बुधवार, 4 जुलाई 2012

तजाकिस्तान से भारत के प्रगाढ़ संबंध: विदेश मंत्री


तजाकिस्तान से भारत के प्रगाढ़ संबंध: विदेश मंत्री

(टी.विश्वनाथन)

दुशाम्बे (साई)। विदेश मंत्री एस.एम. कृष्णा ने ताजिकिस्तान के साथ भारत के संबंधों को प्रगाढ़ बताया है। उन्होंने कल दुशाम्बे में ताजिकिस्तान के विदेश मंत्री हमरोखोन जरीफी से मुलाक़ात की। दोनो नेताओं ने व्यापार, ऊर्जा और आतंकवाद से निपटने सहित क्षेत्रीय स्थिति पर खासकर अफगानिस्तान की स्थिति पर बातचीत की।
गौरतलब है कि पिछले नौ वर्ष में भारत के किसी विदेश मंत्री की यह पहली ताजिकिस्तान यात्रा है। श्री कृष्णा ने कहा कि भारत सितम्बर में ताजिकिस्तान के राष्ट्रपति इमोमाली रहमोन की भारत यात्रा की प्रतीक्षा कर रहा है। श्री कृष्णा आज श्री रहमोन से मिलेंगे।
दोनों देशों के बीच आतंकवाद से निपटने के लिए संयुक्त कार्य दल की व्यवस्था पहले से है। भारत ताजिकिस्तान में अयनी में एक सैन्य अस्पताल बनाने के लिए भी बातचीत कर रहा है, जबकि वहां भारत का हवाई ठिकाना पहले से ही है। नई दिल्ली और ताजिकिस्तान की राजधानी दुशाम्बे के बीच इस महीने से सीधी उड़ान संचालित करने की भी योजना है।

मारिया महिला सिंगल्स से बाहर


मारिया महिला सिंगल्स से बाहर

(अभिलाषा जैन)

लंदन (साई)। विम्बलडन टेनिस चौंपियनशिप में शीर्ष वरीयता प्राप्त रूस की मारिया शारापोवा महिला सिंगल्स से बाहर हो गईं हैं। चौथे दौर के मैच में उन्हें १५वीं वरीयता प्राप्त जर्मनी की सबीन लिसिकी ने हराया। चार बार की विजेता रही सेरेना विलियम्स, मौजूदा चौम्पियन पेट्रा क्वितोवा और दूसरी वरीयता प्राप्त विक्टोरिया अजांरेंका भी अपने-अपने मैच जीत गई हैं।
अमरीका की सेरेना विलियम्स का मुकाबला क्वार्टर फाइनल में चौक गणराज्य की पेट्रा क्वितोवा से होगा।पुरूष वर्ग में छह बार के चौम्पियन रॉजर फेडरर बेल्जियम के जेवियर मलीसे को हराकर क्वार्टर फाइनल में पहुंच गये हैं। शीर्ष वरीयता प्राप्त सर्बिया के नोवाक योकोविच ने भी अपने ही देश के विक्टर त्रोइकी को हराकर क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली है। भारतीय खिलाड़ियों के पुरूष डबल्स तथा मिक्स्ड डबल्स मैचों सहित कल कई मैच बारिश के कारण स्थगित करने पड़े।

कलाम पर बरसे ठाकरे


कलाम पर बरसे ठाकरे

(दीपक अग्रवाल)

मुंबई (साई)। शिवसेना के मुखपत्र सामना के माध्यम से सुर्खियों में रहने के आदी बाला साहेब ठाकरे ने एक बार फिर अपने संपादकीय से विवादों को हवा दे दी है। इस बार सामना में संपादकीय लिख शिवसेना प्रमुख बाल ठाकरे ने पूर्व राष्ट्रपति एपीजे अब्दुल कलाम पर निशाना साधा है। फिलहाल कलाम अपनी किताब की वजह से सुर्खियों ने बने हैं, किताब में उन्होंने कहा है कि सोनिया को पीएम बनने से उन्होंने नहीं रोका था।
ठाकरे ने कहा है कि ऐसे खुलासे के जरिये कलाम ने अपना ही वस्त्रहरण कराया है और अपनी ही छवि को ठेस पहुंचाई है। ठाकरे ने कहा है कि इतालवी सोनिया गांधी को प्रधानमंत्री पद की शपथ दिलाने को तैयार थे, वह मजाक का विषय बन गए हैं। ठाकरे ने कलाम को सीधे-सीधे श्ढोंगीश् भी बताया है।
ठाकरे ने लिखा है कि सोनिया ने बहुत प्रयास किए थे पीएम बनने के लेकिन बन नहीं पाईं, इसीलिए एक गूंगे और बहरे व्यक्ति को पीएम बना दिया। ठाकरे ने यह भी लिखा है कि कलाम को इसके आगे कोई भी मिसाइल मैन ना कहे क्योंकि उन्होंने दस साल तक सच को छिपाए रखा। ठाकरे का कहना है कि लोग समझते थे कलाम ने ही सोनिया को प्रधानमंत्री बनने से रोका था इसीलिए लोगों के मन में उनके प्रति आदर था लेकिन कलाम ने ये खुलासा करके खाई में छलांग लगाकर अपने ही हाथ-पैर तुड़वा लिए हैं।

बंद हो सकता है भिलाई स्टील प्लांट!


बंद हो सकता है भिलाई स्टील प्लांट!

सेल की परियोजना की सुरक्षा अर्धसैनिक बल के जिम्मे

(आंचल झा)

रायपुर (साई)। सालों पुराने भिलाई स्पात संयंत्र पर भी नक्सलवादियों की काली छाया पड़ती दिख रही है। संयंत्र में लौह अयस्कों की आपूर्ति बाधित होने से अब इसके बंद होने का खतरा मण्डराने लगा है। छत्तीसगढ में भारतीय इस्पात प्राधिकरण की महत्वकांक्षी खनन परियोजना की सुरक्षा अर्धसैनिक बल करेंगे। साथ ही वे नक्सल प्रभावित क्षेत्र से अयस्क के परिवहन के लिये 235 किलोमीटर लंबे रेलवे ट्रैक के निर्माण में भी मदद करेंगे। केंद्रीय गृह सचिव आर के सिंह तथा इस्पात सचिव डीआरएस चौधरी तथा अन्य अधिकारियों की आज हुई बैठक में इस आशय का निर्णय किया गया।
सेल ने कांकेर तथा नारायणपुर जिलों में 2030 हेक्टेयर में फैले रोघाट लौह अयस्क खदान की सुरक्षा के लिये अर्धसैनिक बलों की पांच बटालियन (5,000 सुरक्षाकर्मी) की मांग की थी। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि परियोजना की अहमियत को देखते हुए पहले चरण में कम-से-कम दो बटालियन उपलब्ध कराये जाएंगे। रोघाट के आसपास क्षेत्रों में माओवादियों की मौजूदगी से सेल की योजना प्रभावित हो रही है।

हवा में मारा बिच्छू ने जहरीला डंक


हवा में मारा बिच्छू ने जहरीला डंक

(मृणालिनी)

पड्डिचेरी (साई)। पड्डिचेरी निवासी एक युवक को हवाइ्र जहाज में हजारों फिट उपर एक काले बिच्छू ने डंक मार दिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार बहरीन जा रहे एक निजी एयरलाइन के उडान भरने के दौरान एक बिच्छू द्वारा एक यात्री को डंक मार दिये जाने के कारण विमान को रोकना पडा। हवाई आड्डे के सूत्रों ने बताया कि पुडुचेरी के रहने वाले 35 वर्षीय विद्यासागर को काले बिच्छू ने डंक मार दिया। माना जा रहा है कि यह बिच्छू सागर के कोट पर था।
विमान को उडने से रोक दिया गया और यात्री को स्वास्थ्य जांच के लिए टर्मिनल पर वापस लाया गया। सूत्रों ने बताया कि उपचार के बाद, उसे यात्रा करने की अनुमति दे दी गयी लेकिन यात्री ने यात्रा पर नहीं जाने का निर्णय लिया। यात्रियों ने बिच्छू को मार दिया। उन्होंने बताया कि लगभग 30 मिनट की देरी के बाद विमान गंतव्य की ओर रवाना हुआ

ब्रिटिश नागरिक अब किसी भी समय कर सकेंगे विवाह


ब्रिटिश नागरिक अब किसी भी समय कर सकेंगे विवाह

(के.अमित)

लंदन (साई)। ब्रिटेन में 175 साल पुराने उस कानून में संशोधन किया जा रहा है जिसके तहत लोगों को केवल ‘‘परंपरागत समय’’ में ही विवाह करने की अनुमति थी। कानून में संशोधन के बाद ब्रिटिश नागरिक दिन में कभी भी विवाह कर सकेंगे। बीबीसी की खबर में कहा गया है कि वर्तमान में इंग्लैंड और वेल्स में विवाह का पंजीकरण स्थानीय समयानुसार केवल सुबह आठ बजे से शाम छह बजे के बीच ही किया जा सकता है। यह कानून 1837 से जारी है।
अब इस कानून में संशोधन के बाद नई व्यवस्था के मुताबिक ऐतिहासिक स्थलों पर आधी रात को या तडके भी विवाह हो सकते हैं। गौरतलब है कि ऐतिहासिक स्थल जनता के लिए दिन में केवल कुछ ही घंटे खुले रहते हैं। इंग्लैंड और वेल्स की रजिस्टर जनरल साराह रैप्सन ने बीबीसी से कहा कि विवाह के घंटों में नये बदलाव के बाद दिन का कोई भी समय लोगों के लिए खास बन सकता है।