शनिवार, 19 मई 2012

सूर्यनारायण ने झुलसाया उत्तर प्रदेश को


सूर्यनारायण ने झुलसाया उत्तर प्रदेश को

(दीपांकर श्रीवास्तव)
लखनऊ (साई)। मई महीने में भले ही देश के कुछ हिस्सों में पश्चिमी विक्षोभ के चलते बादल और पानी की स्थिति बनी हो पर उत्तर प्रदेश में पारा तेजी से उछल रहा है। गर्मी से यूपी का हाल बेहाल है। पारा 45 के पार होने से पूरा  उत्घ्तर प्रदेश तपिश से झुलस रहा है। दिन भर तपते सूरज और झुलसाती लू से ने आमजन जीवन अस्त-व्यस्त कर दिया। इस दौरान पिछले 24 घंटों के दौरान इलाहाबाद राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा जहां अधिकतम तापमान 45.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से चार डिग्री अधिक था।
राजधानी लखनऊ का अधिकतम तापमान 42.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। गुरुवार को राजधानी लखनऊ का न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो बुधवार के तापमान से करीब एक डिग्री अधिक है। वहीं ताजनगरी आगरा में पिछले कुछ दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी और बिजली संकट गहरा जाने से लोगों का जीवन दूभर हो गया है। गर्मी के कारण लू लगने से यहां एक व्यक्ति की मौत हो गयी। पिछले सप्ताह से आगरा का तापमान लगातार बढ़ता जा रहा है।
अगरा में तापमान 44.7 डिग्री सेल्सियस को छू चुका है। मौसम विभाग के अधिकारियों ने गर्मी और तपिश ज्यों की त्यों बने रहने की संभावना जताई है। गर्मी का आलम यह है कि सुबह दस बजे के बाद से ही सूरज के तेवर चुभने लगते हैं। भीषण गर्मी के कारण लोगों का सड़कों पर निकलना मुश्किल है। तेज धूप और तन को झुलसाने वाली गर्म हवाओं के थपेड़ो से लोग बेहाल हैं।
आलम यह है कि लोग मजबूरीवश ही घर से बाहर निकल रहे हैं। गर्मी के चलते बाजारों में भी सन्नाटा पसरा रहा। वहीं तपिश से बचने के लिए लोग टोपी, चश्मे व कपड़ा लपेटे नजर आ रहे है। गर्मी से बचने के लिए एसी व कुलर ही लोगों का सहारा बना है, पंखे की हवा गर्मी से राहत देने में नाकाम साबित हो रही है। दूसरी ओर इस चिलचिलाती गर्मी में कई क्षेत्रों में लोग बिजली कटौती से भी परेशान है। बिजली की कमी इस गर्मी में लोगों का हाल और बेहाल कर दिया है। वहीं मौसम विभाग की मानें तो अभी यह गर्मी और सतायेगी, राहत मिलने के कोई आसार नहीं हैं।

कोई टिप्पणी नहीं: