मंगलवार, 8 अप्रैल 2014

धान के बाद गेहूं में हो रहा घालमेल

धान के बाद गेहूं में हो रहा घालमेल
ई-उपार्जन वाले गेहूं के परिवहन में गोलमाल!
(ब्यूरो कार्यालय)
सिवनी (साई)। ई-उपार्जन के माध्यम से खरीदी गई धान में व्यापक स्तर पर अनियमितताएं होने के बाद भी किसी भी अधिकारी का बाल भी बांका नहीं हो सका। इस दौरान भी परिवहन कर्ता ठेकेदार ने जमकर नियम कायदों का माखौल उड़ाया। अब गेहंू खरीद में भी परिवहन कर्ता ठेकेदार द्वारा सरकार के दिशा निर्देशों को कचरे की टोकरी में डालकर मनमानी कर, लाखों के वारे न्यारे करने की जुगत लगाई जा रही है।
गौरतलब है कि धान के संग्रहण, परिवहन और रखरखाव में जमकर अनियमितताएं प्रकाश में आई थीं। उस वक्त समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया द्वारा इस मामले को पुरजोर तरीके से उठाया गया था, किन्तु कहा जा रहा है कि धान से जुड़े लोगों का रैकॅट इतना मजबूत और ताकतवर है कि इस संबंध में संबंधितों द्वारा चाहकर भी कोई कार्यवाही को अंजाम नहीं दिया जा सका है। कहा जा रहा है कि इनकी जड़ें जाकर सियासी कीचड़ में इस कदर मजबूत तरीके से बंधी हुई हैं कि इन पर कार्यवाही करना आसान नहीं है।
81 केंद्रों में होना है खरीद
ई-उपार्जन के माध्यम से गेहूं की खरीद के लिए शासन स्तर पर 81 केंद्र चिन्हित किए गए हैं। गेहंू खरीद आरंभ हुए एक सप्ताह का समय बीत चुका है और आज तक महज 61 केंद्रों से ही गेहूं की खरीद आरंभ हो पाई है। आज तक 1729 किसानों से 150004 मीट्रिक टन गेहूं खरीदा जा चुका है।
यह है परिवहन का खेल
आज तक खरीदे गए कुल गेहूं में से महज 29.87 प्रतिशत गेहूं का ही परिवहन हो पाया है। इस परिवहन में भी जमकर खेल खेला जा रहा है। जिला विपणन अधिकारी, म.प्र.सिविल स्टेट सप्लाईज कॉर्पोरेशन एवं म.प्र.वेअर हाउस लॉजि.कॉर्पोरेशन के अधिकारियों के हस्ताक्षरों से जारी परिपत्र में कुल 23 गोदामों में भण्डारण क्षमता के साथ सूची जारी की गई है। इतना ही नहीं, इन अधिकारियों द्वारा रबी विपणन वर्ष 2014-2015 में गेहूं भण्डारण हेतु उपलब्ध गोदाम, रिक्त स्थान एवं संलग्न समितियों की जानकारी भी दी गई है।
इस जानकारी में गोदाम का नाम पता, गोदाम का क्रमांक, भण्डारण क्षमता के साथ ही साथ गोदाम से संलग्न समिति और खरीदी केंद्र के बारे में तफ्सील से बताया गया है कि किस खरीदी केंद्र को किस समिति से संबद्ध किया गया है और किस समिति का खरीदा गया गेहूं कहां निकटतम गोदाम में रखा जाएगा।
जाना था जापान पहुंच गए चीन . . .
पुरानी फिल्म के गाने ‘जाना था जापान पहुंच गए चीन. . .‘ की तर्ज पर गेहूं परिवहन के लिए पाबंद ठेकेदार द्वारा सरकारी दिशा निर्देशों को ठेंगे पर रखा जा रहा है। विपणन अधिकारी कार्यालय के सूत्रों ने समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया को बताया कि परिवहन कर्ता ठेकेदार द्वारा नियम कायदों को धता बताते हुए मनमानी ‘लीड‘ तय कर गेहूं का परिवहन किया जा रहा है। उदाहरण के लिए नागनदेवरी का गेहूं धूमा जाना था पर वह सिवनी आ रहा है। इस तरह की अनेक विसंगतियां देखने को मिल रही हैं।

शराब ठेकेदारों का सिंडीकेट बना!

शराब ठेकेदारों का सिंडीकेट बना!

(अय्यूब कुरैशी)

सिवनी (साई)। सिवनी जिले में शराब ठेकेदारों के एक सिंडीकेट के निर्माण की खबरें फिजां में तैरने लगी हैं। इस सिंडीकेट के अस्तित्व में आ जाने के बाद अब शराब व्यवसाय में प्रतिस्पर्धा लगभग समाप्त होने की उम्मीद जताई जा रही है। कहा जा रहा है कि जिला आबकारी अधिकारी कार्यालय के एक अधिकारी के प्रयासों से इस कार्य को अंजाम दिया जा सका है।
आबकारी अधिकारी कार्यालय के सूत्रों ने समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया को बताया कि अब तक अलग-अलग ठेकेदारों द्वारा प्रतिस्पर्धा के चलते देशी-विदेशी मदिरा की दरों में ऊंच-नीच देखी जाती थी। अब सिंडीकेट के बनने के बाद देशी विदेशी मदिरा की खुदरा बिक्री की दरें सब जगह एक सी हो सकती हैं।
सूत्रों ने आगे बताया कि शराब के ठेकेदारों के इस कदम से आबकारी महकमा राहत की सांसंे इसलिए ले सकता है क्योंकि अब ठेकेदारों द्वारा अन्य ठेकेदार की अवैध शराब बिकने की शिकायतें भी कम ही होंगी। एक ठेकेदार के क्षेत्र में दूसरे ठेकेदार के द्वारा शराब बेचने की शिकायतों को इनके द्वारा आपस में ही सुलझा लिया जाएगा।

वहीं, सूत्रों ने आगे बताया कि इस कार्य को अंजाम देने में डीईओ कार्यालय के एक अधिकारी की महती भूमिका है। बताया जा रहा है कि वे इसके लिए लगभग एक साल से प्रयासरत थे। वहीं, ठेकेदारों के बीच यह चर्चा भी चल पड़ी है कि पता नहीं कब तक उक्त अधिकारी की पदस्थापना सिवनी में रहती है, और यह सिंडीकेट कब तक चल पाता है। इस सिंडीकेट का कार्यालय भी शहर के पॉश इलाके बारापत्थर में स्थापित किए जाने का काम युद्ध स्तर पर जारी है। यहां हाल ही में बोरिंग भी करवाई जा चुकी है।

बूंद बूंद पानी को तरसे विवेकानंद वार्ड के निवासी

बूंद बूंद पानी को तरसे विवेकानंद वार्ड के निवासी

अध्यक्ष के वार्ड का बचा खुचा पानी पाते हैं वार्ड वासी!

(ब्यूरो कार्यालय)

सिवनी (साई)। भगवान भास्कर की तपन दिनों दिन बढ़ती जा रही है, वहीं दूसरी ओर शहर के विवेकानंद वार्ड के निवासी बूंद-बूंद पानी को तरस रहे हैं। नगर पालिका परिषद से बार-बार शिकायत करने के बाद भी इस ओर किसी तरह का ध्यान न दिया जाना आश्चर्यजनक ही माना जा रहा है।
नगर पालिका के भरोसेमंद सूत्रों ने समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया को बताया कि फिल्टर प्लांट वाली पानी की टंकी से इस वार्ड में पानी का प्रदाय किया जा रहा है। सूत्रों ने कहा कि दरअसल इस पानी की टंकी से, पहले नगर पालिका अध्यक्ष राजेश त्रिवेदी के वार्ड में पानी प्रदाय किया जाता है। इसके उपरांत ही बचे खुचे पानी से विवेकानंद वार्ड सहित एक अन्य वार्ड की सप्लाई की जाती है।
सूत्रों ने बताया कि जब राजेश त्रिवेदी पालिका अध्यक्ष नहीं थे उस समय भी उनके दबाव में यही परंपरा चली आ रही थी। बाद में शिकायतें होने पर तत्कालीन मुख्य नगर पालिका अधिकारी मकबूल खान द्वारा यह आदेश दिया गया था कि एक दिन विवेकानंद वार्ड को पहले पानी दिया जाए और दूसरे दिन राजेश त्रिवेदी के निवास स्थान वाले वार्ड को।
सूत्रों की मानें तो जबसे राजेश त्रिवेदी ने नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष का कार्यभार संभाला है उसके बाद से विवेकानंद वार्ड में पानी की सप्लाई एकदम कम ही कर दी गई है। वार्ड के निवासी साल भर में गर्मी को छोड़कर तो जैसे-तैसे निर्वहन कर लेते हैं पर गर्मी के मौसम में वार्ड के निवासियों को पानी की दिक्कत से उपजी भयावहता का सामना करना पड़ता है।

एक नागरिक ने बताया कि जब उनके द्वारा इसकी शिकायत नगर पालिका अध्यक्ष से की गई तो पालिका अध्यक्ष द्वारा सप्लाई के समय पानी की मोटर लगने का रोना रोया गया। जब उक्त शिकायतकर्ता द्वारा उनसे कहा गया कि मोटर न लगे यह किसकी जवाबदेही है? इस पर वे मौन हो गए। बाद में उनके साथ पालिका के कारिंदों द्वारा उक्त शिकायतकर्ता को ही मोटर लगाकर पानी भरने का मशविरा दे दिया गया।

चुनाव सिर पर घोषणा पत्र का पता नहीं!

चुनाव सिर पर घोषणा पत्र का पता नहीं!
(अखिलेश दुबे)
नई दिल्ली (साई)। लोकसभा चुनाव सिर पर हैं और कांग्रेस भाजपा सहित सभी प्रत्याशियों के राष्ट्रीय, प्रादेशिक या स्थानीय घोषणा पत्रों का अता पता नहीं है। कांग्रेस का घोषणा पत्र जारी हो चुका है और भाजपा ने आज घोषणा पत्र जारी किया है। अब सवाल यह है कि दो दिन में यह घोषणा पत्र बालाघाट और मण्डला लोकसभा क्षेत्र में किस तरह पहुंच पाएगा?
गौरतलब है कि लोकसभा चुनावों में घोषणा पत्र की अपनी अलग अहमियत होती है। घोषणा पत्र से राजनैतिक दल का नजरिया स्पष्ट हो जाता है। इस बार प्रमुख राजनैतिक दलों के साथ ही साथ अन्य दलों ने भी घोषणा पत्र के मामले में ज्यादा दिलचस्पी नहीं दिखाई है।
नेताओं की मांग घटी
वहीं, राजधानी दिल्ली की सियासी फिजां में चल रही चर्चाओं के अनुसार सभी सियासी दलों के उम्मीदवारों ने बड़े नेताओं से पर्याप्त दूरी बनाकर रखी है। कांग्रेस की ओर से बालाघाट एवं मण्डला संसदीय क्षेत्र में राहुल गांधी, कमल नाथ एवं दिग्विजय सिंह तो भाजपा की ओर से नरेंद्र मोदी और शिवराज सिंह चौहान, समाजवादी पार्टी द्वारा मुलायम सिंह यादव को प्रचार हेतु बुलवाया गया था। आम आदमी पार्टी की ओर से स्टार प्रचारक का अभाव ही रहा।
सिवनी रहा उपेक्षित
वहीं सिवनी लोकसभा के विलोपन के बाद इसे उपेक्षा का संभावित दंश झेलने को मिल रहा है। सिवनी में शिवराज सिंह चौहान, मुलायम सिंह यादव के अलावा अब दिग्विजय सिंह ही प्रचार हेतु आने वाले हैं। सिवनी से समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया ब्यूरो ने बताया कि सिवनी जिले में लोकसभा चुनाव की सुनबुन ही सुनाई नहीं दे रही है। सियासी दलों के प्रचार वाहनों से कई गुना ज्यादा प्रचार स्वीप प्लान का हो रहा है।

मोदी की 3डी रैली तक के लिए स्थगित


मोदी की 3डी रैली तक के लिए स्थगित

(जलपन पटेल)

अहमदाबाद (साई)। भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेन्द्र मोदी की 3डी रैलियों को तकनीकी कारणों से स्थगित कर दिया गया है, जिनमें वह 3डी होलोग्राफिक प्रोजेक्शन तकनीक के जरिए एक साथ 100 से ज्यादा स्थानों पर जनसभाओं को संबोधित करने वाले थे।
गुजरात के भाजपा पदाधिकारी ने यह जानकारी देते हुए बताया, 3डी प्रौद्योगिकी का इस्तेमाल करके आयोजित की जाने वाली मोदी की चुनावी रैलियों को तकनीकी कारणों से स्थगित कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि रैलियां 11 अप्रैल तक के लिए स्थगित की गई हैं।

देखिए क्या अंतर है भाजपा और कांग्रेस के घोषणा पत्र में


देखिए क्या अंतर है भाजपा और कांग्रेस के घोषणा पत्र में
(सोनाली खरे)
नई दिल्ली (साई)। कांग्रेस के बाद बीजेपी ने भी लंबे इंतजार के बाद अपना मैनिफेस्टो जारी कर दिया है। कांग्रेस की तरह बीजेपी ने भी अपने इस घोषणापत्र में वोटरों को लुभाने के लिए कई बड़े और महत्वकांक्षी वादे किए हैं। यद्यपि पहले चरण के चुनाव में शायद ही कार्यकर्ताओं तक यह घोषणा पत्र पहुंच पाए फिर भी देखिए कांग्रेस के मुकाबले बीजेपी ने क्या दिया है अपने घोषणापत्र में...
स्वास्थ्य के मामले में
कांग्रेस
देश के सभी नागरिकों को सेहत का अधिकार। इसके तहत स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के साथ सभी के हेल्थ बीमा की फसिलटी उपलब्ध कराने की दिशा में भी काम किया जाएगा।
बीजेपी
हर राज्य में एम्स की स्थापना। राष्ट्रीय स्वास्थ्य गांरटी मिशन। आयुर्वेद और योग को प्रमोट करने के लिए निवेश किया जाएगा। नैशनल ई-हेल्थ अथॉरिटी बनेगी। इमर्जेंसी मेडिकल सर्विस 108 का दायरा बढ़ाया जाएगा। शहरों और कस्बों में स्वच्छता को बढ़ावा देने के लिए प्रोत्साहन प्रोग्राम लाएंगे।
घर के मामले में
कांग्रेस
देश के सभी आश्रयहीन या आवासहीन लोगों को आवास की सुविधाए मुहैया कराई जाएगी। इसमें मौजूदा इंदिरा आवास योजना और राजीव आवास योजनाओं का विस्तार किया जाएगा। बीस साल तक एक ही मकान में किराएदार रहने पर मालिकाना हक देने की भी बात कही है। 20 साल तक कब्जे वाली जमीनों पर मालिकाना हक दिया जाएगा। शहरों में झुग्गियों की जगह 2017 तक पक्के मकान।
बीजेपी
लो कॉस्ट हाउसिंग प्रोग्राम के जरिए 2022 तक हर परिवार को पक्का मकान उपलब्ध कराने का वादा किया गया है। 100 नए शहर बनाए जाएंगे
शिक्षा-रोजगार
कांग्रेस
स्वास्थ्य सेवा और रोजगार को कानूनी अधिकार के दायरे में लाना मेनिफेस्टो के मुख्य बिंदु हैं। देश के 10 करोड़ युवाओं के लिए अगले पांच सालों में स्किल डिवेलपमेंट के मौके देकर उन्हें रोजगार मुहैया कराया जाएगा। 2020 तक हेल्थ सेक्टर में 60 लाख नई नौकरियां। देश में मिडल, हायर एजुकेशन पर जोर दिया जाएगा और इन क्षेत्रों में जीईआर को बढ़ाया जाएगा। स्टूडेंट्स के हितों को संरक्षण के लिए नैशनल स्टूडेंट कमिशन का गठन होगा।
बीजेपी
छात्रों को एजुकेशनल स्कॉलरशिप और अन्य सुविधाएं। शिक्षा पर जीडीपी का 6 पर्सेंट खर्च करेंगे। नैशनल ई-लाइब्रेरी बनाई जाएगी। यूजीसी को हायर एजुकेशन कमिशन के रूप में पुनर्गठित किया जाएगा। छात्रों के लिए नैशनल मल्टी स्किल मिशन।
गरीबों के लिए
कांग्रेस
देश में बीपीएल से ऊपर मौजूद 80 करोड़ आबादी को अगले पांच सालों में मिडल क्लास में लाने की कोशिश। देश के कमजोर और जरूरतमंदों को सामाजिक सुरक्षा देने के लिए बुजुर्गों, विधवाओं और विकलांग जनों को पेंशन दी जाएगी।
बीजेपी
देश के 100 सबसे पिछड़े जिलों को दूसरे जिलों के बराबर लाने की कोशिश होगी। ग्रामीण गरीबों को कृषि और उससे जुड़े क्षेत्र में रोजगार उपलब्ध कराए जाएंगे। अनुसूचित जाति/जनजाति और अन्य पिछड़ी जातियों में शिक्षा और उद्यमिता बढ़ाने पर जोर दिया जाएगा। छुआछूत को हर स्तर पर खत्म किया जाएगा और सिर पर मैला ढोने की प्रथा खत्म की जाएगी।
आर्थिक मामलों में
कांग्रेस
कांग्रेस का लक्ष्य सरकार में आने के 100 दिन के भीतर जीडीपी को 8 फीसदी पर लाने का रहेगा।
बीजेपी
दाम स्थिर करने के लिए विशेष फंड। टैक्स सिस्टम में सुधार लाया जाएगा।
एफडीआई और जीएसटी
कांग्रेस
एफडीआई पर कोई आपत्ति नहीं। सरकार में आने के एक साल के भीतर जीएसटी बिल को पास कराएंगे। साथ ही एक साल के अंदर नई डीटीसी (प्रत्यक्ष कर संहिता) लागू कराने की योजना।
बीजेपी
जीएसटी पर राज्यों से बात करके लागू करेंगे। एफडीआई का स्वागत करेंगे, लेकिन घोषणा में रीटेल में एफडीआई का जिक्र नहीं
महिलाओं के मसले पर
कांग्रेस
महिलाओं के सशक्तिकरण पर फोकस रहेगा। महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और समानता के लिए काम किया जाएगा। महिला आरक्षण बिल पास कराने के साथ-साथ महिलाओं की सुरक्षा और संरक्षण के लिए सिटिजन चार्टर लाया जाएगा। महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए सेल्फ हेल्प ग्रुप्स को सस्ती ब्याज दर पर एक लाख तक का लोन। हर पुलिस स्टेशन में 25 पर्सेंट महिला स्टाफ।
बीजेपी
संसद और विधानसभाओं में 33ः महिला आरक्षण का कानून बनाया जाएगा। ‘बेटी बचाओ- बेटी पढ़ाओ‘ अभियान पूरे देश में चलाया जाएगा। महिलाओं के लिए समर्पित आईटीआई और मोबाइल बैंक खोले जाएंगे। हर जिले में महिला उद्यमियों के लिए एसएमई क्लस्टर खोले जाएंगे।
अल्पसंख्यकों के लिए
कांग्रेस
मॉइनॉरिटी के हितों की सुरक्षा के लिए सांप्रदायिक हिंसा बिल को प्राथिमकता के आधार पर पास कराना। अल्पसंख्यकों में स्किल डिवलेपमेंट के लिए फंड बनाया जाएगा। अल्पसंख्यकों को एजुकेशनल और सरकारी नौकरियों में आरक्षण पर फोकस किया जाएगा। पिछड़े अल्पसंख्यकों को आरक्षण दिया जाएगा। सच्चर कमिटी की रिपोर्ट को लागू किया जाएगा।
बीजेपी
बीजेपी के घोषणापत्र में कहा गया है कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि अल्पसंख्यकों खासकर मुस्लिमों की बड़ी आबादी आज भी गरीबी में जीवन गुजार रही है। यह सुनिश्चित किया जाएगा कि खासकर अल्पसंख्यकों की बच्चियों को शिक्षा और नौकरी में बिना किसी भेदभाव के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे। मदरसों के आधुनिकीकरण के लिए राष्ट्रीय मदरसा आधुनिकीकरण कार्यक्रम चलाया जाएगा। उर्दू को बढ़ावा दिया जाएगा।
भ्रष्टाचार
कांग्रेस
भ्रष्टाचार निरोधक, कानूनी सुधार व चुनाव प्रक्रिया से जुड़े तमाम बिलों को जल्द से जल्द पारित कराना। ब्लैक मनी वापस लाने के लिए विशेष दूत की नियुक्ति।
बीजेपी
ब्लैक मार्केटिंग रोकने केलिए स्पेशल कोर्ट। काला धन लाने के लिए टास्क फोर्स। करप्शन को रोकने के लिए ई-गवर्नेंस पर जोर।
रेलवे
कांग्रेस
10 लाख की आबादी वाले शहरों में हाई स्पीड ट्रेन। वेस्टर्न-ईस्टर्न फ्राइट कॉरिडोर पूरा किया जाएगा। जलमार्ग का विस्तार बढ़ाकर 14, 500 तक किया जाएगा।
बीजेपी
स्वर्णिम चतुर्भुज बुलेट ट्रेन लाई जाएगी।
कृषि
कांग्रेस
मल्टिब्रैंड रीटेल में एफडीआई ताकि किसानों को अपनी फसलों को अधिकतम मूल्य मिल सके। 1 करोड़ हेक्टेयर खेती वाले इलाके का विकास। मछलीपालन के लिए अलग मंत्रालय। किसानों के लिए कम ब्याज दर पर लोन की सुविधा।
बीजेपी
मनरेगा को कृषि से जोड़ा जाएगा। किसानों के लिए कृषि रेल मार्ग बनेगा। फसल उत्पादन के लिए रियल टाइम डेटा। हर खेत को पानी के उद्देश्य के साथ प्रधानमंत्री ग्राम सिंचाई योजना शुरू की जाएगी। नदियों को आपस में जोड़ने की संभावना तलाशी जाएगी।

अब ममता ने दी चुनाव आयोग को चुनौती


अब ममता ने दी चुनाव आयोग को चुनौती

(पी.के.बनर्जी)

कोलकता (साई)। अपनी जिद के लिए जाने जाने वालीं ममता बनर्जी फिर सुर्खियों में हैं। इस बार ममता ने चुनाव आयोग को ही चुनौती दे दी है। उन्होंने कहा है कि वह जब तक सत्ता में हैं किसी भी अधिकारी का तबादला नहीं होगा।
दरअसल चुनाव आयोग ने पश्चिम बंगाल में 5 एसपी और एक डीएम का तबादला करने का आदेश राज्य सरकार को दिया है। इस मुद्दे पर ममता बनर्जी ने पत्रकारों से कहा कि मैं चुनाव आयोग को चुनौती देती हूं कि जब तक मैं सत्ता में हूं, वह किसी को भी हटाकर दिखाए। ममता ने कहा कि मैं किसी भी अधिकारी का तबादला नहीं करूंगी। ममता बनर्जी ने कहा कि चुनाव आयोग राज्य सरकार से बात किए बिना अधिकारियों के तबादले का आदेश कैसे दे सकता है? 

आईसीसी विश्व टी20 टीम के कप्तान बने धोनी


आईसीसी विश्व टी20 टीम के कप्तान बने धोनी

(मोदस्सिर कादरी)

नई दिल्ली (साई)। आईसीसी विश्व टी20 टीम के कप्तान बने धोनीदुबई रू महेंद्र सिंह धोनी की टीम को भले ही आईसीसी टी20 विश्व चौम्पियनशिप के फाइनल में हार का सामना करना पड़ा हो लेकिन उन्हें सोमवार को आईसीसी 2014 विश्व टीम का कप्तान बनाया गया जिसमें स्टार बल्लेबाज विराट कोहली सहित चार भारतीय शामिल हैं।
सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा और रविचंद्रन अश्विन भी आईसीसी द्वारा घोषित टीम में जगह बनाने में सफल रहे हैं। कोहली को चार अर्धशतक की मदद से टूर्नामेंट में सर्वाधिक 319 रन बनाने के लिए टूर्नामेंट का सवश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया। उन्होंने सेमीफाइनल में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ नाबाद 72 जबकि फाइनल में श्रीलंका के खिलाफ 77 रन की पारी खेली।
भारत के अलावा टीम में दक्षिण अफ्रीका और वेस्टइंडीज के दो-दो खिलाड़ियों को शामिल किया गया है। आस्ट्रेलिया, हालैंड और चौम्पियन श्रीलंका के भी एक-एक खिलाड़ी को इस टीम में जगह मिली है।

केजरीवाल को कोर्ट में पेश होने का निर्देश


केजरीवाल को कोर्ट में पेश होने का निर्देश

(एडविन अमान)

नई दिल्ली (साई)। पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के खिलाफ भाजपा नेता नितिन गडकरी की ओर से दायर मानहानि के मामले में पटियाला हाउस कोर्ट ने केजरीवाल को 21 मई को अदालत में पेश होकर अपना पक्ष रखने का निर्देश दिया है।
केजरीवाल को अदालत में सोमवार को पेश होना था, लेकिन वह पेश नहीं हुए। उनकी ओर से वकील ने बताया कि वह लोकसभा चुनाव में व्यस्त है, इसलिए अदालत में पेश नहीं हो सकते। उन्हें पेशी से छूट दी जाए। इसके बाद महानगर दंडाधिकारी गोमती मनोचा ने केजरीवाल को पेशी से छूट दे दी।
पूर्व में अदालत ने केजरीवाल को समन जारी करते हुए कहा था कि गवाहों व शिकायतकर्ता के बयान के आधार पर यह साफ हो रहा है कि केजरीवाल के बयान से शिकायतकर्ता की छवि खराब हुई है। ऐसे में मानहानि का मामला बनता है। गौरतलब है कि केजरीवाल द्वारा सबसे भ्रष्ट नेता बताए जाने पर गडकरी ने मानहानि का मामला दायर किया है। गडकरी का कहना है कि केजरीवाल ने झूठे आरोप लगाए है। वह किसी भ्रष्ट गतिविधि में लिप्त नहीं हैं। केजरीवाल के बयान से उनके मान-सम्मान को ठेस पहुंची है और जनता की नजर में छवि भी गिरी है।

वोटिंग प्रतिशत बढ़ाने के ‘टोटके


वोटिंग प्रतिशत बढ़ाने के ‘टोटके
(रश्मि कुलश्रेष्ठ)
नई दिल्ली (साई)। आम चुनाव शुरू हो चुका है और इस दौरान चुनाव आयोग के सामने सबसे बड़ी चुनौती है मतदान का प्रतिशत बढ़ाना। मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए आयोग की तरफ से कई कमद उठाए गए हैं संचार माध्यमों पर प्रचार प्रसार हो या मतदाताओं को वोटिंग के लिए जागरुक करने की सलाह आयोग इसमें कोई कोर कसर नहीं छोड़ रहा है।
आयोग के अलावा ऐसे और कई संगठन सामने आए हैं जिन्होने मतदाताओं को वोट डालने के लिए जागरुक करने के साथ तरह तरह के डिस्काउंट और छूट देने का एलान कर दिया है ताकि लोकसभा चुनावों में ज्यादा से ज्यादा मतदान हो।
आईएमए की पहल
- इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) ने उत्तर प्रदेश में आईएमए सदस्य डॉक्टरों को मरीजों के लिए मतदान करने का निशान देखने के बाद परामर्श शुल्क में पचास प्रतिशत की छूट देने को कहा है।
- देश के दूसरे राज्यों के आईएमए सदस्य मतदान के दिन के बाद भी अगले सात दिन तक परामर्श शुल्क में 25 प्रतिशत की छूट देंगे।
- यह छूट आईएमए के 3.5 लाख सदस्यों द्वारा दी जाएगी।
- मतदान करने वाला अपना मतदान परिचय पत्र व उंगली में लगे स्याही का निशान दिखाकर इसका लाभ ले सकते है।
- मतदान करने पर इलाज में यह छूट निजी नर्सिंग होम, हॉस्पिटल, क्लीनिक सहित अन्य ऐसी जगहों पर मिलेगी, जहां आईएमए सदस्य सेवारत हैं।
निजी अस्पताल भी दे रहे हैं छूट
-राजस्थान के दौसा में निजी कृष्ण हॉस्पिटल ने मतदान प्रतिशत बढ़ाने की मुहिम में शामिल होते हुए मतदाताओं को चिकित्सा परामर्श, जांच, सोनोग्राफी, ऑपरेशन व डिलिवरी में 20 प्रतिशत छूट देने का ऐलान किया है।
-यह छूट हॉस्पिटल में आने वाले रोगियों को उनकी अंगुली पर लगे स्याही के निशान को देखकर दी जाएगी।

सोमवार, 7 अप्रैल 2014

बिना घोषणा पत्र चल रहे प्रत्याशी!

बिना घोषणा पत्र चल रहे प्रत्याशी!

कांग्रेस, भाजपा का घोषणा पत्र नदारत!

(अखिलेश दुबे)

नई दिल्ली (साई)। कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी बिना घोषणा पत्र के ही चुनावी समर में उतरे हुए हैं। घोषणा पत्र के अभाव में प्रत्याशी अपनी पार्टी की रीति-नीति ही स्पष्ट नहीं कर पा रहे हैं। बालाघाट और सिवनी लोकसभा क्षेत्रों में भी दोनों ही प्रमुख दलों के प्रत्याशियों द्वारा कार्यकर्ताओं से घोषणापत्र के बारे में मुंह ही चुराया जा रहा है।
भाजपा के नेशनल हेडक्वार्टर 11, अशोक रोड में चल रही चर्चाओं के अनुसार भाजपा का घोषणापत्र वैसे तो तैयार है पर भाजपा के नए चेहरे नरेंद्र मोदी के ग्रीन सिग्नल के अभाव में इसे जारी नहीं किया जा पा रहा है। अगर भाजपा द्वारा इसे सात अप्रैल को जारी नहीं किया जाता है तो यह चुनाव आयोग के हंटर के दायरे में आ सकता है। गौरतलब है कि बालाघाट और मण्डला संसदीय क्षेत्र में 10 अप्रैल को मतदान होना है।
वहीं दूसरी ओर कांग्रेस का घोषणा पत्र जारी तो हो गया है किन्तु यह प्रिंट होकर अभी तक पर्याप्त मात्रा में कांग्रेस मुख्यालय नहीं पहुंच सका है। अब जब यह मुद्रित होकर आएगा उसके बाद इसे राज्यों की इकाई को भेजा जाएगा, जहां से इसे लोकसभा क्षेत्रों में भेजा जाएगा।
समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया के सिवनी ब्यूरो से महेश रावलानी ने बताया कि भाजपा में कार्यकर्ताओं द्वारा घोषणा पत्र का बेसब्री से इंतजार किया जा रहा है। भाजपा के कार्यकर्ताओं द्वारा जब भी अपने प्रत्याशी से घोषणा पत्र की बात की जाती है तो प्रत्याशी द्वारा बात बदल दी जाती है।
वहीं, कांग्रेस के उम्मीदवार घोषणा पत्र के बारे में सीना तानकर कहते हैं कि उनकी पार्टी का घोषणा पत्र जारी हो गया है। पर जब उनसे यह पूछा जाता है कि कार्यकर्ताओं को घोषणा पत्र कब मिलेगा? के जवाब में ये कहते हैं कि आज का युग हाईटेक है, इंटरनेट पर घोषणा पत्र है। कार्यकर्ता निकालें और पढ़ लें। सवाल यह उठता है कि कार्यकर्ता तो पढ़ लेगा पर जनता को क्या दिखाएगा?

वहीं, कांग्रेस मुख्यालय 24, अकबर रोड पर कांग्रेस के एक नेता का कहना था कि प्रत्याशियों को चाहिए था कि अगर उन्हें घोषणा पत्र नहीं मिला तो वे इंटरनेट से उसकी पीडीएफ फाईल निकलवाकर उसे मुद्रित करवा लेते। कम से कम कार्यकर्ताओं और जनता के सामने उनकी भद्द पिटने से तो बच जाती।

भाजपा की रैली में हजारों के पेट्रोल की चर्चाएं

भाजपा की रैली में हजारों के पेट्रोल की चर्चाएं

(ब्यूरो कार्यालय)

सिवनी (साई)। भारतीय जनता पार्टी के बालाघाट संसदीय क्षेत्र के प्रत्याशी बोध सिंह भगत के समर्थन में युवाओं द्वारा निकाली गई मोटर सायकल रैली की चर्चाएं गली मोहल्ले में जमकर चल रही हैं।
भाजपा के एक नेता ने नाम उजागर न करने की शर्त पर बताया कि गत दिवस युवाओं द्वारा भाजपा प्रत्याशी के समर्थन में एक वाहन रैली निकाली गई। इस रैली में लगभग एक दर्जन मोटर सायकल चल रही थीं। मोटर सायकल की संख्या देखकर भाजपा के प्रत्याशी असहज ही महसूस करते रहे।

उक्त नेता ने बताया कि जब वाहन रैली के पीयूएल के बारे में भाजपा नेताओं को बताया गया तो महज एक दर्जन मोटर सायकल में पांच अंकों की बड़ी राशि का पीयूएल डलवाए जाने की बात सामने आई तो वे भी भौंचक्के रह गए।

चुनाव में सिवनी को अछूता रखा प्रत्याशियों ने

चुनाव में सिवनी को अछूता रखा प्रत्याशियों ने

वोट देने का मन नहीं हो रहा: अधिवक्ता शर्मा

(अय्यूब कुरैशी)

सिवनी (साई)। बालाघाट और मण्डला संसदीय क्षेत्र में दस अप्रैल को मतदान होना है। कांग्रेस भाजपा सहित अन्य दलों के उम्मीदवारों ने अपनी-अपनी जमावट चुनाव हेतु लगभग जमा ही ली है पर कोई भी प्रत्याशी सिवनी के लिए क्या करेगा? इस मामले में वे मौन ही साधे हुए हैं। हर कोई राष्ट्रीय स्तर पर ही बहस जारी रखे हुए है।
गौरतलब है कि नब्बे के दशक के उपरांत सिवनी का पिछड़ापन किसी से छिपा नहीं है। नब्बे के दशक तक सिवनी के कलश में जो भी उपलब्धियां आईं उसके बाद सिवनी को जो कुछ भी मिला वह ऊंट के मुंह में जीरा ही साबित हो रहा है। सिवनी न तो संभाग बन पाया, न ही यहां ब्रॉडगेज की सीटी बज पाई और फोरलेन आई भी तो वह आई जैसी लग ही नहीं रही है।
प्रमुख राजनैतिक दल कांग्रेस और भाजपा द्वारा सिवनी के संदर्भ में न तो भविष्य की कोई योजनाएं ही बताई जा रही हैं, और न ही उनकी पार्टी के पूर्व सांसदों द्वारा किए गए कार्यों को ही रेखांकित किया जा रहा है। सियासी दलों के इस तरह के क्रियाकलापों के कारण मतदाता का मन अगर पार्टियों से ऊब जाए तो किसी को आश्चर्य नहीं होना चाहिए।
वहीं, अनेक लोगों का मन मतदान से उचाट होता दिख रहा है, तो अनेक लोग नोटा पर ही अपनी आस लगा रहे हैं। मतदान 10 अप्रैल को है, मीडिया में भी बार-बार चीख पुकार करने के बाद ही प्रत्याशियों के नामांकन आदि की सूचनाएं मिलीं जो जनता तक पहुंची। कहां कितने प्रत्याशियों ने कौन-कौन से शपथ पत्र भरे हैं, इस बारे में भी सिवनी का मीडिया अनजान ही है।

सिवनी लोकसभा सीट नहीं है, फोर लेन की संभावना दूर-दूर तक नहीं दिख रही है, ब्रॉड गेज को शायद मै अपने जीवन काल में देख नहीं सकता। अधिकारियों का कहर जनता पर टूट रहा है। कहने को तो जिले मे दो सांसद हैं, पर पिछले पांच साल उन्होंने पलट कर नहीं देखा। कई साल से कोई मंत्री नहीं है। जब हमारी आवाज सुनने वाला ही कोई नहीं है तो इस बार वोट देने का मन नहीं हो रहा है।
पंकज शर्मा,

वरिष्ठ अधिवक्ता.

सिवनी और जबलपुर के मध्य फायनल मुकाबला आज से

13 वर्ष आयु समूह क्रिकेट प्रतियोगिता
हनी और सत्यम पर टिकीं नजरें
(अब्दुल राजिक कुरैशी)
सिवनी (साई)। सिवनी की टीम ने जबलपुर में खेली जा रही 13 वर्ष आयु समूह की संभागीय क्रिकेट प्रतियोगिता के फायनल में प्रवेश कर लिया है। इस प्रतियोगिता के सात अप्रैल से खेले जाने वाले दो दिवसीय फायनल में सिवनी का मुकाबला अब जबलपुर के साथ खेला जाएगा।
गौरतलब होगा कि इस प्रतियोगिता के अपने पहले मुकाबले में सिवनी ने छिंदवाड़ा की टीम को खेल के हर क्षेत्र में परास्त करते हुए उसे प्रतियोगिता से बाहर का रास्ता दिखाया था। इसके बाद बालाघाट के विरूद्ध खेले गए सेमी फायनल मुकाबले में सिवनी की टीम ने एक बार फिर अपने कौशल का प्रदर्शन करते हुए बालाघाट को निहायत ही एकतरफा मुकाबले में परास्त करते हुए फायनल में खेलने की पात्रता हासिल कर ली है। यहां यह उल्लेखनीय होगा कि इस सेमी फायनल मुकाबले के हीरो सिवनी के वत्सल (हनी) नागलकर रहे।
बालाघाट के विरूद्ध खेले गए सेमीफायनल मुकाबले में सिवनी की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। हालाकि सिवनी की टीम की शुरूआत अच्छी नहीं रही और उसके शीर्ष क्रम के तीन बल्लेबाज 32 के अल्प स्कोर पर ही पवैलियन लौट चुके थे।
ऐसी विषम परिस्थितियों में बल्लेबाजी करने उतरे वत्सल (हनी) नागलकर ने सत्यम मर्सकोले के साथ मिलकर मैदान संभाला और दोनों ही बल्लेबाजों ने समझदारी पूर्वक खेलते हुए पहले तो सुरक्षात्मक रूख अख्तियार किया और विकटों के पतन के सिलसिले को रोका। दोनों ही बल्लेबाजों ने क्रीज पर जमने के बाद गेंदबाजों की जमकर धुनाई करते हुए मैदान के चारों तरफ आकर्षक प्रहार करते हुए रन बटोरना शुरू किया।
सत्यम मर्सकोले और वत्सल नागलकर ने मिलकर पांचवे विकेट के लिए 140 रन जोड़े। दोनों ही बल्लेबाजों ने अपने-अपने अर्द्धशतक भी बनाए। सत्यम ने सात चौकों की सहायता से जहां 65 रन बनाए वहीं वत्सल ने भी 53 रनों का योगदान दिया। इस तरह कमजोर शुरूआत के बाद भी सत्यम और वत्सल की जिम्मेदारी भरी पारी की बदौलत सिवनी की टीम निर्धारित 40 ओवरों में 203 रन बनाने में सफल रही।
मुकाबले के दूसरे हिस्से में भी सिवनी के खिलाड़ी एक बार फिर आक्रमक तेवरों के साथ मैदान पर उतरे और उन्होंने जवाबी पारी खेलने उतरी बालाघाट की टीम को सस्ते में ही हथियार डालने पर मजबूर कर दिया। वत्सल नागलकर ने शानदार गेंदबाजी करते हुए छः विकेट झटके, उनका बखूबी साथ देते हुए आर्यन और गजेन्द्र ने भी दो-दो विकेट हासिल किए। बालाघाट की टीम मात्र 90 रन ही बना सकी और इस तरह सिवनी ने यह मुकाबला 113 रनों से जीत लिया।
सिवनी की टीम के फायनल में प्रवेश करने पर जिला क्रिकेट संघ के अध्यक्ष राजकुमार ‘पप्पू‘ खुराना एवं सचिव अरविंद दीक्षित ‘गुरू‘ ने बधाइयां एवं शुभकामनाएं प्रेषित करते हुए फायनल में भी शानदार प्रदर्शन की अपेक्षाएं की हैं। यहां यह उल्लेखनीय होगा की सिवनी के इस शानदार प्रदर्शन में टीम के मैनेजर हिमांशु सतनामी का भी बड़ा योगदान है जो खिलाड़ियों का निरंतर ही उत्साहवर्धन करते हुए समय-समय पर उचित मार्गदर्शन भी दे रहे हैं।

गर्मी में खून के आंसू रूलाती नगर पालिका

गर्मी में खून के आंसू रूलाती नगर पालिका

(शरद खरे)

अप्रैल महीने का पहला सप्ताह बीतने को है। सदा की भांति शहर में पानी का संकट सर चढ़कर बोल रहा है। दशकों बीत गए पर नगर पालिका प्रशासन द्वारा जिला मुख्यालय के निवासियों को शुद्ध पेयजल मुहैया करवाने की योजना अब तक न तो बनाई गई है और न ही किसी योजना को पूरी तरह मूर्तरूप ही दिया गया। नब्बे के दशक में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा सुआखेड़ा जलावर्धन योजना का श्रीगणेश किया गया था। इसमें यह बात प्रमुख थी कि इसके आरंभ होते ही जिला मुख्यालय के निवासियों को दिन में दो बार पर्याप्त पानी मिल सकेगा।
इस योजना के आरंभ हुए सालों बीत गए पर दो तो क्या एक वक्त भी पर्याप्त पानी लोगों को मयस्सर नहीं हो पा रहा है। पालिका हर बार बिजली के बिल, तो कभी जलकर की कम दरों का रोना रोकर अपना पल्ला झाड़ने का असफल प्रयास करती है। कहते हैं कि जब राजेश त्रिवेदी ने वर्तमान नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष की आसनी संभाली थी, उस वक्त उन्होंने शहर भर के सार्वजनिक नलों की सूची बुलवाई थी और मातहतों को निर्देश दिए थे कि सार्वजनिक नलों को जिन्होंने अपने-अपने घरों के अंदर कर लिया है, उनके नलों को काट दिया जाए। इस पर अमल भी हुआ किन्तु चुन-चुनकर। उस वक्त जिन्होंने चुनाव में अध्यक्ष की मुखालफत की थी उनके नलों को काट दिया गया था।
 आज पानी के मामले में आज़ाद भारत में ब्रितानी हुकूमत की यादें ताजा हो रही हैं। वयोवृद्ध हो चुकी पीढ़ी बताती है कि गुलामी के दौर में घोड़ों पर बैठकर आने वाले ब्रितानी गोरों द्वारा साफ तौर पर कहा जाता था कि पानी पिलाने की जवाबदेही गोरी सरकार की नहीं है। इसके परिणाम स्वरूप उस समय घरों-घर, मोहल्ले-मोहल्ले कुएं बावली अस्तित्व में आई थीं। आज़ादी के बाद यह व्यवस्था बदली। नगर पालिकाओं के जिम्मे नागरिकों को स्वच्छ पेयजल मुहैया करवाने की जवाबदेही आहूत हुई।
वर्तमान में नगर पालिका परिषद पूरी तरह निकम्मी ही साबित होती दिख रही है। नगर में पानी की त्राहि-त्राहि मची हुई है और पालिका प्रशासन कुंभकर्णीय निंद्रा में सो रहा है। न तो अध्यक्ष को चिंता है, न उपाध्यक्ष को और न ही चुने हुए पार्षदों को। विवेकानंद वार्ड में पानी की दिक्कत को समझा जा सकता है। यहां पानी की सप्लाई फिल्टर प्लांट वाली टंकी से होती है। पालिका के कारिंदों का कहना है कि यहां की टंकी से, पहले अध्यक्ष के निवास स्थान वाले वार्ड में पानी का प्रदाय होता है उसके बाद विवेकांनद वार्ड में बचे खुचे पानी को भेज दिया जाता है। जाहिर है यहां पानी की किल्लत होना ही है।

शहर में चार बड़े और दो छोटे तालाब हैं। पालिका का ध्यान इस ओर कतई नहीं है। पालिका में तो निर्माण कार्य का काम मुस्तैदी से संपन्न होता है। कहा जाता है कि कमीशन के ‘गंदे धंधे‘ के कारण यह होता है। वस्तुतः शहर वासियों को पानी वह भी साफ पानी मुहैया करवाना पालिका की जवाबदेही है। बेहतर होगा कि तालाबों के पास बोरिंग करवाई जाए जिससे यहां के नलकूप तालाब के पानी से रीचार्ज हों एवं नागरिकों को टैंकर या ट्यूब वेल के माध्यम से साफ पानी मुहैया हो सके।

आयोग का हंटर, हटाए गए छिंदवाड़ा कलेक्टर

आयोग का हंटर, हटाए गए छिंदवाड़ा कलेक्टर

(नन्द किशोर)

भोपाल (साई)। लोकसभा चुनवा के मद्देनजर चुनाव आयोग ने एक और बड़ी कार्रवाई की है। लगातार शिकायत मिल रही शिकायतों को देखते हुए चुनाव आयोग ने छिंदवाड़ा कलेक्टर महेशचंद्र चौधरी को हटा दिया है।
इस संबंध में आयोग ने प्रदेश के मुख्य सचिव को आदेश दिए है कि रविवार शाम पांच बजे तक चौधरी को हटाकर उनके स्थान पर 2005 बैच के आईएएस संजीव सिंह को छिंदवाड़ा का कार्यभार सौंपा जाए। जानकारी के अनुसार छिंदवाड़ा कलेक्टर महेशचंद्र चौधरी को मंत्रालय में उपसचिव के पद पर पदस्थ करने के आदेश जारी किए गए है।

आयोग के सूत्रों का कहना है कि छिंदवाड़ा लोकसभा सीट से कांग्रेस के उम्मीदवार कमलनाथ के वाहनों को जबरन जब्त करना और कार्यकर्ताओं को परेशान करने की शिकायत जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष गंगाप्रसाद तिवारी ने आयोग से की थी। उन्होंने दो दिन पहले शिकायत में बताया था कि श्री चौधरी द्वारा भजपा के प्रभाव के कारण परेशान किया जा रहा है। आयोग ने शिकायत पर कार्रवाई करते हुए श्री चौधरी को छिंदवाड़ा से हटा दिया है। उनके स्थान पर अब संचालक कोशल उन्नयन संजीव सिंह को पद संभालने की जिम्मेदारी सौंपी है।

एस.एम.एस. द्वारा वोटर लिस्ट में अपनी स्थिति जान सकेंगे मतदाता

एस.एम.एस. द्वारा वोटर लिस्ट में अपनी स्थिति जान सकेंगे मतदाता

(सोनल सूर्यवंशी)

भोपाल (साई)। भारत निर्वाचन आयोग ने नागरिकों को मतदाता सूची में अपना नाम होने की जानकारी एस.एम.एस. द्वारा भी प्राप्त करने की सुविधा प्रदान की है।
मतदाता मोबाइल से एस.एम.एस. भेजकर अपना मतदान केन्द्र एवं मतदाता सूची में किस सरल क्रमांक पर नाम है, की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। कोई भी मतदाता किसी भी मोबाइल से 51969 पर एस.एम.एस. कर मतदाता सूची में अपना नाम होने तथा मतदान केन्द्र की जानकारी प्राप्तस कर सकेगा।

प्रक्रिया अनुसार मोबाइल पर एस.एम.एस. बॉक्स में जाकर अंग्रेजी भाषा में केपीटल एमपी टाइप कर एक स्पेस देकर ईपीआईसी टाइप करना होगा (बिना गेप के)। उसके बाद एक स्पेस देकर कार्ड पर दिया गया नंबर टाइप कर उसे 51969 पर एस.एम.एस. करना होगा। एस.एम.एस. करने पर मतदाता का नाम किस मतदान केन्द्र पर व किस सरल क्रमांक पर है, उसका रिटर्न मेसेज मोबाईल पर प्राप्त होगा। मतदाताओं से एस.एम.एस. की सुविधा का उपयोग कर अपने मतदान केन्द्र का नाम एवं मतदाता सूची में सरल क्रमांक इत्यादि की जानकारी मोबाईल पर प्राप्त करने का अनुरोध किया गया है।

भारत डेविस कप वर्ल्ड प्ले समूह के लिए क्वॉलिफ़ाइ किया

भारत डेविस कप वर्ल्ड प्ले समूह के लिए क्वॉलिफ़ाइ किया

(आकाश कुमार)

नई दिल्ली (साई)। भारत की डेविस कप टीम ने कोरिया पर उसकी ही सरजमीं पर ऐतिहासिक जीत दर्ज कर वर्ल्ड ग्रुप प्ले ऑफ में प्रवेश किया। सोमदेव देववर्मन ने रविवार को एशिया ओसनिया के मुकाबले में योंग क्यू लिम को हरा दिया। सोमदेव ने पहला उलट एकल 6-4 , 5-7 , 6-3 , 6-1 से अपने नाम किया, जिससे भारत 3-1 से जीत गया। इस जीत के साथ ही दूसरा उलट एकल का कोई मतलब नहीं रह गया और उसे रद्द कर दिया गया।
भारतीय टीम के सदस्य सनम सिंह ने ट्वीट किया, ‘सोमदेव देववर्मन ने शानदार प्रयास किया और हमें कोरिया के खिलाफ जीत दिलायी।‘ रोहन बोपन्ना ने भी ट्वीट किया, ‘आक्रामक सोमदेव।‘ बोपन्ना ने शनिवार को महत्वपूर्ण युगल में साकेत मायनेनी के साथ मिलकर जीत दर्ज की थी और भारत को बढ़त दिलायी थी।

सोमदेव ने पहले दिन भी कठिन मुकाबले में जीत हासिल की थी। भारत के नंबर एक खिलाड़ी सोमदेव को उनके कभी हार नहीं मानने के जज्बे के लिये काफी सराहा जाता है और रविवार को फिर उन्होंने कोरिया के शीर्ष एकल खिलाड़ी के खिलाफ ऐसा ही खेल दिखाया। लिम ने शुरुआती एकल मैच में सनम सिंह को पराजित किया था, लेकिन वह सोमदेव के सामने नहीं टिक सके। भारत ने इस जीत के साथ ही कोरिया के खिलाफ अपने ओवरऑल रिकार्ड में भी सुधार किया, जो अब 4-6 हो गया है।

कांग्रेस में कामकाज ले चापलूसी की जगह: जयराम रमेश

कांग्रेस में कामकाज ले चापलूसी की जगह: जयराम रमेश

(मोदस्सिर कादरी)

नई दिल्ली (साई)। केंद्रीय मंत्री और कांग्रेस के दिग्गज नेता जयराम रमेश ने पार्टी के उपाध्यक्ष राहुल गांधी से युवा टीम बनाने का अनुरोध करते हुए कहा है कि कांग्रेस पार्टी में कामकाज को परिक्रमा (चापलूसी) की जगह लेनी चाहिए।
70 साल की उम्र में सभी कांग्रेसी नेताओं को संन्यास लेने का सुझाव देने वाले रमेश ने राहुल गांधी को लंबी रेस का घोड़ा (मैराथन मैन) बताया है। हालांकि, कांग्रेस पार्टी ने रमेश के 70 साल की उम्र मंभ संन्यास वाले बयान से खुद को दूर कर लिया था।
जयराम रमेश ने कहा कि राहुल गांधी के पास पार्टी को फिर से संगठित करने की योजना है और उनके पास युवा टीम होनी चाहिए। उन्होंने कहा, ‘कामकाज को परिक्रमा की जगह लेनी चाहिए। हमने परिक्रमा की राजनीति काफी देखी है। अब कामकाज की राजनीति होनी चाहिए।‘ राजनीतिक भाषा में परिक्रमा का मतलब चापलूसी होता है।
पार्टी के सीनियर लीडर रमेश ने कहा कि राहुल के पास पार्टी के लिए योजना और नजरिया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस उपाध्यक्ष कैंडिडेट्स के सिलेक्शन की प्रक्रिया बदलना चाहते हैं। राहुल का ‘प्राइमरी‘ कॉन्सेप्ट पार्टी के कार्यकर्ता को शक्ति देने की प्रक्रिया की शुरुआत है।
70 साल की उम्र में संन्यास के नजरिये पर रमेश ने कहा कि वह यह बात रखना चाहते थे कि अलग-अलग पृष्ठभूमि से पार्टी में और युवा चेहरे आने चाहिए। उन्होंने कहा, ‘राजनीति में, सभी स्तरों पर हमें नई पृष्ठभूमियों से नये लोगों को लाना चाहिए। यह कुछ लोगों का एकाधिकार नहीं होना चाहिए। हमें निरंतर रूप से संगठन को नया बनाना चाहिए।‘
कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी के करीबी माने जाने वाले रमेश ने अपना उदाहरण देते हुए कहा कि वह अपवाद नहीं हैं। यह पूछे जाने पर कि क्या कांग्रेस ने विपक्ष में बैठने का मन बना लिया है और अब नरेंद्र मोदी को रेस कोर्स रोड तक पहुंचने से रोकने का प्रयास कर रही है, रमेश ने कहा कि ऐसा नहीं है।

रमेश ने कहा, ‘यह काल्पनिक प्रश्न है। अगर जनता जनादेश देती है, हम सरकार बनाते हैं। अगर वे बीजेपी को जनादेश देते हैं तो हम विपक्ष में बैठेंगे।‘ जयराम रमेश ने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा रचनात्मक विपक्ष की भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा, ‘हम 1998 से 2004 तक विपक्ष में बैठे और अगर आप विपक्ष में कांग्रेस और विपक्ष में बीजेपी को देखें तो हमारा रेकॉर्ड ज्यादा रचनात्मक रहा है।‘

गूगल ला रहा है हाई स्पीड इंटरनेट वाला मोबाइल नेटवर्क!

गूगल ला रहा है हाई स्पीड इंटरनेट वाला मोबाइल नेटवर्क!

(एडविन अमान)

नई दिल्ली (साई)। हाई-एंड स्मर्ा्टफोन लेने के बावजूद यूजर्स इंटरनेट स्पीज्ड की समस्या से जूझते नजर आते हैं। हालांकि, इंटरनेट की स्पीड फोन से ज्यादा मोबाइल नेटवर्क पर निर्भर करती है, लेकिन फिर भी अगर आप फोन पर इंटरनेट की स्लो स्पीइड से परेशान हैं तो आपके लिए एक अच्छीे खबर है। मशहूर टेक्नॉलजी कंपनी गूगल अब मोबाइल नेटवर्क के क्षेत्र में उतरने का मन बना रही है।
दुनिया को सबसे सफल मोबाइल ऑपरेटिंग सिस्टम ‘ऐंड्रॉयड‘ और सर्च इंजन ‘गूगल सर्च‘ देने वाली कंपनी गूगल ने अब मोबाइल नेटवर्क मार्केट में उतरने का फैसला किया है। अमेरिकी मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, कंपनी अब खुद का वायरलेस नेटवर्क शुरू करने की योजना बना रही है, जो यूजर को फोन करने से लेकर, मेसेज भेजने और इंटरनेट का इस्तेनमाल करने की सुविधा देगी। गूगल अमेरिका में पहले से ही सबसे तेज ब्रॉडबैंड इंटरनेट कनेक्शलन की सुविधा मुहैया करवा रही है।

कम होगी कीमत

योजना के तहत, गूगल मौजूदा मोबाइल नेटवर्क कंपनियों से ही 3जी और 4जी नेटवर्क खरीदकर उसे कम कीमत में यूजर तक पहुंचाएगी। ऐसी स्थिति में गूगल एक वर्चुअल मोबाइल नेटवर्क ऑपरेटर (डटछव्) की भूमिका में होगा, यानी एक ऐसा नेटवर्क ऑपरेटर जो मौजूदा नेटवर्क के माध्यरम से अपने सर्विस प्लाकन ग्राहकों तक पहुंचाता है।