शनिवार, 3 नवंबर 2012

अखबार को दिया 90 करोड़ का ब्याजमुक्त कर्ज!


अखबार को दिया 90 करोड़ का ब्याजमुक्त कर्ज!

(महेंद्र देशमुख)

नई दिल्ली (साई)। जनता पार्टी प्रमुख सुबह्मण्यम स्वामी द्वारा सोनिया गांधी तथा राहुल गांधी पर एक निजी कंपनी यंग इंडियन बनाकर नेशनल हेराल्ड अखबार चलाने वाली कंपनी की 1600 करोड़ रूपए की संपत्ति हड़पने के आरोप पर कांग्रेस ने आखिरकार शुक्रवार रात सफाई दी। कांग्रेस ने स्वामी के आरोपों के जवाब में कहा कि समाचार पत्र नेशनल हेराल्ड को बिना ब्याज के 90 करोड़ का कर्ज दिया था तथा उससे कोई व्यापारिक लाभ नहीं उठाया।
कांग्रेस ने स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान शुरू किए गए समाचार पत्र नेशनल हेराल्ड की प्रकाशन संस्था एसोसिएटेड जर्नल्स को दी गई आर्थिक मदद का बचाव करते हुए कहा कि अखबार को अपने पांव पर खड़ा करने के लिए यह कदम उठाया गया था और इससे कोई मुनाफा नहीं उठाया गया।
स्वामी द्वारा लगाए गए आरोपों को खारिज करते हुए कांग्रेस ने कहा कि प्रकाशन संस्था को पार्टी ने बिना ब्याज के कर्ज दिया था इससे कोई वाणिज्यिक मुनाफा नहीं अर्जित किया गया। पार्टी ने कहा कि अखबार को यह मदद देश के कानूनों के अंतर्गत ही दी गई थी।
पार्टी महासचिव एवं मीडिया विभाग प्रमुख जनार्दन द्विवेदी द्वारा जारी वक्तव्य में नेशनल हेराल्ड को विरासत का उल्लेख करते हुए कहा गया है कि पंडित जवाहर लाल नेहरू ने वर्ष 1937 में यह तथा कुछ अन्य अखबार शुरू किए थे। इन प्रकाशनों ने आजादी की लड़ाई में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। राजनीतिक गतिविधियों में शामिल रहते हुए भी कांग्रेस के लिए यह गर्व का विषय है कि पार्टी ने इन्हें मदद दी।
पार्टी की तरफ से जारी वक्तव्य में कहा गया है कि कांग्रेस संसदीय लोकतंत्र के जरिये समाजवादी राज्य कायम करने के उद्देश्य से कार्यरत है जिसमें राजनीतिक, आर्थिक तथा सामाजिक समानता कायम हो। वक्तव्य में गुरूवार को पार्टी महासचिव राहुल गांधी द्वारा डा.स्वामी को दी गई इस चेतावनी का कोई जिक्र नहीं है कि असत्य और निराधार आरोपों को लेकर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

होगा प्रभात के घर अदालत का समन चस्पा


होगा प्रभात के घर अदालत का समन चस्पा

(राजेश शर्मा)

भोपाल (साई)। मध्यप्रदेश विधानसभा में विपक्ष के नेता अजय सिंह राहुल द्वारा दायर मानहानि प्रकरण में अदालत में हाजिर नहीं होने पर भोपाल के अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश मनोज कुमार श्रीवास्तव ने प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सांसद प्रभात झा एवं अन्य तीन नेताओं के आवास पर सम्मन चस्पा करने के साथ ही समाचार पत्रों में इस आशय की सूचना प्रकाशित करने के आदेश दिया हैं।
न्यायाधीश ने इस मामले में कल हुई सुनवाई के दौरान ये निर्देश देते हुए मामले की सुनवाई की अगली तिथि तीस नवंबर तय की है। मामले में झा के अलावा भाजपा के वरिष्ठ नेता नंदकुमार सिंह चौहान, कुंवर सिंह एवं शरदेन्दु तिवारी को पक्षकार बनाया गया है और अदालत ने इन सबके खिलाफ अखबारों में सूचना प्रकाशित करने सहित उनके आवास पर सम्मन चस्पा करने के आदेश दिए हैं। उल्लेखनीय है कि प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सांसद झा ने विपक्ष के नेता सिंह पर आरोप लगाया था कि उन्होंने फर्जी दस्तावेजों के जरिए सीधी जिले के चुरहट गांव में गरीब आदिवासियों की जमीन हड़प ली है जिसकी वजह से सीधी जिले के किसान भुखमरी से जूझ रहे हैं। भाजपा नेताओ ने इस मामले में अनुसूचित जनजाति आयाग में भी शिकायत की थी।
इस पर विपक्ष के नेता सिंह ने भोपाल जिला अदालत में करोड़ों रुपए की मानहानि का मुकदमा दर्ज कराया है। अदालत ने प्रतिवादियों की उपस्थिति के लिए कई बार सम्मन जारी किए लेकिन सम्मन तामील नहीं होने की स्थिति में अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश श्रीवास्तव ने कल इनके खिलाफ सम्मन तामीली के लिए उनके घर पर सम्मन चस्पा करने और समाचार पत्रों में सूचना प्रकाशित करने के आदेश दिए हैं।

गर्भवती है दो माह की पल्‍लवी


गर्भवती है दो माह की पल्‍लवी

(प्रतिभा सिंह)

पटना (साई)। राज्य के अररिया जिले के जोकीहाथ थाना क्षेत्र के बनकोरा गांव निवासी गंगा प्रसाद सिंह की दो माह की बेटी के गर्भ में बच्चा मिला है। यह आश्चर्यजनक संयोग भारत में दूसरी जबकि बिहार में पहली बार हुआ है। अल्ट्रासाउंट व सिटी स्कैन रिपोर्ट में पुष्टि होने के बाद चिकित्सा जगत में इस बात को लेकर नयी बहस छिड़ गयी है।
जानकारी के अनुसार गंगा प्रसाद सिंह की पत्नी मंजू देवी ने दो माह पूर्व एक बच्ची को जन्म दिया था। जन्म से ही बच्ची का पेट फूला हुआ था, जिससे उसे काफी पीड़ा हो रही थी। परेशान अंजू देवी ने अररिया के डॉ नसीर एवं डॉ ओम प्रकाश से उसे दिखाया। डॉक्टरों ने पेट में पानी होने की बात कही और काफी दिनों तक उसका इलाज किया। तमाम चिकित्सकीय प्रयासों के बावजूद बच्ची की तकलीफ कम नहीं हुई।
थक-हार कर पल्लवी के मां-पिता ने ग्रामीणों की सलाह पर पूर्णिया के शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ अमरेंद्र कुमार से उसे दिखाया। उन्होंने बच्ची का अल्ट्रासाउंट करवाने को कहा। रिपोर्ट में बच्ची पल्लवी के पेट में बच्चा मिला। इस हैरअंगेज घटना की पुष्टि के लिए सिटी स्कैन भी करवाया गया। रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर यह मामला पूरे क्षेत्र में फैल गया। बच्ची को देखने के लिए अस्पताल में मीडियाकर्मियों व स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गयी।
बच्ची के गर्भ में बच्च रहने का इतिहास काफी पुराना है। सबसे पहले जब यह मामला 1808 में प्रकाश में आया था, तब चिकित्सा विज्ञान उतना डेवलप नहीं था। उस वक्त जार्ज विलियम ने इसे देखा था। उस समय पोस्टमार्टम के दौरान बच्ची की पेट में बच्च मिला था।
अप्रैल 1990 में ग्रीस में व 1999 में महाराष्ट्र के नागपुर में संजू भगत के यहां भी इस तरह का मामला सामने आया था। इसके अलावा 2006 में पाकिस्तान, 2008 में इंडोनेशिया, 2008 व 2009 में चीन एवं 2011 में यूनान के इजिप्ट में गर्भस्थ शिशु के गर्भ में बच्चा मिला था।

महज 20 मिनिट में कैंसर की जांच


महज 20 मिनिट में कैंसर की जांच

(अभिलाषा जैन)

लंदन (साई)। ब्रिटेन के वैज्ञानिक विश्व का पहला ऐसा यंत्र विकसित कर रहे हैं, जिससे महज 20 मिनट में कैंसर की जांच करने के साथ ही उसके लिए जरुरी उचित दवा की पहचान भी कर ली जाएगी। अनुसंधानकर्ताओं को उम्मीद है कि अगले तीन साल में यह यंत्र ब्रिटेन में इस्तेमाल किया जाने लगेगा। इस ‘ट्यूमर प्रोफाइलर’ यंत्र से चिकित्सक, नर्स और औषध विशेषज्ञ भी सभी तरह के ज्ञात कैंसरों की जल्द पहचान कर पाएंगे। न्यूकास्टल विश्वविद्यालय, शेफिल्ड विश्वविद्यालय और निजी कंपनी क्वांटूएमडीएक्स संयुक्त तौर पर इस यंत्र को विकसित कर रहे हैं। यंत्र को विकसित कर रहे विशेषज्ञों का कहना है कि इससे शल्य चिकित्सकों को अधिकांश ट्यूमरों को तुरंत हटाने और किसी खास तरह के कैंसर के लिए जरुरी इलाज बताने में मदद मिलेगी। न्यूकास्टल विश्वविद्यालय के अनुसंधानकर्ता जॉन बर्न ने बताया कि इस यंत्र में ट्यूमर के डीएनए की जांच कर यह सुनिश्चित किया जाएगा कि रोगियों को बिना देरी के उचित इलाज मुहैया कराया जा सके।

शुक्रवार, 2 नवंबर 2012

शिव के राज में बिकते हैं सपने!


शिव के राज में बिकते हैं सपने!

(लिमटी खरे)

नई दिल्ली (साई)। छटवां निवेशक सम्मेलन इंदौर में संपन्न हुआ और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अपने आप के सपनों का सौदागर बता दिया। शिवराज द्वारा खुद को सपनों का सौदागर बताने की प्रतिक्रिया अच्छी नहीं कही जा सकती है। मध्य प्रदेश के बारे में कांग्रेस के शासनकाल में राजा दिग्विजय सिंह के समय बनी धारणा अब भी जस की तस ही है कि इस राज्य में सड़कें और पानी का जबर्दस्त आकाल है।
मध्य प्रदेश की अघोषित व्यवसायिक राजधानी इंदौर में तीन दिवसीय ग्लोबल इंवेस्टर्स मीट संपन्न हुई और इसका प्रचार प्रसार जिस तरह से किया गया उससे लगने लगा है कि मध्य प्रदेश अब देश का सबसे समृद्ध प्रदेश बनकर उभरेगा। देश दुनिया के उद्योगपति आकर यहां अपना धन लगाएंगे। लोगों को जबर्दस्त तरीके से रोजगार मिलेगा। मध्य प्रदेश के जनसंपर्क विभाग ने भी इस अवसर पर चीन्ह चीन्ह कर विज्ञापन जारी कर दर्शा दिया है कि मीडिया में फूट डालना कितना आसान है।
इस निवेशक सम्मेलन के पहले उन पांच निवेशक सम्मेलनों को याद करना आवश्यक है जिनसे साफ हो जाता है कि मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान मध्य प्रदेश में सपने ही बेच रहे हैं जो हकीकत से कोसों दूर हैं। भाजपा मुख्यालय 11, अशोक रोड़ में पदस्थ एक वरिष्ठ नेता ने नाम उजागर ना करने की शर्त पर समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया से कहा कि शिवराज सिंह चौहान वाकई में सपने बेच रहे हैं। अगर इन छः निवेशक सम्मेलनों का दस फीसदी भी अमली जामा पहन ले तो एमपी का उद्धार कोई रोक नहीं सकता है।
ज्ञातव्य है कि मध्य प्रदेश का पहला निवेशक सम्मेलन 15 और 16 जनवरी 2007 को खजुराहो में हुआ था। इस सम्मेलन में 39 हजार करोड़ रूपए के निवेश हेतु 18 एमओयू पर हस्ताक्षर हुए थे। इसके उपरांत 26 एवं 27 अक्टूबर 2007 को मध्य प्रदेश की अघोषित व्यवसायिक राजधानी इंदौर में दूसरा निवेशक सम्मेलन हुआ था। इसमें 102 एमओयू पर हस्ताक्षर हुए थे जिनकी लागत एक लाख 20 हजार पांच सौ इकतालीस करोड़ थी।
अगले ही साल 2008 में 15 और 16 फरवरी को जबलपुर में संपन्न तीसरे निवेशक सम्मेलन में 59 हजार 129 करोड़ रूपयों की लागत वाले 61 एमओयू साईन हुए थे। इसके उपरांत 11 अप्रेेल 2008 को सागर में संपन्न चौथे निवेशक सम्मेलन में 30 हजार 698 करोड़ रूपए के 36 करार हुए थे। ग्वालियर में 29 एवं 30 जुलाई 2008 को संपन्न पांचवे निवेशक सम्मेलन में 88 हजार 18 करोड़ रूपयों के 62 करार हुए थे।
इस तरह चार साल पहले तक मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा प्रदेश के निवासियों को सब्ज बाग दिखाकर पांच निवेशक सम्मेलनों में 279 करार किए गए जिनमें 3 लाख 37 हजार 346 करोड़ रूपए खर्च होने की बात कही गई थी। लाखों करोड़ रूपयों में तो मध्य प्रदेश की औद्योगिक दशा और दिशा इस कदर बदल जाती कि यह देश का सबसे संपन्न प्रदेश होता एवं यहां रोजगार के अवसर इतने होते कि यहां मजदूरों को पलायन पर मजबूर नहीं होना पड़ता।
विडम्बना ही कही जाएगी कि 2007 और 2008 के उपरांत अब इतनी अधिक राशि के 279 एमओयू आज तक अस्तित्व में नहीं आ पाए हैं। वस्तुतः निजी क्षेत्र के व्यापारी अथवा उद्योगपति कम समय में ही अपना औद्योगिक ढांचा खड़ा कर लेते हैं। बाबा खड़क सिंह मार्ग स्थित मध्य प्रदेश आवासीय आयुक्त कार्यालय के सूत्रों का कहना है कि मध्यप्रदेश की राजनैतिक परिस्थितियों को देखकर उद्योगपति एमपी जाने में कतरा ही रहे हैं।
हाल ही में मध्यप्रदेश के इंदौर में आयोजित तीन दिवसीय ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में 4 लाख 31 हजार 555 करोड़ रुपये के निवेश के लगभग एक हजार प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। इनके क्रियान्वयन से मध्यप्रदेश में लगभग 20 लाख प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार निर्मित होगा।
इस तरह शिवराज सिंह चौहान के राज में अब तक सात लाख 68 हजार 901 करोड़ रूपयों के निवेश के प्रस्ताव आए हैं जिनमें से आधे चार से पांच साल पुराने हैं। इन सालों में भी मध्य प्रदेश में कोई विकास नहीं दिखने से साफ हो जाता है कि शिवराज सिंह चौहान सिर्फ और सिर्फ सपने बेचते हैं उन्हें हकीकत में बदलने से उन्हें कोई लेना देना नहीं है।
मजे की बात तो यह है कि विपक्ष में बैठी कांग्रेस भी शिवराज सिंह चौहान को इस मामले में कभी घेरती नजर नहीं आई कि जब उद्योगों के एमओयू होने के बाद उन्हें अमली जामा नहीं पहनाया गया है तो निवेशक सम्मेलन में जनता के धन को खर्च करने का ओचित्य क्या है?