बुधवार, 16 अक्टूबर 2013

शूल ही शूल बिखरे नजर आ रहे रजनीश की राह में!

शूल ही शूल बिखरे नजर आ रहे रजनीश की राह में!

महामंत्री द्वय के बीच कार्यकर्ता पशोपेश में, शक्ति सिंह से जुड़ रहे हरवंश से नाराज लोग

(महेश रावलानी/पीयूष भार्गव)

सिवनी (साई)। केवलारी विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस के कार्यकर्ता पशोपेश में हैं कि वे हरवंश सिंह के सुपुत्र रजनीश सिंह ठाकुर का साथ दें, या फिर युवा तुर्क शक्ति सिंह के साथ कंधे से कंधा मिलाकर चलें। इसका कारण यह है कि दोनों ही कांग्रेस के स्थानीय क्षत्रप आज भी जिला कांग्रेस कमेटी के महामंत्री हैं, और महामंत्री होने के नाते कार्यकर्ताओं के लिए दोनों ही नेता बराबरी का दर्जा रख रहे हैं।
अब जबकि कांग्रेस की ओर से केवलारी विधानसभा क्षेत्र से किसी को भी अधिकृत प्रत्याशी घोषित नहीं किया गया है, इन परिस्थितियों में कांग्रेस के कार्यकर्ताओं का धु्रवीकरण बहुत तेजी से हो रहा है। कार्यकर्ता असमंजस में हैं, कि कांग्रेस की टिकिट आखिर किसे मिलेगी। कुछ लोग मीडिया के जरिए यह प्रचारित करने से नहीं चूक रहे हैं, कि हरवंश ंिसह के पुत्र रजनीश सिंह को ही कांग्रेस द्वारा आधिकारिक उम्मीदवार बनाया जाना तय है। वहीं दूसरी ओर वरिष्ठ इंका नेता बसंत तिवारी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष अनिल चौरसिया, कांग्रेस के दिलीप दुबे, अल्प संख्यक कोटे से शमी अंसारी के अलावा सबसे ताकतवर प्रत्याशी के बतौर कुंवर शक्ति सिंह का नाम सामने आ रहा है। सारे के सारे संभावित प्रत्याशी युद्ध स्तर पर क्षेत्र को नापने में लगे हुए हैं।

अलग थलग पड़ रहे रजनीश
हरवंश सिंह ठाकुर के शासन काल में जिन कार्यकर्ताओं या नेताओं के आत्म सम्मान को कुचला गया है, उन कार्यकर्ताओं और नेताओं के मन में आज भी कसक बनी ही हुई है। वह तो हरवंश सिंह का आभा मण्डल और कार्यकर्ता को साईज में लाने का माद्दा था कि उनके जीवित रहते, कार्यकर्ता अपमानित होने के बाद भी अपनी जुबान नहीं खोलता था। पर अब हरवंश सिंह के अवसान के उपरांत मामले ने यू टर्न ले लिया है। अब हरवंश सिंह से प्रताड़ित कार्यकर्ताओं के सुर मुखर होते जा रहे हैं।
13 जून को सिवनी में हुई सभा में भले ही केंद्रीय नेताओं ने रजनीश सिंह को दिलासा दी हो, पर उस दिन रजनीश सिंह के भाषण में नाटकीयता देखकर मंचासीन नेता भी कई बार कुटिल मुस्कान के साथ रजनीश को तरेरते नजर आए। इसके उपरांत क्षेत्र में जैसे ही यह संदेश गया कि रजनीश सिंह ठाकुर की टिकिट कांग्रेस की ओर से फायनल हो चुकी है। वैसे ही हरवंश सिंह विरोधी तत्व सक्रिय हो गए। इन सारे लोगों ने लामबंद होकर रजनीश सिंह के विरोध का परचम उठा लिया।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिलीप दुबे भी शक्ति सिंह के साथ ही भ्रमण करते नजर आ रहे हैं। वहीं दूसरी ओर जिला पंचायत के उपाध्यक्ष और कान्हीवाड़ा क्षेत्र में प्रभाव रखने वाले अनिल चौरसिया के साथ, कान्हीवाड़ा में कांग्रेस महामंत्री कुंवर शक्ति सिंह एक कार्यक्रम में एक साथ शिरकत करने वाले हैं।

प्रीता, मुकेश का जाना रजनीश को झटका
हरवंश सिंह अपने समय में सारे समीकरणों को अपने हिसाब से साधकर जिले में कांग्रेस की कठपुतलियों की डोर अपने हाथ में रखा करते थे। उनके अवसान के बाद ये डोर यत्र तत्र बिखरी पड़ी दिख रही है। गत दिवस कांग्रेस की नेत्री और जिला पंचायत की पूर्व अध्यक्ष प्रीता तामसिंह ठाकुर ने कांग्रेस को छोड़कर भाजपा का दामन थाम लिया। यह झटका कांग्रेस के संभावित उम्मीदवार रजनीश सिंह ठाकुर के लिए असहनीय हो सकता है। वहीं दूसरी ओर धनौरा क्षेत्र से मुकेश जैन का कांग्रेस के प्रति मोहभंग होना भी, रजनीश सिंह ठाकुर के लिए बहुत शुभ संकेत नहीं माना जा रहा है। मुकेश जैन ने गोंडवाना गणतंत्र पार्टी का दामन थामा है।

छोटा है रजनीश का कद
हरवंश सिंह का कद अपने आप में महत्वपूर्ण था। वे हर परिस्थिति से निपटने की क्षमता रखते थे। हरवंश सिंह पर भाजपा की तत्कालीन सांसद और वर्तमान विधायक श्रीमति नीता पटेरिया द्वारा आमानाला काण्ड में जानलेवा हमले का आरोप लगाकर एफआईआर करवाई थी, पर हरवंश सिंह ने अपनी बाजीगरी से वह मामला भी शांत ही करवा दिया था। इधर, एक दुर्गाउत्सव पंडाल में रजनीश सिंह के द्वारा 2100 रूपए दिए जाने की बात उछली, फिर केवलारी एसडीओपी द्वारा उनके काफिले को रोक दिया गया। ये सारी बातें जब क्षेत्र में पहुंचीं तो लोगों को लगने लगा, कि रजनीश सिंह का कद अभी बहुत छोटा है, और रजनीश सिंह शायद ही केवलारी के लोगों के लिए विकास की बातें उपर तक पहुंचा सकें।

भारी पड़ रहे हैं शक्ति
उधर, दूसरी ओर क्षेत्र में चल रही चर्चाओं के अनुसार, कांग्रेस के दूसरे महामंत्री और केवलारी से कांग्रेस की टिकिट के प्रबल दावेदार शक्ति सिंह, रजनीश सिंह ठाकुर के उपर भारी पड़ते दिख रहे हैं। रजनीश सिंह के साथ भले ही कांग्रेस के बड़े क्षत्रप खड़े हों पर क्षेत्र में चल रही चर्चाओं के अनुसार वोट तो क्षेत्र की जनता को ही देना है। क्षेत्र में खेलों विशेषकर पारंपरिक कुश्ती को जिंदा कर शक्ति सिंह ने युवाओं का दिल जीता है। इसके साथ ही साथ शक्ति सिंह के साथ सबसे बड़ा प्लस र्प्वाइंंट यह है कि वे जिला पंचायत उपाध्यक्ष रहे हैं, और उपाध्यक्ष रहते हुए उनका कार्यक्षेत्र संपूर्ण जिला रहा है।

वहीं, दूसरी ओर शक्ति सिंह शिक्षा समिति के अध्यक्ष भी रहे हैं। शिक्षा समिति के अध्यक्ष रहते शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया में उन्होंने पारदर्शिता अपनाई, जिसका लाभ उन्हें मिल सकता है। शक्ति सिंह के साथ वर्तमान जिला पंचायत के उपाध्यक्ष अनिल चौरसिया भी कंधे से कंधा मिलाए खड़े दिख रहे हैं। अनिल चौरसिया ने हरवंश सिंह के खिलाफ चुनाव लड़ा था और लगभग साढ़े छः हजार मत हासिल किए थे, इस लिहाज से शक्ति सिंह की दावेदारी कांग्रेस के लिए फायदे का सौदा साबित हो सकती है।

असत्य पर सत्य की विजय

असत्य पर सत्य की विजय

(शरद खरे)

असत्य पर सत्य की विजय का पर्व है विजयदशमी। इस पर्व को असत्य पर सत्य की विजय के प्रतीक के स्वरूप में मनाया जाता है। दशहरे में लोग रावण दहन करते हैं। रावण को बुराई का प्रतीक मानकर उसका दहन किया जाता है। वैसे रावण बहुत विद्वान था, किन्तु रावण के द्वारा सीता हरण के चलते उसे बुराई का प्रतीक माना गया है। रावण अपने बल और सत्ता के मद में चूर था। यही कारण था कि उसने अपने अधिकार से बाहर जाकर सीता का हरण किया। उस वक्त नैतिकता का बोलबाला था। रावण ने सीता का हरण अवश्य किया, किन्तु सीता माता की इजाजत के बिना वह उन्हें अंगीकार नहीं कर सका। सीता माता को रावण ने अपने महल के बाहर ही एक वाटिका में रखा था। यह था उस वक्त मानवता और नैतिकता का तकाजा।
आज समय बदल गया है। नैतिकता किस चिड़िया का नाम है यह लोग नहीं जानते हैं, लोगों को यह नहीं पता है कि नैतिकता के मायने क्या होते हैं। रामायण काल से आज तक मानव सभ्यता, सोच विचार, चाल चलन, संस्कृति आदि में अमूल चूल परिवर्तन हुए हैं। भारत वर्ष की परंपराओं और संस्कृति का चहुंओर आदर किया जाता रहा है। भारत की सांस्कृतिक विरासत की प्रशंसा हर कोई करता आया है।
सिवनी जिले की सांस्कृतिक पृष्ठभूमि का गौरवशाली इतिहास रहा है। आजादी के उपरांत का ही इतिहास देखा जाए तो सिवनी जैसे भाईचारे की मिसाल और गंगा जमुनी तहजीब के बारे में सभी बेहतर जानते हैं। सिवनी में सभी धर्म, संप्रदाय के लोग आपस में मिल जुलकर रहते आए हैं। एक दूसरे के दुख-सुख में साथ देना, यहां के लोगों का प्रिय शगल रहा है। हर वर्ग, धर्म, संप्रदाय के त्यौहारों को सभी ने मिलजुलकर मनाया है, इतिहास इस बात का गवाह है।
हमें यह कहने में कोई संकोच नहीं है कि नब्बे के दशक के आगाज के साथ ही सिवनी जिले के सियासी बियावान में राजनैतिक क्षरण बहुत तेजी से हुआ है। सिवनी में सियासी लोगों के लिए राजनीति मानो ‘साम, दाम, दण्ड और भेद‘ की बैसाखी पर चलने का नाम हो गया है। मनी पॉवर और मसल पॉवर के दम पर राजनैतिक लोगों ने अपनी जीजिविशा को शांत किया है। लोगों के दुखदर्द से मानो किसी को लेना देना ही नहीं रह गया है।
प्रमुख राजनैतिक दल कांग्रेस और भाजपा ने आपस में मिलकर एक सिंडीकेट बना लिया है। दोनों ही दल एक दूसरे का छद्म विरोध कर जनता को भरमा रहे हैं। एक दल के लोग अगर सत्ता में आते हैं, तो वे मनमाफिक काम करके पैसा कमाते हैं, और विपक्ष में बैठा दूसरा दल उसका दिखावटी विरोध करता नजर आता है। इस विरोध के बाद भी ठोस परिणाम सामने कभी नहीं आए। उदहारण के तौर पर कांग्रेस के कद्दावर मंत्री रहे हरवंश सिंह ठाकुर के मंत्री रहते हुए भीमगढ़ जलावर्धन योजना का आगाज हुआ। सिवनी के लोगों को उम्मीद जगी कि कम से कम दो समय तो उन्हें भरपूर पानी मिल सकेगा। दिन में दो बार तो छोड़िए महीने में ही कई कई दिन नल नहीं आते। उस समय विपक्ष में सिवनी से भाजपा विधायक थे नरेश दिवाकर। नरेश दिवाकर ने कभी इस बात को विधानसभा में नहीं उठाया। इसका कारण क्या था, यह बात तो वे ही जानें पर भाजपा द्वारा इस मामले को विधानसभा या नगर पालिका चुनाव तक में कभी मुद्दा नहीं बनाया जाना इस बात का द्योतक है कि समूचे कुएं में ही भांग घुली हुई है।
एक नहीं अनेकों मामले ऐसे हैं, जिनमें कांग्रेस और भाजपा की जुगलबंदी के कारण, सिवनी की जनता आज आज़ादी के साढ़े छः दशकों बाद भी बाबा आदम के जमाने की बैलगाड़ी पर ही यात्रा करने को मजबूर हैं। चुनाव आते ही कांग्रेस भाजपा को तो भाजपा कांग्रेस को कोसने पर अमादा हो जाती है। अरे जनाब जब आप सांसद या विधायक हैं तो उचित मंच यानी विधानसभा या लोकसभा में आखिर प्रश्न पूछने में आपको शर्म कैसी?
क्या हमारे जिले के सांसद और विधायकों के अंदर इतना माद्दा है, कि वे जनता के सामने इस बात को ईमानदारी से रख सकें कि उन्होंने विधानसभा या लोकसभा में सिवनी के हितों को लेकर कितने प्रश्न पूछे? और जो प्रश्न लगाए उनके जवाब के दिन वे सदन में ही बहस के लिए उपस्थित रहे। वस्तुतः होना यह चाहिए कि सांसद या विधायक की जवाबदेही भी निर्धारित होना चाहिए। हर बार सदन के अवसान पर सांसद विधायकों को जनता के सामने एक-एक दिन का हिसाब प्रस्तुत करना चाहिए। अगर सांसद विधायक अपनी दिनचर्या को प्रस्तुत नहीं कर रहे हैं तो कम से कम विपक्ष में बैठे दलों को तो उनसे इसकी मांग करना चाहिए।
विडम्बना ही कही जाएगी कि आज राजनीति जनसेवा का साधन बनने की बजाए व्यवसाय बन चुकी है। आज ज्यादातर नेता व्यवसाई हैं। वे अपनी विपक्षी पार्टी का विरोध इसलिए नहीं कर पाते हैं क्योंकि उन्हें डर है कि कहीं विपक्षी दल उनके व्यवसाय की शिकायत न कर दे। अगर शिकायत हुई तो उनके व्यवसाय पर बुरा असर पड़ सकता है। संभवतः यही कारण है कि आज नेता एक दूसरे का विरोध ‘नूरा कुश्ती‘ की तर्ज पर ही करते आ रहे हैं।
दशहरा या विजय दशमी के पर्व पर कम से कम सिवनी के राजनेता यह शपथ ले लें कि वे सिवनी के हित में ही काम करेंगे चाहे उनका व्यवसाय रहे अथवा जाए। अगर उन्हें व्यवसाय करना है तो वे राजनीति को तिलांजली दे दें, या राजनीति करनी है तो व्यवसाय छोड़ दें। दो नावों पर पैर रखकर चलने से सिवनी के वाशिंदों का बंटाधार निश्चित है। इसलिए आज आवश्यकता इस बात की है कि हम अपने अंदर के बुराई रूपी रावण का दहन करें और दशहरे की परंपरानुसार नए निश्छल स्वरूप को धारण कर सिवनी जिले की उन्नति के मार्ग प्रशस्त करने की सौगंध उठाएं।

रविवार, 13 अक्टूबर 2013

जमकर चर्चे हैं लालाजी के जुएं की फड़ के

जमकर चर्चे हैं लालाजी के जुएं की फड़ के

(अखिलेश दुबे)

सिवनी (साई)। कटंगी रोड पर बाम्हनदेही के आसपास के जंगलों में लालाजी के जुएं की फड़ इन दिनों चर्चा का केंद्र बनी हुई है। कहा जा रहा है कि इस जुएं के अड्डे में खाना, पीना, जुआं और मनोरंजन के हर स्तर के साधन मौजूद हैं। अरी पुलिस थानांतर्गत आने वाले जंगलों में चलने वाली जुएं की फड़ पर हाथ डालने से अरी पुलिस भी अपने आप को सक्षम नहीं पा रही है।
बताया जाता है कि बाम्हनदेही के जंगलांे में बकायदा तिरपाल लगाकर टेंट के अंदर जुएं की फड़ जमकर जम रही है। वहीं वन विभाग के सूत्रों का कहना है कि वन विभाग के उड़न दस्तों को इन जुएं के अड्डों की पूरी खबर है, किन्तु समय पर चौथ पहुंच जाने से वे भी इस ओर ध्यान देना उचित नहीं समझते हैं।

कटंगी रोड के जंगलों में हो रहे जमकर जुएं से अरी पुलिस और वन विभाग के गश्ती दल की कार्यप्रणाली और कथित तौर पर की जाने वाली नाकेबंदी पर भी प्रश्नचिन्ह लग रहे हैं। कहा जाता है कि पांच से दस परसेंट मासिक ब्याज पर यहां स्पाट फाईनेंस की सुविधा भी उपलब्ध है। ब्याज वसूली करने का काम लालाजी के हरकारे करीने से कर लेते हैं।

हरवंश युग का अवसान, विमला वर्मा आज भी हैं प्रासंगिक

हरवंश युग का अवसान, विमला वर्मा आज भी हैं प्रासंगिक

(महेश रावलानी/पीयूष भार्गव)

सिवनी (साई)। सिवनी की राजनीति पिछले चार दशकों में दो बार करवट ले चुकी है। सिवनी की सियासत में कांग्रेस का बोलबाला रहा है इस बात से इंकार नहीं किया जा सकता है। सिवनी में कांग्रेस के प्रभावशाली क्षत्रपों में पूर्व केंद्रीय मंत्री सुश्री विमला वर्मा और विधानसभा के तत्कालीन उपाध्यक्ष रहे हरवंश सिंह ठाकुर का ही बोलबाला रहा है। सिवनी में सियासत की धुरी इन्हीं दोनों के इर्द गिर्द ही घूमती रही है। विमला वर्मा आज आसक्त हैं, तो हरवंश सिंह का अवसान हो गया है।
कांग्रेस की कमान हरवंश सिंह के थामते ही सुश्री विमला वर्मा को सियासी बियावान से किनारे करने के षणयंत्र का ताना बाना बुना जाने लगा था। विमला वर्मा के विश्वस्त पर मौका परस्त लोगों को हरवंश सिंह ने बखूबी साधा और विमला वर्मा को लगभग एकाकी कर दिया। मूल्य आधारित राजनीति करने वालीं विमला वर्मा द्वारा इस मामले में मौन ही साधे रखा गया है। जब भी चुनाव आए, कांग्रेस के सिवनी विधानसभा या नगर पालिका सिवनी के प्रत्याशियों ने उन्हें शोभा की सुपारी बनाकर लोगों के सामने रैली के रूप में अवश्य ही प्रस्तुत किया, किन्तु जीत हार के बाद उनकी सुध लेने की जुर्रत किसी भी कांग्रेस के प्रत्याशी द्वारा न किया जाना कांग्रेस के नेताओं का उनके प्रति समर्पण, आदर को न केवल दर्शाता रहा है वरन् हरवंश सिंह के डर को भी इस बात ने रेखांकित किया है कि अगर विमला वर्मा से नजदीकियां बढ़ाईं तो उनका भविष्य उज्जवल तो कतई नहीं रहने वाला।

बैंक के कर्जदार से अरबपति बनने का सफर
हरवंश सिंह ठाकुर ने जब सियासत की सीढ़ियां चढ़ना आरंभ किया तब वे डॉ.रमन लाल शाह के आवास में किराए से ही रहा करते थे। उस वक्त उनके पास इतनी मात्रा में व्यवस्थाएं भी नहीं होती थीं कि वे खुद के खर्चे पर भोपाल या अन्य स्थानों पर जा सकें। कांग्रेस के ही लोग बताते हैं कि हरवंश सिंह ठाकुर ने लोगों की मदद से, यहां तक कि बैंक के कर्ज से एक मोटर सायकल खरीदी थी। यह कर्ज वे पटा नहीं सके। आज हरवंश सिंह के पास अकूत दौलत बताई जाती है। हरवंश सिंह ठाकुर जिस वाहन में घूमा करते थे, वही वाहन कम से कम बीस से पच्चीस लाख रूपए का बताया जाता है।

अर्जुन सिंह से रही नजदीकी
मध्य प्रदेश में सत्ता के बनते बिगड़ते समीकरणों में उस वक्त प्रदेश की सत्ता की धुरी विमला वर्मा के इर्द गिर्द भी घूमने लगी। उस वक्त चुरहट लाटरी कांड में दागी होने के चलते कुंवर अर्जुन सिंह को मुख्यमंत्री का पद छोड़ना पड़ा। इस समय हरवंश सिंह चार इमली में रहा करते थे और राज्य वस्त्र निगम के अध्यक्ष थे। वे तत्कालीन गृह मंत्री भारत सिंह के सामने वाले आवास में रहते थे। जब सीएम के चयन की बारी आई तो उन्होंने चतुराई के साथ अर्जुन सिंह समर्थकों को अपने आवास पर एकत्र किया और कांग्रेस आलाकमान पर जमकर दबाव बनाया। यहीं से हरवंश सिंह की अर्जुन सिंह से नजदीकियां बढ़ीं।

दूरंदेशी आई बहुत काम
इसके उपरांत लंबे समय तक वनवास भोगने के बाद एक बार फिर हरवंश सिंह की किस्मत का सितारा बुलंद हुआ। पटवा सरकार के पतन के बाद हुए चुनावों में जब भाजपा धाराशाई हुई, तब हरवंश सिंह ने एक बार फिर पलटी मारी और अर्जुन सिंह के साथ ही साथ उन्होंने कमल नाथ का दामन भी थाम लिया। पहली बार विधायक बनते ही उन्हें मंत्री पद भी मिल गया। इसके बाद हरवंश सिंह ने पीछे पलटकर नहीं देखा।

दिग्गी सरकार में रहे दिग्गी के खास
यह हरवंश सिंह की विशेषता थी कि वे एक साथ अर्जुन सिंह, कमल नाथ और दिग्विजय सिंह को साधते रहे। दिग्विजय सिंह के मुख्यमंत्री रहते हुए, उन्होंने दिग्विजय सिंह से खासी पटरी बिठा ली थी। वहीं कमल नाथ और अर्जुन सिंह भी उनसे दूर नहीं हो पाए। इसी बीच कांग्रेस में चंदे के गंदे धंधे के आरोप उन पर लगे और उन्हें मंत्री पद छोड़ना पड़ा। बताते हैं कि उस वक्त कांग्रेस की सुप्रीमो श्रीमति सोनिया गांधी के निज सचिव विसेंट जॉर्ज की नजरें उन पर तिरछी हो गई थीं। बाद में अपनी ‘मनराखनलाल‘ की छवि से उन्होंने सब कुछ सामान्य कर लिया।

भाजपा सरकार के आते ही बन गए विधानसभा उपाध्यक्ष
कांग्रेस की सत्ता पतन के बाद सुविधाओं के आदि हो चुके हरवंश सिंह ने एक बार फिर दूरंदेशी का फायदा उठाया और एक संवैधानिक पद झटक लिया। विधानसभा उपाध्यक्ष बनने के कारण वे पार्टी के धरना प्रदर्शन आदि में संवैधानिक मर्यादाओं का हवाला देकर बचते रहे किन्तु अपने मनमाफिक कार्यक्रमों में उन्होंने संवैधानिक मर्यादाओं को तिलांजली भी दी। इसके अनेक उदाहरण भी हैं।

सिवनी को नहीं दी कोई सौगात!
हरवंश सिंह ठाकुर ने लगभग तीन दशकों की सक्रिय राजनीति में सिवनी जिले को कुछ भी उपलब्धि प्रदान नहीं की है। जानकारों का मानना है कि सिवनी जिले में सुश्री विमला वर्मा द्वारा दी गई उपलब्धियों की फेहरिस्त बेहद लंबी है, जिसे गिनाते गिनाते लोगों के कण्ठ सूख जाएं पर हरवंश सिंह के खाते में सिर्फ एक ही उपलब्धि है, वह भी कुंवर अर्जुन सिंह के संचार मंत्री रहते हुए सिवनी को मिली एसटीडी की सुविधा। उस समय टेलीफोन में एसटीडी की सुविधा कम ही शहरों में थी किन्तु सिवनी में यह सुविधा हरवंश सिंह के प्रयासों से ही आ पाई।

कुचला गया कार्यकर्ताओं का स्वाभिमान!
भले ही विमला वर्मा के खासुलखास रहे उनके लग्गुओं भग्गुओं द्वारा हरवंश सिंह के इशारे पर अपने स्वर्णिम भविष्य के लालीपाप के मद्देनजर कांग्रेस के कार्यालय को विमला वर्मा के आवास गिरधर भवन से उठाकर ले जाया गया हो, किन्तु जल्द ही उन्हें समझ में आने लगा था कि हरवंश सिंह की बाजीगरी में वे फंस चुके हैं और उनके स्वाभिमान और आत्म सम्मान को बुरी तरह कुचला जाने लगा था।

अनुभवी अधिकारियों की तैनाती से रहा गुरेज
कहा जाता है कि हरवंश ंिसंह प्रदेश में कद्दावर मंत्री रहे हैं। उनके कार्यकाल में सिवनी जिले को भारतीय प्रशासनिक सेवा और भारतीय पुलिस सेवा के अधिकारियों की नर्सरी या प्रशिक्षण स्थल बना दिया गया था। हरवंश सिंह भले ही युवा अधिकारियों को सिवनी लाने के हिमायती बताते रहे हों पर यह चर्चा भी उस वक्त जमकर होती रही कि अनुभवी अधिकारी उनकी सुनते नहीं थे अतः नए नवेले अधिकारियों की सिवनी में तैनाती करवाकर वे अपना उल्लू सीधा करते रहे।

पांच माह में ही भूल गए कांग्रेसी हरवंश सिंह को

हरवंश सिंह का अवसान महज पांच माह पूर्व ही 14 मई को हुआ था। इसके बाद कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने उन्हें लगभग भुला ही दिया। 13 जून को हुई कमल नाथ की सभा में तो कुछ बेनर पोस्टर्स पर हरवंश सिंह के चित्र अवश्य दिखे, किन्तु 10 अक्टूबर को संपन्न परिवर्तन यात्रा में हरवंश सिंह के चित्र पोस्टर्स बेनर्स नदारत ही थे। वहीं, दूसरी ओर पूर्व केंद्रीय मंत्री सुश्री विमला वर्मा के फोटो मंच पर भी दिखे। लोगों का कहना था कि अब हरवंश युग का अवसान हो चुका है, किन्तु अच्छे कर्म और मूल्य आधारित राजनीति करने वाली पूर्व केंद्रीय मंत्री सुश्री विमला वर्मा आज भी प्रासंगिक बनी हुई हैं। 10 अक्टूबर की सभा में भी एकाध वक्ता ने सुश्री विमला वर्मा और हरवंश सिंह का नाम अपने उद्बोधन में लिया बाकी सभी ने लोगों की स्मृति से विस्मृत हरवंश सिंह की यादें लोगों के जेहन में ताजा करना मुनासिब ही नहीं समझा।

शनिवार, 12 अक्टूबर 2013

गोद लेकर गोद पुत्र का गला घोंटना कमल नाथ की फितरत: प्रेम तिवारी

गोद लेकर गोद पुत्र का गला घोंटना कमल नाथ की फितरत: प्रेम तिवारी

जनता को प्रभावित करने में नाकाम रहे कांग्रेसी नेता

(ब्यूरो कार्यालय)

सिवनी (साई)। गोद लेकर गोद पुत्र का गला घांेटना कमल नाथ की फितरत है। जिस बंठाढार पुरूष के शासन में लोग बिजली के तारों में कपडे़ सुखाते थे, वे आज प्रदेश को रोशन करने की बात कर रहे हैं। विधानसभा में चुप रहने वाले अजय सिंह हांे या लोकसभा में मौन धारण करने वाले भूरिया हों, सदन से मुहं चुराना और सदन के बाहर झूठ बोलना इनकी आदत है। झाबुआ पावर प्लाटं के मालिक के आगे दुम हिलाने वाले सिंधिया को आज आदिवासियों के हितों की चिन्ता हो गई है। सिवनी वासियों को गुमराह करने आया अवसरवादी कांग्रेसियों का यह दल लोगों को गुमराह करके और झूठे आश्वासन परोसकर अगले 5 सालों के लिये फिर विलुप्त हो गया है। इस आशय की बात भाजपा नगर अध्यक्ष श्री प्रेम तिवारी द्वारा जारी विज्ञप्ति में कही गई है।

सिवनी र्की इंटों से ही छिन्दवाड़ा में बना विकास का महल
पार्टी मीडिया प्रभारी श्रीकांत अग्रवाल के हवाले से जारी विज्ञप्ति में प्रेम तिवारी ने आरोप लगाया कि कमलनाथ वही शख्स है, जो पिछले 15 वर्षों से अनेक बार सिवनी को गोद लेने की घोषणा कर चुके हैं, और अब वे सिवनी को छिन्दवाड़ा बनाने का सपना दिखा रहे हैं। यदि कमलनाथ सिवनी से उसका हक ही न छीनते, तो भी उनका जिलेवासियों पर उपकार होता। कमलनाथ ने तो सिवनी र्की इंटों से ही छिन्दवाड़ा में विकास का महल खडा किया है।
इस जिले से फोरलाईन को छीनने वाले कमलनाथ ऐसे बेशर्म नेता हैं, जो इस मुद्दे पर अपनी प्रतीकात्मक अर्थी निकलने के बावजूद सिवनी वासियों से नजरे मिला रहे हैं। जिन हाथों ने इनकी अर्थी उठाई थी, उन्ही हाथों से ये फूलमाला पहन रहे हैं। गोद लेकर गोद पुत्र का गला कैसे घोंटा जाता है, इसकी मिसाल कमलनाथ ही हैं, जिन्हांेनेे न सिर्फ फोरलाईन बल्कि इस जिले के किसानों की जीवन दायिनी पेंच परियोजना को भी अपने प्रभाव से रोकने का कार्य किया है। इन्ही की करतूतों का परिणाम है, कि ब्राडगेज की घोषणा होने के बाद भी, रेल की पटरी की एक पांत भी नहीं लग सकी है।

उद्योग मंत्री रहते सिवनी रहा उद्योग विहीन
श्री तिवारी ने कहा की यह हास्यप्रद है कि कमलनाथ उद्योग और रोजगार की बात कर रहे हैं, जबकि इनके केन्द्र में उद्योग मंत्री रहते न तो सिवनी में उद्योग की एक इकाई लगी, और न ही जिले के किसी बेरोजगार को इनके अपने क्षेत्र में लगाये गये उद्योगों में रोजगार मिला। बेशर्मी की पराकाष्ठा है कि कमलनाथ अपने भाषण में जिले के युवाओं के विवेक पर प्रश्न चिन्ह लगाते हुये यह कह रहे हैं, कि यहां के लोग जल्दी गुमराह हो जाते हैं, शायद इसी का फायदा उठाते हुये कमलनाथ सिवनी वासियों को पूर्व की भांति चुनावी झुनझुना पकड़ाते हुये गुमराह कर रहे हैं।

जहां रहेगा दिग्गी वहां जलेगी चिमनी
श्री तिवारी ने कहा कि मध्यप्रदेश ही नहीं, बल्कि देश भर में बंठाढार पुरूष के नाम से कुख्यात दिग्गीराजा आज प्रदेश के विकास की बात कर रहे हैं। उनके शासन में सड़कें गायब थीं और लोग बिजली के तारों पर कपड़े सुखाते थे। आज वे अपने साम्प्रदायिक और खूनी एजेन्डे से सŸाा का रास्ता बनाने की कोशिश कर हैं, जबकि प्रदेश में अमन चेन और भाईचारे की बयार बह रही है।

झाबुआ प्लांट को सिंधिया से ही मिली है अनापत्ति
श्री तिवारी ने कहा कि गांधी खानदान के आगे पीछे दुम हिलाने वाले सामंतशाही ज्योतिरादित्य सिंधिया को एकाएक झाबुआ पावर प्लांट को लेकर जिले के आदिवासियों की चिन्ता हो गई है, जबकि ये देश के ऊर्जा मंत्री हैं, और इन्हीं की अनापŸिा के बाद यह प्लांट चालू हुआ है। यदि आदिवासियों के साथ छल हुआ है, तो इन्हें अनापŸिा के पूर्व प्लांट मालिक से आदिवासियों का हक उन्हेें दिलाना था। हकीकत तो यह है कि ज्योतिरादित्य सिंधिया ने इस प्लांट के मालिक गौतम थापर को प्रधानमंत्री से मिलवाया था और तब इनके साथ कमलनाथ और दिग्विजय सिंह भी मौजूद थे। इन्टरनेट में यह तस्वीर श्री सिंंिधया की हकीकत को बयां करने के लिए काफी है।

सदन में मौन रहने वाले अजय सिंह और भूरिया जनता को कर रहे गुमराह
श्री तिवारी ने कहा कि अपनी बदजुबानी, झुठ बोलने और गुमराह करने की आदत से मजबूर प्रदेश के नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह के खिलाफ न्यायालय ने मानहानि का मुकदमा प्रारंभ कर दिया है। अजयसिंह विधानसभा में चुप रहते हैं और विधानसभा से निकलते ही झूठ बोलना प्रारंभ कर देते हैं, क्यांेकि ये जानते हैं कि सदन में इनके बेबुनियाद आरोपों की धज्जियां उड़ जायेंगी। यही हाल प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कान्तिलाल भूरिया का है, जो लोकसभा में प्रदेश के मुद्धों पर मौन धारण किये रहते हैं, और सदन के बाहर मध्यप्रदेश में आदिवासियों के हितों की बात करते हैं, जबकि कांग्रेस ने ही आदिवासियों का शोषण किया है।

काली कमाई को बहाया पानी की तरह

श्री तिवारी ने कहा कि केन्द्र में भ्रष्टाचार के माध्यम से कमाये गये रूपयों को कैसे पानी के तरह बहाया जाता है, इसका नमूना बीते दिवस जिले वासियों को तब देखने को मिला, जब जिलेवासियों के परहेज के चलते सैकड़ों वाहनों में बालाघाट और छिन्दवाड़ा से लोगों को ढोकर लाया गया था। कांग्रेस की इस रैली में जमा नेता अवसरवादी और मौकापरस्त लोगों का जमघट मात्र था, जो अपने चेहरे तो लोगों को दिखा सकता था लेकिन जनता को प्रभावित करने की क्षमता उनमें नहीं थी।
जिला क्रिकेट संघ भंग हो चुका है, अतः कांग्रेसीकरण का प्रश्न ही नहीं उठता: कलाम खान

(अखिलेश दुबे)

सिवनी (साई)। दैनिक हिन्द गजट के 10 अक्टूबर के अंक में ‘डीसीए का हुआ कांग्रेसीकरण‘ शीर्षक से प्रकाशित समाचार पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए जिला क्रिकेट एॅसोसिएशन के पूर्व उपाध्यक्ष कलाम खान ने कहा है कि जिला क्रिकेट संघ तीन साल पहले ही भंग हो चुका है, अतः इसके कांग्रेसीकरण का अब सवाल ही नहीं उठता है।
खेल जगत की जानी मानी हस्ती कलाम खान ने आगे कहा कि कुछ सालों पहले जिला क्रिकेट संघ का गठन किया गया था, किन्तु तीन साल तक डीसीए की कोई बैठक का आयोजन ही नहीं किया गया जिससे संघ के संविधान के अनुसार डीसीए स्वतः ही भंग हो गया है।
कलाम खान ने आगे कहा कि जिला क्रिकेट संघ जब भंग ही हो चुका है तो इसके कांग्रेसीकरण का प्रश्न ही नहीं उठता है। और अगर ऐसा हो भी रहा है तो ऐसे राजनीतिकरण करने के प्रयासों को कतई सफल नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि संघ के अस्तित्व में न होने के कारण आधिकारिक तौर पर इसकी गतिविधि जिले में शून्य ही हैं।
जब कलाम खान से पूछा गया कि क्या प्रदेश क्रिकेट एॅसोसिएशन के अध्यक्ष और सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया के साथ ही साथ कांग्रेस के अन्य क्षत्रपों के स्वागत की अपील करना क्या उचित है? इसके जवाब में उन्होंने कहा कि यह किसी भी दृष्टिकोण से उचित नहीं है, और वे इसकी निंदा करते हैं।
कलाम खान ने कहा कि संघ के नवीन संगठन के गठन के बाद मीडिया को अवश्य ही सूचित किया जाएगा। साथ ही साथ उन्होंने यह भी कहा कि संघ की ओर से अगर कोई विज्ञप्ति भी आती है तो पहले इसे सत्यापित अवश्य किया जाए फिर प्रकाशित किया जाए। उन्होंने कहा कि ऐसा नहीं करने पर समाचार पत्र पर कानूनी कार्यवाही हेतु वे स्वतंत्र होंगे। चर्चा के साथ ही उन्होंने एक विज्ञप्ति भी हिन्द गजट को दी है, जिसमें कलाम खान के अलावा डीसीए के पूर्व उपाध्यक्ष राकेश जैन, पूर्व सहसचिव शरद खरे, पूर्व मुख्य चयनकर्ता जय श्रीवास्तव के हस्ताक्षर भी हैं।

क्या टीमें अवैध रूप से भेजी गईं!
अगर डीसीए के पूर्व उपाध्यक्ष कलाम खान की बात को सच माना जाए तो पिछले तीन सालों में डीसीए के बेनर तले जो कुछ भी हुआ या टीमें जो चयनित की गई हैं वे अवैध हैं? इस बारे में तरह तरह की चर्चांए आरंभ हो गई हैं।

क्या भाजपाई भी थे कांग्रेस के नेताओं के स्वागत में शामिल

वहीं दूसरी ओर यह चर्चा भी तेज हो गई है कि गत दिवस परिवर्तन यात्रा में आए केंद्रीय मंत्री कमल नाथ, ज्योतिरादित्य सिंधिया सहित अन्य कांग्रेस के क्षत्रपों के स्वागत की अपील और स्वागत करने में भाजपा के नेता भी शामिल थे, क्योंकि जिला क्रिकेट संघ में भाजपा के जिला स्तर के अनेक नामचीन लोगों का समोवश है।

पावर प्लांट के रहते अंधेरे में घंसौरवासी

पावर प्लांट के रहते अंधेरे में घंसौरवासी

(प्रेम कुमार जैन)

घंसौर (साई)। सिवनी जिले के आदिवासी बाहुल्य विकासखण्ड घंसौर में प्रदेश में बिजली उत्पादन बढ़ाने के लिए देश के मशहूर उद्योगपति गौतम थापर के स्वामित्व वाले अवंथा समूह के सहयोगी प्रतिष्ठान मेसर्स झाबुआ पावर लिमिटेड द्वारा डाले जा रहे पावर प्लांट के रहते हुए भी तहसील मुख्यालय घंसौर में कल चार बजे से इन पंक्तियों के लिखे जाने तक बिजली गोल ही है।
गौरतलब है कि वर्तमान में दुर्गा पूजा उत्सव चल रहा है। दुर्गा उत्सव के चलते घंसौर में आसपास के जिलों से भी घंसौर में दुर्गा उत्सव देखने सैकड़ों लोग उमड़ रहे हैं। गत शाम से अंधेरे में ही ग्रामों के लोगों द्वारा दुर्गा प्रतिमाओं का भ्रमण किया गया। दुर्गा पूजा में उमड़ रही भारी भीड़ के बाद भी शासन प्रशासन द्वारा घंसौर में बिजली आ जाए, इस संबंध में शायद ही कोई प्रयास किए गए हों।
उल्लेखनीय होगा कि घंसौर के बरेला में आदिवासियों की जमीनें हथियाकर मेसर्स झाबुआ पावर लिमिटेड द्वारा बिजली उत्पादन के लिए संयंत्र की स्थापना का काम वर्ष 2009 में आरंभ किया गया था। बताया जाता है कि इस साल फरवरी में ही इस संयंत्र से बिजली का उत्पादन आरंभ हो जाना चाहिए था।
आरोपित है कि बरेला का पावर प्लांट रक्षित वन में ही संस्थापित हो रहा है। इस पावर प्लांट के लिए किसानों के उपयोग के लिए एकत्र किए गए बरगी बांध के पानी का उपयोग किया जा रहा है। इसके लिए गड़ाघाट से पाईप लाईन बिछाई जा रही है। बरेला पावर प्लांट के अंदर न जाने कितने गरीब गुरबे अब तक दम तोड़ चुके हैं। इसके अंदर एक हिरण का शावक भी मृत अवस्था में मिला था।
हाल ही में परिवर्तन यात्रा में आए केंद्रीय उर्जा मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया द्वारा भी पावर प्लांट द्वारा आदिवासियों के शोषण की बात कही गई थी। यह निश्चित तौर पर जिला कांग्रेस कमेटी के लिए शर्मनाक स्थिति ही कही जा सकती है कि जिला स्तर पर इसका विरोध न कर कांग्रेस द्वारा परोक्ष तौर पर आदिवासियों के हितों पर हो रहे कुठाराघात में संयंत्र का कंधे से कंधा मिलाकर साथ दिया जा रहा है।
बताया जाता है कि जब इस संयंत्र की स्थापना के लिए आदिवासियों सहित स्थानीय स्तर पर लोगों की जमीनें अधिग्रहित की जा रही थीं, उस वक्त लोगों को यह प्रलोभन दिया गया था कि इस पावर प्लांट के डलने के साथ ही साथ घंसौर क्षेत्र में बिजली की कमी पूरी तरह दूर हो जाएगी।
सूत्रों का कहना है कि घंसौर के इस पावर प्लांट का काम इस साल फरवरी में पूरा किया जाकर उत्पादन आरंभ किया जाना चाहिए था, किन्तु अब तक यह काम आरंभ नहीं हो सका है। इसके साथ ही साथ इसमें उत्पादित होने वाली बिजली का एक भी अंश घंसौर या सिवनी जिले की झोली में नहीं जाने वाला है।
सूत्रों ने आगे बताया कि घंसौर के मेसर्स झाबुआ पावर लिमिटेड के इस पावर प्लांट द्वारा उत्पादित की जाने वाली बिजली को प्रदेश या केंद्र सरकार को गौतम थापर द्वारा बेचा जाएगा। अगर कुछ हिस्सा प्रदेश को दिया भी जाएगा तो वह सिवनी जिले को कतई नहीं मिलने वाला है।

बहरहाल लगभग तीस घंटे से घंसौर क्षेत्र में बिजली नहीं है, और दूसरी ओर प्रदेश की भाजपा सरकार के निजाम शिवराज सिंह चौहान द्वारा प्रदेश में अटल बिजली योजना का श्रेय बटोरा जा रहा है। इस मामले का दुखद पहलू यह सामने आ रहा है कि घंसौर में बिजली नहीं है, और विपक्ष में बैठी कांग्रेस भी इसके लिए न तो कोई कार्यवाही ही कर रही है और न ही ज्ञापन, धरना या प्रदर्शन जैसा कोई काम कर रही है।

कौन लेगा मंडियों की सुध!

कौन लेगा मंडियों की सुध!

(शरद खरे)

सिवनी जिले में जितनी भी मंडियां वैध रूप से काम कर रही हैं, वे सारी की सारी बदहाल हैं। अवैध मंडियां यानी क्रिकेट सट्टा, जुंआ, देह व्यापार की मंडियां जो अवैध रूप से संचालित हैं, पूरी तरह गुलजार कही जा सकती हैं। मंडियों के हालात इस कदर खराब है कि बारिश के दिनों में यहां घुसना दुष्कर ही साबित होता है। जिले की हर मंडी चाहे वह फुटकर सब्जी मंडी हो, थोक सब्जी मण्डी या फिर कृषि उपज मण्डी, हर ओर अव्यवस्थाओं का आलम पसरा हुआ है।
सिवनी की थोक सब्जी मण्डी जीएन रोड़ पर स्थित है। इस मण्डी में माल लेकर आने वाले भारी वाहनों की धमाचौकड़ी से यातायात बुरी तरह प्रभावित होता है। यह सब जनता देखती है, नगर पालिका देखती है, पर नहीं दिखता तो यातायात पुलिस के कर्मचारियों को। वहीं फुटकर सब्जी मण्डी भी जीएन रोड पर ही स्थित है। इस सब्जी मण्डी में अगर आप बारिश के दिनों में घुस जाएं तो तीन दिन खाना खाने से परहेज ही करेंगे। इस कदर गंदगी से बजबजा रही है यह सब्जी मण्डी।
मजे की बात तो यह है कि दोनों ही सब्जी मण्डियों में आवारा मवेशी विशेषकर सुअरों का आतंक जबर्दस्त तरीके से है। स्वाईन फ्लू के लिए जवाबदेह सुअर, सब्जी मण्डी में फलों सब्जियों में मुंह मारकर उन्हें गंदा करने से नहीं चूकते हैं। आसमान छूते सब्जी के दामों के चलते सब्जी विक्रेता इन सुअर-कतरी सब्जियों को फेंकने के बजाए इन्हें सुआ (मिट्ठू) कतरी बताकर बेच दिया करते हैं।
इस सब्जी मण्डी के बाहर जीएन रोड़ पर खड़े ठेले और रेहड़ी वालों के आतंक के चलते यहां पार्किंंग की सुविधा नहीं हो पाती है। सड़कों पर लगने वाली दुकानों से नगर पालिका परिषद् द्वारा बकायदा अस्थाई दखल शुल्क वसूला जाता है, पर इसे अतिक्रमण मानकर कार्यवाही करने से सदा ही बचा जाता है। पार्किंंग के अभाव में सब्जी मण्डी के अंदर दो पहिया वाहन चालक अपने वाहनों में ही जाकर सब्जी खरीदने पर विवश हैं। सब्जी मण्डी की सकरी गलियों में वाहनों की रेलमपेल से पैदल सब्जी खरीद करने वालों को परेशानी उठानी पड़ती है। बारिश के दिनों में इस तरह से लोगों के कपड़े जब तब कीचड़ से सन जाया करते हैं।
पिछले दिनों प्रशासन द्वारा पुराने एलआईबी तिराहे से जीएन रोड़ मार्ग पर लगने वाले अस्थाई सब्जी बाजार (जो नगर पालिका की उदासीनता से लगभग पांच सालों से लग रहा था) को हटवाया गया। इसके बाद प्रशासन शांत हो गया और एक बार फिर वहां सब्जी की छिटपुट दुकानें लगना आरंभ हो गई हैं। इसी तरह का एक अस्थाई बाजार बारापत्थर में तिकोना पार्क से स्टेट बैंक जाने वाले मार्ग पर लगने लगा था।
दरअसल, सिवनी जिले में विकास के मायने यह हो गए हैं कि अपने घर पर एक दुकान खोल ली जाए। नपुंसक नगर पालिका प्रशासन के कारण सिवनी अब शटर्स का शहर बन गया है। जिस घर में देखो एक शटर अवश्य ही दिख जाएगी। पता नहीं वार्ड के पार्षद इस बात पर आपत्ति क्यों नहीं लेते। आखिर इन्हें अपने घर में व्यवसायिक गतिविधि संचालित करने की अनुमति कैसे मिल जाती है। क्या नगर पालिका प्रशासन ने अब तक इस बात को चिन्हित किया है कि शहर के कितने घरों में व्यवसायिक गतिविधियां संचालित हो रही हैं, अगर व्यवसायिक गतिविधि संचालित हो रही है, तो पालिका को चाहिए कि दूरसंचार विभाग और बिजली विभाग को इसकी सूचना दे, और यहां संस्थापित टेलीफोन और होने वाली बिजली की खपत को, व्यवसायिक टैरिफ से वसूला जाए।
सिवनी की थोक सब्जी मण्डी के हाल तो बुरी तरह बेहाल हैं। यहां आने वाले माल के बारे में किसी को भी पता नहीं होता है। यहां रोजाना लाखों रूपयों का धंधा होता है। इसमें से कितना आयकर, कितना विक्रयकर जमा किया जाता है, इस बारे में शायद ही कोई जानता होगा। यहां बैठे बड़े बड़े सब्जी व्यवसाईयों की मोनो पल्ली सालों से चली आ रही है। कोई नया व्यापारी अगर सब्जी के धंधे में उतरने का साहस करता है, तो इनकी साम, दाम, दण्ड और भेद की नीति की भेंट चढ़ जाता है बिचारा।
फुटकर और थोक सब्जी मण्डी में खराब हो चुकी सब्जी को व्यवसाईयों द्वारा सड़कों पर इस तरह फेंक दिया जाता है, मानो वह एक बड़ा सा डस्ट बिन हो। सड़कों पर सड़ रही सब्जियों में जब आवारा मवेशी विशेषकर सुअर टूट पड़ते हैं तब आने जाने वालों को इनके काटने और दुर्घटना का भय बना रहता है। सड़क किनारे पड़ी, सड़ी गली सब्जी को अगले दिन सुबह ही पालिका कर्मचारियों द्वारा साफ किया जाता है। दिन भर इससे उठने वाली दुर्गन्ध से राहगीर परेशान हुए बिना नहीं रहते हैं। इस तरह गंदगी फैलाती, सड़ी सब्जियों के लिए जिम्मेदार व्यापारियों के खिलाफ कार्यवाही करना या चालान बनाना नगर पालिका की शान के शायद खिलाफ ही है। थोक सब्जी मण्डी जाने वाले मार्ग का द्वार इतना सकरा है कि वहां से एक बार में अगर एक भारी वाहन आता है तो लगभग आधे घंटे के लिए पूरा यातायात अवरूद्ध हो जाता है। देखा जाए तो सुबह सात बजे के पहले यहां भारी वाहनों से सब्जी उतरना चाहिए किन्तु यहां तो दिन उगने से दिन ढलते तक यह सिलसिला जारी रहता है।
कुल मिलाकर सिवनी शहर की ही सब्जी मण्डियों के हाल बुरी तरह बेहाल हैं। विपक्ष में बैठी कांग्र्रेस के नेताओं को स्थानीय समस्याओं से शायद लेना देना नहीं रह गया है, यही कारण है कि वे हर समय प्रदेश स्तर के प्रवक्ताओं के काम में दखलंदाजी कर शिवराज सिंह चौहान को कोसते नजर आते हैं। स्थानीय विधायक श्रीमति नीता पटेरिया, जिला भाजपाध्यक्ष नरेश दिवाकर सहित नगर पालिका अध्यक्ष राजेश त्रिवेदी एवं अन्य पार्षदों को भी आम जनता को होने वाली समस्याओं से ज्यादा लेना देना नहीं दिखता है। चुनाव की बेला में भाजपा द्वारा किसानों को नाराज किया जाना आश्चर्यजनक ही है।

शुक्रवार, 11 अक्टूबर 2013

तीन वर्षीय बालिका से शिक्षाकर्मी ने किया दुष्कृत्य

तीन वर्षीय बालिका से शिक्षाकर्मी ने किया दुष्कृत्य

(ब्यूरो कार्यालय)

धनौरा (साई)। सिवनी जिले के आदिवासी विकासखण्ड धनौरा की शासकीय प्राथमिक शाला पाटनरैयत में पदस्थ शिक्षाकर्मी के द्वारा गांव की एक तीन वर्षीय बालिका के साथ दुष्कृत्य किये जाने का मामला प्रकाश में आया है।
धनौरा थाना प्रभारी एन.एस.धुर्वे ने बताया कि गत 1 अक्टूबर की सुबह पाटनरैयत गांव की प्राथमिक शाला में पदस्थ शिक्षाकर्मी प्रहलाद पिता शम्भू कुमरे (25) वर्ष, जो गांव में निवास करता है, यहां रहने वाली आदिवासी समाज की एक तीन वर्षीय बालिका को अपने घर ले आया और उसके साथ दुष्कृत्य किया। इस घटना की जानकारी लगने पर आदिवासी सामाजिक पंचायत के द्वारा मामले को निपटाने का प्रयास किया गया, परन्तु पीड़ित पक्ष पंचायत के फैसले से संतुष्ट नहीं हुआ।
बताया गया है कि 9 अक्टूबर की शाम पीड़ित बालिका के परिजनों ने धनौरा थाना पहॅुचकर आरोपी शिक्षाकर्मी के विरूद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई। आरोपी प्रहलाद कुमरे के विरूद्ध धारा 376 भादंवि तथा लैंगिग अपराध बाल संरक्षण अधिनियम 2012 की धारा 3/4 के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर, आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। बालिका का मेडीकल परीक्षण सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र धनौरा में कराया गया, जिसमें दुष्कृत्य किये जाने की पुष्टि चिकित्सकों के द्वारा की गई है।

श्री धुर्वे ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपी प्रहलाद कुमरे ने स्वीकार किया है कि उसके द्वारा बालिका के साथ दुष्कृत्य किया गया है। प्रकरण में विवेचना कर आगे की कार्यवाही की जा रही है।