शुक्रवार, 15 नवंबर 2013

लगा कांग्रेस को झटका! भाजपा ने झटके दो विकेट!

लगा कांग्रेस को झटका! भाजपा ने झटके दो विकेट!

(पीयूष भार्गव)

सिवनी (साई)। सिवनी में पूर्व उप प्रधानमंत्री एल.के.आडवाणी की यात्रा से कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है। कांग्रेस के दो दिग्गज नेताओं ने आज कांग्रेस का दामन छोड़कर भाजपा की रीति निति में आस्था जताते हुए भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर ली है।
आज एल.के.आडवाणी की सभा के पूर्व जिला कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष और मुंगवानी क्षेत्र में पैठ रखने वाले धर्मेंद्र सिंह ठाकुर एवं कमलनाथ प्रशंसक फोरम से सालों से जुड़े रहे एवं मण्डी के सदस्य रहे संजय चौधरी ने आज भाजपा की सदस्यता ले ली। इन दोनों नेताओं के साथ ही साथ सिवनी से कांग्रेस के विधायक रहे अब्दुल रहमान फारूखी की पुत्री डॉ.असरा फारूखी ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।
भारतीय जनता पार्टी द्वारा जारी विज्ञप्ति के अनुसार भाजपा की रीति नीतियों, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के कार्यों एवं भाजपा जिलाध्यक्ष नरेश दिवाकर की मिलनसार व सेवाभावी छवि से प्रभावित होकर आज माननीय लालकृष्ण आडवानी जी की सभा के दौरान कांग्रेस के पूर्व विधायक स्वर्गीय अब्दुल रहमान फारूकी की पुत्री डॉ.असरा फारूकी सहित, जिला इंका के उपाध्यक्ष ठाकुर धर्मेन्द्र सिंह, कमलनाथ प्रशंसक फोरम के पूर्व जिलाध्यक्ष एवं पूर्व मंडी सदस्य व किसान कांग्रेस के प्रदेश महामंत्री संजय चौधरी ने आज अपने 202 साथी कार्यकर्ताओं के साथ भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।
भाजपा मीडिया प्रभारी श्रीकांत अग्रवाल ने बताया कि इन सभी नवागत सदस्यों का मंच पर आसीन पार्टी पदाधिकारियों ने करतल ध्वनि से स्वागत किया। नवागत सदस्यों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि भाजपा गांव और किसान की छवि वाले मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश में शासन कर रही हैं। हम सभी भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने पर बहुत गर्व महसूस कर रहे है। आज हमें कांग्रेस पार्टी के कष्टों और घुटन से मुक्त होने का अवसर मिला है।

नवागत सदस्यों ने कहा कि कांग्रेस प्रदेश को दोबारा सामंतशाही व्यवस्था की ओर ढकेलना चाह रही है। कांग्रेस के अनेक नेता पार्टी में चल रही गतिविधियों से बेहद खफा है। इस वेदना से मुक्ती पाने के लिए ही हमने भाजपा का दामन थामा है। हम भाजपा की गरीब किसान एवं मजदूर की सेवा के प्रति संकल्पबद्धता से प्रभावित हैं और ऐसी पार्टी मे आज हम सभी शामिल होकर प्रसन्नता महसूस कर रहे हैं। हम अपने भाजपा के सभी साथियों को यह विश्वास भी दिलाते हैं कि हम सभी पार्टी की विचारधारा के अनुरूप पूरे तन-मन से कार्य करने के लिए संकल्पित हैं।

कोई टिप्पणी नहीं: