बुधवार, 28 मार्च 2012

हवा हवाई हैं शिवराज


हवा हवाई हैं शिवराज

(विपिन सिंह राजपूत)

नई दिल्ली (साई)। देश की राजनैतिक राजधानी दिल्ली में इन दिनों मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और चंद्रा बाबू नायडू में समानताएं खोजी जा रही हैं। दोनों ही नेताओं के पैर अधिकांश समय जमीन पर नहीं टिके रहे। नायडू ने अपने कार्यकाल में सबसे अधिक हवाई यात्राएं की तो मध्य प्रदेश के निजाम शिवराज सिंह चौहान भी रोजाना लगभग एक घंटे तक हवाई सफर के आदी हो चुके हैं।
राज्य के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बीते 360 दिनों में प्रतिदिन एक घंटे से अधिक समय तक हवाई यात्रा की और इन यात्राओं पर एक करोड़ 24 लाख रूपए की राशि खर्च हुई। राज्य सरकार के अन्य मंत्रियों व अतिथियों की हवाई यात्रा पर 80 लाख रुपए से अधिक खर्च हुए हैं। विधानसभा में कांग्रेस के विधायक नारायण प्रजापति के प्रश्न के उत्तार में सरकार ने बताया कि मुख्यमंत्री चौहान ने सरकारी विमान से कुल 257 घंटे और हेलीकॉप्टर से 128 घंटों की यात्रा की।
इस तरह एक अप्रैल, 2011 से 25 मार्च, 2012 तक उन्होंने कुल 385 घंटों की यात्रा की। विमान से की गई यात्राओं पर 84 लाख रुपए और हेलीकॉप्टर से की गई यात्राओं पर 41 लाख रुपए से अधिक का खर्च आया है। विधानसभा में लिखित सवाल के जवाब में बताया गया कि मुख्यमंत्री ने 360 दिनों में कुल 228 यात्राएं की हैं। इनमें 90 यात्रा विमान से और 138 हेलीकॉप्टर से की गई। राज्य सरकार की ओर से आए जवाब में बताया गया है कि वर्तमान में सरकार के पास एक विमान व तीन हेलीकॉप्टर हैं। विमान सुपर किग एयर बी-200 वीटी-एमपीटी को अमेरिका से खरीदा गया है। वहीं हेलीकॉप्टर बेल 407, बेल 430 और ईसी 155 बी राज्य सरकार के बेड़े में शामिल हैं।

कोई टिप्पणी नहीं: