गुरुवार, 20 जून 2013

ग्राम पंचायत ने पारित किया था लान हटवाने का प्रस्ताव

0 लूघरवाड़ा में लान बंद कराने की उठी मांग - - - 2

ग्राम पंचायत ने पारित किया था लान हटवाने का प्रस्ताव

(जीतेश अवधवाल)

सिवनी (साई)। सिवनी के उपनगरीय क्षेत्र लूघरवाड़ा में संचालित लान को हटवाने के लिए ग्राम पंचायत की एक बैठक में प्रस्ताव अप्रेल में ही पारित करवा लिया गया था, किन्तु उसके उपरांत भी इस संबंध में कोई कार्यवाही अब तक ना होना आश्चर्य का ही विषय माना जा रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत लूघरवाड़ा के भवन में 14 अप्रेल को हुई ग्राम सभा की बैठक में 61 महिला और 90 पुरूष सदस्य उपस्थित हुए थे। इस सभा में प्रस्ताव नंबर दो में ग्राम वासियों से प्राप्त आवेदन जिजिसमें रजवाड़ा, गुरूकृपा, दादावाड़ी लान को बंद कराने के संबंध में निर्णय लेने का उल्लेख है।
इसमें कहा गया है कि सभा में सरपंच सावित्री विश्वकर्मा से अनुमति लेकर विचार विमर्श किया गया और इस संबंध में निर्णय लिया गया कि यदि पूर्व में ग्र्राम पंचायत द्वारा लान संचालकों को लान संचालन की अनुमति या प्रस्ताव दिया गया हो तो एक बार दी गई स्वीकृति को एक वर्ष की कालावधि की समाप्ति के पूर्व अनुज्ञा को पुर्नवैध कराया जाना था।
इसके साथ ही साथ संयुक्त संचालक नगर एवं ग्राम निवेश कार्यालय छिंदवाड़ा की अनुज्ञा के लिए बिना लान या मंगल भवन संचालित कर पंचायत क्षेत्र में मनमाने ढंग से ध्वनि प्रदूषण, आवागमन अवरूद्ध कर व्यवसाय किया जा रहा है, तथा ग्राम पंचायत द्वारा तथा प्रदेश के पंचायत एवं ग्राम स्वराज अधिनियम के तहत बनाए गए नियम शर्तों का उल्लंघन किया जा रहा है। जिसके तहत लान की स्वीकृति निरस्त की जाए।
इस सभा में यह भी कहा गया था कि यदि लान संचालकों द्वारा मध्य प्रदेश नगर तथा ग्राम निवेश अधिनियम 1973 की धारा 30 की उपधारा 3 तथा मध्य प्रदेश भूमि विकास नियम 1984 के नियम 2, 5 एवं 27 (1) के अधीन तथा सिवनी विकास योजना 2011 के निर्दिष्ट प्रावधानों के अंतर्गत यदि अनुज्ञा ली गई हो तो उसे प्रस्तुत किया जाए।

(क्रमशः जारी)

सोलंकी पर लगे महिला कर्मचारी को छेड़ने के आरोप

सोलंकी पर लगे महिला कर्मचारी को छेड़ने के आरोप

(अखिलेश दुबे)

सिवनी (साई)। जनपद पंचायत सिवनी में सहायक विकास खण्ड अधिकारी के पद पर पदस्थ बी.एस.सोलंकी पर एक महिला कर्मचारी के साथ आपत्तिजनक हरकत करने के आरोप लगे हैं।
जनपद पंचायत सिवनी कार्यालय के सूत्रों ने समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया को बताया कि उमर दराज सहायक विकास विस्तार अधिकारी श्री सोलंकी पर एक नवयोवना कर्मचारी के साथ आपत्तिजनक हरकत करने का मामला प्रकाश में आया है। सूत्रों ने बताया कि जनपद पंचायत सिवनी में एक शाखा में पदस्थ एक नवयुवती के घर श्री सोलंकी गए और आपत्तिजनक हरकतें कीं। घटना 13 जून की बताई जा रही है।
सूत्रों के अनुसार इस संबंध में उक्त महिला कर्मचारी ने जनपद पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी कंचन डोंगरे, जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रियंका दास एवं जिला पंचायत में पदस्थ सुश्री मुड़िया को भी इसकी जानकारी मौखिक रूप से दी थी। तीन तीन महिला अधिकारियों को घटना के बारे में एक महिला कर्मचारी द्वारा बताए जाने के उपरांत भी किसी भी महिला कर्मचारी द्वारा संज्ञान ना लिया जाना आश्चर्य का ही विषय माना जा रहा है।
सूत्रों की मानें तो उक्त पीड़ित महिला कर्मचारी की मजबूरी है कि वह सहायक विकास विस्तार अधिकारी के साथ भ्रमण पर जाए, क्योंकि उक्त महिला कर्मचारी को सरकारी स्तर पर किसी भी वाहन की व्यवस्था नहीं की गई है।

इस संबंध में जिला कलेक्टर भरत यादव, जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रियंका दास एवं जनपद पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी कंचन डोंगरे से संपर्क करने का प्रयास किया गया किन्तु वे उपलब्ध नहीं हो पाए।

30 को आ सकते हैं कमल नाथ

30 को आ सकते हैं कमल नाथ

(महेश रावलानी)

सिवनी (साई)। केेंद्रीय मंत्री कमल नाथ एक बार फिर शनिवार 30 जून को दो दिवसीय प्रवास पर सिवनी आ सकते हैं। इस दौरान वे विधानसभाओं में जाकर वहां के कार्यकर्ताओं से रूबरू हो सकते हैं।
कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता ने नाम उजागर ना करने की शर्त पर समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया को बताया कि केंद्रीय मंत्री कमल नाथ 13 जून को सिवनी आए थे, और उसके बाद वे लगातार सिवनी की कांग्रेस की हालत पर फीड बैक ले रहे हैं। सिवनी कांग्रेस की दयनीय हालत किसी से छिपी नहीं है।
सिवनी की कांग्रेस की राजनीति में हरवंश सिंह ठाकुर के अवसान के उपरांत आई रिक्तता को भरने के लिए कमल नाथ पुरजोर प्रयास कर रहे हैं और इसी कड़ी में 30 जून को उनके सिवनी आने का कार्यक्रम एक बार फिर बनता दिख रहा है।

सूत्रों के अनुसार केंद्रीय मंत्री कमल नाथ 30 जून को सिवनी आकर दो दिनों तक चारों विधानसभाओं में जाकर वहां के कार्यकर्ताओं की समस्याएं सुनेंगे। विधानसभा के पूर्व एवं हरवंश सिंह के अवसान के उपरांत कमल नाथ की इस तरह की सक्रियता से भारतीय जनता पार्टी में हड़कंप मचना स्वाभाविक ही माना जा रहा है।

उत्तराखण्ड में फंसे हैं सिवनी के चार परिवार!

उत्तराखण्ड में फंसे हैं सिवनी के चार परिवार!

(पीयूष भार्गव)

सिवनी (साई)। पूर्वोत्तर राज्यों में बारिश के कहर ने लोगों की जान निकालकर रख दी है। मीडिया भी इससे संबंधित खबरों से पटा हुआ है। सिवनी के चार परिवार भी उत्तराखण्ड में बाढ़ में फंसे हैं जिनका कोई सुराग नहीं मिल पा रहा है।
वरिष्ठ अधिवक्ता आमिर खान ने समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया को बताया कि सिवनी के तीन अधिवक्ता और एक व्यापारी का परिवार उत्तराखण्ड में फंसा हुआ है। श्री खान ने बताया कि अधिवक्ता गुलीश गौली, वेदान्त सनोडिया, हुकुम सिंह ठाकुर एवं एक व्यापारी विनय सनोडिया का परिवार उत्तराखण्ड भ्रमण पर था जिनसे संपर्क नहीं हो पा रहा है।
अधिवक्ता आमिर खान ने बताया कि ये चारों परिवार संभवतः 9 जून को तीर्थ दर्शन के लिए सिवनी से निकले थे। उन्होंने बताया कि 15 जून को गुनीश गौली की अपने ससुराल वालों से बात हुई तब वे बद्रीनाथ के दर्शन कर कैदारनाथ को कूच कर गए थे। उस वक्त वे फाटा नामक स्थान पर थे, जो कैदारनाथ से लगभग 27 किलोमीटर की दूरी पर है।
इस संबंध में अधिवक्ताओं ने कल जिला पुलिस अधीक्षक मिथलेश शुक्ला से भेंट कर उन्हें इस बात से आवगत कराया था। पुलिस अधीक्षक ने तत्काल अपने स्तर पर कार्यवाही आरंभ कर दी थी। आज अधिवक्ताओं ने जिला कलेक्टर भरत यादव को इस संबंध में जानकारी दी है। जिला प्रशासन अपने स्तर पर कार्यवाही कर रहा है।

बताया जाता है कि इस संबंध में मुख्यमंत्री कार्यालय में बनाए गए कंट्रोल रूम में प्रभारी हरिरंजन राव एवं नीरज वशिष्ठ को इन चारों परिवारों के बारे में आवगत करा दिया गया है। साथ ही साथ दिल्ली में बुरदलोई मार्ग पर स्थित मध्य प्रदेश भवन में बनाए गए कंट्रोल रूम में शैलेंद्र सिंह को भी इस संबंध में आवगत कराया जा चुका है।

रहिमन पानी राखिए . . .

रहिमन पानी राखिए . . .

(शरद खरे)

गुजरे जमाने के प्रख्यात कवि रहीम के दोहों से कौन नहीं परिचित होगा। रहीम ने कहा है
रहिमन पानी राखिए!
बिन पानी सब सून!!
पानी बिना ना उबरे!!!
मोती मानस चून!!!!
पानी की महत्ता आदि अनादि काल से ही सभी को पता है। पानी के लिए ना जाने क्या क्या जतन होते आए हैं। पानी एक ऐसी चीज है जिसके बिना जीवन की कल्पना संभव नहीं है।
सिवनी शहर आज भी प्यासा ही है। सालों साल से सिवनी में पानी के संकट को झेल रहे हैं यहां के निवासी। अस्सी के दशक में जब भीमगढ़ बांध से पानी सिवनी में नहीं आता था, उस वक्त बबरिया और लखनवाड़ा से सिवनी को पानी प्रदाय किया जाता रहा है।
समय के साथ आबादी बढ़ी और सिवनी में पानी का संकट गहराने लगा। इसके लिए कांग्रेस के शासनकाल में नब्बे के दशक में सुआखेड़ा से लगभग 32 किलोमीटर लंबी पाईप लाईन डालकर सिवनी पानी लाया गया। इसमें बिजली की खपत बहुत अधिक होती है।
इसके साथ ही साथ सिवनी से लगभग 22 किलोमीटर दूर श्रीवनी में बने फिल्टर प्लांट से पानी साफ कर सिवनी लाया जा रहा है। यह बात किसी की समझ में नहीं आ पा रही है कि आखिर 22 किलोमीटर लोहे के पाईप में पानी साफ होकर कैसे बह रहा होगा। सियासी दलों के लिए पानी साफ आ रहा है पर जमीनी हकीकत कुछ और ही बयां कर रही है।
श्रीवनी के फिल्टर प्लांट से सिवनी तक आने वाली पाईप लाईन को मार्ग में पड़ने वाले गांवों के लोगों ने जहां तहां तोड़ दिया है। यह पाईप लाईन जब तब फूट जाती है। आज लोगों के घरों में पानी के साथ केंचुए और अन्य कीड़े निकल रहे हैं, पर सियासी दलों के लोगों के लिए पानी पूरी तरह साफ ही आ रहा है।
प्रदेश में भाजपा सत्ता में है, और कांग्रेस विपक्ष में। भाजपा का मौन यह साबित करने के लिए पर्याप्त है कि नगर पालिका प्रशासन जो कि भाजपा के कब्जे वाली है में लोगों को साफ सुथरा पानी प्रदाय किया जा रहा है। वहीं विपक्ष में बैठी कांग्रेस भी मौन है जिससे यह लगता है कि लोगों का प्रतिनिधित्व करने वाला अब बचा ही नहीं है कोई।
जिला चिकित्सालय सहित निजी चिकित्सालयों और चिकित्सकों के दरवाजे पर आंत्रशोध, पीलिया, गेस्टोइंटाईटिस आदि के मरीजों की लंबी लाईन शायद किसी अन्य वजह से ही दिखाई पड़ती है। जब कांग्रेस मौन है भाजपा संतुष्ट है तब यह मानना मजबूरी ही है कि इन बीमारियों की वजह पानी नहीं हो सकता है।
नगर पालिका परिषद द्वारा हर साल करोड़ों रूपए की फिटकरी से पानी का शोधन किया जाता है। युवा एवं उर्जावान जिला कलेक्टर अगर किसी के भी घर से एक बाल्टी पानी सामने से भरवाएं और उसमें फिटकरी घुमा दें, तथा आधे घन्टे बाद वे उस पानी को देखें तो पाएंगे कि बाल्टी की तली में काला मटमैला कचरा बैठा हुआ है।
समझदार और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक लोग तो फिटकरी या क्लोरीन का प्रयोग कर लेते हैं, पर गरीब आखिर कहां से लाए फिटकरी, या क्लोरीन! वह तो सीधे सीधे नलों से आने वाले पानी को गटक जाता है और तीन चार दिन बाद उसकी हालत बिगड़ने लगती है। लोगों को सिवनी में अमीबाईसिस की सबसे अधिक शिकायत का सामना करना पड़ता है।
नगर पालिका प्रशासन के साथ ही साथ शहर में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग ने भी इस संबंध में मौन ही साधे रखा है। देखा जाए तो पीएचई का यह दायित्व है कि वह लोगों को साफ पेयजल मुहैया हो, इस बारे में सुनिश्चित करे। घरों घर जाकर द्रव की शक्ल में शीशी में आने वाला क्लोरीन बांटे।
ऐसा नहीं कि पीएचई के पास क्लोरीन की शीशियां नहीं आती हैं, पर वे आती हैं तो कहां चली जाती हैं, यह शोध का विषय है। ऐसा नहीं कि जिला कलेक्टर सहित प्रशासन के अधिकारियों के घरों में अलग से पाईप लाईन डली हो। इनके घरों में भी पानी गंदा ही आता होगा, पर यह पानी निस्तार में चला जाता होगा। पीने के लिए प्रशासनिक अधिकारियों के घरों और कार्यालय में मंहगे फिल्टर लगे होंगे।
भारत गणराज्य में जनता का, जनता द्वारा, जनता के लिए शासन की अवधारणा प्रचलित है। इस लिहाज से प्रशासनिक अधिकारियों और जनसेवकों को अपनी सुविधाएं बाद में देखना चाहिए, पहले उन्हें आम जनता की सुध लेना चाहिए। विडम्बना ही है कि यहां उलट बंसी ही बज रही है। जिला कलेक्टर से जनापेक्षा है कि सिवनी के नागरिकों को कम से कम साफ पानी पीने को मिल सके इस तरह की व्यवस्थाएं सुनिश्चित करवाई जाएं।

बुधवार, 19 जून 2013

पुलिया में गिरी कार: 2 की मौत!

पुलिया में गिरी कार: 2 की मौत!

(जुगल किशोर श्रीवास)

कुरई (साई)। कुरई से दो किलोमीटर की दरी पर ग्राम कोदाझिरी के पास एन.एच.7 में जर्जर स्थिति स्थित पुलिया जिसमें उपर दीवार भी नहीं है वाहन क्रासिंग एवं तेज रफ्तार के चलते मारूति कार क्र. एम.एच.31सी एस 6948 दोपहर लगभग 02 बजे 15 फिट नीचे पुलिया मे जा गिरी।

यह कार सिवनी से नागपुर की ओर जा रही थी। इसमें सवार दो पुरूष एवं एक महिला कार में दब गये थे। ग्रामवासियों एवं पुलिस की भारी मशक्त के बाद तीनों को निकाला गया जिसमें से सतीश पिता पदमसिंग आसर उम्र 70 वर्ष नागपुर निवासी मृत हो गया था। तथा घायल श्रीमति श्यामा बाई पति सतीश आसर उम्र 65 वर्ष एवं सिरिस पाण्डेय उम्र 45 वर्ष को तत्काल संजीवनी 108 में  सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र कुरई से प्राथमिक के बाद सिवनी रिफर कर दिया गया। जहां श्रीमति श्यामा बाई आसर की मृत्यु हो गई। घायल सिरिस पाण्डेय का इलाज चल रहा है। एन.एच.7 की लापरवाही है कि ऐसी जर्जर पुलिया पर ना तो दीवार है और ना ही कोई संकेत है। भविष्य में फिर इसमें दुर्घटना हो सकती है।

शराब के पैसे से स्वागत की बात पर अण्णा नाराज

शराब के पैसे से स्वागत की बात पर अण्णा ना
राज

(अखिलेश दुबे)

सिवनी (साई)। प्रख्यात समाजसेवी अण्णा हजारे का स्वागत शराब के पैसों से किया जाएगा की खबर जैसे ही सोशल मीडिया पर उछली वैसे ही देश भर में यह खबर आग की तरह फैल गई। इस संबंध में अण्णा हजारे को जब आवगत कराया गया तो उन्होंन ेअपनी तल्ख नाराजगी इस पर जाहिर की।
समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया के महाराष्ट्र ब्यूरो से अतुल खरे ने बताया कि अण्णा के रालेगण सिद्धि स्थित गृह ग्राम में इस खबर की खासी प्रतिक्रिया रही। अण्णा के करीबी इस खबर से बेहद खफा बताए जा रहे हैं कि मध्य प्रदेश के सिवनी जिले में अण्णा का स्वागत शराब के पैसे से किया जाएगा।

साई न्यूज ब्यूरो अतुल खरे ने अण्णा के करीबी सूत्रों के हवाले से बताया कि अण्णा को यह बात नागवार गुजर रही है कि शराब के करोबारियों को उनके स्वागत में आगे किया जा रहा है। सूत्रों ने कहा कि अण्णा ने देश भर में शराब बंदी का मन बनाया हुआ है और वे अगले चुनावों में शराब के कारोबारियों को अपने आप से कतई नहीं जुड़ने देंगे।

लूघरवाड़ा के लॉन बंद कराने की मांग उठी!

लूघरवाड़ा के लॉन बंद कराने की मांग उठी!

ग्राम पंचायत हुई लान के विरूद्ध: विषाक्त भोजन से पांच गौवंश के मरने की खबर

(जितेश अवधवाल)

सिवनी (साई)। शहरी सीमा से लगे ग्राम लूघरवाड़ा में संचालित होने वाले तीन लॉन्स को बंद कराने की मांग एक बार फिर जोर पकड़ने लगी है। ग्राम पंचायत लूघरवाड़ा के पंच और स्थानीय निवासियों के पुरजोर विरोध को देखकर लग रहा है कि जिला प्रशासन इस दिशा में जल्द ही कोई कदम उठा सकता है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पिछले दिनों इन लॉन में आयोजित समारोहों में जूठन को बाहर फेंक दिया जाता है। पिछले दिनों सुदर्शन बघेल की तीन गाय, ईमान सिंह की एक और मेहतर यादव की एक गाय काल कलवित हो चुकी है। जिससे ग्राम में लान संचालकों के प्रति रोष और असंतोष का वातावरण बनने लगा है।
ज्ञातव्य है कि पूर्व में लूघरवाड़ा ग्राम के अनेक नागरिकों के हस्ताक्षर से युक्त एक लिखित शिकायत लूघरवाड़ा ग्राम पंचायत के सरपंच और सचिव को 17 जनवरी को प्रेषित की गई थी। प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत लूघरवाड़ा द्वारा भी इन लान को बंद कराने हेतु कलेक्टर को पत्र लिखा गया था।
हिन्द गजट कार्यालय को लूघरवाड़ा ग्राम पंचायत के लोगों द्वारा उपलब्ध कराई गई शिकायत की प्रति में लूघरवाड़ा ग्राम पंचायत द्वारा जिला कलेक्टर को 25 अप्रेल को लिखे पत्र क्रमांक 11 / ग्रा.पंचा. / लूघरवाड़ा / 2013 में साफ तौर पर इस बात का उल्लेख किया गया है कि 14 अप्रेल को ग्राम सभा की बैठक में यह प्रस्ताव पारित किया गया है कि लूघरवाड़ा में संचालित रजवाड़ा लान, गुरू कृपा लान औश्र दादा वाड़ी लान को बंद किया जाए।
लूघरवाड़ा की सरपंच श्रीमति सावित्री विश्वकर्मा एवं सचिव के हस्ताक्षरों से जारी इस पत्र में कहा गया है कि वैधानिक तरीके से प्रक्रिया पूर्ण किए बिना तीनों लान का संचालन किया जा रहा है। पत्र में आरोप लगाए गए हैं कि इससे ग्राम की शांति व्यवस्था भंग हो रही है साथ ही साथ समारोहों के दौरान आवागमन भी पूरी तरह बाधित हो जाता है।
समारोहों में बजने वाले साउंड सिस्टम के कारण विद्यार्थियों की पढ़ाई में खलल उतपन्न होता है और गांव के पशु खराब भोजन, पालीथिन, डिस्पोजेबल आदि खाकर बीमार पड़ रहे हैं, एवं कुछ की तो मृत्यु तक हो जाती है। सरपंच सचिव के हस्ताक्षरों से युक्त इस पत्र में जिला कलेक्टर के संज्ञान में यह बात भी लाई गई है कि आए दिन विवाह एवं अन्य समारोहों में उपस्थित लोगों और असमाजिक तत्वों द्वारा शराब पीकर झगड़े झांसे, गाली गलौच, मारपीट कर गांव का वातावरण दूषित किया जा रहा है, जिससे महिलाओं के साथ कभी भी किसी गलत घटना के घटने से इंकार नहीं किया जा सकता है।
इस आवेदन की प्रति ग्राम पंचायत लूघरवाड़ा द्वारा अनुविभागीय अधिकारी राजस्व सिवनी शहर एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत को भी प्रेषित की गई थी।

(क्रमशः जारी)

ठेकेदारों, शराब व्यवसाईयों के कारिंदों के चरित्र सत्यापन की मांग की प्रदीप ने

ठेकेदारों, शराब व्यवसाईयों के कारिंदों के चरित्र सत्यापन की मांग की प्रदीप ने

(गोपाल शर्मा)

सिवनी (साई)। जिले में चल रहे निर्माण कार्यों, झाबुआ पावर प्लांट में कार्यरत कर्मचारियों, शराब व्यवसाईयों के पास काम करने वालों और सड़क किनारे जहां तहां बैठकर पंचर सुधारने वाले कारिंदों का चरित्र सत्यापन प्राथमिकता के आधार पर कराया जाए।
जिला कलेक्टरेट के सूत्रों ने समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया को बताया कि उक्ताशय की मांग जिला सतर्कता एवं मानिटरिंग समिति की बैठक में युवा नेता प्रदीप पटेल द्वारा की गई। 29 मई को जिला कलेक्टरेट में संपन्न बैठक जिसकी अध्यक्षता जिला कलेक्टर भरत यादव द्वारा की गई थी में जिला कलेक्टर द्वारा समिति के सदस्यों से सुझाव चाले जाने पर समिति के सदस्य और लखनादौन विधायक के प्रतिनिधि प्रदीप पटेल द्वारा झाबुआ पावर प्लांट कार्यों से जुड़ी संस्थाएं (टीसीआईएल), एनएच सात के निर्माण कार्यों में लगी एजेंसी, शराब व्यापारियों के यहां कार्यरत कर्मचारियों का चरित्र सत्यापन किया जाए।
सूत्रों ने आगे कहा कि इसके साथ ही साथ लखनादौन विधायक प्रतिनिधि प्रदीप पटेल द्वारा सिवनी जिले से होकर गुजरने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग एवं राज्य मार्गों पर टायर वर्क्स की दुकानें संचालित करने वाले व्यक्तियों जो विशेषकर अन्य राज्यों से आते हैं का चरित्र सत्यापन की मांग की गई।
सूत्रों ने साई न्यूज को आगे बताया कि श्री पटेल की इस मांग का समिति के अन्य सदस्य तेईसिंह उइके एवं बिसन सिंह परतेती द्वारा किया जाकर बताया गया कि धनोरा, घंसौर एवं केवलारी में शराब व्यापारियों द्वारा गाड़ियों में शराब की पेटियां भरकर गांव में बेची जा रही हैं। ज्ञातव्य है कि घंसौर में मासूम गुडिया के साथ हाल ही में दुष्कर्म हुआ था और दुष्कर्म का आरोपी झाबुआ पावर प्लांट का कर्मचारी था, जिसका पुलिस वेरीफिकेशन नहीं किया गया था।
सूत्रों के अनुसार जिला कलेक्टर ने समिति के सदस्यों के सुझावों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस प्रशासन को निर्देश दिए हैं कि जिले भर में विशेषकर लखनादौन, धूमा, कुरई, घंसौर एवं धनोरा से जुड़े ठेकेदारों के स्टाफ का चारित्रिक रिकार्ड संबंधित थाना स्तर पर संधारित किया जाए।

सूत्रों का कहना है कि अवैध शराब के बिकने पर जिला कलेक्टर भरत यादव काफी नाराज हुए और जिला कलेक्टर ने यह आदेश दिया कि जिले के सभी अंचलों में अवैध रूप से शराब बेचने वालों पर दबिश डालकर इनको घेरने के लिए पुलिस एवं आबकारी विभाग संयुक्त अभियान चलाए और धरपकड़ की कार्यवाही करे।

नकली खाद बीज और किसान!

नकली खाद बीज और किसान!

(शरद खरे)

किसान देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है इस बात को आजादी के पहले से नेता कहते आए हैं। किसान असली अन्नदाता है। अगर किसान मेहनत करना छोड़ दे तो लोग भूखे मर जाएं। किसानों की बदहाली भी आजादी के उपरांत किसी से छिपी नहीं है। किसानों की दुर्दशा पर आंसू बहाने की फुर्सत किसी को नहीं है। किसानों के हित की बातें राजनेताओं के भाषणों में तो स्थान पा जाती हैं, पर जब अमली जामा पहनाने की बारी आती है तो मामला ठंडे बस्ते के हवाले हो जाता है।
सिवनी जिले में नकली खाद बीज बिकने की खबरें सालों से सुनी जाती रही हैं। आश्चर्य तो इस बात पर होता है कि प्रदेश सरकार की ओर से नकली खाद बीज रोकने की जवाबदेही जिन सरकारी अमलों पर आहूत होती है उन्हीं के द्वारा नकली खाद बीज प्रदाय किया जाए।
पिछले दिनों छपारा में नकली खाद बीज बिकने की खबर आई वह भी सरकारी सिस्टम से। जैसे ही यह बात सामने आई वैसे ही देश की अर्थ व्यवस्था की रीढ़ किसान की रूह कांप गई। अगर बीज ही नकली और घटिया क्वालिटी का होगा तो भला किसान को उपज का पूरा पैसा कैसे मिल सकेगा?
अधिवक्ता किसान अजय बाबा पाण्डे ने बीज विकास निगम के द्वारा बांटे जा रहे खाद के बोरों में टेग नहीं होना पाया गया। उन्होंने जब इस संबंध में वहां के प्रभारी श्री मांझी से संपर्क किया तो पता चला कि लिखा पढ़ी के लिए किसानों के खाद के बोरों से टैग निकाल लिए गए हैं।
जब अधिवक्ता किसान बाबा पाण्डे ने इस संबंध में गहरी छानबीन की और 44 बैग में टैग नहीं पाए तो उन्होंने पुनः श्री मांझी से कहा कि श्री मांझी के पास महज 12 टैग हैं और बाकी के 44 कहां गए? यह बात सच है कि अगर लिखा पढ़ी के लिए टैग निकाल लिए गए थे तो बाकी के टैग भी वहां होना चाहिए था।
इसी तरह एक अन्य किसान संतोष सिसोदिया ने बीज विकास निगम से जब 8 बोरी खरीदी और उसमें टैग नहीं पाए गए तो उन्होंने इसकी शिकायत की। कैश मेमो में भी बीज का लाट नंबर नहीं डाला गया था। इससे साफ हो जाता है कि कहीं ना कहीं दला में काला नहीं वरन यह तो दाल ही काली है।
शिकायतें यह भी हैं कि एफ वन क्वालिटी की गुणवत्ता वाले बीजों के स्थान पर एफ टू क्वालिटी की गुणवत्ता के बीच किसानों को बांटे जा रहे हैं। किसानों को बीज की क्वालिटी के बारे में ज्यादा जानकारी नहीं होती है पर अधिकारी जो इसके विशेषज्ञ हैं वे तो हर बात से वाकिफ हैं, फिर आखिर इस धांधली को कैसे अंजाम दिया जा रहा है।
कहा जा रहा है कि सालों से किसानों को सरकारी नुमाईंदे छलते आ रहे हैं। किसानों का हक मारा जा रहा है और जिला प्रशासन भी मूक दर्शक बना ही बैठा है। वैसे यह बात संतोषजनक मानी जाएगी कि युवा एवं उर्जावान जिला कलेक्टर भरत यादव द्वारा इस संबंध में स्पष्ट आदेश जारी कर इसे रोकने की बात कही है।
जिला कलेक्टर खुद तो एक एक सौसायटी में जाकर इसे देख नहीं सकते हैं। इसे देखने का काम तो जमीनी स्तर के अधिकारी कर्मचारियों को ही करना है। पर जब सारे कुंए में ही भांग धुली हो तो किया भी क्या जा सकता है। कलेक्टर के अधीन अनुविभागीय दण्डाधिकारी होते हैं।
एसडीएम के पास काम का बोझ होता है इस बात से इंकार नहीं किया जा सकता है, किन्तु एसडीएम के मातहत तहसीलदार, नायब तहसीलदार, पटवारी आदि तो इस काम को अंजाम दे सकते हैं, पर वे भी नीरो के मानिंद चैन की बंसी बजा रहे हैं मानो कुछ हुआ ही नहीं हो।
सुरसा की तरह बढ़ती मंहगाई के चलते किसानों की कमर पहले से ही टूटी पड़ी है। किसान किसी तरह जोड़ तगाड़ कर अपना घर चलाते हुए पैदावार बढ़ाने का जतन कर रहे हैं। किसानों को पानी के अभाव का सामना करना पड़ता है उपर से दूबरे पर दो असाढ़ की कहावत चरितार्थ कर उन्हें नकली खाद और बीज टिकाया जाए तो उनकी पैदावार कैसे बढ़ेगी?
वैसे भी किसानों का ज्यादातर पैसा साहूकारों की तिजोरियों में ही ब्याज भरते भरते चला जाता है। प्राकृतिक आपदाएं भी किसानों की रीढ़ तोड़कर रख देती हैं। आपदाओं के चलते शासन द्वारा तय की जाने वाली आनावारी भी किसानों के बीच की लागत तक नहीं निकाल पाती है। इन परिस्थितियों में किसान आखिर जाए तो जाए कहां?
एक ओर तो प्रदेश और केंद्र सरकार अपने बड़े बड़े विज्ञापनों में अपने आप को किसान हितैषी बताने से नहीं चूक रहे हैं वहीं दूसरी ओर उनके ही कारिंदे अगर थाली में छेद पर अमादा हैं तो फिर गल्ति तो निश्चित तौर पर निजामों की ही मानी जाएगी, क्योंकि उनके राज में कसावट का अभाव है।
बहरहाल, किसानों के साथ सिवनी जिले में होने वाले इस छल के लिए जवाबदेह अधिकारी कर्मचारियों के खिलाफ जिला प्रशासन समयसीमा में कठोर कार्यवाही करे ताकि आने वाले समय में कोई भी सरकारी नुमाईंदा किसानों को छलने की बात सपने में भी ना सोच सके।

मंगलवार, 18 जून 2013

वेतन के लाले हैं आयुष कर्मचारियों को

वेतन के लाले हैं आयुष कर्मचारियों को

(पीयूष भार्गव)

सिवनी (साई)। जिले में जिला आयुष अधिकारी की मनमानी चरम पर है, वहीं दूसरी ओर आयुष विभाग के कर्मचारियों का मई माह का वेतन आज तक नहीं निकल सका है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार जिला आयुष अधिकारी डॉ.एस.डी.गर्ग को प्रभार तो मिल गया है किन्तु आहरण वितरण अधिकार उनके पास ना होने से कर्मचारियों का वेतन अब तक नहीं निकल सका है।
जिला कलेक्टरेट के सूत्रों का कहना है कि इस संबंध में एक नोटशीट जिला कलेक्टर कार्यालय में चल रही थी, जिस पर आज यह आदेश किए गए हैं कि जिला आयुष अधिकारी कार्यालय के आहरण वितरण अधिकार उप जिलाध्यक्ष सुनीता खण्डाईत को दिए गए हैं।
संभवतः वे एक दो दिन में जिला आयुष अधिकारी कार्यालय के आहरण वितरण अधिकार प्राप्त करेंगी, जिसके उपरांत इस कार्यालय में कर्मचारियों के देयक बनाए जाकर जिला कोषालय भेजे जाएंगे। माना जा रहा है कि अगले सोमवार तक जिला आयुष अधिकारी कार्यालय के कर्मचारियों को वेतन प्राप्त हो सकता है।
0 अस्पताल में नहीं चिकित्सक
जिला आयुष अधिकारी का पदभार ग्रहण करने के उपरांत जिला चिकित्सालय की आयुष विंग सूनी ही नजर आ रही है। चिकित्सालय में ना तो कोई चिकित्सक ही अपनी सेवाएं दे रहा है और ना ही अन्य कर्मचारी।
बताया जाता है कि अपनी शिकायत से आजिज आकर डॉ.गर्ग ने जिला चिकित्सालय से आयुष विभाग के चिकित्सकों और कर्मचारियों को वापस बुलवा लिया है।
0 भटक रहे हैं पैंशनर्स
जिला चिकित्साालय में आर्युवेद पर भरोसा करने वाले पेंशनर्स को इससे सबसे ज्यादा तकलीफ हो रही है। पैंशनर्स आयुष विभाग में जाते हैं तो ना तो उन्हें देखने के लिए कोई चिकित्सक वहां मौजूद रहता है और ना ही उन्हें आर्युवेदिक दवाएं ही मुहैया हो पा रही हैं।

जिला प्रशासन से अपेक्षा है कि इस दिशा में शीध्र ही उचित कार्यवाही सुनिश्चित करे।

नाथ के स्वागत से गायब रहे हुकुम व दरबार

नाथ के स्वागत से गायब रहे हुकुम व दरबार

(अखिलेश दुबे)

सिवनी (साई)। केंद्रीय संसदीय कार्य और शहरी विकास मंत्री कमल नाथ के सिवनी आगमन पर जिला कांग्रेस कमेटी के महामंत्री और घंसौर क्षेत्र में हुकुम के नाम से मशहूर कुंवर शक्ति सिंह एवं लखनादौन नगर पंचायत के पूर्व अध्यक्ष दिनेश राय की अनुपस्थिति ने लोगों को चौंका दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार जिला मुख्यालय में परिवर्तन यात्रा का आगाज करने आए केेंद्रीय मंत्री कमल नाथ, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष कांति लाल भूरिया एवं विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह के द्वारा स्थानीय महावीर लान में एक कार्यक्रम रखा गया था।
बताया जाता है कि इस कार्यक्रम में जिला कांग्रेस कमेटी के अंदर व्याप्त विभिन्न धड़ों ने अपना असहयोग साफ तौर पर दर्शाया। एक समाचार पत्र में प्रकाशित समाचार (हिन्द गजट नहीं) के अनुसार कमल नाथ के सिवनी कार्यक्रम की पूर्व संध्या पर लखनादौन में कांग्रेस की बैठक में दिनेश राय ने शिरकत कर चौंका दिया। माना जा रहा था कि दिनेश राय 13 जून को कमल नाथ के समक्ष कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण कर लेंगे।
इस दिन लखनादौन घंसौर क्षेत्र से कांग्रेस के कार्यकर्ता तो उपस्थित हुए किन्तु इसमें कुंवर शक्ति सिंह के समर्थकों का टोटा साफ दिखाई पड़ा। कांग्रेस के खेमे में व्याप्त चर्चाओं को अगर सही माना जाए तो कुंवर शक्ति सिंह का अब कांग्रेस से मन भर चुका है।
वहीं पिछले कुछ दिनों से कुंवर शक्ति सिंह के भाजपा में जाने, केवलारी से दावेदारी पेश करने की खबरें आम हो रही थीं। माना जा रहा है कि कल तक कांग्रेस के कद्दावर नेता ठाकुर हरवंश सिंह की उंगली पकड़कर राजनीति के बियावान में राजनीति का ककहरा सीखने वाले कुंवर शक्ति सिंह उनके जाते ही अब कांग्रेस को ही आंखें दिखाने लगे हैं।
केवलारी से टिकिट की दावेदारी की खबरो ंने लोगों को चौंका दिया है। कांग्रेस में चल रही चर्चाओं के अनुसार हरवंश सिंह के अवसान के साथ ही कुंवर शक्ति सिंह के बारे में केवलारी की टिकिट मांगने की खबरें आना इस बात का घोतक है कि अब वे राजनीश सिंह पर दबाव बनाकर अन्य कहीं से टिकिट की दावेदारी करने जा रहे हैं।

कहा तो यह भी जा रहा है कि कुंवर शक्ति सिंह अब प्रेशर टेक्टिस अपनाकर कांग्रेस पर जमकर दबाव बना रहे हैं ताकि उन्हें जबलपुर जिले की सिवनी से लगी किसी सीट से कांग्रेस का टिकिट मिल सके।

मूत्रालय, शौचालय को तरसता शहर!

मूत्रालय, शौचालय को तरसता शहर!

(शरद खरे)

यह वाकई दुखद और निराशाजनक ही कहा जाएगा कि सिवनी शहर में सार्वजनिक स्तर पर ना तो मूत्रालय ना ही शौचालय ही हैं। नगर पालिका प्रशासन का यह दायित्व है कि वह नगर के लोगों को कम से कम जरूरी सुविधाएं तो उपलब्ध करवाए। नगर पालिका प्रशासन की हठधर्मिता के चलते दलसागर के मुहाने पर विसर्जन घाट पर अधबने शौचालय पर भी स्टे दे दिया गया है।
सिवनी शहर में कहने को तो बस स्टेंड के अंदर राज्य परिवहन का सुलभ शौचालय है। निजी बस स्टेंड पर सुलभ शौचालय है। बुधवारी बाजार में सिर्फ मूत्रालय है जिसे भी तोड़ने के षणयंत्र का ताना बाना बुना गया था। पुराने शौचालय जिन्हें चालू भाषा में बम पोलस भी कहा जाता था, एक दो जगह हैं पर दुर्गंध और गंदगी से बजबजा ही रहे हैं।
शहर की आबादी में इजाफा हुआ है इस बात से इंकार नहीं किया जा सकता है। लोगों को साफ सफाई, पानी, प्रकाश सड़क जैसी बुनियादी सुविधाओं की दरकार है। इसके साथ ही साथ सुलभ शौचालय की तो सबसे अधिक जरूरत है, पर इस ओर ध्यान देना किसी ने मुनासिब नहीं समझा है।
ऐसा नहीं है कि पार्षदों से उनके वार्ड की दुरावस्था छिपी हुई है। पार्षद भी अपने अपने वार्ड में विकास कार्य के नाम पर सिर्फ निर्माण कार्य ही करवाना चाहते हैं। ये निर्माण कार्य कितनी गुणवत्ता के होते हैं यह बात भी सभी जानते हैं। इसमें कमीशन का गंदा खेल भी किसी से छिपा नहीं हैं।
मूत्र विसर्जन और विष्ठा विसर्जन किसी के बस में नहीं है। कोई भी शौच या मूत्र को अधिक देर तक नहीं रोक सकता है। इन दोनों ही के निष्पादन के लिए उसे एक स्थान की आवश्यक्ता होती है। घरों में शौचालय या बाथरूम का उपयोग चौबीस घंटे में महज दस से पंद्रह मिनिट के लिए होता है पर घरों के निर्माण के समय इनकी अनदेखी नहीं की जाती है।
ठीक इसी तरह शहर के विकास के लिए मल त्यागने या मूत्र विसर्जन के लिए स्थान सुनिश्चित किया जाना अत्यंत आवश्यक है। सड़कों किनारे लोग पाखाना करते अलह सुब्बह दिख जाते हैं। सड़कों पर पड़ी मल की गंदगी दिन भर आने जाने वालों को परेशान ही किया करती है।
सिवनी में मूत्रालय की आवश्यकता सबसे अधिक है। इसका प्रत्यक्ष उदाहरण जनपद पंचायत और टेलीफोन एक्सचेंज के बीच की गली में देखा जा सकता हैै। इस गली से होकर शहर की शालाओं के विद्यार्थी विशेषकर छात्राएं बहुतायत में गुजरती हैं। मिशन शाला, गणेश चौक, कचहरी चौक, दलसागर के आसपास मूत्रालय ना होने से यह गली अब ‘‘पेशाब वाली गली‘ के नाम से पहचानी जाने लगी है जो नगर पालिका प्रशासन के मुंह पर तमाचे से कम नहीं है।
कुछ साल पहले हरे पीले रंग के प्लास्टिक के मूत्रालय नगर पालिका परिषद द्वारा खरीदे गए थे। गुणवत्ता विहीन इन डब्बों ने कुछ ही माह में दम तोड़ दिया। अब ये कहां हैं किसी को पता नहीं है। इसके परिणाम स्वरूप लोगों को दीर्घ या लघु शंका के लिए स्थान ढूंढना पड़ता है।
सिवनी शहर को काम्प्लेक्स या दुकानों का शहर बना दिया गया है यह बात भी जगजाहिर ही है। शहर में मकान कम दुकानें बहुतायत में है। कमोबेश हर घर में एक शटर लगा दिखाई दे जाता है। पता नहीं नगर पालिका की नजरों से ये बचे हुए कैसे हैं अब तक।
युवा एवं उर्जावान जिला कलेक्टर भरत यादव अगर शहर के समस्त शापिंग काम्प्लेक्स का अवलोकन कर लें तो वे पाएंगे कि शहर में किसी भी काम्प्लेक्स में (स्मृति धर्मशाला को छोड़कर) ना तो पार्किंग की सुविधा है, ना ही आवागमन के लिए कारीडोर की और ना ही मूत्रालय वहां है।
शहर के मुख्य बाजार बुधवारी में मूत्रालय का अभाव साफ दिखाई पड़ता है। बुधवारी में नगर पालिका के काम्प्लेक्स के मूत्रालय पर विदेशी शराब दुकान का कब्जा है, तो बारापत्थर के काम्प्लेक्स में मूत्रालय ना होने से अस्पताल के आसपास लोग लघुशंका करने पर विवश हैं।
शहर में महिलाओं के लिए प्रथक से मूत्रालय की व्यवस्था ना होने से महिलाओं विशेषकर ग्रामीण अंचलों से आने वाली महिलाओं को परेशानी का सामना करना पड़ता है। पुरूष वर्ग तो निस्तार के लिए कहीं भी खड़े हो जाते हैं पर महिलाओं की पीड़ा को आखिर कौन समझेगा? महिला संगठन, नगर पालिका की महिला पार्षद भी इस ओर ध्यान देना मुनासिब नहीं समझती हैं।

युवा एवं उर्जावान जिला कलेक्टर भरत यादव से अपेक्षा है कि शहर में मूत्रालय और शौचालयों की कमी को गंभीरता से लेते हुए शहर में इनकी व्यवस्था सुनिश्चित करवाने के लिए नगर पालिका प्रशासन को निर्देशित करें। साथ ही साथ इनके निर्माण में इस बात का भी विशेष ध्यान रखा जाए कि इनके निर्माण के चलते कहीं आवागमन, जनभावनाएं, धार्मिक भावनाएं आहत ना हों।