शनिवार, 28 जनवरी 2012

कांग्रेस को घेरने की तैयारी में हैं ममता


बजट तक शायद चलें मनमोहन. . . 77

कांग्रेस को घेरने की तैयारी में हैं ममता

कांग्रेस विरोधी क्षत्रपों को साध रहीं हैं त्रणमूल अध्यक्ष



(लिमटी खरे)

नई दिल्ली (साई)। अखिल भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस और त्रणमूल कांग्रेस के बीच सब कुछ सामान्य नहीं है। एक तरफ कांग्रेस के रणनीतिकार ममता बनर्जी की घुड़कियों से तंग आकर समाजवादी पार्टी के साथ तालमेल पर विचार कर रहे हैं तो दूसरी ओर ममता बनर्जी द्वारा कांग्रेस विरोधी पार्टियों के साथ पींगे बढ़ाई जा रही हैं।
त्रणमूल सुप्रीमो ममता बनर्जी द्वारा कांग्रेस को एक के बाद एक झटके देने की तैयारियां पूरी कर ली गईं हैं। ममता के करीबी सूत्रों का कहना है कि पश्चिम बंगाल पर कब्जा जमाने के बाद अब ममता बनर्जी केंद्र की राजनीति अर्थात दिल्ली फतह का ताना बना बुन रही हैं।
सूत्रों का कहना है कि ममता को मशविरा दिया गया है कि वे दिल्ली में देश भर की पार्टियों के क्षत्रपों को एकजुट कर उनका एक ‘‘दबाव समूह‘‘ बना लें। ममता वैसे भी नवीन पटनायक, प्रकाश सिंह बादल और नितीश कुमार के जीवंत संपर्क में बताई जाती हैं। ममता अपने विश्वस्त साथियों के साथ जयललिता को साधने की जुगत में भी दिख रही हैं।
वैसे ममता बनर्जी के संबंध राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी सुप्रीमो शरद पवार के साथ बेहतरीन ही हैं। आने वाले समय में पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी द्वारा केंद्रीय राजनीति में दबाव टेक्टिस को अपनाया जाता है तो किसी को आश्चर्य नहीं होना चाहिए। ममता वैसे भी अपने संगी साथियों को दिल्ली कूच करवाने की तैयारियां कर रही हैं।

(क्रमशः जारी)

कोई टिप्पणी नहीं: