मंगलवार, 3 अप्रैल 2012

भाजपा की नजरें हैं जनरल पर!
 
जनरल सिंह को सुषमा दे रहीं पुराने संबंधों की दुहाई

(लिमटी खरे)
 
नई दिल्ली (साई)। सेना के विवादित जनरल वी.के.सिंह पर भारतीय जनता पार्टी ने डोरे डालने आरंभ कर दिए हैं। जनरल की कथित साफगोई के कारण बढ़ी वी.के.सिंह की टीआरपी को भुनाने के लिए भाजपा आतुर ही दिख रही है। भाजपा ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष को इसके लिए पाबंद किया है कि वे जनरल के साथ सामंजस्य स्थापित कर उन्हें भाजपा के हिसाब से ढालने का प्रयास करें।
लोस में नेता प्रतिपक्ष श्रीमति सुषमा स्वराज के किचिन से छन छन कर बाहर आ रही खबरों पर अगर यकीन किया जाए तो जनरल की पुत्री और पत्नि ने कई बार सुषमा स्वराज से उनके निवास पर जाकर घंटों बिताए हैं। इस चर्चा का मसौदा क्या था यह तो सुषमा जाने या जनरल के परिजन पर दोनों के इस तरह एक दूसरे से मिलने पर सियासत गर्मा गई है।
सूत्रों ने आगे कहा कि जनरल वी.के.सिंह के ससुर जब हरियाणा विधान सभा में विधानसभा उपाध्यक्ष थे, उस वक्त सुषमा स्वराज देवी लाल सरकार में राज्य मंत्री की हैसियत से काम कर रही थीं। बताते हैं कि उस वक्त दोनों ही परिवारों के बीच गहरी छनती थी। उस दर्मयान सुषमा का जनरल के ससुर के घर खासा आना जाना था।
कहा जा रहा है कि जनरल वी.के.सिंह की ईमानदार छवि ही उनके लिए सबसे बड़ा अस्त्र साबित हो रही है। सरकार की किरकिरी करवाने के बाद भी कांग्रेस नीत संप्रग सरकार को जनरल सिंह के खिलाफ ना तो आय से अधिक संपत्ति का मामला मिल पाया और ना ही कोई अन्य मामला जिसमें सरकार द्वारा जनरल को घेरा जा सकता।
उधर, भाजपा के राष्ट्रीय मुख्यालय 11, अशोक रोड़ में एक वरिष्ठ पदाधिकारी ने नाम उजागर ना करने की शर्त पर कहा कि भाजपा के निजाम नितिन गड़करी को जनरल वी.के.सिंह की लोकप्रियता में कुछ दिखाई दे रहा है। जनरल को सेवानिवृत्ति के उपरांत अगले आम चुनावों में भाजपा वी.के.सिंह को हरियाणा के भिवानी संसदीय क्षेत्र से मैदान में उतार सकती है।

कोई टिप्पणी नहीं: