बुधवार, 11 जुलाई 2012

लाट साहेब ने तलब की विश्व भारती की रिपोर्ट


लाट साहेब ने तलब की विश्व भारती की रिपोर्ट

(प्रतुल बनर्जी)

कोलकता (साई)। पश्चिम बंगाल के राज्यपाल एम.के. नारायणन ने विश्व भारती विश्वविद्यालय में पांचवी कक्षा की एक छात्रा के साथ किये गए दुर्व्यवहार की घटना की रिपोर्ट मांगी है। विश्वविद्यालय के पाठ भवन स्कूल में कराबी होस्टल की वार्डन ने बिस्तर गीला करने पर इस छात्रा को स्वमूत्र पीने के लिए कथित रूप से मजबूर किया था।
श्री नारायणन ने कल संवाददाताओं को बताया कि इस मामले में होस्टल की वार्डन उमा पोद्दार को बोलपुर अदालत ने जमानत दे दी है। उसे बीरभूम जिले के बोलपुर पुलिस थाने में छात्रा के परिवार की शिकायत के बाद गिरफ्तार किया गया था। राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग ने पश्चिम बंगाल स्कूल शिक्षा विभाग को पत्र लिखकर मामले की जांच करने को कहा है और इस संबंध में रिपोर्ट मांगी है। प्रधानमंत्री कार्यालय ने भी इस संबंध में विश्व भारती विश्वविद्यालय से रिपोर्ट मांगी है।

कंबोदिया में बैठक करेंगे विदेश मंत्री


कंबोदिया में बैठक करेंगे विदेश मंत्री

(साई इंटरनेशनल डेस्क)

प्नोम पेन्ह (साई)। विदेश मंत्री एस एम कृष्णा आज कंबोदिया की राजधानी प्नोम पेन्ह में दस सदस्यों के आसियान समूह के साथ बैठक करेंगे। इस बैठक में भारत-आसियान मुक्त व्यापार समझौते को जल्दी अंतिम रूप देने, आर्थिक सहयोग बढ़ाने तथा सहयोग के नये क्षेत्रों का पता लगाने  पर मुख्य रूप से चर्चा होगी।
भारत और आसियान के बीच माल के लिए मुक्त व्यापार समझौता हो चुका है। दोनों पक्ष इस समझौते को और व्यापाक बनाने तथा इसमें  सेवाओं और निवेश को शामिल करने के लिए विचार-विमर्श कर रहे हैं। श्री कृष्णा दसवें आसियान भारत मंत्रिस्तरीय सम्मेलन में भाग लेने के लिए कल शाम प्नोम पेन्ह पहुंचे। इस दौरान आसियान और भारत के संबंधों की समीक्षा की जाएगी।
श्री कृष्णा पूर्वी एशिया के विदेश मंत्रियों की दूसरी शिखर बैठक और १९वें आसियान क्षेत्रीय मंच की मत्रिस्तरीय बैठक में भी भाग लेंगे। भारत आसियान के साथ अपने संबंधों के २० वर्ष पूरे होने के सिलसिले में इस वर्ष २० से २१ दिसम्बर को नई दिल्ली में दो दिन के विशेष आसियान-भारत शिखर सम्मेलन का आयोजन करेगा ।

भारत पाक के बीच व्यापार बढ़ाने तीन दिनी सम्मेलन


भारत पाक के बीच व्यापार बढ़ाने तीन दिनी सम्मेलन

(महेश रावलानी)

नई दिल्ली (साई)। जम्मू-कश्मीर में भारत और पाकिस्तान के बीच नियंत्रण रेखा के आर-पार व्यापार बढ़ाने के तौर तरीकों पर तीन दिन का सम्मेलन कल शुरू हुआ। इस सम्मेलन का आयोजन नई दिल्ली स्थित सेन्टर फॉर डॉयलाग एंड रीकॉन्सिलेशन ने किया है। सम्मेलन में भारत और पाकिस्तान के अनेक अधिकारी, विशेषज्ञ और  व्यापारी भाग ले रहे हैं। हमारे श्रीनगर संवाददाता ने खबर दी है कि नियंत्रण रेखा के आर-पार व्यापार तीन वर्ष पहले शुरू हुआ था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सम्मेलन से पूर्व नियंत्रण रेखा के उस पार से आए प्रतिनिधियों समेत १८ रूकरी दल ने कल राज्यपाल एन एन वोहरा से मुलाकात की और नियंत्रण रेखा के आर-पार तजारत से जुड़े विषयों पर उनसे चर्चा की। कांफ्रेंस का उद्घाटन करते हुए राज्य के वाण्ज्यि मंत्री एस एस सलाकिया ने नियंत्रण रेखा के आरपार तिजारत प्रारंभ होने को जम्मू कश्मीर के संदर्भ में भारत और पाकिस्तान के बीच अब तक का सबसे महत्वपूर्ण कदम बताया।

बालिकाओं ने आईआईएम में बाजी मारी


बालिकाओं ने आईआईएम में बाजी मारी

(दीपांकर श्रीवास्तव)

लखनऊ (साई)। आईआईएम लखनऊ में 2012-14 बैच में लड़कियों की रिकार्ड संख्या चौंकाने वाली है। संस्थान में पोस्ट ग्रेजुएट प्रोग्राम इन मैनेजमेंट में इस साल 407 तथा पोस्ट ग्रेजुएट प्रोग्राम इन एग्री बिजनेस मैनेजमेंट की 46 सीटों के लिए प्रवेश पूरे हो गए है। इसमें 166 लड़कियों को प्रवेश मिला है।
पोस्ट ग्रेजुएट प्रोग्राम इन मैनेजमेंट में 144 तथा पोस्ट ग्रेजुएट प्रोग्राम इन एग्री बिजनेस मैनेजमेंट में 23 लड़कियों को प्रवेश मिला है। संस्थान के प्रवेश समिति के चेयरमैन अरूनाभ मुखोपाध्याय ने कहा कि संस्थान ने बिना मेरिट से समझौता किए यह काम किया है।
संस्थान महिला पुरुष में भेदभाव नहीं करता है और मानता है कि हर मामले में महिलाओं को पूरे और समान अवसर मिलने चाहिए। हमारे लिए यह बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने बताया कि 2011-13 बैच में महज 14 प्रतिशत लड़कियों ने प्रवेश लिया था। इस बार पोस्ट ग्रेजुएट प्रोग्राम इन मैनेजमेंट में 35.4 प्रतिशत और पोस्ट ग्रेजुएट प्रोग्राम इन एग्री बिजनेस मैनेजमेंट में 50 प्रतिशत है। संस्थान के दोनों पाठयक्रमों में प्रवेश पाने वालों में अभी भी इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर आने वालों का दबदबा बना हुआ है।
इस संस्थान में प्रवेश पाने में कामयाब 80 प्रतिशत छात्र इंजीनियरिंग क्षेत्र के हैं। हालांकि इनका प्रतिशत पहले से घटा है। संस्थान की पीआरओ अनुराधा मंजुल ने बताया कि नए सत्र में प्रवेश लेने में कामयाब रहने वालों में इंजीनियरिंग के 80 प्रतिशत के साथ कामर्स के 11.5 प्रतिशत, विज्ञान विषयों के 2.7 प्रतिशत, कला विषयों के .74 प्रतिशत, चिकित्सा शिक्षा से 1.47 प्रतिशत व अन्य क्षेत्रों के 3.6 प्रतिशत छात्र है।

बड़ी मात्रा में असलाह पहुंचा छत्तीसगढ़


बड़ी मात्रा में असलाह पहुंचा छत्तीसगढ़

(अभय नायक)

रायपुर (साई)। दो दशकों से ज्यादा समय से नक्सलवाद की समस्या से निपट रहे छत्तीगढ़ अंचल में आने वाले समय में नक्सली समस्या एक बार फिर सर उठा सकती है। नक्सलियों की सेंट्रल टेक्निकल कमेटी के सचिव सदानला रामकृष्णा उर्फ टेक्नी अन्ना ने नए खुलासे किए हैं। अब तक पुलिस यह मान रही थी कि कोलकाता से रॉकेट लांचरों की दो ही खेप छत्तीसगढ़ आई है। लेकिन कई दौर में घंटों चली पूछताछ में टेक्नी अन्ना ने बताया है कि दो साल के अंदर उसने 22 खेप सामान रायपुर भेजा। इसमें रॉकेट लांचर व अन्य हथियारों के हिस्से भी थे। नक्सलियों ने छत्तीसगढ़ के अबूझमाड़ को वेपन टेस्टिंग लैब के रूप में तैयार कर लिया है। देश के अलग-अलग स्थानों से आने वाले हथियारों का परीक्षण यहीं हो रहा है।
60 साल का टेक्नी अन्ना नक्सलियों के शीर्ष नेताओं में गिना जाता है। सेंट्रल कमेटी के इस सदस्य के जिम्मे नक्सलियों के लिए हथियारों के निर्माण, सुधार और दूसरे देशों से हथियारों का इंतजाम करना था। उसके नेतृत्व में नक्सलियों ने अगले दो सालों के अंदर सेना या किसी सरकारी संगठन की तरह अपनी रिसर्च एंड डेवलपमेंट विंग (आरएंडडी)खड़ी करने की योजना बनाई थी। कोलकाता में गिरफ्तारी के बाद सदानला से राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए), आईबी समेत कई राज्यों की पुलिस ने पूछताछ की। इसमें कोलकाता और मुंबई से राज्य में हो रही हथियारों की सप्लाई का पूरा नेटवर्क सामने आया है। सदानला ने 23 पेज के अपने बयान में कहा है कि इस साल जनवरी और फरवरी में आठ खेप रायपुर भेजी गई। नक्सलियों ने पुलिस की नजर से बचने के लिए एक फर्जी कंपनी दुर्गा टेक्निकल सर्विस बना ली थी। इसके माध्यम से रॉकेट लांचर, क्लेमोर माइंस, वूवी ट्रैप जैसे हथियारों के कई हिस्से भेजे गए। पुलिस ने सप्लाई होने के पहले कुछ खेप पॉल ट्रांसपोर्ट कंपनी के गोदाम में पकड़ लीं। बाकी सामान अंदर पहुंच चुका है।
हथियारों और विस्फोटकों के परिवहन का सारा काम किसी प्रभाकर नामक नक्सली के हाथों में था। सदानला ने बताया कि अगर वह गिरफ्तार नहीं होता तो और 40 लाख का माल तैयार करके भेजने की तैयारी हो चुकी थी। रॉकेट लांचर, खास तरह के विस्फोटक, बारूदी सुरंगों और हथियारों को तैयार करने के लिए रामकृष्णा ने कोलकाता के अलावा मुंबई में भी अपने साथियों के माध्यम से कारखाने खोल लिए थे। मुंबई का कारखाना 65 साल के असीम भट्टाचार्य के हवाले था जो नक्सलियों के एक बड़े नेता का सगा भाई है।
गौरतलब है कि 14 अप्रैल 2011 से 18 अगस्त 2011-हथियार, एम्युनिशन और विस्फोटकों की करीब 14 खेप दंडकारण्य जोनल कमेटी (एसजेडसी) के पास भेजी। इसके अलावा 7,13 और 16 फरवरी 2012- प्रीती रोड लाइंस से चार बार रायपुर भेजा गया। 23 जनवरी व 11-12-15 फरवरी-पॉल ट्रांसपोर्ट से लकड़ी की पेटियों में बंद हथियारों के हिस्से और बाकी सामान चार ट्रकों में रायपुर भेजा गया।
सदानला ने स्वीकार किया है कि देसी रॉकेट लांचर तैयार करने का उसे जुनून था। वर्ष 2007 में पहली बार रॉकेट लांचर की सटीक डिजाइन उसने तैयार की। अबूझमाड़ के जंगलों में इसका काफी दिनों तक परीक्षण चला। इन रॉकेट लांचरों को कई राज्यों में भेजा गया ताकि उनकी मारक क्षमता का परीक्षण किया जा सके। आंध्रप्रदेश के गुंटूर जिले के दुर्गीपुति थाने समेत कई जगह नक्सलियों ने इनका इस्तेमाल किया। 50 फीसदी से कुछ ज्यादा रॉकेट निशाने पर लगे। सदानला ने कहा कि ये रॉकेट अब 90 फीसदी सही निशाना लगाने की स्थिति में हैं।
रॉकेट लांचर के प्रोजेक्ट के लिए नक्सलियों के पास पैसे की भी कमी नहीं थी। सदानला रामकृष्णा को 25 जून 2011 से लेकर 21 फरवरी 12 के बीच चार किस्तों में 1.65 करोड़ रुपए मिले थे। कोलकाता में छापे के दौरान भी नक्सलियों के कोलकाता और मुंबई के ठिकानों से 60 लाख रुपए से ज्यादा रकम मिली।