रविवार, 8 सितंबर 2013

हुकुम से भयाक्रांत नजर आ रहे रजनीश

हुकुम से भयाक्रांत नजर आ रहे रजनीश

दिनेश पटेल के कारण हो रहे रजनीश बुरी तरह बदनाम

(पीयूष भार्गव)

सिवनंी (साई)। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और केवलारी में चार बार परचम लहराने वाले मरहूम हरवंश सिंह ठाकुर के पुत्र रजनीश सिंह भले ही केवलारी विधानसभा क्षेत्र में अपने चाटुकार मीडिया के माध्यम से यह प्रचारित करवाने में सफल हो रहे हों कि वे केवलारी से कांग्रेस उम्मीदवार घोषित हो चुके हैं पर हरवंश सिंह द्वारा पोषित घंसौर क्षेत्र के नेता कुंवर शक्ति सिंह जिन्हें लोग हुकुम के नाम से भी जानते हैं, उनकी राह में कांटे ही कांटे बिखराते जा रहे हैं।
कहा जा रहा है कि हरवंश सिंह ने अपने सियासी जीवन में मैनेज करने वाली राजनीति ही की है। चाहे विमला वर्मा को घर बिठाने का षणयंत्र रहा हो या फिर जिले में कांग्रेस संगठन को नेस्तनाबूत करने का काम हो। हरवंश सिंह ने कांग्रेस के अति महात्वाकांक्षी लोगों को चिन्हित कर उनके माध्यम से इस काम को बखूबी अंजाम दिया है। हरवंश सिंह के निधन के उपरांत कांग्रेस के लोगों की जुबानें खुलना आरंभ हुईं और अब वे एक दूसरे को बता रहे हैं कि किस तरह हरवंश सिंह ने उन्हें अस्त्र की तरह इस्तेमाल कर अपना उल्लू सीधा किया है।

हरवंश ने किया उपयोग
कुंवर शक्ति सिंह ने कई बार इस बात को दोहराया है कि उनका उपयोग कर हरवंश सिंह ने घंसौर क्षेत्र की कद्दावर नेता, प्रदेश की मंत्री और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष रहीं उर्मिला सिंह (वर्तमान में महामहिम राज्यपाल, हिमाचल प्रदेश) को रास्ते से हटवाया था। शक्ति सिंह को रूपहले पर्दे का शक्ति कपूर जैसा विलेन बनाकर रख दिया हरवंश सिंह ने।

स्वीकारोक्ति के बाद भी मौन डीसीसी
कांग्रेस के अंदर अब अनुशासनहीनता शगल बनता जा रहा है। दरअसल, अनुशासनहीनता करने और उसके बाद सीना ठोंककर उस अनुशासनहीनता की गर्व के साथ स्वीकारोक्ति के बाद भी जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा अपने कार्यकर्ताओं के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्यवाही न किया जाना इसकी सबसे बड़ी वजह है। कुंवर शक्ति सिंह द्वारा सरेआम यह कह दिया गया कि उन्हें टिकिट नहीं मिली तो वे निर्दलीय मैदान में उतरेंगे, बावजूद इसके जिला कांग्रेस कमेटी ‘अज्ञात‘ भय के चलते शक्ति सिंह के खिलाफ कार्यवाही से कतरा रही है।

डरे हुए हैं रजनीश
कुंवर शक्ति सिंह द्वारा लगाई गई इस दहाड़ के बारे में जब ‘समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया‘ ने जिला कांग्रेस महामंत्री रजनीश सिंह से संपर्क किया और फोन पर उनसे शक्ति सिंह की इस हुंकार के बारे में प्रतिक्रिया जाननी चाही तो रजनीश सिंह ने मौन ही साधे रखा। जब जिला महामंत्री रजनीश सिंह से यह पूछा गया कि क्या जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा शक्ति सिंह की इस दहाड़ के बाद उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्यवाही जैसा कदम उठाएगी? इस पर भी रजनीश सिंह ने अपनी चुप्पी नहीं तोड़ी।

उगलत निगलत पीर घनेरी
उधर, ‘बर्रा दरबार‘ के भरोसेमंद सूत्रों का कहना है कि दरअसल, रजनीश सिंह इस बात से बुरी तरह डरे हुए हैं कि अगर जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा कुंवर शक्ति सिंह के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्यवाही की जाती है तो शक्ति सिंह इस कदर ‘रायता‘ फैलाएंगे कि रजनीश सिंह को केवलारी में चुनाव जीतना तो दूर लड़ने में भी पसीना आ जाएगा। अगर वे कार्यवाही नहीं करवाते हैं तो कार्यकर्ताओं में यह संदेश जा रहा है कि जिस तरह की राजनीति हरवंश सिंह द्वारा की गई अब वही राजनीति कुंवर शक्ति सिंह द्वारा की जा रही है और रजनीश सिंह अपने लाभ हानि के चक्कर में पार्टी को ही दांव पर लगा रहे हैं। कुल मिलाकर रजनीश सिंह के सामने उगलत निगलत पीर घनेरी की स्थिति निर्मित हो चुकी है।

दिनेश पटेल और सचिव होंगे पोलिंग एजेंट!

छपारा और केवलारी क्षेत्र में चल रही चर्चाओं के अनुसार कांग्रेस भाजपा की नूरा कुश्ती जारी है। भाजपा के निचले दर्जे के कार्यकर्ता इस बात से हैरान हैं कि आखिर कांग्रेस के क्षत्रप रहे हरवंश सिंह के राजनीति में अभी अचानक उभरे पुत्र रजनीश सिंह के कथित संरक्षण वाले छपारा कला ग्राम पंचायत के सचिव लक्ष्मण सिंह और केवलारी के शिक्षक दिनेश पटेल के खिलाफ भाजपा सरकार कार्यवाही करने से कतरा क्यों रही है? अब तो लोग यह भी कहने लगे हैं कि भाजपा के जिला स्तर के बड़े नेता ही रजनीश सिंह के विजय के मार्ग प्रशस्त करने पर तुले हुए हैं। वरना क्या कारण है कि मीडिया में खबरों के बाद भी इनके खिलाफ कोई कार्यवाही नहीं हो पा रही है। वहीं अब यह चर्चा भी आम हो गई है कि भाजपा ने केवलारी में रजनीश सिंह के सामने हथियार डाल दिए हैं, और दिनेश पटेल, लक्ष्मण सिंह सहित सरकारी कर्मचारी ही रजनीश सिंह के पोलिंग एजेंट बने नजर आएं तो किसी को आश्चर्य नहीं होना चाहिए।

गौतम थापर की जेब में है प्रदूषण नियंत्रण मण्डल

आदिवासियों को छलने में लगे गौतम थापर . . . 12

गौतम थापर की जेब में है प्रदूषण नियंत्रण मण्डल

थापर के इशारों पर कत्थक कर रहा है पीसीबी


(ब्यूरो कार्यालय)

घंसौर (साई)। मध्य प्रदेश का प्रदूषण नियंत्रण मण्डल (पीसीबी) पिछले कुछ दिनों से देश के मशहूर उद्योगपति गौतम थापर के अवंथा समूह के सहयोगी प्रतिष्ठान् झाबुआ पावर लिमिटेड के लिए प्राईवेट लिमिटेड कंपनी बनकर काम करता दिख रहा है। पर्यावरण के प्रहरी के बतौर भूमिका निभाने के बजाय यह सरकारी संस्थान झाबुआ पावर लिमिटेड की मदद में ज्यादा दिलचस्पी दिखा रहा है। मध्य प्रदेश के सिवनी जिले के आदिवासी बाहुल्य घंसौर तहसील में स्थापित होने वाले 1260 मेगावाट (कागजों पर 1200 मेगावाट) के पावर प्लांट के मामले में कमोबेश यही कुछ होता दिख रहा है।
गौरतलब है कि वर्ष 2009 मेें 22 अगस्त को इस पावर प्लांट के पहले चरण की लोकसुनवाई में पीसीबी ने अपनी वेब साईट पर इस लोकसुनवाई के बारे में मौन साधे रखा था। बाद में जब इस मामले में शोर शराबा मचाया गया तब जाकर पीसीबी की वेब साईट पर इसे 17 अगस्त को बमुश्किल अपलोड किया गया था। ठीक इसी तर्ज पर इस साल 22 नवंबर को हुई लोकसुनवाई में तो पीसीबी ने कमाल ही कर दिया। पीसीबी ने अपनी वेब साईट पर लोकसुनवाई की तिथि और अन्य विवरण के बारे में 22 नवंबर तक मौन साधे रखा।
पीसीबी के द्वारा ही इस लोकसुनवाई को आहूत किया गया था। इस लोक सुनवाई में लोगों को पर्यावरण के प्रभावों के बारे में ही न पता चले इसका पूरा पूरा बंदोबस्त कर रखा था प्रदूषण नियंत्रण मण्डल ने। मध्य प्रदेश की संस्कारधानी जबलपुर के सीमावर्ती सिवनी जिले में संभागीय मुख्यालय जबलपुर से महज सौ किलोमीटर दूर लगने वाले झाबुआ पावर प्लांट के इस संयंत्र के बारे में प्रदूषण नियंत्रण मण्डल की वेब साईट का मौन रहना आश्चर्य जनक ही माना जा रहा है।
22 नवंबर को जब संचार क्रांति का अभिनव उदाहरण देते हुए आदिवासी बाहुल्य ग्राम गोरखपुर में लेपटाप पर वहां उपस्थित संयंत्र प्रशासन और जनसुनवाई कराने आए मेजबान प्रदूषण नियंत्रण मण्डल के अधिकारियों को वेब साईट दिखाई गई तो उनके हाथों से तोते उड़ना स्वाभाविक ही था, क्योंकि उन्हें आशा ही नहीं थी कि मौके पर भी कोई उन्हें ऐसा करारा तमाचा मार सकता है।
आनन-फानन 23 नवंबर को पीसीबी ने अपनी वेब साईट को अपडेट किया पर तब तक तो जनसुनवाई ही हो चुकी थी। विधि विशेषज्ञों का मानना है कि इस तरह की गफलत अगर पीसीबी के अधिकारियों ने की है तो यह तो घोर अनियमितता की श्रेणी में आता है और चूंकि इंटरनेट का मामला है अतः इसका रिकार्ड आसानी से उपलब्ध हो सकता है, इन परिस्थितियों में 22 नवंबर की जनसुनवाई ही शून्य मानी जानी चाहिए।

विडम्बना तो देखिए प्रदूषण नियंत्रण मण्डल द्वारा गौतम थापर की देहरी पर मुजरा करते हुए न केवल इसे वैधानिक माना गया वरन, पीसीबी की अनुशंसा पर केंद्रीय वन एवं पर्यावरण विभाग की एनओसी भी गौतम थापर के कदमों में लाकर रख दी गई।

अंडर वर्ल्ड को भा सकती है सिवनी की शांति

अंडर वर्ल्ड को भा सकती है सिवनी की शांति

लखन कुंवर की नगरी के रास्ते आमद दे सकता है सिवनी में अंडर वर्ल्ड

(महेश रावलानी/अय्यूब कुरैशी)

सिवनंी (साई)। लखन कुंवर की नगरी में पिछले एक दशक से आरंभ हुई भौंडे प्रदर्शन की परंपरा अगर सिवनी का अमन चैन छीन ले तो किसी को आश्चर्य नहीं होना चाहिए। जिले में मनोरंजन के नाम पर रूपहले पर्दे के थर्ड ग्रेड के अदाकारों को बुलवाकर शराब के नशे में उल जलूल प्रदर्शन करवाकर नई संस्कृति का आगाज किया गया, जिसकी परिणिति में अंडर वर्ल्ड की सिवनी में आमद की संभावना के बतौर देखा जा रहा है।
ज्ञातव्य है कि नगर पंचायत के अध्यक्ष रहते हुए शराब करोबारी रहे, लखनादौन मस्ज़िद के सरपरस्त (जबकि इस्लाम में शराब को हराम माना गया है) लखनादौन बार एसोसिएशन के अध्यक्ष (राय पेट्रोलियम के संचालक, जबकि एडव्होकेट एक्ट के तहत अधिवक्ता अन्य कोई व्यवसाय नहीं कर सकता) सिवनी से निर्दलीय चुनाव लड़ चुके दिनेश राय उर्फ मुनमुन द्वारा जनता की अदालत में जाने का ढोंग रचा गया था।

हर साल जाते रहे जनता की अदालत में
वे लगातार हर साल जनता की अदालत में जाते रहे हैं। जनता से समर्थन पाने का उनका तरीका भी नायाब ही बताया जाता रहा है। इसे इत्तेफाक ही माना जाए कि वे सिवनी से विधानसभा चुनाव नहीं जीते वरना सिवनी में भी हर साल वालीवुड के थर्ड ग्रेड के सितारे आते और शराब के नशे में ठुमके लगाकर सिवनी की संस्कृति में अश्लीलता परोस जाते।

तरीका रहा शानदार
प्रत्यक्ष दर्शियों के अनुसार जनता की अदालत में जाने के स्वांग के बीच ही एनाउंसमेंट होता कि जो दिनेश राय से सहमत है वह हाथ उठाए। इसके साथ ही आसमान में आतिशबाजी छोड़ दी जाती और लोग हाथ उठा उठाकर एक दूसरे को आतिशबाजी दिखाते। इसी बीच 53 ग्रेड की सीमेंट के मानिंद उनके चाटुकार मीडिया पर्सन्स इसे अपने कैमरे में कैद करते और फिर क्या, दिनेश राय की वाहवाही की गूंज चहुंओर हो जाती।

इतिहास गौरवशाली है सिवनी का
सिवनी का इतिहास बहुत ही शानदार रहा है। सिवनी का हर नागरिक गर्व के साथ सिवनी का नागरिक होने का दावा इसलिए करता है क्योंकि सिवनी में गंगा जमुनी संस्कृति के साथ ही साथ यहां सामाजिक, व्यवहारिक, राजनैतिक भाईचारा और संयमित जीवन शैली पटी पड़ी है।

हाथ में लट्ठ नहीं देखा पर वो टांगते हैं कमर में पिस्टल!
सिवनी का इतिहास गवाह है कि यहां आज तक कोई भी व्यक्ति हाथ में लट्ठ लेकर नहीं घूमता नजर आया है, पर लखनादौन नगर पंचायत के पूर्व अध्यक्ष दिनेश राय उर्फ मुनमुन को पता नहीं किससे खौफ है कि वे हर वक्त कमर में रिवाल्वर लटकाए घूमते नजर आते हैं। सिवनी मेें आधे से ज्यादा लोगों ने रिवाल्वर या तो सिनेमा में ही देखी होगी या फिर चित्रों में। कहा जाता है कि दिनेश राय उर्फ मुनमुन के इर्द गिर्द जुटने वाली भीड़ उनके आकर्षण के बजाए उनकी कमर में टंगे होस्टलर के अंदर फंसी रिवाल्वर को देखने ज्यादा उमड़ती है।

पति की बजाए पुत्र की परंपरा का पालन
अब तक का इतिहास इस बात का साक्षी है कि पिता या माता के आचरण का अनुपालन पुत्र या पुत्री द्वारा किया जाता रहा है। पर लखन कुंवर की नगरी में उलट बंसी बज रही है। लखनादौन के ‘मर्द‘ दिनेश राय के हवाले से मीडिया में जो बात परोसी गई है उसके मुताबिक लखनादौन नगर परिषद् की अध्यक्ष श्रीमती सुधा राय अपने पति या अन्य वरिष्ठ परिजनों के कामों या परंपराओं का अनुसरण करने के स्थान पर अपने पुत्र दिनेश राय की परंपराओं को ही आगे बढ़ा रही है। उसी क्रम में लखनादौन में जनता की अदालत का कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। लोगों का कहना है कि पुत्र की परंपराओं का अनुपालन बहुत ही अच्छी बात है पर अगर वे अपने पति या अन्य किसी वरिष्ठ पारिवारिक सदस्य की परंपराओं का अनुपालन करतीं तो यह वाकई अनुकरणीय ही होता।

भोगमान भोगेंगे खुद, कहां है आयकर विभाग!
मीडिया में अपनी वाहवाही लूटने के चक्कर में दिनेश राय उर्फ मुनमुन के हवाले से यह भी प्रकाशित किया गया है कि जनता की अदालत के इस आयोजन का खर्च भी दिनेश राय और श्रीमती सुधा राय द्वारा ही उठाया जाएगा। इसके पहले सालों साल जनता की अदालत का स्वांग रचा गया और हर बार उसका खर्च दिनेश राय द्वारा उठाया जाना दर्शाया गया है। सवाल यह उठता है कि इस साल रवीना टंडन, मोनिका बेदी जैसे सितारे आ रहे हैं, क्या ये महज दो चार हजार रूपए पारिश्रमिक लेकर आ रहे होंगे? जाहिर है नहीं? ये लाखों के नीचे तो बात भी नहीं करते हैं। इन परिस्थितियों में यक्ष प्रश्न फिर वही खड़ा हुआ है कि आखिर कल तक सायकल को मोहताज लखनादौन में मिलन होटल के बाजू में पीसीओ और फोटोकॉपी की दुकान चलाने वाले एक शख्स के पास कौन सा अलाऊद्दीन का चिराग आ गया है और वह रातोंरात इतना दौलतमंद हो गया है कि वह दोनों हाथों से पैसा लुटा रहा है। धार्मिक आयोजनों में बढ़ चढ़कर पैसा बांट रहा है। इस तरह के भौंडे प्रदर्शन में करोड़ों उड़ा रहा है। आखिर इन परिस्थितियों में आयकर विभाग का मौन यही साबित कर रहा है मानो आयकर विभाग का मुंह भी भारी भरकम थैली रखकर बंद कर दिया गया है।

सेट है कांग्रेस भाजपा
कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी को धूल चटाने वाले जिले के इकलौते कथित मर्द (पिछले विधानसभा में दिनेश राय उर्फ मुनमुन द्वारा खुद को मर्द कहा गया था, जो काफी हद तक मजाक का विषय बना रहा) के खिलाफ कांग्रेस और भाजपा के साथ ही साथ गोंडवाना गणतंत्र पार्टी भी कार्यवाही से कतराती है। लखन कुंवर की नगरी में बच्चे बच्चे की जुबान पर चर्चा है कि अगर दिनेश राय उर्फ मुनमुन के खिलाफ कोई भी कार्यवाही की गई तो रात की ‘पर्ची‘ बंद हो जाएगी और फिर सोडे की डकार के लिए अंटी के पैसे खर्चने होंगे। इसके साथ ही साथ यह भी कहा जा रहा है कि कांग्रेस और भाजपा के नेता इसलिए भी लखनादौन नगर परिषद् के कामों में हस्ताक्षेप नहीं कर पा रहे हैं क्योंकि दोनों दलों के आला नेताओं की भागीदारी, अनेक कामों में एक नेता विशेष के साथ है।

मोनिका बेदी का आना. . .
अंडर वर्ल्ड डॉन अबू सलेम की घोषित माशूका रही हैं मोनिका बेदी। मोनिका बेदी से अबू सलेम बेइंतहा मोहब्बत करता है, यह बात भी आईने की तरह ही साफ है। नगर परिषद् लखनादौन के अध्यक्ष के चुनावों के दर्मयान भी श्रीमती सुधा राय जिनकी छवि भद्र, घरेलू, कुलीन एवं आदर्शवादी महिला की है के द्वारा अपनी छवि से हटकर मोनिका बेदी को प्रचार हेतु बुला भेजा था। उस दौरान सोशल मीडिया पर मोनिका बेदी के लखन कुंवर की नगरी आकर उसे अपवित्र करने की बातें सामने आईं। इसके बाद पता नहीं कैसे बाकी के कलाकार तो आए पर मोनिका बेदी प्रचार में नजर नहीं आईं।

अंडर वर्ल्ड के लिए बन रहा रास्ता
कहा जा रहा है कि मोनिका बेदी को बार बार सिवनी जिले की सरजमीं पर लाने के प्रयासों से जाने अनजाने में अंडरवर्ल्ड के लोगों के लिए सिवनी में आमद के लिए उपजाऊ माहौल तैयार किया जा रहा है। पता नहीं लखन कुंवर की नगरी की नगर पंचायत में ऐसा कौन सा झाड़ लगा हुआ है जिसके पत्ते तोड़कर यहां के अध्यक्ष रातों रात धन्ना सेठ बन जाते हैं। इसके बाद हर साल जनता की अदालत में जाने के बहाने वालीवुड के थर्ड ग्रेड के कलाकरों को बुलवाकर फूहड़ता का प्रदर्शन करने से बाज नही आते हैं। वस्तुतः श्रीमती सुधा राय को अपनी अच्छी छवि और आयु के अनुरूप एक साल पूरे होने पर लखनादौन में अखंड रामायण पाठ, भागवत कथा जैसे धार्मिक आयोजन कराना चाहिए था। लोग तो यह कहने से भी नहीं चूक रहे हैं कि श्रीमती सुधा राय नाती पोतों वाली हो चुकीं हैं इस तरह के भौंडे आयोजन न तो उन्हें कराने चाहिए और न ही देखने की ही उनकी उम्र है। अगर उन्हें धर्म कर्म में आस्था नहीं है तो अपनी आयु के अनुरूप वे कवि सम्मेलन का आयोजन करवा देतीं तो आलोचना से बच सकतीं थीं।

कहा जा रहा है कि मोनिका बेदी के आगे पीछे अबू सलेम के गुर्गे एकाध सप्ताह पहले से सिवनी में आकर डेरा डाल लेंगे। उस वक्त सिवनी के नवागत पुलिस अधीक्षक बी.पी.चंद्रवंशी के लिए एक नया सरदर्द खड़ा हो सकता है। यह भी माना जा रहा है कि सिवनी की शांत फिजां और ढीला पोला लचर खुफिया सूचना तंत्र इन गुर्गों के लिए मुफीद साबित हो सकता है। सिवनी में अगर अंडरवर्ल्ड के लोगों की आमद हुई तो वह लखनादौन के रास्ते ही सबसे सुलभ मानी जा रही है।

शनिवार, 7 सितंबर 2013

नये राज्य से खुलेंगे विकास के द्वार

नये राज्य से खुलेंगे विकास के द्वार

विदर्भ के निर्माण की मांग के समर्थन में आगे आये महाकौशल का प्रस्तावित संभाग

(ब्यूरो कार्यालय)

सिवनी (साई)। आंध्रप्रदेश में पृथक तेलंगाना की मांग पूरी होने के साथ ही देश भर में नये प्रदेशों के निर्माण की मांग सम्बंधी जो आंधी चली है शायद वह इस अभागे और पिछड़े क्षेत्र के विकास में सहायक साबित हो सकती है। ज्ञातव्य है कि नये राज्यों की मांग के सिलसिले में महाराष्ट्र की उत्तरी सीमा में फैले लगभग एक दर्जन जिलों को मिलाकर नये विदर्भ प्रांत के गठन की मांग भी शामिल है।
यह सर्वविदित है कि प्रस्तावत विदर्भ राज्य की सीमा मध्यप्रदेश के जबलपुर संभाग के उन तीनों जिलों सिवनी, छिंदवाड़ा और बालाघाट को छूती हैं जिन्हें मिलाकर नये संभाग के गठन की घोषणा प्रदेश के मुखिया द्वारा पांच साल पहले की गयी थी किंतु इन पांच सालों में वह घोषणा पांच कदम भी आगे नहीं बढ़ पाई।
नये प्रदेश के गठन और उसमें तीनों जिलों के शामिल होने की बात न तो कोरी कल्पना है, न असंभव और न ही मजाक। आधी सदी पहले तक सिवनी छिंदवाड़ा और बालाघाट जिले सी पी एण्ड बरार नामक उस ही प्रदेश के अंग थे जिसकी राजधानी नागपुर थी। राज्यों के पुनर्गठन के समय 1957 में उस प्रदेश के दो भाग कर सी पी अर्थात मध्यप्रांत को नवगठित मध्यप्रदेश में और बरार अर्थात विदर्भ को नये महाराष्ट्र राज्य में शामिल कर दिया गया।
मध्यप्रांत के साथ ही मध्यप्रदेश के वर्तमान तीन और तत्कालीन दो जिले बालाघाट एवं छिंदवाड़ा भी नये मध्यप्रदेश का हिस्सा बन गय थे। स्मरणीय है कि उस समय तक सिवनी जिले का अस्तित्व नहीं था बल्कि यह छिंदवाड़ा जिले की एक तहसील मात्र थी। नवगठित प्रदेश की राजधानी भोपाल है जिसकी दूरी बालाघाट से 500 कि.मी. सिवनी से 400 कि.मी. और और छिंदवाड़ा से 325 कि.मी. है।
इसके विपरीत पुराने प्रदेश की राजधानी और प्रस्तावित विदर्भ प्रदेश की राजधानी नागपुर की उपरोक्त तीनों ही जिलों से दूरी सवा सौ कि.मी. से अधिक नहीं है। यह भी सभी लोग भलीभांति जानते हैं कि इन तीनों ही जिलों के लोगों का व्यावसायिक, शैक्षणिक, सामाजिक और विशेषकर चिकित्सकीय सम्बंध अभी भी सबसे अधिक नागपुर से ही है। बालाघाट जिले का अधिकांश भूभाग, सिवनी जिले का दक्षिणी सीमांत क्षेत्र और छिंदवाड़ा जिले का एक तिहाई भाग महाराष्ट्र खासकर विदर्भ की संस्कृति से अत्याधिक प्रभावित है जहां की बोलचाल में भी उस संस्कृति का प्रभाव साफ नजर आता है।

ऐसी स्थिति में यदि केंद्र सरकार नये प्रदेशों के गठन पर नये सिरे से विचार करना प्रारंभ करती है तो प्रस्तावित संभाग के तीनों जिलों के राजनेताओं को इस पिछड़े क्षेत्र के उत्थान के लिये विदर्भ प्रदेश में सम्मिलित होने के लिये सयंुक्त रूप से प्रयास करना चाहिये। यह सर्वविदित है कि राजधानी के निकट होने का लाभ राजनेताओं और आम नागरिकों को मिलता है। हमेशा राजधानी के निकट वाले क्षेत्रों के विकास को पंख लग जाते हैं जबकि दूरस्थ क्षेत्र विकास में हमेशा पिछड़े रहते है। जैसा कि अभी प्रस्तावित संभाग के तीनों जिलों के विकास के साथ हो रहा है।

मिड डे मील में जलेबी पोहा!

मिड डे मील में जलेबी पोहा!

(अखिलेश दुबे)

सिवनी (साई)। नेताजी सुभाष स्कूल में शायद मिड डे मील के स्तर में जबर्दस्त सुधार आ चुका है। लंबे समय से कोतवाली के सामने स्थित इस शाला में मिड डे मील में जलेबी पोहा परोसा जा रहा है। जी हां, यह सच है जलेबी पोहा बच्चों के लिए नहीं, वरन शिक्षकों के नाश्ते के लिए परोसा जा रहा है।
नेताजी सुभाष स्कूल के एक शिक्षक ने नाम उजागर न करने की शर्त पर बताया कि नेताजी सुभाष स्कूल में बच्चों को दिया जाने वाला मध्यान्ह भोजन पूरी तरह गुणवत्ता विहीन ही है। इसे प्रदाय करने वाले ठेकेदार ने एक बेहतरीन तरीका इजाद किया है शिक्षकों को साधने का।
उक्त शिक्षक की बात पर यदि यकीन किया जाए तो 15 अगस्त को शाला में परोसे गये मध्यान्ह भोजन में सब्जी बुरी तरह सडांध मार रही थी। उक्त ठेकेदार द्वारा शिक्षकों को रोजाना गरमा गरम जलेबी और पोहा का नाश्ता करवाया जाता है। जिसके एवज में शाला में उपस्थिति से ज्यादा तादाद में ठेकेदार के पास उपस्थिति दर्शाई जाती है।

बच्चों ने भी मध्यान्ह भोजन की शिकायत करते हुए कहा कि भोजन की गुणवत्ता बहुत ही खराब है। बावजूद इसके न तो जिला पंचायत की ओर से ही कोई शाला में जाकर मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता का निरीक्षण कर रहा है और न ही महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से ही संज्ञान लिया जा रहा है।

सफाई देने के चक्कर में कटवा दी हरी भरी मोटी डगाल

सफाई देने के चक्कर में कटवा दी हरी भरी मोटी डगाल

वाहन का कांच कैसे टूटा कोई पूछे इसके लिए गढ़ ली मनगढंत कहानी!

(संजीव प्रताप सिंह)

सिवनी (साई)। बारापत्थर क्षेत्र में रहने वाले भाजपा के एक जनसेवक ने रात के अंधेरे में कुत्तों के शोर से निपटने अपनी ही महिंद्रा कंपनी की चार पहिया वाहन का पिछला कांच जाने अनजाने में तोड़ने के उपरांत अब उन्होनंे एक नया कारनामा कर डाला है। किराए के आवास में निवासरत भाजपा के उक्त जनसेवक ने आवास की परिधि में लगे गुलमोहर के झाड़ की एक मोटी शाखा को कटवा दिया।
ज्ञातव्य है कि गत दिवस बारापत्थर क्षेत्र में निवासरत भारतीय जनता पार्टी के एक जनसेवक की तंद्रा रात को उस वक्त टूटी जब कुत्तों के झुण्ड ने आपस में कर्कश रूदन आरंभ किया। उक्त जनसेवक ने आव देखा न ताव और अपने अनुचर के साथ बाहर निकलकर इन कुत्तों पर अपने आंगन में पड़े पत्थर ताबड़तोड़ बरसाना आरंभ कर दिया।
भाजपा के उक्त जनसेवक संभवतः गहरी निंद्रा में रहे होंगे, और विधानसभा के पूर्व वे टिकिट को पक्की करने का सपना ही देख रहे होंगे, उनकी निंद्रा टूटने पर उनके गुस्से का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि उन्होनें कुत्तों पर ताबड़तोड़ पत्थर बरसाने आरंभ कर दिए थे। इसी में से एक पत्थर उन्होंने महिंद्रा कंपनी के अपने ही चौपहिया वाहन पर दे मारा और चूंकि उस पत्थर में उक्त भाजपा के जनसेवक के गुस्से का समावेश था, इसलिए उसकी तीव्रता बेहद तेज रही।
इस पत्थर से उनके महिंद्रा कंपनी के चौपहिया वाहन का पीछे का कांच चकनाचूर हो गया। कुत्ते भाग गए, तमाशा खत्म हुआ, तब उक्त जनसेवक को भान हुआ कि उन्होंने अपने ही वाहन का शीशा तोड़ दिया है। अब उन्हें यह चिंता सताने लगी कि अगर सुबह किसी ने देख लिया तो क्या जवाब दिया जाएगा? इसी उधेड़बुन में जैसे तैसे रात कटी, और सुबह सवेरे आठ बजे ही उन्होंने अपने वाहन का शीशा बदलने उसे रवाना कर दिया।
दैनिक हिन्द गजट ने सोमवार 02 सितम्बर को ‘कुत्तों से परेशान जनसेवक ने नींद में तोड़ा अपने ही वाहन का कांच‘ शीर्षक से समाचार प्रकाशित किया था। इस समाचार में यद्यपि किसी का नाम नहीं था फिर भी चोर की दाढ़ी मेें तिनका कहावत को चरितार्थ करते हुए उक्त जनसेवक ने कई स्थान पर समाचार पत्र लेकर, जा जा कर न जाने कितने भाजपाईयों को इसलिए कोसा क्योंकि उन्हें लग रहा था कि उनसे रश्क रखने वाले भाजपाईयों ने ही यह खबर लीक की है।
वहीं, कुछ भाजपाईयों ने मजे लेने की गरज से उक्त जनसेवक से बार बार उनके वाहन के बारे में पूछताछ की गई। बताया जाता है कि पूछताछ से उक्त जनसेवक काफी परेशान हो गए। इसी बीच अपने कुछ कांग्रेसी मित्रों से उन्होंने इस परेशानी की चर्चा की तो, कांग्रेस के कथित ‘थिंक टैंक्स‘, ने उन्हें मशविरा दिया कि वे जहां निवासरत हैं वहां आसपास अगर कोई वृक्ष हो तो उसकी टहनी तोड़ कर नीचे डाल दो और कोई अगर पूछे तो कह देना कि यह टहनी गिरने से उनके वाहन का कांच टूटा है।
बताते हैं कि भाजपा के उक्त जनसेवक को यह बात जंच गई। उक्त जनसेवक जो किराए के मकान में निवासरत हैं ने अपने मकान मालिक और वन विभाग या नगर पालिका की इजाजत के बिना ही उस मकान में लगे गुलमोहर के बहुत पुराने वृक्ष की एक मोटी डगाल को निर्मम तरीके से कटवा डाला। वह डगाल धड़ाम से नीचे आ गई।
इसके बाद भाजपा के उक्त जनसेवक के चेहरे पर मुस्कान तैर गई, कि अब किसी ने पूछा तो कह दिया जाएगा कि यह डगाल टूटी और इसी से उनकी महिंद्रा कंपनी की गाड़ी का पीछे का कांच टूटा है। पर डगाल काटने की स्थिति तक पहुंचते पहुंचते लोग उस घटना को भूल गए और किसी ने भी भाजपा के उक्त जनसेवक से यह नहीं पूछा कि यह डगाल कैसे गिरी?

नए पुलिस अधीक्षक से अपेक्षाएं

नए पुलिस अधीक्षक से अपेक्षाएं

(शरद खरे)

सिवनी जिला शांति का टापू माना जाता रहा है। आज के समय में सिवनी शहर में आपराधिक गतिविधियां चरम पर हैं। जुंआ, सट्टा, वेश्यावृति, मारपीट, राहजनी, डकैती, फिरौती, हत्या, लूट आदि जैसी वारदातों का सिवनी में तेजी से इजाफा हुआ है। यह सब कुछ पिछले डेढ़ दो दशकों में तेजी से बढ़ा है।
इस बार तो हद ही हो गई 11 दिनों के अंतराल में ही दो निर्मम हत्याएं। जिला मुख्यालय दहल गया है। 26 जून को जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय के समीप सेना के एक जवान की चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी गई, वह भी दिन दहाड़े। यह घटना जिले में आपराधिक तत्वों के पैर जमाने और पुलिस की ढ़ीली पकड़ को साबित करने के लिए पर्याप्त मानी जा सकती है।
बीते माह शुक्रवार और शनिवार की मध्य रात्रि में ललमटिया क्षेत्र में भारतीय जनता युवा मोर्चा के नगर मंत्री प्रशांत अग्रवाल उर्फ मुन्ना खैरी का शव जिस हालत में मिला वह वास्तव में दर्दनाक, भयावह, डरा देने वाला माना जा सकता है। इससे साबित हो जाता है कि शहर में पुलिस कितनी मुस्तैदी से गश्त कर रही है।
एक समय था जब सिवनी में घटे अपराध इतिहास बन जाते थे। प्रौढ़ हो रही पीढ़ी आज भी सत्तर के दशक के उत्तरार्ध में हुए धूमा डकैती कांड़ जिसमे अमर सिंह और सज्जाद को फांसी की सजा हुई थी को याद करता है। इसके शहर में पुराने एलआईबी कार्यालय के पास, अमर टाकीज के समीप हुए कत्ल भी सालों साल लोगों की जुबान पर रहे।
सिवनी जिला ऐसा कतई नहीं था जैसा वर्तमान परिवेश में है। सिवनी में लोग हाथ में लट्ठ लेकर भी नहीं चलते दिखे, पर अब तो सरेराह जनसेवक होने का दावा करने वाले कमर में रिवाल्वर टांगकर घूम रहे हैं। यह कौन सी संस्कृति का आगाज हो रहा है, इनका साथ देने वाले भी सिवनी को बिहार बनाने पर आमदा प्रतीत हो रहे हैं।
सिवनी में बंदूक संस्कृति का आगाज शुभ लक्षण कतई नहीं माना जा सकता है। बीते सालों में सिवनी में गोलीबारी की घटनाओं में बेतहाशा बढ़ोत्तरी हुई है, जो निंदनीय है। कालेज गोली काण्ड, के उपरांत नगर पालिका के सामने ही बरात की घोड़ी पर सवार दूल्हे को ही गोली मार दी जाती है, वह भी शहर कोतवाली से चंद कदम दूरी पर!
क्या कहा जाएगा इसे! निश्चित तौर पर इसके लिए दिशाहीन और स्वार्थपरक राजनीति ही पूरी तरह से जिम्मेदार है। राजनेताओं संरक्षण में असमाजिक तत्व पूरी तरह फल फूल रहे हैं, इस बात से इंकार नहीं किया जा सकता है। मीडिया जैसे परोपकार और जनसेवा के क्षेत्र में भी आपराधिक तत्वों की आमद एक दुखद संकेत से कम नहीं है।
एक वक्त था, जब गांव में ‘‘जागते रहो‘‘ की आवाज लगाता चौकीदार लालटेन और हाथ में लकड़ी लिए आवाज करता घूमता था। उसकी आवाज में ही इतना दम होता था कि सब चैन से सोया करते थे। आज लोगों का अमन चैन गायब है। शहर की रखवाली के लिए कुछ नेपाली लोग रात भर जागा करते थे। अब उनके दीदार भी मुश्किल ही हैं।
पुलिस के वाहनों से चौकसी की जाती थी। अब तो पुलिस भी साधन संपन्न हो चुकी है। पुलिस के पास कल तक चीता कललाने वाले आज के ब्रेकर मोबाईल हैं। हर क्षेत्र में ये मुस्तैद हैं। बावजूद इसके शहर में अमन चैन कायम नहीं है। लोगों को सुरक्षा देने की जवाबदेही निश्चित तौर पर पुलिस की है।
पुलिस पर नजर रखने का काम कहीं ना कहीं सांसद और विधायकों का है। विडम्बना यह है कि जब सांसद विधायक ही अपनी जिम्मेदारी से मुंह मोड़ने लगें तो आखिर जनता कहां जाएगी? सांसद विधायक ही जनता की सेवा के बजाए निहित स्वार्थों को प्राथमिकता देने लगे तो इस तरह की अराजकता का वातावरण निर्मित होना लाजिमी ही है।
महज ग्यारह दिनों में देश के लिए अपनी जान लगा देने वाले सेना के एक जवान को सरेराह ढलती शाम को चाकुओं से गोद दिया जाता है। उसके उपरांत प्रदेश में सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी के अनुषांगिक संगठन के नगर मंत्री को गोलियों से भून दिया जाता है, पर विपक्ष में बैठी कांग्रेस अपना मुंह सिले बैठी है। अगर यही बात दिल्ली या भोपाल में हुई होती तो प्रवक्ताओं का कभी ना थमने वाला विज्ञप्तियों का सिलसिला कबका आरंभ हो चुका होता।
सिवनी में चोरियों की बाढ़ सी आई हुई है। जिले में गौवंश की तस्करी जमकर चल रही है। पुलिस व्यवस्थाएं मुस्तैद होने के दावे किए जाते रहे हैं। विडम्बना है कि पुलिस की व्यवस्थाएं लचर स्तर तक पहुंच चुकी हैं। खवासा में जाम से कराहती रहती है जनता। सभी जानते हैं कि खवासा की जांच चौकियों में जिस तरह से अवैध वसूली होती है वही जाम का प्रमुख कारक है।
कम ही समय में मिथलेश शुक्ला की बिदाई सिवनी से हो गई है। नवागत पुलिस अधीक्षक बी.पी.चंद्रवंशी ने कमान संभाल ली है। वे काफी अनुभवी पुलिस अधिकारी हैं। राजगढ़ और विदिशा दो जिलों की कमान वे संभाल चुके हैं। सिवनी में अनुभवी पुलिस अधिीक्षक की तैनाती सालों बाद हुई है। इसके पहले तो सिवनी को प्रशिक्षण का अड्डा बना दिया गया था। सिवनी को संवेदनशील की श्रेणी में भी रखा जाता रहा है और अधिकारियों को पहले जिले के बतौर यहां पदस्थ कर दिया जाता है।
नवागत पुलिस अधीक्षक बी.पी.चंद्रवंशी से जनापेक्षा है कि सिवनी में लचर पुलिस तंत्र को कसकर ठीक किया जाए यह उनकी पहली प्राथमिकता हो। साथ ही साथ जिले में चोरी पर अंकुश लगना बेहद आवश्यक है। रही बात कानून व्यवस्था की तो सिवनी में अपराध का ग्राफ जिस तेजी से बढ़ा है उस पर अंकुश इसलिए भी लगाना आवश्यक है क्योंकि जल्द ही चुनाव होने वाले हैं, इन परिस्थितियों में जरायमपेशा लोगों का उपयोग सियासी दल करेंगे इस बात से इंकार नहीं किया जा सकता है। यह पुलिस के लिए एक सरदर्द से कम साबित नहीं होने वाला है।

शुक्रवार, 6 सितंबर 2013

पर्यावरण के नियमों को बलात ताक पर रख दिए हैं झाबुआ पावर ने

आदिवासियों को छलने में लगे गौतम थापर . . . 11

पर्यावरण के नियमों को बलात ताक पर रख दिए हैं झाबुआ पावर ने

वायदे के बाद अब तक एक भी पौधा नहीं लगाया कंपनी ने

(ब्यूरो कार्यालय)

घंसौर (साई)। मशहूर उद्योगपति गौतम थापर के स्वामित्व वाली अवंथा समूह की सहयोगी कंपनी झाबुआ पावर लिमिटेड द्वारा छटवीं अनुसूची में अधिसूचित आदिवासी बाहुल्य क्षेत्र घंसौर में डाले जा रहे 1260 मेगावाट के दो पावर प्लांट में पर्यावरण के नियमों को बलाए ताक रख दिया गया है। आश्चर्य इस बात पर है कि इसमें शासन प्रशासन सहित मध्य प्रदेश और केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण मण्डल भी गौतम थापर के कदम से कदम मिलाकर चल रहा है। देश के हृदय प्रदेश में एक तरफ उत्तर दक्षिण फोरलेन गलियारे में वन्य जीवों का आवागमन पेंच बना हुआ है तो दूसरी और दुर्लभ प्रजाति के काले हिरणों का घंसौर में डलने वाले इस संयंत्र के आसपास के क्षेत्र से पलायन भी मंत्री संत्रियों की जबरिया नींद में खलल नहीं डाल पा रहा है।
ज्ञातव्य है कि अवंथा समूह के अध्यक्ष और मुख्य कार्यकारी अधिकारी गौतम थापर हैं। अवंथा समूह पेपर निर्माण, फुड प्रोसेसिंग, इलेक्ट्रीकल इंजीनियरिंग, बिल्डिंग मैटेरियल जैसे क्षेत्र में काम करने वाला समूह है जिसकी परिसंपत्तियां खरबों रूपए से ज्यादा बताई जाती हैं। देश के मशहूर दून स्कूल में पले गौतम थापर की गिनती देश के सफलतम उद्योगपतियों में की जाती है।
घंसौर को देश की छटवीं अनूसूची में अधिसूचित क्षेत्र घोषित किया गया है। बावजूद इसके मध्य प्रदेश की शिवराज सरकार ने इस क्षेत्र को झुलसाने के लिए पर्याप्त व्यवस्था और सुरक्षा के उपाय किए बिना ही कोल आधारित तीन तीन पावर प्लांट को अनुमति दे दी है। इनमें से एक पावर प्लांट के तार तो टूजी घोटाले के मुख्य आरोपी आदिमत्थू राजा से सीधे सीधे जुड़े बताए जा रहे हैं। संभवतः यही कारण है कि राजा के जेल में रहने के कारण इस पावर प्लांट का काम अभी थाम दिया गया है।
प्रदूषण नियंत्रण मण्डल के आला अफसरान् के सामने ही कंपनी प्रबंधन ने इस बात को स्वीकारा कि वर्ष 2009 से अब तक उनके द्वारा वृक्षारोपण नहीं किया गया है। इतना ही नहीं कंपनी प्रबंधन ने इस बात को भी स्वीकारा कि अगर तब पौधे लगा दिए गए होते तो निश्चित तौर पर उनमें से साठ से सत्तर फीसदी पौधे आज जिंदा होते और उनकी उंचाई तीन चार फिट से ज्यादा हो गई होती। कंपनी ने हरित पट्टी बनाने कटिबद्धता तो दर्शाई पर इच्छुक कतई दिखाई नहीं दी। हरित पट्टी कब बनेगी इस बारे में कंपनी का मौन आश्चर्यजनक ही माना जा रहा है।
कंपनी ने आरंभ में अपने कार्यकारी सारांश में वायदा किया था कि पानी के स्त्रोत के लिए वह रानी अवंती बाई सागर परियोजना जबलपुर के बरगी बांध डूब क्षेत्र के गड़ाघाट और पायली गांव जो संयंत्र से दस किलोमीटर दूर दर्शाया गया है पर ही निर्भर करेगी। जब ग्रामीणों ने स्थानीय स्तर पर ही पानी के दोहन की बात कही तो कंपनी प्रबंधन चुप्पी साध गया। पर्यावरण के प्रभावों के बारे में कंपनी ने कोई चर्चा ही नहीं की।
गौतम थापर के स्वामित्व वाली कंपनी के सहयोगी प्रतिष्ठान द्वारा आदिवासी बाहुल्य घंसौर में लगाए जाने वाले इस संयंत्र में स्थानीय लोगों को रोजगार न दिया जाना आश्चर्यजनक ही है, जबकि जमीन अधिग्रहण के वक्त कंपनी ने लोक लुभावने वायदे किए थे। ग्रामीणों का आरोप है कि अब प्रबंधन के संयंत्र स्थित कारिंदे यह कहकर ग्रामीणों को भगा देते हैं कि वह वायदा उस वक्त के संयंत्र प्रमुख चितले ने किया था जो अब नहीं हैं। वर्तमान साईट प्रमुख मिश्रा को इससे कोई लेना देना ही नहीं है।

ग्रामीणों ने जब गौतम थापर के स्वामित्व वाली कंपनी के सहयोगी प्रतिष्ठान् द्वारा आदिवासी बाहुल्य घंसौर में लगाए जाने वाले पावर प्लांट के जिला मुख्यालय सिवनी के बजाए संभागीय मुख्यालय जबलपुर में कार्यालय होने की बात कही गई तो कंपनी प्रबंधन मौन ही रहा।

अंडर वर्ल्ड के गुर्गे आ सकते हैं सिवनी!

अंडर वर्ल्ड के गुर्गे आ सकते हैं सिवनी!

मोनिका बेदी की सुरक्षा के लिए फिकरमंद है अबू सलेम!

(दादू अखिलेंद्र नाथ सिंह)

सिवनंी (साई)। सिवनी जिले में अंडरवर्ल्ड के गुर्गों की आमद हो सकती है, इन संभावनाओं से इंकार नहीं किया जा सकता है। दरअसल, 15 सितम्बर को अंडरवर्ल्ड डॉन अबू सलेम की माशुका रहीं फिल्म अदाकारा मोनिका बेदी लखन कुंवर की नगरी में ठुमके लगाने आने वाली हैं। मोनिका बेदी की सुरक्षा की दृष्टि से सलेम के गुर्गे सिवनी में आमद दे सकते हैं।
प्रदेश की राजधानी भोपाल से समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया ब्यूरो से नंद किशोर ने खुफिया तंत्र के सूत्रों के हवाले से बताया कि खुफिया विभाग को इस बात की जानकारी मिली है कि अंडर वर्ल्ड डॉन अबू सलेम की माशुका रही मोनिका बेदी को मध्य प्रदेश के सिवनी जिले में लखन कुंवर की नगरी में ठुमके लगवाने के लिए बुलवाया जा रहा है।
सूत्रों ने साई न्यूज को आगे बताया कि इसके पहले पिछले साल भी लखन कुंवर की नगरी में नगर पंचायत अध्यक्ष के चुनावों के दौरान मोनिका बेदी को लखनादौन बुलवाने की बात सामने आई थी। सूत्रों की मानें तो उस वक्त भी खतरे की आशंका के चलते मोनिका बेदी को सिवनी न जाने का मशविरा दिया गया था।
सूत्रों की बातों में कितना दम है यह तो वे ही जाने पर पिछले साल नगर पंचायत लखनादौन के अध्यक्ष के चुनावों में भद्र महिला और कुशल ग्रहणी की छवि वाली निर्दलीय प्रत्याशी और लखनादौन नगर पंचायत के पूर्व अध्यक्ष दिनेश राय की मां श्रीमती सुधा राय के चुनावों में घोषणा के बाद भी मोनिका बेदी ने इसमें हिस्सा नहीं लिया था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार इस बार एक साल का कार्यकाल पूरा करने पर भद्र महिला, सुघड़ और कुशल ग्रहणी की भूमिका वाली श्रीमती सुधा राय के द्वारा अंडर वर्ल्ड डॉन अबू सलेम की माशुका को लखन कुंवर की नगरी आमंत्रित करने से लोगों को जबर्दस्त हैरानी हो रही है। लोगों का कहना है कि समझदार और स्वच्छ छवि वाली श्रीमती सुधा राय से किसी को भी इस तरह की उम्मीद कतई नहीं थी कि वे अंडरवर्ल्ड के लोगों से रिश्ता रखने वालों को लखनादौन बुलवाएंगी।
लखनादौन नगर परिषद् के एक पार्षद ने नाम उजागर न करने की शर्त पर कहा कि दरअसल, सुधा राय तो वाकई बहुत ही अच्छी और भोली-भाली हैं, पर उनकी खड़ांऊ कुर्सी पर रखकर उनके पुत्र दिनेश राय उर्फ मुनमुन द्वारा नगर पंचायत लखनादौन में अपनी मनमानी और गुण्डागर्दी चलाई जा रही है। बिना एग्रीमेंट के अगर दिनेश राय के ससुराल, हटा शहर के एक ठेकेदार द्वारा सड़क खोदी गई और कृषि उपज मण्डी की जमीन पर सब्जी मण्डी बनाई गई, नेशनल हाईवे पर बलात कॉम्पलेक्स बनवाया जा रहा है तो यह सब दिनेश राय की हठ धर्मिता ही है।
उधर, यह भी कहा जा रहा है कि अंडर वर्ल्ड डॉन अबू सलेम आज भी अपनी माशुका मोनिका बेदी पर जान छिड़कता है। मोनिका बेदी अगर सिवनी या लखनादौन आती हैं तो उनके साथ साए की तरह अंडरवर्ल्ड के ‘भाई लोग‘ भी सिवनी आ सकते हैं। अगर आलम यही रहा तो लखनादौन नगर परिषद् के इस तरह के जनता की अदालत में जाने के कार्यक्रम के चलते सिवनी में भाई लोगों की आदम रफत तेज हो सकती है जो सिवनी की शांत फिजां के लिए खतरे की घंटी से कम नहीं होगा।

बी.पी.चंद्रवंशी ने एसपी का पदभार संभाला

बी.पी.चंद्रवंशी ने एसपी का पदभार संभाला

(पीयूष भार्गव)


सिवनी (साई)। नवागत पुलिस अधीक्षक बी.पी.चंद्रवंशी ने आज अपना पदभार ग्रहण कर लिया है। पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आज उन्होंने अपने मातहतों से सौजन्य भेंट की। इस अवसर पर निर्वतमान पुलिस अधीक्षक मिथलेश शुक्ला भी उपस्थित थे। समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया ने निर्वतमान पुलिस अधीक्षक मिथलेश शुक्ला के उज्जवल भविष्य की कामना की। श्री शुक्ला ने कहा कि नवागत पुलिस अधीक्षक श्री चंद्रवंशी एक अनुभवी पुलिस अधीक्षक हैं, सिवनी को उनके अनुभवों का लाभ अवश्य ही मिलेगा।

टापू में तब्दील होता सिवनी

टापू में तब्दील होता सिवनी

(शरद खरे)

भगवान शिव के नाम से जाना जाता है सिवनी को। सिवनी एक समय में काफी हद तक समृद्धशाली समझा जाता रहा है। सिवनी की सबसे बड़ी खासियत यहां की रेल लाईन और शेरशाह सूरी के जमाने का उत्तर से दक्षिण को जोड़ने वाला मार्ग था। आजादी के उपरांत देश ने तेजी से तरक्की की। छोटी और मीटर गेज लाईन को ब्राडगेज में तब्दील किया जाने लगा। सिवनी का नंबर कब आएगा, यह सोचते सोचते ही आजादी के वक्त जवान रही पीढ़ी भगवान को प्यारी होती गई। सिवनी में ब्राडगेज की कमी पूरी करता रहा नेशनल हाईवे नंबर सात।
एनएच 07 सिवनी की जीवन रेखा से कम नही है। यह मार्ग उत्तर भारत को दक्षिण भारत से जोड़ता है। ब्राडगेज के अभाव में इस मार्ग का उपयोग माल ढुलाई के लिए सबसे ज्यादा किया जाता है। अटल बिहारी बाजपेयी प्रधानमंत्री बने तब इस मार्ग के दिन फिरे। अनेक षणयंत्रों के झटके झेलने के बाद भी यह मार्ग केंद्र सरकार के स्वर्णिम चर्तुभुज परियोजना के अंग उत्तर दक्षिण गलियारे का हिस्सा बना रहा।
हमें यह कहने में कोई संकोच नहीं है कि जबसे पूर्व केंद्रीय मंत्री सुश्री विमला वर्मा को उनके अपनों ने ही षणयंत्र के साथ सक्रिय राजनीति से हाशिए पर बिठा दिया है, तबसे सिवनी की अस्मत के साथ लगातार खिलवाड़ किया जाता रहा है। सालों साल प्रदेश और सिवनी में कांग्रेस की तूती बोलती आई है। विमला वर्मा के सियासी राजनीति से हटकर घर बैठते ही उनके अपने और उनकी आस्तीन में छिपे सपोलों ने फन काढ़ा और सिवनी के भविष्य के साथ खिलवाड़ आरंभ कर दिया।
उस दौरान कांग्रेस के दो या तीन शीर्ष नेताओं ने आपसे में जुगलबंदी कर ऐसा सियासी त्रिफला बनाया कि सिवनी के लोग इन नेताओं के समर्थन और विरोध के स्वांग में ही उलझकर रह गए। इसके बाद सिवनी की अस्मत को कथित तौर पर गिरवी रखने का षणयंत्र रचा गया। सिवनी को प्रदेश के बड़े क्षत्रपों के हाथों गिरवी रखकर इन लोगों ने खूब दावतें उड़ाईं, फाग गाए, जश्न मनाए। वस्तुतः सिवनी आज पूरी तरह अनाथ है तो उसके पीछे ये नेता कहीं न कहीं जवाबदेह जरूर हैं।
सिवनी में लोकसभा हुआ करती थी। ‘‘थी‘‘ शब्द का प्रयोग आज मजबूरी में इन्हीं नेताओं के कारण करना पड़ रहा है। जब सिवनी के विलोपन का प्रस्ताव ही नहीं था तो भला सिवनी लोकसभा विलोपित कैसे हो गई। कहां थे कांग्रेस के कथित ‘दिमाग‘ और ‘दिमागदार‘ लोग। क्या सिवनी से लोकसभा का विलोपन कांग्रेस के क्षत्रप ‘हरवंश सिंह‘ के कारण हुआ! अगर हुआ तो आप सिवनी के नागरिक पहले हैं कांग्रेस के सदस्य बाद में! क्या कारण था कि इस मामले को पार्टी फोरम में नहीं उठाया गया, और अगर उठाया गया तो क्या कारण था कि इसके विरोध में कांग्रेस से त्यागपत्र की झड़ी नहीं लगी! मतलब साफ है कि इस षणयंत्र के जगमगाते लट्टू में कहीं न कहीं इन नेताओं की बैटरी से भी करंट जा रहा था।
सिवनी में फोरलेन का षणयंत्र रचा गया। इसके लिए वर्ष 2009 में घोषित तौर पर तत्कालीन केंद्रीय भूतल परिवहन मंत्री कमल नाथ को दोषी करार दिया गया। सिवनी में कमल नाथ को इन्हीं नेताओं ने पुरानी फिल्मों के विलेन ‘प्रेम चौपड़ा, और शत्रुघ्न सिन्हा‘ बना दिया गया। कमल नाथ की प्रतीकात्मक शवयात्राएं निकाली गईं। जनमंच सिवनी एवं जनमंच लखनादौन ने मामले की नजाकत और गरम तवा देखकर इस मामले को लेकर सुप्रीम कोर्ट में दस्तक दी। सिवनी जिला इस मामले को लेकर सड़क में अडंगे के लिए कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कमल नाथ को ही जवाबदार मान रहा था। इसी बीच सर्वोच्च न्यायालय में जनमंच सिवनी की ओर से याचिका कर्ता वरिष्ठ कांग्रेसी नेता और अधिवक्ता आशुतोष वर्मा की ओर से अपील प्रस्तुत की गई। वहीं लखनादौन जनमंच के सरपरस्त बने दिनेश राय ने भी अपनी अपील दाखिल की। सिवनी जनमंच ने लोगों से चंदा किया, लखनादौन जनमंच शायद धन्ना सेठ था इसलिए उसने किसी से चंदा नहीं लिया और कुरई जनमंच शायद साधनों या चंदे के अभाव में कहीं नहीं जा सका।

आज सिवनी से बालाघाट, सिवनी से नागपुर, सिवनी से जबलपुर, सिवनी से कटंगी, सिवनी से मण्डला, सिवनी से छिंदवाड़ा रोड़ जब चाहे तब बंद हो जाता है। सांसद, विधायक, भाजपा, कांग्रेस, अन्य राजनैतिक दलों के साथ ही साथ सड़क की लड़ाई लड़ने वाले जनमंच के त्रिफला भी मौन हैं। शायद सिवनी जनमंच का चंदा खत्म हो गया, लखनादौन जनमंच का ध्यान चुनाव की ओर हो, और कुरई का जनमंच . . .। कुल मिलाकर पिस तो सिवनी की जनता ही रही है। समझ में नहीं आता कि नेता आखिर यह कैसे सोच लेते हैं कि उनकी साल दो या चार साल पहले की हरकतें जनता कैसे भूल सकती है? कल तक सिवनी की जनता को सड़क के मामले में भरमाने, कमल नाथ को विलेन बनाने वाले नेता आज मौन क्यों हैं? सिवनी में सड़क की लड़ाई लड़ने के बजाए नेता नागपुर, जबलपुर, दिल्ली, छिंदवाड़ा जाकर सड़क के बारे में चर्चा कर फोटो अखबारों में छपवाकर क्या यह जतलाना चाहते हैं कि वे सिवनी की सरजमीं छोड़कर अन्य जिलों में सिवनी की सड़कों के लिए फिकरमंदर हैं? सभी नेताजी जानते हैं कि सड़क के जर्जर होने से सिवनी टापू बन गया है, जनता कराह रही है, चुप है इसका मतलब यह नहीं कि वह बेवकूफ है, वह सब कुछ सह रही है और नवंबर में होने वाले विधानसभा चुनाव के इंतजार में है जब वह इन नेताओं को देगी अपना माकूल जवाब।