बुधवार, 23 मई 2012

गड़करी के खिलाफ तलवारें पजा रहे हैं आड़वाणी


गड़करी के खिलाफ तलवारें पजा रहे हैं आड़वाणी

(शरद खरे)

नई दिल्ली (साई)। भाजपा के निजाम नितिन गड़करी को दूसरी पारी असानी से खेलने नहीं मिलने वाली। गड़करी के दूसरे टर्म का जमकर विरोध होने लगा है। गड़करी के विरोध को हवा देने का काम भाजपा के आला नेता ही कर रहे हैं। राजग के पीएम इन वेटिंग एल.के.आड़वाणी की जुंडाली भी गड़करी की राह में शूल बोती नजर आ रही है।
राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के दुलारे नितिन गड़करी को दूसरी पारी खेलने की बात पर गुरूवार को मुंबई में होने वाली कार्यसमिति की बैठक मे मुहर लग जाएगी। इसके पहले ही उनकी मुखालफत के स्वर बुलंद होते नजर आ रहे हैं। भाजपा के अंदरखाने से छन छन कर बाहर आ रही खबरों पर अगर यकीन किया जाए तो आड़वाणी, सुषमा स्वराज, अरूण जेेतली, शत्रुध्न सिन्हा, नरेंद्र मोदी, यशवंत सिन्हा, वसुंधरा राजे, रमेश पोखरयाल जैसे नेता इसका खुलकर विरोध कर रहे हैं।
भाजपा के सूत्रों का कहना है कि यशवंत सिन्हा और शत्रुध्न सिन्हा ने तो यहां तक धमकी दे डाली है कि अगर संघ अपनी बात पर अड़ते हुए गड़करी को दूसरी पारी खेलने की इजाजत देता है तो वे मुंबई का रूख भी नहीं करेंगे। इन दोनों ही नेताओं ने कार्यकारिणी के बहिष्कार की बात कही है।
उधर, नरेंद्र मोदी केवल एक दिन के लिए मुंबई जाने राजी हुए हैं, पर उनके करीबियों ने मोदी को समझाया है कि अगर मोदी वहां उपस्थित रहेंगे तो गड़करी और मजबूत हो सकते हैं। मोदी भी अभी पशोपेश में हैं कि वे गड़करी के दूसरे टर्म पर मुहर लगने के दौरान मुंबई में उपस्थित रहें अथवा नहीं।

कोई टिप्पणी नहीं: