मंगलवार, 14 फ़रवरी 2012

तीन दिवसीय सम्मेलन आरंभ


तीन दिवसीय सम्मेलन आरंभ

(दिशा कुमारी)

हरिद्वार (साई)। हरिद्वार के गुरुकुल कांगड़ी विश्विद्यालय में पर्यावरण के मुद्दे को लेकर तीन दिवसीय अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन का शुभारम्भ हुआ। मुख्य अतिथि के तौर पर बोलते हुए उत्तराखण्ड कांउसिल ऑफ साइंस एण्ड टैक्नोलॉजी के निदेषक डा. राजेन्द्र डोभाल ने कहा कि पर्यावरण में बढ़ते प्रदूषण का नुकसान पूरी दुनिया को उठाना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर ठोस उपाय करने की आवष्यकता है। इस अवसर पर भाभा एटोमिक रिसर्च सेंटर के वैज्ञानिक पदमश्री डा. जेपी मित्तल ने कहा कि एटोमिक पावर का उपयोग देष के वैज्ञानिकों को ऊर्जा क्षेत्र में भी करना चाहिए, तभी इसकी सकरात्मकता बनी रहेगी। इस अवसर पर अनेक वैज्ञानिकों ने अपने शोध प्रस्तुत किए। वहीं पोस्टर प्रोजेक्षन के माध्यम से भी पर्यावरण के प्रति बढ़ते खतरों की जानकारी लोगों को दी गई है। सम्मेलन में भारत के अलावा विदेषों से आए वैज्ञानिक भाग ले रहे हैं।

जीवन राम पंचतत्व में विलीन


जीवन राम पंचतत्व में विलीन

(शैलेन्द्र कुमार)

नागौरी (साई)। ओड़िसा के मलकागिरी में नक्सलियों के हमले में शहीद हुए बीएसएफ के कमांडेंट जीवण राम का राजस्थान के नागौर जिले के धनकौली गांव में राजकीय सम्मान से अंतिम संस्कार किया गया। बीएसएफ के जवानों ने शहीद के सम्मान में मातमी धुन बजाई।
प्रशासन की ओर से उनकी पार्थिव देह पर पुष्प चक्र अर्पित किए गए। उनकी अंतिम यात्रा में अनेक वरिष्ठ अधिकारी, जनप्रतिनिधि और ग्रामीणों ने हिस्सा लिया। शहीद के सम्मान में धनकौली के बाजार बंद रहे। कमांडेंट जीवण राम पर नक्सलियों ने उस समय हमला कर दिया था जब वे पंचायत चुनाव को लेकर जिला प्रशासन के साथ बैठक के बाद लौट रहे थे।

चावल खरीदी की दरें निर्धारित


चावल खरीदी की दरें निर्धारित

(पीयूष शाह)

पोर्ट ब्लेयर (साई)। प्रशासन के आपूर्ति विभाग ने उत्तर अंडमान के किसानों से सोलह रुपए पहचत्तर पैसे प्रति किलोग्राम की दर से चावल खरीदने का फैसला किया है। इस सम्बंध में सभी तैयारियां पूरी कर ली गई है। पंचायती राज संस्थानों के सदस्यो के सहयोग से खरीद केन्द्रों की पहचान भी की जा चुकी है।
आपूर्ति विभाग के निदेशक की ओर से जारी विज्ञप्ति में कहा गया है कि इच्छुक किसानों को गुणवत्ता वाले चावल की उपलब्धता की जानकारी अपने क्षेत्र के प्रधान या डिगलीपुर के सहायक आयुक्त को देनी होगी। यह जानकारी इस महीने की पच्चीस तारीख तक दे दी जानी चाहिए ताकि चावल की खरीद कर किसानों को समय से भुगतान किया जा सके।

आपूर्ति विभाग की छापामारी आरंभ


आपूर्ति विभाग की छापामारी आरंभ

(आरती शाह)

पोर्ट ब्‍लेयर (साई)। प्रशासन के आपूर्ति विभाग के अंतर्गत माप तौल विभाग के सहायक नियंत्रक आर.पी. सिंह के नेतृत्व में टीम ने पिछले दिनों पोर्ट ब्लेयर के कुछ इलाकों में छापा मारकर माप तौल नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की। जंगलीघाट और मोहनपुरा के मछली बाजार में दस विक्रेताओं को माप तौल अधिनियिम दो हजार ग्यारह का उल्लंघन करते पकड़ा गया।
इसके अलावा सतर्कता दल ने पुराना पहाड़गांव में आकस्मिक जांच के दौरान पैकेट बंद वस्तु नियम के अंतर्गत एक और माप तौल अधिनियम के अंतर्गत चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया। नियम तोड़ने वाले छः लोगों के खिलाफ जुर्माना लगाते हुए कुल चौदह हजार पांच सौ रुपए की धनराशि वसूल की गई। पैकेट बंद वस्तु नियम के उल्लंघन के आरोप में सम्बंधित व्यक्ति पर ढाई हजार रुपए का जुर्माना लगाया गया। पकड़े गए अन्य लोगों के खिलाफ छानबीन चल रही है।

परिषद की स्थाई समितियों के चुनाव संपन्न


परिषद की स्थाई समितियों के चुनाव संपन्न

(साई ब्यूरो)

पोर्ट ब्लेयर (साई)। दक्षिण अंडमान जिला परिषद की बैठक आज जिला परिषद सभागार में सम्पन्न हुई जिसमें जिला परिषद के सदस्य और पंचायत समितियों के प्रमुखों ने भाग लिया। बैठक में जिला परिषद की स्थाई समितियों के चुनाव सम्पन्न हुए। वित्त, कर और लेखा समिति के लिए निपेन्द्र नाथ नाग को अध्यक्ष चुना गया।
इस समिति में चार अन्य सदस्य शामिल किए गए। पांच सदस्य जन स्वास्थ्य और स्वच्छता समिति के लिए आनंद अमृत राज और पांच सदस्य कार्य और विकास समिति के लिए श्रीमती बलबीर कौर को अध्यक्ष चुना गया। इसी प्रकार श्रीमती फरीदा बीबी जल कार्य समिति तथा सुश्री वी.के. मरियम बीबी को शिक्षा और सामाजिक न्याय समिति का अध्यक्ष चुना गया। इनके अलावा श्रीमती जी. तमिलारसी को प्रशासन की सलाहकार समिति के लिए जिला परिषद का प्रतिनिधि चुना गया।

छग में बड़े पैमाने पर प्रशासनिक सर्जरी


छग में बड़े पैमाने पर प्रशासनिक सर्जरी

(आंचल झा)

रायपुर (साई)। राज्य सरकार ने भारतीय प्रशासनिक सेवा के वरिष्ठ अधिकारियों के प्रभार में व्यापक फेरबदल किया है। उल्लेखनीय है कि सुनील कुमार के मुख्य सचिव बनने के बाद पहली बार यह बड़ा प्रशासनिक फेरबदल है। सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी सूची के मुताबिक प्रमुख सचिवों में विवेक ढ़ांड के पास पंचायत और ग्रामीण विकास के अलावा श्रम तथा श्रमायुक्त का अतिरिक्त प्रभार रहेगा।
डीएस मिश्रा को वित्त योजना और वाणिज्यिक कर, अजय सिंह को स्वास्थ्य और परिवार कल्याण तथा नगरीय प्रशासन विभाग, एमके राउत को कृषि सहकारिता और कृषि उत्पादन आयुक्त और आरपी मंडल को प्रमुख सचिव लोक निर्माण विभाग के पद पर पदस्थ किया गया है। सुनील कुजूर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी को प्रमुख सचिव वन विभाग का अतिरिक्त दायित्व दिया जाएगा।
वहीं, सचिवों में आर सी सिन्हा को सामान्य प्रशासन, जन शिकायत एवं धर्मस्व विभाग, बी एल अग्रवाल को राजस्व और आपदा प्रबंधन विभाग तथा सुश्री निधी छिब्बर को सचिव तकनीकी शिक्षा विभाग के पद पर पदस्थ किया गया है। इसी तरह विकासशील को खाद्य और नागरिक आपूर्ति विभाग, मनोज पिंगुआ को वर्तमान पद के साथ ही सामान्य प्रशासन विभाग, केडीपी राव को पर्यटन एवं संस्कृति विभाग के पद पर पदस्थ किया गया है।
श्री बीएल तिवारी को रायपुर संभाग का आयुक्त बनाया गया है। वहीं, के सुब्रमण्यिम सचिव मुख्यमंत्री को वर्तमान दायित्वों के साथ ही राज्य मंडी बोर्ड के प्रबंध निदेशक का भी प्रभार सौंपा गया है। उधर, कोरिया की कलेक्टर सुश्री रितु सेन को हटाकर संयुक्त सचिव सामान्य प्रशासन के पद पर पदस्थ किया गया है। जबकि उनके स्थान पर अविनाश चंपावत प्रबंध संचालक राज्य मंडी बोर्ड को कोरिया का कलेक्टर बनाया गया है।