मंगलवार, 9 अगस्त 2011

आ गई लाट साहेब की चला चली की बेला


आ गई लाट साहेब की चला चली की बेला

(लिमटी खरे)

नई दिल्ली। मध्य प्रदेश सहित आधा दर्जन राज्यों को जल्द ही नए राज्यपाल मिल जाएंगे। अपनी सर्जरी कराने जाने से पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष श्रीमति सोनिया गांधी नए राज्यपालों के नामों पर मुहर लगा कर गईं हैं। मध्य प्रदेश में कांग्रेस किसी पिछड़ा वर्ग के नेता को इस कुर्सी पर काबिज कराने का मन बना चुकी है।

गौरतलब है कि मध्य प्रदेश के राज्यपाल रामेश्वर ठाकुर सहित तमिलनाडू के राज्यपाल सुरतीज सिंह बरनाला और केरल के आर.एस.गवई का कार्यकाल कभी का पूरा हो चुका है। उधर राजस्थान की महामहिम राज्यपाल प्रभा राव के निधन से वहां का राजभवन रिक्त है, जिसका प्रभार पंजाब के राज्यपाल शिवराज पाटिल के पास है। साथ ही उत्तराखण्ड की राज्यपाल अपने स्वास्थ्य कारणो के चलते दक्षिणी राज्य में स्थानांतरण की इच्छुक बताई जा रहीं हैं।

उधर अरूणाचल प्रदेश और मिजोरम में भी नए राज्यपालों की नियुक्ति शेष है। कांग्रेस के रणनीतिकारों ने 2012 में पांच राज्यों के चुनावों के मद्देनजर राज्यपालों की नियुक्ति पर नामों की अंतिम सिफारिश कांग्रेस आलाकमान को सौंपी जा चुकी है। मध्य प्रदेश में पिछड़ा वर्ग को लुभाने के लिए अब इसी वर्ग के राज्यपाल की नियुक्ति की कवायद जारी है। शिवराज पाटिल भी महाराष्ट्र के आसपास अपना तबादला कराने के इच्छुक बताए जा रहे हैं।

कांग्रेस के उच्च पदस्थ सूत्रों का दावा है कि अपनी सर्जरी करवाने जाने के पहले सोनिया गांधी द्वारा राज्यपालों की फेहरिस्त पर अपनी मुहर लगा दी थी। यह सूची अत्यंत ही गोपनीय रखी गई है। यह मामला फिलहाल गृह मंत्री पलनिअप्पम चिदम्बरम की मेज पर रखा हुआ है। यहां से क्लीयरेंस के बाद इसे महामहिम राष्ट्रपति प्रतिभा पाटिल के अनुमोदन के लिए प्रेषित किया जाएगा।

कोई टिप्पणी नहीं: