शनिवार, 14 सितंबर 2013

नेताओं के खिलाफ नारेबाजी निंदनीय: पटेल

नेताओं के खिलाफ नारेबाजी निंदनीय: पटेल

मैं तो खानाबदोश, पार्टी जहां से कहेगी लड़ लिया जाएगा चुनाव: प्रहलाद पटेल

(अखिलेश दुबे)

सिवनी (साई)। सिवनी में बड़े नेताओं और भोपाल जाकर भाजपा के नेताओं के खिलाफ नारेबाजी की घटना निंदनीय है। इससे भाजपा कमजोर होगी। इन कार्यकर्ताओं पर कार्यवाही होना चाहिए। इस तरह के काम करने की भाजपा की परंपरा कतई नहीं है।उक्ताशय की बात सिवनी के पूर्व सांसद और भाजपा असंगठित मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रहलाद सिंह पटेल ने श्रीवनी फिल्टर प्लांट में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कही।
इसके पहले पत्रकार वार्ता में भी प्रहलाद पटेल ने कमोबेश इन्हीं बातों को दोहराया। उनका कहना था कि अगर कार्यकर्ता असंतुष्ट है तो उसे अपनी बात रखने का पूरा हक है, पर पार्टी मंच के बाहर जाकर इस तरह से अशोभनीय प्रदर्शन को वे उचित नहीं मानते हैं। उन्होंने कहा कि भोपाल में भी नारेबाजी कर रहे सिवनी के नेताओं को उन्होंने ऐसा करने से साफ मना किया था।

25 को होगी भोपाल में रैली
प्रहलाद पटेल ने आगे बताया कि 25 सितम्बर को भोपाल में भाजपा के पितृ पुरूष पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर एक विशाल रैली का आयोजन किया जा रहा है। इस रैली में कम से कम पांच लाख लोगों के भाग लेने की संभावना है। उन्होंने सिवनी के भाजपा कार्यकर्ताओं को भी बड़ी संख्या में इस रैली में पहुंचने की अपील की।

किसी को भी मिले टिकिट जिताना है भाजपा को!
भाजपा के असंतुष्ट धड़े को मनाते हुए उन्होंने अपील की है कि पार्टी चाहे किसी को भी टिकिट दे, भाजपा कार्यकर्ताओं को एक होकर भाजपा को ही विजयी बनाना है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में तीसरी बार भाजपा सरकार बनाने के लिए हर भाजपा कार्यकर्ता को कृतसंकल्पित होना चाहिए। उन्होंने इस बात पर बल दिया कि यह एकजुटता लोक सभा चुनावों तक बनी रहे यह अत्यावश्यक है।

खानाबदोश हूं, कहीं से भी लड़ लूंगा चुनाव!
पत्रकारों से रूबरू प्रहलाद पटेल कुछ मजाकिया अंदाज में नजर आए। लोकसभा या विधानसभा चुनाव लड़ने के प्रश्न पर वे मुस्कुराते हुए बोले, मैं तो खानाबदोश हूं, जहां से पार्टी आदेश करेगी, लड़ लिया जाएगा चुनाव।

नारेबाजी से सहमत नहीं, हो कार्यवाही
पत्रकार वार्ता के बाद कार्यकर्ताओं से रूबरू प्रहलाद पटेल ने दो टूक शब्दों में यह कह दिया कि वे इस तरह की पार्टी लाईन से हटकर हो रही नारेबाजी से कतई सहमत नहीं हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह की हरकत करने वाले कार्यकर्ताओं पर पार्टी को कार्यवाही करना चाहिए।

बंद करा दी सोयाबीन फेक्ट्री
प्रहलाद पटेल ने कहा कि कृषि, देश के किसान का गहना है। किसानों को अपने काम में लगे रहना चाहिए। उन्होंने भावावेश में आकर यह तक कह दिया कि उन्होंने नरसिंहपुर की सोयाबीन फेक्ट्री को बंद करा दिया है। वहीं मीडिया में यह खुसर पुसर होने लगी कि प्रहलाद सिंह पटेल ने सांसद रहते हुए सिवनी की देशी शराब आसवानी को भी बंद करवा दिया था।

नरेश नीता गायब!

सिवनी से लगभग 22 किलोमीटर दूर श्रीवनी में हुई पत्रकार वार्ता और कार्यकर्ताओं से मिलने की घटनाओं को लेकर भाजपा में तरह तरह की चर्चाएं होने लगी हैं। कुछ भाजपाईयों का कहना है कि प्रहलाद सिंह पटेल चाहते तो इन कार्यकर्ताओं से भाजपा के जिला कार्यालय में ही भेंट कर सकते थे, वस्तुतः ऐसा हुआ नहीं। वहीं, भाजपा के जिला पदाधिकारी विशेषकर जिला अध्यक्ष नरेश दिवाकर, स्थानीय विधायक श्रीमती नीता पटेरिया मौके पर नहीं पहुंचीं। कुछ भाजपाईयों का मानना था कि अगर विरोध का ही शमन करने का काम प्रहलाद पटेल द्वारा किया जा रहा था तो बेहतर होता कि नीता नरेश हटाओ, भाजपा बचाओके नारे लगाने वालों की भड़ास जिला भाजपा कार्यालय में नीता पटेरिया और नरेश दिवाकर के समक्ष निकलवा दी गई होती तो इससे भाजपा में जिला स्तर पर कार्यकर्ताओं की भड़ास कुछ कम हो जाती, और भाजपा को मजबूती मिल पाती।

कोई टिप्पणी नहीं: