मंगलवार, 9 जुलाई 2013

कहां से वसूलकर दूंगा दस हजार!: तांडेकर

कहां से वसूलकर दूंगा दस हजार!: तांडेकर

(जितेश अवधवाल)

सिवनी (साई)। सिवनी को पिछले साल झंडा दिवस पर सर्वाधिक संग्रहण के लिए महामहिम राज्यपाल द्वारा पुरूस्कृत किए जाने के बाद जिला कलेक्टर भरत यादव द्वारा जिले के अधिकारियों से झंडा दिवस पर अधिक से अधिक जनसहयोग लेकर राशि के एकत्रीकरण के निर्देश दिए गए हैं।
सिवनी में जिला कलेक्टर के निर्देशों की आड़ में दबंगई के साथ दो रूपए के झंडे के पांच सौ, दो सौ या एक सौ रूपए वसूल किए जा रहे हैं। गत दिवस नेशनल हाईवे पर वाहनों को रोक रोक कर झंडा टिकाकर वसूली करने की शिकायत प्राप्त हुई थी तो आज शहर के पॉश इलाके बारापत्थर में दुकानदारों से दबंगई के साथ झंडा टिकाकर वसूली करने की शिकायतें मिलीं हैं।
एक दुकानदार ने नाम उजागर ना करने की शर्त पर कहा कि पिछले शनिवार को गुमाश्ता विभाग द्वारा उनका पांच सौ का चालान बनाया गया था। आज जब उक्त दुकान में जिला पंचायत सिवनी में पदस्थ परियोजना अधिकारी डॉ.वाय.के.टांडेकर पहुंचे और उन्होंने उक्त दुकानदार से सीधे पूछा कि चालान जमा कर दिया है!
दुकानदार ने सोचा कि वे चालान वसूलने आए हैं, अतः उक्त दुकानदार ने सहमते हुए कहा कि अभी नहीं जमा हुआ है। इसके साथ ही साथ उसने पांच सौ रूपयों का नोट आगे बढ़ा दिया। डॉ.टांडेकर ने पांच सौ रूपए लिए और एक रजिस्टर में दस्तखत करवाकर उन्हें कुछ झंडे टिका दिए।
यह वाक्या उक्त दुकानदार को समझ में नहीं आया। तब डॉ.टांडेकर ने कहा कि यह राशि झंडा दिवस की वसूली की है। इसके साथ ही साथ बारापत्थर के अनेक दुकानदारों से सौ दो सौ रूपयों में झंडे दुकानदारों को बलात टिकाए गए। जब इसकी जानकारी हिन्द गजट को लगी और हिन्द गजट के कार्यालय के सामने से यह दल गुजरा तो इस दल से पूछताछ की गई।
डॉ.टांडेकर ने हिन्द गजट कार्यालय में आकर बताया कि उन्हें दस हजार रूपए के झंडे टिका दिए गए हैं, वे आखिर दस हजार रूपए कहां से देंगे। उन्होंने कहा कि उनके पास गुमाश्ता का प्रभार है अतः वे दुकानदारों को झंडा दे रहे हैं। जब उनसे कहा गया कि इसके पूर्व में गत दिवस नेशनल हाईवे पर झंडे की वसूली की जा रही है, तो उन्होंने इस काम को गलत करार दिया।

जब उनसे एक दुकानदार से पांच सौ, एक से दो सौ, एक से सौ रूपए वसूली की बात कही गई तो उन्होंने कहा कि दस हजार के झंडे वे कहां और किसको दें?

शराब पर जमकर प्रहार किए अण्णा ने

शराब पर जमकर प्रहार किए अण्णा ने

बारिश पानी के बाद भी अण्णा को सुनने पहुंचे हजारों लोग: दिनेश राय के चेहरे से टपक रही थी मायूसी

(महेश रावलानी / पीयूष भार्गव / जितेश अवधवाल)

सिवनी (साई)। मंदिर में रहता हूं, खाने की थाली और बिस्तर के अलावा मेरे पास कुछ भी नहीं है। एक बार आत्महत्या का ख्याल मन में आया, फिर स्वामी विवेकानंद की किताब पढ़कर लगा कि जनता की सेवा में ही सब कुछ है। महाराष्ट्र के छः मंत्रियों और 480 अफसरों के विकेट इसी मुहिम में लिए हैं। केंद्र सरकार ने जन लोकपाल पर जनता के साथ धोखा किया है। बाबा रामदेव जैसा सुलूक मेरे साथ भी करने की प्लानिंग थी केंद्र सरकार की। जहां शराब की चालीस दुकानें थीं आज 16 साल से वहां एक भी दुकान नहीं है। उक्ताशय की बात खचाखच भरे महावीर लॉन में आज अण्णा हजारे ने कहीं।
आज अण्णा हजारे धूमा लखनादौन छपरा होते हुए सिवनी पहुंचे। सिवनी में छिंदवाड़ा चौक से अण्णा की रैली आरंभ हुई। इस रैली में लगभग डेढ़ दर्जन मंहगे विलासिता वाले चौपाया और चार दर्जन से अधिक दुपहिया वाहन शामिल थे। रैली में अण्ण हजारे बीच बीच में अण्णा हाथ हिलाकर लोगों का अभिवादन स्वीकार कर रहे थे।
रैली के उपरांत अण्णा महावीर लॉन पहुंचे। खचाखच भरे महावीर लॉन में अण्णा के आते ही इंद्रदेव ने भी उनका स्वागत किया। बारिश की परवाह ना करते हुए लोग अण्णा को सुनने अपने अपने स्थानों पर खड़े रहे। अण्णा के साथ चल रहे पत्रकार संतोष भारतीय ने कहा कि इस सभा में जितने लोग आए हैं उससे तीन गुना लोग अण्णा की सभाओं में पहुंच रहे हैं। संतोष भारतीय का यह कथन लोगों में अंत तक चर्चित रहा।
वहां उपस्थित लोगों का कहना था कि हो सकता है संतोष भारतीय को सिवनी के समाचार पत्रों की आज की कटिंग मिल गई हो जिसमें अण्णा के स्वागत में एक शराब व्यवसाई के जुड़ने की खबर प्रमुखता के साथ प्रकाशित हुई थी। इसके बाद ही सिवनी में अण्णा की सभा को लेकर लोगों का उत्साह फीका पड़ने लगा था। संभवतः टीम अण्णा की खुफिया टीम ने सिवनी की फिजां को भांपकर उन्हें इससे आवगत करा दिया हो और इशारों ही इशारों में संतोष भारतीय ने शराब के कारोबारी पर भी वार कर दिया हो।
सभा को एक बच्ची ने भी संबोधित किया। हाच पाच आयोजन में मीडिया के अनेक लोगों को यह पता ही नहीं चल सका कि वह बच्ची कौन थी।
सभा को संबोधित करते हुए अण्णा हजारे ने कहा कि छोटी सी बच्ची का भाषण सुनने के बाद उन्हें लगा कि यही असली भारत है। उन्होंने कहा कि वे तीस साल से भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई लड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें अब तक 55 लाख रूपए के नगद इनाम मिल चुके हैं, जो उन्होंने ट्रस्ट के हवाले कर दिए हैं।
उन्होंने कहा कि उनके पास अपना कुछ भी नहीं है। वे मंदिर में रहते हैं और खाने की प्लेट तथा बिस्तर के अलावा और कुछ भी उनके पास नहीं है। अण्णा ने कहा कि उन्होंने 5 अप्रेल 2011 को जनलोकपाल का ड्राफ्ट सरकार को सौंपा था, सरकार ने जनलोकपाल के नाम पर जनता के साथ धोखा किया है।
गांधी वादी समाजसेवी अण्णा हजारे ने परोक्ष रूप से कहा कि वे शराब विरोधी हैं। जिस गांव में शराब की चालीस भट्टियां थीं, जहां पान गुटखे की दुकानें हुआ करती थीं, आज वहां सोलह साल से एक भी शराब भट्टी या पान की दुकान नहीं है। जैसे ही अण्णा ने यह कहा वहां उपस्थित हुजूम मंच के आसपास ही शराब के कारोबार से जुड़ी शख्सियत को ढूंढता पाया गया।
अण्णा ने कहा कि सरकार के क्लास एक से चार तक के कर्मचारियों को सरकार के नियंत्रण से मुक्त कर जनलोकपाल के अधीन लाना है। उन्होंने कहा कि अब दो ही मामले सामने हैं एक तो विकास का है और दूसरा विकास से भ्रष्टाचार के खात्मे का। उन्होंने कहा कि देश के 120 करोड़ लोग जागें वे यह नहीं मानते, पर अगर छः करोड़ लोग भी जाग गए तो जनवरी के आसपास वे दिल्ली के रामलीला मैदान में होंगे।

अण्णा की इस सभा में दिनेश राय उर्फ मुनमुन को मंच पर स्थान ना मिल पाने से युवा उत्साही नवेंदु मिश्र एवं गौरव जायस्वाल की साख में जबर्दस्त इजाफा हुआ है, वहीं मंच के नीचे की ओर खड़े दिनेश राय उर्फ मुनमुन एवं उनके समर्थकों के चेहरों पर मायूसी साफ दिखाई पड़ रही थी।

स्तरहीन शिक्षा से कैसे बनेगा भविष्य

स्तरहीन शिक्षा से कैसे बनेगा भविष्य

(शरद खरे)

सिवनी जिले में माध्यमिक शिक्षा मण्डल भोपाल के तहत संचालित सरकारी और निजी शालाओं का इस साल का दसवीं और बारहवीं का परीक्षा परिणाम निराशाजनक कहा जा सकता है। दोनों ही कक्षाओं में प्रदेश की प्रावीण्य सूची में सिवनी जिले का नामोनिशान ही नहीं है। इसके साथ ही साथ परीक्षा का परिणाम दसवीं में सरकारी स्कूल में 47.41 तो निजी शालाओं में 15.48 फीसदी रहा है। बारहवीं की परीक्षाओं में सरकारी स्कूल में यह 83.24 तो निजी शालाओं में 73.66 फीसदी है। बाहरवीं का परीक्षा परिणाम कुछ हद तक संतोषप्रद माना जा सकता है।
मध्य प्रदेश के माध्यमिक शिक्षा मण्डल के हाई स्कूल सर्टिफिकेट परीक्षा (दसवीं) के निराशाजनक परीक्षा परिणामों को देखकर लगने लगा है कि अब मध्य प्रदेश सरकार और सिवनी के शिक्षा के क्षेत्र के आलंबरदारों को अपने शिक्षा तंत्र के बारे में सोचना आवश्यक हो गया है। एचएसएस परीक्षा परिणाम वैसे भी अनेक संकेत दे रहे हैं।
कितने आश्चर्य की बात है कि इस बार दसवीं में सरकारी स्कूलों में 47 तो निजी स्कूलों में 15 फीसदी विद्यार्थियों के हाथ सफलता ही लगी है। परिणामों की घोषणा के साथ ही समूचे जिले में मायूसी की लहर व्याप्त हो जाना स्वाभाविक ही है। दुनिया भर में पसरी आर्थिक मंदी से भारत अछूता नहीं है। इस मंहगाई के जमाने में मध्य प्रदेश में निवास करने वाले मध्यम और निम्न आय वर्ग के लोगों के सामने अपने बच्चों को शिक्षा दिलाना काफी दुष्कर ही प्रतीत हो रहा है। माध्यमिक शिक्षा मण्डल से संबद्ध शालाओं में अध्ययन करने वाले असफल विद्यार्थियों के परिवारों में उदासी और असंतोष के बीज पनपना जाहिर है।
मध्य प्रदेश में शिक्षा व्यवस्था को मानो जंग लग चुकी है। शिक्षक के पद पर भर्ती होकर अन्य विभागों में संविलियन के साथ ही साथ सरकारी शिक्षकों से पल्स पोलियो, नसबंदी, चुनाव जैसे कार्यों में बेगार करवाना निश्चित रूप से देश के नौनिहालों के भविष्य के साथ खिलवाड़ ही कहा जाएगा।
कितने आश्चर्य की बात है कि प्रतिबंध के बावजूद भी शिक्षकों का अध्यापन से इतर अन्य कार्यों के निष्पादन के लिए अटेचमेंट आज भी बदस्तूर जारी है। पहुंच संपन्न शिक्षक शहरों की ओर रूख करते नजर आते हैं, गांव के स्कूल शिक्षक विहीन पड़े हुए हैं। न शासन और न प्रशासन यहां तक कि राजनेताओं को भी अपने वोट बैंक की खातिर इस ओर देखने की फुर्सत नहीं है।
ऐसा नहीं कि विभागीय उच्चाधिकारियों अथवा शासन में बैठे प्रमुख सचिव से लेकर सेक्शन के बाबू को इस बारे में माहिति न हो। जानते सभी हैं पर मजबूर हैं मौन रहने को। साल भर शालाओं का निरीक्षण चलता है, किन्तु रीते पद रीते ही रह जाते हैं। निरीक्षक की औपचारिकता कैसे पूरी होती हैं, यह बात सभी बेहतर तरीके से जानते हैं।
यहां आश्चर्यजनक पहलू यह भी है कि मोटी फीस लेकर अध्यापन को पेशा बनाने वाले अशासकीय स्कूलों में परीक्षा परिणाम प्रभावित क्यों हुए? इस तरह की शालाओं को तो चुनाव और अन्य बेगार के कामों से मुक्त रखा गया है। फिर आखिर ऐसी कौन सी वजह है कि इन शालाओं मेें भी विद्यार्थियों का प्रदर्शन ठीक नहीं रहा।
एक समय था जब शालाओं में शिक्षिकाएं बैठकर स्वेटर बुना करती थीं, पर तब भी उनके द्वारा कराया जाने वाला अध्यापन का काम वास्तव में उचित और करीने वाला होता था। कुछ सालों पहले तक शिक्षा का स्तर संतोषजनक कहा जा सकता था, पर अब यह स्तर तेजी से नीचे गिरा है, जो चिंतनीय ही कहा जाएगा।
सिवनी में निजी स्तर पर माध्यमिक शिक्षा मण्डल से मान्यता प्राप्त ना जाने कितने शिक्षण संस्थान विद्यार्थियों को गढ़ने के काम में लगे हुए हैं, पर उनके हाथ असफलता ही लगी है। कारण स्पष्ट है कि शिक्षकों ने इस साल मेहनत ना के बराबर ही की है। शिक्षकों के घरों पर ट्यूशन की भीड़ साफ कर देती है कि अब शिक्षा का पेशा धन कमाने का साधन बन चुका है।

जिला प्रशासन को चाहिए कि शिक्षा विभाग के प्रभारी उपजिलाध्यक्ष (ओआईसी) को इसके लिए पाबंद करे कि इस साल परीक्षा परिणाम सुधारे जा सकें। इसके लिए सरकारी और निजी विद्यालयों का औचक निरीक्षण डिप्टी कलेक्टर द्वारा समय समय पर किया जाए यह सुनिश्चित किया जाए। साथ ही साथ शिक्षकों द्वारा घरों पर पढ़ाई जाने वाली ट्यूशन को पूरी तरह प्रतिबंधित किया जाए ऐसे कुछ मार्ग निकालने होंगे, वरना इस साल की तरह पालक लुटते रहेंगे और विद्यार्थी पास तो हो जाएंगे पर उनका ज्ञानार्जन का सपना अधूरा ही रह जाएगा।

रविवार, 7 जुलाई 2013

भाजपा के युवा नेता को गोलियों से भूना

भाजपा के युवा नेता को गोलियों से भूना

आरोपियों का पता चल गया है, देर रात या कल तक हो सकती है गिरफ्तारी: शुक्ला

(अखिलेश दुबे)

सिवनी (साई)। ग्यारह दिन में जिला मुख्यालय सिवनी में दो लोगों की निर्मम हत्या से लगने लगा है मानो सिवनी में जंगलराज कायम हो गया है। 26 जून को जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय के समीप एक आर्मी के जवान को चाकुओं से गोदने के उपरांत ललमटिया क्षेत्र में गत रात्रि भाजयुमो के नगर मंत्री प्रशांत अग्रवाल उर्फ मुन्ना खैरी को गोलियों से भूंज दिया गया।
घटना के बारे में प्राप्त जानकारी के अनुसार रात्रि लगभग 11 बजे प्रशांत अग्रवाल उर्फ मुन्ना खैरी अपने घर गया तथा कपड़े बदलकर नाईट ड्रेस पहनकर सोने की तैयारी में था। मुन्ना के पारिवारिक सूत्रों का कहना है कि मुन्ना को कोई मोबाईल आया जिसके उपरांत वह लोअर और टीशर्ट पहनकर घर से कुछ देर बाद आने का कहकर चला गया।
इसके उपरांत क्या हुआ? कैसे हुआ? इस बात की जानकारी किसी को नहीं है। देर रात जब किसी ने विवाह समारोह से लौट रहे भाजयुमो के सदस्य दीपक नगपुरे, पिंकी त्रिवेदी, अजीत उपाध्याय आदि को किसी ने मुन्ना के झगड़े की सूचना दी तो वे उसकी तलाश में निकल पड़े। बार बार उसे फोन लगाने के बाद भी जब कोई पता नहीं चला तो उसके घर के आसपास तलाश जारी की।
बताया जाता है कि इसके उपरांत रात लगभग दो बजे जब मुन्ना को खून से लथपथ हालत में देखा गया तो उनके साथियों के होश उड़ गए। उन्होंने उसे तत्काल उठाकर जिला चिकित्सालय लाया गया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया गया। देर रात भारतीय जनता युवा मोर्चा, भारतीय जनता पार्टी सहित बड़ी तादाद में युवाओं का हुजूम चिकित्सालय में लगा रहा।
इस संबंध में जिला पुलिस अधीक्षक मिथलेश शुक्ला ने ‘‘हिन्द गजट‘‘ से चर्चा के दौरान कहा कि यद्यपि अभी तक इस मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है, पर आरोपी कौन है इस बारे में पुलिस को पता चल चुका है, एवं देर रात अथवा कल उनकी वे पुलिस की हिरसत में होंगे।

06 गोलियां मारी
बताया जाता है कि प्रशांत अग्रवाल को 6 गोलियां मारी गई, जिसमें से चार गोलियां उसके चेहरे पर लगी शेष दो गोली अन्य जगह लगी। जानकार बताते हैं प्रशांत अग्रवाल किसी अंजान व्यक्ति के बुलावे में कदापि नहीं जाता, उसे किसी न किसी परिचित व्यक्ति ने बुलाकर ले गया होगा। फिलहाल यह तो पुलिस की जांच का विषय है कि मुन्ना खैरी को किसने घर से बुलाकर ले गया और किसने गोली मारा। चर्चा तो यह भी चल रही है कि प्रशांत अग्रवाल को किसी ने फोन लगाया और बाहर बुलाया। सूत्रों की माने तो पुलिस इस पूरे मामले में उसके मोबाईल में आये नंबरों की पतासाजी कर रही है।

हाथों में थे बाल
बताया जाता है कि मुन्ना खैरी का रात के समय आरोपियों से विवाद और झूमाझपटी हुई होगी, तभी तो मुन्ना खैरी के हाथ में बालों का गुच्छा भी मिला है। पुलिस सूत्रों की ओर से इस बावत कोई पुष्टि नहीं की गई है। इस संबंध में नगर कोतवाल शिवराज सिंह से संपर्क करने का प्रयास किया गया किन्तु उन्होंने मोबाईल नहीं उठाया।

पोस्टमार्टम में लगे 04 घंटे से अधिक
बताया जाता है कि प्रशांत अग्रवाल के शरीर में लगी गोली को निकालने पोस्टमार्टम करने वालों को चार घंटे से अधिक समय लगा। बताया जाता है कि मृतक के पेट में एक गोली फंसे होने की आशंका थी, इसलिए पहले एक्सरे किया गया, बाद में शव परीक्षण के दौरान उसके पेट से गोली निकाली गई।

प्रशांत के हत्यारों को शीघ्र गिरफ्तार करें पुलिस: बाबा

भाजयुमो के नगर मंत्री प्रशांत अग्रवाल  उर्फ मुन्ना खैरी की गोली मारकर हत्या कर देने की घटना होने के बाद सांसद प्रतिनिधि अजय पांडे ने घटना की घोर निंदा करते हुए कहा कि नगर में कुछ दिनों से घट रही घटनायें यहां के लोगों के लिये चिंतनीय है। उन्होंने कहा कि समय रहते जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन सतर्क होकर असामाजिक तत्वों पर लगाम कसे अन्यथा ऐसे लोगों के हौसलें बुलंद होते रहेंगे और इस तरह की घटनायें घटित होते रहेगी, जो शांतिपूर्ण शहर के लिए घातक है। पांडे ने प्रशांत अग्रवाल के निधन पर शोक संवेदनाएं व्यक्त करते हुए कहा कि प्रशांत अग्रवाल के ऊपर हमला करने वालों को पुलिस शीघ्र गिरफ्तार करें।

बंदूक संस्कृति का आगाज!

बंदूक संस्कृति का आगाज!

(शरद खरे)

सिवनी जिला शांति का टापू माना जाता रहा है। आज के समय में सिवनी शहर में आपराधिक गतिविधियां चरम पर हैं। जुंआ, सट्टा, वेश्यावृति, मारपीट, राहजनी, डकैती, फिरौती, हत्या, लूट आदि जैसी वारदातों का सिवनी में तेजी से इजाफा हुआ है। यह सब कुछ पिछले डेढ़ दो दशकों में तेजी से बढ़ा है।
इस बार तो हद ही हो गई 11 दिनों के अंतराल में ही दो निर्मम हत्याएं। जिला मुख्यालय दहल गया है। 26 जून को जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय के समीप सेना के एक जवान की चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी गई, वह भी दिन दहाड़े। यह घटना जिले में आपराधिक तत्वों के पैर जमाने और पुलिस की ढ़ीली पकड़ को साबित करने के लिए पर्याप्त मानी जा सकती है।
शुक्रवार और शनिवार की मध्य रात्रि में ललमटिया क्षेत्र में भारतीय जनता युवा मोर्चा के नगर मंत्री प्रशांत अग्रवाल उर्फ मुन्ना खैरी का शव जिस हालत में मिला वह वास्तव में दर्दनाक, भयावह, डरा देने वाला माना जा सकता है। इससे साबित हो जाता है कि शहर में पुलिस कितनी मुस्तैदी से गश्त कर रही है।
एक समय था जब सिवनी में घटे अपराध इतिहास बन जाते थे। प्रौढ़ हो रही पीढ़ी आज भी सत्तर के दशक के उत्तरार्ध में हुए धूमा डकैती कांड़ जिसमे अमर सिंह और सज्जाद को फांसी की सजा हुई थी को याद करता है। इसके शहर में पुराने एलआईबी कार्यालय के पास, अमर टाकीज के समीप हुए कत्ल भी सालों साल लोगों की जुबान पर रहे।
सिवनी जिला ऐसा कतई नहीं था जैसा वर्तमान परिवेश में है। सिवनी में लोग हाथ में लट्ठ लेकर भी नहीं चलते दिखे, पर अब तो सरेराह जनसेवक होने का दावा करने वाले कमर में रिवाल्वर टांगकर घूम रहे हैं। यह कौन सी संस्कृति का आगाज हो रहा है, इनका साथ देने वाले भी सिवनी को बिहार बनाने पर आमदा प्रतीत हो रहे हैं।
सिवनी में बंदूक संस्कृति का आगाज शुभ लक्षण कतई नहीं माना जा सकता है। बीते सालों में सिवनी में गोलीबारी की घटनाओं में बेतहाशा बढ़ोत्तरी हुई है, जो निंदनीय है। कालेज गोली काण्ड, के उपरांत नगर पालिका के सामने ही बरात की घोड़ी पर सवार दूल्हे को ही गोली मार दी जाती है, वह भी शहर कोतवाली से चंद कदम दूरी पर!
क्या कहा जाएगा इसे! निश्चित तौर पर इसके लिए दिशाहीन और स्वार्थपरक राजनीति ही पूरी तरह से जिम्मेदार है। राजनेताओं संरक्षण में असमाजिक तत्व पूरी तरह फल फूल रहे हैं, इस बात से इंकार नहीं किया जा सकता है। मीडिया जैसे परोपकार और जनसेवा के क्षेत्र में भी आपराधिक तत्वों की आमद एक दुखद संकेत से कम नहीं है।
एक वक्त था, जब गांव में ‘‘जागते रहो‘‘ की आवाज लगाता चौकीदार लालटेन और हाथ में लकड़ी लिए आवाज करता घूमता था। उसकी आवाज में ही इतना दम होता था कि सब चैन से सोया करते थे। आज लोगों का अमन चैन गायब है। शहर की रखवाली के लिए कुछ नेपाली लोग रात भर जागा करते थे। अब उनके दीदार भी मुश्किल ही हैं।
पुलिस के वाहनों से चौकसी की जाती थी। अब तो पुलिस भी साधन संपन्न हो चुकी है। पुलिस के पास कल तक चीता कललाने वाले आज के ब्रेकर मोबाईल हैं। हर क्षेत्र में ये मुस्तैद हैं। बावजूद इसके शहर में अमन चैन कायम नहीं है। लोगों को सुरक्षा देने की जवाबदेही निश्चित तौर पर पुलिस की है।
पुलिस पर नजर रखने का काम कहीं ना कहीं सांसद और विधायकों का है। विडम्बना यह है कि जब सांसद विधायक ही अपनी जिम्मेदारी से मुंह मोड़ने लगें तो आखिर जनता कहां जाएगी? सांसद विधायक ही जनता की सेवा के बजाए निहित स्वार्थों को प्राथमिकता देने लगे तो इस तरह की अराजकता का वातावरण निर्मित होना लाजिमी ही है।
महज ग्यारह दिनों में देश के लिए अपनी जान लगा देने वाले सेना के एक जवान को सरेराह ढलती शाम को चाकुओं से गोद दिया जाता है। उसके उपरांत प्रदेश में सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी के अनुषांगिक संगठन के नगर मंत्री को गोलियों से भून दिया जाता है, पर विपक्ष में बैठी कांग्रेस अपना मुंह सिले बैठी है। अगर यही बात दिल्ली या भोपाल में हुई होती तो प्रवक्ताओं का कभी ना थमने वाला विज्ञप्तियों का सिलसिला कबका आरंभ हो चुका होता।
पुलिस अधीक्षक मिथलेश शुक्ला ने कहा है कि अपराधियों के बारे में पता चल गया है कि किसने इस हत्या को अंजाम दिया है। यह निश्चित तौर पर राहत की बात ही मानी जाएगी। सिवनी के लिए यह शुभ संकेत है कि जबलपुर जोन के पुलिस महानिरीक्षक संजय झा सिवनी में बतौर पुलिस अधीक्षक पदस्थ रह चुके हैं अतः वे सिवनी की फिजां से वाकिफ हैं।
पुलिस अधीक्षक से यही अपेक्षा है कि जिले भर में बढ़ रही आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने हेतु कठोर कदम उठाएं। सांसद विधायकों से अपेक्षा करना तो अब बेमानी ही लगता है। पुलिस का यह दायित्व है कि वह आपराधिक तत्वों में भय पैदा कर लोगों को अमन चैन से रहने की व्यवस्था सुनिश्चित करे।

विवादों में फंसती दिख रही अण्णा की सिवनी यात्रा

विवादों में फंसती दिख रही अण्णा की सिवनी यात्रा

दिनेश राय होंगे जनतंत्र के सिवनी प्रत्याशी: नवीन

दिनेश मंच पर गए तो होगा बहिष्कार: गौरव जायस्वाल

शराब के पैसे से हुआ अण्णा के लिए लॉन बुक

(आकाश कुमार / अखिलेश दुबे)

नई दिल्ली / सिवनी (साई)। आठ जुलाई को अण्णा हजारे की सिवनी की प्रस्तावित यात्रा ही विवादों में फंसती दिख रही है। एक तरफ टीम अण्णा के कथित सदस्य नवीन द्वारा सिवनी में अण्णा हजारे द्वारा दिनेश राय को जनतंत्र मोर्चा का सिवनी विधानसभा का उम्मीदवार घोषित करने की बात कही जा रही है तो दूसरी ओर सिवनी में अण्णा हजारे की स्वागत समिति के सदस्य गौरव जायस्वाल और नवेंदु मिश्रा का कहना है कि अगर दिनेश राय अण्णा हजारे के साथ मंच शेयर करते हैं तो वे उसका बहिष्कार करेंगे। टीम अण्णा द्वारा दिनेश राय को शराब के कारोबार से कभी जुड़े ही ना होने का दावा भी किया जा रहा है। वहीं चर्चा है कि अण्णा हजारे के सिवनी प्रवास में पैसों के टोटे के चलते कुछ बाहरी तत्व इसे हाईजेक करने के प्रयास में हैं।
ज्ञातव्य है कि अण्णा हजारे सोमवार को सिवनी आने वाले हैं। सिवनी में उनकी यात्रा को लेकर लोगों में जबर्दस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। लोग अण्णा को देखने और सुनने को आतुर नजर आ रहे हैं। अण्णा की इस यात्रा के लिए सिवनी में किसके कांधों पर जवाबदेही सौंपी गई है यह बात अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है।
वहीं दूसरी ओर आज सुबह वितरित किए गए जनतंत्र मोर्चा की ओर से जनतंत्र यात्रा के पर्चे पर दो मोबाईल नंबर दिए गए हैं। इनमें से एक नंबर को जनतंत्र मोर्चे के नई दिल्ली के कालकाजी एक्सटेंशन स्थित कार्यालय के सामने दर्शाया गया है। इस नंबर पर टीम अण्णा के किसी नवीन नामक सदस्य ने बताया कि अण्णा का सिवनी का कार्यक्रम बैतूल के विधायक सुनीलम के मार्गदर्शन में संपन्न होगा।
इसके उपरांत श्री नवीन ने पुनः दो बार फोन करके चर्चा की और चर्चा के दौरान उन्होंने कहा कि अण्णा की सिवनी यात्रा के दौरान सिवनी के युवा एवं उर्जावान दिनेश राय उर्फ मुनमुन को अण्णा हजारे द्वारा जनतंत्र मोर्चे का विधानसभा सिवनी का उम्मीदवार घोषित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि दिनेश राय का ना तो शराब का कारोबार है ना ही लेना देना।
श्री नवीन ने आश्चर्यजनक तौर पर खुलासा करते हुए कहा कि दिनेश राय का शराब से काई लेना देना नहीं है, शराब का कारोबार तो उनकी मौसी का पुत्र करता है। जब श्री नवीन से यह पूछा गया कि सिवनी के लोगों को यह पता नहीं है कि दिनेश राय की कोई मौसी भी हैं तो उनके संज्ञान में दिल्ली में बैठकर यह कैसे आ गया? इसके जवाब में वे मौन हो गए।
यद्यपि दोपहर में बाद में हुई चर्चा में श्री नवीन अपनी इस बात से मुकर गए कि दिनेश राय को प्रत्याशी घोषित किया जाएगा। जबकि पूर्व में उनका कहना था ‘‘दिनेश राय विल बी अवर नेक्सट केंडीडेट फार विधानसभा सिवनी, ही इज नाट ए लिकर माफिया। हमने दस लोगों से पूछ लिया है, ही इज राईट पर्सन फार जनतंत्र मोर्चा।‘‘
जनतंत्र यात्रा से जुड़े युवा एवं उत्साही नवेंदु मिश्रा एवं गौरव जायस्वाल ने गत दिवस हिन्द गजट कार्यालय में आकर कहा था कि अगर दिनेश राय को अण्णा के साथ मंच पर स्थान दिया गया तो वे इसका बहिष्कार करेगे। आज भी उन्होने अपनी इस बात को दोहराया। उन्होने बताया कि पता नहीं कैसे दिनेश राय द्वारा अण्णा के लिए लॉन बुक करा दिया है।

जनतंत्र यात्रा से जुड़े सूत्रों का कहना है कि इस लॉन के लिए दिनेश राय द्वारा दस हजार रूपए अग्रिम दिए गए थे, लॉन को 56 हजार में बुक किया गया था। इसकी पहली किश्त के बतौर दिनेश राय उर्फ मुनमुन द्वारा 10 हजार रूपए अदा कर दिए गए हैं। सूत्रों का कहना है कि इस यात्रा का नेजा संभालने वाले डॉ.सुनीलम के आदेश पर दिनेश राय द्वारा लॉन और अन्य जिम्मेदारियों का निर्वहन किया जा रहा है।

शनिवार, 6 जुलाई 2013

पूरी निष्ठा एवं टीम भावना से करें चुनावी कार्यो का निष्पादन - कलेक्टर

पूरी निष्ठा एवं टीम भावना से करें चुनावी कार्यो का निष्पादन - कलेक्टर

(पीयूष भार्गव)

सिवनी (साई)। लोकतंत्र में चुनाव एक अत्यंत महत्वपूर्ण कार्य है और इसके सुचारू संचालन के लिये भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप कार्य करना उससे भी अधिक महत्वपूर्ण है। यह कार्य पूरी निष्ठा एवं टीम भावना के साथ ही बेहतर तरीके से संपादित किया जा सकता है।
राजस्व एवं पुलिस अधिकारी निर्वाचन आयोग के मापदंडों के अनुरूप अपनी कर्मठता एवं समर्पण से उन्हें सौंपे गये सभी दायित्वों का निर्वहन कर निर्बाध रूप से समस्त चुनावी प्रक्रियायें संपन्न करायें। यह हिदायत आज यहां चुनावी तैयारियों के संबंध में आयोजित जिले के समस्त राजस्व एवं पुलिस अधिकारियों की संयुक्त बैठक में कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी भरत यादव ने दी।
आपने कहा कि अधिकारी एवं कर्मचारीगण जिलें में शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष निर्वाचन संपन्न कराने के लिये पूरी गंभीरता और निष्पक्षतापूर्वक कार्यवाही करें। बैठक में पुलिस अधीक्षक मिथिलेष शुक्ला, उप जिला निर्वाचन अधिकारी आर.बी.प्रजापति, सी.ई.ओ. जिला पंचायत श्रीमती प्रियंका दास, जिले की चारों विधानसभा क्षेत्रों के रिटर्निंग आफिसर, सहायक रिटर्निंग आफिसर, एस.डी.ओ.पी., तहसीलदार, नायब तहसीलदार, थाना प्रभारी, चौकी प्रभारी और निर्वाचन कार्यो के परिप्रेक्ष्य में बनाये गये नोडल अधिकारी भी उपस्थित थे।

स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनाव की पूर्व तैयारियां अभी से करें
बैठक में कलेक्टर भरत यादव ने सर्वप्रथम कानून एवं पुलिस व्यवस्था के संबंध में चर्चा करते हुये पुलिस अधिकारियों से कहा कि वे स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनाव कराने के लिये पूर्व तैयारियां अभी से प्रारंभ कर दें। थाना प्रभारी यह देखें कि किसी भी मतदाता को वोट करने से रोका न जाये या किसी के द्वारा उसे मतदान करने से हतोत्साहित न किया जाये। उन्होंने कहा कि पुलिस अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में आपराधिक तत्वों पर कड़ी नजर रखें और यथावश्यकतानुसार ऐसे तत्वों पर दण्डात्मक कार्यवाही भी करें।
उन्होंने कहा कि थाना प्रभारी अपने क्षेत्रों में अवैध रूप से मदिरा के निर्माण एवं विक्रय पर सख्ती से अंकुश लगाये और ऐसे मतदान केन्द्रों का चिन्हांकन लें, जहां पहले कभी चुनाव के दौरान किसी प्रकार का डिस्टरबेन्स हुआ हो। उन्होंने कहा कि पुलिस अधिकारी आदिवासी बाहुल्य, वनाचंलों एवं रिमोट एरियाज में मतदाताओं को मतदान करने की जागरूकता के विशेष प्रयास करें। अपने-अपने क्षेत्रों में चुनाव के दौरान लगने वाले अनुमानित सुरक्षाबल का आंकलन कर मांगपत्र तत्पर्तापूर्वक भेज दें। उन्होंने कहा कि संवेदनशील/अतिसंवेदनशील मतदान क्षेत्रों का चिन्हाकंन कर लें और ऐसे मतदान केन्द्रों में वांछित बल का अनुमान विशेष ध्यान देकर जिला निर्वाचन कार्यालय को भेज दें।
कलेक्टर श्री यादव ने कहा कि इस चुनाव के दौरान पेडन्यूज पर नियंत्रण के लिये जिलास्तरीय मीडिया सर्टिफिकेशन एंड मॉनीटरिंग समिति गठित की गई है। अपने स्तर पर राजनैतिक दल के प्रतिनिधियों को इस बात की जानकारी भी दें। कलेक्टर श्री यादव ने कहा कि चुनाव के दौरान सेक्टर ऑफिसर एवं माईक्रोआब्जर्वर भी नियुक्त किये जायेगंे।
उन्होंने कहा कि इस चुनाव के दौरान निर्वाचन कार्यो में लगने वाले प्रत्येक व्यक्ति को बेसिक ट्रेनिंग दी जायेगी। यहां तक कि वीडियोग्राफर्स और पुलिसकर्मियों को भी प्रशिक्षण दिया जायेगा। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को चुनाव के परिप्रेक्ष्य में राजस्व अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर पूरी गंभीरतापूर्वक आवश्यक कार्यवाहियॉं करने, असामाजिक तत्वों की धरपकड़ करने और पूरी तरह से निष्पक्ष रहने और अपने व्यवहार से ऐसा दिखने की भी हिदायत दी।

बेहतर समन्वय से काम करें
बैठक में पुलिस अधीक्षक मिथिलेष शुक्ला ने कहा कि चुनाव के मद्देनजर जिले के सभी थाना प्रभारियों में एक्शन प्लान तैयार किये हैं। सभी को आवश्यकतानुसार सुरक्षाबल उपलब्ध कराये जायंेगे। उन्होंने कहा कि पुलिस अधिकारी राजस्व अधिकारियों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करें और टीम भावना से अपने दायित्वों का निर्वाहन करें।
उन्होंने कहा कि सिवनी जिले के चार थाना क्षेत्र बालाघाट, मण्डला, छिंदवाड़ा, जबलपुर, नरसिंहपुर जिलों और महाराष्ट्र राज्य के नागपुर जिले की सीमा से लगे हुये है। उन्होंने इन थाना क्षेत्रों के थाना प्रभारियों को निर्देषित किया कि वे दूसरे जिलों के संबंधित थानाप्रभारियों से चर्चा कर असामाजिक तत्वों पर अंकुश लगाने के लिये सख्त कार्यवाहियॉं करें। पुलिस अधीक्षक ने बीते चुनाव दौरान डिस्टरबेंस वाले मतदान केन्द्रों पर विशेष नजर रखने के निर्देश भी थाना प्रभारियों को दिये।

कर्मी अपना नाम 31 तक दर्ज कराएं वोटर लिस्ट में
बैठक में कलेक्टर श्री यादव ने जिले में पदस्थ सभी जिलाधिकारियों से कहा कि वे भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार स्वयं का और अपने सभी अधिनस्थों का नाम हर हाल में 31 जुलाई तक स्थानीय मतदाता सूची में अनिवार्यतः दर्ज करा लें। उन्होंने कहा कि आयोग के आदेशानुसार चुनाव में लगने वाले प्रत्येक शासकीय सेवक को पोस्टल बैलेट से मतदान करने की सुविधा भी उपलब्ध कराई जायेगी।

राजनैतिक दलों के साथ बैठकें कर लें
बैठक में कलेक्टर श्री यादव ने जिले की चारों विधानसभा क्षेत्रों के रिटर्निंग आफिसर, सहायक रिटर्निंग आफिसर, एस.डी.ओ.पी., तहसीलदार, नायब तहसीलदार एवं थाना प्रभारियों से कहा कि वे अपने-अपने स्तर पर राजनैतिक दल के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर लें और बैठक का कार्यवाही विवरण भी जारी करें। उन्हें इस चुनाव के दौरान किये जाने वाले नवाचारों जैसे पेड न्यूज पर नियंत्रण के लिये जिलास्तरीय मीडिया सर्टिफिकेशन एंड मानीटरिंग कमेटी का गठन, प्रत्याशी के व्यय पर नजर रखने के लिये वित्तीय पर्यवेक्षक, कानून व्यवस्था की निगरानी के लिये पुलिस पर्यवेक्षक की नियुक्ति व अन्य नये-नये प्रावधानों की जानकारी अनिर्वायतः दें।
उन्होंने कहा कि रिटर्निंग आफिसर अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों के प्रत्येक बूथ में मतदान का प्रतिशत बढ़ाने के लिये बूथ लेवल पर मतदाता जागरूकता अभियान चलायें। स्वीप प्लान, कम्युनिकेशन प्लान तैयार कर लें, वलनेरेबिलिटी मैपिंग कर लें, संवेदनशील और अतिसंवेदशील मतदाता केन्द्रों का चिन्हाकंन बैगग्राउंड की स्टडी भी कर लें। उन्होंने कहा कि जिन मतदाताओं के वोटर आई डी कार्ड में फोटों नहीं है उन्हें फोटोयुक्त वोटर आईडी कार्ड जारी करें।

मतदान केन्द्रों की वीडियोग्राफी भी होगी
बैठक में कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को जानकारी दी कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार आगामी चुनाव के दौरान मतदान केन्द्रों की वीडियोग्राफी भी कराई जायेगी ताकि मतदान केन्द्र में चल रही गतिविधियों पर निर्वाचन आयोग नजर रख सके।

बैठक के अंत में कलेक्टर श्री यादव ने सभी अधिकारियों को पूरी निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन करने की हिदायत दी।

सड़कों का सीना रोंदते वाहनों पर लगाई जाए रोक

सड़कों का सीना रोंदते वाहनों पर लगाई जाए रोक

(ब्यूरो कार्यालय)

लखनादौन (साई)। आदिवासी बहुल्यक्षेत्र घन्सौर में सड़क की जर-जर हालात का जिम्मेदार कौन है इसका प्रमाण गत दिवस थाना प्रभारी घन्सौर को दिए ज्ञापन में युवाओं ने दिया।
गौरतलब है कि झाबुआ पांवर प्लांट आने के पूर्व, प्रधानमंत्री सड़क योजना के माध्यम से आदिवासी बाहुल्य क्षेत्र के गावों को घन्सौर से जोड़ दिया गया था। इस कारण यह क्ष़ेत्र, रोड व आवागमन के लिए सरल व सुचारू हो चुका था। पर झाबुआ पावर प्लांट के स्थापित होते ही इन रोडो का हाल बेहाल हो गया जिसका कारण ज्ञापन में लिखा गया है। ज्ञापन में प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना की ग्रामीण सड़को में झाबुआ पावर प्लांट के अतिभारी वाहनों का परिवहन प्रतिबंधात्मक करने हेतु आवेदन दिया गया है।
झाबुआ पावर प्लांट जो कि एक निजी क्षेत्र का निर्माणााधीन विधुत कारखाना है, के निर्माण व अन्य गतिविधियों के कारण आदिवासी जनजाति बाहुल्य घंसौर ब्लाक की अधिकांश प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना की सड़कंे विनाश की कगार पर पहुंच गई हैं। ज्ञापन में लिखा गया है कि प्रधानमंत्री सड़क योजना की सड़को की भार वहन क्षमता अधिकतम 8 से 10 टन वजन की होती है, जबकि झाबुआ पावर प्लांट के निर्माण व अन्य गतिविधियों के कारण जो वाहन इन सड़को पर चल रहे है उनका वजन 8 से लेकर 200 टन तक है। इसी कारण प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना की सड़को की धज्जिया उड़ रही है एवं सड़क जो कि ग्रामीण जन मानस के उपयोग हेतु बनाई गई थी, वह प्लांट के अतिभारी वाहनो के कारण बर्बाद हो चुकी है।
थाना प्रभारी को सौंपे गये ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि भारी वाहन इन सड़को पर चल रहे है जिस कारण बड़े-बड़े गड्डे हो गये है व सड़क का संपूर्ण हिस्सा चलने लायक भी नही रह गया है। घन्सौर से नयेगांव जक्शंन, दुर्जनपुर से बगदरी, पनारझिर से मेहता सहित बहुत सी ऐसी सड़के है जो कि झाबुआ पावर प्लांट के विकास की भेंट चढ़ चुकी है। इस कारण संपूर्ण ग्रामीण, किसान, पढऩे वाले छात्र सहित आवागमन करने बाले राहगीर परेशान व दुखी है।

जनहित में विनम्र अनुरोध किया गया है कि उक्त प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना की सड़को में तुरंत ही भारी बाहनों का परिवाहन प्रतिबंधित किया जाये एवं जो सड़के झाबुआ पावर प्लांट के द्वारा बर्बाद की गई है जिससे कि दुर्घटनाये निरंतर बढ़ी व जन संपत्ति का व्यापक नुकसान हुआ है, के लिए झाबुआ पांवर प्लांट पर शासकीय जन संपत्ति के नुकसान के लिए भारतीय दंड संहिता के अंतर्गत अपराघ पंजीबद्ध कर उक्त सड़को को झाबुआ पावर प्लांट के भारी वाहन परिवहन से मुक्त कराया जाय।

गोंगपा ने रोका दरबार का रास्ता!

गोंगपा ने रोका दरबार का रास्ता!

(अखिलेश दुबे)

सिवनी (साई)। दबे पांव जिला मुख्यालय सिवनी को छोड़कर ग्रामीण अंचलों में चुनाव की बिसात बिछा रहे पेशे से अधिवक्ता, राय पेट्रोलियम के संचालक, लखनादौन मस्जिद के सरपरस्त, शराब के करोबारी रहे एवं लखनादौन नगर पंचायत के पूर्व अध्यक्ष दिनेश राय उर्फ मुनमुन का रास्ता गोंगपा ने रोक ही दिया।
आगामी विधानसभा चुनाव 2013 में सिवनी विधानसभा से चुनाव लड़ने के लिये इच्छुक, अपने आप को लखनादौन का विकास पुरूष और गांव-गांव पहुंचकर पहचान बनाकर विधानसभा चुनाव लड़ने के संबंध में, मार्गदर्शन मांगने वाले तथा अपने मित्र यारों में दरबार के नाम से प्रसिद्ध दिनेश राय मुनमुन को 4 जुलाई 2013 को छपारा ब्लॉक के ग्राम खैरमटाकोल में बनी, गोंडवाना गणतंत्र पार्टी की रोको, टोको, ठोको समिति खैरमटाकोल के सदस्यों में भगवानदास धुर्वे, हृदयराम धुर्वे, किसनलाल बरकड़े, रामकृष्ण उईके, बबन सिंह मर्सकोले, रहार सिंह मर्सकोले, प्रकाश भलावी, राजकुमार भलावी, घनश्याम तेकाम, समन सिंह उईके, कोमल परते, रामस्वरूप तेकाम, शिव प्रसाद मर्सकोले, अघन सिंह उईके, बालचंद धुर्वे सहित अनेकों ग्रामवासियों ने बहिष्कार कर ग्राम से वापस कर दिया गया है।
उक्त जानकारी देते हुये गोंडवाना गणतंत्र पार्टी छपारा ब्लॉक अध्यक्ष सदम सिंह बरकड़े ने बताया कि 4 जुलाई 2013 को, पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष दिनेश मुनमुन राय, छपारा ब्लॉक में सिवनी विधानसभा के ग्राम खैरमटाकोल में भी पहुंचे थे। वहां पर गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के द्वारा बनाई गई रोको, टोको, ठोको समिति ने, ग्राम में प्रवेश के पूर्व ही गांव से बाहर का रास्ता दिखा दिया गया है।

गोंडवाना गणतंत्र पार्टी द्वारा बनाई गई रोको, टोको, ठोको समिति ने यह निर्णय भी लिया है कि आगामी समय में होने वाले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस, भाजपा के नेताओं का भी बहिष्कार किया जावेगा। इसके लिये प्रत्येक विधानसभा क्षेत्रों में ग्राम स्तर पर ग्रामीण जनता ने रोको, टोको, ठोको समिति के माध्यम से प्रश्नों की सूची तैयार करके रखा है, जिन्हें विधानसभा चुनाव के पूर्व बैनरों में ग्रामीणों के द्वारा प्रश्नों को लिखकर ग्राम के प्रवेश द्वारों मंें लगाया जायेगा और उन प्रश्नों का सही जवाब देने वालों को ही एवं साथ में विधानसभा चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशियों के द्वारा शपथ पत्र देने वालों को ही प्रवेश करने दिया जायेगा।

नहीं खसक रही नस्तियां, हो गया कामकाज ठप्प!

नहीं खसक रही नस्तियां, हो गया कामकाज ठप्प!

(जितेश अवधवाल)

सिवनी (साई)। लिपिक वर्गीय शासकीय कर्मचारी संघ के आव्हान पर आहूत अनिश्चितकालीन हड़ताल ने अपना रंग दिखाना आरंभ कर दिया है। सरकारी कार्यालयों में न तो फाईलें ही सरक रही हैं और न ही लोगों के काम ही हो पा रहे हैं। वैसे भी सरकारी कार्यालयों में लिपिकों को रीढ़ ही माना गया है।
शासकीय लिपिक वर्गीय कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष पी.आर.गुप्ता ने बताया कि मध्य प्रदेश लिपिक वर्गीय शासकीय कर्मचारी संघ के राज्य व्यापी आव्हान पर जारी अनिश्चित कालीन हड़ताल के दूसरे दिन भी कर्मचारियों ने जोर शोर से हड़ताल का समर्थन करते हुए धरना स्थल पर जमकर नारेबाजी की।
वहीं प्रचार सचिव मनीष जैन ने संघ के जिलाध्यक्ष पी.आर.गुप्ता के हवाले से बताया कि जिला शाखा सिवनी के जिलाध्यक्ष कार्यालय, जिला कोषालय, वन विभाग, चिकित्सा विभाग, लोक निर्माण विभाग, आदिम जाति कल्याण विभाग, जल संसाधन विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग सहित जिले के समस्त विभागों के लिपिकों, तहसील और ब्लाक स्तर के कार्यालयों के लिपिकों सहित लगभग पांच सौ लिपिक हड़ताल पर हैं।
प्रचार सचिव मनीष जैन ने बताया कि जिलाध्यक्ष पी.आर.गुप्ता ने शासन से अपील की है कि माननीय उच्च न्यायालय के द्वारा पारित आदेश में दिए गए निर्देशों के तहत लिपिकों की वेतन वृद्धि की विसंगति की मांग मानकर अच्छे शासक होने का परिचय दें।
ज्ञातव्य है कि लिपिक वर्गीय कर्मचारी संघ ने मांग की है कि 1981 से लिपिकों के वेतनमान में सापेक्षता लाई जाए, पदोन्नति तथा भर्ती नियम में एक रूपता एवं अन्य प्रासंगिक मांगों का निराकरण भी करने की मांग की गई है।
सिवनी में कचहरी चौक पर चल रहे मध्य प्रदेश लिपिक वर्गीय शासकीय कर्मचारी संघ की जिला शाखा के आंदोलन में बड़ी संख्या में संघ के सदस्यों द्वारा बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया जा रहा है।