सोमवार, 15 अक्टूबर 2012

बुखार में कारगर है सप्तपर्णी


हर्बल खजाना ----------------- 32


बुखार में कारगर है सप्तपर्णी

(डॉ दीपक आचार्य)

अहमदाबाद (साई)। सप्तपर्णी एक पेड है जिसकी पत्तियाँ चक्राकार समूह में सात - सात के क्रम में लगी होती है और इसी कारण इसे सप्तपर्णी कहा जाता है। इसके सुंदर फ़ूलों और उनकी मादक गंध की वजह से इसे उद्यानों में भी लगाया जाता है। इसका वानस्पतिक नाम एल्सटोनिया स्कोलारिस है।
पातालकोट के आदिवासियों का मानना है कि प्रसव के बाद माता को यदि छाल का रस पिलाया जाता है तो दुग्ध की मात्रा बढ जाती है। इसकी छाल का काढा पिलाने से बदन दर्द और बुखार में आराम मिलता है। डाँग- गुजरात के आदिवासियों के अनुसार जुकाम और बुखार होने पर सप्तपर्णी की छाल, गिलोय का तना और नीम की आंतरिक छाल की समान मात्रा को कुचलकर काढा बनाया जाए और रोगी को दिया जाए तो अतिशीघ्र आराम मिलता है।
आधुनिक विज्ञान भी इसकी छाल से प्राप्त डीटेइन और डीटेमिन जैसे रसायनों को क्विनाईन से बेहतर मानता है। पेड से प्राप्त होने वाले दूधनुमा द्रव को घावों, अल्सर आदि पर लगाने से आराम मिल जाता है। छाल का काढा पिलाने से दस्त रुक जाते है। दाद, खाज और खुजली में भी आराम देने के लिए सप्तपर्णी की छाल के रस का उपयोग किया जाता है। (साई फीचर्स)

(लेखक हर्बल मामलों के जाने माने विशेषज्ञ हैं)

पहले महीने फर्राटे से दौड़ता है आईडिया का नेट


एक आईडिया जो बदल दे आपकी दुनिया . . .  32

पहले महीने फर्राटे से दौड़ता है आईडिया का नेट

दूसरे महीने से पैसेंजर गाड़ी को भी दे देता है मात

(नन्द किशोर)

भोपाल (साई) आदित्य बिरला के स्वामित्व वाली आईडिया सेल्यूलर के इंटरनेट की अजब कहानी सामने आ रही है। ग्रामीण इलाकों से प्राप्त जानकारी के अनुसार आईडिया का इंटरनेट पहले महीने तो शताब्दी या सुपर फास्ट रेलगाड़ी के मानिंद चलता है, क्योंकि यह प्रमोशनल स्कीम के तहत निशुल्क होता है, किन्तु जैसे ही महीना पूरा होता है इसकी चाल पैसेंजर रेल गाड़ी से भी धीरे हो जाती है।
ग्र्रामीण इलाकों से आ रही खबरों के अनुसार आईडिया के नेट सेटर लेने पर पहले महीने की प्रमोशनल स्कीम के तहत इंटरनेट सुपर डुपर हिट तरीके से चलता है। जैसे ही उपभोक्ता द्वारा पहला रीचार्ज करवाया जाता है उसके बाद से उसे सर्वर नॉट फाउंड का ही संदेश देखने को मिलता है। दिन भर में सैकड़ों बार कनेक्ट करने पर भी आईडिया का नेट नहीं जुड़ पाता है।
उपभोक्ताओं को लुभाने के लिए जरूर यह बताया जाता है कि जिलों के ग्रामीण अंचलों में भी आईडिया का नेटवर्क है, किन्तु जब इंटरनेट जोड़ने की बात आती है तो उपभोक्ताओं के पसीने निकल जाते हैं। अनेक जिलों में तो टूजी सेवा होने के बाद भी आईडिया के कारिंदे थ्री जी का प्रलोभन देकर कनेक्शन बेच रहे हैं। पहले महीने तो उपभोक्ताओं को थ्री जी से भी तेज स्पीड मिलती है किन्तु अगले ही महीने से उपभोक्ता अपने आप को ठगा सा ही महसूस करता है।

(क्रमशः जारी)

माता के साथ बजरंग बब्बा की कृपा का लाभ मिलेगा इस बार


माता के साथ बजरंग बब्बा की कृपा का लाभ मिलेगा इस बार

(निधि गुप्ता)

मुंबई (साई)। लगभग साढे़ तीन दशक यानी 34 साल बाद इस बार नवरात्रि मंगलवार 16 अक्टूबर को शुरू होकर मंगलवार को ही 23 अक्टूबर को समाप्त हो रही है। इससे पहले ऐसे ही आठ दिनों के नवरात्रि का संयोग 1978 में बना था। इसके बाद 27 साल बाद 2039 में ऐसी स्थिति आएगी। इस नवरात्रि में देवी मां के साथ हनुमान जी की भी कृपा बनी रहेगी। ये साधकों और श्रद्धालुओं के लिए खुशियों लेकर आएंगी। 1978 में 3 से 10 अक्टूबर तक नवरात्रि पड़ी थी।
ऐसा संयोग भविष्य में मंगलवार 18 अक्टूबर 2039 को बनेगा और मंगलवार 25 अक्टूबर को नवमी तिथि होगी। ज्योतिष वेत्ताओं के अनुसार इस बार मंगल अपनी ही राशि वृश्चिक में रहेगा। इसलिए इसे मंगल और हनुमानजी दोनों का बल मिलेगा। मंगल प्रबल होने से मंगल ही मंगल होगा। 18 अक्टूबर को तृतीया और चतुर्थी तिथि दोनों एक ही दिन पड़ने वाली है। इसकी वजह से एक तिथि घट गई और नवरात्रि नौ दिन की बजाए आठ दिन के रह गए।
पिछले साल भी नवरात्रि आठ दिनों की ही थी। साल 2013 में पांच से 12 अक्टूबर तक आठ दिन के नवरात्र होंगे। अगले वर्ष नवरात्रि में अष्टमी और नवमी तिथि एक ही दिन 12 अक्टूबर को होगी। 14 में भी आठ दिनों की नवरात्रि होगी। अष्टमी और नवमी एक ही दिन पड़ेगी। देवी मंदिरों में तैयारी शुरू हो गई है।

शारदीय नवरात्री का घट/कलश स्थापना मुहूर्त

शारदीय नवरात्री का घट/कलश स्थापना मुहूर्त

(पं.दयानंद शास्त्री)

नई दिल्ली (साई)। आदिशक्ति मां दुर्गा के नौ स्वरूपों की आराधना का पर्व शारदीय नवरात्र हिन्दू पंचांग के अनुसार आश्विन मास के शुक्ल पक्ष में मनाया जाता है। आश्विन शुक्लपक्ष प्रथमा को कलश की स्थापना के साथ ही भक्तों की आस्था का प्रमुख त्यौहार शारदीय नवरात्र आरम्भ हो जाता है। ज्योतिषाचार्य एवं वास्तुशास्त्री पंडित दयानंद शास्त्री(मोब।--09024390067) के अनुसार नौ दिनों तक चलने वाले इस महापर्व में मां भगवती के नौ रूपों क्रमशः शैलपुत्री, ब्रह्मचारिणी, चंद्रघंटा, कूष्मांडा, स्कंदमाता, कात्यायनी, कालरात्रि, महागौरी और सिद्धदात्री देवी की पूजा की जाती है। यह महापर्व सम्पूर्ण भारत में बड़े ही धूमधाम से मनाया जाता है। इन दिनों भक्तों को प्रातः काल स्नानादि क्रियाओं से निवृत्त होकर निष्कामपरक संकल्प कर पूजा स्थान को गोमय से लीपकर पवित्र कर लेना चाहिए और फिर षोडशोपचार विधि से माता के स्वरूपों की पूजा करना चाहिए। पूजा करने के उपरान्त इस मंत्र द्वारा माता की प्रार्थना करना चाहिए-
विधेहि देवि कल्याणं विधेहि परमांश्रियम्द्य रूपंदेहि जयंदेहि यशोदेहि द्विषोजहिद्यद्य
ज्योतिषाचार्य एवं वास्तुशास्त्री पंडित दयानंद शास्त्री(मोब।--09024390067) के अनुसार नवरात्र माता की उपासना करने का विशेष समय होता है। इन नौ दिनों में सभी तन-मन से माता की आराधना करते हैं। इस त्योहार की शुरुआत अश्विन मास की शुक्ल प्रतिपदा से होता है। अगर आप भी माता की आराधना कर आपकी मनोकामना पूरी करना चाहते हैं तो नीचे लिखे गए तरीके से माता की स्थापना करें-
घट स्थापनाः-
नवरात्र का श्रीगणेश शुक्ल पतिपदा को प्रातरूकाल के शुभमहूर्त में घट स्थापना से होता है। घट स्थापना हेतु मिट्टी अथवा साधना के अनुकूल धातु का कलश लेकर उसमे पूर्ण रूप से जल एवं गंगाजल भर कर कलश के ऊपर नारियल को लाल वस्त्र/चुनरी से लपेट कर अशोक वृक्ष या आम के पाँच पत्तो सहित रखना चाहिए। पवित्र मिट्टी में जौ के दाने तथा जल मिलाकर वेदिका का निर्माण के पश्चात उसके उपर कलश स्थापित करें। स्थापित घट पर वरूण देव का आह्वान कर पूजन सम्पन्न करना चाहिए।
घट स्थापना व पूजा प्रारंभः-
इस वर्ष शारदीय नवरात्रों की शुरुआत 16 अक्टूबर से मंगलवार के दिन मंगल के ही नक्षत्र चित्रा से हो रही है। चित्रा नक्षत्र में कलश स्थापना करना अशुभ माना जाता है। अत सुबह स्वाति नक्षत्र में कलश की स्थापना करे जो की छह बजकर 45 मिनट पर शुरू हो जाएगा। वैसे कलश लाभ की चौघड़िया व अभिजीत मुहूर्त में स्थापना करना चाहिए।
मंगलवार को अश्विनी शुक्ल प्रतिपदा है। इसी दिन घट स्थापना होगी। सुबह 9।18 बजे से सुबह 11।07 बजे तक घट स्थापना का श्रेष्ठ समय है। इस समय स्थिर लग्न वृश्चिक और चर और लाभ के श्रेष्ठ चौघड़िया हैं। इस बार चतुर्थी तिथि का क्षय हो रहा है, जिसके चलते तृतीया और चतुर्थी एक ही दिन 18 अक्तूबर को मनाई जाएगी। 23 अक्तूबर तक नवरात्र चलेंगे।
अभिजीत मुहूर्त - सुबह 11.30 बजे से दुपहर 12.30 बजे तक
स्थिर लग्न में स्थापना करेंः-
ज्योतिष के अनुसार स्थिर लग्न में किए हुए कार्य पूर्ण होते है, शुभ फल देने वाले होते है। साथ ही किए हुए कार्य का प्रभाव भी स्थायी होता है। इसलिए शुभ कार्यों को करने से पहलें स्थिर लग्न का विचार किया जाता।घट स्थापना का शुभ समयरू ---स्थिर लग्न - सुबह 9।18 बजे से 11।07 बजे तक
राहुकाल में स्थापना न करेंः-
ज्योतिष के अनुसार राहुकाल को अशुभ समय माना जाता है एवं ऐसा माना जाता है कि इस काल में किया हुआ कार्य अशुभ फल देता है। इस दिन  राहुकाल- प्रातः 10.30 से 12ऋ00 बजे तक रहेगा।(16 अक्तूबर,2012 को मंगलवार)
नवरात्रों में कमी आना शुभ नहीं माना जाता। वहीं नवरात्र पर्व का आरंभ 16 अक्टूबर से हो रहा है और इसका समापन 23 अक्टूबर को होगा।
इसलिए हुई तिथियों में घट-बढ़ः-
ज्योतिषाचार्य एवं वास्तुशास्त्री पंडित दयानंद शास्त्री(मोब।--09024390067 ) के अनुसार तिथियां सूर्य-चंद्रमा की गति से संबंध रखती हैं।  जब सूर्य चंद्र की गति का अंतर अधिक रहता है तब चंद्रमा 15 दिनों के बजाय 14 दिन में ही सूर्य के सम्मुख आ जाता है। यदि गति का अंतर धीमा हो तो 16 दिन भी लग जाते हैं। सूर्य-चंद्र की यही गति तिथियों की घट-बढ़ का प्रमुख कारण होती है।
इस दफा दो नवरात्र एक ही दिनः-
इस वर्ष शारदीय नवरात्र की शुरुआत 16 अक्टूबर से मंगलवार के दिन मंगल के ही नक्षत्र चित्रा से हो रही है । 16 अक्टूबर को घटस्थापना के साथ शारदीय नवरात्रि शुरू होगी। ज्यादातर पंचांग तृतीया व चतुर्थी एक ही दिन बता रहे हैं। कुछ में पंचमी व षष्ठमी एक ही दिन बताई गई है। बाद में चतुर्थी होगी। 22 को दूर्गा अष्टमी मनाई जाएगी। ज्योतिषाचार्य एवं वास्तुशास्त्री पंडित दयानंद शास्त्री(मोब।--09024390067) के अनुसार  भारतीय संस्कृति में आराधना और साधना करने के लिए नवरात्र पर्व को सर्वश्रेष्ठ माना गया है। जहां अन्य त्योहार होली, दीवाली, ग्रहण आदि में समय बहुत कम होता है, वहीं नवरात्र अपेक्षाकृत दीर्घकालिक होते हैं।
मूर्ति या तस्वीर स्थापनाः-- माँ दुगा की मूर्ती या तसवीर को लकड़ी की चौकी पर लाल अथवा पीले वस्त्र(अपनी सुविधानुसार) के उपर स्थापित करना चाहिए। जल से स्नान के बाद, मौली चढ़ाते हुए, रोली अक्षत(बिना टूटा हुआ चावल), धूप दीप एवं नैवेध से पूजा अर्चना करना चाहिए।
आसनः- लाल अथवा सफेद आसन पूरब की ओर बैठकर नवरात्रि करने वाले विशेष को पूजा, मंत्र जप, हवन एवं अनुष्ठान करना चाहिए।
कुलदेवी का पूजनः- हर परिवार में मान्यता अनुसार जो भी कुलदेवी है उनका श्रद्धा-भक्ति के साथ पूजा अर्चना करना चाहिए।
ज्योतिषाचार्य एवं वास्तुशास्त्री पंडित दयानंद शास्त्री(मोब।--09024390067 ) के अनुसार वर्ष 2012 में यह व्रत 16 अक्टूबर से शुरु होकर 23 अक्तूबर तक रहेगे़। व्रत का संकल्प लेने के बाद पंडित से या स्वयं मिटटी की वेदी बनाकर जौ बौया जाता है। इसी वेदी पर घट स्थापित किया जाता है। घट के ऊपर कुल देवी की प्रतिमा स्थापित कर उसका पूजन किया जाता है। तथा ष्दुर्गा सप्तशतीष् का पाठ किया जाता है। पाठ पूजन के समय दीप अखंड जलता रहना चाहिए। वैष्णव लोग राम की मूर्ति स्थापित कर रामायण का पाठ करते हुए इस व्रत को करते है। कहीं कहीं नवरात्रे भर रामलीलाएं भी होती है।
देवी पूजा में इनका रखे ध्यानः-
ज्योतिषाचार्य एवं वास्तुशास्त्री पंडित दयानंद शास्त्री(मोब।--09024390067 ) के अनुसार इन नवरात्रों में रखें की कोई असावधानी न हो, दुर्गा पूजा करते समय कुछ बातों का ध्यान रखना जरूरी है जैसे एक घर में दुर्गा की तीन मूर्तियां न हों अर्थात देवी की तीन प्रतिमाओं की प्रतिष्ठा, पूजन न करें। देवी के स्थान पर वंशवाध, शहनाई का घोष नहीं करना चाहिए तथा दुर्गा पूजन में दूर्वा अर्थात दूब का प्रयोग नहीं करना चाहिए। दुर्गा आवाहन के समय बिल्वपत्र, बिल्व शाखा, त्रिशूल, श्रीफल का प्रयोग करना चाहिए। पूजन में सुगंधहीन व विषैले फूल न चढ़ाए बल्कि लाल फूल मां को प्रिय हैं। रात्रि में कलश स्थापना नही करनी चाहिए। मां दुर्गा को लाल वस्त्र पहनाए और उनका मुख उत्तर दिशा की तरफ कदापि न करें। विभिन्न लग्न, मुहूर्ताे में मंत्र जाप और उपासना का विशिष्ट फल मिलता है जैसे मेष, कर्क, कन्या, तुला, वृश्चिक, मकर, कुम्भ में एश्वर्य, धन लाभ, स्वर्ण प्राप्ति और सिद्धि मिलती है। परंतु वृष, मिथुन, सिंह, धनू, मीन लग्न में अपमान, मृत्यु, धन नाश और दुखों की प्राप्ति होती है।

. . . तो सोनिया के लिए हो रहे 6 से 12 सिलेन्डर


ये है दिल्ली मेरी जान

(लिमटी खरे)

. . . तो सोनिया के लिए हो रहे 6 से 12 सिलेन्डर

रसोई गैस में सब्सीडी के फंडे में अब केंद्र सरकार कुछ रिलेक्स होने वाली है। केंद्र सरकार सब्सीडी वाले सिलेन्डर की तादाद छः से बढ़ाकर बारह करने पर विचार कर रही है। लोग खुश हैं, पर आम आदमी का खून स्ट्रा (केन्ड ड्रिंक पीने की नली) लगाकर पीने वाली केंद्र सरकार ने आखिर यह कदम उठाने का विचार क्यों बनाया? कांग्रेस के सत्ता और शक्ति के शीर्ष केंद्र 10 जनपथ (श्रीमति सोनिया गांधी का सरकारी आवास) के उच्च पदस्थ सूत्रों का कहना है कि जब एक अस्पताल प्रबंधन ने सोनिया राहुल से सब्सीडाईज्ड सिलेंडर कम होने की स्थिति में किचिन बंद करने की बात कही तब जाकर युवराज और राजमाता की नींद खुली। दरअसल, नेहरू गांधी परिवार के फेमिली फॅमिली ट्रस्ट जिसकी वर्तमान चौयरपर्सन खुद सोनिया गांधी हैं, द्वारा इलहाबाद में संचालित कैंसर हॉस्पिटल का कम्युनिटी किचन महंगाई की मार के चलते पिछले सवा पखवाड़े से बंद पड़ा है। जब बाजारू कीमत पर गैस खरीदने के लिए सोनिया राहुल से पैसा मांगे गए तो फिर बात केंद्र सरकार के पास पहुंची और जनता को राहत मलने की उम्मीद बंधी।

घायल की गति जाने घायल!
बहुत पुरानी कहावत है कि घायल की गति जाने घायल! अर्थात एक घायल की पीड़ा दूसरा घयाल ही जान सकता है। इसी तर्ज पर कांग्रेस में आजकल एक दागी दूसरे दागी का बचाव पूरे जतन से कर रहा है। सोशल नेटवर्किंग बेव साईट पर राष्ट्रीय दमाद की उपाधि पा चुके सोनिया गांधी के दमाद राबर्ट वढेरा के बचाव में सलमान खुर्शीद ने पूरी ताकत लगाई तो सलमान और उनकी पत्नि लुईस के खिलाफ ही विकलांग का पैसा खाने का संगीन आरोप लग गया। प्रधानमंत्री खुद भी इस मामले में संजीदा हैं और उनका भी कहना है कि इस तरह की नकारात्मक बातों के प्रचार प्रसार पर रोक लगना चाहिए। जयंती नटराजन पर रियल स्टेट तो रेणुका चौधरी पर यूपीए वन में हवाई अड्डों की ड्यूटी मुक्त दुकानों से वसूले के आरोप लगे थे। अब सारे घपले घोटालेबाज कांग्रेस के नेता राबर्ट वढेरा के फंसने से राहत की सांस ले रहे हैं कि अब आने वाले कुछ महीनों तक तो घपलेबाज नेताओं पर हाथ नहीं डालेगी और उनका बचाव ही करेगी सरकार।

गांधी के सिद्धांतों को बिसरा दिया कांग्रेस ने
आधी लंगोटी में जीवन बिताने वाले महात्मा गांधी के नाम का भरपूर दोहन किया है सवा सौ साल पुरानी और देश पर आधी सदी से ज्यादा राज करने वाली कांग्रेस ने। वर्तमान में कांग्रेसी अपने आप को गांधी (महात्मा गांधी नहीं) के वंशज अवश्य मानते हैं पर महात्मा गांधी के सिद्धांतों को अब तो अपने जीवन में तो क्या भाषणों में भी स्थान देना बंद कर दिया है। बापू के तीन सिद्धांत थे, बुरा मत देखो, बुरा मत बोलो, बुरा मत सुनो। आज देश में भ्रष्टाचार, घपले, घोटाले, बलात्कार का बोलबाला है पर कांग्रेस में प्रधानमंत्री से लेकर नीचे तक का कार्यकर्ता चुपचाप देख रहा है। जब भी कांग्रेस के नेताओं पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए जा रहे हैं कांग्रेस के लड़ाकू रक्षक अरोप लगाने वालों के खिलाफ स्तरहीन बयानबाजी पर उतर आए हैं। जब सोनिया गांधी, राहुल गांधी, मनमोहन सिंह राबर्ट वढ़ेरा पर आरोप लगते हैं तो इन आरोपों को जमीन स्तर का कार्यकर्ता यह कहकर सुन रहा है -‘‘तो क्या होता है भाजपा कौन सी दूध की धुली है?‘‘

सांसद की धौंस जमाते दर्डा
महाराष्ट्र में कभी मराठी अखबार का बोलबाला हुआ करता था, उसका नाम था लोकमत। लोकमत ने अपना हिन्दी संस्करण आरंभ किया। सूबे में एक छत्र साम्राज्य स्थापित हो गया इस समूह का। संभवतः इसी के बल पर इस समूह के स्वामी विजय दर्डा को राज्य सभा के रास्ते संसद में प्रवेश मिला। इसके बाद जबसे दैनिक भास्कर ने इस प्रदेश की ओर नजरें इनायत की हैं, इस अखबार का रसूख कम सा हुआ है। हाल ही में सांसद विजय दर्डा पर कोल में होल के आरोप लगे हैं। अब विजय दर्डा पर अपने सांसद के लेटर हेड पर अपने मराठी और हिन्दी अखबार के विज्ञापन के दीवाली के स्पेशल अंक के लिए विज्ञापन मांगने के आरोप लग रहे हैं। अमूमन सांसद या विधायक से उम्मीद की जाती है कि वह अपने पद का इस्तेमाल जनहित के लिए करेगा, पर यहां तो मामला उलटा ही है। सांसद और कथित मीडिया मुगल विजय दर्डा अपने पद और प्रभाव का उपयोग अपनी ही जेब भरने के लिए कर रहे हैं। लोग कह रहे हैं कि लोकमत मीडिया लिमिटेड के अध्यक्ष विजय दर्डा अगर अपनी कंपनी को करोबारी लाभ पहुंचाना चाहते हैं तो कंपनी के लेटर हेड का उपयोग करते ना कि सांसद का। अब समूची कांग्रेस ही लूटने में लगी है तो भला विजय दर्डा क्यों पीछे रहने वाले हैं।

टू जी, सीएजी, सीडब्लूजी, अब जीजाजी
एकता कपूर के टीवी सिरियल्स में ‘के‘ का महतव है तो कांग्रेस में अब तक के घपले घोटालों की फेहरिस्त में ‘जी‘ का अपना महत्व है। टूजी, थ्रीजी, सीडब्लू जी (कामन वेल्थ गेम्स), सीएजी के साथ ही साथ अब सोशल नेटवर्किंग वेब साईट्स पर राबर्ट वाढरा को जीजाजी कहा जा रहा है और उन्हें भी घपले घोटाले भ्रष्टाचार की लिस्ट में अग्रणी रखा जा रहा है। अब तक तो सिर्फ सांसद विधायकों के द्वारा भ्रष्टाचार घपले, घोटाले करने के आरोप सामने आए थे, पर अब अपनी सासू मां श्रीमति सोनिया गांधी और साले राहुल गांधी के नाम और प्रभावों का उपयोग कर राबर्ट पर आरोप लगे हैं। इन आरोपों में सच्चाई कितनी है यह तो वे ही जाने या डीएलएफ गु्रप, पर राबर्ट को बिना ब्याज का लोन देकर डीएलएफ के मालिक ने मध्य प्रदेश के निजाम शिवराज सिंह चौहान से एक कदम आगे निकला गया है। गौरतलब है कि चौहान ने एमपी के किसानों को एक प्रतिशत की दर पर लोन मुहैया कराया है।

नहीं बनी डीएमके से बात
मीडिया में भले ही यह बात प्रचारित प्रसारित हो रही हो कि मंत्रीमण्डल का विस्तार राहुल गांधी की व्यस्तता और श्राद्ध पक्ष के चलते टाला गया हो पर सत्ता और शक्ति के शीर्ष केंद्र 10, जनपथ के सूत्रों का दावा है कि यह विस्तार राहुल गांधी के कारण नहीं वरन् डीएमके और मुकेश अंबानी के दबाव के चलते टाला गया है। इसके साथ ही साथ महाराष्ट्र का भी इस विस्तार को टालने में योगदान माना जा रहा है। सूत्रों की मानें तो मंत्रीमण्डल विस्तार टलने की तीन प्रमुख वजहें हैं। पहली वजह द्रमुुक का मंत्रीमण्डल से बाहर रहना और दूसरा मुकेश अंबानी की पेट्रोलियम मंत्री जयपाल रेड्डी की रूखसती है। तीसरा महाराष्ट्र में राकांपा के दबाव के आगे झुककर अगर कांग्रेस चव्हाण को हटाती है तो इसका संदेश बहुत अच्छा नहीं जाएगा। तीनों ही वजहें कांग्रेस के लिए इतनी अहम थीं कि दोनों ही को वे नजर अंदाज नहीं कर सकते थे।

महामहिम जाएंगे शिरडी
भारत गणराज्य के महामहिम राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी भी अब शिरडी के फकीर के दरबार में हाजिरी लगाने जाएंगे। अगले महीने के दूसरे पखवाड़े में प्रणव मुखर्जी शिरडी आएंगे और यहां अत्याधुनिक साई आश्रम का उद्यघाटन करेंगे। लगभग दो सौ करोड़ रूपयों की लागत से तैयार इस साई आश्रम में हर तरह की सुविधाएं मुहैया कराने का प्रयास किया गया है। साई बाबा संस्थान के सूत्रों ने बताया कि यह नया भक्त निवास मुख्य मंदिर से लगभग तीन किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। सूत्रों ने यह भी बताया कि दो चरणों में तैयार इस योजना का महामहिम राष्ट्रपति प्रणव मुखर्जी द्वारा 16 नवंबर को उद्घाटन किया जाएगा। इसमें 1536 कमरे हैं, जिसमें 350 से अधिक वातानुकूलित हैं। आश्रम के अंदर 12 भवन हैं और इसमें दस हजार श्रद्धालु रुक सकते हैं। योजना के दूसरे चरण में हालों बड़े कमरों, के निर्माण पर जोर दिया जा रहा है। इसमें करीब पांच हजार श्रद्धालु ठहर सकते हैं।

शिव के समक्ष नरम हुए प्रभात
मध्य प्रदेश में तख्तापलट की तैयारी में जुटी टीम झा के सुर अब बदले बदले नजर आ रहे हैं। संगठन के जरिए सत्ता पाने की चाहत में प्रभात झा ने प्रशासनिक जमावट में तो अपने प्यादे हर जगह फिर कर दिए थे, किन्तु बाद में जब प्रदेश अध्यक्ष की कुर्सी ही खतरे में दिखी तो प्रभात झा ने अपना रवैया बदल लिया है। शिवराज सरकार के लिए प्रभात झा का नरम रवैया चौंकाने वाला ही माना जा रहा है। कभी मंत्रियों और अपनी ही सरकार पर निशाना साधने से नहीं चुकने वाले झा पिछले दिनों खंडवा में हुई कार्यसमिति में अपने कार्यकर्ताओं और पार्टी पदाधिकारियों को ही नसीहत देते नजर आए। कहा जा रहा है कि यह उनकी दूसरी पारी खेलने की कसरत है, जिसके तहत झा में यह बदलाव देखा जा रहा है। झा जानते हैं कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की मर्जी के विरुद्ध वे दूसरी पारी हासिल नहीं कर पाएंगे।

और प्रियंका भी आईं विवादों में
हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार ने राज्य में गांधी परिवार की संपत्तियों की जांच कराने की मांग की है। शांता कुमार फिलहाल राज्यसभा के सदस्य हैं। शांता कुमार के करीबी सूत्रों के मुताबिक उन्होंने इंडिया अगेंस्ट करप्शन (आईएएसी) के नेता अरविंद केजरीवाल को लिखे एक पत्र में कहा कि शिमला में प्रियंका गांधी वाड्रा की सम्पत्ति की भी जांच की मांग वह उठाएं। कुमार ने लिखा है कि प्रियंका वाड्रा के परिवार की शिमला में संपत्ति है। मुझे इस बारे में पूरी जानकारी नहीं है लेकिन यह करोड़ों की है। इसे भी आप अपनी सूची में डाल लो। इस महत्वपूर्ण आंदोलन में देश आपके साथ है। आईएसी ने हालांकि सवाल उठाया कि हिमाचल की भाजपा सरकार क्यों इस मामले की जांच नहीं कर रही है। बयान में कहा गया, हमें जानकारी मिली है कि बगैर सरकार की अनुमति में कोई भी बहरी हिमाचल में सम्पत्ति नहीं खरीद सकता। कैसे और किस सरकार ने उन्हें जमीन खरीदने की इजाजत दे दी।

मीनाक्षी की लाल बत्ती पर संकट के बादल
केंद्रीय मंत्रीमण्डल विस्तार में सांसद मीनाक्षी नटराजन को टीम राहुल कोटे से लाल बत्ती मिलना तय माना जा रहा था, किन्तु अचानक ही रतलाम में मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष कांतिलाल भूरिया, सांसद प्रेम चंद गुड्डू और मीनाक्षी नटराजन की उपस्थिति में हुए कलेक्टर के साथ विवाद में मीनाक्षी नटराजन की भूमिका से अब उनकी लाल बत्ती पर प्रश्न चिन्ह लगने आरंभ हो गए हैं। कहा जा रहा है कि मीनाक्षी नटराजन की अपने ही संसदीय क्षेत्र में कमजोर पकड़ और कांग्रेस का गिरता ग्राफ उनके लिए सबसे बडा रोढा है। इसके साथ ही साथ हाल ही में प्रदेशाध्यक्ष कांति लाल भूरिया और सांसद प्रेमचंद गुड्डू के साथ मीनाक्षी ने कलेक्टर के साथ जो बर्ताव किया और उसे मीडिया में जिस तरह से प्रस्तुत किया गया उससे आला कमान मीनाक्षी से नाराज बताए जा रहे हैं। अब मीनाक्षी को लाल बत्ती मिलने में संशय ही जताया जा रहा है।

धन्य हैं मनमोहन!
भारत गणराज्य के वर्तमान निजाम मनमोहन सिंह भी धन्य हैं। कभी संपादकों की टोली को बुलवाकर अपने आप को मजबूर बताते हैं तो कभी परोक्ष तौर पर गठबंधन धर्म को राष्ट्रधर्म से बड़ा बताते हैं। अब उन्होंने भ्रष्टाचार की खबरों के प्रचार प्रसार से वैश्विक स्तर पर भारत की छवि पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की बात कह नई बहस छेड़ दी है। लोगों का कहना है कि क्या भारत गणराज्य इतना कमजोर हो गया है कि देश का प्रधानमंत्री भ्रष्टाचार रोकने की बजाए उसके प्रचार प्रसार को रोकने की अपील करे! वस्तुतः मनमोहन सिंह को भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाना चाहिए। जब इस पर रोक लगाने की बात आती है तब मनमोहन खुद को मजबूर बता देते हैं। पर जब सोशल मीडिया इसको उछालता है तब प्रधानमंत्री व्यथित हो जाते हैं। निस्संदेह पंडित जवाहर लाल नेहरू और महात्मा गांधी के साथ ही साथ राजीव गांधी ने भी इक्कीसवीं सदी के एसे भारत की कल्पना तो नहीं ही की होगी।

पुच्छल तारा
मनमोहन अपने आप को मजबूर बताकर देश को लूटने की खुली छूट देकर रखे हुए हैं। इस बात पर अहमदाबाद से पीयूश शाह ने एक ईमेल भेजा है। पीयूष लिखते हैं कि कल तक एक जुमला बड़ा ही चर्चित रहता था कि मजबूरी का नाम महात्मा गांधी। धीरे धीरे इसने वाकई अपना असर दिखाया। मजबूर लोगों ने महात्मा गांधी के मुस्कुराते चित्र वाले नोटों के जरिए मजबूरी में अपने काम साधे। अब समय बदल गया है मुहावरा अब नया आ गया है। वह है कि मजबूरी का नाम महात्मा गांधी नहीं मनमोहन सिंह है।

शुक्रवार, 12 अक्टूबर 2012

10 में से 7 पंजाबी नस्सू!


10 में से 7 पंजाबी नस्सू!

(लिमटी खरे)

राजनेता देश के लोगों के पायोनियर (अगुआ) होते हैं इस बात से इंकार नहीं किया जा सकता है। राजनेताओं द्वारा कही बातों को उनके अनुयाई पत्थर की लकीर ही मानते हैं। तालियों की गड़गड़ाहट की चाहत में राजनेताओं द्वारा अनाप शनाप बयानबाजी कर दी जाती है, जिसका प्रभाव आम जनता पर प्रतिकूल ही पड़ता है। हाल ही में कांग्रेस के शीर्ष राजनेताओं ने जो बयानबाजी की है वह निंदनीय ही मानी जाएगी। चाहे सोनिया गांधी हों, राहुल गांधी या रेणुका चौधरी, सभी ने स्तरहीन बयानबाजी कर यह प्रदर्शित कर दिया है कि उनकी सोच का स्तर क्या है। देश के हृदय प्रदेश की राजधानी में नशे के आदी को ‘नस्सू‘ कहा जाता है। राहुल के अनुसार पंजाबी युवाओं में 10 में से 7 नस्सू हैं। भले ही यह बात उन्होंने सीमापार से आने वाले नशे के संदर्भ में कही हो, पर राहुल यह भूल जाते हैं कि सीमा पर तैनात जवान सीधे केंद्रीय गृह मंत्रालय के अधीन आते हैं और केंद्र में कांग्रेस की सरकार है, इस नाते पंजाबियों के नस्सू होने के मामले में वे खुद जिम्मेदार हैं।


मंच से बोलते समय तालियों की गड़गड़हाट सुनने को बेचेन राजनेता अक्सर अपना संयम तोड़ देते हैं। कभी कभी तो सुर्खियों में बने रहने भी नेताओं द्वारा आम जनता की भावनाओं के साथ खिलवाड़ किया जाता है। मामला चाहे उत्तर भारतीयों को लेकर मनसे प्रमुख राज ठाकरे का हो या फिर शिवसेना प्रमुख बाला साहब ठाकरे का। दोनों ही नेताओं ने जात पात और क्षेत्रवाद की बात कहकर लोगों के मन मस्तिष्क में जहर बो दिया है।
हाल ही में सोनिया गांधी ने हरियाणा के जींद में बलात्कार पीडित से मिलने के बाद मीडिया से मुखातिब होकर कहा था कि हरियाणा क्या रेप तो देश भर में हो रहें। सोनिया ने यह बात इस तरह जाहिर की मानो यह कांग्रेसनीत संप्रग सरकार के ‘‘भारत निर्माण‘‘ की कोई महत्वपूर्ण उपलब्धि हो। देखा जाए तो बलात्कार होना शर्म की बात ही है।
बलात्कार के मामले में जब इक्कसवीं सदी के स्वयंभू योग गुरू बाबा रामदेव ने अपनी पीड़ा दर्शाई तो रेणुका चौधरी कह पड़ीं कि बाबा रामदेव तो इस तरह कलप रहे हैं मानो बलात्कार उनकी बेटी के साथ हुआ हो। क्या सोनिया गांधी या रेणुका को महिला मानकर यह माना जा सकता है कि उनके मन में महिलाओं के प्रति कुछ संवेदनाएं हैं?
अगर नहीं हैं तो उन्हें राजनीति करने का या महिला हितैषी जतलाने का कोई हक नहीं है। सबसे महत्वपूर्ण बात तो यह है कि सोनिया एक मां हैं और उनकी भी एक बेटी है। इसके बाद भी आखिर उन्होंने इस तरह का गैर जिम्मेदाराना बयान दे कैसे दिया। इसका उत्तर रेणुका ने दिया है, कि अगर घर में कोई रेप हुआ हो तब हाय तौबा मचाओ नहीं तो रेप तो देश भर में हो रहे हैं।
यक्ष प्रश्न तो यह है कि क्या किसी को दुखी तब होना चाहिए जब विपदा उसके अपने परिवार पर आए? दरअसल, कांग्रेस पार्टी के नेताओं का अहंकार इतना बढ़ चुका है कि वे सभी को जूते की नौक पर रख रहे हैं। यही कारण है कि देश में घपले, घोटाले, भ्रष्टाचार चरम पर है पर कांग्रेस के आला नेता नीरो के मानिंद चैन की बंसी बजा रहे हैं। जो पैसा मिलबांटकर खाया जा रहा है वह पैसा उनकी जेबों से नहीं निकल रहा है इसलिए वे भला क्यों इसके लिए चिंतित होने लगे। यह पैसा तो गरीब गुरबों से एकत्र करों के माध्यम से संचित धन है।
बलात्कार जैसा संगीन और अक्ष्मय अपराध को सोनिया गांधी गर्व से कह रहीं थी कि समूचे देश में हो रहे हैं। कांग्रेस पिछले आठ सालों से केंद्र में काबिज है। क्या इन आठ सालों में बलात्कार के लिए कोई कठोर कानून नहीं बना सकती थी कांग्रेस? बनाती भी कैसे, आखिर कांग्रेस के युवराज राहुल गांधी पर भी तो एक बाला ने बलात्कार के आरोप मढ़े हैं।
कहा जाता है कि भारत की जेलों में अगर कोई बलात्कारी जाता है तो जेल के सारे कैदी उसकी पिटाई करते हैं? इस बात में कितनी सच्चाई है यह तो जेल के कारिंदे ही बता सकते हैं, किन्तु जरायमपेशा लोगों, अपराधियों के बीच भी बलात्कार को सबसे घिनौना अपराध माना जाता है।
यह मामला अभी शांत हुआ नहीं कि कांग्रेस के शक्तिशाली महासचिव और कांग्रेस की ही नजर में भविष्य के वजीरे आजम राहुल गांधी ने पंजाब यूनिवर्सिटी में नए विवाद को जन्म दे दिया। राहुल का कहना है कि पंजाब में 10 में से सात युवा नशा करते हैं। प्रसिद्ध व्यंगकार और कला के महारथी जसपाल भट्टी का कहना है कि अब वोट के लिए कांग्रेस किस चीज का प्रलोभन देगी -‘डी एडिक्शन का या सब्सीडी वाले नशेले पदार्थों का!
दरअसल, आजकल मीडिया भले ही कांग्रेस की देहरी पर खड़ा पूंछ हिला रहा हो, पर सोशल नेटवर्किंग वेबसाईट के रूप में भारत गणराज्य के नवोदित पांचवें स्तंभ ने अब कमान संभाल ली है। सोशल नेटवर्किंग वेब साईट्स पर कुछ दिन पहले तक कपिल सिब्बल और पलनिअप्पम चिदम्बरम ही चर्चा के केंद्र थे। कुछ माहों से उन्हें हाशिए पर ढकेले जाने के बाद वे अब स्ट्रीम लाईन से हट चुके हैं।
अब सोशल नेटवर्किंग वेब साईट्स पर चर्चा का बिन्दु बनी हुई है केंद्र सरकार। केंद्र सरकार में भी विशेषकर प्रधानमंत्री डॉ.मनमोहन सिंह, सोनिया गांधी, राहुल गांधी और केंद्र सरकार (गांधी परिवार) के दमाद राबर्ट वढ़ेरा। भारत गणराज्य के इतिहास में प्रधानमंत्री को कभी इतना कोसा नहीं गया होगा जितना कि पिछले दो तीन सालों में कोसा गया है।
कांग्रेस के और नेता भी बडबोलेपन में किसी से कम नहीं हैं। देश के कानून मंत्री जैसे जिम्मेदार ओहदे पर बैठे माननीय मंत्री महोदय ने कह दिया कि वे सोनिया के लिए जान भी दे सकते हैं। क्या इस बयान को भारत गणराज्य के काननू मंत्री के मुंह से सुनना शोभा देता है?
वहीं कांग्रेस के एक और मंत्री जयराम रमेश ने शौचालयों की तुलना मंदिरों से कर मारी! इस बारे में शिवसेना सुप्रीमो बाला साहेब ठाकरे का कहना एकदम सही है कि अगर जयराम में हिम्मत है तो शौचालयों की तुलना मस्जिद या चर्च से करके बताएं फिर देखें कि कांग्रेस और रमेश की क्या गत बनाती है जनता।
हरियाणा में प्रवक्ता धर्मवीर गोयल तो इनसे दो कदम आगे निकले। उन्होंने तो बलात्कार पीडित महिलाओं और बालाओं को ही कटघरे में खडा कर दिया है। धर्मवीर का कहना है कि 90 फीसदी रेप के केस बालाओं और महिलाओं की सहमति से ही होते हैं। भले मानस आपके घर में भी महिलाएं होंगी उनको देखकर तो जुबान खोलते।
राजनेता के पीछे दौड़ने वाली जनता में से कुछ चाटुकारों को छोड़कर शेष चालीस फीसदी तो उन्हें अपना आदर्श ही मानते हैं, और अगर राजनेता ही मरने मारने, भगने भगाने जैसे बयान देना आरंभ कर देंगे तो आने वाले समय में कत्ले आम मच जाएगा। राजनेता इस तरह का बयान और कदम सिर्फ खबरों में बने रहने, तालियां सुनने के लिए उठाते हैं या फिर उनका असली मकसद कुछ और होता है।

ग्वालियर के बाद सिवनी से मार्च की तैयारी!


ग्वालियर के बाद सिवनी से मार्च की तैयारी!

(संजीव प्रताप सिंह)

सिवनी (साई)। शेरशाह सूरी के शासनकाल में बनाई गई उत्तर दक्षिण की जीवनरेखा के उड़ते धुर्रों के कारण सिवनी के निवासी और यहां से होकर गुजरने वाले लोग बुरी तरह नारकीया जीवन जीने पर मजबूर हैं। वर्ष 2008 के दिसंबर महीने में विधानसभा चुनावों के एन बाद कथित षणयंत्र के तहत फोरलेन का काम रूकवा दिया गया था, जो आज तक आरंभ नहीं हो सका है।
सिवनी में 2008 से एनएचएआई को लेकर लोग बुरी तरह आहत हैं। इसमें भ्रम की स्थिति आज भी बनी हुई है। सिवनी के गौरव वास्तु इंजीनियर दीपक अग्रवाल ने एक सुझाव दिया है कि जब ग्वालियर से पच्चीस हजार लोग पैदल मार्च कर केंद्र सरकार को झुकाकर आगरा में समझौते के लिए बुला सकते हैं तो हम क्यों नहीं।
दीपक अग्रवाल का सुझाव है कि सिवनी के साथी ना हवाई जहाज, ना रेल गाडी में वातानुकूलित दर्जे में ना बस या टेक्सी से दिल्ली कूच करें वरन पैदल या साईकिल से मार्च करें। उन्होंने कहा कि इस संबंध में सिवनी के निवासियों के सुझाव सादर आमंत्रित हैं।
साथ ही साथ अब देखना यह है कि अगले साल होने वाले विधानसभा और फिर लोकसभा नगर पालिका आदि चुनानों के चलते कौन कौन इस मुहिम में सिवनी की जनता का साथ देता है। यह पैदल या साईकिल मार्च किसी संगठन की अगुआई में नहीं होगा। इसमें सिवनी के हित साधने के लिए कौन आगे आता है यह बात महत्वपूर्ण है।
 दीपक अग्रवाल के इस सुझाव से अनेक लोगों ने अपनी सहमति जताई है। सोशल नेटवर्किंग वेब साईट फेसबुक के माध्यम से उठाई गई इस बात में अनेक सुझाव आए हैं। लोगों का सुझाव है कि संसद के शीतकालीन सत्र में संसद, मंत्रियों के आवास और मध्य प्रदेश के सांसदों के आवासों के घेरावा के बाद जंतर मंतर पर प्रदर्शन किया जाएगा।
श्री अग्रवाल ने सुझाव दिया है कि सिवनी के हित में किए जाने वाले इस आंदोलन के लिए किसी से चंदा नहीं लिया जाएगा, क्योंकि चंदे के धंधे में हैं अनेक फंदे। उन्होंने कहा कि इसमें शामिल होने वाले अपनी अपनी सुविधा और सहूलियत का ध्यान खुद रखकर ही शामिल हों। इसके लिए अगर आवश्यक्ता पड़ी तो अण्णा हजारे और अरविंद केजरीवाल से भी संपर्क करने की बातसामने आई है।
एक सुझाव यह भी सामने आया है कि इसमें सभी दल के कार्यकर्ता शामिल हों पर वे दलीय कार्यकर्ता के स्थान पर सिवनी के नागरिक की हैसियत से शामिल हों, क्योंकि यह किसी पार्टी, स्वयंसेवी संगठन नहीं सिवनी के हित का मामला है। साथ ही इस आंदोलन को किसी राजनैतिक अथवा गैर राजनैतिक बेनर के तले ना करने का सुझाव भी आया है। समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया से चर्चा के दौरान श्री अग्रवाल ने कहा कि अक्सर इस तरह के आंदोलनों के मंच बाद में राजनैतिक शक्ल अख्तियार कर लेते हैं। सिवनी से दिल्ली तक मार्ग में पड़ने वाले शहरों में नारे लगाकर पोस्टर्स बेनर्स के माध्यम से सिवनी वासी अपनी पीड़ा का इजहार करेंगे।
वैसे देखा जाए तो ग्वालियर के लोगों ने आगरा तक पहुंचकर ही सरकार को घुटनों पर खड़ा कर दिया है। सिवनी में फोरलेन के लिए अलग अलग संगठनों द्वारा अपने अपने स्तर पर व्यापक प्रयास किए गए किन्तु सफलता किसी के हाथ नहीं लगी है। मजबूरी में आज चार साल बीतने के बाद भी 2008 के उपरांत उत्तर भारत से दक्षिण भारत को जोड़ने वाली सिवनी से गुजरने वाली इस जीवनरेखा के धुर्रे पूरी तरह उड़ चुके हैं।
ज्ञातव्य है कि सड़क मण्डला सिवनी के संसद सदस्य बसोरी सिंह मसराम, बालाघाट सिवनी के सांसद केशव दयाल देशमुख के संसदीय क्षेत्र से एवं मध्य प्रदेश विधानसभा उपाध्यक्ष हरवंश सिंह, सिवनी विधायक श्रीमति नीता पटेरिया, बरघाट विधायक कमल मस्कोले एवं लखनादौन की विधायक श्रीमति शशि ठाकुर के विधानसभा क्षेत्र से होकर गुजरती है। इन सांसद विधायकों को जनादेश की कितनी परवाह है यह इससे स्पष्ट हो जाता है कि किसी ने भी संसद या विधानसभा में इस मामले को 2008 के उपरांत उठाने की जहमत ही नहीं उठाई है।

सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क


सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क

(महेश रावलानी)

नई दिल्ली (साई)। केंद्र सरकार ने कहा है कि देश में कहीं भी शांति भंग करने की किसी भी कोशिश को नाकाम करने के लिए सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हैं। गृहमंत्री सुशील कुमार शिंदे ने नई दिल्ली में संवाददाताओं से यह बात तब कही जब उनसे पूछा गया कि दिल्ली पुलिस द्वारा तीन आतंकवादियों की गिरफ्तारी के बाद क्या सरकार ने आतंकी हमलों के बारे में कोई एलर्ट जारी किया है।
सरकारी सूत्रों ने समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया को बताया कि ये आतंकवादी आगामी त्योहारों के मौके पर दिल्ली तथा बिहार के बोध गया में आतंकवादी हमले की योजना बना रहे थे। श्री शिंदे ने कहा कि गृह मंत्रालय ने सभी राज्यों को सलाह दी है कि विभिन्न आतंकवादी संगठनों की गतिविधियों के बारे में सर्तक रहे।
उधर, दिल्ली पुलिस ने राष्ट्रीय राजधानी में आने वाले त्योहारों के दौरान एक बड़ी आतंकी साजिश को नाकाम करने का दावा किया है। दिल्ली में कल इंडियन मुजाहिदीन से जुड़े तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस को संदेह है कि ये लोग दो महीने पहले पुणे में हुए कम शक्ति के बम विस्फोट में शामिल थे।
नई दिल्ली में संवाददाताओं से बातचीत में पुलिस आयुक्त नीरज कुमार ने कहा कि मुम्बई आतंकी हमलों के मुख्य साजिशकर्ता अबू जुंदाल से पूछताछ के दौरान मिली जानकारी के आधार पर इन तीनों लोगों को गिरफ्तार किया गया। ये सभी लोग महाराष्ट्र के हैं।

फेसबुक पर अब संभलकर डालें चित्र कार्टून!

फेसबुक पर अब संभलकर डालें चित्र कार्टून!

(शरद खरे)

नई दिल्ली (साई)। अंततः सोशल नेटवर्किंग वेब साईट पर परोक्ष तौर पर केंद्र सरकार ने नकेल कस ही दी है। अब इंटरनेट, ई-मेल और जनसंचार के अन्य माध्यमों पर महिलाओं को अशोभनीय ढंग से प्रस्तुत करने के मामले में दोषी किसी भी व्यक्ति को जेल जाना पड़ सकता है।
ऑन लाइन या एम.एम.एस के जरिए अश्लील वीडियो भेजने के दोषी लोगों को सात साल की कैद और पांच लाख रुपये तक जुर्माना हो सकता है। नई दिल्ली में प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की अध्यक्षता में मंत्रिमंडल की बैठक में महिलाओं के अशोभनीय प्रस्तुतिकरण निषेध अधिनियम १९८६ में संशोधन को मंजूरी दी गई जिसमें ये प्रावधान किये गये हैं। इस खबर के सार्वजनिक होते ही लोग अब सोनिया गांधी के बारे में टिप्पणी करने या कार्टून वाले चित्र डालने से हिचकिचाएंगे। दरअसल, अश्लीलता की परिभाषा बहुत ही व्यापक है।
केन्द्रीय मंत्रिमंडल ने उस प्रस्ताव को भी मंजूरी दे दी है जिसके तहत उर्वरक खरीदने के लिए सब्सिडी सीधे किसानों को दी जाएगी। आर्थिक मामलों की कैबिनेट समिति ने कल इसके लिए उर्वरक सब्सिडी जारी करने की प्रक्रिया में संशोधन की मंजूरी दी। किसानों को उर्वरक मिल जाने और खुदरा व्यापारियों को इसकी रसीद मिल जाने के बाद ही कंपनियों को उर्वरक की कीमत अदा की जाएगी।
ग्रामीण इलाकों में गुणवत्ता वाली शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए मंत्रिमंडलीय समिति ने प्रखंड स्तर पर छह हजार श्रेष्ठ स्तर के मॉडल स्कूल खोलने की मंजूरी दी। योजना का उद्देश्य छह हजार प्रखंडों में उच्च माध्यमिक स्तर का एक-एक स्कूल खोला जाएगा। ढांचागत क्षेत्र से संबद्ध मंत्रिमंडल की समिति ने राजस्थान में बुनियादी सुविधाओं में सुधार के लिए राजसमंद-भीलवाड़ा सैक्शन को चार लेन का बनाने की परियोजना में निवेश का प्रस्ताव मंजूर कर लिया है।

दवाओं की कीमतें ना बढ़े: सुको


दवाओं की कीमतें ना बढ़े: सुको

(महेंद्र देशमुख)

नई दिल्ली (साई)। उच्चतम न्यायालय ने स्पष्ट किया कि केन्द्र को ऐसी औषधि नीति नहीं बनानी चाहिए जिससे आवश्वयक दवाओं की कीमतों में बढ़ोतरी हो। न्यायमूर्ति जी एस सिंघवी और न्यायमूर्ति एस. जे. मुखोपाध्याय की खंडपीठ ने कहा कि मरीजों के लिए डॉक्टर जो दवायें लिखते हैं वे आम आदमी की पहुंच से बाहर हो रही हैं। अदालत ने कहा कि आम जनता के हितों के खिलाफ जाने वाले किसी भी मूल्य निर्धारण फार्मूले को रद्द कर देना चाहिए।
अतिरिक्त सोलीसीटर जनरल ने न्यायालय को भरोसा दिलाया कि नई नीति २५ नवम्बर तक अधिसूचित कर दी जाएगी। मामले की अगली सुनवाई २७ नवम्बर को होगी। सरकार की ओर से अतिरिक्त महाधिवक्ता सिद्धार्थ लूथरा ने अदालत को सरकार के फैसले की जानकारी दी। सर्वाेच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति जी.एस. सिंघवी और न्यायमूर्ति एस.जे. मुखोपाध्याय की पीठ ने सरकार को नई दवा मूल्य निर्धारण नीति के कार्यान्वयन की समय सीमा के बारे में बताने का निर्देश दिया था।
पीठ ने सरकार से कहा कि वह 1995 की कीमत निर्धारण फार्मूला को प्रभावित नहीं करे। पीठ ने कहा कि क्या आप लिखित गारंटी दे सकते हैं कि दवाओं की कीमत वर्तमान कीमत से नहीं बढ़ेगी। पीठ ने कहा कि हम कीमत को लेकर अधिक संजीदा हैं। निर्माताओं के गणित को समझा जा सकता है। लेकिन अधिक महत्वपूर्ण मुद्दा वाजिब मूल्य पर दवाओं की उपलब्धता है।
अदालत ने कहा कि हमने यह कहा है कि सरकार को ऐसी नीतियां लानी चाहिए जो आम आदमी के लिए लाभदायक हो और जिसके कारण कीमत नहीं बढ़े। अदालत ने तीन अक्टूबर को जनहित सुरक्षा के लिए सरकार से कहा था कि आवश्यक दवाओं की सूची तैयार करते वक्त मूल्य नियंत्रण निर्देश के तहत दवाओं की मौजूदा कीमत को प्रभावित नहीं करे।