सोमवार, 9 जुलाई 2012

आतंक का गढ़ नहीं बन पाएगा अफगानिस्तान


आतंक का गढ़ नहीं बन पाएगा अफगानिस्तान

टोक्यो (साई)। भारत तथा दुनिया के अन्य  प्रमुख देशों ने कहा है कि वे अफगानिस्तान को फिर से  आतंकवाद का गढ़ नहीं बनने देंगे। प्रमुख दानदाता देशों ने युद्धपीड़ित अफगानिस्तान को १६ अरब डालर की सहायता का भी वचन दिया ताकि २०१४ में विदेशी सेनाओं की वापसी के बाद वहां फिर से अशांति न फैले।अफगानिस्तान पर दिन भर चले सम्मेलन के अंत में पारित तोक्यो   घोषणा में विदेश मंत्री एस एम कृष्णा और अमरीकी विदेश मंत्री हिलेरी क्लिंटन सहित अन्य नेताओं ने अफगानिस्तान की प्रभुसत्ता, एकता, क्षेत्रीय अखण्डता और स्वतंत्रता के प्रति सम्मान व्यक्त किया। अफगान राष्ट्रपति हामिद करजई ने अपने उद्घाटन भाषण में भ्रष्टाचार से लड़ने का पक्का इरादा व्यक्त किया।
इस अवसर पर अमरीकी विदेश मंत्री हिलेरी क्लिंटन ने कहा कि इस राशि से अफगानिस्तान के विकास में मदद मिलेगी। बताया जाता है कि अंतरराष्ट्रीय समुदाय के साथ काफी प्रयास करने के बाद जापान ने अगले चार वर्षों में अफगानिस्तान में विकास के लिए १६ अरब डॉलर की सहायता देने का वायदा किया है। विश्व बैंक की अनुमान की तुलना में यह राशि बहुत अधिक है।
वैसे, टोकियों में आज सम्पन्न सम्मेलन में अफगानिस्तान को १६ अरब डॉलर की सहायता मिलना इस बात को दर्शाता है कि विश्व समुदाय २०१४ में अफगानिस्तान से अंतर्राष्ट्रीय सेना की वापसी के बाद उसे असहाय नहीं छोड़ेगा। सम्मेलन में दुनिया के ७० से अधिक देशों के प्रतिनिधियां का एक जुट होना यह भी जाहिर करता है कि अफगानिस्तान को लेकर विश्व समुदाय कितना चिंतित है। मध्य एशिया, दक्षिण एशिया और पश्चिमी एशिया के बीचो बीच स्थित अफगानिस्तान सदियों से महाशक्तियों के बीच हौड का खामिजा भुगतता रहा है लेकिन अब दुनिया यह महसूस करने लगी है कि खुशहाल और शांतिपूर्ण अफगानिस्तान न केवल इस क्षेत्र को बल्कि समुची दुनिया को जोड़ने वाली कड़ी बन सकता है।
सम्मेलन में विदेश मंत्री एस एम कृष्णा ने कहा कि पारंपरिक दानदाता देश न  होने के बावजूद भारत ने अफगानिस्तान के पुनर्निर्माण और विकास के लिए पर्याप्त संसाधन उपलब्ध कराए हैं। अफगान राष्ट्रपति हामिद करजई ने अपने उद्घाटन भाषण में भ्रष्टाचार से लड़ने का पक्का इरादा व्यक्त किया।
उधर, अफगानिस्तान के दक्षिणी और पूर्वी प्रांतों में कल विद्रोहियों के हमलों में अंतर्राष्ट्रीय सेना के सात सैनिक मारे गये। नैटो के नेतृत्व वाली अंतर्राष्ट्रीय सेना के मुख्यालय की ओर से कल देर रात जारी विज्ञप्ति के अनुसार ६ सैनिक पूर्वी अफगानिस्तान में देसी बम के विस्फोट में मारे गये. इसी तरह की एक अन्य घटना में एक अन्य नैटो सैनिक मारा गया। अंतर्राष्ट्रीय सेना अपनी नीति के अनुसार मृत सैनिकों की च्चिनाख्त हो जाने तक घटना का ब्यौरा और उनकी राष्ट्रीयता नहीं बताती।इसके अलावा अफगानिस्तान के दक्षिणी कंधार प्रांत में एक ही स्थान पर सड़क पर छिपा कर रखे गये बमों और बारूदी सुरंगों के विस्फोट की अलग-अलग घटनाओं में १८ से ज्यादा अफगान नागरिक भी मारे गये।

असम में बाढ़ की स्थित गंभीर


असम में बाढ़ की स्थित गंभीर

(प्रियंका श्रीवास्तव)

नई दिल्ली (साई)। देश में मानसून की आमद के साथ ही उत्तर भारत में लोगों को तपन से मुक्ति मिल गई है। कहीं बारिश की फुहारों में लोगों ने सप्ताहांत का मजा लिया तो कहीं बाढ़ से अभी भी लोग लड़ ही रहे हैं। देश के अनेक अंचलों में चौबीस घंटों से भी ज्यादा समय से भगवान भास्कर ने दर्शन नहीं दिए हैं।
गुवहाटी से समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया के ब्यूरो से जाकिया तस्मिन रहमान ने समाचार दिया है कि असम में बाढ़ की स्थिति गंभीर है। इस आपदा में मरने वालों की संख्या १२२ तक पहुंच गई है। राज्य के विभिन्न भागों से बड़े पैमाने पर खेती को नुकसान पहुंचने और वन्य प्राणियों के मारे जाने की खबरें मिली हैं। धेमाजी जिले के तीन सौ से अधिक गांव अब भी बाढ़ की चपेट में हैं। लगभग नौ सौ मकान और तीन प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र बाढ़ में बह गये हैं जिले के कई जगह यातायात ठप्प है। लोगों ने ऊंचे बांधों और राहत शिविरों में शरण ली हुई है। स्वास्थ्य विभाग ने चिकित्सा दल तैनात कर दिये हैं और आवश्यक दवाएं भी उपलब्ध करा दी गई हैं। बाढ़ से दो लाख ५५ हजार हेक्टेयर भूमि की फसलों को नुकसान पहुंचा है।
उधर हिमाचाल प्रदेश के समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया के ब्यूरो से स्वाति सिंह ने खबर दी है कि हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले में नालका नाले में कल अचानक आई बाढ़ से मरने वालों की संख्या चार हो गई है। आज तीन और शव मिले। नाले के तेज बहाव को देखते हुए ३३ किलोमीटर तक के इलाके में चार लोगों की तलाश की जा रही है, हालांकि उनके जिंदा होने की उम्मीद कम है।
 इसके साथ ही साथ भारत-चीन सीमा के नजदीक लद्दाख क्षेत्र में लेह-पांगोंग झील मार्ग पर चांग्ला दर्रे के निकट त्सोलताक में भूस्खलन में फंसे सभी पर्यटकों को बचा लिया गया है। जिला पुलिस, प्रशासन और सेना ने साझा बचाव कार्रवाई में मोटर बाइक समेत डेढ़ सौ वाहनों में सवार ३०० पर्यटकों को सुरक्षित बचा लिया।
देश के हृदय प्रदेश के समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया के ब्यूरो ने खबर दी है कि शनिवार से महाकौशल सहित अनेक अंचलों में सूर्यनारायण बादलों की ओट में ही विश्राम कर रहे हैं। शनिवार से मध्य प्रदेश के अनेक क्षेत्रों आरंभ हुई बारिश सोमवार को भी जारी थी।
शनिवार और रविवार को अवकाश का सूबे के लोगों ने जमकर लुत्फ उठाया। लोग हल्की फुहार में झूमते नाचते नजर आए। चूंकि शनिवार और रविवार दोनों ही दिन अवकाश था अतः लोगों ने इसका जमकर आनंद लिया। प्रदेश के अनेक क्षेत्रों में हल्की फुहार ने मौसम को रंगीन बना दिया है। भोपाल में सोमवार सुबह फिर पानी बरसना आरंभ हो गया।

जनजातिय समूहों को मुख्य धारा में लाने का प्रयास


जनजातिय समूहों को मुख्य धारा में लाने का प्रयास

(प्रीति सक्सेना)

चेन्नई (साई)। भारत के एक प्रमुख दक्षिणी राज्य तमिलनाडु में कई महत्वपूर्ण जनजातीय समूह है। वर्ष २००१ की जनगणना के अनुसार राज्य की जनजातीय आबादी देश की कुल आबादी का एक दशमलव शून्य चार प्रतिशत थी। इन जनजातियों के सामाजिक आर्थिक विकास में तेजी लाने के लिए अनुकूल महौल बनाने के वास्ते राज्य सरकार ने केन्द्र सरकार के साथ मिलकर कई कदम उठाए हैं।
धर्मापुरी जिले की हारूर और पपिरेद्दिपट्टी तालकुओं में राज्य की दो प्रतिशत जनजातीय आबादी रहती है। जिला प्रशासन के सूत्रों ने समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया को बताया कि बच्चों के विकास के लिए स्कूलों और गांवों में आयाजित किए जा रहे जागरूकता शिविर काफी सफल साबित हो रहे हैं। सूत्रों का कहना है कि जिला प्रशासन शिक्षा स्वास्थ्य और सड़कों को जोड़ने पर ज्यादा ध्यान दे रहे हैं।
सूत्रों ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना तथा राष्ट्रीय कृषि और ग्रामीण विकास बैंक के जरिए प्रशासन ने १२ किलोमीटर की ५ सड़कों को जोड़ने का काम लिया है। जिला प्रशासन आवासीय योजनाओं को जनजातीय क्षेत्रों में पहुंचा रहे हैं। सोलर लाइट से दूर दराज के इलाकों में बिजली दी जा रही है। इतना ही नहीं सूत्रों ने यह भी बताया कि राष्ट्रीय ग्रामीण स्वास्थ्य मिशन के तहत जनजातीय महिलाओं के प्रसव से पहले और बाद में देखभाल के लिए चिकित्सा दल जांच करते हैं जिससे उनको काफी लाभ पहुंच रहा है।

फेडरर सातवीं बार बने विजेता


फेडरर सातवीं बार बने विजेता

(अभिलाषा जैन)

लंदन (साई)। स्विट्जरलैंड के रोजर फेडरर ने सातवीं बार विम्बलडन खिताब जीत लिया है। कल रात लंदन में  पुरुष सिंगल्स फाइनल में फेडरर ने ब्रिटेन के एंडी मरे को ४-६, ७-५, ६-३ और ६-४ से हराकर १७वां ग्रैंड स्लैम जीता। इसके साथ ही फेडरर एक बार फिर से विश्व के नम्बर एक खिलाड़ी बन गए हैं।मिक्स्ड डबल्स के फाइनल में भारत के लिएंडर पेस और रूस की एलेना वेसनीना की जोड़ी माइक ब्रायन और लीजा रेमण्ड से हार गई।
टेनिस के बादशाह रोजर फेडरर ने बेहद रोमांचक मुकाबले में आज यहां एंडी मर्रे और लाखों ब्रिटिशवासियों का दिल तोडकर सातवीं बार विंबलडन खिताब जीतने के साथ ही पीट संप्रास और विलियम रेनशा के रिकार्ड की बराबरी की।
स्विट्जरलैंड के तीसरी वरीयता प्राप्त फेडरर ने फाइनल में ब्रिटेन के चौथी वरीय मर्रे को 4-6, 7-5, 6-3, 6-4 से हराया। यह उनका विंबलडन में सातवां और कुल 17वां ग्रैंडस्लैम खिताब है। ब्रिटेन के रेनशा ने 1881 से 1889 तक जबकि संप्रास ने 1193 से 2000 तक विंबलडन में परचम लहराया।
फेडरर ने यहां अपना पहला खिताब 2005 में जीता था और इसके बाद उन्होंने यहां लगातार पांच खिताब जीतने का रिकार्ड बनाया था। मर्रे 1936 के बाद विंबलडन का खिताब जीतने वाले पहले ब्रिटिश खिलाडी बनने की कवायद में थे लेकिन फेडरर के अनुभव के सामने उनका इंतजार बढ गया। ब्रिटेन की तरफ से आखिरी बार फ्रेड पैरी ने विंबलडन खिताब जीता था।
फेडरर को खिताब जीतने पर 11 लाख 50 हजार पौंड की पुरस्कार राशि मिली जबकि मर्रे को पांच लाख 75 हजार पौंड से ही संतोष करना पडा। मर्रे ने मैच की बेहतरीन शुरुआत की। उन्होंने लंबी रैलियों का गवाह रहे पहले गेम में ही फेडरर की सर्विस तोड दी और फिर अपनी सर्विस बचाकर स्कोर 2-0 कर दिया। फेडरर ने हालांकि जल्द ही वापसी करके ब्रेक प्वाइंट लेने के साथ ही स्कोर 2-2 से बराबर कर दिया।
इसके बाद दोनों खिलाडियों ने आठवें गेम तक अपनी सर्विस बचाये रखी लेकिन नौवें गेम में मर्रे ने फिर से फेडरर की सर्विस तोडकर सेंटर कोर्ट पर मौजूद अपने हजारों प्रशंसकों को खुशी में झूमने का मौका दिया। फेडरर का बैकहैंड नेट पर लग गया था जिससे मर्रे को ब्रेक प्वाइंट मिल गया। इस ब्रिटिश खिलाडी ने ऐस जमाकर दो सेट प्वाइंट हासिल किये और इनमें से पहले पर ही पहला सेट केवल 57 मिनट में अपने नाम किया।
मर्रे ने दूसरे सेट की शुरुआत भी जोरदार तरीके से की। उन्होंने फिर से शुरुआती गेम में फेडरर की सर्विस तोडी लेकिन स्विस खिलाडी ने बदला लेने में देर नहीं लगायी और अगले गेम में ही हिसाब बराबर कर दिया। दोनों खिलाडियों में इसके बाद कडा मुकाबला देखने को मिला। दोनों ने एक दूसरे की सर्विस तोडने के लिये हर संभव कोशिश की लेकिन आखिर में फेडरर को इसमें सफलता मिली।
फेडरर ने दूसरे सेट में चार सेट प्वाइंट बचाने के बाद 12वें गेम में मर्रे की सर्विस पर ड्राप शाट से सेट प्वाइंट हासिल किया और बैकहैंड से अगला अंक लेकर मैच बराबरी पर ला दिया। इस गेम में मर्रे एक समय 30-0 से आगे थे लेकिन फेडरर ने लगातार चार अंक बनाये। जब तीसरे सेट में दोनों खिलाडी 1-1 से बराबरी पर थे तभी बारिश के कारण खेल रोकना पडा और इसके बाद मैच आगे बढाने के लिये छत बंद कर दी गयी।
तीसरे सेट में भी गजब का मुकाबला देखने को मिला लेकिन असली जंग छठे गेम में दिखी जो लगभग 20 मिनट तक चला। मर्रे की सर्विस पर दस ड्यूश देखने को मिले लेकिन आखिर में फेडरर ने अपने अनुभव का इस्तेमाल करके स्काटिश खिलाडी को बेसलाइन पर नचाया और ब्रेक प्वाइंट हासिल करके 4-2 से बढत हासिल की। फेडरर ने इसके बाद अपनी सर्विस बचाये रखी और 49 मिनट तक चला यह सेट अपने नाम किया।
मर्रे हार मानने के लिये तैयार नहीं थे लेकिन फेडरर ने महत्वपूर्ण मौकों पर अपने अनुभव का फायदा उठाकर अंक बनाये। चौथे सेट में तीखी और लंबी रैलियां देखने को मिली लेकिन फेडरर ने पांचवें गेम में मर्रे की गलतियों का फायदा उठाकर ब्रेक प्वाइंट लेकर दर्शकों को सन्न कर दिया।
जब फेडरर के पास दो चौंपियनशिप प्वाइंट थे तब स्टेडियम में मर्रे-मर्रे के नाम की गूंज सुनाई दे रही थी। इस स्काटिश खिलाडी ने पहला प्वाइंट बचा दिया लेकिन दूसरी बार वह शाट बाहर मार गये। इस जीत के साथ फेडरर फिर से दुनिया के नंबर एक खिलाडी बन गये।

सीरियल के हनुमान को संजीवनी की दरकार


सीरियल के हनुमान को संजीवनी की दरकार

(दीपक अग्रवाल)

मुंबई (साई)। हिंदी फिल्मों के जाने माने अभिनेता और पहलवान दारा सिंह की हालत नाजुक है। दिल का दौरा पड़ने के बाद ८३ वर्षीय दारा सिंह को कल शाम मुम्बई के कोकिलाबेन धीरूभाई अम्बानी अस्पताल के इमरजेन्सी वार्ड में दाखिल कराया गया। बाद में उन्हें आईसीयू में भेज दिया गया, जहां उन्हें वेन्टीलेटर पर रखा गया है। श्री दारा सिंह ने कई फिल्मों और टेलीविजन धारावाहिकों में हनुमान और भीम का जोरदार अभिनय से लोकप्रियता हासिल की। वे सांसद भी रह चुके हैं।
टेलीविजन में हनुमान की भूमिका निभाने वाले हनुमान को खुद औझ संजीवनी की जरुरत पड़ गई है। पहलवान और अभिनेता दारा सिंह की हालत अब भी नाजुक है। कोकिलाबेन अस्पताल के एक चिकित्सक ने समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया को बताया कि दारा सिंह की स्थिति अभी भी काफी गम्भीर है। उन्हें दवाइयां दी जा रही हैं। उनकी स्थिति स्थिर नहीं कही जा सकती। चिकित्सक ने कहा, हम अभी भी उनकी बीमारी का असल कारण जानने का प्रयास कर रहे हैं। शनिवार को उनकी नब्ज नहीं चल रही थी और उनका रक्तचाप काफी कम था। हमने रक्तचाप और ऑक्सीजन की मात्रा स्थिर बनाए रखने के लिए उन्हें वेंटीलेटर पर रखा है।
दारा सिंह ने कुश्ती के क्षेत्र में नाम कमाने के बाद 1960 में फिल्मों में कदम रखा था। वे रामायण और महाभारत जैसे लोकप्रिय पौराणिक धारावाहिकों में काम करने के अलावा कई फिल्मों में भी काम कर चुके हैं। वे सांसद भी रह चुके हैं।