मंगलवार, 28 मई 2013

हो सकता है राय पेट्रोलियम से हमें मिल रही हो पगार! : वाणी

हो सकता है राय पेट्रोलियम से हमें मिल रही हो पगार! : वाणी

(पीयूष भार्गव)

सिवनी (साई)। ‘‘लखनादौन से सिवनी मार्ग पर अवस्थित ‘‘राय पेट्रोलियम‘‘ ने कोई काम नियम विरूद्ध किया है इस बात की जानकारी हमें नहीं हैं। हो सकता है हमें राय पेट्रोलियम से पगार मिल रही हो, अगर आपको कोई बात करनी है तो हमारे पीडी साहेब से करें।‘‘ उक्ताशय की बात नरसिंहपुर में एनएचएआई में पदस्थ सहायक परियोजना डायरेक्टर महेंद्र वाणी ने समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया से चर्चा के दौरान कही।
ज्ञातव्य है कि भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अधिकारी जानबूझकर राय पेट्रोलियम के खिलाफ कार्यवाही से कतरा रहे हैं। राय पेट्रोलियम के संचालक, पूर्व में शराब व्यवसाई रहे और लखनादौन मस्जिद के सरपरस्त दिनेश राय उर्फ मुनमुन द्वारा राजमार्ग पर नियम विरूद्ध काम करवाए जा रहे हैं पर एनएचएआई के आला अधिकारियों के कानों में जूं तक नहीं रेंग रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार लखनादौन से सिवनी वाले खण्ड में राय पेट्रोलियम के समीप ही लगे साईन बोर्ड में सिवनी से लखनादौन की ओर जाने पर तो साईन बोर्ड पर लखनादौन और नरसिंहपुर आदि की दूरी प्रदर्शित होती है पर जब लखनादौन से सिवनी तरफ आया जाता है तो इस बोर्ड के पीछे राय पेट्रोलियम का बोर्ड पुता नजर आता है।
एनएचएआई के आला अधिकारियों के संज्ञान में बात लाए जाने पर भी कोई कार्यवाही ना किया जाना इस बात की ओर संकेत कर रहा है कि सरकारी कर्मचारी नियम कायदों को बलाए ताक पर रखने के लिए राय पेट्रोलियम का साथ दे रहे हैं।
कहा जा रहा है कि या तो विभागीय अधिकारी इस सड़क का निरीक्षण नहीं कर रहे हैं, और अगर कर रहे हैं तो उन्हें यह अब तक दिखाई क्यों नहीं दिया कि राय पेट्रोलियम के संचालक ने एनएचएआई के सरकारी दिशासूचक बोर्ड के पीछे की तरफ अपना विज्ञापन कर रखा है।
ज्ञातव्य है कि पूर्व में हिन्द गजट द्वारा शराब व्यवसाई रहे और लखनादौन मस्जिद के सरपरस्त दिनेश राय उर्फ मुनमुन से राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अधिकारी भी भयाक्रांत नजर आ रहे हैं। यही कारण है कि लखनादौन से सिवनी आते समय सड़क को भेदता एनएचएआई के बोर्ड के पीछे की ओर लगा एक बड़ा सा राय पेट्रोलियम का बोर्ड भी एनएचएआई के अधिकारियों को आते जाते अब तक नहीं दिख पाया है।
इस संबंध में जब सिवनी में पदस्थ सहायक परियोजना दिलीप पुरी से संपर्क किया गया तो उन्होंने बताया कि वे एक विवाह समारोह में शामिल होने शहर से बाहर हैं अतः इस बारे में वे ठीक ठीक नहीं बता सकते। उन्होंने कहा कि उन्होंने अपने सूत्रों से इस बात की तहकीकात करवाई थी, तो ज्ञात हुआ कि यह नरसिंहपुर वाले स्ट्रेच में है।
जब नरसिंहपुर के सहायक परियोजना डायरेक्टर से इस संबंध में चर्चा की गई तो उन्होंने कहा कि पता नहीं यह हमारे क्षेत्र में तो नहीं है, यह एमपी टू में आती है जिसे दिलीप पुरी देख रहे हैं। उन्होंने साफ तौर पर एक बात कही कि आखिर आप चाहते क्या हैं? इस पर जब साई न्यूज ने उनसे कहा कि राय पेट्रोलियम के संचालक द्वारा केंद्र सरकार के भूतल परिवहन मंत्रालय के अधीन आने वाले इस मार्ग पर लगे साईन बोर्ड को पीछे से पुतवा दिया गया है, जिस पर कोई कार्यवाही नहीं हो रही है, इसका क्या कारण है? के जवाब में महेंद्र वाणी ने छूटते ही कहा कि संभव है कि उन्हें राय पेट्रोलियम से पगार मिल रही हो!

उन्होंने कहा कि यह मार्ग अभी महालक्ष्मी यानी मीनाक्षी कंस्ट्रक्शन कंपनी के मेंटीनेंस में है अतः इस संबंध में वे कोई भी कार्यवाही करने में सक्षम नहीं हैं।

सोमवार, 27 मई 2013

हरवंश परिवार के सदस्य थे: कमल नाथ

हरवंश परिवार के सदस्य थे: कमल नाथ

(पीयूष भार्गव)

सिवनी (साई)। हरवंश सिंह मेरे परिवार के सदस्य थे, जिस समय उनका निधन हुआ, मै विदेश में था, जहां मुझे पता चला कि ठा. हरवंश सिंह इस दुनिया में नहीं रहे तो मुझे विश्वास ही नहीं हुआ, क्योंकि 2-3 दिन पूर्व ही उन्होंने मुझसे चर्चा की थी और दिल्ली में मिलने का वादा भी किया था। मैं अपने परिवार के सदस्य से मिलने इस तरह आऊंगा, सोचा न था। उक्ताशय की बातें आज स्व. ठा. हरवंश सिंह के गंगाजलि पूजन कार्यक्रम में पहुंचकर कमलनाथ ने शोक संवेदनाएं व्यक्त करते हुए कहा।
ज्ञातव्य है कि हरवंश सिंह ठाकुर ने अपनी राजनैतिक पायदान चढ़ना तत्कालीन क्षत्रप कुंवर अर्जुन सिंह का हाथ पकड़कर आरंभ किया था। उस वक्त सिवनी के सियासी गलियारों में सुश्री विमला वर्मा का इकबाल बुलंद था। कुंवर अर्जुन सिंह उस समय सिवनी में सुश्री वर्मा के खिलाफ किसी को खड़ा करना चाह रहे थे।
इसी समीकरण के चलते हरवंश सिंह को उस वक्त हाथकरघा और वस्त्र निगम का अध्यक्ष बनाया गया। इसके उपरांत तिवारी कांग्रेस के गठन के उपरांत हरवंश सिंह ने कमल नाथ का दामन थामा और इसके उपरांत दिग्विजय सिंह के वे विश्वास पात्र बन गए थे। कमल नाथ के साथ उन्होंने लंबा समय बिताया है। इस लिहाज से कमल नाथ के परिवार के सदस्य के रूप में हरवंश सिंह रहे हैं।

बर्रा में आयोजित तेरहवी के कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री जयराम रमेश, कांतिलाल भूरिया, अजय राहुल सिंह को भी पहुंचना था, परंतु छत्तीसगढ़ में कांग्रेसी नेताओं के ऊपर हुए नक्सली हमले के बाद उक्त नेता छत्तीसगढ़ की ओर रवाना हुए, जिस कारण से वह बर्रा नहीं पहुंच पाये। आज बर्रा पहुंचने वालों में श्री नाथ के अलावा विधायक लखन घनघोरिया, सांसद उदयप्रताप सिंह, विश्वेश्वर भगत, रामेश्वर निखरा, सुखदेव पांसे, दीपक सक्सेना सहित सैकड़ों की संख्या में लोगों ने पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की। 

गुटखा विक्रताओं पर छापे से मचा हडकंप

गुटखा विक्रताओं पर छापे से मचा हडकंप

(अपराध ब्यूरो)

सिवनी (साई)। लंबे समय से कुंभकर्णीय निंद्रा में सोया खाद्य एवं औषधि प्रशासन की तंद्रा कुछ हद तक टूटी है। खाद्य और औषधी प्रशासन ने शहर के आठ प्रतिष्ठानों में छापा मारकर लगभग पांच सौ पाउच जप्त किए हैं, जिसकी चर्चा बुधवारी बाजार में गर्मा गई है।
ज्ञातव्य है कि प्रदेश सरकार ने पिछले साल ही प्रदेश में तंबाखु युक्त गुटखों का विक्रय प्रतिबंधित कर दिया था। बावजूद इसके सिवनी जिले में राजश्री और अन्य ब्रांड के गुटखे सरेआम बिक रहे हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार शहर के आठ पान और किराना व्यापारियों के प्रतिष्ठानों पर छापा मारकर लगभग पांच सौ पाउच जप्त किए गए हैं।

बाजार में चल रही चर्चाओं के अनुसार खाद्य एवं औषधी प्रशासन द्वारा बड़े व्यापारियों पर मेहरबानी की जा रही है। इतना ही नहीं छोटे और बड़े व्यापारियो से सरकार को चंदा देने के नाम पर मोटी रकम भी वसूली जा रही है। इन बातों में कितनी सच्चाई है यह तो विभाग जाने और व्यापारी पर इस संबंध में खाद्य और औषधी प्रशासन के अधिकारी उनका पक्ष जानने के लिए उपलब्ध नहीं हो पाए।

नक्सली हमला निंदनीय: अखिलेश शुक्ला

नक्सली हमला निंदनीय: अखिलेश शुक्ला

(ब्यूरो कार्यालय)

सिवनी (साई)। ‘‘छत्तीसगढ़ में विपक्षी दल कांग्रेस के नेताओं पर हुआ नक्सली हमला किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जा सकता है। इस हमले की महज निंदा करने से काम नहीं चलेगा। केंद्र सरकार को नक्सलवाद से निपटने की ठोस कार्ययोजना बनानी ही होगी।‘‘
उक्ताशय की बात युवा भाजपा नेता और पेशे से चार्टर्ड एकाउंटेंट अखिलेश शुक्ला द्वारा आज दूरभाष पर चर्चा के दौरान कही। श्री शुक्ला ने कहा कि नक्सलवाद को किसी भी कीमत और परिस्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जा सकता है। नक्सलवाद के खिलाफ केंद्र सरकार को कठोर कदम उठाने चाहिए।

श्री शुक्ला ने आगे कहा कि जिस तरह पश्चिम बंगाल में अर्धसैनिक बलों ने नक्सल प्रभावित इलाकों को घेरकर मोर्चाबंदी की थी, और उसके बाद पश्चिम बंगाल में रेल यातायात के साथ ही साथ जनजीवन पटरी पर आया था, उसी तरह मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में भी कठोर कदम उठाने होंगे।

पुलिस की दबंगई, फोटो खींचने पर संपादक पर उठाया हाथ

पुलिस की दबंगई, फोटो खींचने पर संपादक पर उठाया हाथ

(अपराध ब्यूरो)

सिवनी (साई)। रेल्वे में यात्रा करने के नाम पर भारतीय रेल द्वारा तत्काल की स्कीम लोगों की सुविधा के बजाए उनके गले की फांस ज्यादा बन रही है। दलालों द्वारा टिकिट विंडो पर जाकर टिकिट बनवाए जा रहे हैं और आम जनता मुंह देखती रह रही है। आज सुबह पुलिस की दबंगई की फोटो खींचने पर एक पुलिस कर्मी ने राष्ट्र चंडिका के संपादक अखिलेश दुबे के साथ हाथापाई कर डाली।
प्राप्त जानकारी के अनुसार आज सुबह रेल्वे स्टेशन के रिजर्वेशन काउंटर पर विवाद की स्थिति निर्मित हो गई। इस विवाद में सुधीर बघेल नामक युवक ने बताया कि वह सुबह सवा आठ बजे तत्काल का टिकिट बनवाने रिजर्वेशन काउंटर पर जाकर खड़े हुए। नो बजे दो युवक आए और उन्होंने सुधीर बघेल का लाईन से यह कहकर हटा दिया कि कागज पर नाम लिखो तब नंबर आएगा।
सुधीर बघेल ने समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया को बताया कि वे इस बात को समझ नहीं पाए। इसकी शिकायत उनके द्वारा स्टेशन में उपस्थित कर्मचारी मकसूद खान से की। इसकी सूचना शायद कोतवाली पुलिस को लग गई। कोतवाली पुलिस की पीसीआर में चार पांच पुलिस आरक्षक आरक्षण केंद्र जा पहुंचे।
प्रत्यक्ष दर्शियों के अनुसार पुलिस आरक्षकों जिनमें रामलखन बघेल, श्री मतीन, श्री गौतम आदि का समावेश था, ने पहले टिकिट काउंटर से बुकिंग क्लर्क से बात की, उसके उपरांत वे बुकिंग काउंटर के अंदर जा पहुंचे। जैसे ही वे अंदर गए वहां मौजूद राष्ट्र चंडिका के संपादक अखिलेश दुबे ने उनका वीडियो बनाना आरंभ कर दिया।
प्रत्यक्ष दर्शियों के अनुसार संभवतः यह बात पुलिस आरक्षक श्री गौतम को नागवार गुजरी और वे तत्काल बुकिंग आफिस से बाहर आए और अपशब्द बोलते हुए अखिलेश दुबे से हाथा पाई करने लगे। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि वहां मौजूद अन्य पुलिस कर्मियों ने श्री गौतम को एसा करने से रोका और बताया कि यह मीडिया से जुड़े हुए हैं।
बावजूद इसके श्री गौतम रूके नहीं। प्रत्यक्ष दर्शियों ने इस बात पर भी आश्चर्य व्यक्त किया कि रेल्वे स्टेशन पर जहां रेल्वे पुलिस मौजूद रहना चाहिए, वह मौजूद नहीं थी। वस्तुतः इस कार्यवाही को रेल्वे पुलिस द्वारा अंजाम दिया जाना चाहिए था, पर उनके स्थान पर कोतवाली पुलिस ने वहां जाकर कार्यवाही क्यों की!
इस संबंध में जब स्टेशन अधीक्षक श्री अग्रवाल से संपर्क करना चाहा गया तो उनसे संपर्क नहीं हो सका। इस बारे में अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है कि किसकी शिकायत पर पीसीआर भरकर रेल्वे स्टेशन परिसर में स्थित आरक्षण केंद्र पहुंची थी, और वह वहां ततकल रिजर्वेशन के विवाद को निपटाने गई थी अथवा खुद का या किसी आला अधिकारी का रिजर्वेशन कराने गई थी।
वैसे जबसे तत्काल रिजर्वेशन का काम आरक्षण केंद्र से आरंभ करवाया गया है तबसे वहां दलालों की तादाद एकाएक बढ़ गई है। रेल्वे बुकिंग क्लर्क जय कुमार ने समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया को बताया कि इस तरह का विवाद अवश्य हुआ था, पुलिस भी वहां आई थी किन्तु हाथापाई की जानकारी उन्हें नहीं है।
उधर, राष्ट्र चंडिका के संपादक अखिलेश दुबे ने बताया कि उन्होंने पुलिस के आते ही इस घटना को अपने केमरे में कैद करना आरंभ कर दिया था। जब पुलिस का बल आरक्षण केंद्र के अंदर पहुंचा तो उन्होंने टिकिट विंडो से वीडियो बनाना आरंभ किया। इस पर तैश में आए आरक्षक श्री गौतम वहां से बाहर आए और उनके साथ हाथापाई पर उतर आए।

अखिलेश दुबे के अनुसार आज रविवार है एवं अवकाश है, अतः आज सोमवार को इस घटना की लिखित शिकायत जिला पुलिस अधीक्षक के पास उपस्थित होकर उन्‍होंने दर्ज करा दी है

शुक्रवार, 24 मई 2013

एनएचएआई को जेब में रखे हुए हैं दरबार


एनएचएआई को जेब में रखे हुए हैं दरबार

(पीयूष भार्गव)

सिवनी (साई)। शराब व्यवसाई रहे और लखनादौन मस्जिद के सरपरस्त दिनेश राय उर्फ मुनमुन से राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अधिकारी भी भयाक्रांत नजर आ रहे हैं। यही कारण है कि लखनादौन से सिवनी आते समय सड़क को भेदता एनएचएआई के बोर्ड के पीछे की ओर लगा एक बड़ा सा राय पेट्रोलियम का बोर्ड भी एनएचएआई के अधिकारियों को आते जाते अब तक नहीं दिख पाया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार लखनादौन से सिवनी मार्ग पर आने पर नरसिंहपुर की ओर जाने वाले रास्ते में एनएचएआई के मार्ग पर किलोमीटर और आगे का मार्ग बताने वाले साईन बोर्ड के पीछे तरफ राय पेट्रोलियम का एक बड़ा सा बोर्ड लगाया गया है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार यह बोर्ड निश्चित तौर पर राय पेट्रोलियम की आय में बढोत्तरी की गरज से ही लगाया गया है।
इस संबंध में जब समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया के ब्यूरो ने एनएचएआई के परियोजना संचालक श्री सिंघई से उनके मोबाईल 9425426644 पर संपर्क किया गया तो उन्होंने कहा कि वे नागपुर दौरे पर हैं, अभी वे कोई बात नहीं कर सकते हैं। उनसे जब यह पूछा गया कि वे वापस कब लौटेंगे? उनसे बात कब संभव है? इस पर उन्होने मोबाईल काट दिया।
जब इस बारे में एनएचएआई के अधिकारी दिलीप पुरी से संपर्क किया गया तो उन्होंने कहा कि विज्ञापन अगर कोई करना चाहता है तो वह आवेदन निश्चित तौर पर उनके कार्यालय से होकर ही गुजरेगा, और अब तक उन्होंने इस तरह का कोई आवेदन देखा नहीं है। श्री पुरी ने कहा कि हो सकता है कि यह नरसिंहपुर कार्यालय से मूव हुआ हो।
जब श्री पुरी के संज्ञान में इस बात को लाया गया कि यह एनएचएआई के संकेत बोर्ड के पीछे की ओर लाल रंग से पुता हुआ है तो उन्होंने कहा कि इस संबंध में उन्हें जानकारी नहीं है, वे स्वयं जाकर स्थल निरीक्षण कर कार्यवाही करेंगे।
इस संबंध में जब नरसिंहपुर में पदस्थ महेंद्र वाणी से उनके मोबाईल 9425180933 पर संपर्क किया गया तो उन्होने भी श्री पुरी की ही तरह इस बात से अनभिज्ञता ही प्रकट की कि इस तरह का कोई आवेदन स्वीकृति के लिए उन्होंने परियाजना संचालक के कार्यालय को भेजा हो। उन्होंने कहा कि उनके कार्यालय से इभी तक इस सड़क के लिए एक भी विज्ञापन हेतु अनुमति प्रदान नहीं की गई है।
उन्होंने कहा कि अभी वे कुछ करने की स्थिति में इसलिए नहीं हैं क्योंकि सड़क का रखरखाव एक साल तक सड़क के ठेकेदार के हाथों में ही है। अगर यह लखनादौन और सिवनी के बीच का मामला है तो सड़क का मैंटीनेंस मां लक्ष्मी यानी मीनाक्षी कंस्ट्रक्शन कंपनी द्वारा किया जा रहा है।
इस अनियमितता के लिए क्या कार्यवाही की जाएगी, के प्रश्न पर उन्होंने कहा कि यह तो देखना होगा, क्योंकि इस तरह का यह पहला मामला प्रकाश में आया है। इस पर सड़क के ठेकेदार को कारण बताओ नोटिस दिया जाकर इस बोर्ड को बलात हटाया जाएगा। उन्होंने कहा कि अगर किसी को कोई शिकायत करनी है तो लिखित में करे, मौखिक शिकायतों पर कार्यवाही संभव नहीं है।
वहीं मीनाक्षी कंस्ट्रक्शन कंपनी के सूत्रों ने समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया को बताया कि मित्रों में दरबार के नाम से मशहूर दिनेश राय उर्फ मुनमुन ने मीनाक्षी के अनेक वेतनभोगी कर्मचारियों को साध रखा है संभवतः यही कारण है कि एनएचएआई के नियम कायदों को बलाए ताक रखकर यह काम किया गया हो।

लंबे समय तक कोषाध्यक्ष रहे हैं आपत्तिकर्ता


0 साईपुरम साई मंदिर भूमि विवाद

लंबे समय तक कोषाध्यक्ष रहे हैं आपत्तिकर्ता

(संजीव प्रताप सिंह)

सिवनी (साई)। नगझर स्थित साईपुरम के साई मंदिर की जमीन का विवाद अभी भी नहीं सुलझ सका है। किसकी जमीन पर यह मंदिर बना है इस बात पर से पर्दा नहीं उठ सका है। 22 मई को इस संबंध में अनुविभागीय दण्डाधिकारी के कार्यालय में हुई पेशी को अब 29 तारीख तक बढ़ा दिया गया है। इसमें आपत्तिकर्ता शरद अग्रवाल लंबे समय तक सांई मंदिर समिति के कोषाध्यक्ष भी रहे हैं।
ज्ञातव्य है कि जगतगुरू शंकराचार्य स्वामी स्वरूपानंद सरस्वती के द्वारा पीर फकीर के पास जाने की बात को लेकर की गई टिप्पणी के उपरांत साई मंदिर समिति नगझर के सचिव प्रसन्न चंद मालू द्वारा जारी विज्ञप्ति में कहा गया था कि साई भक्तों के धेर्य को, उनकी श्रृद्धा को, ऐसे तत्वों द्वारा गलत अंदाज में देखा जा रहा है। साई भक्त कतई भी कायर नहीं हैं, यदि कोई भी व्यक्ति हमारे (श्री मालू के) ईष्ट देवता के संबंध में गलत टिप्पणियां करेगा तो उसका माकूल जवाब दिया जाएगा।
इसके अगले दिन हिन्दु महासभा के प्रदेशाध्यक्ष संजय मण्डल ने एक विज्ञप्ति जारी कर साई मंदिर प्रबंधन को ही कटघरे में खड़ा कर दिया गया था। इस विज्ञप्ति में संजय मण्डल द्वारा मंदिर प्रबंधन पर संगीन आरोप लगाए थे, जिनका जवाब इन पंक्तियों के लिखे जाने तक मंदिर प्रबंधन द्वारा नहीं दिया गया है, ना ही अपनी स्थिति ही स्पष्ट की है।
वहीं दूसरी ओर मंदिर के ट्रस्ट के पंजीयन के लिए राजपत्र में प्रकाशन के उपरांत कुछ कागजी कार्यवाही के लिए अनुविभागीय दण्डाधिकारी के कार्यालय भेजा गया, जहां इसकी जानकारी मिलने पर दूसरे पक्ष शरद अग्रवाल द्वारा अपने अधिवक्ता शैलू सक्सेना के माध्यम से एक आपत्ति पेश कर दी गई है।
शरद अग्रवाल का दावा है कि जिस स्थान पर मंदिर का निर्माण किया गया है वह भूमि 11 जून 1992 को श्री शिरडी साई संस्थान सिवनी के तत्कालीन अध्यक्ष अधिवक्ता दादू राघवेंद्र नाथ सिंह द्वारा खरीदी गई थी, इस भूमि पर आमजन के सहयोग से भव्य मंदिर का निर्माण किया गया था।
भूमि विवाद अब गहराने लगा है। ज्ञातव्य है कि गत 19 मई को अपनी विज्ञप्ति देने दैनिक हिन्द गजट कार्यालय आए साईं मंदिर समिति के सचिव प्रसन्न चंद मालू ने यह दावा किया था कि जिस भूमि पर मंदिर बना है उस भूमि को उन्होंने स्वयं के पैसों से खरीदकर मंदिर को दान दिया है।
वहीं, अब चर्चाओं का ना थमने वाला दौर भी आरंभ हो चुका है। चर्चाओं के अनुसार इस मंदिर के नए नाम से गठित होने वाले प्रस्तावित ट्रस्ट में आरंभ में भूमि खरीदने वाले अधिवक्ता दादू राघवेंद्र नाथ सिंह का नाम आखिर क्यों हटाया गया? इसके अलावा आर.के.शर्मा, श्रीमति सुषमा राय, बी.एस.ठाकुर, श्री आक्टे, वास्तु इंजीनियर दीपक अग्रवाल, पंडित तेजनारायण आदि जैसे साईभक्त जो इस मंदिर की पहली ईंट जुड़ने से साथ में थे को हाशिए पर रख दिया गया है।
वहीं, अब यह बात भी उभरकर सामने आ रही है कि आखिर क्या वजह है कि सालों साल मंदिर समिति के कोष का हिसाब किताब रखने वाले कोषाध्यक्ष शरद अग्रवाल अचानक ही इस मंदिर समिति से एकाएक विमुख हो गए और ना तो मंदिर के प्रस्तावित ट्रस्ट में ही उनका नाम है और ना ही मंदिर में दिखाई ही दे रहे हैं। शरद अग्रवाल के मंदिर से क्रियाकलापों से विमुख होने और मंदिर के ट्रस्ट में ही आपत्ति लगाने पर सभी को आश्चर्य हो रहा है।

सर्वशक्तिमान डॉ.सतीश दत्त गर्ग!


सर्वशक्तिमान डॉ.सतीश दत्त गर्ग!

(लिमटी खरे)

जिला आयुष अधिकारी के पद पर पदस्थ डॉ.सतीश दत्त गर्ग की हिम्मत की दाद देनी होगी। वे आदिवासी बाहुल्य लखनादौन तहसील के आदेगांव में पदस्थ रहे हैं। अपनी पदस्थापना के दौरान उन्होंने वहां जो गुल खिलाए हैं, अगर उनकी ईमानदारी से जांच हो जाए तो उनका निलंबन सुनिश्चित ही है। बावजूद इसके उन्हें निलंबित, पदावनत करने के बजाए जिला आयुष अधिकारी का प्रभार सौंपा जाना आश्चर्यजनक है।
डॉ.सतीश दत्त गर्ग जब कटनी में पदस्थ थे तब वहां अनेक शिकायतें उनके खिलाफ आईं। कटनी में डॉ.सतीश दत्त गर्ग पर आरोप है कि उन्होंनंे अधीनस्थ स्टाफ को जमकर परेशान किया है। इसकी शिकायत जब वहां के लोकल एमएलए संजय पाठक के संज्ञान मे लाई गई तो संजय पाठक ने उन्हें मिले जनादेश का पूरा पूरा सम्मान करते हुए मामले को विधानसभा में उठा दिया। संजय पाठक की चिंघाड़ पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को इसमें पहल करना पड़ा। शिवराज सिंह चौहान ने सदन में कहा था कि इस मामले की जांच जबलपुर संभागायुक्त कर रहे हैं।
वहीं, स्थानांतरण नीति 2012 - 2013 का पालन किए बिना अनियमितताएं कर तृतीय और चतुर्थ श्रेणी के कर्मचारियों के मनमाने स्थानांतरण करने के लिए कटनी के तत्कालीन जिला आयुष अधिकारी डॉ.सतीश दत्त गर्ग को संभागायुक्त डॉ.दीपक खाण्डेकर ने नोटिस जारी किया था। मुख्यमंत्री चौहान ने यह भी बताया था कि इस संबंध में महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ता सोमवती जायस्वाल एवं गीता जायस्वाल के साथ ही साथ दवासाज शिवगोपाल व मुकेश कुमार बर्मन के तबादले निरस्त और संशोधित किए गए।
अगर मुख्यमंत्री ने सदन में यह जानकारी दी है तो इसका मतलब साफ है कि डॉ.सतीश दत्त गर्ग ने कर्तव्यों के निर्वहन में कोताही बरती है। अगर डॉ.सतीश दत्त गर्ग द्वारा किए गए स्थानांतरण निरस्त या संशोधित किए गए हैं तो डॉ.गर्ग ने अनियमितता की है। और ऐसा है तो उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित किया जाना चाहिए था।
जिला आयुष अधिकारी कार्यालय कटनी में तैनाती के दौरान डॉ.सतीश दत्त गर्ग को आयुष अधिकारी कटनी का प्रभार 7 नवंबर को दिया गया था, किन्तु इन्होंने गंभीर वित्तीय अनियमितता करते हुए सितम्बर एवं अक्टूबर माह का भी एनपीए एरियर का आहरण कर लिया।
इसके उपरांत डॉ.सतीश दत्त गर्ग जब आदेगांव में पदस्थ रहे तब आदेगांव निवासी राकेश जैन ने इस संबंध में मुख्यमंत्री आनलाईन पर शिकायत भी की थी। इसकी जांच में डॉ.गर्ग को उक्त आलोच्य अवधि में अनुपस्थित होना पाया गया था। इतना ही नहीं आदेगांव औषधालय में दो हाजिरी पत्रक भी जप्त किए गए जिसमें एक में इन्होंने चिकित्सकीय अवकाश तो दूसरे में कर्तव्यों पर उपस्थिति दर्शाई थी।
डॉ.गर्ग के खिलाफ विभागीय कर्मचारियों विशेषकर महिला कर्मचारियों ने अभद्र व्यवहार की शिकायत प्रभारी मंत्री से भी की जा चुकी है। संभागीय आयुष अधिकारी डॉ.के.के.मिश्रा के पास आज भी जांच लंबित है। डॉ.सतीश दत्त गर्ग का प्रभाव इतना जबर्दस्त है कि उनकी जांच 30 अप्रेल को पूरी होने के बाद भी अब तक उच्चाधिकारियों तक नहीं भेजी जा सकी है।
बताते हैं कि एक बार फिर जिला आयुष अधिकारी का प्रभार लेने के बाद डॉ.सतीश दत्त गर्ग ने अपने अधीनस्थ कर्मचारियों को हड़काना आरंभ कर दिया है। निश्चित तौर पर जिस कर्मचारी ने डॉ.सतीश दत्त गर्ग की शिकायत की होगी वह आज बुरी तरह डरा हुआ ही होगा, क्योंकि अब डॉ.सतीश दत्त गर्ग उसके जिला प्रमुख बनकर आ चुके हैं।
अब तो इस तरह की खबरें आम होने लगी हैं कि डॉ.सतीश दत्त गर्ग द्वारा अपने मातहतों को डराया धमकाया जा रहा है। इन परिस्थितियों में भय के वातावरण में सरकारी नुमाईंदे भला कैसे काम कर पाएंगे। लखनादौन विधायक श्रीमति शशि ठाकुर, सिवनी विधायक श्रीमति नीता पटेरिया, जिला पंचायत अध्यक्ष मोहन सिंह चंदेल से अपनी नजदीकी बताकर कर्मचारियों को भयाक्रांत करने वाले डॉ.सतीश दत्त गर्ग के हौसले बुलंद होना इसलिए भी स्वाभाविक ही माना जा रहा है क्योंकि उच्चाधिकारियों द्वारा प्रमाण होने पर भी उनके खिलाफ कोई कार्यवाही नहीं की है।
कर्मचारियों ने लामबंद होकर इसकी शिकायत जिला कलेक्टर, के साथ ही साथ प्रभारी मंत्री से भी की जा चुकी है। बावजूद इसके अब तक डॉ.सतीश दत्त गर्ग के खिलाफ कोई कार्यवाही ना होना आश्चर्यजनक ही है। परिस्थितियां इस ओर इशारा करने पर विवश हो रही हैं कि क्या जिला प्रशासन, मंत्री संत्री से बढ़कर हो चुके हैं डॉ.सतीश दत्त गर्ग!
सिवनी में इस तरह से एक आयुष अधिकारी ने नियम विरूद्ध काम किया और सिवनी जिले के विधायकों ने उसके खिलाफ कोई कार्यवाही भी प्रस्तावित नहीं की है। यह तब हुआ जब श्रीमति नीता पटेरिया के पति डॉ.एच.पी.पटेरिया जिला चिकित्सालय में और श्रीमति शशि ठाकुर के पति डॉ.ठाकुर मुख्य चिकित्सा अधिकारी हैं जो इन बातों को बेहतर समझ सकते हैं।
हालात देखकर लगने लगा है कि सिवनी में अब निरंकुशता चरम पर पहुंच चुकी है। भारतीय जनता पार्टी के बूते सरकारी अधिकारियों की मश्कें कसना नहीं बचा है। जरूर इसके पीछे कुछ और कारण हैं, वरना एक अदने से सरकारी कर्मचारी की हर स्तर पर शिकायतें होने के बाद भी वह सीना तानकर बैठा हुआ है। तरस तो उन तृतीय और चतुर्थ श्रेणी के कर्मचारियों पर आ रहा है जिन्होंने अपने साथ हुए इस अन्याय की शिकायत की थी, और अब वे डॉ.सतीश दत्त गर्ग के कोप का भाजन होते दिख रहे हैं। संवेदनशील जिला कलेक्टर भरत यादव से इस संबंध में उचित और कठोर कार्यवाही की अपेक्षा है।

गुरुवार, 23 मई 2013

साईपुरम का मंदिर किसकी भूमि पर!


साईपुरम का मंदिर किसकी भूमि पर!

(पीयूष भार्गव)

सिवनी (साई)। शिर्डी के साईं बाबा के पूजन को लेकर उनके भक्तों के तौर-तरीकों पर अभी बातें चल ही रही थीं कि सिवनी के जबलपुर रोड स्थित भव्य साईं मंदिर की भूमि पर किसका अधिकार है... इस बात को लेकर विवाद उठना शुरू हो गया है। उल्लेखनीय है कि ओम श्री साईं मंदिर ट्रस्ट को पंजीकृत करने के लिये एक आवेदन ऊधवदास आसवानी व 10 अन्य लोगों द्वारा पंजीयक लोक न्यास के समक्ष दिया गया है।
आवेदन में उक्त भूमि को आवेदकों द्वारा अपने ट्रस्ट की अचल संपत्ति बताया गया है। जबकि इसके दूसरे पक्ष शरद अग्रवाल का दावा है कि ग्राम सिमरिया प.ह.न. 90 रा.नि.मं. सिवनी भाग-दो में स्थित उक्त भूमि जिसका खसरा नंबर 113/3 है, श्री शिरडी साईं संस्थान सिवनी की है।
उल्लेखनीय है कि ऊधवदास आसवानी और 10 अन्य व्यक्तियों द्वारा साईं मंदिर भूमि को ओम श्री साईं मंदिर ट्रस्ट सिवनी की अचल संपत्ति निरूपित करते हुए ट्रस्ट बनाये जाने हेतु एक आवेदन पंजीयक, लोक न्यास एवं अनुविभागीय दंडाधिकारी (राजस्व) के समक्ष प्रस्तुत किया गया है जिस पर प्रमुख रूप से शरद अग्रवाल आ. गोविंदप्रसाद अग्रवाल द्वारा आपत्ति लगायी गयी है।
शरद अग्रवाल की तरफ से लगायी गयी आपत्ति के अनुसार जिस भूमि पर साईं मंदिर बना हुआ है 11 जून 1992 को श्री शिर्डी साईं संस्थान सिवनी के तात्कालीन अध्यक्ष दादू राघवेन्द्रनाथ सिंह द्वारा क्रय की गयी थी, जिसमें आमजन के सहयोग से भव्य साईं मंदिर का निर्माण किया गया था। आपत्तिकर्ता का कहना है कि जिस भूमि पर आमजन के सहयोग से भव्य साईं मंदिर बना है वह कागजों में आज भी श्री शिर्डी संस्थान की है। ऐसे में ओम श्री साईं मंदिर ट्रस्ट कैसे इस भूमि को अपनी अचल संपत्ति निरूपित कर अपने ट्रस्ट के पंजीयन हेतु आवेदन दे रहा है।
आपत्तिकर्ताओं के अनुसार उक्त भूमि शिर्डी के साई बाबा के मंदिर निर्माण के लिये ही खरीदी गयी थी, और उसमें मंदिर ही बना है लेकिन कोई अन्य उक्त भूमि को अपनी निरूपित कर पंजीयक लोक न्यास के समक्ष ट्रस्ट बनाये जाने हेतु आवेदन करेगा तो उसका विरोध तो करना ही पड़ेगा। कुछ लोगों द्वारा दस्तावेजों की कूटरचना कर भूमि को केवल अपने अधिकार में लेने की कोशिश कर ट्रस्ट बनाये जाने की कार्यवाही कर रहे हैं ताकि बाद में इस ट्रस्ट का संचालन व मंदिर में दान के रूप में आने वाली संपत्ति को वे मनमाने ढंग से उपयोग कर सके।

धूमा डबल मर्डर में पांच गिरफ्तार


धूमा डबल मर्डर में पांच गिरफ्तार

(महेश रावलानी)

सिवनी (साई)। धूमा के डबल मर्डर कांड में पुलिस के हाथ देर से ही सही बड़ी सफलता हाथ लगी है। सिवनी पुलिस ने दो तो नागपुर पुलिस ने तीन आरोपियों को पकड़ने मेें सफलता हासिल की है। आरोपियों में से एक के पास से एक सोने की अंगूठी और 3200 रूपए बरामद किए हैं।
ज्ञातव्य है कि गणतंत्रता दिवस की पूर्व रात्रि 25 जनवरी को धूमा के प्रतिष्ठित व्यवसायई विजय अग्रवाल और उनकी धर्मपत्नी श्रीमती गायत्री अग्रवाल को कुछ लोगों ने धारदार हथियार से मौत के घाट उतार दिया था, जिसकी जानकारी 26 जनवरी को लगी। हाई- प्रोफाइल मर्डर केस होने के कारण यह मामाल विधानसभा में भी गूंजा।
इस मर्डर के मामले में पुलिस ने 02 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जिनमें प्रमुख रूप से सप्पा उर्फ शफीक पिता अजीज सर्वर कालोनी नागपुर एवं दयाराम पिता हक्कू अहिरवार उम्र 36 वर्ष धूमा शामिल है। धूमा थाना प्रभारी आर.के.गुप्ता ने बताया कि सप्पा को पुलिस ने सिवनी में उसके मामा ससुर के घर से दबोचा है। दूसरा आरोपी दयाराम मृतक के घर के सामने ही जूता सुधारने की दुूकान चलाता था।
इस संबंध में धूमा थाना प्रभारी दुबे ने बताया कि इस पूरे घटनाक्रम का मुख्य आरोपी गौसअली उर्फ राजा है, जिसने लूटे हुए माल का बंटवारा किया था, इसलिए अभी तक यह पता नहीं चल पाया कि उक्त लूट में कितने का माल लूटा गया। उन्होंने बताया कि इस मर्डर केसर में धूमा के दयाराम पिता अक्कू अहिरवार को गौसअली ने 10 हजार रू. एवं एक सोने की अंगूठी दिया था।
उधर, नागपुर से समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया ब्यूरो से आशीष कौशल ने बताया कि नागपुर पुलिस ने इस संबंध में इमरान खान निवासी बड़ा ताजबाग, शमीम खान निवासी बड़ा ताजबाग एवं लाले उर्फ मुईन खान साकिन नागपुर को पकड़ लिया है, जिन्हें रिमांड पर ले लिया है।
पुलिस सूत्रों ने यह भी बताया कि इस मामले में अभी नागपुर बड़ा ताजबाग निवासी गौस अली उर्फ राजा एवं सत्येंद्र गुप्ता दोनों फरार हैं जिनकी तलाश पुलिस बड़ी शिद्दत से कर रही है। पुलिस ने इतने बड़े डबल मर्डर के बारे में मीडिया से आखिर दूरी क्यों बनाई है यह बात चर्चा का विषय बनी हुई है।
पुलिस सूत्रों ने साई न्यूज को बताया कि इसमें मुख्य आरोपी सावधान ना हो जाएं इसलिए पुलिस ने इस खबर को दबाए रखा। बावजूद इसके सूत्रों के हवाले से खबर मीडिया को आखिर लग ही गई।

दागी अधिकारी के विरूद्ध कार्यवाही से कतराते अधिकारी!


दागी अधिकारी के विरूद्ध कार्यवाही से कतराते अधिकारी!

(संजीव प्रताप सिंह)

सिवनी (साई)। सिवनी में पदस्थ जिला आयुष अधिकारी डॉ.एस.डी.गर्ग के खिलाफ शिकायतों का पुलिंदा होने के बाद भी आला अधिकारी उनके खिलाफ कार्यवाही करने से कतरा रहे हैं। विभाग के अनेक कर्मचारियों ने संयुक्त रूप से इसकी शिकायत नेता मंत्री अधिकारियों को भी की है पर इसका कोई नतीजा निकलता नहीं दिख रहा है।
विभागीय सूत्रों ने समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया को बताया कि 31 जुलाई से डॉ.गर्ग द्वारा जमकर अनियमितताएं की जा रही हैं, बावजूद इसके उनके खिलाफ कोई कार्यवाही ना होना आश्चर्य का ही विषय है। इसकी सूचना विभागीय मंत्री महेंद्र हार्डिया, प्रमुख सचिव प्रवीर कृष्ण, संचालक, आयुक्त राजस्व जबलपुर के साथ ही साथ जिला कलेक्टर सिवनी को अनेक मर्तबा की जा चुकी है पर इस पर कोई कार्यवाही नहीं हो सकी है।
कर्मचारियों ने बताया कि उन्होंने 15 जनवरी को संयुक्त रूप से इसकी शिकायत जिला कलेक्टर को की थी, पर नतीजा सिफर ही है। बताया जाता है कि वे पिछले साल 31 जुलाई को जिले के आदेगांव औषधालय में अपनी उपस्थिति देने के बाद 1 अगस्त से 18 अगस्त तक लगातार अनुपस्थित रहे हैं। उनका यह अवकाश स्वीकृत नहीं हुआ है पर उन्होंने आहरण वितरण अधिकार होने के चलते अपना वेतन इस अवधि का निकाल लिया है।
आदेगांव निवासी राकेश जैन ने इस संबंध में मुख्यमंत्री आनलाईन पर शिकायत भी की थी। इसकी जांच में डॉ.गर्ग को उक्त आलोच्य अवधि में अनुपस्थित होना पाया गया था। इतना ही नहीं आदेगांव औषधालय में दो हाजिरी पत्रक भी जप्त किए गए जिसमें एक में इन्होंने चिकित्सकीय अवकाश तो दूसरे में कर्तव्यों पर उपस्थिति दर्शाई थी।
सूत्रों ने साई न्यूज को आगे बताया कि डॉ.गर्ग की सर्विस बुक में भी अनेक अनियमितताएं हैं। आरोपित है कि डॉ.गर्ग ने कटनी के जिला आयुष अधिकारी कार्यालय से स्वयं ही हस्तलिखित पत्र बनाया और हस्ताक्षर कर उसे अपने पास रख लिया है। डॉ.गर्ग कर्मचारी आचरण संहिता का खुला उल्लंघन करते हुए अपनी सेवा पुस्तिका भी अपने ही पास जुलाई 2012 से रखे हुए हैं।
उधर, कटनी से समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया के ब्यूरो ने खबर दी है कि जिला आयुष अधिकारी के प्रभार में रहते हुए डॉ.गर्ग ने अपने पद का दुरूपयोग कर कर्मचारियों को उपकृत और प्रताड़ित करने की गरज से उनकी पदस्थापना की और इधर उधर कर्तव्यों के आदेश जारी किए।
साई न्यूज ब्यूरो ने बताया कि कटनी के कांग्रेस के विधायक संजय पाठक द्वारा इस संबंध में मामला विधानसभा में उठाया। विधानसभा के पटल पर मुख्यमंत्री ने जवाब में कहा था कि डॉ.एस.डी.गर्ग की जांच आयुक्त जबलपुर संभाग द्वारा करवाई जा रही है। जिला आयुष अधिकारी कार्यालय कटनी के सूत्रों ने साई न्यूज ब्यूरो को बताया कि डॉ.गर्ग को आयुष अधिकारी कटनी का प्रभार 7 नवंबर को दिया गया था, किन्तु इन्होंने गंभीर वित्तीय अनियमितता करते हुए सितम्बर एवं अक्टूबर माह का भी एनपीए एरियर का आहरण कर लिया।
डॉ.गर्ग के खिलाफ विभागीय कर्मचारियों विशेषकर महिला कर्मचारियों ने अभद्र व्यवहार की शिकायत प्रभारी मंत्री से भी की जा चुकी है। संभागीय आयुष अधिकारी डॉ.के.के.मिश्रा से जब साई न्यूज ब्यूरो ने उनके मोबाईल 942464401 पर संपर्क किया गया तो उन्होने बताया कि डॉ.गर्ग के खिलाफ शिकायतों की जांच 30 अप्रेल को पूरी की जा चुकी है, किन्तु वे वर्तमान में अपने पुत्र की शादी के सिलसिले में बाहर हैं, एवं 26 मई को वापस आने पर ही वे इस संबंध में कोई टिप्पणी कर पाएंगे।
उधर, जबलपुर से समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया ब्यूरो से सुरेंद्र जायस्वाल ने बताया कि डॉ.गर्ग के खिलाफ शिकायत की जांच पूरी होने के बाद डॉ.मिश्रा ने जानबूझकर उसे रोककर रखा गया है। इस संबंध में वे जांच प्रतिवेदन जान बूझकर उच्चाधिकारियों को भेजने में हीला हवाला कर रहे हैं।
0 कोर्इ्र मुख्यालय नहीं आएगा! देख लूंगा शिकायतकर्ताओं को!
जिला आयुष अधिकारी कार्यालय के सूत्रों ने समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया को बताया कि एक बार फिर जिला आयुष अधिकारी का प्रभार लेने के बाद अब डॉ.गर्ग के तेवर काफी तल्ख हो गए हैं। उन्होंने अब कर्मचारियों को सीधे धमकाना आरंभ कर दिया है। बीते शनिवार लखनादौन और सोमवार तथा मंगलवार को सिवनी में कर्मचारियों के साथ बैठक में डॉ.गर्ग ने कर्मचारियों को जमकर लताड़ा।
सूत्रों ने बताया कि बैठक में डॉ.गर्ग ने चेतावनी दी है कि उनके खिलाफ शिकायत करने वालों को वे देख लेंगे। अगर किसी ने उनके खिलाफ शिकायत की तो वे उसकी सीआर तक बिगाड़ देंगे। डॉ.गर्ग ने साफ तौर पर कर्मचारियों को हिदायत दे दी है कि अगर किसी को कोई भी काम है तो वह डाक से आवेदन या पत्र भेजे, खुद मुख्यालय उपस्थित होने की कोई आवश्यक्ता नहीं है। इसका अनुपालन नहीं करने पर कर्मचारी के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्यवाही की जाएगीं
0 विधायकों ने नजदीकी बताते हैं डॉ.गर्ग
चर्चा है कि जिला आयुष अधिकारी डॉ.एस.डी.गर्ग अपने आप को जिले के भाजपाई विधायकों का करीबी बताने से नहीं चूक रहे हैं। चर्चा तो यहां तक भी है कि आदेगांव पदस्थाना के दौरान वे लखनादौन विधायक श्रीमति शशि ठाकुर के काफी नजदीक आ गए थे। इसी नजदीकी का फायदा उठाकर वे लोगों को धमकाने से नहीं चूक रहे हैं। वहीं शशि ठाकुर ने साई न्यूज से चर्चा के दौरान कहा कि अगर डॉ.गर्ग गलत हैं तो वे स्वयं कलेक्टर से उनके खिलाफ कार्यवाही को कहेंगी।

शिक्षा का गिरता स्तर, जिम्मेदार कौन?


शिक्षा का गिरता स्तर, जिम्मेदार कौन?

(लिमटी खरे)

सिवनी जिले में माध्यमिक शिक्षा मण्डल भोपाल के तहत संचालित सरकारी और निजी शालाओं का इस साल का दसवीं और बारहवीं का परीक्षा परिणाम निराशाजनक कहा जा सकता है। दोनों ही कक्षाओं में प्रदेश की प्रावीण्य सूची में सिवनी जिले का नामोनिशान ही नहीं है। इसके साथ ही साथ परीक्षा का परिणाम दसवीं में सरकारी स्कूल में 47.41 तो निजी शालाओं में 15.48 फीसदी रहा है। बारहवीं की परीक्षाओं में सरकारी स्कूल में यह 83.24 तो निजी शालाओं में 73.66 फीसदी है। बाहरवीं का परीक्षा परिणाम कुछ हद तक संतोषप्रद माना जा सकता है।
मध्य प्रदेश के माध्यमिक शिक्षा मण्डल के हाई स्कूल सर्टिफिकेट परीक्षा (दसवीं) के निराशाजनक परीक्षा परिणामों को देखकर लगने लगा है कि अब मध्य प्रदेश सरकार और सिवनी के शिक्षा के क्षेत्र के आलंबरदारों को अपने शिक्षा तंत्र के बारे में सोचना आवश्यक हो गया है। एचएसएस परीक्षा परिणाम वैसे भी अनेक संकेत दे रहे हैं।
कितने आश्चर्य की बात है कि इस बार दसवीं में सरकारी स्कूलों में 47 तो निजी स्कूलों में 15 फीसदी विद्यार्थियों के हाथ सफलता ही लगी है। परिणामों की घोषणा के साथ ही समूचे जिले में मायूसी की लहर व्याप्त हो जाना स्वाभाविक ही है। दुनिया भर में पसरी आर्थिक मंदी से भारत अछूता नहीं है। इस मंहगाई के जमाने में मध्य प्रदेश में निवास करने वाले मध्यम और निम्न आय वर्ग के लोगों के सामने अपने बच्चों को शिक्षा दिलाना काफी दुष्कर ही प्रतीत हो रहा है। माध्यमिक शिक्षा मण्डल से संबद्ध शालाओं में अध्ययन करने वाले असफल विद्यार्थियों के परिवारों में उदासी और असंतोष के बीज पनपना जाहिर है।
मध्य प्रदेश में शिक्षा व्यवस्था को मानो जंग लग चुकी है। शिक्षक के पद पर भर्ती होकर अन्य विभागों में संविलियन के साथ ही साथ सरकारी शिक्षकों से पल्स पोलियो, नसबंदी, चुनाव जैसे कार्यों में बेगार करवाना निश्चित रूप से देश के नौनिहालों के भविष्य के साथ खिलवाड़ ही कहा जाएगा।
कितने आश्चर्य की बात है कि प्रतिबंध के बावजूद भी शिक्षकों का अध्यापन से इतर अन्य कार्यों के निष्पादन के लिए अटेचमेंट आज भी बदस्तूर जारी है। पहुंच संपन्न शिक्षक शहरों की ओर रूख करते नजर आते हैं, गांव के स्कूल शिक्षक विहीन पड़े हुए हैं। न शासन और न प्रशासन यहां तक कि राजनेताओं को भी अपने वोट बैंक की खातिर इस ओर देखने की फुर्सत नहीं है।
ऐसा नहीं कि विभागीय उच्चाधिकारियों अथवा शासन में बैठे प्रमुख सचिव से लेकर सेक्शन के बाबू को इस बारे में माहिति न हो। जानते सभी हैं पर मजबूर हैं मौन रहने को। साल भर शालाओं का निरीक्षण चलता है, किन्तु रीते पद रीते ही रह जाते हैं। निरीक्षक की औपचारिकता कैसे पूरी होती हैं, यह बात सभी बेहतर तरीके से जानते हैं।
यहां आश्चर्यजनक पहलू यह भी है कि मोटी फीस लेकर अध्यापन को पेशा बनाने वाले अशासकीय स्कूलों में परीक्षा परिणाम प्रभावित क्यों हुए? इस तरह की शालाओं को तो चुनाव और अन्य बेगार के कामों से मुक्त रखा गया है। फिर आखिर ऐसी कौन सी वजह है कि इन शालाओं मेें भी विद्यार्थियों का प्रदर्शन ठीक नहीं रहा।
एक समय था जब शालाओं में शिक्षिकाएं बैठकर स्वेटर बुना करती थीं, पर तब भी उनके द्वारा कराया जाने वाला अध्यापन का काम वास्तव में उचित और करीने वाला होता था। कुछ सालों पहले तक शिक्षा का स्तर संतोषजनक कहा जा सकता था, पर अब यह स्तर तेजी से नीचे गिरा है, जो चिंतनीय ही कहा जाएगा।
सिवनी में निजी स्तर पर माध्यमिक शिक्षा मण्डल से मान्यता प्राप्त ना जाने कितने शिक्षण संस्थान विद्यार्थियों को गढ़ने के काम में लगे हुए हैं, पर उनके हाथ असफलता ही लगी है। कारण स्पष्ट है कि शिक्षकों ने इस साल मेहनत ना के बराबर ही की है। शिक्षकों के घरों पर ट्यूशन की भीड़ साफ कर देती है कि अब शिक्षा का पेशा धन कमाने का साधन बन चुका है।
जिला प्रशासन को चाहिए कि शिक्षा विभाग के प्रभारी उपजिलाध्यक्ष (ओआईसी) को इसके लिए पाबंद करे कि इस साल परीक्षा परिणाम सुधारे जा सकें। इसके लिए सरकारी और निजी विद्यालयों का औचक निरीक्षण डिप्टी कलेक्टर द्वारा समय समय पर किया जाए यह सुनिश्चित किया जाए। साथ ही साथ शिक्षकों द्वारा घरों पर पढ़ाई जाने वाली ट्यूशन को पूरी तरह प्रतिबंधित किया जाए ऐसे कुछ मार्ग निकालने होंगे, वरना इस साल की तरह पालक लुटते रहेंगे और विद्यार्थी पास तो हो जाएंगे पर उनका ज्ञानार्जन का सपना अधूरा ही रह जाएगा।