गुरुवार, 25 जुलाई 2013

आरटीई का पालन नहीं करने वाली शालाओं को नोटिस

आरटीई का पालन नहीं करने वाली शालाओं को नोटिस

(ब्यूरो कार्यालय)

सिवनी (साई)। बाल शिक्षा अधिकार अधिनियम 2009 के अंतर्गत वंचित/कमजोर वर्ग के बच्चों को अशासकीय विद्यालय की प्रथम प्रवेशित कक्षा में न्यूनतम 25 प्रतिशत सीटों पर निःशुल्क प्रवेश देने के निर्देश दिए गए थे, किन्तु जिले में 75 ऐसी अशासकीय शालायें हैं जिन्होंने अभी तक उनके विद्यालय की प्रथम प्रवेशित कक्षा में निःशुल्क प्रवेश हेतु सत्र 2013-14 में घोषित निर्धारित सीटों पर प्रवेश पूर्ण नहीं किया गया है।
जिला शिक्षा अधिकारी के अनुसार यह बाल शिक्षा अधिकार अधिनियम 2009 का उल्लंघन है। जिला कलेक्टर ने इसे गंभीरता से लिया है। इन अशासकीय विद्यालयों को कारण बताओ सूचना पत्र जारी किया जाकर तीन दिवस के भीतर जवाब चाहा गया है। संतोषजनक जवाब प्राप्त न होने पर बाल शिक्षा अधिकार अधिनियम-2009 के उल्लंघन के कारण संबंधित अशासकीय विद्यालयों की आगामी वर्षों की मान्यता वृद्धि नहीं की जावेगी, जिसके लिए संस्था प्रधान स्वयं जिम्मेदार होंगे।

विकासखण्ड सिवनी जनशिक्षा केंद्र
बंडोलः- संस्कार विद्या निकेतन बंडोल, सरस्वती ज्ञानमंदिर बंडोल, रत्नदीप विद्या.मंदिर बांकी।
गोपालगंजः- संस्कार विद्या मंदिर गोपालगंज।
नेताजी सुभाष चंद्र बोसः- मॉर्डन हा.से.स्कूल सिवनी, सरमाउन्ट प.स्कूल सिवनी, दून ब्लासम छिंदवाड़ा रोड सिवनी।
महारानी लक्ष्मी बाई कन्या शालाः- विनर कॉन्वेंट परतापुर रोड भैरोगंज, दिव्य ज्योति विद्या.मंदिर भैरोगंज, स्वामी विवेकानंद शिशु मंदिर भैरोगंज, केम्बि.ज.प.स्कूल बारापत्थर, रॉयल लॉर्ड प.स्कूल बारापत्थर, पब्लिक स्कूल डिवा कैरे. बारापत्थर, इन्टरनेशनल पब्लिक स्कूल बारापत्थर, उदय पब्लिक स्कूल बींझावाड़ा, सरस्वती ज्ञानमंदिर बींझावाड़ा, जैक एण्ड जिल बारापत्थर, लिटिल फ्लॉवर बारापत्थर, ऑलसेंट पब्लिक स्कूल बींझावाड़ा।
शास.कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय उर्दू सिवनीः- श्रीराम आदर्श विद्यालय कटंगी रोड, साकेत हाईस्कूल डूंडासिवनी, सरस्वती शिशु मंदिर बरघाट रोड डूंडा सिवनी, क्वीन मेरीज कॉन्वेंट स्कूल सिवनी, आयडियल पब्लिक बोरदई।
सागरः- सरस्वती शिशु मंदिर बखारी, ज्ञानपीठ शिशुमंदिर जाम।
मंुगवानीः- सरस्वती शिशुमंदिर जाम।
क.कान्हीवाड़ाः- रामानुजन शिवहरी, इंडियन इंग्लिश स्कूल कान्हीवाड़ा।
खैररांजीः- सरस्वती शिशुमंदिर खैररांजी, सरस्वती शिशुमंदिर देहवानी, नवोदित शिशु निकेतन सुनेहरा।
खैरापलारीः- प्रतिभा खापाबाजार, रामानुजन खैरापलारी, सरस्वती शिशुमंदिर लोपा, सूर्योदय विद्यामंदिर खैरापलारी, जागृति चिरचिराटोला।

विकासखंड केवलारी
बा.केवलारीः- भारत ज्ञानपीठ केवलारी, सरस्वती शिशुमंदिर केवलारी, सरस्वती शिशुमंदिर अहरवाड़ा, सरस्वती शिशुमंदिर केवलारी, दीप ज्योति केवलारी।
मोहबर्राः- गायत्री ज्ञान मंदिर रूमाल।
पांड्या छपाराः- मॉडल पब्लिक स्कूल पा.छपारा, प्रेरणा शिशुमंदिर जेवनारा, जागृति शिशुमंदिर खुरसुरा, आदर्श ज्ञानमंदिर पा.छपारा।
उगलीः- श्रृद्धा शिशुमंदिर घूरवाड़ा।
छींदाः- सरस्वती शिशुमंदिर टाली।

विकास खंड घंसौर
रानी दुर्गावती कॉन्वेंट स्कूल घंसौर, भावा अकादमी घंसौर, सरस्वती शिशु विद्या.मंदिर गोरखपुर,

विकासखंड धनौरा
सरस्वती शिशुमंदिर पिपरिया भसूड़ा पि., स्वामी विवेकानंद मझगंवा, शांति विद्यापीठ देवरीटीका, ज्ञानोदय विद्यापीठ धनौरा।

विकासखंड लखनादौन
क.लखनादौनः- लिटिल फ्लॉवर स्कूल लखनादौन, सरस्वती शिशुमंदिर निवारीटोला लखनादौन।
बा.लखनादौनः- सूर्योदय विद्यामंदिर लखनादौन।
गनेशगंजः- क्वीन मेरीज कॉन्वेंट शाला बाम्हनवाड़ा।
आदेगांवः- सरस्वती ज्ञानमंदिर आदेगांव, सरस्वती ज्ञानमंदिर विद्या.प्रेमनगर आदेगांव।
गनेशगंजः- क्वीन मेरीज कॉन्वेंट शाला गनेशगंज।
क.लखनादौनः- नेशनल स्टार लखनादौन।
सिहोराः- सरस्वती शिशुमंदिर सिहोरा।
बा.लखनादौनः- रेडीमंट इंग्लिश स्कूल लखनादौन।
लखनादौनः- चित्रांश विद्या निकेतन आदेगांव।

विकासखंड छपारा
चमारीखुर्दः- नवजागृति विद्या.चमारीखुर्द।

विकासखंड बरघाट
गंगेरूआः- अमरदीप पब्लिक विद्या.ताखलाकला।
अरीः- अमरदीप विद्या. अरी।
बुढ़ैनाकलाः- अखंडदीप विद्या.पखारा, सांई पब्लिक स्कूल विजयपानी।
बोरीकलाः- आइडियल पब्लिक स्कूल पिंडरईखुर्द।

धारनाकलाः- सरस्वती शिशुमंदिर धारनाकला।

अटल ज्योति छपारा में बनी अटक ज्योति

अटल ज्योति छपारा में बनी अटक ज्योति

(गजेंद्र ठाकुर)

छपारा (साई)। 22 जून को प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान सिवनी आए और अटल ज्योति अभियान की शुरूआत कर गए। इस योजना के तहत मध्य प्रदेश में हर जगह चौबीसों घंटे बिजली देने का प्रावधान किया गया है। अटल ज्योति अभियान प्रदेश भर में अटक ज्योति अभियान में तब्दील हो चुका है। सिवनी के विकास खण्ड मुख्यालय छपारा में कल रात से बिजली का अता पता ही नहीं है।
बैनगंगा के तट पर बसे छपारा के निवासियों का दुर्भाग्य ही कहा जाएगा कि वह हमेशा नारकीय जीवन भोगनें पर ही मजबूर हैं। ग्राम पंचायत द्वारा साफ-सफाई न करने के कारण गंदगी से परेशानी, मोटर खराब हो जाने से पानी न मिलना एक परेशानी, शराब की दुकान रिहायशी क्षेत्र में लगने से परेशानी, इन सब परेशानियों के बीच विद्युत मंडल के अधिकारियों की दयादृष्टि से 12-12 घंटे अंधेरे में रहने से भी परेशानी। कुल मिलाकर इन दिनों छपारा क्षेत्र के लोग सिर्फ परेशान हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बीती रात्रि 08 बजे से छपारा में बिजली गुल है, जिस ओर बिजली विभाग का कोई भी अधिकारी ध्यान नहीं दे रहा। आज अपरान्ह थोड़ी देर के लिए अवश्य लाईट आई फिर गायब हो गई। इस संबंध में जब कुछ लोग छपारा में पदस्थ बिजली विभाग के अफसरों से जानकारी लेने का प्रयास करते हैं तो उनकी तरफ से वही रटा-रटाया जवाब मिलता है कि लखनादौन से बिजली गुल है, परंतु कोई यह बताने की जहमत नहीं उठाता कि बिजली गुल होने का कारण क्या है?

वैसे अटल ज्योति योजना के शुभारंभ के बाद, अंधेरा कायम रहने के इस सिलसिले के चलते, शिवराज सिंह चौहान की कथनी और करनी में फर्क साफ ही दिखाई दे रहा है। जनचर्चा का विषय है कि अंधेरे में जीवन यापन करने को मजबूर छपारावासी चुनाव में कुछ अलग ही करेंगे। छपारा में इन पंक्तियों के लिखे जाने तक बिजली वापस नहीं लौटी थी।

क्या नाव किराए पर लेगी नगर पालिका!

क्या नाव किराए पर लेगी नगर पालिका!

(दादू अखिलेंद्र नाथ सिंह)

सिवनी (साई)। शहर में यह चर्चा आम हो गई है कि अपने कर्तव्यों के निर्वहन में पूरी तरह असफल नगर पालिका परिषद को अब नाव किराए पर ले लेनी चाहिए, क्योंकि जरा सी बारिश होने पर सारा शहर तालाब में तब्दील हो जाता है। सड़कों पर भरे पानी के कारण सड़कों के गड्ढ़े दिखाई नहीं पड़ते हैं और लोग दुर्घटना के शिकार हो रहे हैं।
ज्ञातव्य है कि शहर में लगातार हो रही बारिश के कारण शहर की अधिकांश सड़कें जलमग्न हो जाया करती हैं। कहा जा रहा है कि दूरदृष्टि के अभाव में पहले आओ पहले पाओ (कमीशन) के चलते जहां देखो वहां मनमर्जी की सीमेंट की कमजोर सड़कें बन चुकी हैं। इन सड़कों के आजू बाजू नालियां ही नहीं हैं। जहां नालियों के टेंडर हो चुके हैं वहां महीनों से नालियां नहीं बन पाई हैं।
वार्डवासियों के अनुसार जब नालियों का टेंडर लेने वाले ठेेकेदार से पूछा जाता है तो उनके द्वारा स्पष्ट कहा जाता है कि टेंडर लेने से क्या होता है। अध्यक्ष जी ने मना किया है कि फलां वार्ड का पार्षद, फलां पत्रकार, फलां नेता बदमाश है उसके वार्ड में, उसके घर के पास काम अभी नहीं करना है।
इसी के चलते नालियां ना होने, होने तो सफाई ना हो पाने के कारण गंदा बदबूदार पानी सड़कों पर से बहकर बीमारी को न्योता दे रहा है। दुर्गाचौक में मंदिर के सामने से नेहरू रोड़ को जोड़ने वाले मार्ग पर तो जरा सी बारिश में पानी सड़क के उपर लबालब हो जाता है जिसमें नाली की गंदगी उतराती दिख जाती है।
सड़कों पर भरे पानी के कारण दुपहिया वाहन सवारों को यह अंदाज लगाना मुश्किल होता है कि सड़क पर कहां, कितना बड़ा, कितना गहरा गड्ढ़ा है, और फिर क्या ‘छपाक‘ वाहन गड्ढ़े में जाकर समा जाता है एवं सवार गंदे पानी में ढेर। स्कूली छात्र छात्राओं को कमोबेश रोजना ही इस तरह की समस्याओं से दो चार होना पड़ रहा है।
सावन आने के पहले अषाढ़ माह में ही इंद्रदेव पहले तो मेहरबान दिखे पर फिर लगा कि प्रकृति से छेड़छाड़ से वे कुपित हो गए हैं और धरती वासियों को अपने कोप का भाजन बना रहे हैं। अषाढ़ में हुई अनवरत बारिश से शहर जब तब तालाब में तब्दील हो चुका है।

शहर की इस बदहाल स्थिति को देखकर अब लोग मन ही मन यह कहने पर मजबूर हो रहे हैं कि नगर पालिका परिषद को चाहिए कि लोकल ट्रांसपोटेशन (स्थानीय परिवहन) के लिए पालिका को अब बारिश के चार माह के लिए नाव किराए पर ले लेना चहिए, ताकि लोग नाव से एक मोहल्ले से दूसरे मोहल्ले आ-जा सकें, इससे लोगों के वाहन के तेल की बचत के साथ ही साथ दुर्घटनाएं भी कम हो जाएंगी।

सिवनी जिले में खुल सकता है डॉस बार!

सिवनी जिले में खुल सकता है डॉस बार!

(आशीष कौशल)

नागपुर (साई)। सर्वोच्च न्यायालय के दिशा निर्देशों के प्रकाश में अब डॉस बार एक बार फिर आबाद हो सकते हैं। वहीं महाराष्ट्र के गृह मंत्री द्वारा नया अध्यादेश लाकर डॉस बार नहीं खुलने देने की बात कही गई है। चर्चा है कि नेशनल हाईवे पर सिवनी जिले में डॉस बार खोलने की तैयारी की जा रही है।
नागपुर पुलिस के सूत्रों ने समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया को बताया कि सिवनी जिले के आधा दर्जन लोग इस बात के लिए खासे फिकर मंद हैं कि सर्वोच्च न्यायालय के दिशा निर्देशों के प्रकाश में सिवनी जिले में डॉस बार संचालित किए जाएं। वैसे भी डॉस बार कमाई का खासा जरिया माने जाते हैं।
वहीं, सिवनी में चल रही चर्चाओं के अनुसार डॉस बार के लिए लोगों को पेंच नेशनल पार्क में टुरिया के आसपास, जिला मुख्यालय की सीमा के क्षेत्र सहित खवासा से लखनादौन तक सड़क किनारे इन डॉस बार के लिए जगह मुफीद लग रही है। इसके लिए लोगों द्वारा बने बनाए होटल्स को चिन्हित किया जा रहा है।
वहीं, मुंबई से समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया के ब्यूरो से अतुल खरे ने मुंबई पुलिस सूत्रों के हवाले से बताया कि सिवनी के व्हाईट कालर नेता नुमा ठेकेदारों द्वारा मुंबई में बार बालाओं से संपर्क कर उन्हें सिवनी जाकर मुजरा करने का सौदा भी किया जा रहा है। इस सौदे में वर्तमान में बात सतही तौर पर ही भाव ताव तय करने तक ही सीमित है।
चर्चा तो यहां तक है कि ‘सुरा और सुंदरी‘ के शौकीन धनपतियों द्वारा इस काम के लिए आगे आए लोगों की हौसला अफजाई भी की जा रही है। सिवनी जिले की सीमा में खवासा से लखनादौन तक हाल ही के सालों में निर्मित किए गए होटलों (ढाबे नहीं) के संचालकों द्वारा अपने होटल किराए पर देकर पर्दे के पीछे रहकर डॉस बार खुलवाने का काम किए जाने की चर्चाएं भी तेज हो गई हैं।

वहीं, सामाजिक तौर पर डॉस बार खुलने की खबरों से लोगों की पेशानी पर चिंता की बूंदे स्पष्ट दिखाई देने लगी हैं। एक सज्जन ने नाम उजागर ना करने की शर्त पर कहा कि हद हो गई, अभी तक तो कमर में बंदूक टांगकर सिवनी को बिहार बनाने की जुगत में थे लोग पर अब तो डॉस बार खुलवाकर ये लोग सिवनी को ‘गर्म गोश्त‘ की मण्डी बनाने पर तुल गए हैं। अगर ऐसा हुआ तो सिवनी में बाहर से जरायमपेशा लोग बहुतायत में आने लगेंगे और सिवनी का बचा खुचा अमन चैन भी छिन जाएगा।

फोरलेन का दुखड़ा

फोरलेन का दुखड़ा

(शरद खरे)

वर्ष 2008 के उपरांत सड़कों के मामले में सिवनी वासियों की किस्मत बेहद खराब मानी जा सकती है। 2008 के विधानसभा चुनावों के दौरान ही सिवनी में एनएचएआई के फोरलेन पर षणयंत्र का ताना बाना बुना गया। इस ताने बाने में तत्कालीन जिला कलेक्टर पिरकीपण्डला नरहरि की भूमिका भी संदिग्ध ही मानी जा सकती है क्योंकि उस समय बिना किसी को विश्वास में लिए ही 18 दिसंबर 2008 को पिरकीपण्डला नरहरि ने एक आदेश जारी कर सड़क निर्माण में आने वाली वन और गैर वन भूमि पर से पेड़ों की कटाई प्रतिबंधित कर दी थी।
इसके बाद 2009 की गर्मियों में जनमंच का गठन हुआ। जनमंच ने इस सड़क को बनवाने के हर संभव प्रयास आरंभ में किए, किन्तु शनैः शनैः जनमंच से भी लोगों का भरोसा उठने लगा और इसके बाद लोगों की रूचि इस दिशा में लगभग समाप्त ही हो गई। कोई ना कोई राजनैतिक शक्ति भले ही वह कांग्रेस या भाजपा से जुड़ी रही हो ने इस सड़क के लिए हुए हर आंदोलन में दिशा भटकाने का ना केवल जबर्दस्त काम किया है, वरन् वह अपने इरादों में सफल भी रही है। इसी बीच शराब व्यवसाई रहे और लखनादौन मस्जिद के सरपरस्त, वरिष्ठ अधिवक्ता तथा राय पेट्रोलियम के संचालक दिनेश राय के नेतृत्व में लखनादौन जनमंच का गठन भी किया गया। इस संगठन ने भी दिल्ली लखनादौन एक कर दिया, पैसा पानी की तरह बहाया। अपने काम को जस्टीफाई करने के लिए पत्रकारों के दल को कई बार अज्ञात व्यक्ति के खर्च पर दिल्ली की सैर करवाई गई। चर्चा और चटखारों में पत्रकारों के दल को ‘आईपीएल‘ की टीम की संज्ञा भी दी गई, क्योंकि शराब उत्पादक विजय माल्या ने आईपीएल में टीम खरीदी थी और यहां शराब व्यवसाई पत्रकारों को कथित तौर पर खरीद रहा था। एक बार हाईवे जाम करने पर तत्कालीन एडीएम अलका श्रीवास्तव ने लिखित आश्वासन दिया था इस सड़क को बनाने का। इस तरह का प्रचार मीडिया में हुआ था। एडीएम अलका श्रीवास्तव का वह पत्र या तो दिनेश राय की बैठक की शोभा बढ़ा रहा होगा या फिर रद्दी की टोकरी में पड़ा होगा पर सड़क नहीं बन पाई यही अंतिम सत्य है।
इस सड़क का काम जिला कलेक्टर के आदेश से रोका गया था। कलेक्टर के आदेश को कमिश्नर या राजस्व मण्डल में चुनौति दी जा सकती थी। चुनौति दी भी गई पर प्रतीकात्मक। बताते हैं, तत्कालीन आयुक्त ने ऑफ द रिकार्ड कह दिया अरे सब जानते तो हैं, उपर से प्रेशर है। बस हो गया चुनौति का निराकरण। प्रदेश में भाजपा सरकार है, कांग्रेस विपक्ष में है। केंद्र में बिल्कुल उलट स्थिति है। बावजूद इसके इस सड़क को बनवाने के लिए ना कांग्रेस संजीदा है ना ही भाजपा फिकरमंद नजर आती है।
इस सड़क पर सैकड़ों निरीह, निरपराध लोगों की जान जा चुकी है। इनकी गैर इरादतन हत्याओं का पाप किसके सर मढ़ा जाएगा? निहित स्वार्थों की पूर्ति होने पर सभी अपने अपने बिलों में दुबककर बैठ जाते हैं नहीं हुई तो सड़कों पर शेर बनकर गरजते नजर आते हैं। दरअसल, इस तरह के लोग शतुर्मुग के मानिंद होते हैं। जो समझते हैं दुनिया के बाकी लोग बेवकूफ और अंधे हैं, उन्हें कुछ दिखाई नहीं पड़ रहा है। वे शतुर्मुग की तरह अपना सर रेत में गड़ाकर समझते हैं कि उन्हें कोई देख नहीं रहा है।
सिवनी का सौभाग्य था कि एक बड़े अफसरान की तैनाती जबलपुर में हुई और किस्मत से वे नागपुर के रहने वाले निकले। दो तीन बार सड़क मार्ग से जाने पर उन्हें इसकी जर्जरावस्था का अहसास हुआ। कहते हैं कि उन्होंने तत्कालीन जिला कलेक्टर अजीत कुमार सहित अपने विभाग के आला अफसरान को बुलाया और सड़क को निश्चित समय सीमा में सुधारने का फरमान जारी कर दिया। साथ ही साथ इस सड़क के आवश्यक सुधार के लिए कोर्ट में परिवाद लगाने का मशविरा भी दिया। कहा जाता है कि एक अधिकारी ने इसकी खबर जनमंच को भी दी पर परिवाद नहीं लगाया जा सका, क्योंकि पुराने परिवाद ही लंबित थे। अगर नया परिवाद लगाया जाता तो आज स्थिति कुछ ओर होती। सिवनी के एक वरिष्ठ अधिवक्ता इस पूरे वाक्ये के साक्षात गवाह भी हैं।
बहरहाल, जबलपुर में तैनात उक्त वरिष्ठ अधिकारी जो सिवनी मूल के निवासी नहीं थे, की व्यक्तिगत रूचि के चलते सिवनी से खवासा का सड़क का हिस्सा मोटरेबल हो गया। इससे स्पष्ट हो जाता है कि अगर नेता, स्वयंसेवी संगठन, सांसद विधायक, एनएचएआई, जिला प्रशासन चाहता तो यह हिस्सा 2008 से ही चलने लायक रहता। अगर नहीं हुआ तो सभी की नियत पर संदेह करना वाजिब है! अब हर कोई इसके 2013 तक मोटरेबल ना हो पाने के लिए अपने अपने तरीके से अपनी सफाई पेश करे पर अंतिम सत्य यही है कि 2008 के बाद एक अधिकारी जो सिवनी मूल का नहीं था की व्यक्तिगत रूचि के चलते यह मार्ग 2013 में ही मोटरेबल हो पाया, जबकि सर्वोच्च न्यायालय द्वारा 2012 जनवरी में ही प्रकरण अपने पास से डिस्पोज कर दिया गया था। हमें यह कहने में कोई संकोच नहीं कि सिवनी के नेता, यहां तक कि निहित स्वार्थों को मूल मंत्र मानकर मीडिया के पेशे में आए चुनिंदा कथित मीडिया मुगल भी पूंजीपति धनाड्य नेतानुमा ठेकेदारों के हाथों की कठपुतली बने रहे।
एक बार फिर यह सड़क मार्ग बुरी तरह जर्जर हो चुका है। समाजसेवी नरेंद्र ठाकुर ने इसके सुधार के लिए कलेक्टर से गुहार लगाकर जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कठोर कार्यवाही की मांग की है। ‘देर आयद दुरूस्त आयद‘ की तर्ज पर नरेंद्र ठाकुर का यह कदम स्वागत योग्य है। जिला कलेक्टर से अपेक्षा है कि इस सड़क के इस दर्द को अपने कठोर शब्दों वाले डीओ लेटर के रूप में एनएचएआई के आला अधिकारियों को भेजें और जमीनी हकीकत से आवगत कराते हुए भविष्य के खतरे के प्रति आगाह करवाएं।

बुधवार, 24 जुलाई 2013

अंततः प्रशासन ने ली आयुष कर्मियों की सुध

अंततः प्रशासन ने ली आयुष कर्मियों की सुध

(पीयूष भार्गव)

सिवनी (साई)। लंबे समय से चर्चाओं का केंद्र बना जिले का आयुष विभाग एक बार फिर सुर्खियों में है। दैनिक हिन्द गजट द्वारा ‘वेतन के लाले हैं आयुष विभाग में‘ शीर्षक से समाचार प्रकाशन के उपरांत प्रशासन हरकत में आया और आज डिप्टी कलेक्टर सुनीता खण्डाईत द्वारा आयुष विभाग के वेतन देयकों को कोषालय भेजने की कार्यवाही की गई।
जिला कलेक्टरेट के सूत्रों ने समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया को बताया कि हिन्द गजट में समाचार प्रकाशन के उपरांत प्रशासन हरकत में आया है। आज डिप्टी कलेक्टर सुश्री खण्डाईत में देयकों को देखकर उन्हें कोषालय भेजा गया। सूत्रों ने बताया कि जिला आयुष अधिकारी द्वारा प्रेषित इन देयकों में अनेक कर्मचारियों के वेतन अकारण रोके गए हैं।
सूत्रों के अनुसार जब अकारण ही कर्मचारियों के वेतन रोकने की बात सुश्री खण्डाईत के संज्ञान में लाई गई तो उन्होंने तत्काल इस पर संज्ञान लेकर किसी का भी वेतन अकारण ना रोके जाने के निर्देश दिए हैं। ज्ञातव्य है कि आयुष विभाग में यह चर्चा तेजी से चल रही है कि अपने खिलाफ हुई शिकायतों से खफा होकर जिला आयुष अधिकारी डॉ.सतीश चंद्र गर्ग द्वारा कर्मचारियों को जबरन प्रताड़ित किया जा रहा है।

वहीं कोषालय के सूत्रों का कहना है कि उन्हें प्राप्त देयकों में कई जगह पर सफेदा लगाकर कांट छांट की गई है। कहा जा रहा है कि देयकों में एक बार फिर सुधार कर बुधवार को उन्हें कोषालय भेजा जा सकता है। तब जाकर कहीं गुरूवार को आयुष विभाग के कर्मचारियों को जून माह का वेतन नसीब हो सकता है।

एनएचएआई के दोषी अधिकारियों पर कार्यवाही की गुहार लगाई गुड्डू ने

एनएचएआई के दोषी अधिकारियों पर कार्यवाही की गुहार लगाई गुड्डू ने

(अखिलेश दुबे)

सिवनी (साई)। राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक सात की दुर्दशा और बारिश में आए दिन लगने वाले जाम से आजिज आकर सामाजिक कार्यकर्ता नरेंद्र ठाकुर द्वारा जिला कलेक्टर से एनएचएआई के जवाबदेह अधिकारियों पर कठोर कार्यवाही करने की मांग की है।
आज जिला कलेक्टर भरत यादव को सौंपे एक पत्र में नरेंद्र ठाकुर ने कहा है कि सिवनी जिले सहित जबलपुर, बालाघाट, मण्डला, नरसिंहपुर आदि जिलों के मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए नागपुर जाने हेतु एनएच 7 ही इकलौता विकल्प है। साथ ही साथ उपरोक्त समस्त जिले व्यापार, रोजगार आदि के लिए भी एनएच सात पर ही निर्भर हैं। इस तरह देखा जाए तो यह सड़क इन जिलों के लिए जीवन रेखा से कम नहीं है।
नरेंद्र ठाकुर ने अपने पत्र में आगे कहा है कि सिवनी जिले के मोहगांव से लेकर खवासा तक का मार्ग पूरी तरह जर्जरावस्था को पा चुका है, जिससे यहां प्रतिदिन घण्टों जाम लगा रहता है। इतना ही नहीं सड़क के इस हिस्से में अनेकों दुर्घटनाएं घटी हैं जिसमें ना जाने कितनी मौतें हो चुकी हैं। आलम यह है कि इस जर्जर सड़क से होकर गुजरने वाले एंबूलेंस में भी जाम में फंसकर अनेक जाने जा चुकी हैं।
उन्होंने कहा कि वर्तमान में कुरई और खवासा के बीच पचधार नदी का पुल बुरी तरह जर्जर हो चुका है। इस मार्ग से हल्के वाहन ही होकर गुजरने की इजाजत दी गई है। यहां से भारी वाहन गुजरना प्रतिबंधित कर दिया गया है। ज्ञातव्य है कि उक्त पुल काफी पुराना और जर्जर हो चुका है।
नरेंद्र ठाकुर ने कहा कि एनएचएआई के ध्रतराष्ट्र बने अधिकारियों को इस पुल की स्थिति काफी पहले देखकर इसका निर्माण करवा लिया जाना था, वस्तुतः ऐसा हुआ नहीं है। उन्होंने पुरजोर तरीके से इस बात को कहा है कि एनएचएआई के जिम्मेदार अधिकारियों कर्मचारियों की लापरवाही, उदासीनता, अदूरदर्शिता के चलते आज यह जीवन रेखा बंद होने के कगार पर है। इसके चलते सिवनी सहित पड़ोसी जिलों को काफी अधिक मात्रा में आर्थिक और जनजीवन की हानि उठानी पड़ रही है।

नरेंद्र ठाकुर ने जिला कलेक्टर से अपील की है कि उक्त सड़क एवं पचधार के पुल की दुर्दशा के लिए जिम्मेदार भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अधिकारियों के खिलाफ कठोर कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।

एचपीसीएल के नौ पेट्रोल पंप संचालित हैं सिवनी में

एचपीसीएल के नौ पेट्रोल पंप संचालित हैं सिवनी में

(नन्द किशोर)

भोपाल (साई)। हिन्दुस्तान पेट्रोलियम कार्पोरेशन लिमिटेड द्वारा प्रदेश के सिवनी जिले में नौ पेट्रोल पंप आवंटित किए गए हैं। इनमें से अनेक पंप नियमों को बलाए ताक पर रखकर अपना काम कर रहे हैं।
हिन्दुस्तान पेट्रोलियम कार्पोरेशन लिमिटेड के सूत्रों ने समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया को बताया कि सिवनी जिले में एचपीसीएल द्वारा आवंटित इन पेट्रोल पंप में हिन्दुस्तान पेट्रोलियम कार्पोरेशन लिमिटेड की सूची में 424 नंबर पर जनरल ट्रेडिंग कार्पोरेशन, बस स्टेंड सिवनी दर्ज है जिसके प्रोप्राईटर अब्बास भाई हैं।
इसी तरह 425 नंबर पर प्रदीप चंद मालू के स्वामित्व वाला मेसर्स नेमी चंद मालू पंप, 426 नंबर पर दीपेंद्र सिंह करवेती के स्वामित्व मंें मेसर्स साई कृपा पंप, 427 नंबर पर बारापत्थर खवासा में श्रीमति तमन्ना मालू के स्वामित्व वाला मेसर्स ओम साई एचपी पंप, 428 नंबर पर कचहरी चौक लखनादौन में अभिलाषा गोल्हानी के स्वामित्व वाला भीष्म पेट्रोलियम दर्ज है।
सूत्रों ने साई न्यूज को आगे बताया कि हिन्दुस्तान पेट्रोलियम कार्पोरेशन लिमिटेड की सूची में मण्डला रोड़ केवलारी का राम कुमार ठाकुर के स्वामित्व वाला मेसर्स राम पेट्रोलियम नंबर 429 पर दर्ज है। 430 नंबर पर धनोरा में दीपेश जैन के स्वामित्व वाला मेसर्स राजदीप फ्यूल्स दर्ज है।

सूत्रों ने यह भी बताया कि 431 नंबर पर लखनादौन के बम्होड़ी में शराब व्यवसाई रहे, लखनादौन मस्जिद के सरपरस्त, वरिष्ठ अधिवक्ता तथा लखनादौन बार काउॅंसिल के अध्यक्ष, नगर पंचायत लखनादौन के पूर्व अध्यक्ष दिनेश राय के स्वामित्व वाला राय पेट्रोलियम दर्ज है। इसके साथ ही साथ 432 नंबर पर पंकज कुमार अग्रवाल के स्वामित्व वाला बरगी रोड घंसौर का पंकज कार्पोरेशन वाला पंप दर्ज है।

भारी दबाव में काम कर रही है कोतवाली पुलिस!

भारी दबाव में काम कर रही है कोतवाली पुलिस!

(दादू अखिलेंद्र नाथ सिंह)

सिवनी (साई)। जिला मुख्यालय की कोतवाली पुलिस का स्वास्थ्य बेहतर नहीं माना जा सकता है। कोतवाली पुलिस को भारी दबाव का सामना करना पड़ रहा है। यह दबाव अपराधियों या जरायमपेशा लोगों का नहीं वरन् सियासी लोगों का है। जी हां, पुलिस सूत्रों का यही दावा है।
पुलिस सूत्रों ने समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया को बताया कि कोतवाली सीमा के अंदर होने वाले अपराधों में अपराधी को पकड़कर कोतवाली लाने के पहले ही जिम्मेदार पुलिस अधिकारियों के पास उन्हें छुड़ाने के लिए मोबाईल फोन पहुंच जाते हैं। कई बार तो जिम्मेदार पुलिस अधिकारियों को यह भी पता नहीं होता है कि आखिर फोन किसे और किस जुर्म के तहत पकड़े जाने पर छुड़ाने के लिए किया जा रहा है।
पुलिस सूत्रों ने साई न्यूज को बताया कि एक बार तो नगर कोतवाल को शहर में कहीं सार्वजनिक स्थान पर दारू खोरी होने की सूचना मिलने पर, उन्होंने पुलिस पार्टी इन सुरा प्रेमियों को पकड़ने रवाना की। सूत्रों की मानें तो पुलिस पार्टी इन दारू खोरों को पकड़कर कोतवाली ला भी नहीं पाई और नगर कोतवाल के पास फोन पर फोन आने आरंभ हो गए कि फलां को छोड़ दिया जाए।
सूत्रों ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के शासनकाल में पुलिस पर हर कदम पर बनने वाले इस राजनैतिक दबाव के चलते पुलिस कर्मी स्वच्छंद सांसे भी नहीं ले पा रहे हैं। सूत्रों का कहना है कि वरिष्ठ पुलिस अधिकारी तो अब किसी के लिए भी आने वाले सियासी तौर पर सिफारिशी फोन को मीडिया तक पहुंचाने का मन भी बना रहे हैं।
पुलिस सूत्रों का कहना है कि कोतवाली सिवनी में जबर्दस्त तरीके से राजनैतिक दखलंदाजी बढ़ चुकी है। यह आलम तब है जब सिवनी जिले के तीन भाजपा विधायकों में से एक भी मंत्री नहीं है। आम आदमी आज अपने साथ हुई घटना की रपट थाने में लिखवाने से गुरेज ही करने लगा है।
यातायात पुलिस भी चेहरा देख देखकर ही लोगों के चालान बना रही है। पुलिस अधीक्षक निवास को जिला कलेक्टर के निवास को जोड़ने वाले सिवनी के अघोषित ‘राजपथ‘ पर सड़क पर ही लोगों द्वारा अपने अपने वाहन पार्क कर दिए जाते हैं जिससे आवागमन प्रभावित हुए बिना नहीं रहता है। यह स्थिति तब भी जस की तस ही बनी रहती है जब शाम ढलते ही यातायात पुलिस द्वारा बाहुबली चौक पर वाहनों की चेकिंग की जाती है।

वहीं, जिला चिकित्सालय के सामने बने शापिंग कॉम्पलेक्स में रात गहराते ही शोहदों और मनचलों की भीड़ जमा होने लगती है। सियासी दखलंदाजी के चलते पुलिस का खौफ अब कम हो चुका है। आलम यह होता है कि शहर के ‘राजपथ‘ पर लगने वाले अण्डों के ठेलों और आसपास की जगहों पर सरेआम मदिरापान किया जाता है। सुबह जब दुकानदार अपने प्रतिष्ठान पहुंचते हैं तो कई बार उन्हें वहां शराब की साबुत अथवा फूटी बोतलें, डिस्पोजेबल ग्लास, पानी और नमकीन के पाउच पड़े मिलते हैं।

खतरे में भीमगढ़ बांध!

खतरे में भीमगढ़ बांध!

(शरद खरे)

सिवनी जिले के लिए संजय सरोवर परियोजना वाकई एक नायाब तोहफा है तत्कालीन कबीना मंत्री विमला वर्मा का। एशिया के सबसे बड़े मिट्टी के बांध की परिकल्पना जिस उद्देश्य को लेकर की गई थी, कालांतर में वह उद्देश्य कुछ फीका सा पड़ता दिखाई दे रहा है। इस बांध के पानी का उपयोग केवलारी और पलारी क्षेत्र के लोग ही कर पा रहे हैं। वैसे जिला मुख्यालय में इस बांध से पेयजल प्रदाय किया जा रहा है।
जिला मुख्यालय से लगभग चालीस किलोमीटर दूर अवस्थित भीमगढ़ बांध परियोजना का काम 1972 में आरंभ किया गया था। 243 करोड़ 47 लाख रूपए की प्रस्तावित लागत से उस समय निर्मित इस बांध की लंबाई 3991.15 मीटर है। यह सिवनी की पुण्य सलिला बैनगंगा नदी के उद्गम मुण्डारा से नदी मार्ग से लगभग साठ किलोमीटर दूर स्थित है। इसके पक्के बांध की लंबाई 279.81 मीटर, एवं उंचाई 42.67 मीटर है। बांध की पूर्ण जलस्तर क्षमता 410 मीटर एवं अनुपयोगी जल संग्रहण क्षमता 97 मीटर है।
ज्ञातव्य है कि इस बांध के निर्माण के दौरान 43 ग्राम डूब क्षेत्र में आये थे लेकिन इस क्षेत्र में संग्रहित पानी से कुल कृषि योग कमांड क्षेत्र 1 लाख 36 हजार 305 हेक्टेयर है, सिंचाई योग कमांड क्षेत्र 81839 हेक्टेयर है। प्रस्तावित वार्षिक सिंचाई सिवनी जिले में 67630 हेक्टेयर है तथा बालाघाट में 37623 हेक्टेयर इस तरह इनका योग 105253 हेक्टेयर है।
उल्लेखनीय है कि इस बांध को नहर प्रणाली से 3 भागों में विभाजित किया गया है, जिनमें भीमगढ़ दायींतट नहर के अंतर्गत वार्षिक सिंचाई 44 हजार 697 हेक्टेयर भूमि पर की जाती है, तिलवारा बायीं तट नहर से वार्षिक सिंचाई 18977 हेक्टेयर पर, रूमाल एवं बरगुर नहर से वार्षिक सिंचाई 3956 हेक्टेयर भूमि पर इसी तरह बालाघाट जिले में भी इसका विभाजन दो नहरों के माध्यम से किया गया है, जिसमें ढूंढी बायीं तट नहर से वार्षिक सिंचाई 35144 हेक्टेयर भूमि पर एवं ढूंढी दायीं तट नहर से रवि सिंचाई 2479 हेक्टेयर भूमि में की जाती है। सिवनी एवं बालाघाट जिलों में इन नहरों के माध्यम से सिवनी जिले के 193 ग्राम लाभांवित होते है वहीं बालाघाट जिले के 114 ग्राम इस तरह 307 ग्रामों को इसका लाभ मिलता है। सिंचाई के साथ साथ इस बांध के माध्यम से प्रस्तावित जल विद्युत क्षमता 4 यूनिट या 3450 किलोवाट की है। गौरतलब बिन्दु यह है कि इस सरोवर से सिवनी शहर में 5 एम.जी.डी पेयजल सप्लाई किया जाना प्रस्तावित था और छपारा ग्राम में 0.5 एम.जी.डी. का प्रावधान किया गया था।
इस तरह इतनी सारी खूबियें को अपने अंदर समेटने वाले भीमगढ़ बांध को कुछ सालों पहले पर्यटन के लिए भी तैयार करवाया जा रहा था। पर्यटक तो यहां आना चाहते हैं, यहां की खूबसूरत वादियां और अथाह जलराशि देखते ही बनती है। विदेशी पक्षियों का यहां डेरा होता है जो पर्यटकों को बरबस ही आकर्षित करता है। विडम्बना ही कही जाएगी कि भीमगढ़ बांध के आसपास पर्यटकों को दिन दो दिन क्या घंटे दो घंटे रूकने के लिए भी छत मुहैया नहीं होती है। यही कारण है कि पर्यटक यहां आने से कतराने लगे हैं। अगर भीमगढ़ बांध के आसपास सरकारी और गैर सरकारी तौर पर रूकने की व्यवस्था उपलब्ध हो जाए तो इस बांध के आसपास चहल पहल बढ़ सकती है।
खुफिया सूत्रों द्वारा यह भी सूचना सामने आई कि इस बांध पर आतंकी खतरा मण्डरा रहा है। इस बांध को अगर नक्सली या आतंकियों ने अपना शिकार बना लिया तो निश्चित तौर पर केवलारी और बरघाट विधानसभा क्षेत्र के साथ ही साथ बालाघाट, भण्डारा जिलों में कहर बरप सकता है। यह तो संतोष की बात है कि जिला कलेक्टर ने इस बात को संजीदगी से लेकर सिंचाई विभाग के अधिकारियों को इसकी सुरक्षा के लिए ताकीद कर दिया है।
वैसे भीमगढ़ बांध की सुरक्षा और संधारण के लिए समय रहते उचित कदम उठाए जाने आवश्यक हैं। बारिश का मौसम है, इस मौसम में भीमगढ़ बांध का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। अभी सावन का महीना आरंभ ही नहीं हुआ और भीमगढ़ के दो गेट खोलने पड़ गए जिससे बारिश के तेज का अंदाजा लगाया जा सकता है। अब सावन भी लग चुका है। सावन और भादों में पानी गिरेगा ही, इस पानी से भीमगढ़ में जलस्तर तेजी से बढ़ेगा इस बात से इंकार नहीं किया जा सकता है। भीमगढ़ में पानी के बढ़ते स्तर की सतत मानिटरिंग की जरूरत है।
कहा जा रहा है कि इस बांध के निरीक्षण के लिए तैनात सरकारी मुलाजिम इस ओर झांकना भी अपनी गरिमा के प्रतिकूल समझते हैं। बारिश में कई बार भीमगढ़ बांध तक पहुंचना मुश्किल होता है। कई बार तो बारिश का कहर इतना तेज होता है, कि जलस्तर तेजी से बढ़ने लगता है। इस तरह की परिस्थितियां वाकई विस्फोटक होती हैं। एक बार मुलताई के एक डेम में जलस्तर तेजी से बढ़ गया था और संबंधित स्टाफ मौके पर नहीं पहुंच सका था। उस समय यहां भारी तबाही हुई थी।

संवेदनशील जिला कलेक्टर भरत यादव ने इस बांध का निरीक्षण भी किया है, जो सराहनीय ही कहा जाएगा। जिला कलेक्टर से अपेक्षा है कि अथाह जलराशि अपने अंदर समेटे भीमगढ़ बांध की सुरक्षा और संधारण के लिए सिंचाई विभाग को कड़े निर्देश दें। साथ ही साथ यह भी सुनिश्चित करें कि उनके निर्देशों का अनुपालन सही तरीके से हो रहा है। यह वाकई एक संवेदनशील मामला है जिसमें जरा सी चूक भी भारी तबाही का कारण बन सकती है।