गुरुवार, 1 नवंबर 2012

बहू की अस्मत लूटने वाला गया जेल


बहू की अस्मत लूटने वाला गया जेल

(आकाश कुमार)

नई दिल्ली (साई)। दिल्ली की एक अदालत ने दिमागी रुप से कमजोर पुत्रवधू से बलात्कार करने वाले 61 वर्षीय श्वसुर को 10 साल के कारावास की सजा सुनाई है। अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश विजय कुमार दहिया ने पश्चिम दिल्ली निवासी कृष्ण को सजा सुनाते हुए कहा कि ‘पुत्रवधू बेटी समान होती है’ लेकिन दोषी ने अपने घृणित कृत्य से उस पवित्र रिश्ते को ‘कलंकित’ किया।
अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश ने कहा, ‘‘मेरा मानना है कि दोषी किसी भी रहम का हकदार नहीं है और अगर दोषी के प्रति कोई उदारता दिखाई गई तो यह बेहद अनुपयुक्त होगा। इसलिए दोषी को भारतीय दंड संहिता की धारा 376 के तहत 10 साल के सश्रम कारावास और 20 हजार रुपये के जुर्माने की सजा सुनाई जाती है।’’
अदालत ने निर्देश दिया कि अगर जुर्माना वसूल किया जाता है तो इसे पीडित को मुआवजे के तौर पर दिया जाना चाहिए। अदालत ने कृष्ण को उसकी पुत्रवधू की गवाही और चिकित्सा साक्ष्य पर भरोसा करते हुए दोषी ठहराया।

डेंगू के डंक से डरे स्कूली छात्र


डेंगू के डंक से डरे स्कूली छात्र

(महेंद्र देशमुख)

नई दिल्ली (साई)। डेंगू का डंक देश भर को भयाक्रांत किए हुए है। हाल ही में देश की राजधानी दिल्ली के स्कूलों में जो माहौल दिख रहा है उससे लगने लगा है कि शाला प्रबंधन और विद्यार्थी सभी डेंगू से भयभीत हैं। डेंगू मच्छर के डंक का खौफ राजधानी के स्कूल में भी दिखने लगा है।
बहुबाजार स्थित शेरवुड स्कूल का प्रबंधन बच्चों को डेंगू से बचाने के लिए मच्छर भगानेवाली अगरबत्ती क्लास में जला रहा है।
शिक्षकों के टेबल पर भी क्वाइल रखा गया है, ताकि बच्चे डेंगू की चपेट में नहीं आ पाये। इधर, राजधानी में डेंगू के संदिग्ध मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। रिम्स में एक दर्जन से ज्यादा मरीज भरती हैं। हालांकि, कई मरीजों की जांच रिपोर्ट निगेटिव आयी है। शहर के कई अस्पतालों से डेंगू के संदिग्ध मरीज रिम्स में रेफर हो कर आ रहे हैं।
यह आलम शहर के अनेक स्कूलों में देखने को मिल रहा है। वैसे डेंगू के प्रमुख लक्षणों में ठंड लगने के साथ तेज बुखार आता है। सिर, जोड़ों, मांसपेशियों और आंखों के पिछले हिस्से में तेज दर्द होता है। मरीज को शुरुआत में तीन दिन बुखार रहता है, जो सात दिन तक हो सकता है। खून में मौजूद प्लेटलेट्स की कमी से रक्तस्नव, खून की उल्टी व काला मल होता है। शरीर के कई भाग में चकते हो जाते हैं, लेकिन हथेली व तलवे में चकते नहीं होते। हृदय तेज हो जाती है और रक्तचाप गिरने लगता है।
इसके बचाव के लिए मच्छरों से दूर रहे। मच्छरदानी लगा कर सोयें। घर के बाहर व भीतर गंदगी नहीं फैलने दें। घर में रखे पॉट, कुलर, गुलदस्ते और पुराने डिब्बों में जलजमाव नहीं होने दे। मच्छर मारने के लिए फॉगिंग की जाये।

नाबालिग से छेड़छाड़ तीन धराए


नाबालिग से छेड़छाड़ तीन धराए

(विनोद नेगी)

जम्मू (साई)। सोशल नेटवर्किंग साइट फेसबुक का दुरुपयोग करते हुए राजस्थान की एक नाबालिग लड़की को बरगलाने और उसके साथ छेड़छाड़ करने के आरोप में पुलिस ने तीन अपहर्ताओं को गिरफ्तार किया। इन तीनों ने लड़की को बहकाया कि वह उसे नवरात्र उत्सव में वैष्णोदेवी की यात्रा पर ले जाएंगे और उसे उधमपुर जिले के कुड इलाके में ले जाकर उसके साथ आपत्तिजनक व्यवहार किया।
पुलिस ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि लड़की को उधमपुर के पुलिस महिला प्रकोष्ठ में दे दिया गया, जहां से उसे उसके परिजन के सुपुर्द किया गया। पुलिस ने मामला दर्ज करके तीनों को गिरफ्तार कर लिया। अपहरण में इस्तेमाल किया गया वाहन भी जब्त कर लिया गया।

45 दिन स्कूल नहीं आए तो ड्राप आउट


45 दिन स्कूल नहीं आए तो ड्राप आउट

(शैलेंद्र)

जयपुर (साई)। सरकारी स्कूलों में पहली से आठवीं कक्षा में 60 प्रतिशत से कम उपस्थिति वाले बच्चे ड्राप आउट माने जाएंगे। उन्हें उत्तीर्ण नहीं किया जाएगा। इस नए निर्देश से यह संशय खत्म हो गया है कि पूरे वर्ष स्कूल नहीं आने वाले बच्चे को फेल करें या पास? राजस्थान प्रारंभिक शिक्षा परिषद की ओर से जारी नए नियमों के अनुसार पहली से आठवीं कक्षा तक विद्यार्थियों की वर्ष पर्यन्त उपस्थिति जरूरी है।
अगर कोई विद्यार्थी लगातार 45 दिन तक अनुपस्थित रहता है तो उसे स्वतरू ही ड्राप आउट घोषित कर दिया जाएगा। नए सत्र में उसे उसकी आयु के अनुसार अन्य कक्षा में प्रवेश दिया जाएगा। बीमारी की अवस्था में संस्था प्रधान अधिकतम 10 प्रतिशत तक की छूट दे सकेंगे, लेकिन इसका प्रमाण पत्र अधिकतम सात दिनों के भीतर देना होगा।
जन्म प्रमाण पत्र नहीं होने पर आठवीं कक्षा तक के किसी भी बच्चे को स्कूल संचालक प्रवेश देने से मना नहीं कर सकेंगे। अब माता-पिता की घोषणा से ही जन्म आयु सत्यापित मान ली जाएगी।

शील भंग करने पर 25 किलो चांवर प्रतिमाह की सजा!


शील भंग करने पर 25 किलो चांवर प्रतिमाह की सजा!

(आंचल झा)

रायपुर (साई)। एक युवती की अस्मत लूटने पर सजा के तौर पर चांवल देने का अनोखा मामला प्रकाश में आया है। कसडोल में एक युवती की इज्जत लूटने की सजा क्या हो सकती है? कानून में भले ही इसके लिए सख्त सजा का प्रावधान है। लेकिन, यही मामला समाज के प्रमुख लोगों के बीच बेहद मामूली कैसे हो सकता है। इसकी ताजा मिसाल कसडोल में देखने को मिली है।
यहां समाज के ठेकेदारों ने बलात्कार के आरोपी को महज 250 रूपए महीना और 25 किलो प्रतिमाह चावल पीडिता को देने की सजा दी है। बलात्कार जैसी गंभीर घटना की ये अदना सजा किसी मजाक से कम नहीं हो सकती, वह भी उस स्थिति में जब पीडिता छह माह के गर्भ से है। हाल ही में आहूत निषाद समाज की बैठक में कुछ इसी तरह का फैसला आरोपी को सुनाया गया। जहां एक 65 वर्षीय वृद्ध को अपनी नातिन की उम्र की युवती का बलात्कार करने और लगातार उसका आठ माह तक दैहिक शोषण करने की यही सजा सुनाई गई।
युवती के गर्भवती होने पर गांव में बुलाई गई बैठक में आरोपी ने अपना अपराध कबूल करते हुए युवती को अपनाने की बात कही। लेकिन बाद में वह अपने वादे से मुकर गया। समाज के प्रमुख लोगों ने बैठक में आरोपी के प्रति दरियादिली दिखाते हुए युवती को हर माह मात्र 200 रूपए और 25 किलो चावल देने का फरमान जारी कर दिया। किसी ने पीडित युवती के पेट में पल रहे छह माह बच्चे की सुध नहीं ली।
थाने में रिपोर्ट लिखाने गई पीडित युवती को पुलिस ने डांट-डपटकर भगा दिया। पत्रिका के हस्तक्षेप के बाद थाने में आरोपी के खिलाफ धारा 376 के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया। दरअसल, कसडोल से 65 किमी दूर रामपुर (कोट) में कोल फील्ड के रिटायर कर्मचारी बालाराम केंवट (65) ने अपने गांव की नातिन की उम्र की दूर की रिश्तेदार से बलात्कार किया और शादी का झांसा देकर आठ माह तक दैहिक शोषण करता रहा।