बुधवार, 29 फ़रवरी 2012

श्रमिक संघ की हड़ताल का मिला जुला असर


श्रमिक संघ की हड़ताल का मिला जुला असर

(प्रियंका श्रीवास्तव)

नई दिल्ली (साई)। केन्द्रीय मजदूर संघों द्वारा सरकार की कथित श्रमिक विरोधी नीतियों और महंगाई के विरोध में की गई राष्ट्रव्यापी हड़ताल का मिलाजुला असर रहा। कुछ राज्यों में सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों के कामकाज और परिवहन सेवाओं में रुकावट आई, लेकिन आमतौर पर जनजीवन आम दिनों की तरह रहा। विमान सेवाएं सामान्य थीं जबकि पूर्वी रेलवे और दक्षिण पूर्व रेलवे के कुछ डिवीजनों में प्रदर्शनकारियों के धरने के कारण रेल सेवाएं बाधित रहीं।
मुंबई साई ब्यूरो अतुल खरे ने बताया कि देश की आर्थिक राजधानी में केवल वित्तीय संस्थान हड़ताल से प्रभावित रहे, लेकिन विशेषरूप से सार्वजनिक परिवहन जैसी अनिवार्य सेवाएं सामान्य रहीं। केरल में जनजीवन पर हड़ताल का असर रहा क्योंकि वाहन नहीं चले तथा दुकानें बंद रहीं। पंजाब, चंडीगढ़ और हरियाणा में भी बैंकिंग तथा परिवहन सेवाएं ठप्प रहीं।
दिल्ली में सार्वजनिक परिवहन और मेट्रो सेवाएं जारी रहीं और निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार उड़ानें भी सामान्य रहीं। दिल्ली सरकार ने हड़ताल को ध्यान में रखते हुए अनिवार्य सेवा अधिनियम- एस्मा लागू किया। पश्चिम बंगाल में आमतौर से हड़ताल के कारण जन-जीवन पर कोई असर नहीं रहा। राज्य सरकार की बसें, टैक्सियां, ट्राम, रेलगाड़ियां और मेट्रो रेल सेवाएं सामान्य रूप से चलती रहीं। लेकिन निजी बसें कुछ ही मार्गों पर चलीं। विमान सेवाएं सामान्य रहीं। उत्तर-पूर्वी राज्यों में हड़ताल का असर कम रहा।

कोई टिप्पणी नहीं: