रविवार, 8 अप्रैल 2012

जनरल के बहाने कांग्रेस के बैर निकालने आमदा राजपूत


जनरल के बहाने कांग्रेस के बैर निकालने आमदा राजपूत

हरियाणा से जनसेवक बनने की चाह में आर्मी चीफ!

(लिमटी खरे)

नई दिल्ली (साई)। भारत गणराज्य की सेना के ईमानदार किन्तु विवादित सेनाध्यक्ष जनरल विजय कुमार सिंह के बहाने अब राजपूत क्षत्रप लामबंद होते दिख रहे हैं। आर्मी चीफ के मानस पटल पर भी अब राजनीति का कीड़ा कुलबुलाने लगा है, इसका कारण यह है कि ईमानदार छवि के बाद भी जनसेवकों ने उनके साथ जो बर्ताव किया है वह उन्हें नागवार ही गुजर रहा है। यद्यपि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष सुषमा स्वराज के माध्यम से भाजपा उन पर डोरे डालने का प्रयास कर रही है पर अभी साफ नहीं हो पाया है कि जनरल किस दल से किस्मत आजमाएंगे।
आर्मी चीफ विजय कुमार सिंह के करीबी सूत्रों का कहना है कि जनरल के मन में राजनैतिक महात्वाकाक्षांओं ने उबाल मारना आरंभ कर दिया है। पूर्व में राजपूत वजीरे आज़म विश्वनाथ प्रताप सिंह के नक्शे कदम पर चलते हुए जनरल सिंह भी अपने होम स्टेट यानी हरियाणा से चुनाव मैदान में उतरने की योजना बना रहे हैं। सूत्रों ने संकेत दिए कि वे भिवानी से मैदान में उतर सकते हैं। किस दल से उतरेंगे यह बात अभी भविष्य के गर्भ में ही है।
सियासी बियावान में यह बात तेजी से कौंध रही है कि आखिर कौन सी ऐसी शक्तिशाली बेटरी है जिससे जनरल का लट्टू प्रकाश पुंज के मानिंद चमचमा रहा है। कहा जा रहा है कि मामले की संवेदनशीलता और वोट बैंक की राजनीति की परवाह कर भाजपा ने भी इस मामले में अपने पैर वापस खींचकर जनरल से दिखाने के लिए पर्याप्त दूरी बना ली है। बावजूद इसके, हर राजनैतिक दल के राजपूत संसद सदस्य बड़ी ही आशा भरी निगाहों से जनरल विजय कुमार सिंह की ओर ताक रहे हैं।
राजपूत सांसदों में जनरल सिंह के साथ कांग्रेस द्वारा किए गए बर्ताव से रोष और असंतोष भी निर्मित होने लगा है। अनेक संसद सदस्य यह कहते भी सुने गए कि सरकार चाहे कांग्रेस की रही हो या भाजपा की किसी ने भी राजपूतों को पर्याप्त तवज्जो और प्रतिनिधित्व नहीं दिया है। कहा तो यहां तक भी जा रहा है चूंकि आर्मी चीफ खुद राजपूत हैं इसलिए सरकार उन्हें परेशान करने पर आमदा है।
उधर, ईमानदार छवि के धनी जनरल वी.के.सिंह भले ही जन्म तिथि एवं अन्य विवादों में उलझे हों, किन्तु देश भर में लोग भ्रष्ट राजनैतिक तंत्र के बीच उनकी ईमानदारी को सेल्यूटकरते नजर आ रहे हैं। हर जगह जनरल वी.के.सिंह की टीआरपी (टेलीवीजन रेटिंग प्वाईंट) में रातों रात जबर्दस्त इजाफा दर्ज किया गया है। राजनैतिक दल मामले की संवेदनशीलता के कारण एक कदम आगे दो कदम पीछे की तर्ज पर कदमताल करते नजर आ रहे हैं, पर जनरल सिंह का दामन हर कोई थामने को आमदा ही नजर आ रहा है।

भारत अमरिका नौसैनिक अभ्यास जारी


भारत अमरिका नौसैनिक अभ्यास जारी

(शरद खरे)

नई दिल्ली (साई)। भारत और अमरीका के बीच वार्षिक नौसैनिक अभ्यास मालाबार आज से बंगाल की खाड़ी में हो रहा है। दोनों देशों की नौसेना की अग्रिम टुकड़ियां दस दिन के इस अभ्यास में हिस्सा ले रही हैं। भारतीय नौसेना की ओर से स्वदेशी गाइडेड मिसाइल फ्रिगेट आईएनएस सतपुड़ा, गाइडेड मिसाइल विवंसक आइएनएस रणविजय और आईएनएस रणवीर, मिसाइल कोरवेट आईएनएस कुलिश और टैंकर आईएनएस शक्ति के अलावा गश्ती विमान टीयू-१४२ एम और दूसरे रोटरी विंग विमान हिस्सा लेंगे।
अमरीकी नौसेना में विमानवाहक पोत यूएसएस कार्ल विजन, गाइडेड मिसाइल क्रूजर यूएसएस बंकरहिल, गाइडेड मिसाइल विध्वंसक यूएसएस हेल्सी, सरंजाम जहाज यूएनएनएस ब्रिज और एक पनडुब्बी अभ्यास में हिस्सा लेगी।  हमारे संवाददाता के अनुासर भारत और अमरीका के बीच १९९२ में शुरू हुए व्यवस्थित नौसैनिक अभ्यासों की श्रंखला में मालाबार २०१२, १६वां अभ्यास है।
संयुक्त अभ्यास का दायरा और पेचीदगियां दोनों समय के साथ साथ बढ़ गये हैं। इसका उद्देश्य सेना के बीच तालमेल बढ़ाना और बहुराष्ट्रीय सेनाओं के साथ रणनीतिक कार्रवाई की योजना बनाने और उस पर अमल करने की क्षमता को सुधारना है। दस दिन के इस अभ्यास के दौरान जमीन पर और समुद्र में दोनों तरह का अभ्यास होगा।
चेन्नई में समुद्री डकैतियों से निपटने युद्धपोतों से युद्धक विमानों की आवाजाही, समुद्री गश्त और पनडुब्बीभेदी कार्रवाई जैसे विषयों पर विशेषज्ञों और पेशेवरकर्मियों के साथ विचारों का आदान प्रदान भी होगा। समुद्री अभ्यास बंगाल की खाड़ी और निकोबाद द्वीपसमूह के पश्चिम में किया जाएगा।

खादी सूत कातने वालों का वेतन बढ़ा

खादी सूत कातने वालों का वेतन बढ़ा

(प्रियंका श्रीवास्तव)

नई दिल्ली (साई)। सरकार ने खादी का सूत कातने वालों का न्यूनतम वेतन बढ़ाने का फैसला किया है। इस महीने की पहली तारीख से अब २ रुपये प्रति लच्छे की जगह ३ रुपये मिला करेंगे। एक लच्छे में ७६८ मीटर सूती धागा होता है। इससे सूत कातने वालों का वेतन प्रतिदिन कम से कम  करीब ३०-४० रुपये बढ़ जाएगा, जबकि अभी उन्हें करीब २० से ३० रुपये प्रतिदिन मिलते हैं।
इससे पहले सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम मंत्री वीरभद्र सिंह ने कहा था कि सरकार खादी का सूत कातने वालों को महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना यानी मनरेगा के दायरे में लाने पर विचार करेगी।

शहरी आबादी बढ़ेगी


शहरी आबादी बढ़ेगी

(यशवंत)

नई दिल्ली (साई)। २०५० तक देश की शहरी आबादी में ४९ करोड़ ७० लाख लोग और जुड़ जायेंगे। संयुक्त राष्ट्र की एक रिपोर्ट में कहा गया है कि भारत, चीन, नाइजीरिया, अमरीका और इंडोनेशिया जैसे देशों में शहरी आबादी सबसे ज्यादा बढ़ेगी। २०११ विश्व शहरीकरण संभावनाओं में संशोधन शीर्षक से जारी इस रिपोर्ट में कहा गया है कि सन २०५० तक एशिया की शहरी आबादी एक दशमलव नौ अरब से बढ़कर तीन दशमलव तीन अरब हो जाएगी।
शहरी आबादी में इस अभूतपूर्व वृद्धि की बदौलत अफ्रीका और एशिया में शिक्षा और सार्वजनिक सेवाएं बेहतर बनाने के अवसर मिल सकेंगे, क्योंकि ज्यादा घनी आबादी तक पहुंच बनाना ज्यादा आसान होगा।

घाटी में बढ़े पर्यटक


घाटी में बढ़े पर्यटक

(विनोद नेगी)

जम्मू (साई)। कश्मीर घाटी में बंसत के आगमन के साथ पर्यटकों की संख्या बढ़ रही है। हमारे श्रीनगर संवाददाता ने खबर दी है कि घाटी में बंसत के मौसम में विश्व प्रसिद्ध डल झील से सटा ट्यूलिप गार्डन घरेलू और विदेशी पर्यटकों के आकर्षण का केन्द्र बना हुआ है।
घाटी का आलम यह है कि बसंत के आगमन पर चारों तरफ सब्सा उगाने और पेड़-पौधों पर शगूफे खिल जाने के साथ ही कश्मीर घाटी पहुंचने वाले पर्यटकों की संख्या बढ़ने लगी है। पर्यटन से जुड़े होटल और हाउस बोट वाले और अन्य लोग खासे उत्साहित हैं और वो दुकानों, शिकारों और होटलों को सजा-संवरा रहे हैं।
उधर, विश्वप्रसिद्ध डल झील के निकट गुलेलाला बाब जोबन पर है। हाल के वर्षों में इस मौसम में देशी और विदेशी पर्यटकों की अच्छी संख्या गुलेलाला बाग के आकर्षण के कारण घाटी आने लगी है जिससे पर्यटन  के अच्छे सीजन का उत्साहजनक आरंभ हो रहा है।