सोमवार, 13 मई 2013

सिवनी के सांसद विधायक नकारा: जगतगुरू


सिवनी के सांसद विधायक नकारा: जगतगुरू

(संजीव प्रताप सिंह)

सिवनी (साई)। ‘‘सिवनी के जनप्रतिनिधि नकारे हैं, इन्होंने कुछ नहीं किया। सिवनी लोकसभा का विलोपन हो गया। सिवनी में बड़ी रेल नहीं आई, रामटेक गोटेगांव का अता पता नहीं है।‘‘ सिवनी जिले के वर्तमान और पूर्व सांसद विधायकों को आईना दिखाते हुए जगतगुरू शंकराचार्य स्वामी स्वरूपानंद सरस्वती ने उक्ताशय की बात पत्रकारों से चर्चा के दौरान कही।
पत्रकारों से मुखातिब होते हुए उन्होंने स्वस्थ समाज के लिए आहार शुद्धि एवं सत्संग पर बल देते हुए इसकी महती आवश्यकता बताई। अन्न और जल की शुद्धि, मनुष्य के स्वास्थ्य के लिए बहुत जरूरी है। अन्न की शुद्धि के लिए गौवंश की रक्षा आवश्यक है। गाय के दूध के महत्व का वर्णन करते हुए उन्होंने श्रीकृष्ण और राक्षसों के बीच युद्धों का उदाहरण देते हुए बताया कि इसमें श्रीकृष्ण की विजय का राज उनके द्वारा गाय के दूध का सेवन था, गाय के दूध के चलते उनकी नाड़ी ‘‘पीयूष‘‘ थी, और वे बलवान हो गए।
सिवनी जिले में बढ़ रही गौवंश की तस्करी के सवाल पर जगतगुरू ने इसके लिए हिन्दुओं की कमी को दोष देते हुए कहा कि गौपालक बूढ़े हो चले गाय बैलों को बोझ समझते हैं और उनका भरपूर दोहन करने के पश्चात उनसे छुटकारा पाना चाहते हैं, जिसके चलते गौवंश की तस्करी जैसे माध्यमों को बल मिलता है। जगतगुरू ने कहा कि पहले गॉव-गॉंव में खिरका हुआ करते थे जहॉं पूरे गॉंव के मवेशी विश्राम किया करते थे। यह खिरका वाला स्थान काफी पवित्र माना जाता था। अब ये स्थल देखने नहीं मिलते हैं।
गौवंश के महत्व को, भूमि की उर्वरा शक्ति से जोड़ते अुए जगतगुरू ने कहा कि पहले गोबर की खाद प्रचलित थी जिसके प्रयोग से उत्पन्न अनाज पूर्णतः प्रदूषण से रहित होता था, उसमें रोग प्रतिरोधक क्षमता थी। आज इसकी जगह रासायनिक उर्वरकों ने ले ली है। इसके प्रयोग से कृषि भूमि बंजर हो रही है। स्वामी जी ने इस संबंध में पंजाब और हरियाणा का उदाहरण देते हुए कहा कि अत्याधिक उर्वरकों के प्रयोग से वहॉं की भूमि बंजर होती जा रही है। यही कारण है कि वहॉं के किसान अब म.प्र. की ओर रूख कर लाखों रूपयों की कीमत पर बेतहाशा जमीन खरीद रहे हैं।
शंकराचार्य स्वामी स्वरूपानंद ने मातृ-शक्ति के महत्व पर बल देते हुए सनातन धर्म में उसके पूजनीय स्थान का विस्तृत वर्णन किया। वर्तमान परिप्रेक्ष्य में नारी शक्ति के साथ हो रहे दुराचार को धार्मिक शिक्षा का अभाव बताते हुए उन्होंने कहा कि इससे आचरण हीनता आ गई है। मनुष्य पथभ्रष्ट को गया है।
एक प्रश्न के जवाब में स्वामी ने कहा कि कानून ही केवल हर समस्या का हल नहीं, इसके लिए जनता को स्वयं ही आचरण का पालन करना होगा। अपराधिक घटनाओं को सांम्प्रदायिक रंग देने के सवाल पर उन्होंने दो टूक कहा कि अपराधी-अपराधी ही होता है, उसकी कोई जात नहीं होती। अन्ना हजारे और केजरीवाल पर चुटकी लेते हुए स्वामी जी ने कहा कि वे गॉंवों में नहीं चैनलों पर दिखाई देते हैं।
वार्ता में स्वामी जी ने सिवनी के जन प्रतिनिधियों को खरी-खोटी सुनाते हुए उन्हें एक तरह से नकारा करार दिया। उन्होंने कहा कि इन राजनेताओं ने सिवनी का नाम ही डुबा दिया, इसके हक के लिए कुछ नहीं किया। श्रीधाम से गोटेगांव बड़ी रेललाईन ठण्डे बस्ते में है तो अब संसदीय क्षेत्र सिवनी, बालाघाट का अंग बन गया है।
अंत में जगतगुरू ने जानकारी देते हुए बताया कि परमहंसी गंगा, गोटेगांव में 100 बिस्तर का नेत्र चिकित्सालय बनकर तैयार है, जिसका उद्घाटन करने भारत के राष्ट्रपति प्रणव मुखर्जी आगामी 7 जून को आ रहे हैं।

कोई टिप्पणी नहीं: