रैफिक पर जबर्दस्त असर पड़ने की संभावना जताई जा रही है। कोहरे के कारण विजिबिलिटी 200 मीटर से कम रहेगी। उधर, हर कोई ठंड से परेशान नजर आया। सुबह से ही लोग आग जलाकर हाथ-पैर सेंकते नजर आए। बाजारों में गर्म कपड़े खरीदने की भीड़ उमड़ती दिखाई दी। मौसम विभाग के मुताबिक बुधवार को न्यूनतम तापमान 4.8 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2 डिग्री कम है। इसी तरह अधिकतम तापमान 9.8 डिग्री दर्ज किया गया जो सामान्य से 11 डिग्री कम है।
मौसम विभाग के वैज्ञानिकों कें मुताबिक इन दिनों सामान्य तापमान 21 डिग्री के आसपास माना जाता है। अगर यह तापमान 16 डिग्री या उससे कम होता है तो दिन में जबरदस्त ठंड महसूस होती है। लेकिन बुधवार को अधिकतम तापमान में 11 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। इसलिए लोग ठंड से ज्यादा कांपते नजर आए। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक दिन के समय यह ठंड 6 जनवरी तक ऐसी ही बनी रहेगी। दिन के समय ठंड दिल्ली सहित, पंजाब, हरियाणा, यूपी और राजस्थान के इलाकों में भी रहेगी।
शीत लहर का खतरा न्यूनतम तापमान में गिरावट आने पर तय किया जाता है। आजकल के दिनों के लिए सामान्य तापमान 7 डिग्री तय किया गया है। अगर तापमान में 3-4 डिग्री की गिरावट आती है तो शीत लहर चलने लगेंगी। अभी राजधानी में न्यूनतम तापमान 4 और 6 डिग्री के बीच चल रहा है। बुधवार को यह 4.8 दर्ज किया गया। माना जा रहा है कि आने वाले दो-तीन के अंदर तापमान 4 या 3 डिग्री तक नीचे जा सकता है। ऐसे में शीत लहर की संभावनाएं बढ़ी हुई हैं। हालांकि यूपी के कुछ इलाकों में शीत लहर चल भी रही है। लेकिन आने वाले दिनों में दिल्ली सहित उत्तरी राजस्थान, हरियाणा, पंजाब में भी ऐसे ही हालात पैदा होने वाले हैं।
मौसम विभाग के वैज्ञानिकों के मुताबिक आगामी 6 जनवरी तक घना कोहरा छाया रहेगा। कोहरा रात के 3 बजे से लेकर सुबह 9 बजे तक बेहद घना होगा। इसके बाद यह कोहरा छंटने लगेगा। कोहरे के कारण विजिबिलिटी 200 मीटर से कम रहेगी। विजिबिलिटी कम होने का असर एयर और रेल ट्रैफिक पर पड़ेगा।
वहीं मुजफ्फरनगर से समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया ब्यूरो से सचिन धीमान ने बताया कि हाड़ कंपकंपाती ठंड ने आज सबके होश फाख्ता कर दिये। इस सर्दी में आज सबसे कम तापमान मुजफ्फरनगर में रहा। नागरिकों के अनुसार पिछले कई वर्षों में आज का दिन सबसे सर्द दिखाई दिया। कड़कड़ाती ठंड में नागरिक सुबह अपने बिस्तरों में दुबके रहे। सड़कों पर भी दोपहर तक वाहन हैड लाइट चलाते हुए दिखे। आज नगर में पारा 0.8 रहा।
इस मौसम के सबसे सर्द दिन ने ऐसा जलवा दिखाया कि नागरिक सुबह से ही हाथ सेकने पर मजबूर हो गये। सड़क पर जहां भी अलाव दिखाई दिया वहीं नागरिक अपने हाथ सेकते दिखाई दिये। इसके अलावा दुपहिया वाहनों, रिक्शाओं व पैदल नागरिक भयंकर शीतलहर में सड़कों पर दिखे। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार अभी लगभग एक सप्ताह तक भारी ठंड पड़ने की उम्मीद है।

कोई टिप्पणी नहीं: